ताजा खबरें


बड़ी खबर

भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस पर रायगढ़ के सिंदूर पार्क में हुआ आयोजन,विभाजन की पीड़ा को स्मरण कर दी गई श्रद्धांजलि, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

रायगढ़, 15अगस्त 2026/ भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर रायगढ़ के सिंदूर पार्क में भारत विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभाजन की पीड़ा और उससे जुड़ी मानवीय त्रासदी को दर्शाती छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी सहित कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने काली पट्टी बांधकर भारत विभाजन की विभीषिका के प्रति अपना विरोध प्रकट किया। इसके बाद वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी की अगुवाई में कैंडल मार्च निकाला गया।
              कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि भारत के विभाजन की पीड़ा को समझने के लिए हमें इतिहास के उस दौर को स्मरण करना होगा, जब भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का विस्तार आज के पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान तक था। उन्होंने कहा कि सिंधु घाटी सभ्यता के हड़प्पा और मोहनजोदड़ो जैसे महत्वपूर्ण स्थल आज पाकिस्तान में हैं। इसी तरह तक्षशिला भी आज पाकिस्तान में स्थित है। उन्होंने कहा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर, जिन्होंने राष्ट्रगान की रचना की, उनका पैतृक गांव आज के बांग्लादेश में है। यह इतिहास हमें बताता है कि विभाजन ने केवल भू-भाग का नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति को भी गहरी पीड़ा दी।
                वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि जब कोई देश कमजोर होता है तो उसका दुष्परिणाम पूरे समाज को भुगतना पड़ता है। इसलिए देश की मजबूती और एकता सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना होना जरूरी है। उन्होंने विभाजन की परिस्थितियों को स्मरण करते हुए कहा कि हमें इतिहास से सीख लेकर ऐसी परिस्थितियों से बचने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए संकल्पित होना चाहिए। वित्तमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति और विरासत व्यापक रही है और इसे समझने के लिए इतिहास के पन्नों को गंभीरता से पढ़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका को याद करने का उद्देश्य किसी के प्रति वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की पीड़ा से अवगत कराना और राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है।
             कार्यक्रम के दौरान सिंदूर पार्क में आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी में भारत विभाजन के समय की परिस्थितियों, विस्थापन, संघर्ष और आम नागरिकों की पीड़ा को प्रदर्शित किया गया। नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात निकाले गए कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, श्री अरुण धर दीवान, श्री गुरुपाल भल्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में श्री अरुण कातोरे, श्री सुभाष पांडेय, श्री विकास केडिया, श्री जतिन साव, श्री अनुपम पाल, कार्यक्रम प्रभारी श्री विलिस गुप्ता, श्री दीपेश, श्री पावन अग्रवाल, श्रीमती मधुलता पटेल, श्री मोहम्मद असलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।

और भी

कार्यस्थल पर महिला से दुर्व्यवहार के आरोप में व्याख्याता गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल; ‘अभियान संवेदना’ के तहत कोतरारोड़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़, 15 अगस्त 2026। कार्यस्थल पर महिला से दुर्व्यवहार, लज्जा भंग, कथित यौन उत्पीड़न, अमर्यादित आचरण तथा मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना की शिकायत पर कोतरारोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वीर सिंह (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस द्वारा महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई।

पीड़िता ने 13 अगस्त 2026 को थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 287/2026 के तहत धारा 74, 75 एवं 79 बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

स्कूल में अनुचित व्यवहार के लगाए आरोप

पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि आरोपी वीर सिंह गणित विषय का व्याख्याता है और स्कूल में नोडल का प्रभार संभाल रहा था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी महिला स्टाफ के साथ अनुचित व्यवहार करता था। शासकीय अवकाश मांगने सहित अन्य अवसरों पर उसके साथ कार अथवा ट्रेन से जाने, घर छोड़ने तथा अपने घर चलने जैसी बातें कही जाती थीं।

शासकीय दस्तावेजों के लेन-देन के दौरान गलत नीयत से हाथ छूने, ड्यूटी निरीक्षण के बहाने खिड़की से घूरने तथा स्कूल की डेली डायरी को झटककर फेंकने जैसे व्यवहार के भी आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता के अनुसार तबीयत खराब होने के बावजूद कक्षा में बैठकर पढ़ाने के दौरान आरोपी ने बच्चों के सामने उसे अपमानित किया, जिससे वह लगातार मानसिक तनाव में रही।

स्टाफ मीटिंग में सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 18 मार्च 2026 को स्कूल में आयोजित स्टाफ मीटिंग के दौरान भी आरोपी द्वारा कथित तौर पर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। बैठक में आरोपी के व्यवहार पर आपत्ति जताने के बाद भी उसके साथ अमर्यादित व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस की विवेचना और पीड़िता के कथन के आधार पर आरोपी का कृत्य प्रथम दृष्टया अपराध घटित करना पाए जाने पर पुलिस ने 14 अगस्त 2026 को वीर सिंह पिता बाबूराम सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी चन्द्रनगर वार्ड क्रमांक 28, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी के निर्देशन में महिला शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस के अनुसार एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में कोतरारोड़ पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई की।

कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक बंशी रात्रे एवं बलराम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

15 अगस्त पर रायगढ़ पुलिस में देशभक्ति का उत्साह, जिला पुलिस कार्यालय से थाना-चौकियों तक शान से लहराया तिरंगा

रायगढ़, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस द्वारा जिला पुलिस कार्यालय, रक्षित केंद्र सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में गरिमामय ढंग से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पुलिस कार्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने ध्वजारोहण किया। सशस्त्र जवानों ने राष्ट्रीय धुन के बीच तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा और भारत माता की जय के नारों से माहौल राष्ट्रप्रेम से भर गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने पुलिस जवानों से देश की एकता, अखंडता, कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री पुष्पेन्द्र बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी एवं डीएसपी रोहित शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

थाना-चौकियों में भी दिखा राष्ट्रभक्ति का उत्साह

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिले के सभी थाना एवं चौकियों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया। थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के शहीद परिवारों से भेंट कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। शहीद परिवारों को सम्मानपूर्वक मुख्य समारोह स्थल मिनी स्टेडियम तक लाकर समारोह में शामिल कराया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के थाना एवं चौकी परिसरों में थाना-चौकी प्रभारियों द्वारा स्कूली बच्चों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। वहीं विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं पर पुलिस अधिकारियों एवं नागरिकों ने माल्यार्पण कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के आदर्शों को स्मरण करते हुए राष्ट्रसेवा, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस के जिला कार्यालय से लेकर थाना एवं चौकी स्तर तक राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

और भी

मोबाइल टावर से 60 मीटर कॉपर केबल चोरी का तमनार पुलिस ने किया पर्दाफाश, युवक और चोरी का माल खरीदने वाली महिला गिरफ्तार; 2 किलो कॉपर वायर व नकदी बरामद, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी

रायगढ़, 14 अगस्त 2026। तमनार पुलिस ने मोबाइल टावर से एयरटेल और जिओ कंपनी के कॉपर केबल वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक और चोरी का माल खरीदने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 किलोग्राम कॉपर वायर और 200 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी धनुंजय की तलाश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के तहत तमनार पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

साइट डाउन अलार्म से खुला चोरी का मामला

पुलिस के अनुसार 12 अगस्त को ALTIUS मोबाइल टावर कंपनी के क्लस्टर इंजीनियर राहुल तिवारी ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई। केलो विहार तमनार स्थित मोबाइल टावर से साइट डाउन का अलार्म मिलने के बाद टेक्नीशियन को मौके पर भेजा गया। जांच में पता चला कि टावर में लगे एयरटेल और जिओ कंपनी के करीब 50 से 60 मीटर कॉपर केबल वायर को अज्ञात चोर काटकर ले गए हैं। चोरी गए वायर की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई।

रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर घर में दबिश, शिवम गिरफ्तार

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुधरीखार निवासी शिवम सिदार इस प्रकार की चोरी की घटनाओं में संलिप्त है।

पुलिस टीम ने तत्काल शिवम के घर दबिश देकर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी धनुंजय निवासी कुधरीखार के साथ मिलकर मोबाइल टावर से कॉपर वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी का माल उसने कुधरीखार निवासी शांति प्रजा को बेचा था। शिवम के कब्जे से चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 200 रुपये नकद बरामद किए गए।

चोरी का माल खरीदने वाली महिला भी गिरफ्तार

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शांति प्रजा की तलाश कर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने शिवम सिदार और धनुंजय से चोरी का कॉपर वायर खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से करीब 2 किलो कॉपर वायर बरामद किया गया।

पुलिस जांच में चोरी का माल जानबूझकर खरीदना पाए जाने पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस विस्तारित की गई।

दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर, तीसरे की तलाश जारी

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने शिवम सिदार, उम्र 26 वर्ष और शांति प्रजा, उम्र 49 वर्ष, दोनों निवासी कुधरीखार, तमनार को 13 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में शामिल अन्य आरोपी धनुंजय की तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, रंजीत भगत एवं पुष्पेन्द्र सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

सूने मकान में चोरी की साजिश पर पुलिस का शिकंजा, गश्त टीम ने वारदात से पहले दबोचा आरोपी — स्कूटी और डंडा जब्त, आदतन बदमाश मार्शल यादव फरार

रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस की मुस्तैद रात्रि गश्त के चलते छोटे अतरमुड़ा स्थित एक सूने मकान में चोरी की कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर एक आरोपी आकाश जायसवाल (31) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AV 6236 और डंडा जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मार्शल यादव के साथ मिलकर चोरी का प्रयास करना स्वीकार किया है।

???? आधी रात सूने मकान में घुसे थे आरोपी, पुलिस पहुंची तो दीवार फांदकर भागे

जानकारी के अनुसार 12-13 अगस्त की दरम्यानी रात चक्रधरनगर पुलिस की रात्रि गश्त टीम मेडिकल कॉलेज क्षेत्र से पेट्रोलिंग करते हुए टीवी टावर छोटे अतरमुड़ा पहुंची। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि विनोद कुमार भट्ट के सूने मकान में कुछ लोग चोरी करने के लिए घुसे हैं।

सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक महेन्द्र कर्ष, संजय तिवारी और आरक्षक सुशील मिंज ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को जानकारी दी और मकान की घेराबंदी शुरू कर दी। मकान अंदर से बंद था और भीतर से आवाजें आ रही थीं। पुलिस के पहुंचते ही आरोपियों ने मकान की दूसरी ओर की दीवार फांदकर भागने का प्रयास किया।

???? स्कूटी से भाग रहा आरोपी गिरा, पुलिस ने दबोचा

मकान के बाहर स्कूटी लेकर खड़ा आरोपी भी मौके से भागने लगा। पुलिस ने तत्काल आसपास नाकेबंदी कर तलाश शुरू की। मेडिकल कॉलेज रोड की ओर भागते समय स्कूटी सवार आरोपी गिर गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आकाश जायसवाल को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पूछताछ में आकाश ने पुलिस को बताया कि उसने मार्शल यादव के साथ मिलकर बंद मकान में चोरी की नीयत से प्रवेश किया था। दोनों दीवार फांदकर अंदर पहुंचे और कमरे के दरवाजे में लगे ताले को डंडे से तोड़कर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।

???? परिवार के रायपुर जाने की जानकारी का उठाया फायदा, CCTV से खुली चोरी की कोशिश

पुलिस के अनुसार मकान मालिक का परिवार करीब 4-5 दिन के लिए रायपुर गया हुआ था। घटना की रात विनोद कुमार भट्ट को मोबाइल एप से जुड़े CCTV के माध्यम से मकान में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और वे तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।

इसी दौरान चक्रधरनगर पुलिस की गश्त टीम भी सूचना पर पहुंच गई। पुलिस की समय पर कार्रवाई से आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।

???? अपराध दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 401/2026, धारा 331(4), 305(ए), 62, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। गिरफ्तार आरोपी आकाश जायसवाल को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी मार्शल यादव की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक महेन्द्र कर्ष, संजय तिवारी, संतोष कुर्रे तथा आरक्षक सुशील मिंज, मिनकेतन पटेल और उदय मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

????️ SSP शशि मोहन सिंह का संदेश

“रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की सतत नजर है। नागरिकों की सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराध को घटना से पहले रोकना ही हमारी प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

और भी

स्वतंत्रता दिवस पर रायगढ़ में बदलेगा ट्रैफिक रूट, पुलिस ने जारी किया विशेष प्लान; VIP, आमजन और स्कूल बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था

रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रायगढ़ पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक रूट और पार्किंग प्लान जारी किया है। 15 अगस्त को मिनी स्टेडियम में मुख्य समारोह आयोजित होगा। ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने आमजन, वीआईपी, प्रशासनिक अमले और स्कूली वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग एवं पार्किंग स्थल तय किए हैं।

VIP वाहनों के लिए अलग रूट

वीआईपी वाहनों के लिए निर्धारित वीआईपी रूट से आवागमन की व्यवस्था रहेगी। एसडीएम कार्यालय परिसर में P-1 वीआईपी पार्किंग बनाई गई है। कलेक्टर कार्यालय परिसर में P-2 प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं पत्रकारों के वाहनों की पार्किंग रहेगी। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम के पास P-3 में पुलिसकर्मियों के वाहन पार्क किए जाएंगे।

आम लोगों के लिए P-4 पार्किंग

आम नागरिकों के लिए केलो विहार तिराहा से निर्धारित आमजन रूट रहेगा। वाहन चालकों को ऑडिटोरियम क्षेत्र के अंदर बनाए गए P-4 पार्किंग स्थल में वाहन पार्क करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मुख्य समारोह को देखते हुए मरीन ड्राइव पर P-5 अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

स्कूल बसों के लिए विशेष रूट

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बसों के लिए अलग रूट तय किया गया है। बसें पंजरी प्लांट तिराहा से अंबेडकर चौक की ओर आएंगी और दाहिने मुड़कर जनपद पंचायत कार्यालय होते हुए केलो विहार तिराहा पहुंचेंगी। यहां बच्चों को सुरक्षित उतारने के बाद बसों को P-6 स्कूल बस पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। ऑडिटोरियम क्षेत्र के P-4 में भी स्कूल बसों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बच्चों को निर्धारित प्रवेश मार्ग से मिनी स्टेडियम परिसर में प्रवेश कराया जाएगा।

पुलिस ने की अपील

रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने से यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी और समारोह में आने वाले नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए रायगढ़ पुलिस एवं यातायात पुलिस का पर्याप्त बल तैनात किया गया है।

और भी

रायगढ़ में साइबर अपराध के खिलाफ सात सप्ताह चलेगा “साइबर जागृति अभियान”, सेल्फी के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा जागरूकता का संदेश

रायगढ़, 14 अगस्त 2026। साइबर अपराध से लोगों को जागरूक और सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में “साइबर जागृति अभियान” चलाएगी। सात सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से आम लोगों को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, यूपीआई फ्रॉड, फिशिंग और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अभियान की खास थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” रखी गई है। इसके तहत छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर जारी लिंक या क्यूआर कोड को स्कैन कर लोग जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी फोटो लेकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। पुलिस का मानना है कि जनभागीदारी से सोशल मीडिया के जरिए साइबर सुरक्षा का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक तेजी से पहुंचेगा।

रायगढ़ में अभियान का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने अभियान का लिंक और क्यूआर कोड जारी किया तथा स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर जागरूकता

अभियान के पहले सप्ताह में स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। दूसरे सप्ताह में बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों के माध्यम से वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी।

तीसरे सप्ताह में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के विषय पर टाउन हॉल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चौथे सप्ताह में महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

पांचवें सप्ताह में रोजगार कार्यालय, आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी दी जाएगी। छठवें सप्ताह में डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। सातवें सप्ताह में ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” का संकल्प दिलाया जाएगा।

चौक-चौराहों से सोशल मीडिया तक चलेगा अभियान

रायगढ़ जिला पुलिस की टीमों और स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, बाजारों और पार्कों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से भी अभियान का लिंक अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी समाज को एकजुट होकर जागरूकता फैलानी होगी। उन्होंने जिलेवासियों से “जागरूकता की एक सेल्फी” लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने और साइबर अपराध रोकने में रायगढ़ पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन “साइबर जागृति अभियान” का समापन किया जाएगा।

और भी

तिरंगा हाथों में, जुबां पर भारत माता की जय और दिल में राष्ट्रभक्ति—जशपुर जिले में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा ने बनाया देशभक्ति का माहौल, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मंडलों में कार्यकर्ताओं से लेकर स्कूली बच्चों तक दिखा जबरदस्त उत्साह

जशपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा जशपुर, कुनकुरी एवं पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, शहर के गणमान्य नागरिक एवं स्कूली छात्र-छात्राएं यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा।

पत्थलगांव में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने किया, वहीं जशपुर नगर में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं, नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में युवाओं और स्कूली बच्चों की विशेष सहभागिता देखने को मिली।

तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक : गोमती साय

पत्थलगांव में तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके प्रत्येक रंग और चक्र में भारत की महान परंपरा, त्याग, शांति, साहस और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा समाहित है। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया और असंख्य वीरों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह लाखों वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। इसलिए तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं और राष्ट्रगौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने और नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

श्रीमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा।

तिरंगे के नीचे पूरा देश एकजुट होता है : रायमुनी भगत

जशपुर में यात्रा के समापन अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय के हृदय में बसने वाला राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। यह हमें एकता, अखंडता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल हाथ में ध्वज लेकर चलना नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करना तथा नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति, क्षेत्र और परंपराओं के बावजूद जब पूरा देश तिरंगे के नीचे एकजुट होता है, तो भारत की शक्ति और संकल्प दुनिया के सामने दिखाई देता है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से देश के गौरवशाली इतिहास को जानने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

श्रीमती भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भी प्रदेश विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

राष्ट्र प्रथम की भावना हमारे जीवन का हिस्सा बने : कृष्ण कुमार राय

तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री श्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि भारत की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। तिरंगा हमें उन महान राष्ट्रनायकों के संघर्ष और बलिदान की निरंतर याद दिलाता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना केवल नारों और आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे जीवन और व्यवहार का हिस्सा बननी चाहिए। देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझना होगा और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।

श्री राय ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने वाली यात्रा है। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और नागरिकों की सहभागिता यह दर्शाती है कि देशभक्ति की भावना आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग में पूरी मजबूती के साथ जीवंत है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को जानने और राष्ट्र निर्माण के कार्य में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मंडलों में रहा उत्साह

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि जशपुर, कुनकुरी एवं पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह रहा। विभिन्न मंडलों में निकली यात्राओं में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से भाजपा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति संकल्प दोहराया तथा नागरिकों से देशहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में मुख्य रूप से बलरामपुर जिला प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा, जिला महामंत्री द्वय मुकेश शर्मा एवं मनीष अग्रवाल, नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद अध्यक्ष गंगा राम भगत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव, श्रीमती शांति भगत, श्रीमती रजनी प्रधान, संतोष सिंह, शरद चौरसिया, श्रीमती शारदा प्रधान, हरजीत सिंह भाटिया, श्यामलाल भगत, मुकेश सोनी, अंकित बंसल, अवधेश गुप्ता, संजय लोहिया, सुनील अग्रवाल, रागिनी भगत, प्रभाकर यादव, पंकज जायसवाल, गोविंद राम भगत, नीतू गुप्ता, रामशंकर गुप्ता, शशि बाई, सुधीर पाठक, नमित सिंह, विनोद निकुंज, आशु राय, दीपू मिश्रा, शिवप्रकाश तिवारी, शाहनवाज, आदर्श ताम्रकार, सन्तन भगत, प्रकाश नायक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शहरवासी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंजता रहा। तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

और भी

फर्जी KYC, डिजिटल अरेस्ट और AI वॉइस-वीडियो फ्रॉड से सावधान! CISF जवानों को साइबर ठगी के नए हथकंडों की दी गई जानकारी, घरघोड़ा पुलिस ने बताए बचाव के आसान और जरूरी उपाय

रायगढ़ पुलिस ने साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए तिलाईपाली स्थित CISF कैंप में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने CISF अधिकारियों और जवानों को फर्जी KYC, UPI-QR फ्रॉड, OTP, स्क्रीन शेयरिंग, फर्जी लोन एप, निवेश-ट्रेडिंग एप, सोशल मीडिया हैकिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

पुलिस ने समझाया कि साइबर ठग बैंक अधिकारी, पुलिस, TRAI, बिजली विभाग, कूरियर कंपनी या परिचित बनकर फोन कर डर अथवा लालच पैदा करते हैं। ऐसे मामलों में OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV या बैंक पासवर्ड कभी साझा नहीं करना चाहिए। खास तौर पर UPI PIN पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि भुगतान करने के लिए होता है।

 डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सतर्क

पुलिस ने बताया कि ठग वीडियो कॉल पर पुलिस, CBI या ED अधिकारी बनकर गिरफ्तारी का भय दिखाते हैं और पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाते हैं। किसी सरकारी एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल पर इस तरह बैंक खाते में रकम जमा कराने का निर्देश नहीं दिया जाता। ऐसे कॉल पर घबराने के बजाय कॉल काटकर संबंधित विभाग से आधिकारिक माध्यम से संपर्क करना चाहिए।

 संदिग्ध लिंक और APK से भी खतरा

अनजान लिंक पर क्लिक न करने और WhatsApp अथवा अन्य माध्यमों से मिली संदिग्ध APK फाइल इंस्टॉल न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने चेताया कि ऐसी फाइलों के जरिए साइबर अपराधी मोबाइल और निजी जानकारी तक पहुंचने का प्रयास कर सकते हैं।

 AI वॉइस और वीडियो फ्रॉड पर भी जागरूकता

AI आधारित नकली आवाज और वीडियो तथा फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए परिचित बनकर पैसे मांगने के मामलों से भी सावधान किया गया। किसी परिचित के अचानक पैसे मांगने पर उसके वैकल्पिक या पुराने नंबर पर फोन कर पहले पुष्टि करने की सलाह दी गई।

ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें और cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने या फ्रीज कराने की संभावना बढ़ सकती है।

CISF अधिकारियों और जवानों ने जागरूकता कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए साइबर अपराधों से बचाव के उपायों को गंभीरता से समझा। रायगढ़ पुलिस द्वारा सुरक्षा बलों, शासकीय विभागों, संस्थानों और आम नागरिकों के बीच लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

और भी

रात में दूर से दिखेंगे रायगढ़ के ब्लैक स्पॉट, हादसे रोकने यातायात पुलिस ने लगाए रिफ्लेक्टिंग रेडियम

रायगढ़। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने रायगढ़ यातायात पुलिस ने दुर्घटना संभावित 16 ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की पहल शुरू की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट का जायजा लिया। रात के समय वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित स्थान दूर से दिखाई दें, इसके लिए जरूरत वाले स्थानों पर रिफ्लेक्टिंग रेडियम लगाए गए हैं।

यातायात पुलिस की टीम ने निरीक्षण के दौरान ब्लैक स्पॉट की सड़क की स्थिति, मोड़, सड़क की बनावट, रात्रिकालीन दृश्यता और सुरक्षा संकेतकों की बारीकी से जांच की। जिन जगहों पर अंधेरे के दौरान सड़क अथवा सड़क किनारे को पहचानने में परेशानी की संभावना थी, वहां रिफ्लेक्टिंग रेडियम लगाए गए। वाहन की हेडलाइट पड़ने पर रेडियम चमकेगा, जिससे चालक को ब्लैक स्पॉट की जानकारी पहले से मिल सकेगी और वह समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सकेगा।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी और ट्रैफिक एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक रोहित बंजारे के नेतृत्व में की गई। निरीक्षक रोहित बंजारे ने यातायात स्टाफ के साथ चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं सुधार कार्यों की रिपोर्ट भी तैयार की है।

पुलिस के मुताबिक, तैयार रिपोर्ट को वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों के समन्वय से ब्लैक स्पॉट पर सड़क की स्थिति, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुधार कार्य कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

सिर्फ चालानी कार्रवाई नहीं, स्थायी समाधान पर जोर

रायगढ़ पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान अब केवल यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है। दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, मौके पर सुरक्षा उपाय और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर स्थायी सुधार की दिशा में भी काम किया जा रहा है। ब्लैक स्पॉट पर लगाए गए रिफ्लेक्टिंग रेडियम को इसी पहल का हिस्सा माना जा रहा है।

एसएसपी ने वाहन चालकों से भी की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट की पहचान कर समय रहते सुरक्षा उपाय करना पुलिस की प्राथमिकता है। रिफ्लेक्टिंग रेडियम जैसे छोटे लेकिन प्रभावी उपाय रात के समय सड़क सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जरूरी सुधार कार्य कराए जाएंगे। साथ ही वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई है।

और भी

हाईवे पर डीजल चोर गिरोह का बड़ा खुलासा, फर्जी नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो से करते थे वारदात — जूटमिल पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा

रायगढ़। हाईवे पर खड़े ट्रेलर और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का जूटमिल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों सुनील कुमार केवट और संदीप कुमार डहरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया। गिरोह का मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव पहले से ही बिलासपुर केंद्रीय जेल में बंद है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 3 फरवरी 2026 को अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। वाहन में सवार लोग मौके से फरार थे। पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें 10 लीटर डीजल से भरी प्लास्टिक जरिकेन, करीब दो मीटर लंबा पाइप, दोनों सिरों पर नुकीला लोहे का सब्बल, दो मोबाइल फोन और अलग-अलग नंबर वाली नंबर प्लेट मिलीं। संदिग्ध सामान मिलने के बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की।

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करते थे वारदात

जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो पर CG-04-BT-0664 नंबर अंकित था, लेकिन परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में इस नंबर का कोई वाहन नहीं मिला। वाहन के अंदर मिली CG-12-BT-6416 नंबर प्लेट की जांच करने पर स्कॉर्पियो का वास्तविक पंजीयन कोरबा निवासी मधुर निर्मलकर के नाम पाया गया।

पूछताछ और किरायानामे से पता चला कि स्कॉर्पियो को 30 दिसंबर 2025 को पुरुषोत्तम यादव को 45 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया गया था।

ट्रेलर चालक के जागते ही मची भगदड़

पुलिस पूछताछ में संदीप कुमार डहरिया और सुनील कुमार केवट ने बताया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के कहने पर उन्होंने स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। इसके बाद संदीप, सुनील, शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे के साथ रायगढ़ शहर पहुंचे और हाईवे पर खड़े ट्रेलरों को निशाना बनाया।

डीजल चोरी के दौरान ट्रेलर चालक के जागने और शोर मचाने पर आरोपी स्कॉर्पियो से तेजी से भागने लगे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एनएच-49 किनारे पलट गया। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए।

मुख्य आरोपी पहले से जेल में

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव, उम्र 48 वर्ष, निवासी बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के खिलाफ कोरबा जिले के अलग-अलग थानों में चोरी सहित पांच मामले दर्ज हैं। वह वर्तमान में बिलासपुर केंद्रीय जेल में 26 जून 2026 से निरुद्ध है। जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति लेकर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है। उसे बिलासपुर जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी।

वहीं गिरोह के फरार सदस्य शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे की तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।

दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद जूटमिल पुलिस ने सुनील कुमार केवट (30), निवासी खम्हरिया, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा और संदीप कुमार डहरिया (34), निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया। दोनों को 12 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत धारा 336(3), 338, 340(2), 287 बीएनएस एवं 3/7 ईसी एक्ट के तहत अपराध दर्ज है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी एवं सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश सिंह राजपूत, आरक्षक शांति मिरी और शिवा प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। अपराध में प्रयुक्त वाहनों, फर्जी नंबर प्लेट और चोरी के नेटवर्क पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे अपराधों में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

और भी

राह चलती महिला से छेड़खानी और धमकी का मामला: चक्रधरनगर पुलिस की 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे

रायगढ़। अभियान संवेदना के तहत महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर पुलिस ने राह चलती महिला से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।

पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय पीड़िता ने 12 अगस्त को अपने पति के साथ थाना चक्रधरनगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि 2 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति को भोजन देने जा रही थी। उसके साथ बच्चे भी थे। इसी दौरान ग्राम एकताल निवासी उमेश और अभिषेक पीछे से पहुंचे और उसके साथ छेड़खानी करते हुए घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

इसी बीच पीड़िता का परिचित मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया, जिसे देखकर दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी पीड़िता ने अपने पति और गांव के प्रमुख लोगों को दी। इसके बाद 12 अगस्त को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत धारा 74, 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घर पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घरों पर दबिश दी, जहां वे मौजूद मिले। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाई और पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ एवं विवेचना के दौरान घटना में उनकी संलिप्तता से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिले। इसके बाद उमेश प्रधान (26), निवासी एकताल स्कूलपारा और अभिषेक गोधिया (24), निवासी एकताल बस्ती मंडलापारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया।

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे तथा आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, जितेन्द्र कुर्रे और मिनकेतन पटेल की भूमिका रही।

और भी

तीन सौ CCTV फुटेज खंगाल 10 दिन में ट्रेलर डाला चोरी का खुलासा, 21 लाख का माल बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने ट्रेलर डाला चोरी के एक मामले का महज 10 दिनों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया ट्रेलर डाला और इंजन समेत करीब ₹13 लाख का सामान बरामद किया है। वहीं वारदात में पायलेटिंग के लिए इस्तेमाल की गई करीब ₹8 लाख कीमत की कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 300 CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर 27 जुलाई की देर रात करीब 2:30 बजे सीएमओ तिराहा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के डाले को चोरी कर लिया। चोरी के डाले को दूसरे ट्रेलर के इंजन से जोड़कर रायपुर ले जाया गया। इस दौरान एक नीले रंग की कार आगे-आगे चलकर पायलेटिंग कर रही थी।

रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच

ट्रांसपोर्ट नगर, सारंगढ़ बस स्टैंड निवासी धीरज कुमार नवीन ने 2 अगस्त को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ट्रेलर क्रमांक CG 12 BK 3140 का डाला सीएमओ तिराहा के पास खड़ा था, जो 28 जुलाई की सुबह मौके से गायब मिला। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 415/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को आरोपियों और चोरी गए माल की तलाश में लगाया।

300 से ज्यादा CCTV फुटेज बने अहम सुराग

पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर संभावित मार्गों तक लगे करीब 300 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। रात के अंधेरे में चोरी के वाहन की स्पष्ट पहचान मुश्किल थी, लेकिन फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस को एक अहम सुराग मिला।

फुटेज में चोरी गया डाला CG 13 AS 8857 नंबर के ट्रेलर इंजन से जुड़ा दिखाई दिया। इसके आगे CG 13 BA 7639 नंबर की नीले रंग की कार पायलेटिंग करती नजर आई। पुलिस ने दोनों वाहनों के रूट को CCTV के जरिए ट्रेस किया।

टोल से बचने कच्चे रास्तों का इस्तेमाल

जांच में पता चला कि आरोपियों ने पुलिस और टोल रिकॉर्ड से बचने के लिए मुख्य मार्ग की बजाय बाईपास और कच्चे रास्तों का इस्तेमाल किया था। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस टीम वाहन को रायपुर के कबीरनगर क्षेत्र तक ट्रेस करने में सफल रही।

इसके बाद आरटीओ रिकॉर्ड से ट्रेलर मालिक की जानकारी निकाली गई। पुलिस ने ट्रेलर मालिक जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी पवनदीप सिंह और संदीप कुमार खत्री के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

रायपुर में ₹4.30 लाख में बेच दिया था डाला

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए डाले को रायपुर निवासी हरचरण सिंह सरदार को ₹4 लाख 30 हजार में बेच दिया था। इसके बाद चोरी का डाला इंजन सहित ग्राम बेलतरा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर में रखा गया था।

पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर चोरी गया ट्रेलर डाला और इंजन बरामद कर लिया। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब ₹13 लाख बताई गई है।

पायलेटिंग कार भी पुलिस ने जब्त की

वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई नीले रंग की CG 13 BA 7639 कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब ₹8 लाख है। इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल फोन और प्रकरण से जुड़े अन्य साक्ष्य भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

तीनों आरोपी ड्राइवरी से जुड़े, एक पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी ड्राइवरी के काम से जुड़े हैं और उन्हें वाहनों तथा रास्तों की अच्छी जानकारी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी संदीप कुमार खत्री करीब दो माह पहले मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।

चोरी का डाला खरीदने वाला आरोपी हरचरण सिंह सरदार, निवासी मोहबा नगर, कबीरनगर रायपुर, फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में:

  • जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल, उम्र 26 वर्ष, निवासी बोइरदादर, मां बिहार कॉलोनी, चक्रधरनगर रायगढ़।
  • पवनदीप सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी भगवानपुर रायगढ़।
  • संदीप कुमार खत्री, उम्र 29 वर्ष, निवासी मंगलूडीपा रायगढ़।

21 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने कार्रवाई में चोरी गया ट्रेलर डाला और इंजन करीब ₹13 लाख, वारदात में प्रयुक्त कार करीब ₹8 लाख सहित कुल करीब ₹21 लाख की संपत्ति बरामद/जब्त की है। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में चोरी गए माल की जल्द बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि करीब 300 CCTV फुटेज की बारीकी से जांच और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। उन्होंने कहा कि अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, पुलिस की नजर से बचना आसान नहीं है।

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, सहायक उप निरीक्षक कौशल सिंह जगत तथा आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा और नितेश लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

रायगढ़ में गौवंश तस्करी पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 14 चक्का ट्रक में ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे 46 गौवंश बरामद — 7 की मौत, 39 का सुरक्षित रेस्क्यू; जंगल में ट्रक छोड़कर तस्कर फरार

     13 अगस्त, 2026*। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 चक्का ट्रक में क्षमता से अधिक गौवंश को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर ले जाने की कोशिश को विफल किया है। पुलिस ने ट्रक से कुल 46 गौवंश बरामद किए, जिनमें से 07 गौवंश की मृत्यु हो चुकी थी, जबकि 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित रेस्क्यू कर कांजी हाउस धरमजयगढ़ में चारा-पानी की व्यवस्था के साथ रखवाया गया है।

     जानकारी के अनुसार दिनांक 12 अगस्त 2026 के 2.20 बजे) धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि एक 14 चक्का ट्रक के माध्यम से जंगल के रास्ते गौवंश को तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े द्वारा तत्काल मुखबिरों को सक्रिय कर संदिग्ध वाहन की जानकारी जुटाई गई। इस दौरान संदिग्ध ट्रक को बरसापाली जंगल की ओर जाते देखे जाने की सूचना प्राप्त हुई। थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम को बरसापाली जंगल मार्ग पर घेराबंदी एवं कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही वाहन में सवार पशु तस्कर ट्रक को जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस टीम ने जंगल में तिरपाल से ढके लावारिस हालत में खड़े 14 चक्का ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 की तलाशी ली। ट्रक के अंदर 46 गौवंश को ठूंस-ठूंसकर, बिना पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था के बेहद अमानवीय तरीके से परिवहन किया जा रहा था। इनमें 07 गौवंश मृत पाए गए। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा, प्रकाश गिरी गोस्वामी एवं हमराह स्टाफ द्वारा तत्काल जीवित गौवंश को ट्रक से बाहर निकालकर सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। शेष 39 जीवित गौवंश को कांजी हाउस धरमजयगढ़ में पहुंचाकर चारा-पानी की व्यवस्था कराई गई है।

     धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा ट्रक चालक एवं फरार पशु तस्करों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा  10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। फरार आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है।

      धरमजयगढ़ पुलिस की अपील
रायगढ़ पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि गौवंश की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता अथवा संदिग्ध रूप से पशुओं के परिवहन की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*

      *“गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तस्करी में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जिले में गौवंश तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।”*

और भी

रिमझिम बारिश में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति से सराबोर हुआ रायगढ़,करीब 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी हुए शामिल

रायगढ़, 13 अगस्त 2026/ वंदे मातरम् की भावना को समर्पित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज जिला मुख्यालय रायगढ़ में रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी यात्रा में शामिल हुए। शहर के विभिन्न वर्गों के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। बारिश की फुहारों के बीच ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी जयघोष से शहर की सड़कें गूंज उठीं।
           तिरंगा यात्रा नटवर स्कूल से प्रारंभ होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक एवं अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क (इतवारी बाजार) पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यात्रा के दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह उत्साहपूर्वक स्वागत किया। ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का भव्य अभिनंदन किया गया। यात्रा में शामिल लोगों के लिए जूस वितरण भी किया गया।

*देशभक्ति के रंग में रंगा शहर*

तिरंगा यात्रा में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सहित समाज के सभी वर्गों की सहभागिता दिखाई दी। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति संदेशों वाली तख्तियां लिए स्कूली विद्यार्थियों में विशेष उत्साह रहा। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, झांसी की रानी और भगत सिंह सहित राष्ट्रनायकों के स्वरूप धारण कर यात्रा को आकर्षक और संदेशपरक बनाया। बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा में प्रतिभागी उत्साह के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’, ‘ये देश है वीर जवानों का’ सहित देशभक्ति गीतों पर नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रिमझिम बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और तिरंगे की छांव में उमड़ा जनसैलाब रायगढ़ में राष्ट्रप्रेम, एकता और जनभागीदारी का जीवंत दृश्य प्रस्तुत करता रहा।

*वीर शहीदों और राष्ट्रनायकों को किया नमन*

सिदूर पार्क में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने परिसर में स्थापित स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा हर घर तिरंगा सेल्फी बूथ में फोटो खिंचाई।

*भारत तेजी से आगे बढ़ रहा, युवाओं की जिम्मेदारी भी बढ़ी: वित्त मंत्री*

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज भारत की वैश्विक भूमिका पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत हुई है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में देश के सामने नई चुनौतियां भी हैं, ऐसे में प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि युवा तेजी से स्वयं को मजबूत बनाएं और राष्ट्र की मजबूती के लिए आगे आकर कार्य करें। हम सभी मिलकर भारत को मजबूत और सशक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाकर ऐसा भारत बनाना है, जिसे दुनिया की कोई ताकत कमजोर न कर सके। वित्त मंत्री ने कहा कि तिरंगा हमें उन वीर जवानों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। राष्ट्रध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां*

मंचीय कार्यक्रम के दौरान स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने कथक सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और देश की विविधता में एकता का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा। वित्त मंत्री ने कथक सहित अन्य प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। 

*‘हर घर तिरंगा’ से जुड़ रहा पूरा जिला*

गौरतलब है कि देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम’ थीम पर आधारित है। अभियान के दौरान नागरिकों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है। जिले में नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तिरंगा वितरण, जनभागीदारी और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
     इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल गर्ग, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरूणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री मुकेश जैन, श्री विकास केडिया, श्री अरूण कातोरे, श्री बृजेश गुप्ता, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, सीएसपी श्री मयंक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिल्पा भगत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों उपस्थित थे।

और भी

मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बच्चों में गैर-संचारी रोगों पर संवेदनशील एवं तथ्यात्मक पत्रकारिता से आएगा सकारात्मक बदलाव

रायगढ़, 13 अगस्त 2026/ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों में गैर-संचारी रोगों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य संबंधी विषयों की तथ्यात्मक एवं संवेदनशील रिपोर्टिंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रायगढ़ में पत्रकारों हेतु क्षेत्रीय संवाद एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यूनिसेफ छत्तीसगढ़ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में रायगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के पत्रकारों ने सहभागिता की।
           कार्यक्रम में सिकल सेल रोग, बच्चों में टाइप-1 मधुमेह, जन्मजात हृदय रोग तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने पत्रकारों के साथ संवाद किया। प्रशिक्षण सत्रों में बच्चों में बढ़ते गैर-संचारी रोगों की चुनौती, उनके शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर जांच एवं उपचार तथा उपलब्ध शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी साझा की गई। विशेषज्ञों ने कहा कि मीडिया केवल सूचना पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक व्यवहार परिवर्तन का महत्वपूर्ण स्तंभ है। तथ्यात्मक, संवेदनशील और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराई जा सकती है तथा उन्हें समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित किया जा सकता है। विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल रोग की समय पर जांच एवं नियमित उपचार, बच्चों में टाइप-1 मधुमेह के शुरुआती लक्षण, जन्मजात हृदय रोग से प्रभावित बच्चों के शीघ्र रेफरल एवं उपचार तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

*टीकाकरण, पोषण और एनीमिया नियंत्रण पर भी दिया गया जोर*

संवाद के दौरान पूर्ण टीकाकरण, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, सामुदायिक सहभागिता तथा बहु-विभागीय समन्वय को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, मीडिया और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय से शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाई जा सकती है। इससे लोगों में जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ समय पर स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग में भी सुधार आएगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य टीम, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के सहभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में यूनिसेफ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह के नेतृत्व तथा एमसीसीआर ट्रस्ट के डॉ. डी. श्याम कुमार का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी पत्रकारों ने समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने तथा माताओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सकारात्मक, जिम्मेदार और तथ्यात्मक पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

और भी

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का फुल ड्रेस रिहर्सल में हुआ अंतिम अभ्यास,कलेक्टर की उपस्थिति में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में हुआ अभ्यास

रायगढ़, 13 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम, रायगढ़ में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की उपस्थिति में आयोजित रिहर्सल के दौरान 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह की सभी गतिविधियों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिनट-टू-मिनट अभ्यास किया गया। अंतिम रिहर्सल में सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद 11 प्लाटून दलों ने अनुशासित मार्च पास्ट का अभ्यास किया। पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रधुन की प्रस्तुति दी गई। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रमों का भी अभ्यास किया।
    रिहर्सल के दौरान ध्वजारोहण, परेड, सलामी, राष्ट्रगान, पुलिस बैंड की प्रस्तुति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित समारोह की प्रत्येक गतिविधि को निर्धारित क्रम एवं समय के अनुसार संपादित किया गया। अधिकारियों ने समारोह स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, सीएसपी श्री मयंक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर श्री रवि राही सहित जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस बल एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

*वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी करेंगे ध्वजारोहण*

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। वे प्रातः 9 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे। इसके पश्चात परेड द्वारा सलामी, राष्ट्रगान तथा मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों सहित अन्य व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

और भी

तिरंगे के रंग में रंगा पत्थलगांव, फुलेता चौक से बीटीआई चौक तक गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, विधायक गोमती साय के साथ उमड़ा जनसैलाब

पत्थलगांव। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत पत्थलगांव विधानसभा के ग्रामीण मंडल में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। फुलेता चौक से बी.टी.आई. चौक तक निकली इस यात्रा में विधायक श्रीमती गोमती साय शामिल हुईं। हाथों में तिरंगा और दिल में राष्ट्रभक्ति का जज्बा लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से गूंज उठा। यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने तिरंगे को देश की आन, बान और शान बताते हुए सभी से राष्ट्रहित एवं देश की एकता-अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया।

यात्रा में ग्रामीण मंडल के मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ भाजपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर देश के प्रति अपने सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।

तिरंगा यात्रा ने क्षेत्रवासियों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करते हुए “हर घर तिरंगा, हर हाथ में तिरंगा और हर दिल में राष्ट्रभक्ति” का संदेश दिया।

और भी