ताजा खबरें

बड़ी खबर

शराब के लिए पैसे मांगना पड़ा महंगा: मजदूर से मारपीट कर 1000 रुपये लूटने वाले दो बदमाश चढ़े खरसिया पुलिस के हत्थे, नगदी और मोबाइल बरामद, भेजे गए जेल

रायगढ़। मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगना और पैसे नहीं देने पर उसके साथ मारपीट कर रुपये छीन लेना दो युवकों को भारी पड़ गया। खरसिया पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से छीनी गई रकम का हिस्सा और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रतन महका निवासी 27 वर्षीय राजेश खण्डेल ने चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 18 जून की रात मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। रात करीब साढ़े आठ बजे गोपी महका स्थित पैठू तालाब के पास गांव के लल्ला उर्फ ललित राठौर और चन्द्रशेखर खण्डेल ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब राजेश ने पैसे देने से इंकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। इसके बाद उसके पास रखे 1000 रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की रिपोर्ट पर खरसिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके मेमोरेंडम के आधार पर छीनी गई रकम में से 200-200 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर जप्त किया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी लल्ला उर्फ ललित राठौर (32 वर्ष) और चन्द्रशेखर खण्डेल (31 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण बांधव, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक कीर्ति सिदार एवं साविल चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image