ताजा खबरें

बड़ी खबर

बैंक से 2 लाख निकालने के 20 मिनट बाद टूटी डिक्की, उड़ गए रुपये... 7 दिन तक जशपुर में डेरा डालकर पुलिस ने दबोचा शातिर नट गिरोह का सदस्य, दो बाइक और औजार बरामद

रायगढ़, 20 जून। तमनार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई 2 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बैंक से रकम निकालकर निकले ग्रामीण की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर नकदी पार करने वाले नट गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई बाइक तथा वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल (60 वर्ष) ने अपेक्स बैंक तमनार से 2 लाख रुपये निकाले थे। रकम को मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर वे तहसील कार्यालय के कार्य से चले गए। लगभग 20 मिनट बाद वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि डिक्की टूटी हुई है और उसमें रखी पूरी रकम गायब है। मामले की रिपोर्ट थाना तमनार में दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज, बैंक के बाहर से शुरू हुई आरोपी तक पहुंचने की कहानी

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में टीम ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के विश्लेषण के दौरान पुलिस का संदेह ग्राम गाला निवासी विशाल उर्फ हरि नट पर गया। जब फुटेज स्थानीय लोगों और सरपंच को दिखाई गई तो उन्होंने भी उसकी पहचान की पुष्टि की।

जेल में बंद मिला एक आरोपी, दूसरे की तलाश में जशपुर पहुंची पुलिस

जांच में सामने आया कि विशाल उर्फ हरि नट एक आदतन अपराधी है और किसी अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध है। इसी दौरान पुलिस को उसके साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा के सक्रिय होने की जानकारी मिली।

इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने जशपुर जिले में लगातार सात दिनों तक कैंप कर आरोपियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। ग्राम झक्कड़पुर में सीसीटीवी फुटेज दिखाने पर पहचानकर्ताओं ने धर्मेन्द्र नट की पहचान की, जिसके बाद उसकी तलाश और तेज कर दी गई।

खेत में घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी, साथी मौके से फरार

विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने पत्थलगांव क्षेत्र के एक खेत के पास घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान धर्मेन्द्र नट को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पूछताछ में उगले राज, बैंक से निकलने वालों पर रखते थे नजर

पुलिस पूछताछ में आरोपी धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी विशाल उर्फ हरि नट के साथ बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले लोगों की रेकी करता था। जैसे ही कोई व्यक्ति वाहन खड़ा कर किसी काम से जाता, गिरोह डिक्की तोड़कर नकदी लेकर फरार हो जाता था।

आरोपी ने बताया कि 8 जून को भी उन्होंने लोकेश्वर पटेल को बैंक से नकदी निकालते देखा था। बाद में मौका मिलते ही मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये चोरी कर लिए। चोरी की रकम का बंटवारा किया गया और उसके हिस्से में आए एक लाख रुपये से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीद ली।

दो अपाचे बाइक और डिक्की तोड़ने के औजार जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई अपाचे बाइक तथा डिक्की तोड़ने में उपयोग किए जाने वाले लोहे के औजार बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट, पिता मोहनलाल मीणा, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।

जब्त सामग्री

  • घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल
  • चोरी की रकम से खरीदी गई नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल
  • डिक्की तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का औजार
  • कुल लगभग 2 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति

एसएसपी का संदेश: बैंक से बड़ी राशि निकालने वाले नागरिक रहें सतर्क

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस उठाईगिरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों में पेशेवर तरीके से कार्य कर रही है। अपराधी चाहे कहीं भी छिपे हों, उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बैंक से बड़ी राशि निकालने के बाद विशेष सतर्कता बरतें और नकदी को वाहन की डिक्की में छोड़कर न जाएं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराध कर बच निकलना अब आसान नहीं होगा।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, दिलदार कुरैशी तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, पुरुषोत्तम सिदार और जॉन प्रकाश टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image