ताजा खबरें

बड़ी खबर

रायगढ़ में लूटेरों पर पुलिस का शिकंजा: शराब भट्टी के पास युवक से मोबाइल और नकदी लूटने वाले तीन बदमाश 48 घंटे में गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल भी बरामद

रायगढ़, 19 जून। शहर में लगातार बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं पर लगाम कसते हुए रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बड़पारा शराब भट्टी के पास एक युवक से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को घटना के महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार अखोराखुर्द थाना राजपुर, जिला बलरामपुर निवासी राजेश प्रसाद (34 वर्ष) ने 16 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अंबिकापुर निवासी शिव गोयल की चार पहिया वाहन चलाते हैं और निजी कार्य से रायगढ़ आए थे। काम खत्म होने के बाद रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल में भोजन करने के बाद वह बड़पारा शराब भट्टी की ओर गए थे। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें रोककर पैसे मांगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी और एक आरोपी ने पत्थर से सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उनकी जेब में रखे 100 रुपये और रेडमी 5जी मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

जांच के दौरान नवीन सोनवानी, चंद्रशेखर राठिया और रोशन वैष्णव की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में लिया। पहचान परेड में प्रार्थी ने तीनों आरोपियों की पहचान की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद आरोपी नवीन सोनवानी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को 18 जून को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उप निरीक्षक गौतम ठाकुर और कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में लूटपाट, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

गिरफ्तार आरोपी :

  • नवीन सोनवानी (20 वर्ष), निवासी बाबाधाम कॉलोनी, चमड़ा गोदाम, थाना जूटमिल, रायगढ़।
  • चंद्रशेखर राठिया (32 वर्ष), निवासी पंजरी प्लाट, त्रिमूर्ति मंदिर के पास, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़।
  • रोशन वैष्णव (28 वर्ष), निवासी गातर खाल्हेन, जेलपारा, थाना जूटमिल, रायगढ़।

Leave Your Comment

Click to reload image