ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन क्लीन हंट का बड़ा असर: महीनों से फरार गांजा तस्कर चन्द्रमणी यादव गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल i20 कार भी जब्त

रायगढ़। जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे गांजा तस्कर चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई i20 कार (क्रमांक CG13BH5917) भी जब्त कर ली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पूंजीपथरा पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपी के गांव आने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

23 अप्रैल को दो तस्कर गिरफ्तार, तीसरा आरोपी कार लेकर भाग निकला था

पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में ग्राम तुमीडीह महुआ चौक, पठान कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान i20 कार में सवार खिरोधर यादव और पुरुषोत्तम यादव को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। हालांकि तीसरा आरोपी चन्द्रमणी यादव पुलिस को चकमा देकर कार सहित मौके से फरार हो गया था।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.728 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹24,500, तथा गांजा बिक्री से प्राप्त ₹5,000 नकद जब्त किए थे। कुल ₹29,500 की जब्ती कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

साथी की निशानदेही और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस

मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम यादव ने पूछताछ में खुलासा किया कि फरार व्यक्ति चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव ही था, जो गांजा बेचने के उद्देश्य से उनके साथ आया था और पुलिस कार्रवाई के दौरान भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाकर उसकी घटनास्थल पर मौजूदगी प्रमाणित की तथा लगातार उसकी तलाश जारी रखी।

आखिरकार "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत मिली सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद तस्करी में प्रयुक्त i20 कार भी जब्त कर ली गई।

पूंजीपथरा पुलिस की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा तथा पूंजीपथरा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

एसएसपी का स्पष्ट संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि "ऑपरेशन क्लीन हंट केवल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का अभियान नहीं, बल्कि अपराधियों को यह संदेश है कि कानून से भागकर कोई भी बच नहीं सकता। नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार और सख्त रूप से जारी रहेगी।"

Leave Your Comment

Click to reload image