ताजा खबरें

बड़ी खबर

लकवाग्रस्त किसान भी जुड़ा एग्रीस्टैक से, समिति ने घर पहुंचकर कराया पंजीयन,खम्हार समिति की पहल से योजनाओं का लाभ लेने की राह हुई आसान

रायगढ़, 29 जुलाई 2026/ कृषि सेवाओं के डिजिटलीकरण और किसानों को एकीकृत डिजिटल पहचान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में एग्रीस्टैक किसान पंजीयन अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे। इसी कड़ी में धरमजयगढ़ विकासखंड की खम्हार सहकारी समिति ने लकवाग्रस्त किसान घुरसाय के घर पहुंचकर उनका एग्रीस्टैक किसान पंजीयन कराया। समिति की इस पहल से किसान भविष्य में धान उपार्जन सहित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने से वंचित नहीं रहेंगे।
            शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक पात्र किसान की व्यक्तिगत एग्रीस्टैक किसान आईडी बनाई जा रही है। धान उपार्जन, फसल बीमा, कृषि ऋण, अनुदान, सब्सिडी तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए यह पंजीयन आवश्यक किया गया है। जिन खातों में एक से अधिक हिस्सेदार किसान दर्ज हैं, उन सभी का अलग-अलग एग्रीस्टैक पंजीयन कराया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर जिले की सभी सहकारी समितियों को यह सुनिश्चित करने कहा गया है कि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे। इसके लिए समितियां ग्राम कोटवारों के माध्यम से मुनादी, विभिन्न संचार माध्यमों से किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ ऐसे किसानों तक भी पहुंच रही हैं, जो बीमारी, वृद्धावस्था या शारीरिक असमर्थता के कारण समिति कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं।
            इसी अभियान के दौरान ग्राम चाल्हा निवासी किसान घुरसाय के लकवाग्रस्त होने की जानकारी खम्हार सहकारी समिति को मिली। किसान स्वयं समिति कार्यालय आने में असमर्थ थे। जानकारी मिलते ही समिति प्रबंधक दया पटेल ने कर्मचारियों के साथ उनके घर पहुंचकर किसान को सुरक्षित समिति कार्यालय लाने की व्यवस्था की। आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर उनका एग्रीस्टैक किसान पंजीयन पूर्ण कराया गया। समिति प्रबंधक दया पटेल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक पात्र किसान का पंजीयन सुनिश्चित किया जा रहा है। यदि कोई किसान बीमारी, वृद्धावस्था अथवा अन्य कारणों से समिति तक नहीं पहुंच सकता, तो समिति की टीम स्वयं उसके पास पहुंचकर पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
            जिला प्रशासन ने सभी पात्र किसानों से समय-सीमा के भीतर आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में धान उपार्जन सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके। खम्हार सहकारी समिति की यह पहल दर्शाती है कि एग्रीस्टैक अभियान केवल पंजीयन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र किसान तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना भी है।

Leave Your Comment

Click to reload image