शराब के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक पर जानलेवा हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत खरसिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़, 29 जुलाई। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत खरसिया पुलिस ने शराब के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक और उसके साथियों पर हमला करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गैर-जमानती धाराओं में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम छोटे मुड़पार निवासी विनोद रायल (32 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जनवरी 2026 की रात वह अपने मित्र रोहन जांगड़े को मौहापाली छोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार फैज खान, अमनप्रीत, करतार और फरीद ने उनकी कार रुकवाई और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों व लात-घूंसों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद ने लोहे के कड़े जैसे कठोर औजार से विनोद रायल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे रोहन जांगड़े और कुंज किशोर पटेल भी हमले में घायल हो गए। सभी घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
घटना के बाद पुलिस चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 119(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। वारदात के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गए थे।
चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 28 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिलने पर एएसआई मनोज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर फैजान अहमद उर्फ फैज खान (25 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती, खरसिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर मारपीट में प्रयुक्त लोहे का कड़ा भी बरामद कर जब्त कर लिया गया।
गैर-जमानती धाराओं में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं घटना में शामिल फरार आरोपी करतार और फरीद की गिरफ्तारी के लिए खरसिया पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।