ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन शंखनाद के तहत लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घने जंगल में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में 20 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त

रायगढ़, 19 जून। रायगढ़ पुलिस द्वारा गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा पुलिस ने गुरुवार रात एक साहसिक और जोखिमभरी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 20 गौवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया। घने जंगल, अंधेरी रात और जहरीले जीव-जंतुओं के खतरे के बावजूद पुलिस टीम ने जंगल में घंटों सर्च ऑपरेशन चलाकर गाय, बछिया और बछड़ों को सुरक्षित बचाया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ग्राम कमरगा के जंगल मार्ग से गौवंशों को मारते-पीटते हुए ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। ग्रामीणों ने जंगल में अजगर और जहरीले सांपों की मौजूदगी के कारण साथ जाने में हिचक दिखाई, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाइश देकर अभियान में सहयोग के लिए तैयार किया।

जंगल के भीतर पहुंचकर पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू किया। इसी दौरान टीम का सामना एक विशाल अजगर से भी हुआ, लेकिन पुलिसकर्मियों ने हिम्मत और सतर्कता का परिचय देते हुए अभियान जारी रखा। कुछ देर बाद जंगल के भीतर 20 गौवंश लावारिस हालत में मिले। पुलिस की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से मवेशियों के मालिकों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई दावा करने सामने नहीं आया। इसके बाद गवाहों की उपस्थिति में सभी गौवंशों को विधिवत जप्त कर सुरक्षित देखभाल के लिए सलखिया गौशाला को सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में गौ तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव, एएसआई परमेश्वर नाथ सिंह पैंकरा, प्रधान आरक्षक जयशरण चंद्रा तथा आरक्षक शशिभूषण साहू, विकास तिर्की और सुमीत एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत रायगढ़ पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image