पहले दिया मुनाफा, फिर लगाया करोड़ों का चूना: रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई में निवेश घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
रायगढ़। निवेश पर हर महीने 6 प्रतिशत रिटर्न और मूलधन वापसी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी विश्वजीत देवनाथ को जांजगीर-चांपा से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट ट्रेडिंग और एलईडी बल्ब व्यवसाय से जुड़ा बताकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में कुछ निवेशकों को नियमित ब्याज देकर भरोसा जीत लिया गया, जिसके बाद कई लोगों ने बड़ी रकम निवेश कर दी।
13 से अधिक निवेशकों से जुटाए 1.77 करोड़ रुपये
जांच में सामने आया कि आरोपी ने रायगढ़ के 13 से अधिक लोगों से कुल 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये निवेश कराए थे। बाद में जब निवेशकों को पता चला कि कथित शेयर ट्रेडिंग के लिए जरूरी डीमैट खाते और दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तब उन्हें धोखाधड़ी का संदेह हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा।
जांजगीर-चांपा से हुई गिरफ्तारी
कोतवाली थाना में दर्ज धोखाधड़ी के मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन जांजगीर-चांपा में मिली। रायगढ़ और चांपा पुलिस के संयुक्त प्रयास से उसे हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया गया। आरोपी के खिलाफ चांपा थाना में भी धोखाधड़ी का एक अन्य मामला दर्ज है।
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में विश्वजीत देवनाथ ने स्वीकार किया कि वह लोगों से निवेश कराकर विभिन्न बैंक खातों और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से शेयर बाजार में रकम लगाता था। शुरुआती दौर में निवेशकों को भुगतान किया गया, लेकिन बाद में बाजार में नुकसान होने के कारण वह रकम वापस नहीं कर सका।
बैंक खातों और निवेश नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, ट्रेडिंग खातों और अन्य वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस निवेश नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए थे।
एसएसपी की अपील
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता, दस्तावेज और पंजीकरण की पूरी जांच करें। अधिक मुनाफे का लालच देने वाली योजनाओं से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध निवेश या साइबर ठगी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दें।