ऑपरेशन क्लीन हंट” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी, महज 6 दिनों में 217 फरार वारंटी गिरफ्तार; कानून से बचने वालों पर कसा शिकंजा, एसएसपी बोले—अभियान आगे भी रहेगा जारी
रायगढ़, 21 जून। जिले में फरार आरोपियों और न्यायालय से जारी वारंटियों की धरपकड़ के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 15 जून से 20 जून तक चलाए गए अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से कुल 217 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इनमें 56 स्थायी वारंट तथा 161 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिलेभर के थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों को विशेष निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान थाना जूटमिल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक 31 वारंटों की तामिली की। जूटमिल पुलिस ने 18 गिरफ्तारी वारंट और 13 स्थायी वारंटों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया। वहीं थाना छाल की टीम ने 25 वारंटों की तामिली कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जिसमें 18 गिरफ्तारी वारंट और 7 स्थायी वारंट शामिल हैं।
इसके अलावा थाना धरमजयगढ़ ने 15, लैलूंगा और खरसिया ने 14-14, कोतवाली और भूपदेवपुर ने 11-11, चक्रधरनगर और कोतरारोड़ ने 10-10 गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की। चौकी खरसिया ने 9, पूंजीपथरा और तमनार ने 8-8, कापू ने 6, घरघोड़ा ने 5 तथा पुसौर ने 4 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया।
स्थायी वारंटों की तामिली में भी कई थाना क्षेत्रों ने उल्लेखनीय कार्य किया। थाना चक्रधरनगर ने 7, कोतवाली ने 6, घरघोड़ा, कापू और तमनार ने 3-3 तथा धरमजयगढ़, भूपदेवपुर और पुसौर ने 2-2 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामिली और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के माध्यम से कानून से बचने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों की लगातार पहचान कर गिरफ्तारी की जा रही है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और फरार आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार हो रही धरपकड़ से फरार आरोपियों में हड़कंप का माहौल है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा और कानून के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।