ताजा खबरें

बड़ी खबर

शादी का झांसा देकर एक साल तक करता रहा शोषण, फिर युवती का अपहरण कर रायगढ़ से ओडिशा ले गया आरोपी; दुष्कर्म, धमकी और एससी-एसटी एक्ट के गंभीर मामले में पुलिस ने दबोचा

रायगढ़। विशेष वर्ग की 19 वर्षीय युवती को प्रेम और विवाह का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने, जबरन अपहरण कर रायगढ़ एवं ओडिशा ले जाने तथा लगातार धमकी देने वाले आरोपी युवक को घरघोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को महिला एवं विशेष वर्ग के विरुद्ध अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त नीति का हिस्सा माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पुसल्दा निवासी 20 वर्षीय ललित लोहार उर्फ ललित अगरिया ने युवती को प्रेम और शादी का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाया तथा विरोध करने पर जान से मारने और जबरन उठा ले जाने की धमकी देता रहा। आरोप है कि 11 मई की रात वह युवती को उसके घर से जबरन मोटरसाइकिल में बैठाकर रायगढ़ ले गया और बाद में ओडिशा में अपने रिश्तेदारों के यहां भी रखा, जहां उसने युवती को अपनी पत्नी बताकर परिचय कराया। परिजनों की सूचना पर युवती वापस घर लौटी और लगातार मिल रही धमकियों के बीच साहस जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोपी के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म, धमकी एवं एससी-एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ीं। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और विशेष वर्ग के लोगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर रायगढ़ police की जीरो टॉलरेंस नीति है तथा ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image