ताजा खबरें


बड़ी खबर

राज्यपाल श्री रमेन डेका आज रायगढ़ प्रवास पर ,जिला एवं विकासखंड स्तरीय चर्चा में होंगे शामिल, कल ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में करेंगे शिरकत

रायगढ़, 31 जुलाई 2026।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका दो दिवसीय प्रवास पर आज रायगढ़ पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शुक्रवार को रायपुर से सड़क मार्ग द्वारा रायगढ़ आएंगे। रायगढ़ प्रवास के दौरान वे जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण चर्चा बैठक में शामिल होकर विभिन्न विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके पश्चात राज्यपाल रात्रि विश्राम रायगढ़ में करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल श्री डेका प्रातः 9:30 बजे लोक भवन, रायपुर से प्रस्थान करेंगे। दोपहर में रायगढ़ पहुंचने के उपरांत विश्राम के बाद अपराह्न 4 बजे कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन कक्ष में आयोजित जिला एवं विकासखंड स्तरीय चर्चा बैठक में शामिल होंगे। समीक्षा बैठक के पश्चात वे पतरापाली स्थित जिंदल स्टील गेस्ट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है।

राज्यपाल श्री रमेन डेका एक अगस्त, शनिवार को प्रातः 11 बजे जिंदल स्टील गेस्ट हाउस से ओपी जिंदल विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां वे विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगे तथा उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देंगे। समारोह के बाद वे दोपहर में रायगढ़ से सड़क मार्ग द्वारा रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

और भी

VSK ऐप की तकनीकी खामियों पर शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान: 15 अगस्त तक होगा समाधान, किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा; 85% शिक्षक रोज दर्ज कर रहे ऑनलाइन उपस्थिति

रायगढ़, 30 जुलाई 2026।स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि शिक्षक संगठनों एवं शिक्षकों द्वारा VSK ऐप में आ रही तकनीकी त्रुटियों एवं एरर संबंधी शिकायतों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि VSK ऐप में आने वाली तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। शिक्षकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।श्री यादव ने बताया कि संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी टीम को VSK ऐप में आ रही सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। लक्ष्य निर्धारित किया गया है कि 15 अगस्त तक ऐप में आ रही तकनीकी खामियों का समाधान कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाया जाए, ताकि शिक्षकों को बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की सुविधा मिल सके।शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से लगभग डेढ़ लाख शिक्षक लगभग 85 प्रतिशत शिक्षक प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह दर्शाता है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक केवल शिक्षण कार्य ही नहीं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार उनके इस सहयोग, अनुशासन और समर्पण का सम्मान करती है। शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर VSK ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी एवं प्रभावी बनाया जाएगा।श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई आती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा।उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की भांति VSK ऐप का उपयोग करते रहें तथा यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव हो तो उसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुँचाएँ। सरकार प्रत्येक सुझाव का सकारात्मक परीक्षण कर आवश्यक सुधार करेगी, ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बन सके।

और भी

रायगढ़ के विकास कार्यों पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई! मरीन ड्राइव से कयाघाट पुल तक किया औचक निरीक्षण, गोगा नाला, प्यासा मैदान और शतरंज क्लब को लेकर दिए सख्त निर्देश

रायगढ़, 30 जुलाई 2026/ शहर के प्रमुख विकास कार्यों को गति देने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज मरीन ड्राइव, कयाघाट पुल, गोगा नाला, नटवर स्कूल तथा प्यासा मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान बाढ़ सुरक्षा, शहरी अधोसंरचना, खेल सुविधाओं तथा जनसुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
            कलेक्टर ने मरीन ड्राइव एवं कयाघाट पुल में निर्माण कार्यों की प्रगति, आवागमन की वर्तमान स्थिति तथा नागरिक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण हों तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गोगा नाला का निरीक्षण कर प्रस्तावित पुल निर्माण एवं नाला विस्तारीकरण परियोजना की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद वर्षा ऋतु में जल निकासी व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, शहर में जलभराव की समस्या कम होगी तथा बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने में भी मदद मिलेगी। 
             कलेक्टर ने परियोजना के तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्यासा मैदान का भी निरीक्षण किया। यहां मैदान को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं बहुउद्देशीय खेल परिसर के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रस्तावित कार्यों में मैदान का समतलीकरण, विभिन्न खेल गतिविधियों के अनुरूप अधोसंरचना का विकास, खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का निर्माण तथा नागरिकों के लिए बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना शामिल है। 

*नटवर स्कूल में बन रहे शतरंज क्लब का किया अवलोकन*

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नटवर स्कूल परिसर में निर्माणाधीन शतरंज क्लब का भी अवलोकन किया। उन्होंने उपलब्ध अधोसंरचना, परिसर विकास तथा प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने तथा आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।

*गुणवत्ता और पारदर्शिता से करें विकास कार्य*

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्यों की सतत समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लेकर परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को शीघ्र बेहतर अधोसंरचना एवं सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अभियंता श्री अमरेश लोहिया, हाउसिंग बोर्ड, एसईसीएल तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं तकनीकी अमला उपस्थित रहा।

और भी

"शिक्षा ही बदलती है किस्मत और समाज की तस्वीर": वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शाला प्रवेशोत्सव से दिया बड़ा संदेश, 50 लाख के शिक्षा कार्यालय भवन का भूमिपूजन, 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

रायगढ़, 30 जुलाई 2026/ जिले के नगर पंचायत पुसौर में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में गुरुवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव-2026 उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री तथा रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भवन के लिए भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा शिक्षा को उत्सव का स्वरूप देते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। 
         इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी, जिला पंचायत सदस्य श्री ब्रजेश गुप्ता, श्रीमती भाग्यवती डोलनारायण नायक, श्रीमती लक्ष्मी जीवन पटेल, नगर पंचायत पुसौर उपाध्यक्ष श्री उमेश साव, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पुसौर श्रीमती खीरमती चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री विकास केडिया, श्री जैमिनी गुप्ता, श्री अनुपम पाल, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू, एसडीएम श्री महेश शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक एवं अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
             कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के पूजन-अर्चन तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी बच्चे के विद्यालय में प्रवेश के साथ ही उसके सपनों को नई उड़ान मिलती है। शिक्षा वह शक्ति है जो व्यक्ति का ही नहीं, पूरे समाज का भविष्य बदल सकती है। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद लक्ष्य और योजनाबद्ध तैयारी से उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा तक का सफर तय किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसी के अनुरूप मेहनत करें। केवल पढ़ाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी तय होना चाहिए कि जीवन में क्या बनना है। उन्होंने कहा कि आज हमारे प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के अनेक शैक्षणिक संस्थान और अवसर उपलब्ध हैं, जिनकी जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। यदि कोई विद्यार्थी राष्ट्रीय संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करता है तो उसे हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को आईएएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली भेज रही है, जहां रहने और पढ़ाई का खर्च सरकार वहन करती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा के सामने गरीबी कभी बाधा नहीं बन सकती।
            वित्तमंत्री श्री चौधरी ने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जिन शिक्षकों के बच्चे सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत हैं, उनका मंच से सम्मान भी किया गया। उन्होंने प्राचार्यों और शिक्षकों से आह्वान किया कि वे ऐसे उत्कृष्ट विद्यालय विकसित करें, जहां अपने बच्चों का प्रवेश दिलाने के लिए लोग स्वयं आग्रह करें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पुसौर में भी नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर बनाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

*स्कूल जाना बच्चों के लिए त्योहार जैसा अनुभव बने: कलेक्टर*

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य केवल नए विद्यार्थियों का प्रवेश कराना नहीं, बल्कि विद्यालय आने को बच्चों के लिए उत्सव जैसा अनुभव बनाना है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि घर में बच्चों के लिए पढ़ाई का एक विशेष कोना तैयार करें, जहां पुस्तकें और बस्ता व्यवस्थित रखें, ताकि बच्चों में अध्ययन के प्रति आत्मीयता विकसित हो। अभिभावक प्रतिदिन बच्चों से यह अवश्य पूछें कि आज विद्यालय में क्या नया सीखा। कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि कोई भी बच्चा पढ़ाई बीच में न छोड़े। पाठ्यक्रम की पुस्तकों के अतिरिक्त प्रत्येक विद्यार्थी को वर्ष में कम से कम दो अतिरिक्त पुस्तकें-जैसे महापुरुषों की जीवनी, प्रेरक साहित्य अथवा कहानी संग्रह-पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उनमें व्यापक दृष्टिकोण विकसित हो। जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक विद्यार्थी उत्साहपूर्वक विद्यालय से जुड़े।

*मेधावी, दिव्यांग छात्रा और सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान*

कार्यक्रम में कक्षा 10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले क्षेत्र के 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पूर्णतः दृष्टिबाधित छात्रा कामिनी यादव को 86 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। स्कूली छात्राओं को सायकल और नवप्रवेशी बच्चों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में न्योता भोज का भी आयोजन किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी ने शाला प्रवेशोत्सव को जनउत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

और भी

रायगढ़ में बैंकिंग क्रांति की नई शुरुआत! वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इंडियन ओवरसीज बैंक की आधुनिक शाखा का किया लोकार्पण, व्यापार, उद्योग, किसानों, महिलाओं और युवाओं को मिलेगा वित्तीय सशक्तिकरण का बड़ा तोहफा

रायगढ़ 30 जुलाई 2026। शहर के चैतन्य नगर स्थित कृष्णा क्राउन कॉम्प्लेक्स में इंडियन ओवरसीज बैंक की नवीन शाखा का लोकार्पण गुरुवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर बैंक की नई शाखा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है।
कार्यक्रम में इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक (रायपुर) श्री गौरी शंकर नायक,सहित जनप्रतिनिधियों, बैंक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट के साथ हुआ। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने अतिथियों को शाखा में उपलब्ध आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं तथा विभिन्न ग्राहक हितैषी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
नई शाखा में बचत एवं चालू खाते खोलने की सुविधा के साथ इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, एटीएम सेवा, डिजिटल बैंकिंग, कृषि एवं व्यवसायिक ऋण सहित अनेक आधुनिक वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुगम बैंकिंग सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त हो सकेंगी।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रत्येक नागरिक तक सुरक्षित, पारदर्शी और सुलभ बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बैंक की नई शाखा खुलने से स्थानीय व्यापारियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं उद्यमियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री गौरी शंकर नायक ने कहा कि बैंक आधुनिक तकनीक आधारित सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर, तेज और भरोसेमंद बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रायगढ़ की यह नई शाखा ग्राहकों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी और क्षेत्र में बैंक की सेवाओं को नई पहचान दिलाएगी।
समारोह में नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य श्री मुक्तिनाथ, श्री पवन अग्रवाल,  इंडियन ओवरसीज बैंक के राज्य विपणन प्रमुख एवं आईटी उत्पाद के वरिष्ठ प्रबंधक श्री बृजेश सिंह गौतम, रायगढ़ शाखा प्रबंधक श्री प्रताप कुमार प्रधान, सहायक प्रबंधक श्री जयराम दोराई, लिपिक श्री संजय डे सहित बैंक के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने इंडियन ओवरसीज बैंक की नवीन शाखा के शुभारंभ पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह शाखा रायगढ़ में वित्तीय सेवाओं के विस्तार, डिजिटल बैंकिंग को प्रोत्साहन, स्थानीय व्यापार एवं उद्योग को मजबूती तथा आम नागरिकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

और भी

गुरु पूर्णिमा पर बनोरा अघोर गुरु पीठ पहुंचे सीएम विष्णु देव साय, बाबा प्रियदर्शी राम से लिया आशीर्वाद, कैलाशपति धाम में किया जलाभिषेक

रायगढ़, 29 जुलाई 2026/ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां श्रद्धा और आस्था के साथ अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के भी दर्शन किए और उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
          इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री गुरुपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री विवेक रंजन सिंह एवं श्री पवन शर्मा, आईजी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

*तीन दशक पहले रखी गई थी बनोरा अघोर गुरु पीठ की नींव*

रायगढ़ जिले के पूर्वांचल में स्थित ग्राम बनोरा आज आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ मानव सेवा और समाज कल्याण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। छत्तीसगढ़ में अघोर पंथ के बीजारोपण और उसके विस्तार में बनोरा अघोर गुरु पीठ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। करीब तीन दशक पहले पूज्य अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के कर कमलों से ग्राम बनोरा में अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की नींव रखी गई थी।
          स्थापना के बाद से ही यह ट्रस्ट आध्यात्मिक मूल्यों, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक संस्कारों को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। अघोरेश्वर महाप्रभु ने समाज के विकास और मानव कल्याण की व्यापक अवधारणाओं को आगे बढ़ाया। उनकी इसी विचारधारा को बाबा प्रियदर्शी राम जी ने आगे बढ़ाते हुए बनोरा को सेवा, साधना और संस्कारों का केंद्र बनाया। बनोरा से शुरू हुई यह सेवा परंपरा धीरे-धीरे देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची। बाबा प्रियदर्शी राम जी के मार्गदर्शन में बनोरा से जुड़ी विभिन्न शाखाओं एवं अन्य प्रांतों में भी मानव सेवा की गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।

*शिक्षा, चिकित्सा और सेवा के माध्यम से समाज कल्याण में अहम योगदान*

अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा और इससे जुड़ी शाखाएं आध्यात्मिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर मानव सेवा को अपनी कार्यप्रणाली का प्रमुख आधार बनाए हुए हैं। आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद, बेसहारा और वंचित लोगों की सहायता के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाती हैं। शिक्षा, चिकित्सा और आध्यात्मिक संस्कारों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सहयोग देने का कार्य लगातार किया जा रहा है। ट्रस्ट से जुड़ी संस्थाएं लोगों को जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं से जोड़ने के साथ ही मानवीय मूल्यों, सेवा भावना और संस्कारों के विकास में भी योगदान दे रही हैं। जरूरतमंदों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

 *कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री साय*

बनोरा स्थित अघोर गुरु आश्रम से लौटते समय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय रायगढ़ के पंडरीपानी स्थित कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय स्वागत किया।

और भी

सावन की पूर्व संध्या पर कैलाशपति धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भगवान मनकामेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मांगी कामना

रायगढ़, 29 जुलाई 2026/ सावन माह के पावन आगमन की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम-पंडरीपानी स्थित प्रसिद्ध कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान मनकामेश्वर महादेव के दर्शन कर शिवलिंग पर जल अर्पित किया और जलाभिषेक करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी उपस्थित थे। 
            मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान शिव से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और विकास के साथ प्रदेश के सभी नागरिकों के स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने प्रदेश में शांति, सौहार्द और समृद्धि बनी रहने तथा जन-जन के जीवन में सुख-समृद्धि आने की प्रार्थना की। सावन माह के प्रारंभ होने से पहले भगवान शिव की आराधना के इस अवसर पर मंदिर परिसर में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
              इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री गुरुपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री विवेक रंजन सिंह एवं श्री पवन शर्मा, आईजी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

*भगवान शिव के दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह*

मुख्यमंत्री के कैलाशपति धाम पहुंचने पर मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सावन माह की शुरुआत से पहले भगवान मनकामेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर में भक्तिमय माहौल बना रहा। मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सावन माह भगवान शिव की उपासना के लिए विशेष महत्व रखता है।

और भी

गुरु पूर्णिमा पर सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भोलेनाथ की पूजा कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

रायगढ़, 29 जुलाई 2026/ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मौके पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी उपस्थित रहे।
         मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा श्रद्धा, आस्था और मार्गदर्शन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। गुरुजनों का आशीर्वाद जीवन को सही दिशा देने के साथ आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम लोगों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को आत्मबल और शांति प्रदान करती है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इस पवित्र धाम में आकर पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य का अवसर है।
          मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। 
            इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री गुरुपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री विवेक रंजन सिंह एवं श्री पवन शर्मा, आईजी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

और भी

गुरु भक्ति और सादगी की मिसाल: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने श्रद्धालुओं संग पंगत में बैठकर ग्रहण किया भंडारा प्रसाद

रायगढ़, 29 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ जिले के बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय पहुंचकर गुरु के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किए। इस दौरान उन्होंने अपनी सादगी और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आस्था का परिचय देते हुए गुरु दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ पंगत में बैठकर भंडारा प्रसाद ग्रहण किया। मौके पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी भी उपस्थित थे। 
          मुख्यमंत्री का यह आत्मीय और सहज व्यवहार उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के साथ समान भाव से बैठकर प्रसाद ग्रहण कर सामाजिक समरसता, सेवा और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के मूल्यों को सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री गुरुपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री विवेक रंजन सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

और भी

लकवाग्रस्त किसान भी जुड़ा एग्रीस्टैक से, समिति ने घर पहुंचकर कराया पंजीयन,खम्हार समिति की पहल से योजनाओं का लाभ लेने की राह हुई आसान

रायगढ़, 29 जुलाई 2026/ कृषि सेवाओं के डिजिटलीकरण और किसानों को एकीकृत डिजिटल पहचान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में एग्रीस्टैक किसान पंजीयन अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे। इसी कड़ी में धरमजयगढ़ विकासखंड की खम्हार सहकारी समिति ने लकवाग्रस्त किसान घुरसाय के घर पहुंचकर उनका एग्रीस्टैक किसान पंजीयन कराया। समिति की इस पहल से किसान भविष्य में धान उपार्जन सहित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने से वंचित नहीं रहेंगे।
            शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक पात्र किसान की व्यक्तिगत एग्रीस्टैक किसान आईडी बनाई जा रही है। धान उपार्जन, फसल बीमा, कृषि ऋण, अनुदान, सब्सिडी तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए यह पंजीयन आवश्यक किया गया है। जिन खातों में एक से अधिक हिस्सेदार किसान दर्ज हैं, उन सभी का अलग-अलग एग्रीस्टैक पंजीयन कराया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर जिले की सभी सहकारी समितियों को यह सुनिश्चित करने कहा गया है कि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे। इसके लिए समितियां ग्राम कोटवारों के माध्यम से मुनादी, विभिन्न संचार माध्यमों से किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ ऐसे किसानों तक भी पहुंच रही हैं, जो बीमारी, वृद्धावस्था या शारीरिक असमर्थता के कारण समिति कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं।
            इसी अभियान के दौरान ग्राम चाल्हा निवासी किसान घुरसाय के लकवाग्रस्त होने की जानकारी खम्हार सहकारी समिति को मिली। किसान स्वयं समिति कार्यालय आने में असमर्थ थे। जानकारी मिलते ही समिति प्रबंधक दया पटेल ने कर्मचारियों के साथ उनके घर पहुंचकर किसान को सुरक्षित समिति कार्यालय लाने की व्यवस्था की। आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर उनका एग्रीस्टैक किसान पंजीयन पूर्ण कराया गया। समिति प्रबंधक दया पटेल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक पात्र किसान का पंजीयन सुनिश्चित किया जा रहा है। यदि कोई किसान बीमारी, वृद्धावस्था अथवा अन्य कारणों से समिति तक नहीं पहुंच सकता, तो समिति की टीम स्वयं उसके पास पहुंचकर पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
            जिला प्रशासन ने सभी पात्र किसानों से समय-सीमा के भीतर आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में धान उपार्जन सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके। खम्हार सहकारी समिति की यह पहल दर्शाती है कि एग्रीस्टैक अभियान केवल पंजीयन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र किसान तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना भी है।

और भी

महिला उद्यमियों को मिलेगा डिजिटल ऋण आवेदन का लाभ, बिहान मिशन ने दिया ऑनलाइन प्रक्रिया का प्रशिक्षण

रायगढ़, 29 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) जिला इकाई, जिला पंचायत रायगढ़ द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों को व्यक्तिगत उद्यम ऋण सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से ऑनलाइन ऋण आवेदन प्रक्रिया पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंचायत प्रशिक्षण केंद्र रायगढ़ में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के सातों जनपद पंचायतों के वित्त सखी एवं एफएलसीआरपी ने भाग लिया। दो बैचों में आयोजित प्रशिक्षण के प्रथम चरण में 22 से 24 जुलाई तक जनपद पंचायत धरमजयगढ़, लैलूंगा, पुसौर एवं रायगढ़ के प्रतिभागी शामिल हुए। वहीं द्वितीय चरण में 27 से 29 जुलाई तक खरसिया, तमनार एवं घरघोड़ा जनपद पंचायतों के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया। दोनों बैचों में लगभग 100 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन व्यक्तिगत उद्यम ऋण आवेदन की प्रक्रिया, दस्तावेजों की पूर्ति एवं डिजिटल माध्यम से ऋण आवेदन करने की तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
            बिहान योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंकों के माध्यम से व्यक्तिगत उद्यम ऋण (इंटरप्राइज फाइनेंस) उपलब्ध कराया जाता है। इसके तहत पात्र महिला उद्यमियों को एक लाख रुपये से पांच लाख रुपये तक का ऋण उचित ब्याज दर पर प्रदान किया जाता है। इस ऋण का उपयोग महिलाएं पशुपालन, किराना दुकान, फैंसी श्रृंगार दुकान, ब्यूटी पार्लर सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार में कर रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान पीआरपी एवं एफएलसीआरपी को ऑनलाइन ऋण आवेदन भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कम समय में अधिक से अधिक ऋण आवेदन ऑनलाइन माध्यम से जमा कराना, बैंक जाने की प्रक्रिया को सरल बनाना तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को डिजिटल वित्तीय सेवाओं से जोड़ना रहा।
           जिले में बिहान योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश निधि, बैंक क्रेडिट लिंकेज सहित विभिन्न माध्यमों से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आय अर्जित कर रही हैं और आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायगढ़ श्री अभिजीत बबन पठारे के निर्देशानुसार जिले में बिहान योजना अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में वित्तीय समावेशन के तहत महिला उद्यमियों को ऋण सुविधा का लाभ सरल एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराने के लिए यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
        प्रशिक्षण के दौरान सातों जनपद पंचायतों के माध्यम से लगभग 80 से 90 ऑनलाइन ऋण आवेदनों की प्रक्रिया वित्त सखी एवं एफएलसीआरपी द्वारा पूरी की गई। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत रायगढ़ के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीलाराम पटेल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला बिहान प्रभारी श्री महेश पटेल तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री अवीक बासु विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं महिला उद्यमियों तक ऋण सुविधा पहुंचाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

और भी

शराब के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक पर जानलेवा हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत खरसिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 29 जुलाई। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत खरसिया पुलिस ने शराब के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक और उसके साथियों पर हमला करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गैर-जमानती धाराओं में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम छोटे मुड़पार निवासी विनोद रायल (32 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जनवरी 2026 की रात वह अपने मित्र रोहन जांगड़े को मौहापाली छोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार फैज खान, अमनप्रीत, करतार और फरीद ने उनकी कार रुकवाई और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों व लात-घूंसों से हमला कर दिया।

हमले के दौरान आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद ने लोहे के कड़े जैसे कठोर औजार से विनोद रायल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे रोहन जांगड़े और कुंज किशोर पटेल भी हमले में घायल हो गए। सभी घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

घटना के बाद पुलिस चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 119(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। वारदात के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गए थे।

चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 28 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिलने पर एएसआई मनोज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर फैजान अहमद उर्फ फैज खान (25 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती, खरसिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर मारपीट में प्रयुक्त लोहे का कड़ा भी बरामद कर जब्त कर लिया गया।

गैर-जमानती धाराओं में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं घटना में शामिल फरार आरोपी करतार और फरीद की गिरफ्तारी के लिए खरसिया पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।

और भी

ऑपरेशन क्लीन हंट का बड़ा असर: महीनों से फरार गांजा तस्कर चन्द्रमणी यादव गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल i20 कार भी जब्त

रायगढ़। जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे गांजा तस्कर चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई i20 कार (क्रमांक CG13BH5917) भी जब्त कर ली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पूंजीपथरा पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपी के गांव आने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

23 अप्रैल को दो तस्कर गिरफ्तार, तीसरा आरोपी कार लेकर भाग निकला था

पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में ग्राम तुमीडीह महुआ चौक, पठान कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान i20 कार में सवार खिरोधर यादव और पुरुषोत्तम यादव को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। हालांकि तीसरा आरोपी चन्द्रमणी यादव पुलिस को चकमा देकर कार सहित मौके से फरार हो गया था।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.728 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹24,500, तथा गांजा बिक्री से प्राप्त ₹5,000 नकद जब्त किए थे। कुल ₹29,500 की जब्ती कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

साथी की निशानदेही और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस

मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम यादव ने पूछताछ में खुलासा किया कि फरार व्यक्ति चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव ही था, जो गांजा बेचने के उद्देश्य से उनके साथ आया था और पुलिस कार्रवाई के दौरान भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाकर उसकी घटनास्थल पर मौजूदगी प्रमाणित की तथा लगातार उसकी तलाश जारी रखी।

आखिरकार "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत मिली सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद तस्करी में प्रयुक्त i20 कार भी जब्त कर ली गई।

पूंजीपथरा पुलिस की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा तथा पूंजीपथरा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

एसएसपी का स्पष्ट संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि "ऑपरेशन क्लीन हंट केवल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का अभियान नहीं, बल्कि अपराधियों को यह संदेश है कि कानून से भागकर कोई भी बच नहीं सकता। नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार और सख्त रूप से जारी रहेगी।"

और भी

विश्व हेपेटाइटिस दिवस: स्वास्थ्य विभाग का जागरूकता अभियान, नर्सिंग छात्राओं का हुआ हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण

रायगढ़, 28 जुलाई 2026/ विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय रायगढ़ के सभाकक्ष में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हेपेटाइटिस की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार और टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नर्सिंग अंतिम वर्ष की छात्राओं का हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने की। इस वर्ष विश्व हेपेटाइटिस दिवस की थीम हेपेटाइटिस: आइए इसे खत्म करें के अनुरूप लोगों को जागरूक करते हुए विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर जांच, सुरक्षित व्यवहार और टीकाकरण से हेपेटाइटिस संक्रमण को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।
          मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने कहा कि बरसात के मौसम में दूषित भोजन और पानी के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने नागरिकों से फल एवं सब्जियों को अच्छी तरह धोकर उपयोग करने, स्वच्छ पानी पीने, भोजन को अच्छी तरह पकाकर खाने तथा खुले एवं दूषित खाद्य पदार्थों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाना और सुरक्षित जीवनशैली संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। विशेषज्ञों ने बताया कि हेपेटाइटिस-बी के प्रमुख लक्षणों में बुखार, त्वचा पर चकत्ते, भूख कम लगना, अत्यधिक थकान, जोड़ों में दर्द एवं अवसाद शामिल हैं, जबकि हेपेटाइटिस-सी में लगातार थकान, अनिद्रा, पैरों में सूजन, त्वचा में खुजली तथा गहरे रंग का मूत्र जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
           कार्यक्रम में हेपेटाइटिस से बचाव के लिए सुरक्षित रक्त का उपयोग, एक बार उपयोग होने वाले रेजर ब्लेड एवं इंजेक्शन का प्रयोग, व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुएं साझा नहीं करने, असुरक्षित यौन संबंधों से बचने तथा घावों को सुरक्षित ढंककर रखने की सलाह दी गई। साथ ही नवजात शिशुओं को जन्म के बाद निर्धारित समय में हेपेटाइटिस-बी का टीका लगाने, सभी गर्भवती महिलाओं की हेपेटाइटिस-बी जांच कराने तथा संक्रमित माता से जन्म लेने वाले शिशुओं को आवश्यक इम्यूनोग्लोब्युलिन एवं टीकाकरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
          कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, एएनएम, मितानिनों एवं शहरी स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मियों को हेपेटाइटिस के साथ-साथ मौसमी बीमारियों की रोकथाम, उपचार और जनजागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में भी विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं, जहां ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों को हेपेटाइटिस से बचाव, स्वच्छता, सुरक्षित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल, जिला नोडल अधिकारी डॉ. टी.जी. कुलवेदी, डॉ. जाविद मारीकर, डॉ. सुमीत कुमार शैलेन्द्र मंडल, डॉ. अविनाश चंद्रा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा तथा जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. कल्याणी पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

स्मार्ट मीटर बना उपभोक्ताओं का भरोसेमंद साथी,सटीक रीडिंग, पारदर्शी बिल...स्मार्ट मीटर से बदला बिजली सेवाओं का अनुभव

रायगढ़, 28 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में बिजली सेवाओं को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में स्मार्ट मीटर योजना प्रभावी साबित हो रही है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली की सटीक रीडिंग के साथ रियल टाइम में खपत की जानकारी मिल रही है। रायगढ़ निवासी मोहन सोनी का कहना है कि वे स्वयं भी अपनी बिजली खपत पर आसानी से नजर रख पा रहे हैं। मोहन सोनी ने बताया कि उनके घर में स्मार्ट मीटर स्थापित होने के बाद बिजली की रीडिंग पूरी तरह सटीक मिल रही है। जितनी बिजली की खपत होती है, उसका रिकॉर्ड स्वतः दर्ज हो जाता है, जिससे बिलिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनी है। उन्होंने बताया कि मोर बिजली मोबाइल एप के माध्यम से भी वे कभी भी अपने मोबाइल पर बिजली की खपत और मीटर की रीडिंग देख सकते हैं। इससे बिजली उपयोग पर नियमित निगरानी रखना आसान हो गया है और आवश्यकता के अनुसार बिजली की खपत को नियंत्रित करने में भी सुविधा मिल रही है।
          मोहन सोनी ने कहा कि यह सुविधा उपभोक्ताओं के हित में है। इससे बिजली की सटीक रीडिंग, पारदर्शी बिलिंग और खपत की वास्तविक जानकारी सहज रूप से उपलब्ध होती है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा छत्तीसगढ़ शासन और विद्युत विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। स्मार्ट मीटर व्यवस्था से बिजली वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ने के साथ-साथ उपभोक्ताओं का भरोसा भी मजबूत हो रहा है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से बिजली सेवाओं को सरल, सुलभ और जवाबदेह बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

और भी

सिर्फ दो दिन बाकी: 31 जुलाई तक कराएं फसल बीमा, प्राकृतिक आपदाओं से मिलेगा आर्थिक सुरक्षा कवच

रायगढ़, 28 जुलाई 2026/खरीफ मौसम 2026 में फसलों को प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य जोखिमों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए किसान 31 जुलाई तक अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं। योजना के अंतर्गत जिले के किसान धान (सिंचित एवं असिंचित), मक्का, उड़द, मूंगफली, मसूर, अरहर तथा रागी जैसी अधिसूचित फसलों का बीमा कराकर संभावित प्राकृतिक एवं उत्पादन संबंधी जोखिमों से आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकेंगे। 
          प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बुवाई एवं रोपण जोखिम, स्थानीयकृत प्राकृतिक आपदाओं, प्रतिकूल मौसम तथा फसल कटाई के बाद निर्धारित अवधि में होने वाले नुकसान से उत्पन्न आर्थिक जोखिमों के विरुद्ध सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य किसानों की आय को सुरक्षित रखना तथा कृषि क्षेत्र में जोखिम कम करना है। यह योजना ऋणी एवं अऋणी दोनों श्रेणी के किसानों के लिए उपलब्ध है। अऋणी किसान अपने निकटतम बैंक, वित्तीय संस्था अथवा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से बीमा प्रस्ताव पंजीकृत करा सकते हैं, जबकि ऋणी किसानों का बीमा संबंधित बैंक के माध्यम से किया जाएगा। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद किसी भी बीमा प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया जाएगा। योजना के अंतर्गत किसानों को कुल बीमित राशि का मात्र 2 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। धान (सिंचित) के लिए किसान अंश 1,210 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा धान (असिंचित) के लिए 946 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। उप संचालक कृषि ने सभी किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपनी फसलों का बीमा कराकर योजना का लाभ उठाएं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान अपने निकटतम कृषि विभाग कार्यालय अथवा संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

*आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज*

बीमा पंजीकरण के लिए किसानों को आधार कार्ड, नवीनतम भूमि अभिलेख, बैंक पासबुक की प्रति, फसल बुवाई प्रमाण-पत्र अथवा प्रस्तावित फसल बोने का स्वघोषणा पत्र, मोबाइल नंबर तथा बटाईदार किसानों की स्थिति में वैध सहमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

और भी

तीन माह में स्मार्ट बनेंगे रायगढ़ के सभी राजस्व कार्यालय, सेवाएं होंगी तेज और पारदर्शी कलेक्टर के निर्देश पर शुरू हुई बड़ी पहल

रायगढ़, 28 जुलाई 2026/ जिले में राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
           बैठक में अपर कलेक्टर श्री रवि राही ने कहा कि जिले के सभी तहसील कार्यालयों को आगामी तीन माह के भीतर स्मार्ट राजस्व कार्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को अधिक सुगम, पारदर्शी और त्वरित राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट कार्यालय केवल भवनों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि सेवा वितरण प्रणाली को भी अधिक व्यवस्थित और नागरिक हितैषी बनाया जाएगा।

*आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगे कार्यालय*

स्मार्ट कार्यालयों में रंग-रोगन, साफ-सफाई, सुव्यवस्थित साइन बोर्ड, एलईडी डिस्प्ले, पेयजल, प्रतीक्षालय, छायादार व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही कार्यालय परिसर को व्यवस्थित एवं सुगम बनाते हुए आमजनों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा।

*सेवा वितरण होगा अधिक सरल और पारदर्शी*

अपर कलेक्टर श्री रवि राही ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यालय में सेवा वितरण की स्पष्ट कार्यप्रणाली विकसित की जाए। आम नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न राजस्व सेवाओं की प्रक्रिया का स्टैंडर्ड फॉर्मेट तैयार किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो तथा निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कार्यालयीन कर्मचारियों के क्षमता विकास के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

*राजस्व प्रकरणों की हुई विस्तृत समीक्षा*

बैठक में डिजिटल किसान किताब, स्वामित्व योजना, ऑनलाइन डायवर्जन, नगरीय निकाय क्षेत्र की सेवा भूमि, अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई, नक्शा बटांकन, डिजिटल हस्ताक्षर, राजस्व अभिलेख अद्यतीकरण, ग्राम पंचायत स्तर पर लंबित नामांतरण, खाता विभाजन तथा ई-कोर्ट सहित विभिन्न राजस्व विषयों की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

और भी

1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज: सड़क हादसे के पीड़ितों के लिए जीवनरक्षक बनी पीएम-राहत योजना, रायगढ़ प्रशासन ने तेज किए जागरूकता अभियान के निर्देश

रायगढ़, 28 जुलाई 2026/ सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर बहुमूल्य जीवन बचाने के उद्देश्य से भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा संचालित पीएम-राहत (प्रधानमंत्री राहत) नकदरहित (कैशलेस) उपचार योजना का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में इस योजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर आमजन को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
           कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद समय पर उपचार ही किसी घायल व्यक्ति का जीवन बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस योजना की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने परिवहन, स्वास्थ्य, पुलिस सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में कोई भी पात्र व्यक्ति इस महत्वपूर्ण सुविधा से वंचित न रहे। बैठक में कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिल्पा भगत एवं जिला परिवहन अधिकारी श्री गौरव साहू को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजागरूकता गतिविधियों के संचालन तथा विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ योजना की जानकारी गांव-गांव एवं शहरों तक पहुंचाई जाए।

*पात्र मामलों में 1.5 लाख रुपये तक का नकदरहित (कैशलेस) उपचार*

बैठक में बताया गया कि पीएम-राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल पात्र व्यक्तियों को अधिकतम 1.5 लाख रुपए तक का नकदरहित (कैशलेस) उपचार उपलब्ध कराया जाता है। दुर्घटना के बाद अधिकतम सात दिनों तक उपचार का व्यय निर्धारित सीमा तक सरकार द्वारा वहन किया जाता है। योजना का लाभ शासकीय अस्पतालों के साथ-साथ अधिकृत निजी अस्पतालों में भी उपलब्ध है। इससे आर्थिक तंगी के कारण उपचार में होने वाली देरी को रोका जा सकेगा तथा पीड़ितों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

*स्वर्णिम घंटा (गोल्डन ऑवर) में उपचार से बच सकती है जान*

सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा, जिसे स्वर्णिम घंटा (गोल्डन ऑवर) कहा जाता है, जीवन बचाने की दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इस अवधि में घायल व्यक्ति को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर उपचार प्रारंभ कर देने से मृत्यु एवं गंभीर जटिलताओं की संभावना काफी कम हो जाती है। पीएम-राहत योजना का प्रमुख उद्देश्य भी यही है कि किसी भी सड़क दुर्घटना पीड़ित का उपचार धन के अभाव में प्रभावित न हो तथा उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

*उपचार के लिए प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) आवश्यक नहीं*

योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ित का उपचार प्रारंभ करने के लिए प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज होना अनिवार्य नहीं है। अस्पताल तत्काल उपचार प्रारंभ करेंगे। वहीं, केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार दुर्घटना पीड़ित की सहायता करने वाले व्यक्ति (गुड सेमेरिटन/सद्भावी नागरिक) से पुलिस अनावश्यक पूछताछ नहीं करेगी। इससे लोग बिना किसी भय के घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आ सकेंगे।

*दुर्घटना होने पर तुरंत करें 112 आपातकालीन सेवा पर कॉल*

दुर्घटना की स्थिति में तत्काल 112 आपातकालीन सेवा पर कॉल कर एम्बुलेंस बुलाएं तथा घायल को निकटतम अधिकृत अस्पताल तक पहुंचाएं। समय पर दिया गया उपचार किसी भी व्यक्ति का जीवन बचाने में निर्णायक साबित हो सकता है।

*अस्पतालों के लिए भी जारी हैं स्पष्ट निर्देश*

योजना के अंतर्गत सभी संबंधित अस्पतालों को निर्देशित किया गया है कि सड़क दुर्घटना पीड़ित को बिना किसी विलंब के तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्रदान करें। यदि घायल की पहचान तत्काल उपलब्ध न हो, तब भी उपचार में देरी न की जाए। अस्पतालों को ई-डीएआर (इलेक्ट्रॉनिक विस्तृत दुर्घटना प्रतिवेदन प्रणाली) एवं टीएमएस 2.0 (ट्रॉमा प्रबंधन प्रणाली 2.0) पोर्टल पर आवश्यक जानकारी समय पर दर्ज करने तथा संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

*डिजिटल प्रणाली से होगा पारदर्शी संचालन*

योजना का संचालन ई-डीएआर एवं टीएमएस 2.0 डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। इससे दुर्घटना की सूचना, उपचार की प्रक्रिया तथा भुगतान संबंधी समस्त जानकारी का समयबद्ध एवं पारदर्शी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा। इससे पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ मिलने के साथ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति की सहायता के लिए आगे आएं, तत्काल 112 आपातकालीन सेवा पर सूचना दें तथा उसे शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पीएम-राहत योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि समय पर उपचार उपलब्ध कराकर अनमोल जीवन बचाने का प्रभावी माध्यम है। व्यापक जनजागरूकता तथा सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इस योजना का लाभ अधिक से अधिक सड़क दुर्घटना पीड़ितों तक पहुंचाया जा सकेगा।

और भी