ताजा खबरें


बड़ी खबर

रायगढ़ में सड़क सुरक्षा की नई पहल, पेड़ों पर लगाए जा रहे रेडियम रिफ्लेक्टर

रायगढ़, 5 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने अभिनव अभियान शुरू किया है। अब मुख्य मार्गों के किनारे स्थित पेड़ों पर Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि रात के समय वाहन चालकों को पेड़ दूर से ही दिखाई दें और हादसों की आशंका कम हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने उर्दना-गेरवानी-लाखा मार्ग, पहाड़ मंदिर-बनोरा मार्ग तथा इंदिरा विहार-हमीरपुर मार्ग पर चिन्हित पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगाए हैं। पुलिस के अनुसार जल्द ही जिले के अन्य दुर्घटना संभावित मार्गों पर भी यह कार्य किया जाएगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रवर्तन के साथ ऐसे नवाचार भी जरूरी हैं, जो सीधे लोगों की सुरक्षा से जुड़े हों। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

और भी

बिलासपुर रेंज में डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगी नई रफ्तार, आईजी राम गोपाल गर्ग ने दिए सख्त निर्देश; ई-समन, VC गवाही और ई-साक्ष्य पर रहेगा विशेष फोकस

बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर पुलिसिंग को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए। बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।

आईजी ने स्पष्ट कहा कि तकनीक का अधिकतम उपयोग कर न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी लाना, लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करना तथा थानों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना पुलिस विभाग की प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रत्येक मॉड्यूल में शत-प्रतिशत गुणवत्ता, शुद्धता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गूगल शीट से होगी समन और वारंट की रियल-टाइम मॉनिटरिंग

बैठक में न्यायालयीन समन एवं वारंट की तामिली की प्रक्रिया को डिजिटल बनाने का निर्णय लिया गया। अब थानों में पदस्थ कोर्ट आरक्षक गूगल शीट के माध्यम से समन और वारंट की तामिली, गवाहों की उपस्थिति तथा अदम तामिली के कारणों की ऑनलाइन जानकारी अपडेट करेंगे। इससे अनावश्यक पत्राचार समाप्त होगा और हाईकोर्ट सहित न्यायालयों में लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी।

व्हाट्सएप से भी भेजे जाएंगे ई-समन

आईजी ने बताया कि नई अधिसूचना के अनुसार अब ई-समन व्हाट्सएप के माध्यम से भी तामील किए जा सकेंगे। यदि प्राप्तकर्ता "ओके" संदेश भेजता है तो उसका स्क्रीनशॉट भी वैध माना जाएगा। साथ ही नए जिलों में डेटा मैपिंग और दूरस्थ थानों में नेटवर्क तथा लैट-लॉन्ग अपलोड जैसी तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी न्यायालयीन गवाही

बैठक में "न्याय श्रुति" योजना के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गवाही की व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। सभी थानों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने तथा न्यायालयों से समन में ही यह उल्लेख करने का अनुरोध किया जाएगा कि गवाही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी या प्रत्यक्ष रूप से।

ई-साक्ष्य और आदर्श CCTNS थाना बनेगा

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-105 के तहत तलाशी, जब्ती और गवाहों के बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में एक थाने को "आइडियल CCTNS थाना" के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां विवेचक स्वयं सभी ऑनलाइन प्रविष्टियां दर्ज करेंगे।

अवैध प्रवासियों, किरायेदारों और फेरीवालों का होगा नियमित सत्यापन

आईजी राम गोपाल गर्ग ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए समाधान ऐप के माध्यम से अवैध प्रवासियों, किरायेदारों और फेरीवालों का नियमित सत्यापन अनिवार्य करने के निर्देश दिए। इसकी साप्ताहिक रिपोर्ट भी रेंज कार्यालय को भेजनी होगी।

वाहन चोरी के मामलों में इंजन और चेसिस नंबर दर्ज करना होगा अनिवार्य

संपत्ति संबंधी अपराधों, विशेषकर बाइक चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज करते समय इंजन और चेसिस नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे डिजिटल डेटाबेस मजबूत होगा और चोरी के वाहनों की ट्रैकिंग में आसानी होगी।

पुलिसिंग में पारदर्शिता और तकनीक पर रहेगा विशेष जोर

आईजी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाना है। आधुनिक डिजिटल व्यवस्था लागू होने से थानों में लंबित मामलों की संख्या कम होगी, न्यायिक प्रक्रिया तेज होगी और आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

और भी

वन मंत्री श्री केदार कश्यप की पहल पर दुर्लभ पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू ,वन विभाग की सतर्कता से बची संरक्षित वन्यप्राणी की जान

रायपुर, 3 अगस्त 2026/वन मंत्री श्री केदार कश्यप की मंशानुरूप और उनके संवेदनशील पहल के अनुरूप छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के संरक्षण के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी जिले के मोहला तहसील के ग्राम कुंजंटोला में वन विभाग की टीम ने दुर्लभ वन्यप्राणी पैंगोलिन का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

रविवार को ग्राम कुंजंटोला निवासी श्री जयंत कुमार के घर में पैंगोलिन के घुसने की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में परिक्षेत्र अधिकारी श्री पंकज पटेल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने पैंगोलिन को सुरक्षित पकड़कर आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया। इस अभियान में डिप्टी रेंजर श्री महेंद्र बघेल और श्री शोभित राम यादव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह रेस्क्यू अभियान वन विभाग की त्वरित कार्रवाई, प्रशिक्षित टीम और वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशील कार्यप्रणाली का अच्छा उदाहरण है। समय पर मिली सूचना और समन्वित प्रयासों के कारण एक दुर्लभ एवं संरक्षित वन्यप्राणी को सुरक्षित बचाया जा सका।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई वन्यजीव दिखाई दे, तो उसे नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। लोगों की जागरूकता और सहयोग से वन्यजीवों का संरक्षण और भी प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत शेड्यूल-1 में शामिल अत्यंत संरक्षित प्रजाति है। इसके संरक्षण के लिए राज्य सरकार विशेष रूप से प्रतिबद्ध है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन विभाग वन्यजीव संरक्षण, त्वरित रेस्क्यू और जनजागरूकता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

और भी

पुसौर के सभी स्कूलों में गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प, छात्रों ने विकसित भारत निर्माण की ली शपथ

रायगढ़, 3 अगस्त 2026/ भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को देशव्यापी नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने, स्वयं नशे से दूर रहने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के संबोधन का प्रसारण विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी देखा और सुना गया। इस दौरान छात्रों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया तथा समाज में जागरूकता फैलाने का वचन भी दिया।
            प्रधानमंत्री के आह्वान के क्रम में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू के मार्गदर्शन में पुसौर विकासखंड के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विशेष शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, अपने परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों एवं समाज के लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराएंगे तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। विद्यालयों में शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की विस्तार से जानकारी दी।

*100 सप्ताह तक चलेगा अभियान, विद्यार्थी बनेंगे नशा मुक्ति के जागरूकता दूत*

विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान को आगामी 100 सप्ताह तक लगातार चलाने का आह्वान किया है। इस अवधि में देशभर में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां, शपथ कार्यक्रम, रैलियां, संवाद, प्रतियोगिताएं और सामुदायिक अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखा जा सके और स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए पुसौर विकासखंड के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों और गांवों में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। विद्यालयों में आयोजित यह अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

और भी

जनदर्शन में अपर कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

रायगढ़, 3 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक अपनी विभिन्न मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे। अपर कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
            जनदर्शन में ग्राम बेलरिया के ग्रामीणों ने कुर नदी में सोलर पंप के लिए निर्मित स्टॉपडेम (एनीकट) के निर्माण कार्य में अनियमितता और गुणवत्ता की कमी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार और सिंचाई विभाग की मिलीभगत से निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है तथा निर्मित संरचना गुणवत्ताविहीन है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं तहसील खरसिया के ग्राम पुछियापाली निवासी ज्योतराम राठिया ने शिकायत करते हुए बताया कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा बस स्टैंड के पास स्थित निजी तालाबों में फ्लाई ऐश डस्ट डाला गया था, जो बारिश के कारण बहकर उनके खेत तक पहुंच गया। इससे खेती प्रभावित हो रही है और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति विवाद और झगड़े पर उतारू हो जाता है। इस पर अपर कलेक्टर ने पर्यावरण अधिकारी को तत्काल मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
            इसी प्रकार ग्राम पंचायत घरघोड़ी के सरपंच ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलडीपा के जर्जर भवन को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भवन की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में पूर्व में शिक्षा विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। जनदर्शन में आदिवासी विकास विभाग में पिछले 10 से 15 वर्षों से कलेक्टर दर पर कार्यरत मजदूरी कर्मचारियों ने श्रम सम्मान राशि प्रदान किए जाने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। इस पर अपर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
             जय मां सरस्वती स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष एवं सदस्यों सहित अन्य महिला समूहों ने ग्राम पंचायत जोबी के रानीसागर तालाब में अवैध रूप से मछली पकड़ने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने बताया कि मछली पालन विभाग द्वारा उन्हें शासन की योजना के तहत 10 वर्षों के लिए तालाब का पट्टा प्रदान किया गया है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व जबरन तालाब में मछली पालन कर रहे हैं और विरोध करने पर विवाद करते हैं। इस शिकायत पर अपर कलेक्टर ने एसडीएम रायगढ़ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसील धरमजयगढ़ के ग्राम हिम्मतपुर निवासी गुरमेत यादव ने वन भूमि पट्टा प्रदान किए जाने की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा जनदर्शन में राशन कार्ड निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

और भी

नक्शा बटांकन कार्य में लापरवाही पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता जताई,सभी 10 तहसीलदारों को शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश, एक सप्ताह में प्रगति नहीं होने पर होगी कार्रवा

रायगढ़, 3 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में राज्य शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों, विभागीय पत्रों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों एवं मांगों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
             बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण एवं शासन की प्राथमिकता वाले कार्य नक्शा बंटांकन की तहसीलवार समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी और असंतोष व्यक्त करते हुए जिले के सभी 10 तहसीलदारों को कारण बताओ (शो कॉज) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक तहसील में उल्लेखनीय प्रगति दिखाई देनी चाहिए। आगामी साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में पुनः समीक्षा की जाएगी तथा प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 18 नवंबर 2025 को नक्शा बटांकन की प्रगति 73.64 प्रतिशत थी, जो वर्तमान में बढ़कर 78.66 प्रतिशत हो गई है। इस अवधि में जिले में कुल 5.02 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। वहीं 27 जुलाई से 3 अगस्त 2026 के बीच जिले में 1008 नक्शों का बंटांकन किया गया।
            तहसीलवार प्रगति की समीक्षा में धरमजयगढ़ में 93.26 प्रतिशत, छाल में 91.15 प्रतिशत, घरघोड़ा में 90.45 प्रतिशत, मुकडेगा में 87.55 प्रतिशत, तमनार में 86.16 प्रतिशत, लैलूंगा में 85.59 प्रतिशत, कापू में 83.45 प्रतिशत, खरसिया में 75.69 प्रतिशत, रायगढ़ में 70.20 प्रतिशत तथा पुसौर में 65.60 प्रतिशत नक्शा बंटांकन कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। प्रगति प्रतिशत के आधार पर तमनार (6.65 प्रतिशत), रायगढ़ (6.46 प्रतिशत), घरघोड़ा (6.33 प्रतिशत), पुसौर (5.52 प्रतिशत) तथा छाल (5.26 प्रतिशत) ने निर्धारित लक्ष्य से बेहतर प्रगति दर्ज की। वहीं खरसिया (4.66 प्रतिशत), कापू (3.58 प्रतिशत), मुकडेगा (3.06 प्रतिशत), लैलूंगा (2.67 प्रतिशत) तथा धरमजयगढ़ (2.38 प्रतिशत) में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा में रायगढ़ तहसील में 258, घरघोड़ा में 206, पुसौर में 200, तमनार में 165, खरसिया में 62, छाल में 53, धरमजयगढ़ में 34, कापू में 28 तथा मुकडेगा में 26 नक्शों का बंटांकन किया गया। लैलूंगा तहसील में साप्ताहिक प्रगति ऋणात्मक (-24) रहने पर कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। 
           बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किसानों के पंजीयन कार्य में तेजी लाने तथा पट्टाधारक किसानों का भी नियमानुसार पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग सहित अन्य विभागों के लंबित प्रकरणों एवं योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री रवि राही, डॉ.प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

दूध विक्रेता की चोरी गई बाइक 7 दिन में बरामद, 16 मामलों का आदतन बदमाश गिरफ्तार

रायगढ़, 03 अगस्त 2026। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए जूटमिल थाना क्षेत्र से चोरी गई एक मोटरसाइकिल महज सात दिनों के भीतर बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस ने 16 आपराधिक मामलों में संलिप्त निगरानी बदमाश दीपक बरेठ (34) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को तुर्कुमुड़ा निवासी दूध विक्रेता अर्जुन मौर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह झोपड़ीपारा स्थित अभिनव स्कूल के सामने दूध बेचने आया था। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे उसकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG-13-U-4525) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत पर जूटमिल थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान 3 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि कबीर चौक निवासी निगरानी बदमाश दीपक बरेठ थाना जूटमिल के पीछे चोरी की बाइक बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। बरामद बाइक की आगे और पीछे की नंबर प्लेट टूटी हुई मिली।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने दूध विक्रेता की मोटरसाइकिल चोरी की थी। उसने यह भी बताया कि बाइक में रखे तीन दूध के डिब्बों को केलो नदी में फेंक दिया था, जो तेज बहाव में बह गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल जब्त कर ली।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दीपक बरेठ थाना जूटमिल का निगरानी बदमाश है, जिसके खिलाफ लूट, चोरी, दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, आरक्षक शांति मिरी और आरक्षक संजय एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आदतन अपराधियों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार कड़ी नजर है। चोरी, लूट और अन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिले में अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं छोड़ा जाएगा।

और भी

ऑपरेशन अंकुश के तहत घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चिमटापाली जंगल में जुआ फड़ पर दबिश; 5 जुआरी गिरफ्तार, ₹12,800 नगद जब्त

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन अंकुश" के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चिमटापाली के जंगल में संचालित जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से पांच जुआरियों को गिरफ्तार कर ₹12,800 नगद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में प्रयुक्त प्लास्टिक की बोरी जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिमटापाली जंगल में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पांच आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी राठिया (32), मिलन दास महंत (34), महात्मा उरांव (25), सकीर्तन राठिया (34) तथा राम प्रसाद पैंकरा (59) शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में एएसआई डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविन्द मिंज तथा आरक्षक भानुप्रताप चन्द्रा, परमेश्वर सिंह और मनोज कुमार जोल्हे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

ऑपरेशन आघात के तहत तमनार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 3 अगस्त। रायगढ़ पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन आघात" के तहत तमनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लीटर अवैध हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बागबाड़ी में दबिश दी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बागबाड़ी निवासी अरविंद परजा (24 वर्ष) अपने घर के पीछे अवैध बिक्री के उद्देश्य से महुआ शराब छिपाकर रखा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बाल्टी में लगभग 30 लीटर तथा एक एल्युमिनियम डेक्ची में लगभग 20 लीटर, कुल 50 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव, दीपचंद चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक बनारसी लाल सिदार, हेमप्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेन्द्र सिदार, रंजीत भगत, जॉन प्रकाश टोप्पो, डोल नारायण सिदार एवं मेघराज निषाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि "ऑपरेशन आघात" के तहत अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अवैध नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

और भी

राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में लोक भवन से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

रायपुर 2 अगस्त 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज देशभर में प्रारंभ हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन तथा विभिन्न युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है और यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग करें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इस दिशा में जागरूक करने का आह्वान किया।

लोक भवन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने उत्साहपूर्वक देखा। राज्यपाल श्री रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

उल्लेखनीय है कि ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर आगामी 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), माय भारत युवा संगठन तथा अन्य युवा संगठनों के सहयोग से विविध जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इनमें नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैलियाँ, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान तथा सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।

अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाकर इसे जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

और भी

स्कूल जाने के बहाने घर से निकली नाबालिग को पुलिस ने किया दस्तयाब, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला युवक गिरफ्तार; ‘अभियान संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़, 2 अगस्त। जिले में महिला एवं नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने एक 16 वर्षीय गुमशुदा बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया है। मामले में शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 जुलाई को नाबालिग बालिका घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चलने पर थाना कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर बालिका की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका एक युवक के साथ देखी गई है। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए 1 अगस्त को पुलिस ने केलो डेम क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। उसके साथ मौजूद युवक की पहचान विनय केरकेट्टा (23 वर्ष), निवासी कृष्णापुर, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।

पूछताछ में बालिका ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे विवाह करने का झूठा वादा किया और मोटरसाइकिल से उसे पत्थलगांव ले गया। वहां अपने परिचितों के घर में रखकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया। बालिका के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म तथा पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 AG 0302) तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में नवपदस्थ थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रिया साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलते ही तत्काल, संवेदनशील और कानूनसम्मत कार्रवाई की जाती है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘अभियान संवेदना’ के माध्यम से महिला और बाल सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक मामले पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हो।

और भी

सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने बड़ा अभियान, पुसौर में शिक्षकों को कहानी आधारित शिक्षण और एफएलएन का मिला विशेष प्रशिक्षण

रायगढ़, 2 अगस्त 2026/ शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकासखंड पुसौर में शनिवार को क्लब क्लस्टर बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू के निर्देशन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की भावना के अनुरूप नवाचार आधारित शिक्षण, मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत करने तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण में शिक्षकों से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शासकीय स्कूलों के प्रति अभिभावकों का विश्वास बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास करने का आह्वान किया गया।
               संयुक्त संकुल जतरी, पुसल्दा और तेतला के प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा चौथी में हिंदी पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए संकुल केंद्र पुसल्दा में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मास्टर ट्रेनर आरती साहू ने बगीचे का घोंघा कहानी के माध्यम से बच्चों की सहभागिता बढ़ाने और प्रभावी शिक्षण पद्धति पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-2005 के उद्देश्यों, कक्षागत गतिविधियों तथा मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान के लक्ष्यों को प्राप्त करने के व्यावहारिक तरीकों पर चर्चा की गई।

*बीईओ ने दिए गुणवत्ता सुधार, नियमित उपस्थिति और उपचारात्मक शिक्षण के निर्देश*

प्रशिक्षण के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल ने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने, वीएसके ऐप पर नियमित उपस्थिति दर्ज करने, पाठ्यक्रम का समयबद्ध संचालन, दैनंदिनी लेखन तथा सीखने के प्रतिफलों के आधार पर अध्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछड़े विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही शासकीय विद्यालयों की गुणवत्ता सुधारकर निजी विद्यालयों की ओर जाने वाले विद्यार्थियों को सरकारी स्कूलों में आकर्षित करने के लिए ठोस प्रयास करने की बात कही। इस अवसर पर उन्होंने पुसल्दा में निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।

*क्लब क्लस्टर प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर दिया जोर*

इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल एवं संकुल प्राचार्य गणेश प्रसाद साहू ने क्लब क्लस्टर अंतर्गत संकुल कोंडातराई, सुर्री और तेलीपाली के शिक्षकों के प्रशिक्षण का भी अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण अध्यापन के साथ विद्यार्थियों को नवोदय, एकलव्य और उत्कर्ष जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नियमित अभ्यास कराने तथा प्रत्येक शनिवार को विशेष तैयारी सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में तीनों संकुलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ संकुल शैक्षिक समन्वयक सालिक राम नायक, राज किशोर स्वर्णकार, जयनंद सिदार, दिनेश कुमार प्रधान, चिंतामणि गुप्ता, संकुल प्राचार्य जयप्रसाद पटेल सहित कुल 17 शिक्षक उपस्थित रहे। जानकारी संकुल शैक्षिक समन्वयक चिंतामणि गुप्ता ने दी।

और भी

एनसीसी कैडेट्स का नशे के खिलाफ बिगुल: सड़कों पर नुक्कड़ नाटक, 150 से अधिक युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

रायगढ़, 2 अगस्त 2026/ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में स्वस्थ एवं जागरूक वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से 28 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी के कर्नल प्रवीण तेवतिया के निर्देशन में किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ में नशा मुक्ति शपथ ग्रहण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
         कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रहित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ हुआ। इस अवसर पर कैप्टन डॉ. शारदा घोघरे ने लगभग 150 एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कैप्टन डॉ. शारदा घोघरे ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रतीक हैं तथा उन्हें नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।

*चक्रधर चौक और सिंगल चौक पर नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश*

शपथ ग्रहण के बाद एनसीसी कैडेट्स ने शहर के प्रमुख स्थलों चक्रधर नगर चौक और सिंगल चौक पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। कैडेट्स ने अपने सशक्त अभिनय और प्रेरक संवादों के माध्यम से बताया कि नशा व्यक्ति के जीवन, परिवार और भविष्य को किस तरह प्रभावित करता है तथा इससे बचाव ही सबसे बड़ा समाधान है। आम नागरिकों ने इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

*विभिन्न महाविद्यालयों के कैडेट्स ने निभाई सक्रिय भूमिका*

कार्यक्रम में आईटीआई महाविद्यालय के एसोसिएट एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट किशोर पटेल ने युवाओं से अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर पी.डी. कॉमर्स कॉलेज, आईटीआई महाविद्यालय, किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ तथा एनपीएन जूनियर डिवीजन के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने नशा मुक्ति से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया। समापन अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कैडेट्स ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जनहितकारी अभियान युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक मजबूत करेंगे तथा नशा मुक्त, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

और भी

युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प: सहायक कलेक्टर के नेतृत्व में शुरू हुआ जनजागरूकता अभियान, 109 सप्ताह तक चलेगा व्यापक अभियान

रायगढ़, 2 अगस्त 2026/ युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राष्ट्रव्यापी नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ करते हुए देशभर के युवाओं को ऑनलाइन संदेश दिया। उन्होंने नशामुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण का आह्वान करते हुए युवाओं से नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। इसी क्रम में रायगढ़ जिले में कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन सभाकक्ष में अभियान का शुभारंभ किया गया।
           कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. ने महाविद्यालयों, विद्यालयों, एनसीसी एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें, ताकि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, ऊर्जावान और नशामुक्त होगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। 
           इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्रीमती प्रतिमा सागर, समाज कल्याण विभाग से श्री सुशील सिंह, महाविद्यालय एवं विद्यालयों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया। युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता आधारित विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। 
         जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं है, बल्कि आगामी 109 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत शपथ कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियान, संवाद, रैलियां, सामाजिक गतिविधियां तथा जनभागीदारी आधारित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे, जिनके माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों, छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, खेल संघों के खिलाड़ियों, एनसीसी, एनएसएस के कैडेटों एवं स्वयंसेवकों से अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

और भी

महुआ शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 5.2 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़, 2 अगस्त 2026/ कलेक्टर के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायत के आधार पर आबकारी वृत्त रायगढ़ (दक्षिण) की टीम ने ग्राम खोखरा, थाना पुसौर क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान त्रिवेणी सारथी के कब्जे से 5.200 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1,040 रुपये है, बरामद की गई। आबकारी विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र मेहर, आबकारी मुख्य आरक्षक दिनेश्वर सिंह कंवर एवं महिला आबकारी आरक्षक सविता चक्रेश की भूमिका रही।

और भी

जिले में सहकारिता व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती, सचिव डॉ सी.आर. प्रसन्ना ने किया कोतरा पैक्स का औचक निरीक्षण

रायगढ़, 1 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र को सशक्त, आधुनिक और किसान हितैषी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में सहकारिता विभाग के सचिव डॉ सी.आर. प्रसन्ना ने रायगढ़ जिले के प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति कोतरा (पंजीयन क्रमांक-20) का औचक निरीक्षण कर समिति के संचालन, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे तथा उप आयुक्त सहकारिता भी उपस्थित रहे।
            निरीक्षण के दौरान सहकारिता सचिव डॉ सी.आर.प्रसन्ना ने समिति के कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, भंडारण व्यवस्था एवं विभिन्न सहकारी गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को केवल ऋण वितरण तक सीमित न रखते हुए उन्हें बहुउद्देशीय ग्रामीण सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाना आवश्यक है, ताकि किसानों को कृषि से जुड़ी अधिकतम सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिले।  सचिव श्री प्रसन्ना ने विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत रायगढ़ जिले में निर्माणाधीन तीन गोदामों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा तथा तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक भंडारण सुविधाओं के विकसित होने से किसानों की उपज सुरक्षित रहेगी तथा उन्हें बेहतर विपणन एवं उचित मूल्य प्राप्त करने में सुविधा होगी।
     सचिव डॉ प्रसन्ना ने राष्ट्रीय सहकारिता विकास निगम की योजनाओं के माध्यम से समितियों में आयवर्धक गतिविधियों, कृषि अधोसंरचना तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों का तेजी से विस्तार करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी समितियों को मल्टी-पर्पज पैक्स के रूप में विकसित कर उन्हें कृषि आदान वितरण, भंडारण, विपणन, उपभोक्ता सेवाओं तथा अन्य जनोपयोगी गतिविधियों का केंद्र बनाने पर जोर दिया, जिससे समितियां आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। सहकारिता सचिव ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कॉमन सर्विस सेंटर की सभी सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण नागरिकों को विभिन्न शासकीय एवं डिजिटल सेवाओं के लिए दूर-दराज न जाना पड़े। इसके साथ ही समिति को शीघ्र ई-डिस्ट्रिक्ट आईडी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे प्रमाण-पत्र एवं अन्य ऑनलाइन सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें।
    सचिव डॉ प्रसन्ना ने वीबी-जीराम जी योजना के अंतर्गत उपार्जन केंद्रों में अनाज के सुरक्षित भंडारण के लिए पक्के चबूतरों का निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही नेफेड के माध्यम से दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी में समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त हो और सहकारी समितियों की भूमिका और अधिक प्रभावी बन सके। निरीक्षण के दौरान सचिव श्री प्रसन्ना ने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप सहकारी समितियों को ग्रामीण विकास, कृषि उन्नयन एवं किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाना प्रदेश के समग्र ग्रामीण विकास और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

और भी

मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों के रोकथाम को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिले में गांव से लेकर शहर तक चलेगी समन्वित कार्यवाही

रायगढ़, 1 अगस्त 2026/ मानसून के मौसम में मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों के संभावित प्रसार की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित संबंधित विभागों को समन्वित रूप से रोकथाम, निगरानी, स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों में समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना, संक्रमण की श्रृंखला को प्रारंभिक स्तर पर ही रोकना तथा आमजन को मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों से सुरक्षित रखना है। कलेक्टर ने कहा कि मलेरिया की रोकथाम के लिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा किसी भी क्षेत्र में मलेरिया के संभावित मामलों की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 
           कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मलेरिया जांच किट, आवश्यक दवाइयों एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच एवं उपचार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य दलों को ग्रामीण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर संभावित मरीजों की पहचान, रक्त जांच, आवश्यक उपचार तथा जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में मलेरिया के लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने के लिए पोस्टर एवं बैनर लगाए जाए, ताकि लोग समय रहते बीमारी की पहचान कर जांच के लिए आगे आएं। कलेक्टर ने नगर निगम एवं सभी नगरीय निकायों को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, जलभराव वाले स्थलों की पहचान कर उनका शीघ्र निराकरण करने तथा आवश्यकता अनुसार मच्छररोधी फॉगिंग एवं लार्वा नियंत्रण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पानी जमा नहीं होने देने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए। लोगों को कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायर, कबाड़ एवं अन्य पात्रों में जमा पानी को नियमित रूप से खाली करने के लिए भी प्रेरित किया जाए। 
              कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मलेरिया से बचाव के उपाय बताने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, माताओं एवं बच्चों के अभिभावकों को मच्छरजनित रोगों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा समय पर स्वास्थ्य जांच के संबंध में जागरूक करने कहा। कलेक्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मलेरिया से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सावधानी और स्वच्छता है। प्रत्येक नागरिक अपने घर, आंगन और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। सप्ताह में कम से कम एक बार कूलर, पानी की टंकी, गमले तथा अन्य जल संग्रहण वाले पात्रों को पूरी तरह खाली कर साफ करें। रात में सोते समय मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें, शाम के समय पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी व्यक्ति को बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, बदन दर्द या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जांच कराएं। जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में मलेरिया की जांच एवं उपचार की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। समय पर जांच और उपचार से मलेरिया का प्रभावी इलाज संभव है तथा गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। मलेरिया की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझी जिम्मेदारी है।

और भी

पत्नी को भगाने के शक में बुजुर्ग पर टंगिया से जानलेवा हमला, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

रायगढ़/तमनार। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई में पत्नी के लापता होने के शक में एक 64 वर्षीय व्यक्ति ने 60 वर्षीय ग्रामीण पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तमनार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे आरोपी दूजराम चौहान ने भागीरथी किशान पर पत्नी को भगाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और सिर पर लगातार कई वार कर दिए। घायल के बेटे की शिकायत पर तमनार थाना में मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आरोपी दूजराम चौहान (64) निवासी महलोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि किसी भी संदेह या व्यक्तिगत विवाद के नाम पर कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस सख्ती और निष्पक्षता से कार्रवाई कर रही है।

और भी