तमनार पुलिस ने डीजल चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, खरीदार समेत तीन गिरफ्तार
रायगढ़, 6 अगस्त। तमनार पुलिस ने ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी का डीजल खरीदने वाले व्यक्ति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस और नकदी जब्त की है। गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त को तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जेपीएल प्लांट के गेट नंबर-2 के पास खड़े उनके ट्रेलर से रात में करीब 100 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया। शिकायत पर थाना तमनार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता, कमलेश कुमार उरांव और कमल सिदार के साथ मिलकर ट्रकों व ट्रेलरों से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चोरी का डीजल मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को 4 हजार रुपये में बेचा गया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। इसके बाद कमलेश कुमार उरांव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बिक्री की रकम में से बची 500 रुपये की नकदी जब्त की गई। वहीं चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी गिरफ्तार किया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह देर रात बोलेरो में औजार और प्लास्टिक ड्रम लेकर निकलता था तथा सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों और ट्रेलरों के डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर डीजल चोरी करता था। मौके पर चालक मिलने पर उसे धमकाकर भगा दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों किशोर कुमार चौहान (37), कमलेश कुमार उरांव (23) और दुर्गाचरण पटेल (42) को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता और कमल सिदार की तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ट्रकों और भारी वाहनों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी का माल खरीदने वालों पर भी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।