ताजा खबरें

बड़ी खबर

भूपदेवपुर थाना बना विद्यार्थियों की पाठशाला, बच्चों ने करीब से समझी पुलिस की कार्यप्रणाली

रायगढ़, 6 अगस्त। पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने की दिशा में रायगढ़ पुलिस की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। भूपदेवपुर थाना परिसर गुरुवार को विद्यार्थियों की सीख और जागरूकता का केंद्र बन गया, जहां शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भूपदेवपुर के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने थाना का शैक्षणिक भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में पुलिस के प्रति व्याप्त झिझक और भय को दूर कर उन्हें कानून, नागरिक कर्तव्यों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था। थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें सरल भाषा में नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) की जानकारी दी।

उन्होंने एफआईआर दर्ज होने से लेकर विवेचना, साक्ष्य संकलन, गिरफ्तारी, न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने और न्यायिक प्रक्रिया तक की पूरी व्यवस्था को आसान तरीके से समझाया। विद्यार्थियों को थाना के लॉकअप, मालखाना, वायरलेस कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, आगंतुक कक्ष, पुलिस रजिस्टरों तथा पुलिस रैंक व्यवस्था से भी परिचित कराया गया। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से कई सवाल पूछे, जिनका व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय, यातायात नियमों का पालन, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, बाल विवाह का विरोध तथा नशे से दूर रहने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर ठगी होने पर 24 घंटे के भीतर 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने और महिलाओं व बालिकाओं के लिए रायगढ़ पुलिस की 'हैलो सिस्टर' हेल्पलाइन (9479270533) की जानकारी भी साझा की गई।

निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों से अनुशासन, शिक्षा और अच्छे संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस से साझा करें तथा अफवाहों से बचते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने रायगढ़ पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि थाना भ्रमण से पुलिस के प्रति उनका विश्वास और आत्मीयता बढ़ी है। अब वे किसी भी समस्या की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करेंगे।

इस अवसर पर थाना भूपदेवपुर का समस्त पुलिस स्टाफ, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भूपदेवपुर के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों और युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता तथा पुलिस के प्रति विश्वास विकसित करना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उनका कहना था कि आज का जागरूक विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक बनेगा और पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की मित्र एवं हर जरूरतमंद की सहयोगी है।

Leave Your Comment

Click to reload image