ताजा खबरें


बड़ी खबर

14 साल की गुमशुदा बालिका सकुशल मिली, बहला-फुसलाकर ले जाने वाला युवक झारसुगुड़ा से गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के 'अभियान संवेदना' के तहत चक्रधरनगर थाना पुलिस ने 14 वर्षीय गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले 23 वर्षीय साहिल एक्का को ओडिशा के झारसुगुड़ा से गिरफ्तार कर अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 31 मई को बालिका के परिजनों ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 11 जून को बालिका को ट्रांसपोर्ट नगर जूटमिल क्षेत्र से सकुशल बरामद किया गया। काउंसलिंग और न्यायालय में बयान के बाद जांच में सामने आया कि आरोपी उसे अभिभावकों की जानकारी के बिना अपने साथ रखे हुए था, जिसके बाद प्रकरण में पॉक्सो एक्ट की धारा भी जोड़ी गई।

विवेचना के दौरान आरोपी के झारसुगुड़ा में होने की सूचना मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। कार्रवाई में उप निरीक्षक दिनेश मिंज, प्रधान आरक्षक संजय तिवारी और आरक्षक दिलीप भानू की विशेष भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि 'अभियान संवेदना' के तहत गुमशुदा बच्चों की सुरक्षित वापसी और उन्हें बहला-फुसलाकर ले जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

और भी

नशामुक्त युवा, विकसित भारत का संकल्प : रायगढ़ में 2 अगस्त से होगा राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ

रायगढ़, 01 अगस्त 2026/ भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं को नशे की गिरफ्त से मुक्त कर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से "नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" का राष्ट्रीय शुभारंभ 2 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री के कर-कमलों से किया जाएगा। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले में भी अभियान का शुभारंभ 2 अगस्त को प्रातः 9 बजे से 11:30 बजे तक कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन सभाकक्ष में किया जाएगा।
            कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी तथा सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
           कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत का संकल्प दिलाया जाएगा तथा विशेषज्ञों एवं अधिकारियों द्वारा युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया जाएगा। अभियान के अंतर्गत युवाओं में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
           जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी 109 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, संवाद, शपथ, जनभागीदारी एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
            जिले के सभी युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, खेल संघों एवं संस्थाओं के खिलाड़ियों, एनसीसी, एनएसएस के कैडेटों तथा स्वयंसेवकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। यह अभियान न केवल नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता का माध्यम बनेगा, बल्कि युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक सहभागिता, सकारात्मक दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

और भी

रायगढ़ में अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार, शराब और मोटरसाइकिल जब्त, दोनों भेजे गए जेल

रायगढ़, 1 अगस्त 2026/ कलेक्टर के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायत के आधार पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध महुआ शराब एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
            आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जुलाई 2026 को आबकारी वृत्त रायगढ़ (दक्षिण) अंतर्गत आबकारी जांच चौकी रेंगालपाली में वाहनों की सघन जांच के दौरान ग्राम कोसमंदा, थाना पुसौर निवासी शशि सिदार को लाल रंग की हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल से कनकतुरा से पुसौर की ओर 06 लीटर ओडिशा निर्मित महुआ शराब का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जब्त शराब का बाजार मूल्य लगभग 1,200 रुपये आंका गया है। इसी कार्रवाई के दौरान ग्राम तेतला, थाना पुसौर निवासी कन्हैया पटेल को उसके रिहायशी मकान से 5.050 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब का बाजार मूल्य लगभग 1,010 रुपये बताया गया है।
           दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक याजेन्द्र मेहर, आबकारी मुख्य आरक्षक दिनेश्वर सिंह कंवर तथा महिला आबकारी आरक्षक समिता चक्रेश की भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।

और भी

शिक्षा केवल उपाधि प्राप्त करने का माध्यम नहीं, समाज और मानवता के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का संकल्प है: राज्यपाल श्री रमेन डेका

रायगढ़, 1 अगस्त 2026/ प्रदेश के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा है कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान को विवेक, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ जनकल्याण के लिए उपयोग में लाना है। एक शिक्षित व्यक्ति की पहचान उसके प्रमाण-पत्रों से नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उसके योगदान से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य अवश्य करें, जो समाज के लिए स्थायी रूप से लाभकारी सिद्ध हो और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने।
            राज्यपाल श्री डेका आज रायगढ़ स्थित ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। ओ.पी. जिंदल स्कूल के सभागार में आयोजित इस गरिमामय समारोह में जिंदल स्टील के चेयरमैन एवं सांसद श्री नवीन जिंदल, विश्वविद्यालय की चांसलर श्रीमती शालू जिंदल, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल, जिंदल स्टील रायगढ़ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री देबोज्योति रॉय, कुलपति डॉ.आर.डी. पाटीदार सहित विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही। समारोह में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट तथा स्कूल ऑफ साइंस के 688 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां प्रदान की गईं। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 27 विद्यार्थियों को स्वर्ण, 28 को रजत तथा 29 विद्यार्थियों को कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
              राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि वर्तमान समय तेजी से बदलती तकनीक, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का दौर है। ऐसे समय में उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका केवल शिक्षण तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि उन्हें ऐसे युवा तैयार करने होंगे जो ज्ञान के साथ संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता, अनुसंधान की प्रवृत्ति और सामाजिक सरोकारों को भी अपने व्यक्तित्व का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा की सच्ची सार्थकता केवल उपाधि प्राप्त करने में नहीं, बल्कि उस ज्ञान को समझदारी, दूरदर्शिता और नैतिक साहस के साथ जीवन में उतारने में है। आपका ज्ञान तभी पूर्ण होगा, जब वह समाज और मानवता के कल्याण में उपयोगी बने। जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य अवश्य करें, जो समाज के लिए स्थायी रूप से लाभकारी सिद्ध हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर निकलने वाले युवा अपने ज्ञान, प्रतिभा और संस्कारों के बल पर देश के विकास तथा समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

*कौशल विकास और नई तकनीकों में दक्षता समय की आवश्यकता: श्री नवीन जिंदल*

जिंदल स्टील के चेयरमैन एवं सांसद श्री नवीन जिंदल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स तथा नई तकनीकों का युग है। ऐसे में युवाओं को नवाचार, कौशल विकास और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल संवर्धन आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

*नई चुनौतियों को अवसर में बदलें युवा: श्रीमती शालू जिंदल*

विश्वविद्यालय की चांसलर श्रीमती शालू जिंदल ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी मंजिल का अंत नहीं, बल्कि नए सपनों और नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, मूल्यों और परिश्रम को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बनाने का आह्वान किया।

*कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व से मिलेगी वास्तविक सफलता: प्रो. गोयल*

छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल ने कहा कि सफलता केवल व्यावसायिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान का उपयोग समाज के हित में करने का आह्वान किया।

*शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव, नई जिम्मेदारियों की शुरुआत*

दीक्षांत समारोह का शुभारंभ अकादमिक शोभायात्रा एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर.डी. पाटीदार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, अधोसंरचना विकास तथा सामाजिक गतिविधियों के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि दीक्षांत समारोह शैक्षणिक यात्रा का समापन नहीं, बल्कि उत्तरदायित्वपूर्ण जीवन की नई शुरुआत है।

*84 मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान*

समारोह के दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 84 विद्यार्थियों को 27 स्वर्ण, 28 रजत एवं 29 कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया। उपाधियां और पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों में भी उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला। समारोह के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनुराग विजयवर्गीय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय कुमार सिंह ने किया तथा संयोजन की जिम्मेदारी डॉ. गिरीश चंद्र मिश्र ने निभाई।

और भी

रायगढ़ में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, 16 नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई, अभिभावकों को दी चेतावनी

रायगढ़, 31 जुलाई। रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को शहर में नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 16 नाबालिगों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इस दौरान उनके अभिभावकों को मौके पर बुलाकर कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई और भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं सौंपने की सख्त चेतावनी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों के आसपास, प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर सघन जांच की गई। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस दोपहिया वाहन चलाते मिले नाबालिगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है। इससे न केवल उनकी अपनी जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है। इसी को देखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिगों के हाथों में वाहन देना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि उनके जीवन और दूसरों की सुरक्षा से भी खिलवाड़ है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने तथा यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने की अपील की।

और भी

ऑपरेशन क्लीन हंट: ₹32 लाख की ट्रांसपोर्ट धोखाधड़ी का फरार आरोपी गिरफ्तार, 4 माह से था फरार

रायगढ़, 31 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट कंपनी से करीब ₹32 लाख की धोखाधड़ी के मामले में चार माह से फरार चल रहे आरोपी दीपक शर्मा (32) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दरोगापारा से दबोचा।

पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को ढिमरापुर चौक स्थित श्रीराम ट्रांसपोर्ट के संचालक कमल किशोर शाह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों ने फर्जी बिल-वाउचर तैयार कर लाखों रुपये की हेराफेरी की है। जांच में सामने आया कि सितंबर 2025 से एक ही वाउचर नंबर पर अलग-अलग वाहनों के नाम से डुप्लीकेट बिल बनाकर करीब ₹32 लाख की राशि विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से निकाल ली गई।

जांच के दौरान पुलिस ने वाहन नंबरों का सत्यापन कराया, जिसमें कई नंबर दोपहिया और निजी वाहनों के निकले। वाहन मालिकों ने भी ट्रांसपोर्ट कंपनी से किसी प्रकार का संबंध होने से इनकार किया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी दीपक शर्मा ने स्वीकार किया कि उसने सह-आरोपी प्रकाश मिश्रा के साथ मिलकर फर्जी बिल-वाउचर तैयार किए और रकम विभिन्न खातों, क्यूआर कोड व फोन-पे के जरिए ट्रांसफर करवाई। आरोपी ने बताया कि उसे करीब ₹15 लाख मिले, जिनमें से लगभग ₹4 लाख उसने अपनी मां के इलाज पर खर्च किए, जबकि बाकी राशि व्यक्तिगत खर्चों में खर्च हो गई।

कोतवाली थाना में इस मामले में अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज है। पुलिस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चंद्राकर, एएसआई कोसो सिंह, आरक्षक कमलेश यादव और आरक्षक कोमल तिवारी की अहम भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि "ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। व्यापारियों और आम नागरिकों के विश्वास से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"

और भी

रायगढ़ में देह व्यापार के दो बड़े अड्डों पर पुलिस का एक साथ छापा, दो नाबालिग बालिकाएं मुक्त, दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 31 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर दो देह व्यापार के अड्डों का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराकर संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह संयुक्त कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में थाना साइबर, कोतवाली और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

लालटंकी में योजनाबद्ध कार्रवाई, पाइंटर ग्राहक बनाकर पुलिस ने पकड़ा गिरोह

पुलिस को सूचना मिली थी कि लालटंकी दानीपारा स्थित एक मकान में लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पहले एक पाइंटर ग्राहक को 1,500 रुपये देकर मकान भेजा। तय संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान मकान की संचालिका लक्ष्मी शर्मा (46 वर्ष) मौके पर मिली। पुलिस ने उसके कब्जे से पाइंटर को दिए गए 1,500 रुपये तथा एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया। तलाशी के दौरान एक कमरे में एक नाबालिग बालिका के साथ ऋषभ शर्मा (24 वर्ष) मिला, जबकि दूसरे कमरे में एक अन्य नाबालिग बालिका भी मौजूद थी। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।

पूछताछ में लक्ष्मी शर्मा ने स्वीकार किया कि वह पिछले एक-दो वर्षों से अपने मकान में लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार कराती थी तथा ग्राहकों से मिलने वाली राशि में से लड़कियों को भुगतान करती थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 एवं 5 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है। मुक्त कराई गई दोनों नाबालिग बालिकाओं की काउंसलिंग कराई गई और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई।

मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक में भी चल रहा था देह व्यापार

इसी दौरान थाना साइबर और जूटमिल पुलिस की दूसरी टीम ने मुखबिर की सूचना पर मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित एक मकान में भी छापा मारा। यहां भी पहले पाइंटर ग्राहक भेजा गया और संकेत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान मकान संचालिका सुनीता मेहर (48 वर्ष) मौके पर मिली। मकान के एक कमरे में अभय सिंह (42 वर्ष) निवासी मूलतः सिवान (बिहार) वर्तमान निवासी पूंजीपथरा, एक महिला के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ में दोनों ने अनैतिक कार्य के उद्देश्य से वहां मौजूद होना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

मौके पर मौजूद दो अन्य महिलाओं ने भी पुलिस को बताया कि वे सुनीता मेहर के बुलावे पर देह व्यापार के लिए वहां आई थीं। इस मामले में सुनीता मेहर और अभय सिंह के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 एवं 5 के तहत जूटमिल थाना में अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

दो नाबालिगों को सुरक्षित संरक्षण, परिजनों को सौंपा गया

पुलिस ने लालटंकी से मुक्त कराई गई दोनों नाबालिग बालिकाओं को संरक्षण में लेकर उनकी काउंसलिंग कराई। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस का कहना है कि बालिकाओं के पुनर्वास और सुरक्षा से संबंधित सभी कानूनी प्रावधानों का पालन किया जा रहा है।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के शोषण से जुड़े अपराधों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अनैतिक देह व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे मामलों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में महिलाओं एवं बच्चों के शोषण, अनैतिक गतिविधियों और संगठित अपराधों के खिलाफ इसी प्रकार की सघन और योजनाबद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

और भी

राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कलेक्टोरेट परिसर में लगाया बादाम का पौधा ,कहा-प्रकृति संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली ही सुरक्षित भविष्य की कुंजी

रायगढ़, 31 जुलाई 2026/ राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज जिला कलेक्टोरेट परिसर में  ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती चंपावती डेका की स्मृति में बादाम का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल पर्यावरण बचाने का प्रयास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और अस्वस्थ जीवनशैली जैसी चुनौतियां बढ़ रही हैं। इनसे निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना होगा। 
           राज्यपाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी माता की स्मृति में या उनके सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ.सी.आर.प्रसन्ना, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, जिला वन मंडलाधिकारी श्री अरविंद पीएम, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे सहित प्रशानिक अधिकारी मौजूद रहे।

और भी

समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे शासन की योजनाओं का लाभ: राज्यपाल श्री रमेन डेका ,जल संरक्षण, पर्यावरण, जैविक खेती, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका एवं सुशासन पर दिया विशेष जोर

रायगढ़, 31 जुलाई 2026/ प्रदेश के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने अपने दो दिवसीय रायगढ़ प्रवास के प्रथम दिवस जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों से चर्चा कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। जिला कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संवर्धन, जैविक कृषि, स्वच्छता, योग, टीबी उन्मूलन, आजीविका, सहकारिता, सड़क सुरक्षा सहित बीस से अधिक बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ.सी.आर.प्रसन्ना, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।

*जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर दिया जोर*

राज्यपाल श्री डेका ने जिले में जल संरक्षण एवं जल संचयन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेते हुए कहा कि वर्षा जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने अन्य राज्यों असम, त्रिपुरा एवं छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिला में जल संरक्षण के लिए किये जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए वर्षा जल संग्रहण, वाटर हार्वेस्टिंग तथा जल स्रोतों के संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने कुओं, बावड़ियों तथा अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए, जिससे भू-जल स्तर में स्थायी सुधार हो सके। 

*’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के निर्देश*

राज्यपाल श्री डेका ने जिले में चल रहे पौधारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से अमृत सरोवर परिसरों में लगाए गए पौधों की संख्या एवं उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल संख्या बढ़ाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का दीर्घकालीन संकल्प है। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक परिसरों में व्यापक पौधारोपण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जिले की औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से 10 हजार पीपल के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिन्हें आमजन तक पहुंचाकर रोपित कराया जाएगा। राज्यपाल ने सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने और मृदा की प्रकृति के अनुरूप पौधारोपण एवं जल संरक्षण की समेकित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। 

*जैविक खेती एवं फसल विविधीकरण से बढ़े किसानों की आय*

राज्यपाल श्री डेका ने जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेते हुए रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के लिए जीवामृत, कम्पोस्ट, ग्रीन मैन्योर, मदर कल्चर एवं ब्लू-ग्रीन तकनीकों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न जैविक एवं औषधीय फसलों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े किसानों को खेती के साथ डबरी निर्माण एवं मत्स्य पालन अपनाने के लिए प्रेरित करने को कहा, ताकि कृषि आय के अतिरिक्त आय के अन्य स्रोत भी विकसित हो सकें। उन्होंने धान के स्थान पर दलहन, तिलहन एवं अन्य लाभकारी फसलों को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया।

*स्वच्छता केवल निर्माण नहीं, बेहतर रखरखाव भी जरूरी*

राज्यपाल श्री डेका ने स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों की स्थिति तथा उनके रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, बेहतर रखरखाव एवं उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित किया जाए, जिनका पुनर्चक्रण संभव नहीं है, ताकि भूमि एवं पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सके।

*योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान*

राज्यपाल ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यालयों, छात्रावासों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में नियमित योग शिविर आयोजित करने तथा आम नागरिकों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

*टीबी उन्मूलन एवं विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास पर विशेष ध्यान*

राज्यपाल ने जिले में टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि जिले के सभी आदि सेवा केंद्र सक्रिय हैं तथा प्रत्येक सोमवार को निर्धारित समय तक ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं आवेदन प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए स्वयंसेवकों की भी नियुक्ति की गई है। 

*नालंदा लाइब्रेरी की सराहना करते हुए युवाओं के लिए बताया उपयोगी*

राज्यपाल ने जिले में संचालित सामुदायिक लाइब्रेरी की जानकारी ली और नालंदा लाइब्रेरी की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया। बैठक में जानकारी दी गई कि जिला मुख्यालय के साथ जिले के धरमजयगढ़, तमनार, घरघोड़ा एवं लैलूंगा जैसे सुदूर विकासखंडों में भी नालंदा लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

*महिलाओं को स्वरोजगार एवं आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश*

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों एवं लखपति दीदी पहल की जानकारी लेते हुए राज्यपाल ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को महिलाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार एवं आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला है।

*नशामुक्ति, सहकारिता एवं डिजिटल सेवाओं पर चर्चा* 

राज्यपाल ने नशामुक्ति अभियान को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए इस दिशा में जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने सहकारिता विभाग को निष्क्रिय समितियों के स्थान पर प्रत्येक ग्राम पंचायत में नई समितियों के गठन की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा करते हुए दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों के समय भारी वाहनों एवं डंपरों के आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण रखने को कहा, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

*रेडक्रॉस एवं एनसीसी को मजबूत बनाने पर जोर*

राज्यपाल ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों की संख्या बढ़ाने तथा अधिकाधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने एनसीसी गतिविधियों की भी जानकारी ली और युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने पर बल दिया। बैठक के अंत में राज्यपाल श्री रमेन डेका का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, डीएफओ रायगढ़ श्री अरविंद पी.एम., डीएफओ धरमजयगढ़ श्री जितेंद्र उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर श्री रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम, सुश्री शिल्पा भगत सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में किसानों को मिला 40 करोड़ का मुआवजा

रायगढ़, 31 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण की दिशा में लगातार प्रभावी पहल की जा रही है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में जिंदल पावर लिमिटेड की ऐश स्लरी पाइपलाइन से प्रभावित किसानों की लंबे समय से लंबित मांग पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रशासन की पहल पर संबंधित उद्योग ने प्रभावित किसान परिवारों के लिए 40 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी कर दी है, जिससे वर्षों से उचित मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है।
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा विकासखंड अंतर्गत तमनार क्षेत्र में स्थापित जिंदल पावर लिमिटेड द्वारा ऐश स्लरी पाइपलाइन परियोजना के लिए लगभग 6.7 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई, जिसके लिए चार गांवों के 60 किसान परिवारों की 52.64 एकड़ निजी भूमि का उपयोग किया गया।  
 किसान लंबे समय से शासन से उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे।
प्रभावित किसानों ने अपनी मांग कलेक्टर जनदर्शन सहित विभिन्न माध्यमों से भी आवेदन दिए गए। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने पूरे प्रकरण को प्राथमिकता के साथ संज्ञान में लिया।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने मामले की विस्तृत जांच के लिए घरघोड़ा के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी को निर्देशित किया। जांच के दौरान किसानों की शिकायतें तथा नियमानुसार उचित मुआवजे की मांग तथ्यात्मक रूप से सही पाई गई। इसके बाद कलेक्टर ने जिंदल पावर लिमिटेड के जिम्मेदार अधिकारियों को तलब कर प्रभावित किसानों के वैधानिक हितों के अनुरूप मुआवजा उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जिला प्रशासन की सतत पहल, प्रभावी समन्वय और निरंतर अनुश्रवण के परिणामस्वरूप संबंधित उद्योग द्वारा प्रभावित किसान परिवारों के लिए 40 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी कर दी गई। 
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), घरघोड़ा श्री प्रवीण तिवारी ने बताया कि वर्ष 2025 में संबंधित उद्योग द्वारा किसानों की निजी भूमि पर   लगभग 6.7 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई थी।  इस परियोजना से तमनार क्षेत्र के बुड़िया, बायंगड़ी, झिकाबहाल एवं लिबरा गांवों के कुल 60 किसान परिवार प्रभावित हुए हैं।
जिंदल पावर लिमिटेड की ऐश स्लरी पाइपलाइन परियोजना से फ्लाई ऐश के वैज्ञानिक परिवहन, सड़क पर भारी वाहनों के दबाव में कमी, धूल प्रदूषण में कमी तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक परिचालन लाभ प्राप्त हो रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि विकास परियोजनाओं के साथ किसानों के वैधानिक अधिकारों और हितों का पूर्ण संरक्षण हो तथा उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
रायगढ़ जिला प्रशासन की यह पहल राज्य शासन की पारदर्शिता जनकेंद्रित और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है, जिसने प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाते हुए शासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत किया है।

और भी

धान छोड़ सन की खेती की ओर बढ़े लैलूंगा के किसान सुखदेव सिदार,चार एकड़ में लगाया सन बीज, बीज निगम करेगा खरीदी, चार लाख रुपये आय का अनुमान

रायगढ़, 31 जुलाई 2026/ धान की खेती के लिए पहचाने जाने वाले लैलूंगा क्षेत्र में किसान अब लाभकारी वैकल्पिक फसलों की ओर भी बढ़ रहे हैं। लैलूंगा विकासखंड के ग्राम केराटीकरा के किसान श्री सुखदेव सिदार ने इस वर्ष धान का रकबा कम कर चार एकड़ में सन बीज की खेती शुरू की है। करीब 40 से 50 एकड़ में खेती करने वाले श्री सिदार ने  कृषि विभाग की सलाह पर यह फसल परिवर्तन किया है। सन की खेती के लिए उन्हें कृषि विभाग के माध्यम से बीज निगम रायगढ़ से आधार बीज उपलब्ध कराया गया है। चार एकड़ में बोई गई इस फसल से लगभग 30 क्विंटल उत्पादन होने का अनुमान है। तैयार बीज की खरीदी बीज निगम रायगढ़ द्वारा की जाएगी। 15 हजार रुपये प्रति क्विंटल की संभावित दर के आधार पर किसान को करीब चार लाख रुपये की आय होने की संभावना है।
            सुखदेव सिदार केवल नई फसल को नहीं अपना रहे हैं, बल्कि क्षेत्र की पहचान मानी जाने वाली सुगंधित जवाफूल धान की खेती भी कर रहे हैं। इस वर्ष उन्होंने लगभग तीन से चार एकड़ में जवाफूल धान लगाया है। खेती के साथ वे डेयरी व्यवसाय भी संचालित कर रहे हैं। उनके पास चार से पांच अच्छी नस्ल की गाय हैं, जिनसे दूध उत्पादन हो रहा है। डेयरी से प्राप्त गोबर से वे जैविक खाद तैयार कर अपनी कृषि भूमि में उपयोग करते हैं। इससे खेती की लागत कम करने और भूमि की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिल रही है। इसके अलावा इस वर्ष उन्होंने वन विभाग के सहयोग से लगभग तीन एकड़ में सागौन का पौधारोपण भी किया है।

*फसल विविधीकरण को बढ़ावा दे रही कृषक उन्नति योजना*

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर संचालित कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर वैकल्पिक फसल लेने वाले किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पात्रता के अनुसार श्री सिदार को भी योजना का लाभ मिलेगा। योजना के तहत वैकल्पिक फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती, उन्नत बीज और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में किसानों को धान के साथ अन्य लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। फसल विविधीकरण से किसानों को खेती में नए विकल्प मिलेंगे और आय बढ़ाने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

और भी

राज्यपाल श्री रमेन डेका आज रायगढ़ प्रवास पर ,जिला एवं विकासखंड स्तरीय चर्चा में होंगे शामिल, कल ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में करेंगे शिरकत

रायगढ़, 31 जुलाई 2026।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका दो दिवसीय प्रवास पर आज रायगढ़ पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शुक्रवार को रायपुर से सड़क मार्ग द्वारा रायगढ़ आएंगे। रायगढ़ प्रवास के दौरान वे जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण चर्चा बैठक में शामिल होकर विभिन्न विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके पश्चात राज्यपाल रात्रि विश्राम रायगढ़ में करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल श्री डेका प्रातः 9:30 बजे लोक भवन, रायपुर से प्रस्थान करेंगे। दोपहर में रायगढ़ पहुंचने के उपरांत विश्राम के बाद अपराह्न 4 बजे कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन कक्ष में आयोजित जिला एवं विकासखंड स्तरीय चर्चा बैठक में शामिल होंगे। समीक्षा बैठक के पश्चात वे पतरापाली स्थित जिंदल स्टील गेस्ट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है।

राज्यपाल श्री रमेन डेका एक अगस्त, शनिवार को प्रातः 11 बजे जिंदल स्टील गेस्ट हाउस से ओपी जिंदल विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां वे विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगे तथा उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देंगे। समारोह के बाद वे दोपहर में रायगढ़ से सड़क मार्ग द्वारा रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

और भी

VSK ऐप की तकनीकी खामियों पर शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान: 15 अगस्त तक होगा समाधान, किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा; 85% शिक्षक रोज दर्ज कर रहे ऑनलाइन उपस्थिति

रायगढ़, 30 जुलाई 2026।स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि शिक्षक संगठनों एवं शिक्षकों द्वारा VSK ऐप में आ रही तकनीकी त्रुटियों एवं एरर संबंधी शिकायतों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि VSK ऐप में आने वाली तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। शिक्षकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।श्री यादव ने बताया कि संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी टीम को VSK ऐप में आ रही सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। लक्ष्य निर्धारित किया गया है कि 15 अगस्त तक ऐप में आ रही तकनीकी खामियों का समाधान कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाया जाए, ताकि शिक्षकों को बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की सुविधा मिल सके।शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से लगभग डेढ़ लाख शिक्षक लगभग 85 प्रतिशत शिक्षक प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह दर्शाता है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक केवल शिक्षण कार्य ही नहीं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार उनके इस सहयोग, अनुशासन और समर्पण का सम्मान करती है। शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर VSK ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी एवं प्रभावी बनाया जाएगा।श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई आती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा।उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की भांति VSK ऐप का उपयोग करते रहें तथा यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव हो तो उसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुँचाएँ। सरकार प्रत्येक सुझाव का सकारात्मक परीक्षण कर आवश्यक सुधार करेगी, ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बन सके।

और भी

रायगढ़ के विकास कार्यों पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई! मरीन ड्राइव से कयाघाट पुल तक किया औचक निरीक्षण, गोगा नाला, प्यासा मैदान और शतरंज क्लब को लेकर दिए सख्त निर्देश

रायगढ़, 30 जुलाई 2026/ शहर के प्रमुख विकास कार्यों को गति देने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज मरीन ड्राइव, कयाघाट पुल, गोगा नाला, नटवर स्कूल तथा प्यासा मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान बाढ़ सुरक्षा, शहरी अधोसंरचना, खेल सुविधाओं तथा जनसुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
            कलेक्टर ने मरीन ड्राइव एवं कयाघाट पुल में निर्माण कार्यों की प्रगति, आवागमन की वर्तमान स्थिति तथा नागरिक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण हों तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गोगा नाला का निरीक्षण कर प्रस्तावित पुल निर्माण एवं नाला विस्तारीकरण परियोजना की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद वर्षा ऋतु में जल निकासी व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, शहर में जलभराव की समस्या कम होगी तथा बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने में भी मदद मिलेगी। 
             कलेक्टर ने परियोजना के तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्यासा मैदान का भी निरीक्षण किया। यहां मैदान को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं बहुउद्देशीय खेल परिसर के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रस्तावित कार्यों में मैदान का समतलीकरण, विभिन्न खेल गतिविधियों के अनुरूप अधोसंरचना का विकास, खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का निर्माण तथा नागरिकों के लिए बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना शामिल है। 

*नटवर स्कूल में बन रहे शतरंज क्लब का किया अवलोकन*

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नटवर स्कूल परिसर में निर्माणाधीन शतरंज क्लब का भी अवलोकन किया। उन्होंने उपलब्ध अधोसंरचना, परिसर विकास तथा प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने तथा आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।

*गुणवत्ता और पारदर्शिता से करें विकास कार्य*

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्यों की सतत समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लेकर परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को शीघ्र बेहतर अधोसंरचना एवं सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अभियंता श्री अमरेश लोहिया, हाउसिंग बोर्ड, एसईसीएल तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं तकनीकी अमला उपस्थित रहा।

और भी

"शिक्षा ही बदलती है किस्मत और समाज की तस्वीर": वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शाला प्रवेशोत्सव से दिया बड़ा संदेश, 50 लाख के शिक्षा कार्यालय भवन का भूमिपूजन, 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

रायगढ़, 30 जुलाई 2026/ जिले के नगर पंचायत पुसौर में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में गुरुवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव-2026 उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री तथा रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भवन के लिए भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा शिक्षा को उत्सव का स्वरूप देते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। 
         इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी, जिला पंचायत सदस्य श्री ब्रजेश गुप्ता, श्रीमती भाग्यवती डोलनारायण नायक, श्रीमती लक्ष्मी जीवन पटेल, नगर पंचायत पुसौर उपाध्यक्ष श्री उमेश साव, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पुसौर श्रीमती खीरमती चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री विकास केडिया, श्री जैमिनी गुप्ता, श्री अनुपम पाल, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू, एसडीएम श्री महेश शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक एवं अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
             कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के पूजन-अर्चन तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी बच्चे के विद्यालय में प्रवेश के साथ ही उसके सपनों को नई उड़ान मिलती है। शिक्षा वह शक्ति है जो व्यक्ति का ही नहीं, पूरे समाज का भविष्य बदल सकती है। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद लक्ष्य और योजनाबद्ध तैयारी से उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा तक का सफर तय किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसी के अनुरूप मेहनत करें। केवल पढ़ाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी तय होना चाहिए कि जीवन में क्या बनना है। उन्होंने कहा कि आज हमारे प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के अनेक शैक्षणिक संस्थान और अवसर उपलब्ध हैं, जिनकी जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। यदि कोई विद्यार्थी राष्ट्रीय संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करता है तो उसे हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को आईएएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली भेज रही है, जहां रहने और पढ़ाई का खर्च सरकार वहन करती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा के सामने गरीबी कभी बाधा नहीं बन सकती।
            वित्तमंत्री श्री चौधरी ने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जिन शिक्षकों के बच्चे सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत हैं, उनका मंच से सम्मान भी किया गया। उन्होंने प्राचार्यों और शिक्षकों से आह्वान किया कि वे ऐसे उत्कृष्ट विद्यालय विकसित करें, जहां अपने बच्चों का प्रवेश दिलाने के लिए लोग स्वयं आग्रह करें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पुसौर में भी नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर बनाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

*स्कूल जाना बच्चों के लिए त्योहार जैसा अनुभव बने: कलेक्टर*

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य केवल नए विद्यार्थियों का प्रवेश कराना नहीं, बल्कि विद्यालय आने को बच्चों के लिए उत्सव जैसा अनुभव बनाना है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि घर में बच्चों के लिए पढ़ाई का एक विशेष कोना तैयार करें, जहां पुस्तकें और बस्ता व्यवस्थित रखें, ताकि बच्चों में अध्ययन के प्रति आत्मीयता विकसित हो। अभिभावक प्रतिदिन बच्चों से यह अवश्य पूछें कि आज विद्यालय में क्या नया सीखा। कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि कोई भी बच्चा पढ़ाई बीच में न छोड़े। पाठ्यक्रम की पुस्तकों के अतिरिक्त प्रत्येक विद्यार्थी को वर्ष में कम से कम दो अतिरिक्त पुस्तकें-जैसे महापुरुषों की जीवनी, प्रेरक साहित्य अथवा कहानी संग्रह-पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उनमें व्यापक दृष्टिकोण विकसित हो। जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक विद्यार्थी उत्साहपूर्वक विद्यालय से जुड़े।

*मेधावी, दिव्यांग छात्रा और सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान*

कार्यक्रम में कक्षा 10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले क्षेत्र के 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पूर्णतः दृष्टिबाधित छात्रा कामिनी यादव को 86 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। स्कूली छात्राओं को सायकल और नवप्रवेशी बच्चों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में न्योता भोज का भी आयोजन किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी ने शाला प्रवेशोत्सव को जनउत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

और भी

रायगढ़ में बैंकिंग क्रांति की नई शुरुआत! वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इंडियन ओवरसीज बैंक की आधुनिक शाखा का किया लोकार्पण, व्यापार, उद्योग, किसानों, महिलाओं और युवाओं को मिलेगा वित्तीय सशक्तिकरण का बड़ा तोहफा

रायगढ़ 30 जुलाई 2026। शहर के चैतन्य नगर स्थित कृष्णा क्राउन कॉम्प्लेक्स में इंडियन ओवरसीज बैंक की नवीन शाखा का लोकार्पण गुरुवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर बैंक की नई शाखा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है।
कार्यक्रम में इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक (रायपुर) श्री गौरी शंकर नायक,सहित जनप्रतिनिधियों, बैंक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट के साथ हुआ। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने अतिथियों को शाखा में उपलब्ध आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं तथा विभिन्न ग्राहक हितैषी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
नई शाखा में बचत एवं चालू खाते खोलने की सुविधा के साथ इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, एटीएम सेवा, डिजिटल बैंकिंग, कृषि एवं व्यवसायिक ऋण सहित अनेक आधुनिक वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुगम बैंकिंग सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त हो सकेंगी।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रत्येक नागरिक तक सुरक्षित, पारदर्शी और सुलभ बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बैंक की नई शाखा खुलने से स्थानीय व्यापारियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं उद्यमियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री गौरी शंकर नायक ने कहा कि बैंक आधुनिक तकनीक आधारित सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर, तेज और भरोसेमंद बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रायगढ़ की यह नई शाखा ग्राहकों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी और क्षेत्र में बैंक की सेवाओं को नई पहचान दिलाएगी।
समारोह में नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य श्री मुक्तिनाथ, श्री पवन अग्रवाल,  इंडियन ओवरसीज बैंक के राज्य विपणन प्रमुख एवं आईटी उत्पाद के वरिष्ठ प्रबंधक श्री बृजेश सिंह गौतम, रायगढ़ शाखा प्रबंधक श्री प्रताप कुमार प्रधान, सहायक प्रबंधक श्री जयराम दोराई, लिपिक श्री संजय डे सहित बैंक के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने इंडियन ओवरसीज बैंक की नवीन शाखा के शुभारंभ पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह शाखा रायगढ़ में वित्तीय सेवाओं के विस्तार, डिजिटल बैंकिंग को प्रोत्साहन, स्थानीय व्यापार एवं उद्योग को मजबूती तथा आम नागरिकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

और भी

गुरु पूर्णिमा पर बनोरा अघोर गुरु पीठ पहुंचे सीएम विष्णु देव साय, बाबा प्रियदर्शी राम से लिया आशीर्वाद, कैलाशपति धाम में किया जलाभिषेक

रायगढ़, 29 जुलाई 2026/ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां श्रद्धा और आस्था के साथ अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के भी दर्शन किए और उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
          इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री गुरुपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री विवेक रंजन सिंह एवं श्री पवन शर्मा, आईजी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

*तीन दशक पहले रखी गई थी बनोरा अघोर गुरु पीठ की नींव*

रायगढ़ जिले के पूर्वांचल में स्थित ग्राम बनोरा आज आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ मानव सेवा और समाज कल्याण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। छत्तीसगढ़ में अघोर पंथ के बीजारोपण और उसके विस्तार में बनोरा अघोर गुरु पीठ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। करीब तीन दशक पहले पूज्य अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के कर कमलों से ग्राम बनोरा में अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की नींव रखी गई थी।
          स्थापना के बाद से ही यह ट्रस्ट आध्यात्मिक मूल्यों, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक संस्कारों को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। अघोरेश्वर महाप्रभु ने समाज के विकास और मानव कल्याण की व्यापक अवधारणाओं को आगे बढ़ाया। उनकी इसी विचारधारा को बाबा प्रियदर्शी राम जी ने आगे बढ़ाते हुए बनोरा को सेवा, साधना और संस्कारों का केंद्र बनाया। बनोरा से शुरू हुई यह सेवा परंपरा धीरे-धीरे देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची। बाबा प्रियदर्शी राम जी के मार्गदर्शन में बनोरा से जुड़ी विभिन्न शाखाओं एवं अन्य प्रांतों में भी मानव सेवा की गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।

*शिक्षा, चिकित्सा और सेवा के माध्यम से समाज कल्याण में अहम योगदान*

अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा और इससे जुड़ी शाखाएं आध्यात्मिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर मानव सेवा को अपनी कार्यप्रणाली का प्रमुख आधार बनाए हुए हैं। आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद, बेसहारा और वंचित लोगों की सहायता के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाती हैं। शिक्षा, चिकित्सा और आध्यात्मिक संस्कारों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सहयोग देने का कार्य लगातार किया जा रहा है। ट्रस्ट से जुड़ी संस्थाएं लोगों को जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं से जोड़ने के साथ ही मानवीय मूल्यों, सेवा भावना और संस्कारों के विकास में भी योगदान दे रही हैं। जरूरतमंदों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

 *कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री साय*

बनोरा स्थित अघोर गुरु आश्रम से लौटते समय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय रायगढ़ के पंडरीपानी स्थित कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय स्वागत किया।

और भी

सावन की पूर्व संध्या पर कैलाशपति धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भगवान मनकामेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मांगी कामना

रायगढ़, 29 जुलाई 2026/ सावन माह के पावन आगमन की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम-पंडरीपानी स्थित प्रसिद्ध कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान मनकामेश्वर महादेव के दर्शन कर शिवलिंग पर जल अर्पित किया और जलाभिषेक करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी उपस्थित थे। 
            मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान शिव से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और विकास के साथ प्रदेश के सभी नागरिकों के स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने प्रदेश में शांति, सौहार्द और समृद्धि बनी रहने तथा जन-जन के जीवन में सुख-समृद्धि आने की प्रार्थना की। सावन माह के प्रारंभ होने से पहले भगवान शिव की आराधना के इस अवसर पर मंदिर परिसर में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
              इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री गुरुपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री विवेक रंजन सिंह एवं श्री पवन शर्मा, आईजी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

*भगवान शिव के दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह*

मुख्यमंत्री के कैलाशपति धाम पहुंचने पर मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सावन माह की शुरुआत से पहले भगवान मनकामेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर में भक्तिमय माहौल बना रहा। मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सावन माह भगवान शिव की उपासना के लिए विशेष महत्व रखता है।

और भी