रायगढ़ में देह व्यापार के दो बड़े अड्डों पर पुलिस का एक साथ छापा, दो नाबालिग बालिकाएं मुक्त, दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 31 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर दो देह व्यापार के अड्डों का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराकर संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह संयुक्त कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में थाना साइबर, कोतवाली और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
लालटंकी में योजनाबद्ध कार्रवाई, पाइंटर ग्राहक बनाकर पुलिस ने पकड़ा गिरोह
पुलिस को सूचना मिली थी कि लालटंकी दानीपारा स्थित एक मकान में लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पहले एक पाइंटर ग्राहक को 1,500 रुपये देकर मकान भेजा। तय संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान की संचालिका लक्ष्मी शर्मा (46 वर्ष) मौके पर मिली। पुलिस ने उसके कब्जे से पाइंटर को दिए गए 1,500 रुपये तथा एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया। तलाशी के दौरान एक कमरे में एक नाबालिग बालिका के साथ ऋषभ शर्मा (24 वर्ष) मिला, जबकि दूसरे कमरे में एक अन्य नाबालिग बालिका भी मौजूद थी। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
पूछताछ में लक्ष्मी शर्मा ने स्वीकार किया कि वह पिछले एक-दो वर्षों से अपने मकान में लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार कराती थी तथा ग्राहकों से मिलने वाली राशि में से लड़कियों को भुगतान करती थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 एवं 5 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है। मुक्त कराई गई दोनों नाबालिग बालिकाओं की काउंसलिंग कराई गई और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई।
मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक में भी चल रहा था देह व्यापार
इसी दौरान थाना साइबर और जूटमिल पुलिस की दूसरी टीम ने मुखबिर की सूचना पर मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित एक मकान में भी छापा मारा। यहां भी पहले पाइंटर ग्राहक भेजा गया और संकेत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान मकान संचालिका सुनीता मेहर (48 वर्ष) मौके पर मिली। मकान के एक कमरे में अभय सिंह (42 वर्ष) निवासी मूलतः सिवान (बिहार) वर्तमान निवासी पूंजीपथरा, एक महिला के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ में दोनों ने अनैतिक कार्य के उद्देश्य से वहां मौजूद होना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।
मौके पर मौजूद दो अन्य महिलाओं ने भी पुलिस को बताया कि वे सुनीता मेहर के बुलावे पर देह व्यापार के लिए वहां आई थीं। इस मामले में सुनीता मेहर और अभय सिंह के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 एवं 5 के तहत जूटमिल थाना में अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
दो नाबालिगों को सुरक्षित संरक्षण, परिजनों को सौंपा गया
पुलिस ने लालटंकी से मुक्त कराई गई दोनों नाबालिग बालिकाओं को संरक्षण में लेकर उनकी काउंसलिंग कराई। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस का कहना है कि बालिकाओं के पुनर्वास और सुरक्षा से संबंधित सभी कानूनी प्रावधानों का पालन किया जा रहा है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के शोषण से जुड़े अपराधों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अनैतिक देह व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे मामलों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में महिलाओं एवं बच्चों के शोषण, अनैतिक गतिविधियों और संगठित अपराधों के खिलाफ इसी प्रकार की सघन और योजनाबद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।