ताजा खबरें


बड़ी खबर

प्रधानमंत्री के 'मन की बात' में गूंजा कोरबा का जल संरक्षण मॉडल ,'कैच द रेन' अभियान में नगर निगम के नवाचारों की प्रधानमंत्री ने की सराहना

रायपुर 26 जुलाई 2026/ जल संरक्षण के क्षेत्र में कोरबा जिले के नवाचारों और जनभागीदारी आधारित प्रयासों को आज राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण पहचान मिली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम *मन की बात* के 136वें एपिसोड में कोरबा नगर पालिक निगम द्वारा *कैच द रेन* अभियान के अंतर्गत किए जा रहे वर्षा जल संरक्षण कार्यों का उल्लेख करते हुए इसे जल संवर्धन की प्रभावी पहल बताया। यह उपलब्धि कोरबा नगर पालिक निगम, जिला प्रशासन एवं जिलेवासियों के लिए गौरव का विषय है।

*'कैच द रेन' अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन*

       कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा नगर पालिक निगम, कोरबा के आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से अनेक नवाचारी एवं स्थायी पहल की गई हैं। 'कैच द रेन' अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत वर्षा जल का अधिकतम संचयन एवं भूजल स्तर में वृद्धि के लिए शहर में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
एसएएम-2.0 योजना के अंतर्गत शहर के 10 विभिन्न स्थानों पर रिचार्ज वेल का निर्माण कराया गया है। इनका निर्माण नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर (इसरो) के तकनीकी विशेषज्ञों के परामर्श से इंजेक्ट वेल पद्धति के अनुसार किया गया है। इन रिचार्ज वेल के माध्यम से भारी वर्षा के दौरान सड़कों एवं नालियों में बहने वाले वर्षा जल को सीधे भूगर्भ में पहुंचाया जा रहा है, जिससे जल का अपव्यय रुक रहा है तथा भूजल स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।

*1,728 रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट स्थापित*

         नगर निगम ने वर्षा जल संचयन को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शासकीय भवनों में 757 तथा निजी भवनों में 971, कुल 1,728 रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट स्थापित कराए हैं। साथ ही भवन अनुज्ञा विभाग द्वारा जारी प्रत्येक भवन निर्माण अनुमति में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य प्रावधान के रूप में शामिल किया गया है।

*रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट का प्रावधान अनिवार्य*


           इसके अतिरिक्त सामुदायिक भवनों, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों, आंगनबाड़ी भवनों, मंगल भवनों तथा अन्य सार्वजनिक उपयोग के भवनों के निर्माण में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट का प्रावधान अनिवार्य किया गया है। वर्तमान में 109 निर्माण कार्यों के लिए कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं, जिनमें वर्षा जल संचयन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

*95 अनुपयोगी, क्षतिग्रस्त एवं ध्वस्त बोरवेलों का चिन्हांकन कर रिचार्ज*

          भूजल संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थित 95 अनुपयोगी, क्षतिग्रस्त एवं ध्वस्त बोरवेलों का चिन्हांकन कर उन्हें रिचार्ज संरचनाओं के रूप में विकसित करने के लिए री-ड्रिलिंग की कार्ययोजना तैयार की गई है। इससे अनुपयोगी संसाधनों का उपयोग जल संरक्षण के लिए किया जा सकेगा।

*वाटर हार्वेस्टिंग पिट के माध्यम से जल संरक्षण को भी बढ़ावा*

         जल संरक्षण के साथ-साथ जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के लिए भी व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। वन विभाग द्वारा कोरबा एवं कटघोरा वनमंडल में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है तथा वाटर हार्वेस्टिंग पिट के माध्यम से जल संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कोरबा वनमंडल में इस वर्ष ढाई लाख पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

*सभी शासकीय कार्यालयों के परिसरों में वृक्षारोपण को प्रोत्साहन*

          कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिले में 15 सितंबर तक *एक पेड़ माँ के नाम* सहित सघन वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम द्वारा 18 जुलाई को "रन फॉर ग्रीन कोरबा" का आयोजन कर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता से पौधरोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही बीबी-राम-जी अभियान के माध्यम से पौधों का वितरण कर सभी शासकीय कार्यालयों के परिसरों में वृक्षारोपण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

*प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 'मन की बात' में कोरबा के जल संरक्षण मॉडल का उल्लेख किया*

        प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 'मन की बात' में कोरबा के जल संरक्षण मॉडल का उल्लेख किया जाना इस बात का प्रमाण है कि स्थानीय स्तर पर दूरदृष्टि, नवाचार और जनभागीदारी के साथ किए गए प्रयास राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रेरणा बन सकते हैं। कोरबा नगर पालिक निगम का यह मॉडल अब जल संरक्षण के क्षेत्र में देश के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण के रूप में उभर रहा है।

*रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं स्थापित कर वर्षा जल संचयन को जनआंदोलन बनाएं*

       कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं निगमायुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों, संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं स्थापित कर वर्षा जल संचयन को जनआंदोलन बनाएं तथा जल संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

और भी

ऑपरेशन क्लीन हंट में बड़ी सफलता: फल विक्रेता पर चाकू से हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत कोतवाली पुलिस ने पुराना शनि मंदिर के पास फल विक्रेता पर चाकू से हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद अफसर उर्फ अफसर खान (37) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को सोनूमुड़ा नवापारा निवासी बलराम यादव (50), जो पुराना शनि मंदिर के पास फल का ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करते हैं, पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया था। बताया गया कि आरोपी पहले शराब पीने के लिए रुपये मांगने आया, जिस पर बलराम यादव ने उसे 100 रुपये दिए। कुछ समय बाद आरोपी दोबारा पैसे मांगने पहुंचा। रुपये देने से इनकार करने पर उसने फल काटने वाले चाकू से हमला कर मौके से फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 255/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को शहर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

और भी

आंगनबाड़ी से स्कूल तक 8,486 बच्चों की नई शुरुआत, विद्यारंभ प्रमाण-पत्र के साथ हुआ शाला प्रवेश

रायगढ़, 24 जुलाई 2026/ जिले में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ आधार प्रदान करने की दिशा में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार छह वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों का विभिन्न विद्यालयों में शाला प्रवेश कराया गया। इस अभियान के तहत 8,486 बच्चों ने विद्यालयी शिक्षा की नई शुरुआत की। शाला प्रवेश से पूर्व सभी बच्चों को आंगनबाड़ी केन्द्रों से विद्यारंभ प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। आंगनबाड़ी केन्द्रों में समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) के अंतर्गत बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं के साथ प्रारंभिक एवं अनौपचारिक शिक्षा भी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे विद्यालयी शिक्षा के लिए पूरी तरह तैयार होकर प्रवेश लें।

*शिक्षा की मजबूत नींव तैयार कर रहे आंगनबाड़ी केन्द्र*

आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यहां बच्चों में सीखने की रुचि, सामाजिक व्यवहार और विद्यालयीन वातावरण के अनुरूप आवश्यक कौशल विकसित किए जाते हैं। यही कारण है कि विद्यालय में प्रवेश के समय बच्चे आत्मविश्वास के साथ अपनी नई शैक्षणिक यात्रा शुरू कर रहे हैं।
          जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि जिले में विद्यालयों में प्रवेश लेने वाले 8,486 बच्चों में से 6,385 बच्चों ने शासकीय तथा 2,101 बच्चों ने निजी विद्यालयों में प्रवेश लिया। परियोजनावार देखें तो मुकडेगा में 296, धरमजयगढ़ में 1,402, खरसिया में 1,125, रायगढ़ शहरी में 446, रायगढ़ ग्रामीण में 993, तमनार में 677, लैलूंगा में 690, पुसौर में 917, घरघोड़ा में 952 तथा कापू में 988 बच्चों का शाला प्रवेश कराया गया। बच्चों के विद्यालय में प्रवेश होने पर पालकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में मिली प्रारंभिक शिक्षा से बच्चों को विद्यालय के वातावरण में सहजता से ढलने में मदद मिलेगी। उन्होंने जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत शुरुआत बताया।

और भी

रायगढ़ में 29 जुलाई को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 173 पदों पर होगी सीधी भर्ती

रायगढ़, 24 जुलाई 2026/ जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय रोजगार सेवा अंतर्गत जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायगढ़ द्वारा 29 जुलाई को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10.30 बजे जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायगढ़ में आयोजित होगा। इस मेले में चार प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी, जिनके माध्यम से 173 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

*चार कंपनियां करेंगी भर्ती, विभिन्न पदों पर मिलेगा रोजगार*

रोजगार मेले में श्रीराम फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, जेएसडब्ल्यू नहरपाली खरसिया रोड, रायगढ़, श्री कृष्णा अर्थ मूवर्स नीयर सीएमओ ऑफिस के पास, रायगढ़ तथा में.प्रगति फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, बिलासपुर भाग लेंगी। श्रीराम फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा टू-व्हीलर फाइनेंसर, पर्सनल लोन बिजनेस, लोन ऑफिसर, इंश्योरेंस ऑफिसर एवं कलेक्शन ऑफिसर के 40 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है तथा वेतनमान 10 हजार से 12 हजार रुपये प्रतिमाह होगा। मे. जेएसडब्ल्यू नहरपाली द्वारा अप्रेंटिसशिप के तहत टर्नर, फिटर, कोपा, वेल्डर, पेंटर एवं कारपेंटर के 14 पदों पर भर्ती होगी। इन पदों के लिए आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। मूवर्स नीयर द्वारा इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, फिटर, टीपर ड्राइवर, एक्सीवेटर ऑपरेटर, लोडर ऑपरेटर एवं अकाउंटेंट सहित 49 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं, आईटीआई, मैकेनिकल आईटीआई एवं बीकॉम टेली जैसी शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। वहीं मे. प्रगति फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, बिलासपुर द्वारा फील्ड ऑफिसर के 70 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। 

*ई-रोजगार पोर्टल में पंजीयन आवश्यक, मौके पर भी होगी सुविधा*

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का ई-रोजगार पोर्टल में पंजीकृत होना आवश्यक है। जिन अभ्यर्थियों का पंजीयन नहीं हुआ है, वे रोजगार मेले के दिन भी मौके पर अपना पंजीयन करा सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अंकसूची, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर उपस्थित होने की सलाह दी गई है। जिला रोजगार अधिकारी ने जिले के योग्य एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के अवसर का लाभ उठाएं। रिक्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल अथवा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायगढ़ से प्राप्त की जा सकती है।

और भी

एक कॉल पर घर पहुंचेगा निःशुल्क पौधा: रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर शुरू की अनोखी सेवा, अब टोल-फ्री नंबर पर कॉल करते ही मिलेगी हरियाली की सौगात

रायगढ़, 24 जुलाई 2026/ प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी रायगढ़ प्रवास के दौरान आज सुबह अपने निवास कार्यालय से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वन मंडल रायगढ़ की अभिनव पहल के तहत निःशुल्क पौधा वितरण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अब रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के नागरिक केवल एक टोल-फ्री नंबर 8305186853 एवं 18002332631 पर कॉल कर अपने घर तक निःशुल्क पौधे मंगवा सकेंगे। इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ रायगढ़ श्री अरविंद पीएम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
           वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि वन विभाग ने रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के लोगों के लिए एक बेहद सराहनीय व्यवस्था शुरू की है। कोई व्यक्ति अपने घर, आंगन, बाड़ी, बगीचे, खेत, तालाब किनारे या किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर पौधा लगाना चाहता है, तो उसे केवल वन विभाग के टोल-फ्री नंबर पर कॉल करना होगा। कॉल प्राप्त होने के बाद विभाग की टीम सीधे उसके घर पहुंचकर निःशुल्क पौधा उपलब्ध कराएगी। इससे लोगों को पौधों के लिए नर्सरी या कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण से जुड़ सकेंगे। पर्यावरण संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृऋण चुकाने का प्रतीक है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाले वर्षों में रायगढ़ हरियाली की नई पहचान बन सकता है। 

*फलदार, छायादार सहित अन्य प्रजातियों के पौधों की होगी उपलब्धता*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वन विभाग द्वारा इस योजना के तहत अच्छी गुणवत्ता वाले स्वस्थ पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार फलदार, छायादार एवं अन्य उपयोगी प्रजातियों के पौधे प्राप्त कर सकेंगे। यदि कोई अपने घर या खेत में आम, अमरूद, नींबू अथवा अन्य फलदार पौधे लगाना चाहता है, तो उन्हें भी प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल होगा जब अच्छे और स्वस्थ पौधे लोगों तक आसानी से पहुंचेंगे, और वन विभाग इसी उद्देश्य से यह सेवा शुरू कर रहा है।

*हर नागरिक लगाए एक पेड़, हराभरा बने रायगढ़: वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी*

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां भी थोड़ी-सी जगह उपलब्ध हो-घर का परिसर, बगीचा, तालाब का किनारा, पार्क या अन्य सार्वजनिक स्थल वहां अवश्य पौधारोपण करें। उन्होंने कहा कि एक पेड़ केवल हरियाली नहीं देता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध पर्यावरण और बेहतर जीवन का आधार बनता है। उन्होंने नागरिकों से वन विभाग की इस जनहितैषी योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

और भी

सुशासन सरकार की रफ्तार: रायगढ़ में विकास परियोजनाओं का वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश

रायगढ़, 24 जुलाई 2026/ प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी ने कहा कि सुशासन की सरकार में रायगढ़ के समग्र विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। शहर में नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने शहर की प्रमुख निर्माणाधीन परियोजनाओं का गुणवत्ता सुनिश्चित करने स्थलीय निरीक्षण भी किया और प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए। 
            निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने फोर-लेन सड़क, गोवर्धनपुर पुल, मरीन ड्राइव, दूध डेयरी एवं एफसीआई ऑक्सीजोन, चांदमारी एवं मोदीनगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और लोहरसिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। प्रत्येक स्थल पर उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता, कार्य की समय-सीमा तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। 

*शहर में फोर-लेन सड़क निर्माण से मिलेगी यातायात को नई दिशा*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए कोतरारोड थाना चौक से ढिमरापुर, ढिमरापुर से सीएमएचओ कार्यालय तिराहा तथा सर्किट हाउस मार्ग सहित विभिन्न हिस्सों में फोर-लेन सड़क निर्माण से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी तथा नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। इसी तरह गोवर्धनपुर पुल शहर की बहुप्रतीक्षित और महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। इसका कार्यादेश जारी हो चुका है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य तेज गति से प्रारंभ होगा। पुल बनने के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा और लोगों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।

*वर्षों से लंबित परियोजनाओं को मिल रही प्राथमिकता*

वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं पिछले तीन से चार दशकों से विभिन्न कारणों से लंबित थीं। राज्य सरकार अब इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि शहर को आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और उनका लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचे। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बारिश, गर्मी अथवा सर्दी हर मौसम में विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जनता को जल्द से जल्द इन परियोजनाओं का लाभ मिल सके।

*उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे होंगे सभी निर्माण कार्य*

वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे रायगढ़ को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित, सुविधासंपन्न और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित शहर के रूप में स्थापित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

और भी

लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने विधायक गोमती साय से की मुलाकात, शासन तक आवाज पहुंचाने का किया आग्रह


नारायणपुर। छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ (पंजीयन क्रमांक-409) के प्रतिनिधिमंडल ने पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय से मुलाकात कर आंगनबाड़ी सहायिकाओं की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने विधायक से आग्रह किया कि उनकी मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाकर शीघ्र निराकरण कराया जाए।
संघ की ओर से बताया गया कि प्रदेशभर की हजारों आंगनबाड़ी सहायिकाएं वर्षों से सेवा दे रही हैं, लेकिन उन्हें पदोन्नति और सेवा संबंधी सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पदों पर सहायिकाओं को शत-प्रतिशत पदोन्नति का अवसर दिया जाए तथा पदोन्नति के लिए निर्धारित आयु सीमा को समाप्त किया जाए, ताकि लंबे समय से सेवाएं दे रही सहायिकाओं को न्याय मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सहायिकाएं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल संचालन कर रही हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और अवसर नहीं मिल रहे हैं।
विधायक श्रीमती गोमती साय ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि आंगनबाड़ी सहायिकाओं की जायज मांगों को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर संघ की ओर से रूपा सोनी, कलावती परहा, पार्वती यादव, सविता, बिमला बाई, आशा, लालमति, मीनाक्षी, हेमबिनोला, निमा, गुलशन पैकरा, सुमित्रा यादव एवं बैजंती भगत सहित अन्य आंगनबाड़ी सहायिकाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने एक स्वर में अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।

और भी

वाहन कारोबार और जमीन दलाली की आड़ में 1.10 करोड़ से ज्यादा की महाठगी का खुलासा, रायगढ़ पुलिस ने मास्टरमाइंड को दबोचा; 44 लाख की शिकायत से खुला करोड़ों का खेल, स्कॉर्पियो-बोलेरो जब्त, कई और पीड़ित सामने आए

रायगढ़, 24 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। तमनार थाना पुलिस की कार्रवाई में अब तक 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी सामने आई है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई स्कॉर्पियो और बोलेरो भी जब्त की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, बाजीराव पारा रायगढ़ निवासी सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी कृष्ण कुमार साहू ने पहले वाहन खरीदी-बिक्री में निवेश के नाम पर लाखों रुपये लिए और बाद में जमीन बेचकर रकम लौटाने का झांसा देकर और पैसे ऐंठ लिए। आरोपी ने अपनी जमीन का सौदा भी किया, लेकिन बाद में वही जमीन किसी अन्य महिला के नाम रजिस्ट्री कर दी।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने सद्दाम हुसैन से 22 लाख रुपये और सुरेश मानिकपुरी से 22.40 लाख रुपये, कुल 44.40 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि आरोपी ने कई अन्य लोगों से भी इसी तरीके से लाखों रुपये लेकर धोखाधड़ी की है।

थाना तमनार में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर करीब 20 लाख रुपये मूल्य की स्कॉर्पियो और बोलेरो जब्त की गई हैं।

पुलिस का कहना है कि अब तक 10 से 15 पीड़ितों से 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की पुष्टि हो चुकी है। कई और लोग शिकायत लेकर सामने आ रहे हैं। आरोपी के बैंक खातों, आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों की विस्तृत जांच जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक युगल यादव, सहायक उपनिरीक्षक सुरति लाल सिदार एवं तमनार थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध करने वालों पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है। ठगी से अर्जित अवैध संपत्तियों का भी हिसाब लिया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

और भी

ओडिशा से यूपी जा रही 26.484 किलो गांजा की खेप रायगढ़ में पकड़ी गई, 'ऑपरेशन आघात' में पुलिस ने 16.24 लाख की संपत्ति जब्त कर अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा

रायगढ़, 24 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने "ऑपरेशन आघात" के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लैलूंगा क्षेत्र में 26.484 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त आई10 कार भी जब्त की है। जब्त गांजा और वाहन की कुल कीमत लगभग 16.24 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक सफेद रंग की आई10 कार में गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना लैलूंगा पुलिस ने कटकलिया-फोकटपारा तिराहा के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोक लिया।

पुलिस पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान अर्जुन उपाध्याय (24 वर्ष), निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान कार से 13 पैकेटों में कुल 26.484 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपये आंकी गई। साथ ही करीब 3 लाख रुपये मूल्य की आई10 कार भी जब्त कर ली गई।

आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, उप निरीक्षक चंद्रकुमार सिंगार, प्रधान आरक्षक राम प्रसाद चौहान, आरक्षक शशिभूषण उरांव तथा आरक्षक राजू तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले की सीमाओं का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है तथा नशे के कारोबार से जुड़े हर तस्कर के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

और भी

शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 'अभियान संवेदना' के तहत रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई; वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त

रायगढ़, 24 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे "अभियान संवेदना" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, थाना भूपदेवपुर क्षेत्र में दर्ज शिकायत के बाद आरोपी शिव कुमार चौहान (20 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उसने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाकर कई दिनों तक उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की।

थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर कार्य कर रही है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है

और भी

नवापाली हत्याकांड में हत्या के दोषी को उम्रकैद, रायगढ़ कोर्ट का फैसला; पीड़ित परिवार को ₹1 लाख क्षतिपूर्ति की अनुशंसा

रायगढ़, 23 जुलाई। रायगढ़ जिले के चर्चित नवापाली हत्याकांड में न्यायालय ने हत्या के आरोपी को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। षष्ठम अपर सत्र न्यायाधीश अश्वनी कुमार चतुर्वेदी की अदालत ने 22 जुलाई 2026 को आरोपी हरिलाल खड़िया (30) को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और अर्थदंड से दंडित किया। साथ ही पीड़ित परिवार को छत्तीसगढ़ शासन की पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के तहत ₹1 लाख की सहायता देने की अनुशंसा भी की गई।

अभियोजन के अनुसार 28 जनवरी 2024 को थाना चक्रधरनगर क्षेत्र के ग्राम नवापाली में जमीन समतलीकरण के दौरान हुए विवाद में आरोपी ने विशाल सिंह ठाकुर पर कुल्हाड़ी से सिर और गर्दन पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और बाद में धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से रक्तरंजित मिट्टी, टोपी, चश्मा, चप्पल, मोटरसाइकिल सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 29 जनवरी 2024 को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद किए गए। एफएसएल रिपोर्ट भी अभियोजन के पक्ष में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुई।

न्यायालय में अपर लोक अभियोजक तन्मय बनर्जी ने प्रभावी पैरवी की, जबकि तत्कालीन थाना प्रभारी एवं विवेचना अधिकारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर ने वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित विवेचना प्रस्तुत की। अभियोजन ने सुनवाई के दौरान 20 गवाहों के बयान और दस्तावेजी एवं भौतिक साक्ष्य पेश किए, जिनके आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई।

और भी

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, APK से मोबाइल हैक और ब्लैकमेल; बिहार से साइबर अपराधी गिरफ्तार

रायगढ़। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, APK फाइल के जरिए मोबाइल का एक्सेस लेकर निजी फोटो-वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करने वाले साइबर अपराधी को रायगढ़ साइबर पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़िता से धमकी देकर 13 हजार रुपये वसूले थे। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने 12 जून 2026 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार करीब छह वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान खुद को अविनाश उर्फ राजा बताने वाले युवक से हुई। विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने युवती से निजी फोटो और वीडियो मंगवाए। बाद में उसने एक APK फाइल डाउनलोड करवाई और एक्सेस कोड भी हासिल कर लिया।

मोबाइल का नियंत्रण मिलने के बाद आरोपी ने युवती की निजी जानकारी, फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट लिस्ट अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद अंतरंग फोटो-वीडियो सोशल मीडिया और परिजनों को भेजने की धमकी देकर 3 हजार, 5 हजार और 5 हजार रुपये, कुल 13 हजार रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद वह लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

शिकायत पर साइबर थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने बिहार के मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र से आरोपी अविनाश चौधरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर वारदात को अंजाम दिया था।

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में हुई। गिरफ्तारी में थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक, एएसआई नंद कुमार सारथी, आरक्षक महेश पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर और संतराम कैवर्त की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती, निजी फोटो-वीडियो साझा करना और किसी के कहने पर APK फाइल डाउनलोड करना बेहद खतरनाक हो सकता है। यदि कोई ब्लैकमेल कर पैसे मांगे तो भुगतान न करें, बल्कि तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, cybercrime.gov.in या निकटतम साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

और भी

कोतरलिया मेन रोड पर दिनदहाड़े मोबाइल झपटमारी का खुलासा, चाचा-भतीजा गिरफ्तार; लूटा गया वीवो मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त

रायगढ़। कोतरलिया मेन रोड पर दिनदहाड़े मोबाइल झपटमारी की घटना का चक्रधरनगर पुलिस ने खुलासा करते हुए चाचा-भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-22 पक्की खोली निवासी लोकेश कुमार चन्द्रा (45) ने 31 मई को थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 30 मई की सुबह करीब 10:30 बजे वह इण्डस एनर्जी कंपनी, कोटमार ड्यूटी के लिए जा रहे थे। डीपीएस स्कूल के पास ग्राम कोतरलिया मेन रोड पर उनकी स्कूटी खराब हो गई। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे और उनके पास रखे दो मोबाइल फोन छीनकर धक्का देते हुए फरार हो गए।

मामले में थाना चक्रधरनगर ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साइबर तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध दिनेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भतीजे शुभम यादव के साथ मिलकर झपटमारी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद भागते समय छीना गया सैमसंग मोबाइल सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे बाद में जामगांव रेलवे ट्रैक के पास गुजर रही मालगाड़ी में फेंक दिया गया। वहीं दूसरा वीवो मोबाइल उसने अपने पास छिपाकर रखा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वीवो मोबाइल तथा दूसरे आरोपी के पास से बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक संजय तिवारी, दिलीप भानु तथा आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी

  • दिनेश यादव (34 वर्ष), हाल निवासी छातामुड़ा रोड, रायगढ़।
  • शुभम यादव (18 वर्ष), निवासी छातामुड़ा रोड, रायगढ़।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ में लूट और झपटमारी जैसे अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। तकनीकी जांच, ह्यूमन इंटेलिजेंस और सतत विवेचना के माध्यम से ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा तथा आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

और भी

जल जीवन मिशन से बदली डोकरबुड़ा की तस्वीर: हर घर तक पहुंचा स्वच्छ पेयजल, महिलाओं को मिली राहत और बच्चों की पढ़ाई को नया संबल

रायगढ़, 23 जुलाई 2026/ विकासखंड घरघोड़ा के ग्राम पंचायत छर्राटांगर अंतर्गत ग्राम डोकरबुड़ा आज जल जीवन मिशन की सफलता की एक प्रेरणादायक मिसाल बन चुका है। 176 परिवारों और 772 की आबादी वाले इस गांव में अब प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल नियमित रूप से पहुंच रहा है। कभी पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करने वाले ग्रामीण आज घर बैठे स्वच्छ पेयजल की सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। इस परिवर्तन ने न केवल लोगों की दिनचर्या को आसान बनाया है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को भी नई दिशा दी है।
            डोकरबुड़ा की श्रीमती कुंतीमा राठिया बताती हैं कि पहले उन्हें प्रतिदिन कई बार लंबी दूरी तय कर पानी लाना पड़ता था। घर की जिम्मेदारियों के साथ पानी की व्यवस्था का पूरा दायित्व उनके कंधों पर था, जिससे दिन का बड़ा हिस्सा इसी कार्य में बीत जाता था। कई बार बच्चों को भी पढ़ाई छोड़कर पानी लाने में सहयोग करना पड़ता था। लेकिन जल जीवन मिशन के तहत घर तक नल कनेक्शन मिलने के बाद अब यह परेशानी पूरी तरह समाप्त हो गई है। समय की बचत होने से वे परिवार की बेहतर देखभाल करने के साथ अन्य घरेलू एवं आयवर्धक कार्यों पर भी ध्यान दे पा रही हैं।
           जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाकर प्रत्येक परिवार तक घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। इसके बाद स्वच्छ पेयजल की नियमित उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में उल्लेखनीय कमी आई है। चिकित्सा पर होने वाला खर्च घटा है और परिवारों का जीवन पहले की तुलना में अधिक स्वस्थ एवं सुरक्षित हुआ है। वहीं अब बच्चों को पानी लाने की जिम्मेदारी नहीं निभानी पड़ती, जिससे वे नियमित रूप से विद्यालय जाकर अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। गांव में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।

*हर घर जल से विकास की नई राह पर बढ़ा डोकरबुड़ा*

जल जीवन मिशन ने डोकरबुड़ा में केवल नल से पानी पहुंचाने का कार्य नहीं किया, बल्कि पूरे गांव के सामाजिक और आर्थिक जीवन में सकारात्मक बदलाव भी लाया है। ग्रामीण अब जल संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के महत्व को समझते हुए जिम्मेदारी के साथ इसका उपयोग कर रहे हैं। हितग्राही श्रीमती कुंतीमा राठिया कहती हैं, जल जीवन मिशन ने हमारे घर तक केवल नल से पानी ही नहीं पहुंचाया, बल्कि समय की बचत, बेहतर स्वास्थ्य, महिलाओं को सम्मान और परिवार के लिए एक सुरक्षित एवं खुशहाल भविष्य की नई उम्मीद भी दी है। आज हर घर जल से हमारा जीवन पहले से कहीं अधिक आसान और सुखद हो गया है। आज ग्राम डोकरबुड़ा इस बात का जीवंत उदाहरण है कि जब हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचता है तो केवल प्यास ही नहीं बुझती, बल्कि पूरे गांव के विकास को नई गति मिलती है।

और भी

लखपति दीदी बनी रुपडेगा की सुदामा रावत, बिहान से जुड़कर बदली तकदीर; अब सालाना 3 लाख रुपये की आय से बनीं ग्रामीण महिलाओं के लिए मिसाल

रायगढ़, 23 जुलाई 2026/ कभी खेती-बाड़ी तक सीमित रहने वाली लैलूंगा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम रुपडेगा की श्रीमती सुदामा रावत की जिंदगी अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ने के बाद उन्होंने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति बदली, बल्कि अपने हौसले, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर लखपति दीदी बनने का गौरव भी हासिल किया।
          सरस्वती स्व-सहायता समूह की सदस्य सुदामा रावत ने शुरुआत में समूह से मिली सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) का उपयोग खेती-बाड़ी के लिए किया। खेती से परिवार की जरूरतें तो पूरी हो जाती थीं, लेकिन उन्होंने यहीं रुकने के बजाय कुछ बड़ा करने का सपना देखा। इसी सोच ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। समूह के सहयोग और बैंक से मिले 5 लाख रुपये के मुद्रा ऋण के सहारे उन्होंने गांव में किराना दुकान शुरू की। धीरे-धीरे उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार किया और आज वे किराना दुकान के साथ मनिहारी सामग्री की बिक्री, सेंटरिंग प्लेट किराये पर उपलब्ध कराने तथा सिलाई सेंटर का सफल संचालन भी कर रही हैं।

*मेहनत रंग लाई, बढ़ी आमदनी और आत्मविश्वास*

सुदामा रावत की लगन और मेहनत का परिणाम यह है कि आज वे हर वर्ष लगभग 2 से 3 लाख रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। बच्चों की शिक्षा बेहतर हुई, स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ीं और परिवार का जीवन स्तर पहले की तुलना में काफी सुधरा है। अब गांव की कई महिलाएं उनसे प्रेरणा लेकर स्व-सहायता समूहों से जुड़ रही हैं और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। वे स्वयं भी महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने, प्रशिक्षण लेने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं। उनका कहना है कि समूह ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दी, बल्कि आत्मविश्वास भी दिया। आज वे अपने व्यवसाय का सफल संचालन करने के साथ-साथ गांव की महिलाओं को रोजगार और प्रशिक्षण देने का कार्य भी कर रही हैं।

*बिहान ने बदली जिंदगी की तस्वीर*

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें बचत, ऋण, प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ने का काम कर रहा है। सुदामा रावत इसकी जीवंत मिसाल हैं। समूह से जुड़कर उन्होंने आत्मनिर्भरता की राह पकड़ी और आज वे सम्मानजनक जीवन जीते हुए अपने गांव में नई पहचान बना चुकी हैं। सुदामा रावत कहती हैं, मेहनत, लगन और समूह के सहयोग से कोई भी महिला आत्मनिर्भर बन सकती है। नियमित बचत करें, प्रशिक्षण लें, बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करें। सरकार और समूह का सहयोग महिलाओं को लखपति दीदी बनने का अवसर देता है।

और भी

सड़क हादसे में सख्त पुलिस कार्रवाई, स्कॉर्पियो चालक पर हत्या के प्रयास की धाराएं

रायगढ़, 22 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने बुजुर्ग बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद करीब 200 से 250 फीट तक घसीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की शाम खरसिया के राठौर चौक के पास 73 वर्षीय कैलाश गर्ग अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (CG 13 AY 6539) ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कैलाश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका अस्पताल में उपचार जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर खरसिया चौकी पुलिस ने जांच तेज की। जांच के दौरान स्कॉर्पियो चालक भीष्म कुमार यादव (34), निवासी ग्राम उपनी, थाना डभरा, जिला सक्ती को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली।

विवेचना में यह भी सामने आया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में वाहन चला रहा था। इसके आधार पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 भी जोड़ी गई। साथ ही साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आपराधिक मानव वध के प्रयास सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई मनोज पटेल एवं खरसिया पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार किसी की जान ले सकती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई करती रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

और भी

अपराध रोकथाम पर बिलासपुर रेंज पुलिस की बड़ी कार्यशाला, सक्रिय बदमाशों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

बिलासपुर, 21 जुलाई 2026। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में अपराधों की रोकथाम और "प्रिवेंटिव पुलिसिंग" को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन उच्च स्तरीय पुलिस कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधिकारी, एसडीओपी और थाना प्रभारी शामिल हुए।

कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक शक्ति प्रफुल्ल ठाकुर ने "गुंडा एवं निगरानी बदमाश" विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए निवारक पुलिसिंग को मजबूत करने के उपाय बताए। इस दौरान गुंडा और निगरानी बदमाशों की सघन जांच के लिए नई एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) जारी की गई तथा "एक गुंडा-एक जवान" नीति लागू करने के निर्देश दिए गए।

आईजी ने निर्देशित किया कि आदतन अपराधियों का ए और बी श्रेणी में वर्गीकरण कर उनका फोटो, फिंगरप्रिंट, बैंक खाते और अन्य रिकॉर्ड अद्यतन रखा जाए। गंभीर अपराधियों की गैंग हिस्ट्री शीट तैयार करने, बदमाशों की अनियमित समय पर सरप्राइज चेकिंग करने तथा उनके रहन-सहन और आय के स्रोतों का सत्यापन करने पर जोर दिया गया।

बैठक में रिकॉर्ड संधारण को सुदृढ़ करने के लिए रोजनामचा, रजिस्टर-7, परवाना फाइल, ए-टू-ज़ेड रजिस्टर और बीट नोटबुक के नियमित संधारण के निर्देश दिए गए। जमानत पर छूटने के बाद दोबारा अपराध करने वालों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 480 के तहत जमानत निरस्तीकरण, धारा 110 के तहत बाउंड ओवर, जिला बदर और एनडीपीएस कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।

आईजी ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई करते समय मानवाधिकारों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए तथा किसी भी निर्दोष, नाबालिग या विमुक्त जनजाति के व्यक्ति के साथ मनमानी न हो। साथ ही, लंबे समय से अपराध छोड़ चुके लोगों को निगरानी सूची से हटाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि पुलिस का फोकस केवल सक्रिय अपराधियों पर रहे।

कार्यशाला में ग्राम अपराध नोटबुक, कोटवारों की भूमिका, मुसाफिर रजिस्टर, अंतरराज्यीय अपराधियों की निगरानी और Cri-MAC ऐप के माध्यम से इंटेलिजेंस साझा करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय पर्व और त्योहारों से पहले थानों में गुंडा-बदमाशों की परेड आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यशाला के समापन पर आईजी राम गोपाल गर्ग ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ऑनलाइन प्रशिक्षण में बिलासपुर रेंज के विभिन्न जिलों से लगभग 200 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

और भी

नल से जल पहुंचने पर बदली ग्रामीणों की दिनचर्या, महिलाओं को मिली बड़ी राहत ,जल जीवन मिशन ने गांव को दिया स्वस्थ, स्वच्छ और सम्मानजनक जीवन का नया आधार

रायगढ़, 22 जुलाई 2026/ विकासखंड रायगढ़ के ग्राम पंचायत परसदा में जल जीवन मिशन से अब प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति हो रही है। पहले जहां ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं आज घर-घर नल कनेक्शन मिलने से उनकी दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। इस योजना ने न केवल पेयजल की समस्या का समाधान किया है, बल्कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाया है।
           ग्राम परसदा की श्रीमती हीरा बाई बताती हैं कि एक समय ऐसा था जब उनके परिवार के लिए स्वच्छ पेयजल जुटाना सबसे बड़ी चुनौती हुआ करती थी। रोजाना घंटों पानी लाने में लग जाते थे, जिससे घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाने में कठिनाई होती थी। कई बार बच्चों को भी पढ़ाई छोड़कर पानी लाने में सहयोग करना पड़ता था। असुरक्षित जल स्रोतों के कारण परिवार जलजनित बीमारियों से भी प्रभावित रहता था और उपचार पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता था।
            जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम परसदा में योजनाबद्ध तरीके से पाइपलाइन बिछाकर प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। योजना पूर्ण होने के बाद हीरा बाई सहित पूरे गांव के जीवन में बड़ा परिवर्तन देखने को मिला। अब घर में नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से महिलाओं का समय बच रहा है, जिसे वे परिवार की देखभाल, बच्चों की पढ़ाई और आय बढ़ाने वाले कार्यों में लगा रही हैं। बच्चों को अब पानी लाने की चिंता नहीं रहती, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित नहीं होती। वहीं स्वच्छ पेयजल मिलने से जलजनित बीमारियों में कमी आई है और चिकित्सा पर होने वाला खर्च भी घटा है।
           हीरा बाई कहती हैं कि जल जीवन मिशन ने केवल घर तक पानी ही नहीं पहुंचाया, बल्कि पूरे गांव में स्वच्छता, स्वास्थ्य और जल संरक्षण के प्रति नई जागरूकता भी विकसित की है। ग्रामीण अब सुरक्षित पेयजल के महत्व को समझते हुए उसके संरक्षण के लिए भी सजग हो गए हैं। ग्राम परसदा में जल जीवन मिशन की सफलता इस बात का प्रमाण है कि जब मूलभूत सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं, तो गांव के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी विकास को नई गति मिलती है। आज यह गांव स्वच्छ पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

और भी