ताजा खबरें

बड़ी खबर

ओडिशा से यूपी जा रही 26.484 किलो गांजा की खेप रायगढ़ में पकड़ी गई, 'ऑपरेशन आघात' में पुलिस ने 16.24 लाख की संपत्ति जब्त कर अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा

रायगढ़, 24 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने "ऑपरेशन आघात" के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लैलूंगा क्षेत्र में 26.484 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त आई10 कार भी जब्त की है। जब्त गांजा और वाहन की कुल कीमत लगभग 16.24 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक सफेद रंग की आई10 कार में गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना लैलूंगा पुलिस ने कटकलिया-फोकटपारा तिराहा के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोक लिया।

पुलिस पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान अर्जुन उपाध्याय (24 वर्ष), निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान कार से 13 पैकेटों में कुल 26.484 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपये आंकी गई। साथ ही करीब 3 लाख रुपये मूल्य की आई10 कार भी जब्त कर ली गई।

आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, उप निरीक्षक चंद्रकुमार सिंगार, प्रधान आरक्षक राम प्रसाद चौहान, आरक्षक शशिभूषण उरांव तथा आरक्षक राजू तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले की सीमाओं का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है तथा नशे के कारोबार से जुड़े हर तस्कर के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image