ताजा खबरें


बड़ी खबर

लगातार बारिश के बीच एक्शन मोड में दिखा जिला प्रशासन, कलेक्टर ने खुद संभाला मोर्चा, बाढ़ और जलभराव वाले इलाकों का किया निरीक्षण

रायगढ़, 21 जुलाई 2026/ लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम रायगढ़ की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने स्वयं शहर के विभिन्न बाढ़ एवं जल भराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। बारिश के बीच कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सर्वप्रथम पंचधारी एनीकट का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जलस्तर एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए। 
            इसके बाद कलेक्टर ने नदी किनारे के दोनों छोरों का निरीक्षण करते हुए जल भराव की संभावनाओं वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने बड़े रामपुर क्षेत्र सहित निचली बस्ती बालसमुंद तालाब क्षेत्र एवं मोदी नगर पहुंचकर जल निकासी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार हो रही बारिश और आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखी जाए। नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रहकर कार्य करें। सभी टीमें पूरी सतर्कता के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्यवाही सुनिश्चित करें। 
          आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि मानसून के दौरान जल भराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए शहर को चार जोन में विभाजित कर विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। इसमें जिंदल पतरापाली क्षेत्र को प्रथम जोन, मुख्य शहर क्षेत्र को द्वितीय जोन, जूटमिल क्षेत्र को तृतीय जोन तथा चक्रधर नगर चौक क्षेत्र को चतुर्थ जोन में शामिल किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी संबंधित इंजीनियर एवं कार्यपालन अभियंताओं को सौंपी गई है। बारिश शुरू होने के साथ ही निगम की टीमें सभी क्षेत्रों में सक्रिय हैं। प्रत्येक जोन में तकनीकी विभाग के वरिष्ठ इंजीनियर, राजस्व विभाग के वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक एवं सफाई दरोगा सहित मैदानी अमला तैनात है, जो लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। प्रशासन की सक्रियता और बेहतर समन्वय के कारण अब तक शहर में कहीं भी गंभीर जल भराव की स्थिति निर्मित नहीं हुई है। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

और भी

स्वतंत्रता दिवस की भव्य तैयारियां शुरू: शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में सजेगा जिला स्तरीय समारोह, 13 अगस्त को होगी अंतिम रिहर्सल

रायगढ़, 21 जुलाई 2026/ स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 को गरिमामय, भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
            कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि 15 अगस्त राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए समारोह की प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, सुव्यवस्थित और उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को यादगार बनाने के निर्देश दिए। 15 अगस्त 2026 का मुख्य जिला स्तरीय समारोह शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम, रायगढ़ में आयोजित किया जाएगा। सभी कार्यालय प्रमुख अपने-अपने कार्यालयों में प्रातः 7.30 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण करेंगे तथा इसके बाद सुबह 8 बजे कलेक्टोरेट परिसर एवं 8.30 बजे मुख्य समारोह स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। 13 अगस्त 2026 को प्रातः 8.30 बजे अंतिम रिहर्सल आयोजित होगी। वहीं यदि किसी विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र वितरण के लिए नाम प्रस्तावित किए जाने हैं तो उसका प्रस्ताव 5 अगस्त 2026 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
          बैठक में पुलिस विभाग को समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग एवं वीआईपी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई। नगर निगम को समारोह स्थल की साफ-सफाई, शौचालय, 500 कुर्सियों की व्यवस्था तथा आमंत्रण पत्रों के वितरण में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, रंगाई-पुताई, वीआईपी पंडाल, जल निकासी एवं आवश्यक निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को समारोह के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति, साउंड सिस्टम के लिए अलग विद्युत व्यवस्था तथा बरसात की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पर्याप्त पेयजल एवं पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। स्वास्थ्य विभाग को समारोह स्थल पर चिकित्सकीय दल, एम्बुलेंस एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उद्यान विभाग को मंच एवं परिसर की आकर्षक सजावट तथा पुष्प व्यवस्था करने को कहा गया। खाद्य विभाग को प्रतिभागी बच्चों के लिए जलपान एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई।
             बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद परिवारों, विशिष्ट अतिथियों एवं पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं के सम्मान की विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की गई। अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों को सभी आमंत्रित अतिथियों तक निमंत्रण पत्र पहुंचाने, सम्मानित होने वाले व्यक्तियों से संपर्क करने तथा कार्यक्रम स्थल तक उनके आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन एवं संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों के सम्मान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

और भी

चिरायु टीम की तत्परता से तीन माह के मासूम को मिली नई मुस्कान,जन्मजात कटे होंठ का निःशुल्क सफल ऑपरेशन, अब सामान्य रूप से कर रहा स्तनपान

रायगढ़, 21 जुलाई 2026/ राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत जन्मजात विकारों से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रभावी कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड पुसौर के ग्राम कंवरिहा में चिरायु टीम की सतर्कता और त्वरित पहल से तीन माह के एक शिशु का सफल उपचार संभव हो सका।
           ग्राम कंवरिहा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिरायु टीम ए ने तीन माह के शिशु गौरांश सिदार का परीक्षण किया। जांच में शिशु के जन्मजात क्लेफ्ट लिप (कटे होंठ) से पीड़ित होने की पहचान हुई। समस्या की गंभीरता को देखते हुए टीम प्रभारी डॉ. रेनुका नायक, फार्मासिस्ट त्रिदेव राज, एएनएम निन्नी जांगड़े एवं लैब टेक्नीशियन प्रिया माझी ने तत्काल उच्च उपचार के लिए रेफर करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद नायक तथा खंड कार्यक्रम प्रबंधक नवीन शर्मा के समन्वय से शिशु का रायपुर स्थित कालड़ा हॉस्पिटल में निःशुल्क सफल ऑपरेशन कराया गया। उपचार के बाद अब शिशु पूरी तरह स्वस्थ है और बिना किसी कठिनाई के सामान्य रूप से स्तनपान कर रहा है। शिशु के परिजनों ने समय पर बीमारी की पहचान, उचित परामर्श एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिरायु टीम और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
          गौरतलब है कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर जन्मजात विकारों, बीमारियों, पोषण संबंधी कमियों तथा विकासात्मक विलंब की समय पर पहचान की जाती है। कार्यक्रम के अंतर्गत 44 प्रकार की जन्मजात विकृतियों एवं गंभीर बीमारियों, जैसे जन्मजात हृदय रोग, कटे होंठ एवं तालु (क्लेफ्ट लिप एवं पैलेट), जन्मजात मोतियाबिंद, सुनने एवं बोलने में अक्षमता सहित अन्य समस्याओं का निःशुल्क उपचार कराया जाता है। चिरायु की विशेषज्ञ मेडिकल टीम नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करती है। गंभीर बीमारी अथवा जन्मजात विकार पाए जाने पर बच्चों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर कर निःशुल्क ऑपरेशन एवं विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जाता है। यह कार्यक्रम बच्चों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

और भी

मुख्यमंत्री निवास तक पहुंची पाकरगांव के जवांफूल चावल की महक, 10 एकड़ की सामूहिक खेती से किसानों ने लिखी समृद्धि की नई कहानी

रायगढ़, 21 जुलाई 2026/ लैलूंगा विकासखंड का पाकरगांव सुगंधित जवांफूल धान की खेती के लिए अपनी अलग पहचान बना रहा है। यहां के किसान वर्षों पुरानी पारंपरिक धान प्रजाति को संरक्षित करते हुए गुणवत्तापूर्ण उत्पादन ले रहे हैं। पाकरगांव में उत्पादित जवांफूल चावल की मांग लगातार बढ़ रही है और इसकी खुशबू अब मुख्यमंत्री निवास तक पहुंच रही है। किसानों की मेहनत, अनुभव और बेहतर कृषि प्रबंधन से क्षेत्र में खेती की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।
          ग्राम पाकर के कृषक निर्भय राम नायक, सेवक राम नायक, बूंद राम नायक, प्रदीप नायक और गणेश राम नायक द्वारा सामूहिक रूप से लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में जवांफूल धान की खेती की जा रही है। किसान कई वर्षों से इस पारंपरिक एवं सुगंधित धान प्रजाति की खेती कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि जवांफूल धान की गुणवत्ता, स्वाद और बाजार में बढ़ती मांग के कारण यह सामान्य धान की तुलना में अधिक लाभ देने वाली फसल साबित हो रही है।

*रायपुर और दिल्ली तक पहुंच रहा पाकर का जवांफूल चावल*

किसानों ने बताया कि जवांफूल चावल की मांग स्थानीय स्तर के साथ-साथ बड़े शहरों में भी है। यहां उत्पादित चावल रायपुर, दिल्ली और कई बड़े शहरों तक पहुंच रहा है। किसानों ने बताया कि उनके खेतों में तैयार जवांफूल चावल मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निवास तक भी भेजा जाता है, जो पाकरगांव के किसानों के लिए गौरव का विषय है। वर्तमान में किसान जवांफूल चावल का विक्रय लगभग 175 से 180 रुपये प्रति किलो की दर से कर रहे हैं। उपभोक्ता सीधे किसानों से भी चावल खरीदने पहुंच रहे हैं। किसानों के अनुसार, बेहतर गुणवत्ता और शुद्ध उत्पादन के कारण इसकी बाजार में मांग लगातार बढ़ रही है।
             किसानों ने बताया कि जवांफूल धान की खेती में विशेष देखभाल और प्रबंधन की आवश्यकता होती है। केवल धान लगाने से बेहतर उत्पादन संभव नहीं है, बल्कि समय पर कृषि कार्य, शुद्ध बीज का चयन और गुणवत्ता बनाए रखना जरूरी है। किसानों के अनुसार, जवांफूल धान से लगभग 12 से 15 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन प्राप्त होता है। मिलिंग के बाद लगभग 60 प्रतिशत तक चावल प्राप्त होता है। लैलूंगा क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी सुगंधित जवांफूल धान के लिए अनुकूल है। 

*हरी खाद के उपयोग से तैयार कर रहे बेहतर फसल*

किसानों ने बताया कि वे इस खरीफ वर्ष में धान की खेती से पहले खेतों में ढैंचा का उपयोग कर भूमि की उर्वरता बढ़ाने का कार्य कर रहे है। ढैंचा को खेत में मिलाने से मिट्टी में जैविक तत्वों की वृद्धि होती है और फसल को प्राकृतिक पोषण मिलता है। किसानों को ढैंचा का बीज कृषि विभाग एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराया गया था। पाकरगांव के किसानों की यह पहल सुगंधित धान प्रजाति के संरक्षण, प्राकृतिक खेती और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन का बेहतर उदाहरण बन रही है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत तकनीक, स्थानीय फसलों के संरक्षण और बेहतर उत्पादन के लिए लगातार मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

और भी

रायगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं पर कलेक्टर की सख्त निगरानी, कहा— गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता, हर राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना का लक्ष्य तय समय में पूरा करें अधिकारी

रायगढ़, 21 जुलाई 2026/ स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय रायगढ़ के सभाकक्ष में जीवनदीप समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय, 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल तथा जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
            बैठक में जिला चिकित्सालय एवं 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान ओपीडी, आईपीडी, सामान्य एवं सिजेरियन प्रसव, प्रमुख एवं लघु शल्यक्रिया, मेडिकल लीगल प्रकरण, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी, एक्स-रे, सीटी स्कैन, दंत चिकित्सा, फिजियोथेरेपी, आईसीयू, एनआरसी, डायलिसिस एवं टीकाकरण सहित विभिन्न सेवाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। इसके साथ ही ई-हॉस्पिटल मॉड्यूल, एबीएचए लिंकिंग, आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन एवं ब्रेन हेल्थ क्लिनिक के संचालन की भी समीक्षा की गई।
             जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा के दौरान मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण, चिरायु कार्यक्रम, राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधत्व एवं दृष्टिदोष नियंत्रण कार्यक्रम, एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम, गैर संचारी रोग (एनसीडी) के अंतर्गत उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की स्क्रीनिंग, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में टेली-कंसल्टेशन, आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) की प्रगति की समीक्षा की गई।
             कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, शत-प्रतिशत टीकाकरण, टीबी एवं कुष्ठ रोगियों की समय पर पहचान एवं उपचार, सिकल सेल स्क्रीनिंग में तेजी तथा उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति होनी चाहिए। कलेक्टर ने एबीएचए, आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन, ई-हॉस्पिटल प्रणाली एवं टेली-कंसल्टेशन जैसी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों (एनक्यूएएस) का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर, पारदर्शी एवं सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

*मरीजों को समय पर उपचार और बेहतर व्यवहार सर्वोच्च प्राथमिकता*

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। अस्पतालों में मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं, जांच सुविधाएं एवं संवेदनशील व्यवहार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*सभी विकासखंडों के बीएमओ एवं बीपीएम सहित अधिकारी रहे उपस्थित*

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के., मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार पटेल, स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, जिला चिकित्सालय एवं 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक, जिले के सभी विकासखंडों के बीएमओ एवं बीपीएम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्रमों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

और भी

48 घंटे में 'ऑपरेशन आघात' का बड़ा प्रहार: 83.840 लीटर महुआ शराब जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन आघात' के तहत पिछले 48 घंटे में बड़ी कार्रवाई करते हुए 83.840 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में लैलूंगा, कोतरारोड़ और जूटमिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59-क के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस ने ग्राम लमड़ांड़ नवामुड़ा में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बालक राम राठिया (26) के कब्जे से 15 लीटर तथा धनेश्वर धनवार (45) के कब्जे से 40 लीटर हाथ भट्ठी की महुआ शराब बरामद की।

वहीं 20 जुलाई को कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम नंदेली में दबिश देकर निकेतन सिदार (29) को गिरफ्तार किया। आरोपी के घर से बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।

इसी दिन जूटमिल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गंगा बंजारे (27) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 3 लीटर महुआ शराब और 38 पाउच में 6.840 लीटर हाथ भट्ठी की महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 'ऑपरेशन आघात' के तहत जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि "रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। 'ऑपरेशन आघात' के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है और जिले को नशामुक्त बनाने का अभियान आगे भी इसी तरह चलता रहेगा।"

और भी

रथ मेले में नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार: 'अभियान संवेदना' के तहत लैलूंगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़, 21 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे 'अभियान संवेदना' के तहत नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 15 वर्षीय पीड़िता ने 19 जुलाई को अपने परिजनों के साथ थाना लैलूंगा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 17 जुलाई को ग्राम बगुडेगा में आयोजित रथ मेले के दौरान परिचित युवक चुकू शिकारी उसे लगातार घूरता रहा। कुछ देर बाद जब वह मेले से थोड़ी दूरी पर गई, तब आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ जबरदस्ती करते हुए अभद्र हरकत की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

भय और सामाजिक संकोच के कारण पीड़िता तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। बाद में उसने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई, जिसके बाद थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर थाना लैलूंगा में आरोपी चुकू शिकारी (20 वर्ष), निवासी जिला देवगढ़ (ओडिशा) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 76, 77 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। ऐसे मामलों में पीड़ित की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला या बालिका के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा पीड़ितों और उनके परिजनों से बिना किसी भय के तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

और भी

पोल्ट्री फार्म से बोर पंप चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी का मोटर पंप और केबल तार बरामद

रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस ने पोल्ट्री फार्म से बोर पंप का मोटर और केबल तार चोरी करने वाले दो युवकों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मोटर पंप और केबल तार भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, दुर्गा विहार कॉलोनी निवासी फिरोज आलम (30) ने 19 जुलाई को थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम सम्बलपुरी स्थित उनके पोल्ट्री फार्म से बोर पंप का मोटर और केबल तार चोरी हो गया है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई की शाम फार्म बंद कर घर लौटे थे। अगले दिन सुबह पहुंचने पर बोर पंप का पाइप टूटा मिला और मोटर व केबल तार गायब थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों से पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सम्बलपुरी के दो युवक चोरी का मोटर पंप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में गोरांगो खड़िया (24) और सुरेन्द्र निषाद (19) ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर गोरांगो खड़िया के घर के पीछे बाड़ी में छिपाकर रखा गया चोरी का मोटर पंप और केबल तार बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर चोरी गई संपत्ति बरामद करना प्राथमिकता है।

और भी

तीन साल से फरार सहारा इंडिया का ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार, 3,848 निवेशकों से ₹40.78 करोड़ की ठगी मामले में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 21 जुलाई। रायगढ़ पुलिस के 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश घोटाले में बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे सहारा इंडिया के रायगढ़ कबीर चौक शाखा के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ (54) को पुलिस ने कोतरारोड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने ससुराल कोतरारोड़ आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य स्वीकार किए। उसके कब्जे से सहारा इंडिया कंपनी के प्रशासनिक आदेश, फ्रेंचाइजी कार्यालय से जुड़े दस्तावेज और कंपनी के एमओयू की प्रतियां भी जब्त की गई हैं।

यह मामला वर्ष 2022 में सामने आया था, जब रायगढ़ निवासी विकास निगानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सहारा इंडिया के अधिकारियों ने कंपनी की विश्वसनीयता और आरबीआई से अधिकृत होने का भरोसा दिलाकर उनसे, उनकी पत्नी और माता सहित कई लोगों से वर्ष 2017 में विभिन्न योजनाओं में करीब 40 लाख रुपये का निवेश कराया। परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी निवेशकों को उनकी राशि वापस नहीं मिली।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि निवेशकों से सहारा इंडिया के नाम पर पैसा लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉण्ड जारी किए गए और सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई। जिला प्रशासन, बैंकों और अन्य विभागों से प्राप्त दस्तावेजों की जांच के बाद सहारा इंडिया समूह के कई वरिष्ठ अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों और क्षेत्रीय अधिकारियों की संलिप्तता सामने आई।

इस प्रकरण में पुलिस पहले ही पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, पुष्पेन्द्र कुमार साहू, कंपनी डायरेक्टर करूणेश अवस्थी, सेक्टर मैनेजर अमृत लाल श्रीवास और बिलासपुर के रीजनल मैनेजर रजनीश तिवारी सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है। आरोपियों से आईडी कार्ड, नियुक्ति संबंधी दस्तावेज, बैंक खातों के रिकॉर्ड, जमीन के दस्तावेज तथा कथित ठगी की रकम से खरीदी गई कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार अब तक रायगढ़ सहित अन्य जिलों के 3,848 निवेशकों से कुल ₹40,78,16,739 की धोखाधड़ी का खुलासा हो चुका है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और नए साक्ष्य मिलने पर आगे भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि "निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। रायगढ़ पुलिस आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही है। आम जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।"

और भी

घर में चोरी का 43 दिन बाद खुलासा: चोर गिरफ्तार, चोरी का इंडक्शन खरीदने वाला कबाड़ी भी पुलिस के शिकंजे में; नगदी बरामद, कबाड़ में मिला चोरी का सामान, एसएसपी का सख्त संदेश—'चोरी का माल खरीदने वाले भी नहीं बचेंगे'

रायगढ़। पुसौर पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना, घटनास्थल निरीक्षण और त्वरित विवेचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

प्रार्थी देव कुमार नायक निवासी ग्राम जामपाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 जून 2026 की रात अज्ञात चोर दीवार फांदकर घर में घुसा और बजाज कंपनी का इंडक्शन चूल्हा, रेडियो, वीवो मोबाइल तथा नगदी चोरी कर फरार हो गया। मामले में थाना पुसौर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेही डिलेश्वर सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मोबाइल और रेडियो झाड़ियों में फेंक दिए थे, जबकि इंडक्शन चूल्हा कबाड़ी बलदेव साव को एक हजार रुपये में बेच दिया था। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 3,950 रुपये नगद बरामद किए गए।

इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी बलदेव साव से पूछताछ की। उसने स्वीकार किया कि उसने चोरी का इंडक्शन चूल्हा खरीदा था और उसे तोड़कर कबाड़ में मिला दिया था। पुलिस ने इंडक्शन के टूटे हुए हिस्से को बरामद कर जब्त किया और चोरी की संपत्ति खरीदने के आरोप में उसके खिलाफ भी बीएनएस की धारा 317(2) के तहत कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों में 23 वर्षीय डिलेश्वर सोनी निवासी जामपाली डीपापारा और 53 वर्षीय बलदेव साव निवासी कोड़ातराई, थाना जूटमिल शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुसौर पुलिस की सक्रिय विवेचना, मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई से इस चोरी की वारदात का पर्दाफाश हुआ।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले भी कानून से नहीं बचेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से संदिग्ध वस्तुओं की खरीद-बिक्री से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

और भी

गैलेक्सी मॉल ट्रांसफार्मर से तांबे का अर्थिंग वायर चोरी का खुलासा, दो नाबालिग समेत पांच पर कार्रवाई

रायगढ़, 20 जुलाई 2026। रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने गैलेक्सी मॉल परिसर में लगे बिजली ट्रांसफार्मर के अर्थिंग वायर की लगातार हो रही चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों, दो महिला आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया करीब 12 किलोग्राम तांबे का अर्थिंग वायर भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दोनों बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, गैलेक्सी मॉल में एकाउंटेंट शिव राज कुमार साहू (43) ने 18 जुलाई को कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मॉल के पीछे लगे बिजली ट्रांसफार्मर से जुड़े अर्थिंग वायर की लगातार चोरी हो रही थी। 15 जुलाई की सुबह ट्रांसफार्मर से जमीन में जुड़े करीब 10 मीटर लंबे और 12 किलोग्राम वजन वाले तांबे के अर्थिंग वायर, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये थी, अज्ञात चोर काटकर ले गए थे। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 387/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बजरंगपारा निगम कॉलोनी के दो विधि से संघर्षरत बालकों ने निशा सारथी और रजनी सारथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों बालकों से पूछताछ की, जिन्होंने महिलाओं के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर का अर्थिंग वायर चोरी करना तथा चोरी का माल गुड्डू उर्फ रमेश सारथी को बेचने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी गुड्डू उर्फ रमेश सारथी के कब्जे से लगभग 12 किलोग्राम तांबे का अर्थिंग वायर बरामद कर लिया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों महिला आरोपियों और माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी:

  • निशा सारथी (28), निवासी बजरंगपारा निगम कॉलोनी, रायगढ़।
  • रजनी सारथी (27), निवासी मटन मार्केट, जूटमिल, रायगढ़।
  • गुड्डू उर्फ रमेश सारथी (30), निवासी बजरंगपारा निगम कॉलोनी, रायगढ़।
  • दो विधि से संघर्षरत बालक (पहचान गोपनीय)।
और भी

स्कूल ऑटो में ओवरलोडिंग पर रायगढ़ पुलिस का सख्त एक्शन, बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष जांच अभियान शुरू

रायगढ़, 20 जुलाई 2026। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने स्कूल ऑटो वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने वाले ऑटो चालकों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।

हाल के दिनों में स्कूल ऑटो में ओवरलोडिंग की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पहले ऑटो चालकों और स्कूल प्रबंधन को जागरूक किया, जिसके बाद अब सघन जांच और कानूनी कार्रवाई का अभियान शुरू किया गया है।

18 जुलाई को डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों और ऑटो चालक संघ के पदाधिकारियों की बैठक लेकर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में ऑटो की निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी ट्रैफिक ने स्कूल प्रबंधन से भी अपील की कि यदि कोई ऑटो चालक बच्चों की सुरक्षा से समझौता करते हुए ओवरलोडिंग करता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

बैठक के अगले ही दिन से यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर स्कूली ऑटो वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि "बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल वाहन चालकों एवं शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करना होगा। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, लापरवाही या नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी और नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

और भी

रायगढ़ में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 चोर समेत 2 खरीदार गिरफ्तार; 3 चोरी की बाइक बरामद

रायगढ़। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल और कोतवाली-चक्रधरनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच बाइक चोरों और चोरी की बाइक खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर सत्तीगुड़ी चौक निवासी आयुष दास महंत को चोरी की बाइक के साथ हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग इलाकों से तीन मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पूरे गिरोह का खुलासा किया।

जांच में सामने आया कि चोरी की गई बजाज सीटी-100 को 3 हजार रुपये में दशरथ खड़िया को बेचा गया था। वहीं होंडा एसपी-125 और हीरो ग्लैमर बाइक की चोरी में भी गिरोह के अन्य सदस्य शामिल थे। चोरी की हीरो ग्लैमर बाइक को नरसिंग चौहान के पास 4,700 रुपये में बेच दिया गया था। पुलिस ने दोनों खरीदारों के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने आयुष दास महंत, विष्णु राठिया, जलधर कुंवर, अमन खड़िया, अमित भोय, दशरथ खड़िया और नरसिंग चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपियों के खिलाफ चोरी के साथ-साथ चोरी की संपत्ति खरीदने और छिपाने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और भी

ऑपरेशन अंकुश के तहत छाल पुलिस की कार्रवाई, करीब 90 लाख रुपये की 7 कारें, नकदी और जुआ सामग्री जब्त

रायगढ़, 20 जुलाई। रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन अंकुश के तहत छाल थाना पुलिस ने रायगढ़-कोरबा सीमा से लगे ग्राम धसकामुड़ा में जुए के अड्डों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 90 लाख रुपये मूल्य की 7 चारपहिया गाड़ियां, 57,140 रुपये नकद, 5 गैस लाइट तथा खुडखुडिया जुआ सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार धसकामुड़ा मेला स्थल के बाहर पांच अलग-अलग जुए के फड़ संचालित होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। इसके बाद एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जुआ खेल रहे और खिला रहे 33 लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जो धसकामुड़ा में बड़े पैमाने पर खुडखुडिया जुआ खेलने पहुंचे थे।

छाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

इस कार्रवाई पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में ऑपरेशन अंकुश के तहत अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

और भी

स्वामित्व योजना में तेजी लाने के निर्देश, कलेक्टर ने तहसीलवार समीक्षा कर 30 जुलाई तक लंबित कार्य पूर्ण करने के दिए आदेश

*

रायगढ़, 20 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में राज्य शासन के आयुक्त, भू-अभिलेख द्वारा संचालित स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले में चल रहे ग्रामीण आबादी सर्वेक्षण एवं अधिकार अभिलेख निर्माण कार्यों की तहसीलवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए 30 जुलाई तक निर्धारित समय-सीमा में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
          बैठक में बताया गया कि जिले के 721 ग्रामों में सर्वे ऑफ इंडिया से द्वितीय चरण (मैप-2) प्राप्त हो चुका है। इनमें से 619 ग्रामों में प्रारंभिक प्रकाशन की कार्यवाही पूर्ण की जा चुकी है, जबकि शेष 102 ग्रामों में यह कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार 88 ग्रामों में अंतिम प्रकाशन पूर्ण होने के बाद 2,991 अधिकार अभिलेख तैयार किए जा चुके हैं। जिले में सूची प्राप्त न होने वाला कोई भी ग्राम शेष नहीं है। 
           तहसीलवार समीक्षा में बताया गया कि रायगढ़ तहसील में 118 ग्रामों में मैप-2 प्राप्त हुआ है, जिनमें 105 ग्रामों में प्रारंभिक प्रकाशन तथा 11 ग्रामों में अंतिम प्रकाशन पूर्ण कर 631 अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं। पुसौर में 132 ग्रामों में मैप-2 प्राप्त होने के बाद 94 ग्रामों में प्रारंभिक तथा 6 ग्रामों में अंतिम प्रकाशन पूर्ण कर 246 अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं। खरसिया में 128 ग्रामों में मैप-2 प्राप्त हुआ है, जहां 125 ग्रामों में प्रारंभिक किया गया है । धरमजयगढ़ में 71 ग्रामों में मैप-2 प्राप्त होने के बाद 65 ग्रामों में प्रारंभिक एवं 26 ग्रामों में अंतिम प्रकाशन कर 652 अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं। कापू तहसील में 41 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन पूर्ण करते हुए सर्वाधिक 1,293 अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं। अन्य तहसीलों में भी कार्य निरंतर प्रगति पर है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिले के कुल 892 ग्रामों में से 884 ग्रामों का ड्रोन सर्वे पूर्ण किया जा चुका है। इनमें से 863 ग्रामों का सत्यापन कर सर्वे ऑफ इंडिया को उपलब्ध कराया जा चुका है। शेष ग्रामों में सत्यापन एवं तकनीकी प्रक्रियाएं जारी हैं।
             कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण नागरिकों को उनकी आबादी भूमि का वैध अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीण संपत्तियों का प्रमाणिक रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे नागरिकों को स्वामित्व संबंधी सुरक्षा मिलेगी तथा ग्राम पंचायतों को भी योजनाबद्ध विकास एवं संपत्ति प्रबंधन में सुविधा होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रारंभिक एवं अंतिम प्रकाशन, दावा-आपत्ति के निराकरण, अधिकार अभिलेख निर्माण तथा ग्राम सभाओं के आयोजन की प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। सभी अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराए जा सकें।
           कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों के विकास एवं प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिले में संचालित आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों में प्रगति अपेक्षित नहीं है, वहां नियमित निगरानी कर बाधाओं का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि स्वीकृत भवनों का निर्माण निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो सके। कलेक्टर ने तहसीलवार नक्शा बंटांकन की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित तहसीलदारों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करते हुए राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
             बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि अपने-अपने कार्यालयों में पदस्थ पात्र कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ नियमानुसार निर्धारित समयावधि में प्रदान करना सुनिश्चित करें। यदि गोपनीय चरित्रावली प्रतिवेदन अथवा अन्य प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण कोई प्रकरण लंबित है तो उसे तत्काल संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे कर्मचारियों को समय पर उनका वैधानिक लाभ प्राप्त हो सके। जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में बंद अथवा धीमी गति से संचालित कार्यों की नियमित समीक्षा कर उन्हें शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में उदासीनता बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने के भी सख्त निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक परियोजना की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य पूरा हो सके।
             बैठक में माननीय उच्च न्यायालय से प्राप्त जवाबनामों हेतु लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों में तथ्यात्मक एवं समयबद्ध जवाब प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें तथा न्यायालयीन मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक के अंत कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, विभागीय समन्वय के साथ कार्य करें तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रत्येक लक्ष्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इससे आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी और विकास कार्यों का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचेगा। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर श्री रवि राही, डॉ.प्रियका वर्मा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकनकर्ताओं ने संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, दवा उपलब्धता, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का किया व्यापक आकलन; बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

रायगढ़, 20 जुलाई 2026/ राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा, रायगढ़ में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत दो दिवसीय राष्ट्रीय मूल्यांकन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा निर्धारित राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप यह मूल्यांकन 17 एवं 18 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय स्तर से आए मूल्यांकनकर्ताओं डॉ. राजेश सिंह एवं डॉ. विवेक भारती द्वारा किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य केन्द्र के 12 विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थाओं में संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, अपशिष्ट प्रबंधन, रिकॉर्ड संधारण एवं मरीजों की संतुष्टि सहित स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का व्यापक मूल्यांकन किया जाता है।
            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा का यह राष्ट्रीय मूल्यांकन रायगढ़ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। राष्ट्रीय स्तर के मानकों पर संस्था के खरा उतरने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार आएगा। इस प्रक्रिया को सफल बनाने में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम सहित जिला स्तरीय स्वास्थ्य टीम का विशेष योगदान रहा। वहीं जिला अस्पताल सलाहकार डॉ. देवेन्द्र गुर्जर, आरएमएनसीएचए सलाहकार डॉ. राजेश मिश्रा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. काकोली पटनायक, चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्मृति अग्रवाल, डॉ. श्वेता सिंह चौधरी, डॉ. हेमसागर भोई, एमपीएस श्री सुबोध मांझी, क्षेत्र समन्वयक (शहरी) कु. गोमती सिदार सहित केन्द्र के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों, एमटी एवं मितानिनों ने मूल्यांकन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

और भी

22 जुलाई को रायगढ़ जिला अस्पताल में लगेगा निःशुल्क कैंसर जांच शिविर, मैमोग्राफी, पेप स्मीयर और मुख कैंसर स्क्रीनिंग समेत कई जांचें होंगी मुफ्त

रायगढ़, 20 जुलाई 2026/ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा रायगढ़ जिले में 22 जुलाई को निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में किरोड़ीमल शासकीय जिला अस्पताल, रायगढ़ में आयोजित इस शिविर का संचालन जिला अस्पताल एवं बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।
           शिविर में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए विभिन्न प्रकार की आधुनिक कैंसर स्क्रीनिंग सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें स्तन कैंसर की मैमोग्राफी जांच, मुख कैंसर की ब्रश साइटोलॉजी जांच, बच्चेदानी के मुंह (सर्वाइकल) कैंसर की पेप स्मीयर जांच के साथ-साथ बीपी, शुगर एवं बीएमआई की भी निःशुल्क जांच की जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सक जांच के बाद आवश्यक परामर्श भी देंगे।
           स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को स्तन में गांठ, मुँह में घाव या बदलाव, आवाज में भारीपन, लगातार खांसी, निगलने में कठिनाई, लंबे समय तक ठीक न होने वाले घाव, बार-बार बुखार या संक्रमण, खून की कमी, त्वचा में बदलाव, बिना कारण वजन घटना, मल-मूत्र की आदतों में बदलाव, मासिक धर्म चक्र में असामान्यता या पेट के निचले हिस्से में लगातार दर्द जैसी समस्याएं हैं, तो उन्हें इसे नजरअंदाज न करते हुए शिविर में पहुंचकर अपनी जांच अवश्य करानी चाहिए। ऐसे लक्षण कई प्रकार के कैंसर या अन्य गंभीर बीमारियों के संकेत हो सकते हैं, जिनकी समय पर पहचान से प्रभावी उपचार संभव है। जिला स्वास्थ्य समिति ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मो. जावेद जाफर मारीकर (मो. 800178600) एवं डीपीएचएन श्रीमती सीमा बरेठ (मो. 8827077323) से संपर्क किया जा सकता है।

और भी

5 अगस्त तक करें आवेदन: शहीद राजीव पांडे, कौशल यादव और वीर हनुमान सिंह सहित राज्य के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कारों के लिए आवेदन शुरू

रायगढ़, 20 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों से विभिन्न राज्य खेल अलंकरण, सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद पुरस्कार, प्रेरणा निधि एवं डाइट मनी (खेलवृत्ति) के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 5 अगस्त 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान अर्जित उपलब्धियों के आधार पर ही स्वीकार किए जाएंगे।
             सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खेल विभाग द्वारा प्रतिवर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाता है। शहीद राजीव पांडे पुरस्कार ऐसे सीनियर खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में पदक अर्जित किया हो अथवा अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। शहीद कौशल यादव पुरस्कार जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए निर्धारित है। वहीं पंकज विक्रम सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में कम से कम चार बार सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया हो।
            इसी प्रकार वीर हनुमान सिंह पुरस्कार उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को प्रदान किया जाएगा। शहीद विनोद चौबे सम्मान खेल क्षेत्र से जुड़े 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं खेल व्यक्तित्वों को दिया जाएगा, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो, राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीता हो अथवा खेलों के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली सीनियर एवं जूनियर वर्ग की टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। वहीं सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नगद राशि पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। राज्य स्तरीय अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले पात्र खिलाड़ियों को डाइट मनी (खेलवृत्ति) एवं प्रेरणा निधि का भी लाभ दिया जाएगा। डाइट मनी के लिए आवेदन करने वाले खिलाड़ियों की अधिकतम आयु 19 वर्ष निर्धारित की गई है।
            खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बताया कि सभी पुरस्कारों के आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http//sportsyw.cg.gov.in पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे। केवल नगद राशि पुरस्कार के आवेदन संबंधित खेल संघों के माध्यम से संचालनालय अथवा जिला कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। अन्य पुरस्कारों एवं डाइट मनी के लिए आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। खेल विभाग ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं खेल संगठनों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा 5 अगस्त 2026 से पहले आवेदन कर राज्य शासन द्वारा प्रदान किए जाने वाले इन प्रतिष्ठित खेल सम्मान एवं प्रोत्साहन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

और भी