ताजा खबरें


बड़ी खबर

रायगढ़ में आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई : उड़ीसा प्रांत की बीयर-व्हिस्की समेत 96.580 लीटर अवैध शराब जब्त, घर में छिपाकर रखे गए शराब के जखीरे का भंडाफोड़

रायगढ़, 19 मई 2026/ कलेक्टर के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्राप्त शिकायत के आधार पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा प्रांत की शराब सहित कुल 96.580 लीटर अवैध मदिरा जब्त की है।
              आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मई को श्रीमती रागिनी पटेल, आबकारी उप निरीक्षक वृत्त-घरघोड़ा एवं उनकी टीम द्वारा ग्राम सिहारधार में आरोपी के रहवासी मकान पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी नुक सिंह भगत पिता ननकीराम भगत, उम्र 36 वर्ष, निवासी सिहारधार, थाना-लैलूंगा, जिला-रायगढ़ के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान 122 बोतल उड़ीसा प्रांत की किंग फिशर स्ट्रॉन्ग बीयर (कुल 79.300 लीटर), 48 पाव उड़ीसा प्रांत की ऑफिसर च्वॉईस व्हिस्की (कुल 8.640 लीटर) एवं 48 पाव छत्तीसगढ़ निर्मित देशी प्लेन शराब (कुल 8.640 लीटर) जब्त की गई। इस प्रकार कुल 96.580 लीटर शराब बरामद कर जब्त की गई।आबकारी विभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा के तहत वृत्त-घरघोड़ा में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

और भी

नशामुक्त भारत अभियान के तहत दर्री शिविर में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ,जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प

रायगढ़, 19 मई 2026/सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज खरसिया विकासखंड के ग्राम दर्री में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना रहा।
                इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष खरसिया श्रीमती राजकुमारी राठिया द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार एवं समाज को प्रभावित करता है, इसलिए सभी को मिलकर नशामुक्त समाज निर्माण के लिए आगे आना होगा।
               कार्यक्रम में एसडीएम खरसिया, तहसीलदार खरसिया, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकों सहित कार्यालय उपसंचालक समाज कल्याण विभाग रायगढ़ के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में मौजूद ग्रामीणों एवं युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। सुशासन तिहार शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। लाभान्वित हितग्राहियों में श्री रामदयाल राठिया, श्री रामाधीन राठिया एवं श्रीमती तीजमती राठिया, निवासी ग्राम दर्री को सेटेबल वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई।

और भी

आयुष्मान कार्ड से सभी पात्र हितग्राहियों को मिले बेहतर उपचार सुविधा-कलेक्टर ,हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय पर पहचान, एनआरसी बच्चों की सतत मॉनिटरिंग पर दिया जोर

रायगढ़, 19 मई 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं एवं महिला-बाल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर एवं सरलता से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री एल.आर.कच्छप सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
              कलेक्टर ने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सभी पात्र मरीजों को बेहतर एवं समय पर उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपए तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने सभी सूचीबद्ध स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से सुदूर वनांचल क्षेत्रों लैलूंगा एवं धरमजयगढ़ में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय पर पहचान एवं नियमित स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गर्भवती माताओं एवं नवजात शिशुओं को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। 
             कलेक्टर ने राष्ट्रीय पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) की समीक्षा के दौरान कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के बाद भी उनकी नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के पालकों से सतत संपर्क बनाए रखा जाए, ताकि बच्चों का स्वास्थ्य निरंतर बेहतर बना रहे। यूनिसेफ के सहयोग से कुपोषण मुक्ति के लिए कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, एएनसी एवं प्रसव सेवाएं, पूर्ण टीकाकरण, चिरायु कार्यक्रम, टीबी नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम, एकीकृत रोग निगरानी, सिकल सेल नियंत्रण एवं एनसीडी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
             महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना अंतर्गत ई-केवाईसी कार्य को मिशन मोड में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पोषण ट्रैकर एप अंतर्गत फेस कैप्चर, ग्रोथ मॉनिटरिंग, टीएचआर वितरण एवं एचसीएम वितरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पीएमएमवीवाई योजना, आभा आईडी एवं अपार आईडी निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित रेडी टू ईट वितरण, पूरक पोषण कार्यक्रम एवं निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए कहा। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए शौचालय, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

और भी

“जागरूक युवा ही सुरक्षित समाज की ताकत”— रायगढ़ पुलिस ने एनसीसी कैडेट्स को साइबर ठगी, फेक प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, गुड टच-बैड टच और ट्रैफिक नियमों के प्रति किया जागरूक, नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

    *रायगढ़, 19 मई 2026* । सेंट जेवियर स्कूल बोइरदादर में आयोजित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-126 के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें थाना यातायात एवं थाना साइबर के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होकर एनसीसी कैडेट्स को सुरक्षित यातायात, साइबर अपराध, बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा नशा मुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया। 

      कार्यक्रम में 28th BN के कर्नल प्रवीण तेवतिया ने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा की भावना ही एनसीसी की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कैडेट्स को जीवन में समय पालन, जिम्मेदारी, टीम वर्क और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। कर्नल तेवतिया ने कहा कि एनसीसी केवल प्रशिक्षण का माध्यम नहीं बल्कि युवाओं को नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना से जोड़ने वाला मंच है। उन्होंने कैडेट्स से कहा कि आपसी एकता और अनुशासन के बल पर ही समाज और देश को मजबूत बनाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे और गलत संगति से दूर रहकर शिक्षा, खेल और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रियता से  भागीदारी निभायें ।  

           कार्यक्रम में ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और छोटी-छोटी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। डीएसपी ट्रैफिक ने सड़क दुर्घटनाओं के विभिन्न कारणों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाना, शराब या नशीले पदार्थों के सेवन के बाद ड्राइविंग करना, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, ट्रैफिक सिग्नल की अनदेखी, कम उम्र में वाहन चलाना, ओवरटेकिंग की जल्दबाजी तथा वाहन चलाते समय लापरवाही सड़क हादसों के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश दुर्घटनाएं नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिन्हें जागरूकता और अनुशासन से रोका जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स को समझाया कि वाहन चलाने से पहले वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनाना आवश्यक है और बिना प्रशिक्षण एवं बिना लाइसेंस वाहन चलाना स्वयं एवं दूसरों के जीवन को खतरे में डालना है।

    कार्यक्रम में बढ़ते साइबर अपराधों के संबंध में भी कैडेट्स को विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लिंक, फेक प्रोफाइल, ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग कॉल, फर्जी लॉटरी, बैंकिंग फ्रॉड और साइबर बुलिंग जैसे अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी मासूम बच्चों और युवाओं को लालच, डर या झूठी पहचान के माध्यम से अपने जाल में फंसाते हैं। कैडेट्स को समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक डिटेल, पासवर्ड या निजी जानकारी किसी से साझा न करें, सोशल मीडिया पर अजनबियों से दूरी रखें, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अभिभावकों या पुलिस को दें। ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया की लत से होने वाले मानसिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

    कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक ने बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों एवं पॉक्सो एक्ट की संवेदनशीलता पर भी विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने कैडेट्स को बताया कि पॉक्सो एक्ट बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए बनाया गया सख्त कानून है। बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की गलत हरकत, अश्लील बातचीत, अनुचित स्पर्श, ऑनलाइन उत्पीड़न, धमकी या शोषण गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। कैडेट्स को “गुड टच और बैड टच” की जानकारी देते हुए कहा गया कि किसी भी असहज स्थिति में तुरंत माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को जानकारी दें और अपराध छिपाने के बजाय खुलकर शिकायत करें। अधिकारियों ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का गलत उपयोग बच्चों को अपराधियों के संपर्क में ला सकता है, इसलिए डिजिटल सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।

      कार्यक्रम के दौरान डीएसपी ट्रैफिक ने कहा कि नशा अधिकांश अपराधों और दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनता जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में कैडेट्स को यातायात नियमों का पालन करने एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स में काफी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में 28th BN के कर्नल प्रवीण तेवतिया सहित 28th BN के अधिकारी-कर्मचारी, थाना यातायात एवं थाना साइबर का स्टाफ उपस्थित रहा।

और भी

“ऑपरेशन आघात” में तमनार पुलिस का बड़ा प्रहार : बाड़ी में छुपाकर रखी 12 लीटर महुआ शराब जब्त, अवैध कारोबार करते आरोपी रामकुमार यादव पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

      *19 मई, रायगढ़* । आज दिनांक 19.05.2026 को “ऑपरेशन आघात” के तहत तमनार पुलिस द्वारा ग्राम उरबा में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शराब रेड कार्यवाही की गई। थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम उरबा दर्रीपारा निवासी रामकुमार यादव अपने बाड़ी में अवैध बिक्री के लिये महुआ शराब छिपाकर रखा हुआ है।

सूचना पर तमनार पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान *आरोपी रामकुमार यादव पिता स्व. नवबोधन यादव उम्र 32 वर्ष निवासी दर्रीपारा उरबा थाना तमनार* मौके पर मिला। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार किया तथा अपने घर के बाड़ी में बिक्री के लिये छुपाकर रखे पीले रंग की 15 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरीकेन में भरी करीब 12 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2,400 रुपये है, पुलिस के समक्ष पेश किया। पुलिस द्वारा अवैध महुआ शराब को जप्त किया गया।

           आरोपी के विरुद्ध थाना तमनार में धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। उक्त शराब रेड कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार एवं आरक्षक रंजीत कुमार भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

“शादी की पार्टी” के विवाद ने लिया खूनी मोड़ : दरवाजा तोड़ घर में घुसे दबंग, महिलाओं-बेटियों से बेरहमी से मारपीट… घरघोड़ा पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच भेजा जेल

    *19 मई, रायगढ़* । आज दिनांक 19.05.2026 को प्रार्थिया श्रीमती धनमोती सारथी पति स्व. रामकुमार सारथी उम्र 45 वर्ष निवासी बरकसपाली द्वारा थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 12.05.2026 को पड़ोसी रामकुमारी सारथी के पुत्र विनोद सारथी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उनके परिवार को निमंत्रण दिया गया था। विवाह में जाने पर रामलाल सारथी द्वारा उन्हें बाद में अलग से पार्टी देने की बात कहकर वापस भेज दिया गया।

          रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 18.05.2026 की शाम प्रार्थिया द्वारा रामलाल सारथी से पार्टी देने की बात पूछने पर वह नाराज होकर अपने घर चला गया। इसके बाद रात करीब 9 बजे रामलाल सारथी, मनोज सारथी एवं मंगल सिंह सारथी तीनों प्रार्थिया के घर पहुंचे और बाहर गली में दरवाजा खोलने को लेकर गाली-गलौज करने लगे। दरवाजा नहीं खोलने पर तीनों आरोपियों ने डंडा लेकर जबरन घर का दरवाजा तोड़ दिया और भीतर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई प्रार्थिया की बेटियों सुक्रिता सारथी एवं अनिता सारथी के साथ भी आरोपियों ने हाथ-मुक्के से मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आईं।

                प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 170/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 331(6), 3(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आहतों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल आरोपी 1. रामलाल सारथी पिता कुमार सिंह सारथी उम्र 45 वर्ष, 2. मंगल सिंह सारथी पिता सुखसाय सारथी उम्र 58 वर्ष एवं 3. मनोज सारथी पिता रामलाल सारथी उम्र 20 वर्ष, तीनों निवासी बरकसपाली थाना घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही ।

और भी

“ऑपरेशन अंकुश” का रायगढ़ में बड़ा धमाका : ऑनलाइन IPL सट्टा सिंडिकेट का अहम खाईवाल जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार SSP ऑफिस पहुंचा, पुलिस के सामने किया सरेंडर

        *19 मई, रायगढ़* । जिले में रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के विरुद्ध चल रही लगातार कार्रवाई के बीच आज रायगढ़ के एक और सट्टा खाईवाल जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आरोपी आज एसपी कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के समक्ष प्रस्तुत हुआ और सट्टे के अवैध कारोबार से हमेशा के लिए तौबा कर समाज की मुख्यधारा में जुड़कर नया जीवन शुरू करने की बात कही।

       इस दौरान एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने आरोपी को स्पष्ट शब्दों में कहा कि रायगढ़ पुलिस की निगरानी में सट्टा और अन्य अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोग हैं। फरारी ज्यादा दिनों तक नहीं चलती, पुलिस हर हाल में अपराधियों तक पहुंचती है। उन्होंने आरोपी को अपराध से दूर रहकर सामाजिक जीवन अपनाने की समझाइश दी।

      आरोपी जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार (40 वर्ष) निवासी गोपी टॉकीज, हेप्पी ट्रेवल्स के बगल, रायगढ़ ने बताया कि फरारी के दौरान वह लगातार डर और तनाव में जी रहा था तथा परिवार की चिंता उसे परेशान कर रही थी। उसने भविष्य में किसी भी प्रकार के सट्टा अथवा अवैध गतिविधियों में शामिल नहीं होने की बात कही। साथ ही सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों से भी यह धंधा छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि इस अवैध कारोबार का अंत केवल जेल, आर्थिक बर्बादी और सामाजिक अपमान है। आरोपी ने युवाओं और ऑनलाइन जुआ-सट्टा खेलने वालों से भी ऐसे कार्यों से दूर रहने की अपील की। 

        पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार सट्टा खाईवाल आरोपी करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल के नेटवर्क का संचालन संभालता था और स्वयं भी बड़ा सट्टा खाईवाल बन चुका था। घरघोड़ा में पकड़े गए गौतम भोजवानी तथा रायपुर के कई बड़े सट्टा खाईवालों मोहित सोमानी एवं प्रकाश वाधवानी के साथ उसके संबंध और सट्टा संचालन के प्रमाण मिले हैं। थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक द्वारा आरोपी जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार को हिरासत में लेकर आगे की गिरफ्तारी, जप्ती आदि की कार्रवाई की जा रही है । पुलिस द्वारा हवाला रकम के लेन-देन में उसकी भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

 ???????? *श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

         *“रायगढ़ पुलिस जिले में अवैध जुआ, सट्टा और साइबर अपराध के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है। युवाओं को ऑनलाइन सट्टा और जुए से दूर रहना चाहिए। आसान कमाई के लालच में अपराध का रास्ता अंततः जेल और बर्बादी की ओर ले जाता है।”*
          
???? *गिरोह पर पुलिस की सिलसिलेवार कार्रवाई का संक्षिप्त विवरण*-

   विदित हो कि 26 अप्रैल को साइबर सेल, थाना कोतवाली और थाना घरघोड़ा की संयुक्त टीम ने रायगढ़ शहर एवं घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर एक साथ दबिश देकर छह आरोपियों - 1. सोनू देवांगन निवासी नया गंज कोष्टापारा रायगढ़  2. हर्षित देवांगन निवासी नया गंज कोष्टापारा रायगढ़  3. भरत गोयल लैलुंगा रोड घरघोडा 4.गौतम भोजवानी कन्या शाला के पीछे साईराम कालोनी घरघोडा 5. लक्ष्मीनारायण सिदार वार्ड नं. 13 घरघोडा 6. सागर गुप्ता वार्ड नं. 02 कन्या शाला के पीछे घरघोडा 7  मोबाईल कीमती करीब ढाई लाख रूपये नगदी रकम- 15,490 रूपये की जप्ती हुई थी । मामले में आरोपियों के विरूद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 217/2026 और 218/2026 धारा 4, 7 छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधिनियम और थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 147/2026 और 148/2026 धारा 7 छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई किया गया । 

       प्रारंभिक कार्रवाई में मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और नगदी बरामद हुई थी। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने रायगढ़ के खाईवाल करन चौधरी और जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के इशारे पर पूरे नेटवर्क के संचालन की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल इनपुट, कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड, डिजिटल ट्रेल और फाइनेंशियल एनालिसिस के जरिए पूरे सिंडिकेट की परत-दर-परत जांच शुरू की।

              जांच में सामने आया कि आरोपी करन चौधरी और जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार लंबे समय से रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर से लेकर दिल्ली तक फैले नेटवर्क के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का संचालन कर रहा था। सट्टे से प्राप्त बड़ी रकम को सीधे अपने पास न रखकर वह परिचित कारोबारियों, पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य व्यावसायिक चैनलों के माध्यम से कैश डंप करता था, जिसे बाद में हवाला चैनल के जरिए आगे ट्रांसफर किया जाता था। रायगढ़ पुलिस टीम ने पहले करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल को पकड़ा फिर कृष्ण प्राइड टावर में रहने वाले पुष्कर अग्रवाल और उसके पिता सुनील अग्रवाल को भी गिरफ्तार किया गया जो इस पूरे मनी मूवमेंट नेटवर्क के अहम हिस्से थे और सट्टे से प्राप्त ब्लैक मनी को हवाला के जरिए व्हाइट करने का कार्य कर रहे थे। ज्ञात हो कि इस रेड कार्यवाही में 1 करोड़ 2 लाख  81 हजार 300 रुपये नकद, एक नोट गिनने की मशीन, 4 मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी । पुलिस ने इस गिरोह की आगे जांच में गोवा के कैंडोलिम बिच से किराए के विला में छापेमार कार्रवाई की गई। पुलिस दबिश के दौरान मध्य भारत के सबसे बड़े सट्टा नेटवर्क मन्नु नथनी गैंग के अमित मित्तल के साथ मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू सट्टा संचालित करते मिले । पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी फरार होने की तैयारी में थे और अपने कॉलिंग फोन, लैपटॉप, हिसाब-किताब की डायरी तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर चुके थे। मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त कर सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए रायगढ़ लाया गया जिन्हें अपराध में रिमांड पर भेजा गया है, मामले की जांच जारी है ।

और भी

“ऑपरेशन प्रहार” का बड़ा धमाका : रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ माफियाओं पर कसा शिकंजा, 23 लाख की संपत्ति जब्त

    19 मई, रायगढ़* । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन पर संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना जूटमिल और थाना छाल पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए की संदिग्ध सामग्री जप्त की गई है। दोनों की कार्रवाई में 24 टन, 53 किलोग्राम अवैध कबाड़ एवं सरिया को जप्त किया गया है जिसकी कीमत ट्रक वाहन लगभग 23 लाख से अधिक है, पुलिस द्वारा पकडी गई संपत्ति चोरी के होने के संदेह में वैधानिक कार्रवाई की गई है।

????*जूटमिल पुलिस ने पटेलपाली सब्जी मंडी के पास कार्रवाई में ट्रक से 24 टन अवैध कबाड़ किया जप्त*

      कल थाना जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि पटेलपाली सब्जी मंडी के पास मुख्य मार्ग किनारे खड़े ओडिशा पासिंग ट्रक क्रमांक OD-19-C-4666 में भारी मात्रा में कबाड़ लोड है। सूचना पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा गया। जांच के दौरान ट्रक में लोहे एवं टीन का भारी मात्रा में कबाड़ लोड पाया गया। मौके पर वाहन चालक *प्रमोद कुमार यादव पिता उपेंद्र यादव उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम राहटी थाना हसनपुर जिला समस्तीपुर बिहार, हाल मुकाम लक्ष्मी सागर चौक थाना लक्ष्मी सागर जिला भुवनेश्वर ओडिशा* से वाहन एवं कबाड़ से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक द्वारा लिखित में दस्तावेज नहीं होना बताया गया। इसके बाद गवाहों की उपस्थिति में ट्रक में लोड करीब 24 टन कबाड़ (लगभग 8 लाख रुपए) तथा वाहन ट्रक क्रमांक OD-19-C-4666 (कीमती-12 लाख रूपये) जिसकी कुल कीमत 20 लाख गई है, को जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया। अनावेदक प्रमोद कुमार यादव के विरुद्ध थाना जूटमिल में इस्तगासा क्रमांक 04/26 धारा 35 (क), (ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लोमश सिंह राजपूत, आरक्षक नरेश रजक एवं परमानंद पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

????*छाल पुलिस की कार्यवाही में 53 क्विंटल लोहे का सरिया जप्त, पुलिस को चोरी की सरिया होने की मिली थी सूचना*

     इसी प्रकार कल थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में छाल पुलिस टीम द्वारा ग्राम बेहरामार में भोजराम पटेल के घर के सामने बने शेड में रेड कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि अनावेदक द्वारा अवैध रूप से भारी मात्रा में लोहे का सरिया रखा गया है, जो चोरी की संपत्ति हो सकती है। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने *भोजराम पटेल पिता विद्यानंद पटेल उम्र 38 वर्ष निवासी बेहरामार थाना छाल* से पूछताछ कर तलाशी की सहमति प्राप्त की। तलाशी के दौरान शेड में कामधेनु कंपनी का 8 एमएम का 22 बंडल, 10 एमएम का 21 बंडल तथा 12 एमएम सरिया 12 बंडल सरिया कुल 5300 किलोग्राम सरिया जिसकी कीमत करीब 3 लाख 15 हजार रुपए है, को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया। भोजराम पटेल को नोटिस देकर सरिया के बिल एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर इस्तगासा धारा 35(1-C) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन एवं आरक्षक राजेश राठौर शामिल रहे।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* :

      *“जिले में चोरी के सामान, अवैध कबाड़ और संदिग्ध कारोबार के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”*

और भी

रातभर चली खनिज विभाग की ताबड़तोड़ रेड : लेबड़ा और रानीगुड़ा में अवैध रेत उत्खनन का बड़ा खुलासा, पोकलेन-जेसीबी समेत कई वाहन जब्त, मचा हड़कंप


रायगढ़, 19 मई 2026। जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले में खनिज रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार देर रात खनिज अमले ने संयुक्त अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध खनन में संलिप्त मशीनों और वाहनों को जब्त किया।

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 18 मई की रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक सहायक खनि अधिकारी, खनि निरीक्षक एवं खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा कार्रवाई की गई। इस दौरान ग्राम लेबड़ा में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेड मशीन पोकलेन को जब्त कर सील किया गया। वहीं ग्राम रानीगुड़ा में कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टर जब्त कर कलेक्टोरेट परिसर लाया गया।

जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। संबंधित मामलों में आगे वैधानिक कार्रवाई और शास्ति की प्रक्रिया की जाएगी। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने कहा है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

और भी

आधी रात प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई : खरसिया का वंदना पेट्रोल पंप सील, निरीक्षण में खुलीं सुरक्षा और संचालन की बड़ी अनियमितताएं

रायगढ़, 19 मई 2026।
जिला प्रशासन की टीम ने मंगलवार देर रात खरसिया स्थित वंदना पेट्रोल पंप का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं आवश्यक निर्देशों का पालन नहीं पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
निरीक्षण में संचालन और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों में अनियमितताएं सामने आने पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। प्रशासनिक जांच में निर्देशों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता हितों और आमजन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह कार्रवाई रायगढ़ एडीएम प्रवीण तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी तथा खरसिया तहसीलदार की उपस्थिति में संपन्न हुई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा एवं संचालन संबंधी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में संचालित पेट्रोल पंपों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

और भी

फिल्मों से प्रभावित युवक ने पुलिस रेड पर खड़ा किया सवाल, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालना पड़ा भारी — रायगढ़ पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

रायगढ़, 18 मई  । थाना छाल क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर की गई पुलिस कार्रवाई के दौरान एक युवक द्वारा पुलिस कार्यवाही का विरोध करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा करने का मामला सामने आया है। 

            जानकारी के अनुसार छाल पुलिस को ग्राम पंचायत छाल के महाराणा प्रताप चौक के पास निवासरत एक महिला के विरुद्ध चखना दुकान एवं घर में अवैध शराब बिक्री किए जाने संबंधी नामजद लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत पर जांच एवं तस्दीक कार्यवाही के लिए आज सुबह छाल पुलिस टीम गवाहों के साथ संबंधित महिला के घर पहुंची और नियमानुसार शराब रेड कार्रवाई की गई।

   पुलिस की कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद सूरज कमलवंशी नामक युवक पुलिस टीम की कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों से सर्च वारंट की मांग करने लगा और पूरी कार्रवाई के दौरान अनावश्यक हस्तक्षेप करता रहा। इस दौरान युवक पुलिस की छवि सोशल मीडिया में खराब करने की बात कहता रहा और उसने बाद में पुलिस की छवि खराब करने के उद्देश्य से अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पुलिस कार्रवाई को लेकर भ्रामक पोस्ट साझा किया गया तथा बाद में युवक शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा।

          एसपी कार्यालय में अधिकारियों द्वारा युवक को स्पष्ट किया गया कि पुलिस को प्राप्त शिकायत एवं वैधानिक परिस्थितियों में पुलिस अधिकारी विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए बिना सर्च वारंट के भी अवैध शराब रेड कार्रवाई कर सकती है। युवक को यह भी बताया गया कि पुलिस कार्यवाही में बाधा उत्पन्न करना तथा सोशल मीडिया पर गलत, भ्रमक जानकारी शेयर करना दंडनीय अपराध है। 

         समझाइश के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि उसने फिल्मों में ऐसे दृश्य देखकर पुलिस से सर्च वारंट मांगने जैसी बात की थी, जो अनुचित था। युवक ने अपनी विवादित सोशल मीडिया पोस्ट हटाने और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात कही।

और भी

शराब के नशे में बेटे ने ली मां की जान, बचाने दौड़ी मासूम बेटी पर भी किया जानलेवा हमला — 24 घंटे में आरोपी सलाखों के पीछे

  18 मई, रायगढ़ । थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले में धरमजयगढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण का खुलासा कर दिया। कल पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा निवासी श्रीमती मेरीना लकड़ा (70 वर्ष) अपने घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां मृतिका के सिर, माथे और कान के ऊपर गंभीर चोट के निशान मिले। साथ ही मृतिका की नातिन अगोस्टिना लकड़ा (10 वर्ष) भी सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोश हालत में मिली, जिसे पुलिसकर्मियों एवं ग्रामीणों की मदद से तत्काल एंबुलेंस द्वारा उपचार हेतु सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 140/2026 धारा 103(1),109 BNS दर्ज किया गया ।

     विवेचना के दौरान संदेह मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा पर गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी संदीप लकड़ा पिता स्व. भीमा लकड़ा उम्र 37 वर्ष ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह ड्रायवरी का काम करता है। 05 बच्चे है जिसमें 03 लड़की एवं 02 लड़का है । इसकी लड़की क्रिटीवा का एक्सीडेंट में पैर टूटा था उसकी ईलाज करवाने में मेरी पत्नि, बेटी अगस्टीना लकड़ा, छोटा लड़का मनजीत लकड़ा और लड़की सेरेस्टिना के साथ दिनांक 11.05.2026 को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ गये थे । वहीं रूक कर ईलाज करवा रहे थे । दिनांक 14.05.2026 को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ से आयुष्मान कार्ड लेने तथा खाना बनाने के बर्तन एवं कम्बल लेने के लिये लड़की अगस्टीना के साथ बस में बैठकर रायगढ़ से धरमजयगढ़ आया । आरोपी तब से गांव में घूम घूम कर शराब पी रहा था जिसे उसकी मां मेरीना लकड़ा शराब पीने के लिये मना कि और डांटी एवं बोली कि मतवारी कर रहे हो तब मै घर से निकलकर बस्ती तरफ आ गया और फिर शराब पीकर आया फिर आक्रोशित होकर घर में रखे डंडा से अपनी माँ को सिर एवं कान के नीचे को ताबड़ तोड़ मारपीट कर रहा था उसी समय बेटी अगस्टीना बीच बचाव करने के लिये आई उसे भी जान से मारने की नियत से सिर में मारा । लकड़ी अगस्टीना अपनी जान बचाकर दूसरे घर में चली गई । आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त एक लकड़ी का डंडा को जप्त किया गया। आरोपी को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

       एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में प्रकरण का त्वरित खुलासा करने में निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा, एएसआई गंगाराम भगत, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी, आरक्षक ललित राठिया, इलियाज केरकेट्टा, जितेन्द्र भगत, मनोज साहनी, कमलेश केरकेट्टा, सूरज साहू, एलेक्सियुस और महिला सारक्षक सोनम उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* — 

               *“घरेलू हिंसा, हत्या और महिलाओं-बुजुर्गों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। ऐसे अपराधियों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाएगा।”*

और भी

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर सभी ग्राम पंचायतों में हुई विशेष ग्राम सभाएं, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन नियम का हुआ वाचन, ग्रामीणों को दिलाई गई स्वच्छता शपथ

रायगढ़, 18 मई 2026/ स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले के सभी जनपद पंचायतों के ग्राम पंचायत मुख्यालयों में सोमवार को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इन ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भागीदारी निभाई।
              उल्लेखनीय है कि राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), विकास भवन नया रायपुर के पत्र के परिपालन में तथा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा जिले के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों में 18 मई को सायं 4 बजे विशेष ग्राम सभा आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए थे। आदेश में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के वाचन और पालन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया था।
               विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, घर-घर कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट नियंत्रण तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों और स्वच्छता कार्यकर्ताओं ने बताया कि स्वच्छ वातावरण केवल स्वास्थ्य सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि गांवों के सतत विकास और सामाजिक जागरूकता का आधार भी है। ग्रामीणों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने, प्लास्टिक उपयोग कम करने तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम सभाओं में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष बल दिया गया। महिला स्व-सहायता समूहों, स्वच्छाग्राही दीदियों और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए गांवों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई।
              जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करते हुए स्वच्छ ग्राम-स्वस्थ ग्राम की अवधारणा को साकार करने में सहयोग दें। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, सचिव, रोजगार सहायक, स्वच्छाग्राही, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिला प्रशासन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वारा जिले में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

और भी

जनदर्शन में जनता की आवाज पर एक्शन मोड में दिखे कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, गबन से लेकर अतिक्रमण और पेयजल संकट तक हर शिकायत पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

रायगढ़, 18 मई 2026/ जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार, समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम पंचायत लामीदरहा के सरपंच द्वारा निर्माण कार्यों में राशि गबन की शिकायत करते हुए जांच की मांग की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने टीम गठित कर विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए।
           ग्राम रुचिदा निवासी श्री बाबूलाल सारथी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि एक व्यक्ति द्वारा स्वयं को पीएसीएल इंडिया लिमिटेड में कार्यरत बताकर उनके एवं उनकी पत्नी के नाम से 5 लाख रुपए की फिक्स डिपॉजिट कराई गई थी, किंतु निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद भी राशि वापस नहीं की जा रही है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। बड़े राजपुर निवासी विजय राजपूत ने प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त की राशि दिलाने की मांग रखी। वहीं छाल की गीता डडसेना ने ऋण से  संबंधित आवेदन की है। उन्होंने बताया कि बैंक में सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद भी उन्हें ऋण उपलब्ध नहीं कराया गया है।
          रायगढ़ की राधिका यादव ने प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम झलमला के ग्रामीणों ने पंचायत स्थित सामुदायिक भवन में अवैध कब्जा हटाने की मांग की। ग्राम गंगाधरपुर के ग्रामीणों ने शासकीय बोर का निजी उपयोग किए जाने से उत्पन्न पेयजल समस्या से अवगत कराया। जनदर्शन में सीमांकन, अतिक्रमण हटाने, मुआवजा राशि, शौचालय एवं मोबाइल टॉवर से जुड़े विभिन्न आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

सुशासन तिहार बना बुजुर्गों का सहारा : समाज कल्याण विभाग ने बांटी सेटेबल वॉकिंग स्टिक, जरूरतमंदों के चेहरों पर लौटी मुस्कान और आत्मविश्वास

रायगढ़, 18 मई 2026/ सुशासन तिहार के अंतर्गत जनपद पंचायत पुसौर के मचिदा शिविर में समाज कल्याण विभाग रायगढ़ द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण के रूप में सेटेबल वॉकिंग स्टिक वितरित की गई। जनपद पंचायत पुसौर की अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा हितग्राहियों को यह उपकरण प्रदान किया गया। सहायक उपकरण मिलने से वरिष्ठजनों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
            शिविर में ग्राम नवापाली पड़िगांव की श्रीमती ईलाबाई गुप्ता, डीपापारा कलमी के श्री बनमाली गिरी तथा कलमी पुसौर के श्री कैरुलाल यादव को सेटेबल वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। हितग्राहियों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ती उम्र के कारण चलने-फिरने में कठिनाई होती थी, लेकिन अब यह सहायक उपकरण उनके लिए बड़ा सहारा साबित होगा।

*चलने में सहारा ही नहीं, आत्मविश्वास भी दे रही वॉकिंग स्टिक*
            समाज कल्याण विभाग द्वारा वितरित सेटेबल वॉकिंग स्टिक वरिष्ठ नागरिकों और चलने में असुविधा महसूस करने वाले लोगों के लिए बेहद उपयोगी है। यह चलने के दौरान शरीर का संतुलन बनाए रखने, पैरों और घुटनों पर पड़ने वाले दबाव को कम करने तथा गिरने के जोखिम को घटाने में मदद करती है। साथ ही चोट, गठिया या उम्रजनित कमजोरी के कारण चलने में होने वाली परेशानी के दौरान यह अतिरिक्त सहारा प्रदान करती है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिले में आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ जरूरतमंद हितग्राहियों को आवश्यक सहायता एवं उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को राहत एवं सुविधा मिल रही है।

और भी

“सबसे दूर-सबसे पहले” की सोच के साथ रायगढ़ में जनजातीय गरिमा उत्सव का आगाज़, 315 आदिवासी ग्रामों में 25 मई तक लगेंगे विशेष शिविर; अब गांवों में ही मिलेगा शासन की हर योजना का लाभ

रायगढ़, 18 मई 2026/ भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में ’’जनभागीदारी सबसे दूर-सबसे पहले” थीम पर जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 25 मई तक जिले के चयनित 315 जनजातीय बहुल ग्रामों में संचालित होगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, सामाजिक सुरक्षा, बैंकिंग, दस्तावेजीकरण, हितलाभ वितरण, शिकायत निराकरण, जनजागरूकता एवं ग्राम स्तरीय सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। 
            अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी क्रम में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय उन्मुखी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री श्रीकांत दुबे सहित विभागीय अधिकारी एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।
            कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने अभियान के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत स्थापित सभी आदि सेवा केंद्रों को सक्रिय किया जाए तथा वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सभी शासकीय सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक ग्राम में चयनित आदि कर्मयोगियों का पंजीयन, प्रशिक्षण एवं सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सप्ताह में एक दिन मैदानी अमले की उपस्थिति आदि सेवा केंद्रों में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान शासन और जनजातीय समुदायों के बीच विश्वास निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा तथा प्रशासन को गांवों तक सीधे पहुंचाने का कार्य करेगा।

*चरणबद्ध तरीके से होंगे आयोजन, जनसुनवाई और ग्राम संपर्क अभियान*
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री श्रीकांत दुबे ने बताया कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी महा अभियान, धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं आदि कर्मयोगी अभियान को विस्तार देते हुए दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, दस्तावेजीकरण, बैंकिंग एवं शासकीय योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनभागीदारी अभियान 2026 प्रारंभ किया गया है। इसका उद्देश्य शासन की सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 19 से 25 मई तक संतृप्तिकरण कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं सैचुरेशन कैंप लगाए जाएंगे। वहीं अधिकारियों, आदि कर्मयोगियों एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा ग्राम भ्रमण कर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। 21 से 23 मई तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर शिकायतों एवं हितलाभ संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। अभियान के अंतिम चरण में प्रलेखन, प्रगति समीक्षा एवं निष्कर्ष बैठक आयोजित की जाएगी।

*315 ग्रामों में स्थापित किए गए आदि सेवा केंद्र*

 जिले में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत 315 आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में आदि सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें धरमजयगढ़ विकासखंड में 119, लैलूंगा में 77, तमनार में 42, घरघोड़ा में 37, खरसिया में 25, पुसौर में 5 तथा रायगढ़ विकासखंड में 10 आदि सेवा केंद्र शामिल हैं। आदि सेवा केंद्र ग्रामीणों के लिए “सिंगल विंडो सिस्टम” के रूप में कार्य करेंगे। इन केंद्रों के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी, आवेदन, प्रमाण पत्र, बैंकिंग सेवाएं, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं शिकायत निवारण जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय परिवारों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी तथा प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी।

*पीएम जनमन एवं धरती आबा अभियान से बदल रही जनजातीय क्षेत्रों की तस्वीर*

बैठक में बताया गया कि जिले के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा सहित 11 मूलभूत सुविधाओं से जुड़े 96 प्रतिशत कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिले के 315 जनजातीय बहुल ग्रामों में समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। अब तक आयोजित शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। इनमें आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, जनधन खाते, पीएम किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड, महतारी वंदन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, पेंशन योजना, पीएम उज्ज्वला योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, सिकल सेल जांच, सुकन्या समृद्धि योजना, अधिवास प्रमाण पत्र, मनरेगा एवं मुद्रा योजना जैसी सेवाएं शामिल हैं।

और भी

महुआ शराब के अवैध कारोबार पर आबकारी विभाग का बड़ा शिकंजा, दो दिन में 20 लीटर महुआ शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

रायगढ़, 18 मई 2026/ कलेक्टर के निर्देश एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर दो दिनों में कार्रवाई करते हुए 20 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त किया गया है। अभियान के दौरान आबकारी वृत्त रायगढ़ (उत्तर) की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से संग्रहित महुआ शराब बरामद की। जिसमें पहले दिन 17 मई को आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम गेरवानी, थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी शंभु अगरिया के कब्जे से लगभग 10 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण एवं भंडारण की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई।
             अभियान के दूसरे दिन 18 मई को आबकारी विभाग ने थाना कोतरारोड़ अंतर्गत ग्राम सहसपुरी में दबिश देकर आरोपी दुष्यंत सिदार के कब्जे से भी 10 लीटर महुआ शराब जब्त की। विभागीय टीम ने मौके पर शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आबकारी अधिकारी ने कहा है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन अथवा आबकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

और भी

सुशासन तिहार के शिविर में स्वच्छता की मिसाल बनीं दीदियां, सम्मान पाकर खिल उठे चेहरे… मचिदा में स्वच्छाग्राहियों के जज्बे को मिला सलाम, गांव-गांव स्वच्छता की अलख जगाने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान

रायगढ़, 18 मई।
सुशासन तिहार के अंतर्गत जनपद पंचायत पुसौर के ग्राम पंचायत मचिदा (कलमी) में आयोजित शिविर में स्वच्छता और जनभागीदारी को लेकर प्रेरक पहल देखने को मिली। कलेक्टर के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में गांवों में स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने वाली स्वच्छाग्राही दीदियों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छाग्राही महिलाओं को प्रमाण पत्र और स्वच्छता किट प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण स्वच्छता, जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ गांव के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है तथा स्वच्छाग्राही दीदियां गांव-गांव में जागरूकता फैलाकर सामाजिक बदलाव की मजबूत कड़ी बन रही हैं।
शिविर में ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई और लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, स्वच्छाग्राही दीदियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

और भी