ताजा खबरें


बड़ी खबर

सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब: मचिदा शिविर बना ग्रामीणों की उम्मीदों का बड़ा केंद्र, मौके पर हुआ सैकड़ों आवेदनों का निराकरण, पीएम आवास की चाबी और राशन कार्ड पाकर खिल उठे हितग्राहियों के चेहरे

रायगढ़, 18 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरुप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत आज विकासखंड पुसौर के ग्राम मचिदा स्थित शिव मंदिर परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। सुबह से ही ग्रामीण बड़ी संख्या में शिविर स्थल पहुंचने लगे और विभिन्न विभागों के स्टॉलों में अपनी समस्याएं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
            शिविर में कुल 839 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मांग एवं शिकायतों से जुड़े विभिन्न विषय शामिल थे। प्रशासन द्वारा कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई गई, जबकि शेष आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में हल करने का भरोसा दिया गया। शिविर में प्रशासन की सक्रियता और अधिकारियों की संवेदनशील कार्यशैली से ग्रामीणों में विशेष उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला। शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, बिजली, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए और अधिकारियों से सीधे संवाद कर समाधान प्राप्त किया।
            जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिविर में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। ग्रामीणों ने भी शिविर की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार उन्हें एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी सहज रूप से प्राप्त हुई। शिविर में शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
           शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ भी वितरित किया गया। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 6 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। साथ ही उन्हें शुभकामना पत्र एवं दीवार घड़ी देकर सम्मानित किया गया। आवास की चाबी मिलने पर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रम विभाग द्वारा 5 श्रमिकों को श्रम कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न श्रमिक हितैषी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। खाद्य विभाग की ओर से ग्राम पंचायत कोतासुरा के 3 पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता राशन कार्ड प्रदान किए गए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत मचिदा की स्वच्छता दीदियों को साड़ी एवं शुभकामना पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्राम संपदा एवं समर्थ पोर्टल में उत्कृष्ट कार्य करने एवं सर्वाधिक कर वसूली करने वाली ग्राम पंचायत त्रिभौना, नावापाली, मचिदा, नवापारा-बी, तुरंगा एवं टिनमिनी के सचिवों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संबंधित ग्राम पंचायत के पंच-सरपंच एवं सैकड़ों के संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। 

*19 मई को खरसिया के दर्री में लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर*

सुशासन तिहार-2026 के तहत जनसमस्याओं के निराकरण का यह अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 19 मई को विकासखंड खरसिया के ग्राम दर्री स्थित बरतराई परिसर में अगला जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में 20 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर लाभ उठाएं। शासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन के प्रति विश्वास और सहभागिता लगातार मजबूत हो रही है।

और भी

उड़िया ताड़पत्रों में कैद 250 साल पुरानी विरासत: रायगढ़ के सकरबोगा गांव से निकली भारतीय ज्ञान परंपरा की अनमोल धरोहर, अब ‘ज्ञान भारतम पोर्टल’ पर होगा डिजिटल संरक्षण


रायगढ़, 18 मई 2026।
भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में केंद्र और  राज्य शासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों का सकारात्मक प्रभाव अब ग्रामीण अंचलों में भी दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकरबोगा में  दुर्लभ ताड़पत्र पांडुलिपियों का संरक्षण कर उन्हें डिजिटल माध्यम से सुरक्षित करने की महत्वपूर्ण पहल की गई है। यह पहल न केवल हमारी ऐतिहासिक धरोहर को बचाने का प्रयास है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 
राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) कार्यक्रम अधिकारी डॉ. के.के. गुप्ता द्वारा पांडुलिपि संरक्षण अभियान के अंतर्गत ग्राम सकरबोगा, पोस्ट बनोरा में सर्वे और अध्ययन के दौरान कई प्राचीन ताड़पत्र पांडुलिपियां चिन्हित की गईं। इनमें ग्रामीण प्रमोद सा के पास 20 ताड़पत्र, बैरागी गुप्ता के पास 1 ताड़पत्र तथा ठाकुरदत्त गुप्ता के पास 1 ताड़पत्र संरक्षित पाए गए। ये सभी पांडुलिपियां ओड़िया भाषा में लिखी गई हैं और इनमें रामायण, श्रीमद्भागवत गीता तथा अन्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक ग्रंथों से संबंधित महत्वपूर्ण सामग्री सुरक्षित है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण प्रमोद सा ने बताया कि उनके पास सुरक्षित पांडुलिपियां लगभग 200 से 250 वर्ष पुरानी हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी इन दुर्लभ ताड़पत्रों को परिवार द्वारा संभालकर रखा गया है। ग्रामीण परिवेश में वर्षों से सुरक्षित ये पांडुलिपियां आज भी भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और पारंपरिक ज्ञान की जीवंत मिसाल बनी हुई हैं।
डॉ. के.के. गुप्ता ने उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में इन पांडुलिपियों की जानकारी भारत सरकार के “ज्ञान भारतम पोर्टल” पर ऑनलाइन दर्ज की है। यह पोर्टल देशभर में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण, संरक्षण और दस्तावेजीकरण के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है। इसके जरिए दुर्लभ पांडुलिपियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में शोध, अध्ययन और संरक्षण कार्यों में इसका उपयोग किया जा सके।
पांडुलिपियों के जियोटैगिंग कार्य के दौरान फोटो एवं वीडियो भी तैयार किए गए, जिन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया। इसका उद्देश्य आम लोगों विशेषकर युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। सोशल मीडिया के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि गांवों और घरों में वर्षों से सुरक्षित पुरानी पांडुलिपियां केवल धार्मिक सामग्री नहीं, बल्कि देश की ऐतिहासिक और बौद्धिक धरोहर हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार संस्कृति मंत्रालय एवं राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन के माध्यम से देशभर में पांडुलिपियों के संरक्षण, डिजिटलीकरण और सूचीकरण का विशेष अभियान चला रही है। इस अभियान का उद्देश्य भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, साहित्य, दर्शन, विज्ञान, आयुर्वेद, ज्योतिष, धर्म और संस्कृति से संबंधित दुर्लभ दस्तावेजों को संरक्षित करना है। छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में भी इस दिशा में जागरूकता कार्यक्रम, सर्वेक्षण और डिजिटलीकरण कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी हजारों दुर्लभ पांडुलिपियां निजी संरक्षण में सुरक्षित हैं, जिनकी पहचान और दस्तावेजीकरण अत्यंत आवश्यक है। सकरबोगा गांव में मिली पांडुलिपियां इस बात का प्रमाण हैं कि भारत की सांस्कृतिक जड़ें आज भी गांवों में जीवित हैं और यदि समय रहते इन्हें संरक्षित किया जाए तो आने वाली पीढ़ियां अपनी गौरवशाली विरासत को और बेहतर ढंग से समझ सकेंगी।
डॉ. के.के. गुप्ता ने बताया कि पांडुलिपि संरक्षण अभियान का उद्देश्य केवल दस्तावेजों को सुरक्षित करना नहीं, बल्कि लोगों में अपनी सांस्कृतिक धरोहर के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि यदि समाज और प्रशासन मिलकर इस दिशा में कार्य करें तो देश की अमूल्य ज्ञान संपदा को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

और भी

“तलवार लेकर पड़ोसी के घर में मचाया आतंक!” — बोलेरो और बाइक पर बरसाए वार, जान बचाकर भागा पीड़ित… पुसौर पुलिस ने घंटों में दबोचा खूंखार आरोपी

        *18 मई, रायगढ़* । थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम सोडेकेला में सनक और आक्रोश में पड़ोसी के घर में घुसकर तलवार से वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले युवक को पुसौर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। ग्राम सोडेकेला निवासी संतोष पटेल पिता चक्रधर पटेल उम्र 32 वर्ष ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे गांव का मृत्युंजय बिशी लोहे की धारदार तलवार लेकर उसके घर के अंदर घुसा और घर परिसर में खड़ी बोलेरो वाहन क्रमांक CG 10 AE 9117 एवं एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AH 6481 पर तलवार से हमला कर तोड़फोड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए तलवार लेकर प्रार्थी को मारने दौड़ा, जिससे वह अपनी जान बचाकर भागा। घटना में दोनों वाहनों को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ।

       पीड़ित की शिकायत पर थाना पुसौर में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 135/2026 में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं धारा 333, 296, 351(3), 324(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। टीआई पुसौर हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुसौर पुलिस ने तत्काल *आरोपी मृत्युंजय बिशी पिता स्व. केशव बिशी उम्र 18 वर्ष 03 माह निवासी सोडेकेला* को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त लोहे की धारदार तलवार बरामद कर जप्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

*एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* — 

           *“हथियार लेकर दहशत फैलाने, घरों में घुसकर हमला करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों पर रायगढ़ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी ।”*

और भी

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ भव्य शुभारंभ, जिलेभर से उमड़े हजारों कार्यकर्ताओं ने दिखाई संगठनात्मक एकजुटता

जशपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान” अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य शुभारंभ आज पत्थलगांव स्थित मैरिज गार्डन में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की विशेष उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह एवं ऊर्जा का संचार किया।

कार्यशाला में जिलेभर से आए भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं अपेक्षित वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन स्थल पर पूरे दिन संगठनात्मक गतिविधियों एवं वैचारिक सत्रों का उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।

प्रथम सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने “हमारा इतिहास-विकास” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के सिद्धांतों पर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए संगठन की मजबूत नींव रखी। आज उसी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भाजपा की राजनीति परिवारवाद, तुष्टिकरण और सत्ता केंद्रित नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, अंत्योदय और सुशासन पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के “अंत्योदय” के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य कर रही है।


द्वितीय सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने “कार्यपद्धति” विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए संगठन की कार्यशैली, अनुशासन एवं बूथ सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

चतुर्थ सत्र में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती फूलेश्वरी पैकरा ने “कार्यकर्ता विकास – गुण, आचरण और दायित्व बोध” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि एक आदर्श कार्यकर्ता का व्यवहार ही संगठन की पहचान होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ संगठन कार्य करने की प्रेरणा दी।

पंचम सत्र में संभागीय प्रभारी अवधेश चंदेल ने “विचार-परिवार” विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा एवं संगठनात्मक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विचार आधारित राजनीति ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।

षष्ठम एवं व्यवहारिक सत्र में पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा ने संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को व्यवहारिक राजनीति एवं जनसंपर्क के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।


प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय , पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत एवं भाजपा जिला अध्यक्ष  भरत सिंह  ने की।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि प्रशिक्षण में प्रथम दिन मुख्य रूप से श्रम एवं संनिर्माण बोर्ड अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती, प्रदेश महामंत्री रामु रोहरा, प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष राम गर्ग, जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नंदे, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जशपुर नपा अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला महामंत्री द्वय मुकेश शर्मा, मनीष अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, श्रीमती सुशीला साय, उपेन्द्र यादव, शंकर गुप्ता, आनंद शर्मा, आलोक सारथी, संतोष सिंह, श्रीनायक मिश्रा, नटवर मूंदड़ा, संतोष सहाय, वरुण जैन, विजय आदित्य सिंह जूदेव, रूपेश सोनी, शरद चौरसिया, कपिल साय, राजकुमार सिंह, पिंकी गुप्ता, प्रियंका गिरी, रीना बरला, देवधन नायक, हदीस अंसारी, अंकित बंसल, संजय लोहिया, प्रतीक सिंह, सुदाम पांडा, राजकुमार गुप्ता, गणेश जैन, सुनील अग्रवाल, गेंदबिहारी सिंह, विनोद निकुंज, अनिल मित्तल, आरती सिंह, उमाशंकर भगत, अवध पाठक, दिलीप साहू, मुकेश सोनी, ममता कश्यप, अवधेश गुप्ता, विजय शर्मा, नरेश यादव सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पूरे दिन चले विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, सेवा कार्य, जनकल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कार्यकर्ता विकास जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

और भी

मोदी की गारंटी से बदल रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ को दी ‘सिंदूर पार्क’ की सौगात, बोले — हर वादा तेजी से हो रहा पूरा

*

रायगढ़, 17 मई 2026/ सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ शहर में विकसित ‘सिंदूर पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि रायगढ़वासियों के लिए स्वच्छ वातावरण, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने इसे शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए रायगढ़वासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंदूर पार्क रायगढ़वासियों के लिए एक सुंदर और आधुनिक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि कभी अव्यवस्थित रहने वाला यह क्षेत्र अब शहर का आकर्षण बन गया है। पार्क में चौपाटी, मनोरंजन क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था, सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थान और हरियाली विकसित की गई है, जिससे लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सार्वजनिक सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री ओ.पी.चौधरी की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए लगातार नए कार्य किए जा रहे हैं और सिंदूर पार्क उसी सोच का परिणाम है। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड और संबंधित अधिकारियों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि लगभग 4 एकड़ 30 डिसमिल क्षेत्र में विकसित यह पार्क शहर के सौंदर्य और नागरिक सुविधाओं को नई पहचान देगा।
       कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन अनुराग सिंह देव, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, धमतरी के महापौर श्री जगदीश रोहरा, सभापति डिग्री लाल साहू, वार्ड के पार्षद श्री सुरेश गोयल सहित पार्षदगण, श्री अरुणधर दीवान, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री अरुण कातोरे  श्री पवन शर्मा, श्री आशीष ताम्रकार और बड़ी संख्या में शहर के नागरिकगण मौजूद रहे। इसके साथ मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
        मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए हर वादे को तेजी से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को “मोदी की गारंटी” के रूप में जनता के सामने रखा गया था और सरकार उन सभी गारंटियों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी” और सरकार बिना किसी देरी के योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। इसके तहत सरकार गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याएं सुन रही है और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर में शांति और विकास की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी आतंक और भय के कारण विकास से वंचित था, वहां अब तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है।
           वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर में जहां-जहां बेहतर विकास कार्य किए जा सकते हैं, वहां सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और आशीर्वाद में रायगढ़ के विकास कार्य रॉकेट की गति से” आगे बढ़ रहे हैं। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि जिस स्थान पर आज सिंदूर पार्क बना है, वहां पहले गंदगी, अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों की स्थिति बनी रहती थी। इतवारी बाजार क्षेत्र में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और आसपास रहने वाले नागरिक लंबे समय से यहां बेहतर विकास की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि लगभग 9 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से इस परियोजना को विकसित किया गया, जिसके माध्यम से पूरे क्षेत्र को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। पार्क में प्रवेश के साथ ही विशाल पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है ताकि लोगों को वाहनों की पार्किंग में परेशानी न हो। इसके साथ ही आसपास की सड़कों का चौड़ीकरण भी किया गया है ताकि मोहल्लेवासियों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यहां एक आधुनिक फूड कोर्ट भी तैयार किया जा रहा है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया जारी है। यह क्षेत्र आने वाले समय में रायगढ़ का प्रमुख पारिवारिक और मनोरंजन केंद्र बनेगा। सिंदूर पार्क में पहली बार “स्टैंप कंक्रीट” तकनीक का उपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि यह टाइल्स की तुलना में अधिक मजबूत, आकर्षक और टिकाऊ होता है तथा लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बना रहता है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए हाउसिंग बोर्ड और इंजीनियरों की सराहना भी की। वित्त मंत्री ने कहा कि पार्क परिसर में यादव समाज और देशभक्ति की भावना से जुड़ा “रेजांगला स्मारक” भी बनाया गया है। यह स्मारक वीर सैनिकों की शौर्यगाथा और बलिदान की याद दिलाएगा।
      वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा थी कि पहलगाम की घटना के बाद देश की वीर सेना द्वारा आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की स्मृति को स्थायी रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय सेना की वीरता को सम्मान देने के उद्देश्य से इस पार्क का नाम “सिंदूर पार्क” रखा गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की इच्छा थी कि ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ तक इस पार्क का निर्माण पूर्ण कर उसका लोकार्पण किया जाए, जिसे समय पर पूरा किया गया। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में रायगढ़ में लगातार बड़े विकास कार्य किए जाएंगे और हर दो-तीन महीने में किसी न किसी महत्वपूर्ण परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ को आधुनिक, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के संकल्प के साथ सरकार लगातार कार्य कर रही है। हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि यह पार्क मात्र 10 महीने के रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार हुआ है। इस द्रुत गति और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए उन्होंने हाउसिंग बोर्ड के इंजीनियर्स व संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।" कार्यक्रम के समापन में अतिथियों को स्मृतिचिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया और आभार व्यक्त किया गया।

*अर्बन फॉरेस्ट के रूप में विकसित होगा सिंदूर पार्क*

      उल्लेखनीय है कि सिंदूर पार्क का सबसे प्रमुख आकर्षण यहां विकसित किया गया विशाल हरित क्षेत्र है। पार्क में कदम सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 450 बड़े पेड़ लगाए गए हैं। आने वाले तीन से चार वर्षों में यह क्षेत्र एक समृद्ध “अर्बन फॉरेस्ट” के रूप में विकसित होगा, जो शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण, हरियाली और भरपूर ऑक्सीजन उपलब्ध कराएगा। विशेष बात यह है कि पार्क निर्माण के दौरान पुराने पेड़ों को पूरी तरह संरक्षित रखा गया है और एक भी पेड़ नहीं काटा गया। 
     पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के संतुलित समावेश के साथ विकसित इस पार्क में चिल्ड्रन प्ले एरिया, ओपन एयर जिम, पगोडा, आकर्षक पाथवे तथा ओपन एयर थिएटर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। पार्क में निर्मित ओपन एयर थिएटर को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि शहर के युवा, कलाकार एवं सामाजिक संगठन यहां कम खर्च में सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत संध्या, कला प्रदर्शन और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर सकें।

और भी

भीषण गर्मी के बीच सेहत बचाने की अनोखी पहल: जशपुर का युवा समूह ‘सूर्यमंडलम’ लोगों को पारंपरिक पेय अपनाने के लिए कर रहा प्रेरित

जशपुरनगर - बढ़ती गर्मी और बदलती जीवनशैली के बीच स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जशपुर के युवाओं का समूह ‘सूर्यमंडलम’ लोगों को प्रतिदिन पारंपरिक पेय पदार्थों के सेवन के लिए प्रेरित कर रहा है। समूह का मानना है कि स्थानीय और पारंपरिक पेय न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होते हैं।
समूह के सदस्य प्रतिदिन प्रातः योग और सूर्यनमस्कार के बाद पारंपरिक पेय का उपयोग करते हुए उसे फेसबुक लाइव   के जरिए लोगों को मट्ठा, बेल का शरबत, नींबू पानी, सत्तू पेय, छाछ, ब्राम्ही और पुदीने का पेय, लेमन ग्रास की चाय और अन्य पारंपरिक पेय अपनाने का संदेश दे रहे हैं। उनका कहना है कि अत्यधिक गर्मी में कृत्रिम और अधिक शक्कर वाले पेय पदार्थों की बजाय प्राकृतिक और पारंपरिक पेय शरीर को ऊर्जा देने के साथ जल संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं।
‘सूर्यमंडलम’ के युवाओं के अनुसार, यह पहल केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय परंपराओं और पारंपरिक खान-पान संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास भी है। समूह नियमित रूप से लोगों को जागरूक कर रहा है कि गर्मी के मौसम में सही खान-पान और पर्याप्त तरल पदार्थों का सेवन आवश्यक है।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जागरूकता गतिविधियां युवाओं को समाजहित से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में सहायक हैं।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव के बीच युवाओं द्वारा शुरू की गई यह पहल स्वास्थ्य जागरूकता और पारंपरिक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास मानी जा रही है।

और भी

ऑपरेशन “आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की जिलेभर में ताबड़तोड़ रेड कार्रवाई, खरसिया, छाल और पुसौर से 58 लीटर अवैध महुआ एवं देशी शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

  17 मई, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खरसिया, छाल और पुसौर थाना क्षेत्रों में मुखबिर सूचना पर अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 58 लीटर अवैध महुआ एवं देशी शराब जब्त कर 3 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।  

???? *छाल पुलिस ने 35 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी पर की कार्रवाई*
     
         कल छाल पुलिस ने शराब रेड कार्रवाई में आरोपित चैन सिंह से भारी मात्रा में शराब जप्त की है । टीआई छाल नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हाटी बाजार पारा के पीछे एक व्यक्ति महुआ शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर छाल पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर *आरोपी चैनसिंह राठिया पिता स्वर्गीय देवसिंह राठिया उम्र 50 वर्ष निवासी कीदा* को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग प्लास्टिक जरीकेनों में भरी कुल 35 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।  शराब रेड कार्यवाही में प्रधान आरक्षक शंकर क्षत्री, अशोक देवांगन, आरक्षक राजेश राठौर, प्रबंध राठिया और उमेन्द उरॉव शामिल रहे ।

???? *पुसौर पुलिस ने स्कूटी से परिवहन की जा रही 50 पौवा देशी शराब जब्त की*
        
          कल थाना पुसौर पुलिस को मुखबिर सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी में अवैध शराब लेकर तेतला की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तेतला रोड पर घेराबंदी कर स्कूटी क्रमांक CG 13 BD 4661 को रोका। जांच के दौरान *आरोपी रवि कर्ष पिता स्वर्गीय ननकीराम कर्ष उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम सूपा थाना पुसौर* के कब्जे से बैग में रखी *50 पौवा देशी प्लेन शराब (करीब 9 लीटर) बरामद की गई*। शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त *स्कूटी भी जब्त* की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। एएसआई उमाशंकर नायक के साथ हमराह स्टाफ की शराब रेड कार्यवाही में अहम भूमिका रही है ।
  

???? *खरसिया पुलिस ने 14 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी पकड़ा*

           आज दिनांक 17.05.2026 को चौकी खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि मंगल बाजार रोड किनारे एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर रेड कार्रवाई की, जहां *आरोपी भोलू चौहान पिता माखन लाल चौहान उम्र 31 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती खंतीपार खरसिया* को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 15 लीटर क्षमता वाले जरीकेन में भरी करीब 14 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध चौकी खरसिया में आबकारी एक्ट की धारा 34-2, 59-क के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही किया गया है । कार्रवाई में एएसआई मनोज पटेल, आरक्षक  साविल चंद्रा, किशोर राठौर, मुकेश यादव और एमरेसिया टोप्पो शामिल थे ।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

     *“रायगढ़ पुलिस जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील है कि अपने आसपास इस तरह की गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”*

और भी

महिला वकील आराधना सिदार हत्याकांड में बड़ा खुलासा: आरोपी के खिलाफ पुलिस के पास मजबूत डिजिटल और भौतिक साक्ष्य, सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाने की अपील — एसएसपी शशि मोहन सिंह

  17 मई, रायगढ़ । कल दिनांक 16 मई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा महिला वकील आराधना सिदार की हत्या मामले का खुलासा किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि किस तरह आरोपी मृतिका के संपर्क में आकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में अब तक प्राप्त तथ्यों, आरोपी के बयान, तकनीकी विश्लेषण तथा बरामद भौतिक साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में पर्याप्त और मजबूत सबूत उपलब्ध हैं, जो न्यायालय में अभियोजन को मजबूत करेंगे । घटना के खुलासे के बाद सोशल मीडिया में इस मामले को लेकर कुछ भ्रमक तथ्य फैलाये जा रहें हैं जिस पर रायगढ़ पुलिस का साफ कहना है कि इस मामले में पुलिस के पास भौतिक और डिजिटल एविडेंस मौजूद है जो आरोपी लोकनाथ को उसकी करतूत की सजा दिलाने में सहायक होंगे ।

                    इस मामले की विवेचना दौरान आरोपी से पूछताछ और जांच में यह जानकारी मिली है कि वर्ष 2024 के माह नवंबर से फेसबुक के माध्यम से आराधना सिदार से जान पहचान हुई थी । दोनों आपस में अपना मोबाइल नंबर शेयर कर बातचीत करते थे,  दोनों में मित्रता बढ़ रही थी ।

           इसी दरमियान महिला थाना रायगढ़ में 18 मई 2025 को रायपुर की एक महिला द्वारा नौकरी लगने का प्रलोभन देकर रायगढ़ के एक व्यक्ति पर रायपुर से रायगढ़ बुलाकर दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । इस मामले में महिला थाना द्वारा आरोपी लोकनाथ पटेल निवासी चारमार थाना सक्ती जिला सक्ती को 18 मई 2025 गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया था । इसी मामले में आरोपी लोकनाथ पटेल रायगढ़ जेल में निरूध रहा और 28 फरवरी 2026 को जमानत पर रिहा हुआ है । जमानत में रिहा होने के बाद से फिर से आराधना सिदार के संपर्क में आया और फिर उनकी नजदीकियां बढ़ी और आरोपी जो पहले से विवाहित था, आराधना (मृतिका) उसे शादी का दबाव बनाने लगी । तब उसने प्लानिंग कर उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया किन्तु सफल नहीं हो सका, पकड़ा गया ।

         वारदात के बाद आरोपी बचने के लिए उसने मृतिका के मोबाइल का इस्तेमाल कर उसकी बहन और सहेलियों से महिला की आवाज निकालकर बातचीत भी की, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। 

             पुलिस ने पुष्टि के लिए आरोपी से कॉल कराया तब वह महिला की आवाज में बात कर बताया । आरोपी ने भी स्वयं स्वीकार किया कि इसने ही मृतिका आराधना सिदार के मोबाइल से उनके घर वाले और एक महिला वकील से महिला की आवाज में बात कर उन्हें गुमराह किया था। 

         आरोपी के कब्जे से मृतिका का उपयोग किया जा रहा मोबाइल फोन, घटना समय पहने कपड़े, कॉल रिकार्ड, अन्य महत्वपूर्ण भौतिक और डिजीटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं जिसे न्यायालय पेश किया जावेगा । इस मामले में सोशल मीडिया पर तथ्यहीन जानकारियां फैलाना अनुचित है यदि किसी के पास इस मामले से जुड़े साक्ष्य है तो वह पुलिस के पास आकर विवेचना में सहयोग करें ।

                  इस मामले में मृतका आराधना, वकील श्री भुनेश्वर बंद गोस्वामी के अधीन प्रैक्टिस कर रही थी, वकील श्री भुनेश्वर बंद गोस्वामी और उनके साथी वकील फूल सिंह यादव पुलिस जांच, आरोपी के मेमोरेंडम के समय मौजूद थे, पूरी  प्रक्रिया उसके समक्ष हुई वे जांच कार्यवाही से संतुष्ठ दिखे । उन्हें मीडिया को दिये अपने बाइट में मामले को स्पष्ट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त किये हैं ।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश*

         *“रायगढ़ पुलिस इस संवेदनशील हत्या प्रकरण की जांच पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कर रही है। प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध मजबूत भौतिक और डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। आमजन से अपील है कि सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा न करें। यदि किसी के पास मामले से संबंधित कोई तथ्य या साक्ष्य हैं, तो पुलिस के साथ साझा कर विवेचना में सहयोग करें। कानून के दायरे में रहकर दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना हमारी प्राथमिकता है।”*

और भी

जशपुर जिले के 417 धरती आबा एवं पीएम जनमन ग्रामों में 18 से 25 मई तक चलेगा जनजातीय गरिमा उत्सव, स्वास्थ्य शिविरों, जनसुनवाई और सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगी शासन की योजनाएं

जशपुर 17 मई 2026/ भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के अंतर्गत जशपुर जिले के 417 धरती आबा ग्राम तथा पीएम जनमन ग्रामों में व्यापक स्तर पर जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक संचालित होगा।  

इस अभियान के तहत 18 मई 2026 को जिला कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में सभी विभाग प्रमुखों तथा एसडीएम की बैठक आयोजित की जाएगी । 19 मई से 24 मई तक जिले के 42 क्लस्टर में संतृप्तिकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा ।
21 से 23 मई तक आदि सेवा केंद्रों में जनसुनवाई कार्यक्रम होंगे जहाँ लोग अपनी समस्याएं बतायेंगे तथा उसका वहीं निवारण किया जाएगा ।

उक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना तथा जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा एवं गौरव को सम्मान देना है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, हितग्राही संतृप्तिकरण शिविर एवं विभिन्न विभागों द्वारा सेवा प्रदाय गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।  

कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पारंपरिक मुखिया, जनजातीय कलाकार, युवा समूह, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहभागिता करेंगे। उत्सव के दौरान जनजातीय लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, योजनाओं की जानकारी, हितग्राही अनुभव साझा करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।  

अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ सिकल सेल एनीमिया एवं टीबी जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु विशेष शिविर लगाए जाएंगे।  

जिला प्रशासन जशपुर द्वारा अभियान के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

और भी

रायगढ़ की जनता के अपार स्नेह और आत्मीयता को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा—यह धरती मेरे लिए परिवार जैसी है, और इसी विश्वास की ऊर्जा से छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा

रायगढ़, 16 मई 2026/ सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ जिले के कुसमुरा में आयोजित धन्यवाद सभा में विकास और सुशासन का बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज कुसमुरा की इस पवित्र धरती पर आकर मुझे अत्यंत खुशी और गर्व का अनुभव हो रहा है। यह केवल एक सभा नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास, विकास और जनसेवा का मजबूत संबंध है। मुख्यमंत्री ने आज जिले में 102 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता तक सीधे पहुंचकर सुशासन को मजबूत बना रही है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में छत्तीसगढ़ में विकास ने नई गति पकड़ी है और अब जनता खुद कह रही है-विकास हो रहा है, छत्तीसगढ़ बदल रहा है।
             मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ से उनका आत्मीय रिश्ता वर्षों पुराना है और यहां की जनता ने उन्हें हमेशा परिवार के सदस्य की तरह स्नेह और आशीर्वाद दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ अब केवल सांस्कृतिक पहचान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुशासन और तेज विकास के मॉडल के रूप में पूरे प्रदेश में नई पहचान बनाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। हजारों लंबित प्रकरणों का निराकरण कर लोगों को राहत पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के हित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख गरीब परिवारों को आवास की स्वीकृति दी गई है तथा लगभग 10 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है तथा 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपए का बकाया बोनस प्रदान किया गया है।
             मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा दिया जा रहा है। आगामी समय में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रारंभ की जाएगी, जिससे आम नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों परिवार इस योजना का लाभ ले रहे हैं। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के माध्यम से जरूरतमंद उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है तथा बिजली बिल का सरचार्ज माफ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों की मांगों पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ग्राम सूपा, घुघुवा, पुटकापुरी, तारापुर, उसरौट और काशीचुआं को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य को पूर्ण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही कुसमुरा में महतारी सदन निर्माण, धनागर सोसायटी के अंतर्गत खाद्य भंडारण हेतु गोदाम निर्माण तथा उप स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन की दिशा में आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल भूमिपूजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर जनता को उसका लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कुसमुरा कॉलेज भवन निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला नया कॉलेज भवन क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए नई सुविधाएं लेकर आएगा।

वित्त मंत्री ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के तुरंत बाद किसानों को 3716 करोड़ रुपए की बकाया बोनस राशि प्रदान की गई तथा आज प्रदेश में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सुनिश्चित की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांव-गांव में तेजी से आवास निर्माण कार्य चल रहे हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना, नारी शक्ति ऋण योजना, भूमिहीन मजदूर साथी योजना और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि समय-सीमा में विकास कार्यों को पूरा कर जनता को उसका लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा-सरकार जनता के बीच पहुंचकर कर रही काम

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जहां भी जा रही है, वहां जनता की मांगों के अनुरूप करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की स्वीकृति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। छत्तीसगढ़ का सर्वांगीण विकास आज स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह, नगर निगम रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गभेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुजाता चौहान, श्रीमती हेमलता चौहान, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री अरुणधर दीवान, श्रीकांत सोमावार, श्री महेश साहू, श्री सुरेश गोयल, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री अरुण कातोरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

और भी

सुशासन तिहार में विकास की सौगात : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ जिले को 102 करोड़ 93 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की दी बड़ी सौगात, 24 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, सड़कों, सिंचाई, शिक्षा एवं अधोसंरचना को मिलेगी नई गति

रायगढ़, 16 मई 2026/ सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जिलेवासियों को 102 करोड़ 93 लाख 24 हजार रुपए के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। जिनमें कुल 24 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन शामिल है। इनमें 33 करोड़ 98 लाख 47 हजार रुपए लागत के 13 कार्यों का लोकार्पण तथा 68 करोड़ 94 लाख 77 हजार रुपए लागत के 11 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। 
           लोक निर्माण विभाग रायगढ़ द्वारा 13 करोड़ 06 लाख रुपए लागत के चार विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें ठाकुरपाली पहुंच मार्ग निर्माण कार्य लंबाई 2 किलोमीटर (196.64 लाख रुपए), टिनमिनी पहुंच मार्ग निर्माण कार्य लंबाई 2 किलोमीटर (166.54 लाख रुपए), जिला रायगढ़ के कोयलंगा नाला में पुलिया निर्माण  (289.82 लाख रुपए) तथा जामगांव रेलवे क्रॉसिंग से मानकेशरी मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य लंबाई 3 किलोमीटर (653 लाख रुपए) शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुविधाएं बेहतर होंगी।
          मुख्यमंत्री श्री साय ने जल संसाधन विभाग रायगढ़ के अंतर्गत 10 करोड़ 99 लाख 95 हजार रुपए लागत के चार कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें सपनई व्यपवर्तन का जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य भगोरा (412.11 लाख रुपए), सोडेकेला जलाशय जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य (237.90 लाख रुपए), बड़े हरदी जलाशय जीर्णोद्धार कार्य (155.60 लाख रुपए) तथा साल्हेओना एनीकट निर्माण कार्य (294.34 लाख रुपए) शामिल हैं। इन कार्यों से सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी और किसानों को लाभ मिलेगा। जल संसाधन संभाग धरमजयगढ़ द्वारा 2 करोड़ 93 लाख 77 हजार रुपए लागत के खम्हारपाकुट जलाशय के जामबहार माइनर नहर का जीर्णोद्धार, रीमॉडलिंग एवं लाइनिंग कार्य का लोकार्पण किया गया।
         आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत 6 करोड़ 98 लाख 75 हजार रुपए लागत के चार छात्रावास भवनों का लोकार्पण हुआ। इनमें बंगरसुता एवं बीरसिंघा में 50 सीटर प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास भवन निर्माण तथा खरसिया में अन्य पिछड़ा वर्ग बालक एवं कन्या छात्रावास भवन निर्माण कार्य शामिल हैं। नवीन भवन निर्माण होने से इसमें निवासरत 200 छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे एवं उन्हें सुविधायुक्त आवासीय व्यवस्था उपलब्ध होगी। 

*भूमिपूजन से विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार*

मुख्यमंत्री श्री साय ने लोक निर्माण विभाग रायगढ़ द्वारा 13 करोड़ 55 लाख 33 हजार रुपए लागत के पांच कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें बेलरिया से कांटापाली मार्ग निर्माण लंबाई 1.50 किलोमीटर (140.06 लाख रुपए), सुर्री-सरसमाल मार्ग निर्माण लंबाई 3 किलोमीटर (741.34 लाख रुपए), केशला से केराबहार तक पक्की सड़क निर्माण लंबाई 2.50 किलोमीटर (210.93 लाख रुपए), केंद्रीय विद्यालय रायगढ़ में अतिरिक्त कक्ष एवं अन्य निर्माण कार्य (113 लाख रुपए) तथा पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय भूपदेवपुर में अतिरिक्त अधोसंरचना निर्माण कार्य (150 लाख रुपए) शामिल हैं।
            जल संसाधन विभाग रायगढ़ द्वारा 43 करोड़ 75 लाख 37 हजार रुपए लागत के तीन बड़े कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें जेलपारा एनीकट जीर्णोद्धार कार्य (293.43 लाख रुपए), खर्राघाट एनीकट/बैराज एवं तटबंध निर्माण कार्य (3454.93 लाख रुपए) तथा नेतनागर एनीकट शेष निर्माण कार्य पुसौर (627.01 लाख रुपए) शामिल हैं। इसी प्रकार जल संसाधन संभाग धरमजयगढ़ द्वारा 11 करोड़ 64 लाख 07 हजार रुपए लागत के तीन कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इनमें खम्हारपाकुट माध्यम जलाशय योजना के लैलूंगा माइनर नहर शीर्ष एवं मुख्य नहर जीर्णोद्धार, रीमॉडलिंग एवं लाइनिंग कार्य (286.88 लाख रुपए), लिप्ती एनीकट निर्माण कार्य (429.88 लाख रुपए) तथा कडेना एनीकट निर्माण कार्य (447.31 लाख रुपए) शामिल हैं। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से जिले में सड़क संपर्क मजबूत होगा, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा तथा शिक्षा एवं छात्रावास अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी।

और भी

अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा: अधिवक्ता आराधना सिदार हत्याकांड में प्रेम-प्रसंग, धोखा और खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर रायगढ़ पुलिस ने आरोपी प्रेमी को दबोचा

रायगढ़, 16 मई 2026। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के कटेल टिकरा जंगल में मिले अधिवक्ता महिला के शव के मामले में रायगढ़ पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का खुलासा एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में किया।

मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार (31 वर्ष), निवासी ग्राम केकराझरिया थाना लैलूंगा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी हत्या उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल (30 वर्ष), निवासी ग्राम चारपारा थाना सक्ती द्वारा की गई थी, जो पहले से विवाहित है।

घटना 12 मई की है, जब ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में एक अज्ञात महिला का शव नग्न अवस्था में मिला था। सूचना पर पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभ में शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में गुमशुदगी रिपोर्ट और परिजनों की पहचान के आधार पर मृतिका की पुष्टि आराधना सिदार के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। फुटेज में एक युवक को महिला को मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए देखा गया, जिसके आधार पर बाइक नंबर से आरोपी तक पहुंच बनाई गई और उसे सक्ती से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका मृतिका के साथ पिछले लगभग दो वर्षों से प्रेम संबंध था, लेकिन वह पहले से विवाहित था। मृतिका द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने के कारण उसने हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 10 मई को वह मृतिका को पहले सक्ती और दमाऊधारा मंदिर लेकर गया और बाद में एक लॉज में ठहरा, जहां उसने फर्जी नाम से कमरा लिया।

इसके बाद अगले दिन वह उसे सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां गला दबाकर उसे बेहोश किया और फिर पत्थर व धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की और मृतिका के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर परिजनों व सहेलियों से बातचीत भी की, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकनाथ पटेल (30 वर्ष), निवासी ग्राम चारपारा, थाना सक्ती, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के माध्यम से तह तक पहुंच रही है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

और भी

पुसलदा में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने प्रशासन सक्रिय, बंद योजनाएं जल्द होंगी शुरू ,11 हैंडपंप और 4 बोर से मिल रहा पानी, लो वोल्टेज और चोरी से प्रभावित हुई जलापूर्ति

रायगढ़, 16 मई 2026/ धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पुसलदा में उपलब्ध 13 हैंडपंपों में से 11 हैंडपंप वर्तमान में संचालित हैं। वहीं स्थापित 6 बोर में से 4 बोर चालू स्थिति में हैं, जिससे ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
    लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि क्रेडा विभाग के अंतर्गत स्थापित 2 सोलर आधारित पेयजल व्यवस्था फिलहाल बंद है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत टंकी के माध्यम से ग्राम में नियमित पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई थी। इस योजना का हस्तांतरण 27 मई 2025 को ग्राम पंचायत को किया गया था, जिसके बाद इसका संचालन पंचायत स्तर पर किया जा रहा था। प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक बोर का पंप चोरी हो जाने के कारण पंचायत द्वारा योजना का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। साथ ही क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या के कारण भी बोर संचालन में तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
          स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित ठेकेदार और ग्राम पंचायत सरपंच को तत्काल आवश्यक सुधार कार्य कर पेयजल योजना को पुनः प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि ग्रामीणों को नियमित और सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है और जल्द से जल्द सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

और भी

सुशासन तिहार 2026 : कुसमूरा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का भव्य आगमन, कोतरा हेलीपेड पर गूंजा स्वागत उत्साह

रायगढ़, 16 मई 2026/ सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज कुसमूरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम कोतरा स्थित मंडी परिसर हेलीपेड पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर वित्तमंत्री श्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, नगर पालिका खरसिया अध्यक्ष श्री कमल गर्ग, श्री अरुणधर दीवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशानिक अधिकारियों में आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, डीएफओ श्री अरविंद पीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

और भी

ग्राम कुसमूरा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सादगी और आत्मीयता ने जीता दिल, पुराने सहयोगी सनत नायक के घर पहुंचकर परिवारजनों से की आत्मीय मुलाकात और घर पर साथ में किया भोजन


रायगढ़, 16 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने एक बार फिर यह साबित किया कि सार्वजनिक जीवन में ऊंचे पद पर पहुंचने के बाद भी अपने पुराने साथियों और संबंधों को निभाना उनके व्यक्तित्व की विशेष पहचान है। सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम कुसमूरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री अपने पुराने सहयोगी श्री सनत नायक के निवास पहुंचे और उनके परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की।
     मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों के साथ सहज संवाद करते हुए पुराने दिनों की स्मृतियां साझा कीं तथा उनके घर पर भोजन भी किया। यह आत्मीय मुलाकात इस बात का उदाहरण है कि जीवन में कितनी भी बड़ी सफलता मिल जाए, रिश्तों और साथ निभाने वाले लोगों का महत्व हमेशा बना रहता है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय रायगढ़ क्षेत्र से चार बार सांसद रह चुके हैं। इस दौरान श्री सनत नायक ने एक सहयोगी के रूप में उनके साथ कार्य किया है।  इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, नगर पालिका खरसिया अध्यक्ष श्री कमल गर्ग, श्री अरुणधर दीवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

और भी

गोवा के आलीशान विला से चल रहा था मध्य भारत का सबसे बड़ा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क, पुलिस की रेड में 6 बड़े खाईवाल गिरफ्तार, करोड़ों के हवाला कनेक्शन और दुबई लिंक का सनसनीखेज खुलासा

रायगढ़ 16 मई 2026 । आईपीएल सीजन के बीच रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के उस बड़े सिंडिकेट पर जबरदस्त प्रहार किया है, जिसने मध्य भारत में सट्टेबाजी का विशाल नेटवर्क खड़ा कर रखा था। एसएसपी के नेतृत्व में चली इस हाईप्रोफाइल कार्रवाई ने रायगढ़ से रायपुर, सक्ती, नागपुर और गोवा तक फैले क्रिकेट सट्टा गिरोह की परतें खोल दी हैं। पुलिस ने गोवा के कैंडोलिम बीच इलाके में किराए के लक्जरी विला पर छापा मारकर छह बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार कथित रूप से “मन्नू नथानी” गैंग और दुबई से संचालित ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पूरे मामले की शुरुआत थाना कोतवाली रायगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026 और 218/2026 से हुई, जहां ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के आरोप में करण चौधरी उर्फ करण अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को हवाला और बड़े नेटवर्क से जुड़े इनपुट मिले। पूछताछ में सामने आया कि करोड़ों रुपये के लेनदेन हवाला चैनलों के जरिए किए जा रहे थे और इसका संचालन रायगढ़-रायपुर के बड़े खाईवालों के जरिए हो रहा था। इसके बाद साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और जांच की कड़ियां सीधे गोवा तक पहुंच गईं।

एसएसपी के निर्देश पर सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह और साइबर टीम गोवा पहुंची। पुलिस ने कैंडोलिम बीच स्थित एक किराए के विला में दबिश दी, जहां आरोपी आईपीएल मैचों पर लाइव ऑनलाइन सट्टा संचालित करते मिले। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल, लैपटॉप, हिसाब-किताब की डायरी और डिजिटल सबूत नष्ट करने की कोशिश में जुट गए, लेकिन टीम ने मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त कर सभी को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में खरसिया निवासी अमित मित्तल, रायपुर निवासी मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि ये सभी लंबे समय से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, मटका और डिजिटल बेटिंग नेटवर्क से जुड़े हुए थे और “मन्नू नथानी” गैंग के एजेंट के तौर पर काम शुरू कर अब खुद बड़े खाईवाल बन चुके थे।

जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने के तीन बड़े तरीके सामने आए हैं। पहला तरीका “अभिनंदन बुक/लाइन” के जरिए रायपुर से क्रिकेट सेशन का भाव लेना और APK बेस्ड जूम ऐप के जरिए नीचे के खिलाड़ियों तक रेट पहुंचाना था। दूसरा तरीका बेहद हाईटेक और चौंकाने वाला था, जिसमें आरोपी “प्रगति टीवी ऐप” और “स्टार लाइव” जैसे APK बेस्ड ऐप का इस्तेमाल करते थे। इन ऐप्स में मैच लगभग 7 सेकंड पहले दिखाई देता था, जिसका फायदा उठाकर सटोरिए लाइव मैच से पहले ही भाव बदल देते थे और भारी मुनाफा कमाते थे। तीसरा तरीका महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर “All Panel Exchange”, “Taj 777” और “Diamond Exchange” जैसी बेटिंग आईडी के जरिए ऑनलाइन जुआ खिलाने का था।

पुलिस के मुताबिक यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से संचालित हो रहा था। दुबई से बेटिंग आईडी बड़े खाईवालों तक पहुंचती थी, फिर महानगरों में बैठे ऑपरेटर इन्हें रायपुर, नागपुर और मध्य भारत के अन्य शहरों में सक्रिय एजेंटों तक पहुंचाते थे। नीचे के स्तर पर छोटे खाईवाल और प्लेयर्स को आईडी देकर हर ट्रांजैक्शन पर 10 प्रतिशत तक कमीशन लिया जाता था। प्रारंभिक जांच में एक आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं।

पूछताछ में हवाला नेटवर्क का भी बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपियों के मोबाइल में नोटों के सीरियल नंबर शेयर कर भरोसे के आधार पर रकम ट्रांसफर करने के डिजिटल सबूत मिले हैं। इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा नकदी भी जब्त की जा चुकी है। पुलिस अब हवाला चैनल, अप-लिंक नेटवर्क और आर्थिक ट्रांजैक्शन की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी पुराने अपराधी हैं। अमित मित्तल के खिलाफ खरसिया, चक्रधरनगर और घरघोड़ा में पहले से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित सोमानी के खिलाफ रायपुर के कई थानों में सट्टे के अपराध दर्ज बताए गए हैं। पुलिस को इन आरोपियों के रायगढ़, सक्ती, रायपुर और अन्य शहरों के सट्टा नेटवर्क से भी लिंक मिले हैं, जिनकी जांच तेज कर दी गई है।

एसएसपी ने साफ कहा है कि रायगढ़ पुलिस संगठित अपराध, ऑनलाइन सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ लगातार आक्रामक अभियान चला रही है और तकनीक आधारित अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक जड़ों तक पहुंचने और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

और भी

दुर्ग परिक्षेत्र में सड़क, पुल और भवन निर्माण की व्यापक समीक्षा: सचिव बंसल ने दिए फ्लाईओवर की समग्र योजना बनाकर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एक साथ स्वीकृति के निर्देश

रायपुर. 15 मई 2026. लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने आज संभागीय मुख्यालय दुर्ग में लोक निर्माण विभाग के दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता तथा कार्यपालन अभियंताओं की बैठक लेकर भवनों, सड़कों और पुलों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दुर्ग और पाटन में तीन कार्यस्थलों पर जाकर कार्यों का निरीक्षण भी किया।

श्री बंसल ने बैठक में अधिकारियों को भविष्य की जरुरतों के अनुरूप सभी सड़क खंडों पर फ्लाई-ओवर्स की समग्र योजनाओं के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्ग परिक्षेत्र के लोक निर्माण विभाग के सभी संभागों में प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाते हुए समय-सीमा में काम पूर्ण करने को कहा। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी भी बैठक में मौजूद थे।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के 15 दिनों के भीतर चयनित एजेंसी से अनुबंध की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समय-सीमा में काम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागीय अधिकारी अपने सुव्यवस्थित और समयबद्ध कार्यों से नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच विभाग की अच्छी छवि बनाएं। सभी कार्यों को पूरी जवाबदेही, सक्रियता और गंभीरता से अंजाम दें।

सचिव श्री बंसल ने सभी अधिकारियों को मुख्यालय में रहकर निर्माणाधीन कार्यों की पुख्ता और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र के सड़कों की स्थिति की पूरी जानकारी रखते हुए परफार्मेंस गारंटी वाली सड़कों में सुधार की जरूरत पर संबंधित ठेकेदारों से तत्काल मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने मैदानी स्तर पर भू-अर्जन में आ रही बाधाओं से वरिष्ठ कार्यालयों को अवगत कराने को कहा, ताकि निराकरण की कार्यवाही उच्च स्तर पर यथासमय की जा सके। उन्होंने इनके निराकरण में किसी भी प्रकार की देरी नहीं करने को कहा।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने शासकीय भवनों के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता एवं उपयोगिता के अनुरूप हॉरिजांटल की जगह वर्टिकल निर्माण को बढ़ावा देते हुए आधुनिक डिजाइनों और नई तकनीकों से निर्माण की कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने भवनों के निर्माण के दौरान निर्माण सामग्री से लेकर टाइल्स, पुट्टी और पेंट अच्छी गुणवत्ता का उपयोग करने को कहा। उन्होंने भूजल स्तर को रिचार्ज करने सभी भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग की भी व्यवस्था के निर्देश दिए।

*कार्यस्थलों का दौरा कर कार्यों की देखी प्रगति* 

लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने दुर्ग के साइंस कॉलेज में बन रहे 750 सीटर आडिटोरियम के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों में तेजी लाते हुए जल्द इसका निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल तिराहा से मिनीमाता चौक पुलगांव तक के सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने पाटन शासकीय कॉलेज के निर्माणाधीन भवन के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां नए भवन में क्लास-रुम, लैब, शौचालय इत्यादि का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कॉलेज प्रबंधन से मिलकर विद्यार्थियों की जरूरतों और उपयोगिता के मुताबिक सभी कार्यों को संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे कॉलेज परिसर को हरा-भरा, सुंदर और सुव्यवस्थित करने को कहा।

और भी

बस्तर बनेगा राष्ट्रीय समन्वय, शांति और विकास की नई तस्वीर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 19 मई को होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं ऐतिहासिक बैठक, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तैयारियों को लेकर अफसरों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर 15 मई 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में बस्तर में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। यह महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित होगी, जिसमें मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। 

बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं गंभीरता एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं।

           मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह परिषद देश की ऐसी क्षेत्रीय परिषद है जहां सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है, जो आपसी सहयोग और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिषदें राज्यों तथा केंद्र और राज्यों के बीच विभिन्न विषयों पर संवाद, सहयोग और समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं” और इसी भावना के साथ क्षेत्रीय परिषदें विकास, प्रशासनिक समन्वय और राष्ट्रीय एकता को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इन परिषदों ने राज्यों के बीच स्वस्थ सहयोग और विकासोन्मुखी सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
          
           मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर में इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति स्थापना के बाद इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन यह दर्शाता है कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और नई संभावनाओं को लेकर पूरी तरह संकल्पित है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन से क्षेत्र में शांति स्थापित हुई है तथा अब बस्तर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इंद्रावती की गोद से बस्तर विकास की नई गाथा लिखेगा और मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।

और भी