ताजा खबरें

बड़ी खबर

अभियान संवेदना के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: महिला से दुष्कर्म के आरोप में फरार युवक गिरफ्तार, धरमजयगढ़ पुलिस ने छाल के तरेकेला में दी दबिश, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी"

धरमजयगढ़। रायगढ़ पुलिस के अभियान संवेदना के तहत महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए धरमजयगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में फरार एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 29 वर्षीय महिला की शिकायत पर थाना धरमजयगढ़ में मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके परिचित युवक ने भय का माहौल बनाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद मानसिक तनाव और भय के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी, लेकिन बाद में पति को पूरी जानकारी देने के बाद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना धरमजयगढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल जांच शुरू की गई। पीड़िता का बयान दर्ज करने और चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने थाना छाल क्षेत्र के ग्राम तरेकेला में दबिश देकर 25 वर्षीय आरोपी बनेश्वर राठिया को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा और पुलिस टीम द्वारा की गई। रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी महिला संबंधी अपराध या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image