ताजा खबरें

बड़ी खबर

सुशासन तिहार: बाकारूमा शिविर में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का त्वरित लाभ ,फलदार पौधों, श्रम कार्ड और सहायक उपकरणों का किया गया वितरण

रायगढ़, 2 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व आयोजित सुशासन तिहार  आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। जिले में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी मांगों एवं शिकायतों के निराकरण का अवसर मिल रहा है, वहीं विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ भी उन्हें मौके पर ही प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में धरमजयगढ़ विकासखण्ड के सुदूर वनांचल ग्राम-बाकारूमा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में अनेक हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया, जिससे उनके चेहरे पर संतोष और प्रसन्नता झलक उठी। ़
            शिविर में विभिन्न ग्रामों से पहुंचे 20 हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण किया गया। उन्हें पौधों के संरक्षण एवं देखरेख के लिए भी प्रेरित किया गया, जिससे भविष्य में ये पौधे आय का अतिरिक्त स्रोत बन सकें। शिक्षा विभाग द्वारा चार छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि समाज कल्याण विभाग ने तीन वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक वितरित कर उनकी दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने का प्रयास किया। श्रम विभाग द्वारा पात्रता अनुसार पांच श्रमिकों के श्रम कार्ड मौके पर ही बनाए गए। वहीं जनपद पंचायत द्वारा पीएम आवास योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से आवास निर्माण पूर्ण करने वाले पांच हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर सम्मानित किया गया। 
            आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बालकपोड़ी प्रकाश महिला स्व-सहायता समूह को 3 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। शिविर में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाकारूमा की कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की छात्रा नेहा राठिया को 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। साथ ही स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। 
             शिविर का स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री पुनेश्वर राठिया एवं श्रीमती देवंती राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीनव राठिया, जनपद सदस्य, सरपंचगण तथा 22 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। गौरतलब है कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा शिविरों का आयोजन शाम 4 बजे से 7 बजे तक किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हैं तथा उनका यथासंभव त्वरित निराकरण सुनिश्चित करते हैं। बाकारूमा में आयोजित इस शिविर में 22 ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

Leave Your Comment

Click to reload image