“जब मेहनत को मिला सम्मान और सपनों को मिला दिशा-निर्देश: 6वीं वाहिनी में मेधावी छात्रों के लिए प्रेरणादायक करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम”
रायगढ़, 02 जून 2026। 6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, उर्दना रायगढ़ में आज सेनानी श्रीमती निवेदिता पॉल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में एक प्रेरणादायी एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाहिनी के उप सेनानी श्रीमती वर्षा मिश्रा, उप सेनानी श्री अनिल विश्वकर्मा, सहायक सेनानी श्री ब्रजेश तिवारी, सहायक सेनानी श्री सुरेश लकड़ा, सहायक सेनानी श्री एरमन खलखो सहित समस्त अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य वाहिनी के उन अधिकारी/कर्मचारियों के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करना एवं उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए उचित करियर मार्गदर्शन प्रदान करना था, जिन्होंने हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा के अवसरों, पुलिस सेवा, प्रशासनिक सेवाओं तथा अन्य रोजगारोन्मुखी क्षेत्रों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। राजपत्रित अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप करियर चयन हेतु मार्गदर्शन देते हुए सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक तैयारी, समय प्रबंधन एवं प्रभावी अध्ययन रणनीतियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी इस प्रकार रहे—
हाईस्कूल स्तर पर
एपीसी श्री नीलमणी प्रधान की पुत्री कु. तमन्ना प्रधान (91%), आर. श्री राजबल निराला के पुत्र गौरव निराला (87.66%), प्र.आर. श्री छोटेलाल सूर्यवंशी की पुत्री कु. तमन्ना सूर्यवंशी (87%), आर. श्री समीर सिदार के पुत्र साहिल सिदार (80%)।
हायर सेकेंडरी स्तर पर
प्र.आर. श्री मंजीत यादव के पुत्र अभिषेक यादव (93%), ट्रेड आर. श्री ज्ञानसिंह कंवर की पुत्री कु. छाया कंवर (89.60%)।
पुलिस विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं पारितोषिक प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।