ताजा खबरें

बड़ी खबर

विश्व स्तनपान सप्ताह पर रायगढ़ में स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू

रायगढ़, 6 अगस्त 2026/ विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के अवसर पर जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा, इंदिरा नगर (मोदीनगर) एवं गांधीनगर (जूटमिल) में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान के महत्व, सही स्तनपान तकनीक, मातृ पोषण तथा नवजात शिशु की समुचित देखभाल की विस्तृत जानकारी दी गई।
            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जन्म के प्रथम घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान कराना तथा जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध देना शिशु के शारीरिक, मानसिक एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छह माह के बाद उपयुक्त पूरक आहार के साथ दो वर्ष अथवा उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की सलाह भी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में परामर्श सत्र आयोजित करने के साथ-साथ घर-घर जाकर भी माताओं एवं परिवारों को स्तनपान के लाभों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य माताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराकर कुपोषण की रोकथाम तथा शिशुओं के स्वस्थ विकास को सुनिश्चित करना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे माताओं को स्तनपान के लिए प्रोत्साहित करें और स्वस्थ, सुपोषित एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image