ताजा खबरें

बड़ी खबर

स्कूल जाने के बहाने घर से निकली नाबालिग को पुलिस ने किया दस्तयाब, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला युवक गिरफ्तार; ‘अभियान संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़, 2 अगस्त। जिले में महिला एवं नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने एक 16 वर्षीय गुमशुदा बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया है। मामले में शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 जुलाई को नाबालिग बालिका घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चलने पर थाना कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर बालिका की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका एक युवक के साथ देखी गई है। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए 1 अगस्त को पुलिस ने केलो डेम क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। उसके साथ मौजूद युवक की पहचान विनय केरकेट्टा (23 वर्ष), निवासी कृष्णापुर, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।

पूछताछ में बालिका ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे विवाह करने का झूठा वादा किया और मोटरसाइकिल से उसे पत्थलगांव ले गया। वहां अपने परिचितों के घर में रखकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया। बालिका के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म तथा पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 AG 0302) तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में नवपदस्थ थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रिया साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलते ही तत्काल, संवेदनशील और कानूनसम्मत कार्रवाई की जाती है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘अभियान संवेदना’ के माध्यम से महिला और बाल सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक मामले पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हो।

Leave Your Comment

Click to reload image