पत्नी को भगाने के शक में बुजुर्ग पर टंगिया से जानलेवा हमला, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार
रायगढ़/तमनार। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई में पत्नी के लापता होने के शक में एक 64 वर्षीय व्यक्ति ने 60 वर्षीय ग्रामीण पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तमनार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे आरोपी दूजराम चौहान ने भागीरथी किशान पर पत्नी को भगाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और सिर पर लगातार कई वार कर दिए। घायल के बेटे की शिकायत पर तमनार थाना में मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी दूजराम चौहान (64) निवासी महलोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि किसी भी संदेह या व्यक्तिगत विवाद के नाम पर कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस सख्ती और निष्पक्षता से कार्रवाई कर रही है।