ताजा खबरें

बड़ी खबर

48 घंटे में डबल चोरी का खुलासा, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 5 अगस्त 2026। रायगढ़ जिले की चक्रधरनगर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में निगरानी बदमाश शिवा सारथी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹63,700 नकद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड सहित करीब ₹2 लाख की मशरूका बरामद की है।

पुलिस के अनुसार पहली घटना सूर्या बिहार क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी रेंजर साइकिल चोरी की थी, जबकि दूसरी घटना दीनदयालपुरम कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर ₹70 हजार नकद, सोने का टॉप्स और पीतल का लोटा चोरी करने की थी। दोनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पूछताछ में मुख्य आरोपी शिवा सारथी ने अपने साथियों कुश केरकेट्टा, प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली तथा पत्नी पिंकी सारथी के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने चोरी से पहले इलाके की रेकी की थी तथा चोरी की रकम आपस में बांटकर खर्च कर दी थी।

गिरफ्तार आरोपी

  • शिव सारथी उर्फ शिवा (20 वर्ष)
  • पिंकी सारथी उर्फ पिंकी चौहान उर्फ मनीषा (25 वर्ष)
  • प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली (24 वर्ष)
  • कुश केरकेट्टा (28 वर्ष)

बरामदगी

  • ₹63,700 नकद
  • सोने का टॉप्स
  • पीतल का लोटा
  • रेंजर साइकिल
  • चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल
  • लोहे की रॉड एवं अन्य सामान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के माध्यम से चोरी के मामलों का त्वरित खुलासा कर अपराधियों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

Leave Your Comment

Click to reload image