ताजा खबरें

बड़ी खबर

रायगढ़: घर में चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, चोरी का पूरा सामान बरामद

रायगढ़, 5 अगस्त 2026। रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना पुलिस ने घर में चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल सहित करीब 30 हजार रुपये का पूरा चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम डोंगाढकेल निवासी घनश्याम साहू ने 4 अगस्त को घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान गांव के ही सनत कुमार उर्फ नानू साहू (29 वर्ष) पर संदेह हुआ। थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांव लौटते ही आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रात में घर में घुसकर आलमारी से चांदी के जेवर और POCO मोबाइल चोरी किया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने 4-5 जुलाई 2026 की रात सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र से बुलेट क्लासिक-350 मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि उक्त बाइक पहले ही चंद्रपुर पुलिस द्वारा बरामद की जा चुकी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी गए सामान की शीघ्र बरामदगी रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक, प्रधान आरक्षक संजय भूषण तिर्की तथा आरक्षक हरिशंकर नायक, प्रदीप तिवारी और संतोष जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image