ताजा खबरें

बड़ी खबर

BREAKING : ग्राहक बनकर दुकान में करता था रेकी, फिर मौका मिलते ही उड़ाता था लाखों का सामान... आखिरकार पुलिस के ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में चढ़ा हत्थे, चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार 

रायगढ़, 1 जून 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। करीब नौ महीने पहले इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ चोरी का मोबाइल खरीदने वाले दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 22 सितंबर 2025 को घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक-15 निवासी अमन गुप्ता ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान “गोल्डी फर्नीचर इलेक्ट्रॉनिक एंड मोबाइल” से मोबाइल फोन, एलसीडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा और पंखे चोरी हो गए हैं। दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आईं, जिसकी पहचान रामायण दास महंत उर्फ बर्रा के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि आरोपी दुकान में ग्राहक बनकर आता था और कर्मचारियों की नजर बचाकर सामान बाहर निकाल ले जाता था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में चल रही तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रामायण दास महंत उर्फ बर्रा (45 वर्ष), निवासी बर्रा, थाना खरसिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दुकान से दो एलसीडी टीवी, एक ओप्पो मोबाइल, दो इंडक्शन और दो सीलिंग पंखे चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो एलसीडी टीवी और दो इंडक्शन चूल्हे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 36 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी किया गया मोबाइल उसने घरघोड़ा निवासी मोहम्मद मुजाहिद खान उर्फ राजू खान को बेच दिया था।

पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके कब्जे से चोरी का ओप्पो मोबाइल फोन बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी ने अपने मालिक द्वारा सौंपी गई संपत्ति का दुरुपयोग कर चोरी की थी, जबकि दूसरे आरोपी ने चोरी की संपत्ति अपने पास रखी थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मामले में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ीं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. रामायण दास महंत उर्फ बर्रा, उम्र 45 वर्ष, निवासी बर्रा, थाना खरसिया, जिला रायगढ़।
  2. मोहम्मद मुजाहिद खान उर्फ राजू खान, उम्र 35 वर्ष, निवासी ब्लॉक कॉलोनी, घरघोड़ा, जिला रायगढ़।

एसएसपी का सख्त संदेश

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी केवल आर्थिक नुकसान नहीं बल्कि मेहनत और विश्वास पर हमला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदकर अपराध को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ भी रायगढ़ पुलिस कठोर वैधानिक कार्रवाई कर रही है और आगे भी ऐसे अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसती रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं आरक्षक हरिश पटेल और उधोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image