ताजा खबरें


बड़ी खबर

ऑपरेशन प्रहार” से कांपा अवैध कबाड़ कारोबार — रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में 6 वाहन समेत 83 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त

 रायगढ़ 14 मार्च, 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने अवैध कबाड़ के कारोबार पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्यवाही की जा रही, रायगढ़ पुलिस द्वारा सप्ताह के भीतर शुक्रवार की शाम और सुबह अवैध कबाड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 वाहन समेत करीब 83 लाख 52 हजार रूपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। 

          अवैध कबाड़ के परिवहन पर लगाये मुखबीरों के सटिक सूचना पर कल शाम थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुसौर पुलिस द्वारा आर्यन फ्यूल के सामने पुसौर-सरिया मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोका गया, जिनमें करीब 19 टन लोहे के टीना का स्क्रैप परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालकों के पास वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस द्वारा दोनों वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। 

          इसी क्रम में आज सुबह थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तमनार चौक तथा महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर उड़ीसा की ओर से रायगढ़ की तरफ आ रहे चार भारी वाहनों को रोका गया। जांच के दौरान तीन 12 चक्का ट्रकों में आयरन पेललेट्स तथा एक 12 चक्का ट्रक में लगभग 25 टन स्क्रैप लोहे के छड़, मशीनरी पार्ट्स आदि लोड पाया गया। वाहन चालकों से स्क्रैप एवं पेललेट्स गोली के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर सभी वाहनों को जब्त कर चालकों के विरुद्ध धारा 35(क), (ड) बीएनएसएस / 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

       इस प्रकार पूंजीपथरा और पुसौर थाना क्षेत्र में की गई कुल 6 कार्रवाइयों में पुलिस द्वारा 3 ट्रकों से 86 टन आयरन पेललेट्स  (कीमत लगभग 6,20,000 रुपये) तथा 1 ट्रक और 2 टाटा वाहनों से 44 टन लोहे का स्क्रैप (कीमत लगभग 17,32,000 रुपये) जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त अवैध कबाड़ के परिवहन में प्रयुक्त 6 वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। दोनों थानों की कार्रवाई में *कुल 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त* कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई का विवरण—

        (1) वाहन चालक मो. बादशाह (41 वर्ष), निवासी बस स्टैंडपारा बृजराजनगर, जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) के वाहन OD 16 K 7306 (12 चक्का ट्रक) से 31 टन 220 किलो आयरन पेललेट्स, (2) वाहन चालक अशोक कुमार सेन (47 वर्ष) निवासी भिलाई जिला दुर्ग के वाहन CG 07 CA 9513 (12 चक्का ट्रक) से 25 टन लोहे का स्क्रैप, (3) वाहन चालक मो. मुख्तार (50 वर्ष) निवासी सारण छपरा बिहार के वाहन OD 23 A 7337 (12 चक्का ट्रक) से 30 टन 700 किलो आयरन गोली तथा (4) वाहन चालक मो. सलीम (35 वर्ष) निवासी सारण छपरा बिहार के वाहन CG 13 AC 8250 (10 चक्का ट्रक) से 24 टन 270 किलो आयरन पेललेट्स जब्त की गई।

पुसौर पुलिस की कार्रवाई का विवरण —

         (1) वाहन चालक सरोज भोई पिता परमे भोई उम्र 44 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 18 बांदू टिकबा थाना कोतवाली बरगढ़ जिला बरगढ़ (ओडिशा) के वाहन CG 04 PB 9652 (टाटा 1512) से 11 टन स्क्रैप तथा (2)  वाहन चालक कुबेर यादव पिता निताई यादव उम्र 37 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 01 मेदनीपुर सराईपाली थाना बसना जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) के वाहन CG 04 PT 2645 (टाटा 1512) से 6 टन स्क्रैप जब्त किया गया।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —

      *“रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है। बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप या धातु सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा देने जिले में विशेष पंजीयन शिविरों का आयोजन

   जशपुरनगर 14 मार्च 2026/  प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना अंतर्गत श्रमिकों के पंजीयन हेतु जिले के सभी विकासखंडों के तहत आने वाले ग्राम पंचायतों में 06 मार्च से 27 मार्च 2026 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा हैं। इन शिविरों में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के तहत पंजीयन के साथ-साथ श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित अन्य योजनाओं के पंजीयन एवं नवीनीकरण का कार्य भी किया जाएगा। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बताया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना सामाजिक सुरक्षा का एक मजबूत आधार है। उन्होंने अधिक से अधिक श्रमिकों से शिविरों में पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।

 *जिले के सभी 8 विकासखंडों में शिविरों का आयोजन*

जशपुर विकासखंड अंतर्गत 18 मार्च को पीडी, 19 मार्च को आरा, 20 मार्च को बोकी और 23 मार्च को रातामाटी में आयोजित किए जाएंगे। इसी तरह विकासखंड मनोरा में 18 मार्च को खरसोता, 19 मार्च को जरिया में 20 मार्च को आस्ता में और 27 मार्च को ईराइ में आयोजित किए जाएंगे।
   
बगीचा विकासखंड अंतर्गत 18 मार्च को पंडरीपानी, 19 मार्च को साहीडांड, 20 मार्च को नन्हेसर में और 23 मार्च को कुरकुरिया में किए जाएंगे। दुलदुला विकासखंड अंतर्गत  18 मार्च को सिमडा, 19 मार्च को सपघरा, 20 मार्च को गोडअम्बा में और 23 मार्च को जमटोली में आयोजित होगी। कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत  18 मार्च को नारायणपुर, 19 मार्च को जोकबहला, 20 मार्च को लोधमा में और 27 मार्च को चटकपुर में आयोजन किया जाएगा।
   फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत  18 मार्च को महुवाडीह, 19 मार्च को पंडरीपानी, 20 मार्च को बारो में और 27 मार्च को बांसाझाल में आयोजित किए जाएंगे। 

कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत  16 मार्च को बांसबहार, 19 मार्च को खारपानी में और 20 मार्च को चेटबा में आयोजित होंगे। 

पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत 18 मार्च को चंदागड, 19 मार्च को बुलडेगा,  20 मार्च को तिलडेगा में और 27 मार्च को फरसाटोली में आयोजित किए जाएंगे।

और भी

जिले के युवाओं के लिए सुनहरा मौका – 16, 17 और 18 मार्च को जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव में लगेगा प्लेसमेंट कैम्प, विद्युत मीटर तकनीशियन पदों पर होगी भर्ती

*जशपुरनगर 14 मार्च 2026* /जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र जशपुर के द्वारा 16, 17 एवं 18 मार्च 2026 को प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। 
                      विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 मार्च को जिला रोजगार कार्यालय, 17 मार्च को आईटीआई कुनकुरी एवं 18 मार्च आईटीआई पत्थलगांव में प्लेसमेंट कैम्प का आयोजित होगें। प्लेसमेंट कैम्प में श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड नोएडा संस्था के द्वारा विद्युत मीटर तकनीशियन की रिक्तियां प्राप्त हुई है। आवेदक का कार्यस्थाल जशपुर, कुनकुरी एवं पत्थलगांव है। निर्धारित तिथि को प्रातः 11ः30 बजे से आवेदक समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ निर्धारित स्थान में आकर प्लेसमेंट कैम्प में भाग ले सकते है।

और भी

कच्चे घर से पक्के आशियाने तक… प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली ग्रामीण की तकदीर, जशपुर के ज्ञानु भगत का साकार हुआ वर्षों पुराना सपना

प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ पक्के घर का सपना

जशपुरनगर 14 मार्च  2026/
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जिले के ग्रामीण परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के ग्राम बंगुरकेला निवासी श्री ज्ञानु भगत को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ प्राप्त हुआ है।

श्री ज्ञानु भगत ने बताया कि पहले वे अपने परिवार के साथ मिट्टी के छोटे से कच्चे मकान में निवास करते थे। बरसात के मौसम में घर की छत से पानी टपकता था तथा गर्मी के दिनों में दीवारें अत्यधिक तप जाती थीं। साथ ही जहरीले जीव-जंतुओं का भय बना रहता था। घर की बार-बार मरम्मत कराने से उन्हें आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ता था।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें पक्के आवास की स्वीकृति मिली। शासन से प्राप्त राशि में अपनी बचत जोड़कर वे अपने सपनों का घर बना रहे हैं। वर्तमान में मकान का आंतरिक कार्य प्रगति पर है।

श्री ज्ञानु भगत ने पक्का आवास मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके परिवार के जीवन में एक बड़ा बदलाव लेकर आया है। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जिले के अनेक जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं स्थायी आवास मिल रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।

और भी

प्रेम विवाह के बाद रिश्तों में जहर! पुराने विवाद में पति ने पत्नी पर लोहे के हसिए से किया जानलेवा हमला, घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा

*रायगढ़, 14 मार्च 2026 ।एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने महिला पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घायल महिला और आरोपी तुलेश्वर चौहान प्रेम विवाह कर पति-पत्नी की तरह साथ रहते थे और घटना का कारण आपसी पुराना विवाद बताया जा रहा है।

     जानकारी के अनुसार प्रार्थी संतोष दास महंत पिता मंगल दास महंत उम्र 32 वर्ष निवासी तेंदूभाठा थाना घरघोड़ा ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सास श्रीमती संतोषी महंत वर्ष 2011 में तुलेश्वर चौहान निवासी जोंगरा जिला सक्ती से प्रेम विवाह कर उनके साथ रह रही थी। दोनों हाल ही में तेंदूभाठा स्थित उनके घर में मकान निर्माण कार्य में सहयोग करने आए थे।

        रिपोर्ट के अनुसार 12 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे गांव के पड़ोसी ने फोन कर संतोष महंत को सूचना दी कि तुलेश्वर चौहान ने झगड़े के दौरान सब्जी काटने वाले *लोहे के हसिया (परसूल)* से संतोषी महंत के गर्दन और ठुड्डी पर वार कर दिया है।  परिजनों ने महिला को  घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाये, सूचना पाकर संतोष अस्पताल पहुंचा जहां देखा गया कि उसकी  सास संतोषी के गर्दन, ठुड्डी और दोनों हाथ की उंगलियों में गंभीर चोट लगी थी और खून निकल रहा था।

      घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि पुरानी बात को लेकर आरोपी तुलेश्वर चौहान ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे धारदार हसिया से हमला किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में *अपराध क्रमांक 89/2026 धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस* के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

     विवेचना के दौरान पीड़िता के चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोर्ट प्राप्त होने पर मामले में *हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस* भी जोड़ी गई। पूछताछ में आरोपी *तुलेश्वर चौहान पिता मोहन लाल चौहान उम्र 39 वर्ष निवासी जोंगरा पोस्ट मसनियाकला थाना व जिला सक्ती* ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त *धारदार लोहे का हसिया* जप्त कर लिया।

     आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 13 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक पारसमनी बेहरा एवं आरक्षक भानु चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —*

*“ हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”*

और भी

सड़क की मामूली बहस बनी बड़ी वारदात: गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 14 मार्च 2026।*  सड़क पर हुई मामूली कहासुनी के बाद चक्रधरनगर थाना  क्षेत्र स्थित गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट करने वाले युवक पर चकधरनगर पुलिस ने गैर जमानती धाराओं में कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

     जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजा अग्रवाल ने दिनांक 12 मार्च 2026 को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह 11 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे अपने ऑटो से *प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस, दुर्गा मंदिर के सामने बोईरदादर रोड* में गैस की होम डिलीवरी करने जा रहा था। इसी दौरान सुभाष चौक के पास एक मोटरसाइकिल चालक से साइड देने की बात को लेकर उसकी मामूली बहस हो गई। इसके बाद राजा अपने काम के लिए गैस ऑफिस पहुंच गया।

       रिपोर्ट के अनुसार मोटरसाइकिल चालक उसका पीछा करते हुए गैस ऑफिस तक पहुंच गया और अंदर घुसकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। गैस आफिस के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। मारपीट करने वाले युवक से नाम-पता पूछने पर उसने अपना नाम रिहान खान  निवासी जिला पंचायत के पीछे छोटे अतरमुड़ा थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ बताया।

     प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में *अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 296, 115(2), 333 बीएनएस* के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने प्रार्थी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया तथा आरोपी की तलाश कर उसे उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस के अंदर घुसकर मारपीट करने की बात स्वीकार की।

      आरोपी *रिहान खान पिता मो. रईस खान उम्र 23 वर्ष निवासी जिला पंचायत के पीछे छोटा अतरमुड़ा थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़* को चक्रधरनगर पुलिस ने दिनांक 12 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर अजमानतीय मामले में न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

???? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

   *“कानून व्यवस्था भंग करने वाले और सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट या गुंडागर्दी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”*

और भी

शहर के बीच बहने वाली बाकी नदी में खुलेआम बालू तस्करी , समाजसेवी रामप्रकाश पाण्डे ने उठाई आवाज; बोले—बालू ही नदियों की हड्डियां, खत्म हुई रेत तो नदी भी हो जाएगी खत्म

जशपुरनगर 13 मार्च 2026 : जिले में अवैध बालू उत्खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। शहर के बीच बहने वाली बाकी नदी में इन दिनों खुलेआम बालू तस्करी किए जाने की खबरों ने लोगों को चिंतित कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन-दहाड़े नदी से रेत निकाली जा रही है, जिससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और उसके अस्तित्व पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है।

इस पूरे मामले को लेकर जशपुर के समाजसेवी रामप्रकाश पाण्डे ने सोशल मीडिया के माध्यम से गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मनुष्य के शरीर को खड़ा रखने और उसे मजबूती देने के लिए हड्डियों की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार किसी भी नदी को जीवित और स्वस्थ बनाए रखने के लिए बालू यानी रेत की अहम भूमिका होती है।

रामप्रकाश पाण्डे ने कहा कि नदी के तल में मौजूद रेत प्राकृतिक फिल्टर की तरह काम करती है। यह नदी के पानी को स्वच्छ बनाए रखने में मदद करती है और जल के प्राकृतिक प्रवाह को संतुलित बनाए रखती है। बालू की परतें भूजल को रिचार्ज करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जब नदी में पर्याप्त मात्रा में रेत होती है तो बारिश का पानी जमीन के भीतर तक पहुंचता है और आसपास के कुएं, तालाब और हैंडपंप भी लंबे समय तक जल से भरे रहते हैं।

उन्होंने बताया कि यदि नदियों से अंधाधुंध तरीके से रेत निकाल ली जाए तो नदी का तल कठोर हो जाता है और पानी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित होने लगता है। इससे नदी धीरे-धीरे गहरी और असंतुलित हो जाती है, जलस्तर गिरने लगता है और कई बार नदी केवल गंदे पानी का ठहरा हुआ गड्ढा बनकर रह जाती है। यही कारण है कि देश के कई हिस्सों में लगातार हो रहे अवैध बालू खनन के कारण नदियां सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं।

समाजसेवी रामप्रकाश पाण्डे ने कहा कि नदी की रेत केवल निर्माण कार्य के लिए इस्तेमाल होने वाला साधारण संसाधन नहीं है, बल्कि यह पूरी नदी की जीवनरेखा है। रेत नदी के किनारों को कटाव से बचाती है, बाढ़ के प्रभाव को नियंत्रित करती है और जलचरों तथा नदी के पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां भी नदियों से अवैध बालू खनन हो रहा है, उसे रोकने के लिए प्रशासन और समाज दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई और बालू का कोई वैकल्पिक संसाधन विकसित नहीं किया गया, तो आने वाले वर्षों में देश की कई नदियों का अस्तित्व ही समाप्त हो सकता है।

रामप्रकाश पाण्डे ने यह भी बताया कि देश के प्रसिद्ध जल पुरुष डॉक्टर राजेन्द्र सिंह  ने भी बाकी नदी के अस्तित्व को लेकर चिंता जाहिर की है। उनका मानना है कि यदि नदियों के प्राकृतिक ढांचे से लगातार छेड़छाड़ होती रही तो भविष्य में जल संकट और भी गंभीर रूप ले सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाकी नदी जशपुर शहर की पहचान और जीवनरेखा मानी जाती है। ऐसे में यदि यहां अवैध बालू उत्खनन को समय रहते नहीं रोका गया तो इसका असर केवल नदी पर ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के पर्यावरण और जल स्रोतों पर भी पड़ेगा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाकी नदी में हो रही बालू तस्करी पर तत्काल सख्त कार्रवाई कर नदी के अस्तित्व को बचाया जाए।

और भी

*“क्या सुप्रीम कोर्ट ही पूरा देश चलाए?”—सड़कों, पुलों और बिजली तारों की मरम्मत को लेकर व्यापक निर्देश मांगने वाली याचिका पर शीर्ष अदालत की सख्त टिप्पणी, याचिका खारिज*

नई दिल्ली, 13 मार्च 2026 । देश की सर्वोच्च अदालत ने सड़कों, पुलों, बिजली के तारों सहित अन्य सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की मरम्मत और रखरखाव को लेकर दायर एक जनहित याचिका को खारिज कर दिया। याचिका में अदालत से पूरे देश में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को दुरुस्त रखने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई थी।

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिकाकर्ता से तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “क्या आप चाहते हैं कि हम पूरा देश चलाएं?” न्यायालय ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के मुद्दे मुख्य रूप से प्रशासनिक और नीतिगत विषय हैं, जिनका समाधान केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन द्वारा किया जाना चाहिए।

सुनवाई के दौरान पीठ ने कहा कि न्यायपालिका का काम हर प्रशासनिक कार्य में हस्तक्षेप करना नहीं है। यदि किसी क्षेत्र में सड़कें खराब हैं, पुलों का रखरखाव नहीं हो रहा है या बिजली के तारों से खतरा है, तो उसके लिए संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों के पास शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए। अदालत ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में देशभर के लिए एक समान व्यापक निर्देश जारी करना न्यायालय के अधिकार क्षेत्र से बाहर है।

याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका में दावा किया था कि कई स्थानों पर खराब सड़कों, जर्जर पुलों और खुले या लटकते बिजली के तारों के कारण लोगों की जान को खतरा बना रहता है। इसलिए अदालत से अनुरोध किया गया था कि वह केंद्र और राज्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

हालांकि अदालत ने यह स्पष्ट करते हुए याचिका खारिज कर दी कि प्रशासनिक व्यवस्था को संचालित करना न्यायालय का कार्य नहीं है। अदालत ने कहा कि इस प्रकार के मामलों में संबंधित सरकारों और विभागों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर समाधान खोजा जाना चाहिए।

और भी

छत्तीसगढ़ में मिशन कर्मयोगी को गति देने की पहल, राज्य स्तरीय समिति की पहली बैठक 17 मार्च को

*छत्तीसगढ़ में मिशन कर्मयोगी को गति देने की पहल, राज्य स्तरीय समिति की पहली बैठक 17 मार्च को

नवा रायपुर, 13 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत राज्य में क्षमता निर्माण कार्यक्रमों को गति देने तथा विभागों के मध्य बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित “छत्तीसगढ़ राज्य क्षमता निर्माण क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति” की पहली बैठक 17 मार्च 2026 को अपराह्न 4 बजे मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर में आयोजित की जाएगी। बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड (भौतिक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) में आयोजित होगी।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव के प्रशासनिक मार्गदर्शन में गठित यह समिति राज्य में मिशन कर्मयोगी के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करने, विभागों में संचालित प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण गतिविधियों में समन्वय स्थापित करने तथा क्षमता निर्माण को संस्थागत रूप देने के उद्देश्य से कार्य करेगी।

राज्य नोडल अधिकारी (मिशन कर्मयोगी – iGOT), सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार बैठक में राज्य के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा  iGOT डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के उपयोग की स्थिति की समीक्षा की जाएगी तथा विभिन्न विभागों में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक के एजेंडा में राज्य के प्रशिक्षण संस्थानों (ATI एवं अन्य) की भूमिका को सुदृढ़ करने, डिजिटल लर्निंग तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा तथा राज्य स्तर से प्राप्त सुझावों को संकलित कर आगामी राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन के लिए अनुशंसाएँ तैयार करना भी शामिल है।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी शामिल होंगे।

और भी

बिहान योजना से खुली आत्मनिर्भरता की राह: मुर्गीपालन, गौपालन और मेहनत के दम पर कुमुद बाई बनीं सशक्त महिला, गांव की महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

रायगढ़, 13 मार्च 2026/ कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम बांझीआमा की श्रीमती कुमुद बाई आज आत्मनिर्भरता की मिसाल बन गई हैं। शासन की महत्वाकांक्षी बिहान योजना ने उनके जीवन को नई दिशा और नया आत्मविश्वास दिया है। कुमुद बाई सूरज महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ीं। शुरुआत में वे कम पढ़ी-लिखी होने के कारण झिझकती थीं, लेकिन समूह की बैठकों और गतिविधियों में शामिल होते-होते उनका आत्मविश्वास बढ़ने लगा। धीरे-धीरे उन्होंने घर की चौखट पार कर समाज और समूह के साथ कदम मिलाकर चलना शुरू किया। आज वे न केवल स्वयं बैंक जाकर अपने काम पूरे कर लेती हैं, बल्कि समूह की अन्य महिलाओं को भी बैंक से जुड़े कार्यों में मदद करती हैं।
              स्व-सहायता समूह में नियमित बचत और आपसी सहयोग ने कुमुद बाई को आर्थिक रूप से मजबूत बनने की राह दिखाई। उन्होंने 70 हजार रुपये का ऋण लेकर मुर्गीपालन का कार्य शुरू किया। इसके साथ ही उन्होंने लगभग 40 हजार रुपये की लागत से अंडों से चूजे निकालने वाली मशीन खरीदी। इस मशीन में एक बार में करीब 60 अंडे रखे जा सकते हैं, जिनसे निर्धारित समय के बाद चूजे निकलते हैं। इससे उनकी आय में धीरे-धीरे वृद्धि होने लगी और उनके हौसले को नई उड़ान मिली। अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कुमुद बाई ने अपनी आजीविका को और मजबूत करने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने एक निजी बैंक से 1 लाख 50 हजार रुपये का ऋण लेकर अच्छी नस्ल की गाय खरीदी। यह गाय प्रतिदिन लगभग 10 से 12 लीटर दूध देती है, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त होने लगी है।
          आज कुमुद बाई मुर्गीपालन, गौपालन और खेती जैसे कार्यों के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना रही हैं। वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और बेहतर भविष्य देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। कुमुद बाई कहती हैं कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में आत्मविश्वास और नई उम्मीद जगी है। घर से निकलकर बैंक तक पहुंचने और स्वयं का रोजगार खड़ा करने तक का यह सफर उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन बिहान के सहयोग और मार्गदर्शन ने इसे संभव बना दिया। आज कुमुद बाई अपने गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

और भी

तमनार सीएचसी का कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी — अतिरिक्त भवन और अधोसंरचना विकास का प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश

रायगढ़, 13 मार्च 2026/ जिले में आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज तमनार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
        निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने अस्पताल परिसर, उपचार कक्ष, दवा उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र में अतिरिक्त भवन की आवश्यकता है। साथ ही मर्चुरी निर्माण के लिए स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। इस पर कलेक्टर ने भवन सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचना विकास के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित करने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम घरघोड़ा श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

तमनार के कायाकल्प की तैयारी तेज, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने किया चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्र का निरीक्षण, सौंदर्यीकरण व आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए समग्र कार्ययोजना बनाने के निर्देश

रायगढ़, 13 मार्च 2026/ औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण तमनार को सुव्यवस्थित, आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज तमनार पहुंचकर नगर के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्र सहित अन्य प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने तमनार के सर्वांगीण विकास के लिए अधिकारियों से चर्चा की। 
           निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया कि तमनार को सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप में विकसित करने के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके अंतर्गत प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण, बाजार क्षेत्र के सुव्यवस्थापन तथा आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि तमनार एक महत्वपूर्ण औद्योगिक नगर है और यहां का व्यवस्थित विकास होने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने अधिकारियों से नगर के विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि तमनार को एक बेहतर और व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित किया जा सके। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम घरघोड़ा श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

और भी

जनसमस्याओं के समाधान का बना सशक्त मंच: तमनार में जिला स्तरीय शिविर में उमड़ी भीड़, कलेक्टर ने लिया जायजा — मौके पर ही कई समस्याओं का निराकरण, योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राही

रायगढ़, 13 मार्च 2026/ तमनार में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आम नागरिकों के लिए समाधान का प्रभावी मंच बनकर सामने आया। यहां लोग केवल आवेदन लेकर ही नहीं, बल्कि उम्मीद और विश्वास के साथ पहुंचे थे। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही मंच पर उपस्थित रहे और आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। योजनाओं का लाभ मिलने पर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
             शिविर में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी स्वयं पहुंचे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके। शिविर में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और आमजनों से आवेदन प्राप्त किए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए शिविर में पहुंचे। कई मामलों में मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।
            स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रही है। महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय शिविर में सभी विभागों के अधिकारी एक ही मंच पर उपस्थित रहते हैं, जिससे कई ऐसे कार्य जो सामान्यतः जिला मुख्यालय जाकर कराने पड़ते हैं, वे यहीं आसानी से संपन्न हो जाते हैं। उन्होंने लोगों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
             शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। मत्स्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल तथा 2 हितग्राहियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को जैविक कीटनाशक और मृदा हेल्थ कार्ड प्रदान किए गए। जनपद पंचायत तमनार द्वारा 11 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 7 हितग्राहियों को पेंशन प्रमाण पत्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। उद्यान विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को पौधों का वितरण किया गया। इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 25 हितग्राहियों को अन्नप्राशन, पोषण किट, गोद भराई तथा नोनी सुरक्षा योजना से लाभान्वित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को छड़ी तथा श्रम विभाग द्वारा श्रम कार्ड एवं अपेक्स बैंक की ओर से किसानों को केसीसी कार्ड एवं केसीसी चेक वितरित किए गए।
             शिविर में योजनाओं का लाभ मिलने पर हितग्राहियों ने खुशी जाहिर की। हितग्राही श्रीमती सविता सिदार ने मछली पकड़ने का जाल प्राप्त होने पर कहा कि पहले मत्स्य व्यवसाय में काफी कठिनाई होती थी, लेकिन अब जाल मिलने से उनके काम में सहूलियत होगी। हितग्राही श्री हरिशंकर साहू ने पेंशन प्रमाण पत्र मिलने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं हितग्राही समारू राम ने कहा कि उन्हें मिली छड़ी उनके लिए सहारा बनेगी। शिविर के दौरान आमजनों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर नए आवेदनों का पंजीयन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में स्वास्थ्य जांच के साथ दवाइयों का वितरण भी किया गया।
            इस अवसर पर जनपद पंचायत तमनार अध्यक्ष श्री जगेश्वर सिदार, श्री सत्यानंद राठिया, श्री रमेश चंद्र बेहरा, श्री सतीश बेहरा, श्री जतिंद्र साव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम घरघोड़ा श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

और भी

पीएम आवास योजना में भारी लापरवाही का मामला उजागर: 200 से ज्यादा हितग्राहियों को राशि मिलने के बावजूद निर्माण ठप, दो पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस

रायगढ़, 13 मार्च 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में सीईओ जिला पंचायत के निर्देश पर जनपद पंचायत लैलूंगा के ग्राम पंचायत चिराईखार के पंचायत सचिव श्री श्याम लाल सिदार एवं ग्राम पंचायत बैस्कीमुड़ा के पंचायत सचिव श्री अशोक कुमार पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
 प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्राम पंचायत वैस्कीमुड़ा में कुल 131 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 128 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि प्राप्त हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक केवल 02 आवास ही पूर्ण हो पाए हैं, जबकि 38 आवास प्लिंथ लेवल तक पहुंचे हैं और 82 आवासों का निर्माण अभी तक प्रारंभ भी नहीं कराया गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत चिराईखार में 113 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 107 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि मिल चुकी है। इसके बावजूद अब तक एक भी आवास पूर्ण नहीं हुआ है, 16 आवास प्लिंथ लेवल तक हैं और 87 आवासों का निर्माण कार्य शुरू ही नहीं कराया गया है। अधूरे और अप्रारंभ आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधितों को कई बार निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। निरीक्षण के दौरान उच्चाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने और अपने पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है।
            इस संबंध में पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम 3 के उपनियम (1) (एक), (दो) एवं (तीन) के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर  अपना लिखित एवं सप्रमाण स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत सचिव की होगी।

और भी

प्राकृतिक धरोहर को मिलेगा नया पहचान: केलो नदी का उद्गम स्थल पहाड़ लुड़ेग बनेगा पर्यटन आकर्षण, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने ग्रामीणों से चर्चा कर विकास की संभावनाएं परखी, खम्हार पाकुट जलाशय के तट को संवारने के निर्देश

रायगढ़, 13 मार्च 2026।कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत केलो नदी के उद्गम स्थल पहाड़ लुड़ेग तथा खम्हार पाकुट जलाशय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
      ग्राम पहाड़ लुड़ेग में केलो नदी के उद्गम स्थल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर नदी के इतिहास और उद्गम स्थल से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह स्थल प्राकृतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे सुरक्षित और संरक्षित रखने के साथ-साथ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने लैलूंगा से पहाड़ लुड़ेग तक सड़क निर्माण की आवश्यकता पर भी विचार करने का आश्वासन दिया। साथ ही ग्राम पंचायत पहाड़ लुड़ेग को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के संबंध में भी सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपेक्षा की कि केलो नदी के उद्गम स्थल को सुरक्षित और संरक्षित बनाए रखने में वे सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि गांव के समग्र विकास और उद्गम स्थल के संरक्षण के लिए ग्रामीण अपने सुझाव 15 दिनों के भीतर प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें आगामी योजनाओं में शामिल किया जा सके।

*खम्हार पाकुट जलाशय में मत्स्य पालन कार्य की सराहना*

     कलेक्टर ने ग्राम पंचायत जाम बहार स्थित खम्हार पाकुट जलाशय योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल संसाधन संभाग धरमजयगढ़ के कार्यपालन अभियंता तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान खम्हार पाकुट जलाशय में आदिवासी मत्स्य समिति लैलूंगा द्वारा किए जा रहे मछली पालन कार्य की सराहना करते हुए उत्पादन को और बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने खम्हार पाकुट जलाशय के तटीय क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके लिए किसी आर्किटेक्ट के माध्यम से विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार कराने हेतु जल संसाधन संभाग धरमजयगढ़ के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया गया, ताकि भविष्य में इस क्षेत्र को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

और भी

ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, स्कूटी में छिपाकर लाई जा रही शराब पकड़ी गई, गांवों में बन रही महुआ शराब भी जब्त

रायगढ़, 13 मार्च 2026 । 
एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में चलाए जा रहे *“ऑपरेशन आघात”* के तहत दिनांक 12 मार्च 2026 को  थाना कोतवाली और कोतरारोड क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ तीन अलग-अलग कार्रवाई की गई।

       कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक्टिवा क्रमांक CG 13 BD 9337 में दो व्यक्ति अवैध शराब लेकर स्टेशन की ओर से कालीबाड़ी की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर कालीबाड़ी मस्जिद के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम *लोचन निषाद पिता शंकर निषाद उम्र 23 वर्ष तथा कमलेश महिष पिता दलगंजन महिष उम्र 23 वर्ष*, दोनों निवासी ग्राम धनागर जिला रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से *34 पाव देशी प्लेन शराब, 20 पाव अंग्रेजी शराब (कुल 54 पाव लगभग 9.720 बल्क लीटर) तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा वाहन* जप्त किया गया। दोनों आरोपियों को आबकारी एक्ट की कार्यवाही में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

       इसी दिन प्रशिक्षु डीएसपी श्री अजय नागवंशी और थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में थाना कोतरारोड पुलिस ने ग्राम *कलमी* में सूचना के आधार पर रोहित कुमार सतनामी के घर दबिश दी। आरोपी *रोहित कुमार सतनामी पिता स्व. मोहन सतनामी उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम कलमी* के कब्जे से *करीब 7 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब* जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

        वहीं दूसरी कार्रवाई में कोतरारोड पुलिस ने *लिटाईपाली तिराहा* में घेराबंदी कर पैदल अवैध शराब परिवहन करते *नन्दू रात्रे पिता संतराम रात्रे उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम लिटाईपाली* को पकड़ा। आरोपी के पास से *करीब 6 लीटर कच्ची महुआ शराब* जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —*

*“रायगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”*

और भी

बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत : मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना लागू,-लंबित बिजली बिल के मूल राशि व अधिभार में भारी छूट के साथ किस्तों में भुगतान की सुविधा

जशपुरनगर 13 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना–2026 लागू किया हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित इस योजना के तहत बी.पी.एल., घरेलू तथा कृषि श्रेणी के बकायादार उपभोक्ताओं को बिजली बिल की मूल राशि और अधिभार (सरचार्ज) में विशेष छूट प्रदान की जा रही है। यह योजना 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी। योजना का उद्देश्य लंबे समय से लंबित बिजली बिलों का समाधान करना तथा उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत प्रदान करना है। योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को सरचार्ज में 100 प्रतिशत तक छूट तथा मूल बकाया राशि में भी श्रेणी के अनुसार राहत दी जाएगी, जिससे वे आसानी से अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान कर सकें।

*निष्क्रिय उपभोक्ताओं को विशेष राहत* - 

योजना में उन उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है जिनका बिजली कनेक्शन 31 मार्च 2023 से पूर्व कट चुका है। बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल राशि में 75 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को मूल राशि में 50 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।


*सक्रिय उपभोक्ताओं को भी मिलेगा लाभ* - 

जिन उपभोक्ताओं का कनेक्शन वर्तमान में चालू है, उन्हें भी योजना के तहत राहत प्रदान की जाएगी। सक्रिय बीपीएल उपभोक्ता यदि 5 वर्ष से अधिक पुराने बकाया का भुगतान करते हैं तो उन्हें मूल राशि में 75 प्रतिशत छूट, जबकि 1 से 5 वर्ष के बकाया पर 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। अधिभार में 100 प्रतिशत छूट प्रदान की जाएगी। सक्रिय घरेलू एवं कृषि उपभोक्ता एकमुश्त भुगतान करने पर मूल राशि में 10 प्रतिशत छूट, जबकि किस्तों में भुगतान करने पर 5 प्रतिशत तक छूट प्राप्त कर सकेंगे। इन श्रेणियों को भी अधिभार में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।


*किस्तों में भुगतान की सुविधा* -

योजना के तहत सक्रिय उपभोक्ताओं को छूट के बाद बची राशि का भुगतान आसान किस्तों में करने की सुविधा दी गई है। बीपीएल उपभोक्ता बकाया राशि के अनुसार 40 से 60 किस्तों में भुगतान कर सकते हैं। घरेलू एवं कृषि उपभोक्ता एकमुश्त भुगतान के अलावा तीन या छह मासिक किस्तों में भी राशि जमा कर सकते हैं।


*मोर बिजली ऐप से आसान पंजीकरण*-

निष्क्रिय उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ लेने के लिए अलग से पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें सिस्टम के माध्यम से स्वतः लाभ मिल जाएगा। वहीं सक्रिय उपभोक्ताओं को मोर बिजली ऐप के माध्यम से या नजदीकी वितरण केंद्र, उपसंभाग कार्यालय में जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के समय सक्रिय घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को बकाया राशि का न्यूनतम 10 प्रतिशत भुगतान करना होगा।

*विशेष प्रावधान और सावधानियां* -

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी या अनधिकृत उपयोग से संबंधित मामलों में दर्ज प्रकरणों पर यह योजना लागू नहीं होगी। बिजली अधिनियम की धारा 126, 135 और 138 के अंतर्गत दर्ज मामलों वाले उपभोक्ता योजना के पात्र नहीं होंगे। यदि कोई उपभोक्ता लगातार तीन माह तक किस्त जमा नहीं करता है, तो उसे योजना से बाहर कर दिया जाएगा और दी गई छूट वापस ले ली जाएगी।

 *बिल सुधार का 15 दिन में निराकरण* -

विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि बिजली बिल से संबंधित सुधार के आवेदनों का निराकरण अधिकतम 15 दिनों के भीतर किया जाएगा। साथ ही उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने वाले मीटर रीडरों को विशेष प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान किया गया है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली बिल का भुगतान केवल विभाग के कैश काउंटर, एटीपी मशीन या मोर बिजली ऐप के माध्यम से ही करें। किसी भी संदिग्ध लिंक या अनधिकृत माध्यम से भुगतान न करें। विद्युत वितरण कंपनी ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना–2026 का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने लंबित बिजली बिलों का निराकरण करें और शासन द्वारा दी जा रही राहत का लाभ प्राप्त करें।

और भी

कुनकुरी में भाजपा का दो दिवसीय वैचारिक प्रशिक्षण शिविर, संगठन विस्तार और सरकार की योजनाओं पर कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन

नारायणपुर, 13 मार्च 2026:  भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत कुनकुरी ग्रामीण मंडल द्वारा दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन अग्रसेन भवन कुनकुरी में 12 एवं 13 मार्च को आयोजित किया गया। प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन 12 मार्च को कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से अतिथियों के स्वागत, ध्वजारोहण, दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् राज्य गीत के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह संगठनात्मक ऊर्जा और वैचारिक चर्चा से परिपूर्ण रहा, जहां कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, विचारधारा और संगठनात्मक कार्यशैली से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों में विषय विशेषज्ञों ने अलग-अलग विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रथम सत्र में वैचारिक अधिष्ठान विषय पर शंभूनाथ चक्रवर्ती ने पार्टी की मूल विचारधारा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन तथा संगठन के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक सफलता नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवा का संदेश पहुंचाना है।

द्वितीय सत्र में ओमप्रकाश सिन्हा ने संगठनात्मक विस्तार और कार्य की दृष्टि विषय पर संबोधन देते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनसंपर्क को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत होता है और भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।

तृतीय सत्र में उपेंद्र यादव ने कार्यपद्धति (कार्यकर्ता संबंध) विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए संगठन में अनुशासन, समन्वय और आपसी सहयोग के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संवाद और समर्पण की भावना से ही संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है।

चतुर्थ सत्र में देवधन नायक ने प्रदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है।

प्रशिक्षण वर्ग में पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष अनूप नारायण सिंह, जिला मंत्री संतोष सहाय, श्रीनायक मिश्रा, जनपद अध्यक्ष सुशीला साय, उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, जिला पंचायत सदस्य अनीता सिंह तथा मलिता बाई की भी विशेष उपस्थिति रही। इसके अलावा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, शहर मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, मंडल महामंत्री शंकर यादव और शिवशंकर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन विस्तार, कार्यशैली और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला तथा इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

और भी