ताजा खबरें

बड़ी खबर

शादी सीजन में जाम पर सख्ती—रायगढ़ ट्रैफिक डीएसपी की मैरिज गार्डन संचालकों संग बड़ी बैठक, अब बिना प्लानिंग नहीं होंगे आयोजन

रायगढ़, 23 अप्रैल। शहर में बढ़ते शादी समारोहों के बीच लगने वाले ट्रैफिक जाम पर लगाम कसने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह ने शहर के मैरिज गार्डन संचालकों के साथ अहम बैठक कर साफ कर दिया है कि अब बिना तैयारी और व्यवस्था के कोई भी आयोजन नहीं चलेगा।

बैठक में डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि शादी सीजन में बारात और कार्यक्रमों के दौरान मैरिज गार्डन के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर खड़े वाहनों की वजह से आम जनता को भारी जाम का सामना करना पड़ता है, जो अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि हर मैरिज गार्डन संचालक अपने यहां पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करे, और जहां जगह कम है, वहां वैकल्पिक अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा।

ट्रैफिक डीएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि आयोजनों के दौरान प्राइवेट गार्ड और वालंटियर की तैनाती जरूरी होगी, जो वाहनों की पार्किंग और ट्रैफिक को नियंत्रित करने में मदद करेंगे। साथ ही हर आयोजन की पूर्व सूचना संबंधित थाना और यातायात शाखा को देना अनिवार्य किया गया है, ताकि जरूरत के मुताबिक पुलिस बल तैनात कर यातायात को सुचारू रखा जा सके।

बैठक में संचालकों के सुझावों को भी गंभीरता से लिया गया और कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। इसमें गार्डन के बाहर सड़क पर वाहन खड़े न होने देना, स्पष्ट पार्किंग संकेतक लगाना, बारात के लिए तय रूट निर्धारित करना, कार्यक्रम के समय की पूर्व जानकारी देना और ट्रैफिक पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाना शामिल है।

बैठक के अंत में सभी मैरिज गार्डन संचालकों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश:
“यातायात व्यवस्था बनाए रखना सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आयोजकों और संचालकों की भी उतनी ही भागीदारी जरूरी है। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिक भी नियमों का पालन कर पुलिस का सहयोग करें।

Leave Your Comment

Click to reload image