ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह चक्का ट्रक में ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे 38 गौवंश बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए छह चक्का ट्रक में क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे 38 गौवंश को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से झारखंड निवासी एक आरोपी मोजामिल अंसारी (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में ट्रक से कूदने के कारण गौतम कुमार भगत उर्फ चरकू गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल जशपुर लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की मृत्यु के संबंध में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध पृथक से अपराध पंजीबद्ध करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर को जशपुर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि झारखंड पासिंग का छह चक्का ट्रक क्रमांक JH-02-L-0355 में गौवंश को ठूंस-ठूंसकर भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। ट्रक चरईडांड़ की ओर से लोरो घाट होते हुए जशपुर की तरफ आ रहा था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए सक्रिय किया गया।
सूचना मिलते ही थाना लोदाम एवं थाना दुलदुला की पुलिस टीम ने ग्राम खटंगा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस की चेकिंग देखकर ट्रक चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और बिना रुके आगे निकल गया। इसके बाद थाना सिटी कोतवाली जशपुर की टीम को सूचना देकर ट्रक की घेराबंदी की गई। लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर और दुलदुला पुलिस की संयुक्त टीम ने आपसी समन्वय के साथ ट्रक को पकड़ने के लिए अलग-अलग स्थानों पर निगरानी और नाकाबंदी तेज कर दी।
इसी दौरान ग्राम काईकछार के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। तभी संदिग्ध छह चक्का ट्रक तेज गति से वहां पहुंचा। पुलिस ने ट्रक को रोकने के लिए घेराबंदी की तो उसमें सवार आरोपी वाहन रोककर अपने साथियों के साथ जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल पीछा करते हुए एक आरोपी मोजामिल अंसारी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम और पता ग्राम उगारा सड़क टोली, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा, झारखंड बताया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
ट्रक के आगे चल रही थी रेकी करने वाली टीम
पुलिस की प्रारंभिक जांच और पकड़े गए आरोपी के कथन के अनुसार, गौवंश तस्करी के दौरान ट्रक के आगे एक कार में सवार कुछ लोग रेकी कर रहे थे। उनका काम रास्ते में पुलिस की गतिविधियों और चेकिंग की जानकारी ट्रक में सवार लोगों तक पहुंचाना था। बताया गया है कि ग्राम खटंगा के पास पुलिस की नाकाबंदी देखकर ट्रक के आगे चल रहे लोगों ने फोन के माध्यम से ट्रक में सवार आरोपियों को पुलिस से बचने की सलाह दी थी।
इसी घटनाक्रम के दौरान गौतम कुमार भगत उर्फ चरकू ट्रक से कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस टीम ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक किन परिस्थितियों में ट्रक से कूदा, घटना के समय कौन-कौन लोग मौजूद थे और इस पूरे घटनाक्रम में किसकी क्या भूमिका रही, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पृथक से अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा के मोरगा से गौवंश लोड करने का खुलासा
पकड़े गए आरोपी मोजामिल अंसारी से पूछताछ और उसके मेमोरेंडम कथन के अनुसार, वह अपने साथियों के साथ ग्राम मोरगा, जिला कोरबा में था। वहां गुलाम अंसारी, निवासी साईं टांगरटोली, के कहने पर मोजामिल अंसारी और गौतम कुमार भगत उर्फ चरकू ने ट्रक क्रमांक JH-02-L-0355 में गौवंश लोड किया था। आरोपी के कथन के अनुसार, पशुओं को वध के उद्देश्य से बूचड़खाने ले जाने के लिए झारखंड के सिसई की ओर ले जाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, गौवंश को रस्सियों से बांधकर ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था और उनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि उसके अन्य साथी कार से ट्रक के आगे चल रहे थे और रास्ते में पुलिस चेकिंग की सूचना फोन के माध्यम से देने की बात तय थी। आरोपी के कथन के अनुसार, गौवंश को लाने-ले जाने के एवज में उसे तीन हजार रुपये देने की बात कही गई थी। पुलिस अब गौवंश के वास्तविक स्वामित्व, तस्करी में शामिल लोगों, आर्थिक लेन-देन और पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है।
38 गौवंश और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक जब्त
संयुक्त पुलिस टीम ने विधिवत कार्रवाई करते हुए ट्रक से कुल 38 गौवंश, जिनमें गाय-बैल शामिल हैं, बरामद किए हैं। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे छह चक्का ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से ट्रक के वैध दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए हैं। वाहन के पंजीयन नंबर, स्वामित्व और अन्य विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है।
मामले में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(क) एवं 11(1)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। तस्करी के पूरे नेटवर्क, रेकी करने वालों, वाहन के स्वामित्व और आर्थिक लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर सभी संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।