ताजा खबरें


बड़ी खबर

श्रीरामलला दर्शन योजना: रायगढ़ जिले के 104 तीर्थयात्री अयोध्या धाम के लिए रवाना

रायगढ़, 16 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित श्री रामलला दर्शन योजना के तहत रायगढ़ जिले से 104 तीर्थयात्रियों का 15वां जत्था आज अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में 76 श्रद्धालु ग्रामीण क्षेत्रों से तथा 28 श्रद्धालु नगरीय क्षेत्र से शामिल हैं, जो इस धार्मिक यात्रा को लेकर अत्यंत उत्साहित नजर आए।
         रवाना होने से पूर्व सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगलमय यात्रा की कामना की गई। पूरे वातावरण में भक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां “जय श्रीराम” के जयघोष से परिसर गूंज उठा। श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ अपने जीवन की इस विशेष यात्रा पर निकले। यात्रियों को रायगढ़ से बसों के माध्यम से बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया गया, जहां से वे विशेष रेलगाड़ी द्वारा अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान किए। यात्रा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
             श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत प्रत्येक तीर्थयात्री को निःशुल्क यात्रा, भोजन एवं आवास की संपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, यात्रा की सुचारु व्यवस्था एवं सुरक्षा के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी साथ में तैनात किया गया है, जो पूरे सफर के दौरान यात्रियों की सहायता करेंगे। इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्री रामलला के दर्शन करने के साथ-साथ वाराणसी भी जाएंगे, जहां वे प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस प्रकार यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक संपूर्ण आध्यात्मिक अनुभव बन रही है।
        यात्रियों ने शासन की इस पहल के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से उन्हें उन पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है, जहां जाना उनके लिए पहले संभव नहीं था। उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार और सौभाग्यपूर्ण क्षण बताते हुए सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। यह पहल न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दे रही है, बल्कि समाज के हर वर्ग को समान अवसर प्रदान कर उन्हें जोड़ने का कार्य भी कर रही है।

और भी

पब्लिक ऐप’ और ’मेरी पंचायत मेरी धरोहर’ के माध्यम से सशक्त होंगे ग्रामीण,ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना क्रांति को मिलेगी नई रफ्तार

रायगढ़, 16 अप्रैल 2026/ ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ शासन ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। पंचायती राज मंत्रालय के मार्गदर्शन में अब पब्लिक ऐप के जरिए गांव-गांव तक सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और स्थानीय सूचनाओं को पहुंचाने का अभियान तेज किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को सूचना के अधिकार से जोड़ना, शासन की पारदर्शिता बढ़ाना और डिजिटल इंडिया मिशन को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाना है। अब तक जो जानकारी लोगों तक देर से या सीमित रूप में पहुंचती थी, वह अब मोबाइल के माध्यम से तुरंत उपलब्ध हो सकेगी।
           इस अभियान का एक प्रमुख हिस्सा मेरी पंचायत मेरी धरोहर है, जिसके तहत पंचायतों की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक विरासत को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संरक्षित किया जाएगा। इससे न केवल गांवों की पहचान को नई मजबूती मिलेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थानीय इतिहास को सुरक्षित रखने में भी मदद मिलेगी। पब्लिक ऐप एक पूरी तरह निःशुल्क और भारत में विकसित प्लेटफॉर्म है, जो ग्रामीणों को अपने क्षेत्र की खबरें, सरकारी योजनाएं, पंचायत की बैठकों और विकास कार्यों की जानकारी सीधे उपलब्ध कराता है। इससे नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी और वे अपने गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।
          प्रशासन द्वारा इस पहल को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। हिंदी और अंग्रेजी में तैयार यूजर गाइड वीडियो के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को ऐप के उपयोग की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने स्मार्टफोन में पब्लिक ऐप डाउनलोड कर अपनी पंचायत की हर छोटी-बड़ी जानकारी से जुड़े रहें। यह पहल न केवल सूचना के आदान-प्रदान को आसान बनाएगी, बल्कि ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।

और भी

“ऑपरेशन_प्रहार” में रायगढ़ पुलिस का महाप्रहार—21 लाख का अवैध कबाड़ जब्त, 5 वाहनों पर एक साथ कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ माफिया के नेटवर्क में मचा हड़कंप

 रायगढ़, 16 अप्रैल 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन_प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ के परिवहन और संग्रहण पर प्रभावी अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों से कुल 89.28 टन अवैध कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है।

          गौरतलब हो कि जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए एसएसपी श्री शशि मोहन के निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सघन और सुनियोजित कार्रवाई की जा रही है। इसी दिशा में 14 अप्रैल को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के प्रमुख उद्योगों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध स्क्रैप कारोबार के विभिन्न आयामों—जैसे टैक्स चोरी, जीएसटी धोखाधड़ी, औद्योगिक इकाइयों से लोहा-तांबा चोरी तथा चोरी के माल की अवैध खरीद-बिक्री—पर एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, सीएसपी श्री मयंम मिश्रा, जीएसटी अधिकारी श्री मनीष मिश्रा, एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा द्वारा गंभीरता से विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उद्योग प्रबंधन को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसी भी तरह से अवैध कबाड़ कारोबार का हिस्सा न बनें। वे केवल वैध दस्तावेजों के आधार पर ही कबाड़ सामग्री का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध लेन-देन या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें, जिससे अवैध नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

      इसी कड़ी में डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा और एएसआई उमाशंकर विश्वाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अग्रोहा प्लांट के पास पार्किंग, तमनार चौक पूंजीपथरा और गेरवानी सलासर चौक क्षेत्र में मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए 4 ट्रकों को अवैध कबाड़ परिवहन करते पकड़ा और क्रमवार सघन कार्रवाई की गई। 

1. अग्रोहा प्लांट के पास पार्किंग क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG15EB9886 को रोककर जांच की गई, जिसमें चालक नीरज कुमार निवासी औरंगाबाद (बिहार) मौजूद मिला। ट्रक में लगभग 25 टन 510 किलोग्राम अवैध स्क्रैप कबाड़ लोड था, जिसकी कीमत करीब 6.37 लाख रुपये आंकी गई, वहीं ट्रक की कीमत लगभग 7 लाख रुपये है। चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर कुल 11.37 लाख रुपये की संपत्ति जप्त कर विधिवत कार्रवाई की गई।
2. तमनार चौक, पूंजीपथरा के पास ट्रक क्रमांक CG15AC1320 को पकड़ा गया, जिसे चालक अबताब खान निवासी सरगुजा चला रहा था। वाहन में करीब 24 टन 200 किलोग्राम कबाड़ लोड था, जिसकी अनुमानित कीमत 6.05 लाख रुपये एवं ट्रक की कीमत करीब 9 लाख रुपये है। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर कुल 15.05 लाख रुपये की जप्ती कर कब्जे में लिया गया।
3. महालक्ष्मी काटिंग प्रा.लि. के पास पार्किंग क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG15EC9886 की जांच की गई, जिसमें चालक एम.डी. अलीम निवासी पलामू (झारखंड) मिला। ट्रक में लगभग 4 टन 950 किलोग्राम स्क्रैप कबाड़ लोड था, जिसकी कीमत करीब 1.23 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत लगभग 7 लाख रुपये है। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कुल 8.23 लाख रुपये की जप्ती की गई।
4. गेरवानी सलासर चौक के पास छः चक्का ट्रक क्रमांक CG07CC0311 को रोककर जांच की गई, जिसे चालक शुभाष शर्मा निवासी बरगढ़ (ओडिशा) चला रहा था। वाहन में करीब 11 टन कबाड़ लोड था, जिसकी कीमत लगभग 2.75 लाख रुपये एवं ट्रक की कीमत करीब 7 लाख रुपये है। कुल 9.75 लाख रुपये की संपत्ति जप्त कर विधिवत कार्रवाई की गई।

             इन चारों मामलों में अनावेदकों द्वारा किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस द्वारा पृथक-पृथक /*धारा-35 (क) (ड) BNSS/ 303(2) BNS के तहत प्रकरण दर्ज* कर  कार्रवाई करते हुए अनावेदकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

               5. वहीं एक अन्य कार्रवाई में गेरवानी सलासर चौक के पास ट्रक क्रमांक CG04LE9157 लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसमें लगभग 23 टन 620 किलोग्राम कबाड़ लोड था। मौके पर चालक अथवा वाहन स्वामी का कोई पता नहीं चलने पर संदेह के आधार पर वाहन को जप्त कर *धारा 106 बीएनएसएस के तहत* कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामी की पतासाजी की जा रही है।

           एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप कुमार बेहरा, आरक्षक सुरेश सिदार, राजेश सिदार, निर्दोष लकड़ा, विनय तिवारी, ओम प्रकाश तिवारी, विनोद शर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

         *“ऑपरेशन_प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के कारोबार, परिवहन और संग्रहण में कार्रवाई की जारी है। उद्योगों से भी अपेक्षा है कि वे केवल वैध दस्तावेजों के आधार पर ही कबाड़ का उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, रायगढ़ पुलिस इस तरह के अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।”*

और भी

रायगढ़ में अवैध कबाड़ कारोबार पर नियंत्रण के लिए पुलिस की पहल, उद्योग प्रमुखों के साथ बैठक कर दी गई जरूरी दिशा-निर्देश

 16 अप्रैल, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और संग्रहण के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कल शाम पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के उद्योग प्रमुखों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने तथा उद्योगों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया।

  बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने की। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अवैध स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े विभिन्न पहलुओं जैसे टैक्स चोरी, लोहा-तांबा चोरी, जीएसटी धोखाधड़ी तथा अवैध गतिविधियों के तौर-तरीकों की प्रभावी तरीके से विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार कबाड़ के अवैध कारोबारी उद्योगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं तथा इससे उद्योगों को कानूनी जोखिम उठाना पड़ता है। साथ ही “क्या करें और क्या न करें” के माध्यम से उद्योगों की जिम्मेदारियों पर विशेष जोर दिया गया।

  बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि अवैध कबाड़ परिवहनकर्ता पुलिस से बचने के लिए खतरनाक तरीके अपनाते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित होती है।

  डिप्टी कमीशनर जीएसटी श्री मनीष मिश्रा ने अवैध स्क्रैप व्यापार में टैक्स चोरी और फर्जी बिलिंग के मामलों में लागू प्रावधानों एवं दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी दी गई, वहीं एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा ने प्रशासनिक स्तर पर ऐसे मामलों में सख्ती और उद्योगों की जवाबदेही पर प्रकाश डाला।

  बैठक में उपस्थित उद्योग प्रमुखों एवं उनके प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए तथा उन्हें सतर्क करते हुए अवैध गतिविधियों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने स्पष्ट किया कि इस बैठक का उद्देश्य उद्योगों को जागरूक करना है, ताकि वे जाने-अनजाने में भी किसी अवैध कबाड़ कारोबार का हिस्सा न बनें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर किसी की भी अवैध कबाड़ के कारोबार में संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ पुलिस “ऑपरेशन प्रहार” के तहत इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखेगी।

      बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, ज्वाइंट डायरेक्टर जीएसटी श्री मनीष मिश्रा, एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा, तहसीलदार रायगढ़ श्री शिव कुमार डनसेना, थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव सहित जिले के उद्योग प्रमुख एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

*एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*—

       *“अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी एवं कर अपवंचन जैसी गतिविधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उद्योग जगत से अपेक्षा है कि वे कानून का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”*

और भी

काम दिलाने के बहाने नाबालिग की जिंदगी से खिलवाड़ — पहले सौदेबाजी, फिर जबरन विवाह और बाद में देह व्यापार में धकेला, रायगढ़ पुलिस ने रेस्क्यू कर खोली मानव तस्करी की भयावह साजिश

  16 अप्रैल, रायगढ़ । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग बालिका को देह व्यापार में धकेलने के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 17 वर्षीय पीड़िता को सुरक्षित रेस्क्यू कर चार दलालों सहित एक खरीदार आरोपी को मध्यप्रदेश के छतरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म और मानव तस्करी जैसी गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

      मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी कोतरारोड़ अजय नागवंशी को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़िता, जो रायगढ़ जिले की निवासी है, ने 11 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि कि उसके पिता उसे हमेशा डांट फटकार करते थे जिसके कारण वह एक दिन (26 नवंबर 2025) को गांव के खेल मैदान में थी । उसी समय उसकी परिचित लड़की चमेली (परिवर्तित नाम) उसे रायगढ़ काम दिलाने का बहाना देकर बहला फुसलाकर रायगढ़ ले आयी । रायगढ़ के निकले महादेव मंदिर के पास पहले से सक्रिय गिरोह के सदस्य- बिन्दिया रात्रे, अभय यादव, चिकू खान, पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची से मिलवाया जिनके द्वारा भी बालिका को काम दिलाने का झांसा देकर दूसरे दिन सागर (म.प्र.) लेकर गये। सागर जिले के एक गाँव में बालिका को सुनील नाम व्यक्ति से मंदिर में सुनील से पैसा लेकर ले जाकर जबरन शादी करा दिये और वापस आ गये। सुनील ने जबरजस्ती बालिका के साथ शारीरिक संबंध बनाये। मौका देखकर बालिका सागर (म.प्र.) से ट्रेन से वापास रायगढ़ आ गई। उसके पिताजी के डर के कारण घर नहीं गई, रायगढ़ में बिन्दिया से मिली जिसने अपने पास रहना कहकर बहलाफुसला कर धंधा (दुष्कर्म) कराने लडको के पास भेजती और धंधा का पैसा लेती थी । बालिका के आवेदन पर *अपराध क्रमांक 116/2026 धारा 137(2), 143, 96, 98, 99, 64, 3(5) बीएनएस, 6 पॉक्सो एक्ट* पंजीबद्ध कर बालिका का महिला पुलिस अधिकारी से कथन कराया गया और मेडिकल बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई । पुलिस ने चमेली (परिवर्तित नाम) जो विधि से संघर्ष बालिका है, उसे हिरासत में लेने पर उसने सभी आरोपी एक राय होकर बालिका को सागर मध्यप्रदेश के सुनील दीक्षित नामक व्यक्ति को डेढ़ लाख रूपये में बेचकर विवाह कराना एवं रकम को आपस में बांटना बताया गया। आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर खर्च के बाद बचे 7000 रूपये नगदी एवं मोबाइलों को जप्त किया गया है।

        उसके बाद आरोपी सुनील दिक्षित की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम सागर रवाना हुई जिसे भी 13 अप्रैल को जिला छतरपुर उसके गांव में धरदबोचा गया, आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है । अभिरक्षा में ली गई विधि से संघर्षरत बालिका को किशोर न्यायालय तथा अन्य गिरफ्तार आरोपी- बिन्दिया रात्रे, चिकू खान, पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची और सुनील दिक्षित को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है । आरोपी अभय यादव फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिसटीम प्रयासरत है ।

              पूरी कार्रवाई एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी कोतरारोड़ अजय नागवंशी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी एसआई कुसुम कैवर्त, एएसआई मनमोहन बैरागी, कांस्टेबल चंद्रेश पाण्डेय, राजेश खांडे, विकास कुजूर एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*  —

                “अनैतिक कार्य, मानव तस्करी और देह व्यापार में संलिप्त गिरोहों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। लोगों से अपील है कि सामाजिक बुराईयों को रोकने ऐसी किसी भी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देवें जिससे उन पर कार्रवाई की जा सकें”

गिरफ्तार आरोपी -

1. सिरिन बानू उर्फ पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची पति मोह. वकील उम्र 45 वर्ष सा. बीड़पारा रायगढ़ थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ (छ.ग.)
2. बिंदिया रात्रे पिता स्व. रामलाल रात्रे उम्र 23 वर्ष सा. इंदिरा नगर भोला गली रायगढ़ थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ (छ.ग.)
3. मोह. दानिश उर्फ चीकू पिता मोह. वकील उम्र 20 वर्ष सा. बीड़पारा रायगढ़ थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ (छ.ग.)
4. सुनील दिक्षित पिता बाबूलाल दिक्षित उम्र 37 साल निवासी बिलवार थाना गुजगंज जिला छतरपुर (मध्यप्रदेश)
5. विधि से संघर्षरत बालिका

और भी

मुख्यमंत्री ने किया जिले के 10 नवीन सहकारी समितियों का वर्चुअल शुभारंभ, किसानों को मिली बड़ी राहत,खाद-बीज, ऋण और धान खरीदी अब होगी और अधिक सुगम

रायगढ़, 16 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर से प्रदेश की नवगठित 515 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ किया। जिसमें रायगढ़ जिले की 10 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां चितवाही, तिउर, पोड़ीछाल, लिप्ति, हाटी, दुर्गापुर, ससकोबा, घटगांव, खुरूषलेंगा और मुनुन्द भी शामिल है। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक और सहकारिता के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा दे रही है, ताकि गांव और किसान समृद्ध बन सकें। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप भी उपस्थित रहे।
     उप आयुक्त सहकारिता रायगढ़ ने बताया कि शुभारंभ अवसर पर सभी नवीन सहकारी समितियोें में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इन समितियों के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता सेवाओं का विस्तार होगा और किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। नवगठित समितियों के माध्यम से किसानों को अब खाद-बीज और ऋण के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। साथ ही धान खरीदी केंद्रों की निकटता से परिवहन खर्च में कमी आएगी और उपार्जन प्रक्रिया अधिक सरल एवं त्वरित होगी। समितियों के विकेंद्रीकरण से ऋण वितरण प्रणाली में भी पारदर्शिता और तेजी आएगी। वहीं किसानों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शासन के इस निर्णय को खेती-किसानी के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे कृषि कार्यों में सुविधा बढ़ेगी और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। जिले की सभी नवीन समितियों में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।

और भी

मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी ने ली समीक्षा बैठक ,आयुष्मान कार्ड बनाने में प्रगति लाने के दिए निर्देश 

जशपुर 15 अप्रैल 2026/ आयुष्मान भारत प्रधान मंत्री जन आरोग्य योजना शहीद वीर नारायण सिंह स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत जिला शिकायत एवं निवारण समिति की बैठक कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभा कक्ष में मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जी एस जात्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई । इसमे नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय, अस्पताल प्रबंधक जिला अस्पताल, जिला परियोजना समन्वयक आयुष्मान भारत योजना एवं पंजी कृत चिकित्सालय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे । 

मुख्य रूप से आयुष्मान कार्ड के लक्ष्य की पूर्ति करने पर कार्योजना बनाकर पूर्ण करने पर चर्चा हुई । अस्पतालों में कुल भर्ती मरीज की तुलना में आयुष्मान का लाभ प्रदान करने हेतु पिछले वित्त वर्ष के डेटा पर समीक्षा करते हुए कार्य प्रणाली में सुधार हेतु चिकित्सालयों की हिदायत प्रदान की गई एवं शत प्रतिशत हितग्राहियो को लाभ प्राप्त प्रदान करने का निर्देश दिए गए । साथ की कम प्रगति प्राप्त चिकित्सालय प्रभारियों को नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है । 
मुख्यमंत्री अस्पताल रूपान्तरण कोष के तहत आवश्यक कार्य की माँग ऑनलाइन माध्यम से किए जाने का पुनः प्रशिक्षण प्रदान किया गया । 
अंत में जिला परियोजना समन्वयक के द्वारा आयुष्मान भारत योजना शहीद वीर नारायण सिंह स्वास्थ्य सहायता योजना एवं मुख्य मंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का विस्तृत जानकारी पुनः प्रस्तुत किया गया तथा इसके प्रचार प्रसार हेतु विकासखंड स्तर पर बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य कार्यकर्ता को अवगत कराने हेतु बताया गया ।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के आयोजन को लेकर कलेक्टरों को लिखी चिट्ठी, चलेगा विशेष अभियान,1 मई से 10 जून तक लगेंगे ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में लगेंगे शिविर

 रायपुर, 15 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से इस वर्ष भी “सुशासन तिहार 2026” के आयोजन व्यापक पैमाने पर किया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर इस अभियान सफल आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं।

 मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि जन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुशासन की आधारशिला है तथा आम नागरिकों को पारदर्शी, सरल एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। गत वर्ष आयोजित सुशासन तिहार के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए इस वर्ष इसे और अधिक व्यापक रूप में संचालित किया जाएगा।

*30 अप्रैल तक लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश*

 मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि 30 अप्रैल 2026 तक जिले में लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। इसके अंतर्गत भूमि संबंधी प्रकरण जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, मनरेगा अंतर्गत लंबित मजदूरी भुगतान, हितग्राहीमूलक योजनाओं के लंबित भुगतान, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली एवं ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याएं तथा हैंडपंप सुधार जैसे मुद्दों का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

*01 मई से 10 जून तक लगेंगे जन समस्या निवारण शिविर*

 सुशासन तिहार के अंतर्गत 01 मई से 10 जून 2026 तक प्रदेशभर में जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में शासन की विभिन्न योजनाओं के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ वितरण किया जाएगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण, मुख्य सचिव एवं प्रभारी सचिव समय-समय पर शिविरों में शामिल होकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और आमजन से संवाद स्थापित करेंगे।

*मुख्यमंत्री करेंगे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण एवं समीक्षा बैठकें*

 अभियान के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय स्वयं विभिन्न जिलों में पहुंचकर विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन का औचक निरीक्षण करेंगे तथा हितग्राहियों से फीडबैक लेंगे। इसके साथ ही जिला मुख्यालयों पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री द्वारा निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के उपरांत प्रेसवार्ता को संबोधित किया जाएगा तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से भेंट कर सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।

*जनभागीदारी के लिए व्यापक प्रचार*

 जनसम्पर्क विभाग एवं जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि सुशासन तिहार के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों से अपेक्षा की है कि वे आवश्यक अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करते हुए इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करें, जिससे प्रदेश के आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।

और भी

तमता मूढ़ापारा में लगाया गया राजस्व शिविर ,लोगों की राजस्व संबंधी समस्याओं का किया गया समाधान 

जशपुर 15 अप्रैल 2026/  छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्रत्येक ग्राम में राजस्व शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज तहसील पत्थलगांव के ग्राम तमता मूढ़ापारा में विशेष राजस्व शिविर लगाया गया।

​शिविर में पहुंचे अतिरिक्त तहसीलदार पत्थलगांव ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों को राजस्व विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से अविवादित नामांतरण और बंटवारा की प्रक्रिया पर जोर देते हुए बताया कि अब ग्राम पंचायत प्रस्ताव के माध्यम से सचिव की आईडी का उपयोग कर इन्हें ऑनलाइन किया जा सकता है। इससे ग्रामीणों को तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
शिविर के दौरान प्राप्त कई आवेदनों का अधिकारियों द्वारा तत्काल निराकरण किया गया। विशेष रूप से रास्ता संबंधी विवाद को लेकर रतन राम द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर अतिरिक्त तहसीलदार ने सक्रियता दिखाई। उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर विवादित स्थल का निरीक्षण किया और न्यायालय के आदेशानुसार रास्ता विवाद का तत्काल समाधान कराया। इस अवसर पर राजस्व विभाग के कर्मचारी, ग्राम पंचायत सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

और भी

वेदांता पावर प्लांट हादसे पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जताया गहरा शोक—मृतकों को श्रद्धांजलि, घायलों के समुचित इलाज और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

रायपुर, 14 अप्रैल 2026/   वाणिज्य, उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना में जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मंत्री श्री देवांगन ने इस घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि इस हादसे में श्रमिकों की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उद्योग मंत्री ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही  कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर चर्चा कर जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में प्रशासन की निगरानी में तेजी से राहत कार्य संचालित किया जा रहा है तथा घायलों को त्वरित और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो और आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

मंत्री श्री देवांगन ने स्पष्ट किया कि इस घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध श्रम क़ानून के अंतर्गत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सक्ती हादसे में मृतकों के परिजन को 5 - 5 लाख और घायलों को 50 - 50 हजार रुपए सहायता राशि की घोषणा की

रायपुर, 14 अप्रैल 2026/ सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई दुर्घटना को लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक बताते हुए हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5 - 5  लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही, हादसे में घायल हुए श्रमिकों को 50 - 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने घटना की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नर बिलासपुर को जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे के लिए जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले पर सतत निगरानी बनाए हुए है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

और भी

समाज में न्याय और समानता की प्रेरणा देता रहेगा बाबा साहेब का जीवन : मुख्यमंत्री,रायपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का भव्य अनावरण

रायपुर 14 अप्रैल 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर के सामने स्थित डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर चौक में उनकी 21 फीट ऊंची पंचधातु से निर्मित भव्य प्रतिमा का अनावरण किया।

इस अवसर पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के नेतृत्व और उनके द्वारा निर्मित भारतीय संविधान ने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाया है। उनके विचार आज भी समाज को न्याय और समानता की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।

मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की मांग पर मंगल भवन, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह राशि स्थानीय स्तर पर सामाजिक गतिविधियों और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया है। इसी कारण आज समाज के सभी वर्गों को अपने जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि बाबा साहेब ने विपरीत परिस्थितियों में भी कोलंबिया विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त कर यह सिद्ध किया कि शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आज देश के प्रत्येक कोने में बाबा साहेब की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो उनके प्रति लोगों के अटूट सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक हैं। रायपुर सहित पूरे प्रदेश में उनकी जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है, जिससे नई पीढ़ी निरंतर प्रेरणा प्राप्त कर रही है।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर बाबा साहेब के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति वहां की महिलाओं की स्थिति से आंकी जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार बाबा साहेब के सपनों को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का माध्यम बन रही हैं। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत” के लक्ष्य के साथ छत्तीसगढ़ सरकार भी “विकसित छत्तीसगढ़” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है, जिसमें बाबा साहेब के आदर्श मार्गदर्शक हैं।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री श्री खुशवंत साहेब, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री किरण सिंह देव, महापौर नगर पालिक निगम रायपुर श्रीमती मीनल चौबे, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे 515 नई पैक्स समितियों का कल करेंगें वर्चुअल शुभारंभ - सहकारिता से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था- मंत्री श्री केदार कश्यप

रायपुर, 14 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ में सहकारिता को नई दिशा देने और किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सहकारिता विभाग द्वारा 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का गठन किया गया है। इन समितियों का वर्चुअल शुभारंभ कल 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटलनगर से किया जाएगा।

         कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना के स्वागत उद्बोधन से होगा एवं अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप प्रदेश में सहकारिता विस्तार की रूपरेखा एवं उसके लाभों पर प्रकाश डालेंगे।

          सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा है कि नई पैक्स समितियों के गठन से किसानों को ऋण, खाद, बीज तथा अन्य कृषि सुविधाएं अब स्थानीय स्तर पर सहज रूप से उपलब्ध होंगी। इससे हमारे अन्नदाता किसानों को अब दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय व संसाधनों की बचत भी होगी। साथ ही किसानों को शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा उनका लाभ सीधे ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और गांवों के समग्र विकास को गति मिलेगी। सहकारिता मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल छत्तीसगढ़ में सहकारिता तंत्र को सुदृढ़ करते हुए आत्मनिर्भर ग्रामीण-अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

          इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने उद्बोधन में राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और सहकारिता आधारित विकास मॉडल को रेखांकित करेंगे। छतीसगढ़ के सहकारी जनप्रतिनिधिगण, अपेक्स बैंक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पैक्स सोसाइटी के प्रतिनिधि, सहकारिता विभाग के सम्भागीय संयुक्त पंजीयक, जिला उप पंजीयक तथा सहायक पंजीयक, अपेक्स बैंक व जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अधिकारीगण वर्चुअल रूप से सीधे शुभारंभ कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

           उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की संकल्पना को साकार करने सहकार से समृद्धि की पहल अंतर्गत छत्तीसगढ़ में 515 नवीन पैक्स का गठन किया गया है। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में सहकारिता की योजनाओं को अधिक सुगमता से लोगों में पहुँचाने के लिए बहुउद्देश्यीय पैक्स सोसायटी का पुनर्गठन किया गया है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (पैक्स) का पुनर्गठन कर नवीन 515 पैक्स बनाये गए हैं। यह 515 पैक्स में बहुउद्देश्यीय सेवाएं दी जाएगी। 2058 बहुउद्देशीय पैक्स एवं नवीन गठित 515 पैक्स को मिलाकर छत्तीसगढ़ में कुल 2573 पैक्स सोसायटी हो जाएंगे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री साय ने सक्ती में वेदांता पावर प्लांट हादसे पर  जताया गहरा शोक, जांच के दिए निर्देश

रायपुर 14 अप्रैल 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना पर  गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट की हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस दुर्घटना में श्रमिकों के निधन एवं कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में प्रशासन की निगरानी में तेजी से राहत कार्य संचालित किया जा रहा है और घायलों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो तथा आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस दुर्घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जाए और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

और भी

जनसमस्या निवारण शिविर: प्रभावी प्रशासनिक पहल से सशक्त हुआ जनविश्वास , प्रथम चरण में 7 हजार से अधिक आवेदनों पर कार्यवाही, हजारों नागरिकों को मिली राहत

रायगढ़, 14 अप्रैल 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जिले में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों ने अल्प समय में ही जनसेवा की एक प्रभावी मिसाल प्रस्तुत की है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित इन शिविरों के प्रथम चरण में प्राप्त आवेदनों पर तेजी से कार्यवाही करते हुए हजारों नागरिकों को राहत प्रदान की गई है, जिससे आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। प्रथम चरण के अंतर्गत कुल 7,125 आवेदनों में से 4,000 से अधिक प्रकरणों का सफल निराकरण किया जा चुका है। यह उपलब्धि सुव्यवस्थित योजना, विभागीय समन्वय तथा सतत मॉनिटरिंग का परिणाम है, जिसने जनसेवा को परिणाममुखी स्वरूप प्रदान किया है।
     विकासखंड स्तर पर भी निराकरण की प्रक्रिया प्रभावी रही। मुकड़ेगा और कापू में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई, जहां बड़ी संख्या में आवेदनों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया। इसके साथ ही छाल, तमनार, खरसिया एवं पुसौर में भी सक्रिय कार्यवाही के माध्यम से नागरिकों को राहत पहुंचाई गई है, जो प्रशासनिक तत्परता को दर्शाता है। “प्रशासन पहुंचेगा जनता के द्वार” अभियान के अंतर्गत तमनार, मुकड़ेगा, छाल, पुसौर एवं कापू जैसे सुदूर वनांचल एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर प्रशासन ने अपनी पहुंच सीधे नागरिकों तक सुनिश्चित की। इसके साथ ही मैदानी क्षेत्रों में भी एक ही मंच के माध्यम से जनसमस्याओं का निराकरण किया गया, जिससे नागरिकों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं पड़ी और उन्हें उनके ही क्षेत्र में त्वरित सेवाएं प्राप्त हुईं।
     शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा आवेदनों का मौके पर परीक्षण कर यथासंभव तत्काल निराकरण किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया, जिससे योजनाओं की जमीनी पहुंच और प्रभावशीलता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना, मछली जाल वितरण, राशन कार्ड, आधार कार्ड, महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, श्रम कार्ड, स्व-सहायता समूह की महिलाओं को चेक वितरण, फलदार पौधों का वितरण सहित अनेक योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैकड़ों लोगों की स्वास्थ्य जांच कर नि:शुल्क दवा वितरण भी किया गया। शिविर स्थलों पर पेयजल, छाया एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अधिकारियों-कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से शिविर एक सशक्त जनसेवा मंच के रूप में स्थापित हुए, जहां आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के साथ संतोषजनक वातावरण भी देखने को मिला।इन शिविरों ने प्रशासन और आमजन के बीच दूरी को कम करते हुए समाधान आधारित शासन व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की।

और भी

“पड़ोसी निकला दरिंदा! 12 साल की मासूम पर गंदी नजर, घर के बाहर अकेली पाकर की अश्लील हरकतें — कोतरारोड़ पुलिस ने दबोचकर भेजा सलाखों के पीछे

14 अप्रैल, रायगढ़ । कोतरारोड़ पुलिस ने बालिका (12 वर्ष) से छेड़खानी के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए *आरोपी संतोष महंत (42 वर्ष)* को गिरफ्तार कर कल न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है ।

  घटना को लेकर दिनांक 12.04.2026 को थाना कोतरारोड़ में बालिका के परिजन थाना आये, जिन्होंने प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी को घटना के बारे में बताया कि 12 अप्रैल को उसकी लड़की डरी सहमी सी थी, तब उसकी मां ने लड़की से पूछा कि बताई कि पडोसी संतोष महंत चार-पांच दिनों से लगातार छेड़खानी कर रहा है, 11 अप्रैल को जब पापा ड्यूटी पर और मम्मी जंगल लकड़ी लेने गई थी । बालिका घर के सामने कपड़ा धो रही थी, उस समय भी संतोष महंत गंदे इशारे कर छेड़खानी किया और घर में किसी को नहीं बताना कहकर धमकी दिया । डीएसपी अजय नागवंशी द्वारा बालिका का महिला पुलिस अधिकारी से कथन कराकर मेडिकल कराया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर जाकर धर दबोचा गया । कोतरारोड़ पुलिस द्वारा थाना कोतरारोड़ में आरोपी संतोष महंत के विरूद्ध *अपराध क्रमांक 117/2026 धारा 79 भारतीय न्याय संहिता, 12 पॉक्सो एक्ट* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है ।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*  —

  *“महिला एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

और भी

“नारी शक्ति को मिला सशक्त मंच” कुर्रोग में ‘महतारी सदन’ का भव्य लोकार्पण, विधायक गोमती साय और जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने दी विकास को नई दिशा

पत्थलगांव। विधानसभा क्षेत्र पत्थलगांव के महादेवडांड भाजपा मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत कुर्रोग में महतारी सदन का लोकार्पण पत्थलगांव विधायक एवं उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के करकमलों से संपन्न हुआ। यह महतारी सदन क्षेत्र की महिलाओं के लिए एक सशक्त मंच के रूप में विकसित किया गया है, जहाँ वे सामाजिक, आर्थिक एवं स्वावलंबन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपने कौशल का विकास कर सकेंगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता और उत्साह स्पष्ट रूप से झलकता है।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता , मंडल अध्यक्ष  प्रतिक सिंह ,  रीना बरला , जनपद अध्यक्ष  गायत्री नागेश , लखुराम ,  कुंवर साय ,जगेश्वर यादव, महेश यादव जी,  विनोद गुप्ता सहित सरपंचगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नारी शक्ति उपस्थित रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने महतारी सदन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केंद्र महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास के लिए इस प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

और भी

विकास की रफ्तार, जनसेवा का विस्तार और समरसता का संदेश—पत्थलगांव में विधायक गोमती साय का ताबड़तोड़ जनसंपर्क अभियान

पत्थलगांव। विधानसभा क्षेत्र पत्थलगांव में विकास, जनसंपर्क और सामाजिक समरसता को एक साथ आगे बढ़ाते हुए विधायक गोमती साय ने विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय सह संसाधन केंद्र पत्थलगांव का विधिवत भूमिपूजन किया, साथ ही अंबेडकर जयंती पर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा खरकट्टा में “गांव चलो, घर-घर चलो” अभियान में शामिल होकर जनसम्पर्क किया।
महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय सह संसाधन केंद्र के भूमिपूजन अवसर पर विधायक गोमती साय ने कहा कि इस केंद्र के निर्माण से महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और अधिक सुदृढ़ता मिलेगी। यह केंद्र आंगनबाड़ी सेवाओं, पोषण अभियान एवं महिला सशक्तिकरण की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इसी क्रम में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर  कुमेकेला अंबेडकर चौक एवं पत्थलगांव  ग्रामीण मंडल के ईला में बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। विधायक गोमती साय ने बाबा साहेब के विचारों—समानता, न्याय एवं सामाजिक समरसता—को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं खरकट्टा में आयोजित “गांव चलो, घर-घर चलो” अभियान के तहत विधायक गोमती साय ने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आमजन को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष अजय बंसल, जनपद पंचायत अध्यक्ष धनियारो परहा, जिला महिला मोर्चा महामंत्री अंजू टोप्पो, भुनेश्वरी बेहरा, सलमी निकुंज, ममता यादव, अवधेश गुप्ता, सुनील गर्ग, नरेश यादव, श्याम नारायण गुप्ता, विशाल अग्रवाल, रोशन प्रताप सिंह, कमलेश यादव, संजय अग्रवाल, संजू लोहिया, धरमपाल नारंगे, दामोदर शर्मा, राजेश यादव, प्रवीण अग्रवाल, मनोज नारंगे, यूसु कुजूर, चमर साय एक्का, अरुण यादव, प्रकाश चौहान,परियोजना अधिकारी शशिकला कुजूर, कमलेश लकड़ा,सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी, समूह की महिलाएं एवं नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

और भी