ताजा खबरें


बड़ी खबर

नशे के खिलाफ सख्त तैयारी: रायगढ़ में पुलिस अधिकारियों को दी गई एनडीपीएस एक्ट की बारीक ट्रेनिंग, चेन ऑफ कस्टडी से सजा तक हर पहलू पर फोकस

12 अप्रैल, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में आज पुलिस कार्यालय में एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रावधानों, कार्यवाही प्रक्रिया एवं कानूनी पहलुओं पर त्रुटिरहित विवेचना सुनिश्चित करने हेतु एक दिवसीय ऑनलाइन/ऑफलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में डीएसपी/प्रभारी एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स श्री सुशांतो बनर्जी, मुख्य वक्ता अपर लोक अभियोजक श्री तन्मय बनर्जी सहित शहर के थाना प्रभारी एवं विवेचकगण उपस्थित रहे, जबकि अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं एएसआई से निरीक्षक स्तर के विवेचक वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

  कार्यशाला के दौरान मुख्य वक्ता अपर लोक अभियोजक श्री तन्मय बनर्जी द्वारा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत जप्ती, तलाशी, गिरफ्तारी, चेन ऑफ कस्टडी सहित विवेचना की बारीकियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने विवेचकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान अधिनियम की धाराओं एवं पूर्व मामलों के उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट किया, जिससे अधिकारियों को व्यवहारिक जानकारी प्राप्त हुई। डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए पुराने प्रकरणों के आधार पर जटिल बिंदुओं को सरल तरीके से समझाया।

  वर्चुअल सत्र में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव एवं थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा गत माह एनडीपीएस एक्ट के तहत जप्त अफीम प्रकरणों पर प्रस्तुति दी गई। इस दौरान संबंधित कार्यवाही के फुटेज भी प्रदर्शित किए गए, जिससे विवेचकों को वास्तविक प्रक्रियाओं की बेहतर समझ मिली और कार्यशाला अधिक प्रभावी बनी।

  कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह द्वारा कार्यशाला को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि एनडीपीएस मामलों में छोटी-छोटी त्रुटियां भी न्यायालयीन प्रक्रिया को प्रभावित करती हैं, इसलिए विवेचकों को प्रत्येक चरण की विधिक जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध दर्ज करना नहीं, बल्कि आरोपी को न्यायालय से कड़ी सजा दिलाना है। साथ ही भविष्य में पॉक्सो एक्ट एवं साइबर अपराध जैसे विषयों पर भी इसी प्रकार की कार्यशालाओं के आयोजन की बात कही गई।

  कार्यक्रम के अंत में अपर लोक अभियोजक श्री तन्मय बनर्जी को विशेष सहभागिता हेतु प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी द्वारा विभाग की ओर से उनका आभार व्यक्त किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं एएसआई से निरीक्षक स्तर के विवेचक शामिल होकर लाभान्वित हुए।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* —

  *“एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में त्रुटिरहित विवेचना ही न्यायालय में सशक्त पैरवी का आधार है। प्रत्येक विवेचक विधिक प्रक्रिया को भली-भांति समझकर कार्य करें, ताकि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।”*

और भी

जशपुर के के पंडरापाठ में करोड़ों की तीरंदाजी अकादमी का भूमिपूजन, विधायक रायमुनी भगत बोलीं, अब गांवों की प्रतिभा सीधे पहुंचेगी बड़े मंच तक

जशपुर। जिले के दूरस्थ लेकिन प्रतिभाओं से भरपूर पंडरापाठ   में शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब यहां 20.53 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती रायमुनी भगत रहीं, जिन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रेमी और ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने की। मंच से संबोधित करते हुए विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि जशपुर की धरती में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही दिशा और मंच देने की। यही उद्देश्य लेकर राज्य सरकार खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है और पंडरापाठ में तीरंदाजी अकादमी का निर्माण उसी कड़ी का महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि इस अकादमी के बन जाने से अब जशपुर के युवाओं को बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने ही जिले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। इससे न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि क्षेत्र की पहचान भी खेल जगत में मजबूत होगी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि प्रस्तावित अकादमी में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, उच्चस्तरीय कोचिंग व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए जरूरी सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे स्थानीय आदिवासी और ग्रामीण प्रतिभाओं को विशेष रूप से लाभ मिलेगा, जो अब तक संसाधनों के अभाव में आगे नहीं बढ़ पाते थे।

गौरतलब है कि जशपुर जिला तीरंदाजी जैसी पारंपरिक खेल विधाओं में पहले से ही अपनी पहचान रखता है, और इस अकादमी के निर्माण से यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराने के लिए तैयार होंगे।

भूमिपूजन के इस अवसर पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीणों ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि यह अकादमी आने वाले समय में जशपुर को खेल नक्शे पर एक नई पहचान दिलाएगी।

और भी

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के विशेष प्रयासों से 7.86 करोड़ रुपए की स्वीकृति, स्थल का किया निरीक्षण,खेल, स्वास्थ्य, सौंदर्यकरण और नागरिक सुविधाओं का समन्वित विकास, स्थानीय मांगों को भी मिलेगा प्राथमिकता

रायगढ़,11 अप्रैल 2026। रायगढ़ नगर निगम शहर के वार्ड क्रमांक एक  स्थित राजीव नगर, जो दूध डेयरी क्षेत्र के नाम से जाना जाता है, अब एक आधुनिक और आकर्षक ऑक्सीजोन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत यहां हरियाली, स्वास्थ्य और मनोरंजन से जुड़ी विविध सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण के साथ-साथ बेहतर जीवनशैली का अनुभव मिल सकेगा।
           इस परियोजना के लिए प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी के विशेष प्रयासों से राज्य शासन द्वारा लगभग 7 करोड़ 86 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने आज सुबह जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तैयार की गई कार्ययोजना एवं डिजाइन का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
             परियोजना के अंतर्गत सबसे पहले पुरानी संरचनाओं का जो कार्ययोजना के उपयोगी होगा उन्हें और बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही स्थल समतलीकरण किया जाएगा, जिसके बाद मजबूत सीमांकन दीवार एवं मुख्य द्वारों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही  नालियों का निर्माण कर बेहतर आवागमन एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
             परियोजना में विशेष रूप से हरित विकास (हॉर्टिकल्चर), लैंडस्केपिंग और आकर्षक पाथवे तैयार किए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र एक सुंदर और शांत वातावरण प्रदान करेगा। नागरिकों के लिए ओपन जिम उपकरण, बैठने के लिए बेंच, गज़ेबो (विश्राम स्थल) और खेल मैदान में बैठने के लिए मंच का निर्माण किया जाएगा, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें।
              इसके अलावा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था, आंतरिक एवं बाह्य जल आपूर्ति, ट्यूबवेल, तथा शौचालय एवं गार्ड रूम जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। स्वच्छता के दृष्टिकोण से सेप्टिक टैंक का निर्माण भी प्रस्तावित है। संपूर्ण परियोजना के सुचारू संचालन के लिए तीन वर्षों का रखरखाव प्रावधान भी शामिल किया गया है।
           इसी के साथ निकटवर्ती क्षेत्र में एस.एल.आर.एम. सेंटर का निर्माण, मिल्क फैक्ट्री एवं सामुदायिक भवन का मरम्मत एवं नवीनीकरण, फूड कोर्ट (10 दुकानों सहित), पार्किंग क्षेत्र का विकास तथा अतिरिक्त बाउंड्री वॉल एवं गेट निर्माण जैसे कार्य भी किए जाएंगे, जिससे यह पूरा क्षेत्र एक समग्र नागरिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित होगा। खेल जगत से जुड़े युवाओं का भी इसमें विशेष ख्याल रखा जाएगा।
          निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के युवाओं एवं निवासियों ने क्रिकेट सहित अन्य खेल सुविधाओं की मांग रखी, जिस पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इन मांगों को प्राथमिकता में शामिल करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
           इस अवसर पर महापौर नगर निगम श्री जीवर्धन चौहान,  सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री मुकेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी,  जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह छत्रिय, हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता श्री अभिषेक तिवारी तथा एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

रायगढ़ के समग्र विकास को नई रफ्तार: वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने 9 प्रमुख परियोजनाओं का किया विस्तृत निरीक्षण,गुणवत्ता और समय-सीमा पर सख्ती-सभी कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के निर्देश

रायगढ़, 11 अप्रैल 2026/ प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने शनिवार को जिले के प्रवास के दौरान शहर में संचालित करोड़ों रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कला, संगीत, संस्कृति एवं साहित्य की नगरी रायगढ़ को उसकी मूल पहचान के साथ एक आधुनिक और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में चल रही 9 प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
            निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने दूध डेयरी क्षेत्र में विकसित हो रहे ऑक्सी-जोन, हाईटेक नालंदा लाइब्रेरी, रायगढ़ स्टेडियम परिसर में राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत निर्मित हो रहे स्विमिंग पूल एवं खेल अधोसंरचना, पर्यटन विकास के लिए पहाड़ मंदिर के सौंदर्यीकरण, एसईसीएल द्वारा विकसित मरीन ड्राइव, कायाघाट पुल निर्माण, एसईसीएल स्टॉप डेम (सिंचाई), एफसीआई ऑक्सीजोन तथा फटहामुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य शासन द्वारा स्वीकृत इन सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि रायगढ़ अपनी मूल पहचान को बनाए रखते हुए तेजी से विकसित शहर की दिशा में अग्रसर है और इन विविध परियोजनाओं के माध्यम से शहर में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में रायगढ़ एक आदर्श विकसित शहर के रूप में स्थापित होगा।
           वित्त मंत्री ने शहर की सुंदरता और जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन एनीकट कार्य का भी अवलोकन किया। इस दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री होमेश नायक ने एनीकट निर्माण की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि कुल निर्धारित लंबाई में से लगभग 50 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य 15 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। इस पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने संभावित वर्षा को ध्यान में रखते हुए कार्य को 15 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शहर के भीतर प्रस्तावित जेलपारा एनीकट के जीर्णोद्धार एवं खर्राघाट बैराज निर्माण से संबंधित टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कारणों की जानकारी ली और शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
           वित्त मंत्री श्री चौधरी ने एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्र की सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत पुराने जिंदल पुल से कायाघाट पुल तक विकसित किए जा रहे केलो रिवर फ्रंट परियोजना का भी निरीक्षण किया। लगभग 28.26 करोड़ रुपये की लागत (5 वर्षों के रखरखाव सहित) से संचालित इस परियोजना का कार्य 29 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो चुका है, जिसका क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत केलो नदी तट का सौंदर्यीकरण, छठ घाट का विकास, नई सड़कों का निर्माण, कियोस्क (दुकानों) की स्थापना, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, कार एवं बाइक पार्किंग, नदी किनारे आकर्षक बोर्ड वॉक (वॉकिंग पाथवे), प्लांटर्स एवं मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र शहर का प्रमुख पर्यटन और आकर्षण केंद्र बनेगा। 
           उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा रायगढ़ शहर को पूर्ण विकसित शहर के रूप में विकसित करने हेतु स्वीकृत इन कार्यों का वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी समय-समय पर स्वयं निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करते रहते हैं, जिससे कार्यों में गुणवत्ता और गति बनी रहे। निरीक्षण कार्यक्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री मुकेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, निगम आयुक्त श्री ब्रजेश क्षत्रिय, निगम के कार्यपालन अभियंता श्री लोहिया, अनुविभागीय अधिकारी (जल संसाधन) तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने एएलएस एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी,गंभीर मरीजों के लिए बनेगी लाइफलाइन, आधुनिक उपकरणों से लैस एम्बुलेंस

रायगढ़, 11 अप्रैल 2026/ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने आज अपने विधायक निवास से एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह एम्बुलेंस अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से सुसज्जित है, जिसमें वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सक्शन मशीन, सिरिंज पंप, पेशेंट मॉनिटर, ऑक्सीजन सिलेंडर सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह एम्बुलेंस जिला चिकित्सालय में तैनात रहेगी और गंभीर मरीजों के लिए आपात स्थिति में जीवन रक्षक साबित होगी।
             वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि सामान्यतः बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एम्बुलेंस अधिक संख्या में उपलब्ध होती हैं, लेकिन एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस की संख्या सीमित रहती है। इसी कमी को देखते हुए और चिकित्सकों के सुझाव के आधार पर यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि कई बार गंभीर मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में रेफर करते समय रास्ते में ही स्थिति बिगड़ जाती है। ऐसी परिस्थितियों में यह एएलएस एम्बुलेंस मरीजों को निरंतर चिकित्सा सहायता प्रदान कर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने जानकारी दी कि लगभग 46 लाख रुपये की लागत से विधायक निधि के माध्यम से इस एम्बुलेंस को उपलब्ध कराया गया है। इसे स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया है, जिससे रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस सुविधा से अब रायगढ़ से रायपुर जैसे बड़े चिकित्सा केंद्रों में मरीजों को रेफर करना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। पहले एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस सुविधा की कमी के कारण कई बार गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था, जिसे अब काफी हद तक दूर किया जा सकेगा। इस एम्बुलेंस की खास बात यह है कि इसका उपयोग आम नागरिक भी कर सकेंगे। निजी उपयोग के लिए केवल डीजल खर्च के आधार पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे जरूरतमंदों को किफायती दर पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इस अवसर पर महापौर नगर निगम श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल, डीएचओ डॉ. भानु पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

“ऑपरेशन ‘तलाश’ में रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन — नाबालिग से दुष्कर्म कर फरार आरोपी ओडिशा से धराया, कई महीनों की तलाश के बाद मिली सफलता

 11 अप्रैल, रायगढ़ । ऑपरेशन “तलाश” के तहत कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के फरार आरोपी को सुंदरगढ़ ओडिशा से गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है । उल्लेखनीय है कि एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़़ के लिये जिले में चलाये जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत लगातार थानों को सफलता प्राप्त हो रही है । इसी क्रम में कल कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बालिका को शादी का प्रलोभन देकर भगा लेकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी दीपक कुमार पासवान को सुंदरगढ़ उड़ीसा  से गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है ।

 जानकारी के मुताबिक नाबालिग बालिका (15 वर्षीय) के पिता के द्वारा दिनांक 10/10/2025 को रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी लड़की 8 अक्टूबर 2025 को प्रतिदिन की तरह घर से स्कूल जाने के लिये निकली हुयी थी और शाम तक वापस नहीं आने पर आसपास पता किये पता नहीं चलने पर रिश्तेदारो के यहां पता किये, पता नहीं मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराया गया । थाना कोतवाली रायगढ़ में बालिका को कोई अज्ञात व्यक्ति के द्वारा बहलाफुसलाकर भगाकर ले जाने की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी पर अपराध क्रमांक 518/2025 धारा- 137(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। 

             प्रकरण की विवेचना दौरान दिनांक 12/10/2025 को नाबालिक को कोतवाली पुलिस द्वारा उर्दना कृष्णापुर से दस्तयाब कर बालिका का कॉउसलिंग कराया गया तथा महिला पुलिस अधिकारी से कथन कराया गया जिसमें बालिका ने उसके दोस्त सूरज के माध्यम से दीपक कुमार पासवान निवासी पतराकाला (झारखण्ड) से जान पहचान हुआ था, दोनों मोबाईल पर अक्सर बातचीत करते थे । दिनांक 08/10/2025 को दीपक कुमार पासवान मोबाईल पर कॉल करके बोला कि तुम्हारा दोस्त सूरज के पास दिल्ली ले जाउंगा कहकर रायगढ़ से तमनार बुलाकर उसके किराये मकान में अपने पास बुलाया और 02 दिनों तक रखकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया । उसके बाद दिनांक 11/10/2025 को दीपक कुमार पासवान बालिका को कृष्णापुर उर्दना में लाकर छोडकर भाग गया। बालिका के कथन, मेडिकल रिपोर्ट पर आरोपी दीपक के विरूद्ध धारा 87, 65 (1) भारतीय न्याय संहिता 06 पाक्सो एक्ट जोड़कर आरोपी की पतासाजी की जा रही थी, आरोपी फरार होकर गिरफ्तारी से बचने लुक छिप रहा था । आरोपी पर मुखबीर लगाकर निगाह रखी जा रही थी जिसके संबंध में “ऑपरेशन तलाश” दौरान सुंदरगढ़ ओडिशा में होने की सूचना मिलने पर एसएसपी श्री शशि मोहन के दिशा निर्देशन पर संदेही की गिरफ्तारी के लिये एसआई ऐनु देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम को रवाना किया गया । पुलिस टीम सुंदरगढ़ में आरोपी की पता तलाश कर हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया गया जिसने अपराध स्वीकार किया है जिससे  घटना में प्रयुक्त एक विवो कंपनी का मोबाईल जप्त किया गया है । प्रकरण में आरोपी का जिला अस्पताल रायगढ़ से मेडिकल कराकर आरोपी दीपक कुमार पासवान के पर्याप्त सबूत पाये जाने पर कल दोपहर गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है ।
 
      एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर फरार आरोपी की पतासाजी की टीम टीम थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, आरक्षक गणेश पैंकरा और प्रदीप मिंज शामिल थे ।

???????? *एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* - 

 “ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तारी हेतु टीम दीगर प्रांत में दबिश दे रही है, जिसमें लगातार सफलता मिली रही है, ऑपरेशन तलाश अभी जारी है”

और भी

पुलिस की सख्ती से हड़कंप — ग्राम छपोरा में अवैध शराब भट्टी तोड़ी गई, धनागर में 50 डिब्बों में भरा महुआ पास नष्ट, बाघाडोला से 12 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

   11 अप्रैल, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में अवैध मादक पदार्थों पर अंकुश लगाने “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में दिनांक 10.04.2026 को थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ग्राम धनागर में मुखबिर सूचना पर रेड कार्रवाई की गई, जहां शराब बनाने वाले मौके पर नहीं मिले, पुलिस ने करीब 50 डिब्बों में भरा महुआ पास बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया।

  वहीं आज ग्राम छपोरा में निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, प्रभारी थाना पुसौर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अवैध शराब भट्टी पर कार्रवाई करते हुए मौके पर मिले आसवन पात्र एवं भट्टी को ध्वस्त किया गया।  

  इसी क्रम में पुसौर पुलिस टीम द्वारा ग्राम बाघाडोला मालीडिपा में मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम बाघाडोला चौक पर आरोपी कंदर्प चौहान पिता स्व. महावीर चौहान उम्र 45 वर्ष निवासी बाघाडोला के कब्जे से करीब 12 लीटर महुआ शराब बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना पुसौर में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। शराब रेड कार्रवाई में उप निरीक्षक कुंदन सिंह गौर, आरक्षक दिलीप सिदार एवं उमांशकर सिंह शामिल थे।  

*एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश*—

       *“ऑपरेशन आघात के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी।”*

और भी

सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर गिरी पुलिस की गाज: खरसिया-मदनपुर समेत कई क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी

रायगढ़ 11.04.2026*

 ???? *कोटपा एक्ट के तहत व्यापक कार्रवाई: चौक-चौराहों, पान ठेलों और होटलों पर पुलिस की सख्ती* 

रायगढ़ जिले में सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं नशामुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा कोटपा एक्ट (COTPA Act) के तहत लगातार प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में, पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।

    अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा विशेष रूप से शहर एवं कस्बों के मुख्य चौक-चौराहों
पान ठेलों, चाय दुकानों एवं फुटपाथी ठेलों होटल, ढाबा एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों
पर सघन जांच एवं निगरानी की गई।

 *कार्रवाई का विवरण*

थाना खरसिया मदनपुर क्षेत्र में कुल 20 प्रकरण दर्ज सिटी चौकी  क्षेत्र में 10 प्रकरण दर्ज इन मामलों में दुकानदारों द्वारा खुलेआम सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू, गुटखा (बूटका) की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, तथा कोटपा एक्ट के नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की गई, *कुल 30 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया* तथा संबंधितों को सख्त हिदायत दी गई। पुलिस टीमों ने मौके पर ही कई स्थानों पर लोगों को समझाइश देते हुए तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया।

        रायगढ़ पुलिस स्पष्ट करती है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पूर्णतः प्रतिबंधित है स्कूल, कॉलेज एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों के आसपास तंबाकू बिक्री अवैध है
नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचना दंडनीय अपराध है ।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी निरंतर, सख्त एवं व्यापक कार्रवाई जारी रहेगी।

आम नागरिकों से अपील है कि स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें और नशामुक्त रायगढ़ बनाने में पुलिस का साथ दें।

और भी

ठाकुरमुड़ा में तीन दिवसीय अष्ट प्रहरी आयोजन में विधायक गोमती साय की गरिमामयी उपस्थिति, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए विधि-विधान से की गई विशेष पूजा-अर्चना

जशपुर/नारायणपुर :- ठाकुरमुड़ा में आयोजित तीन दिवसीय अष्ट प्रहरी कार्यक्रम में विधायक गोमती साय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, पत्थलगांव नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता सिंह, सरपंच संघ अध्यक्ष रोशन प्रताप सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनन्द शर्मा सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा आपसी भाईचारा और एकता को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

और भी

जशपुर नगर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में एडमिशन का सुनहरा अवसर


     जशपुर नगर। जिले के  स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट (अंग्रेजी माध्यम) नवीन आदर्श उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय, जशपुर नगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के निर्देशानुसार विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं की रिक्त सीटों पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के कारण इस विद्यालय में हर साल बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। प्रतिवर्ष बोर्ड की मेरिट सूची में इस विद्यालय के छात्र जिले का नाम रौशन करते आ रहें हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया  प्रारंभ हो चुकी है, जो 05 मई 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा विद्यालय स्तर पर ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, कार्यालयीन दिवस में सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक विद्यालय के कार्यालय में यह सुविधा उपलब्ध है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि यदि  कक्षा 1 ली से लेकर कक्षा 8 वी तक में सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होंगे उस स्तिथि में विद्यार्थियों का चयन लॉटरी की प्रक्रिया के माध्यम से 8 मई को किया जाएगा। कक्षा 9 वी से लेकर 12 वी तक की कक्षा में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेश लिया जायेगा, यह प्रवेश परिक्षा पिछले कक्षा के पाठ्यक्रम पर आधारित लघु उत्तरीय प्रश्नों  पर आधारित होगी, जिसके मेरिट के अंकों के आधार पर प्रवेश हेतु चयन सूची जारी की जाएगी, यह प्रवेश परीक्षा 11 मई 2026 को विद्यालय में आयोजित की जाएगी। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को 11 मई से 15 मई 2026 तक प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। अंग्रेजी माध्यम में रिक्त सीट कक्षा 1 ली - 40, दूसरी - 02, चौथी - 07, पांचवी - 03, सातवीं - 05, आठवी - 06, दसवीं - 04, ग्यारहवी ( गणित ) - 13 व जीव विज्ञान - 08 ग्यारहवी वाणिज्य - 06, बारहवी ( गणित )- 02 व जीव विज्ञान -01, वाणिज्य - 02 तथा हिंदी माध्यम की रिक्त सीट कक्षा नवमी - 26, दसवीं - 07, ग्यारहवी ( जीव विज्ञान ) - 13, (कला)  - 31, बारहवी ( जीव विज्ञान ) - 03, (कला ) - 03 निर्धारित है 

         प्रवेश नियमों के तहत एक विद्यार्थी केवल एक ही विद्यालय के लिए आवेदन कर सकेगा। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (BPL) के विद्यार्थियों के लिए कुल सीटों का 25 प्रतिशत आरक्षित रखा गया है। इसके लिए अभिभावकों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साथ ही महतारी दुलार योजना के तहत कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों को भी प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है।
विद्यालय में सह-शिक्षा व्यवस्था लागू है, जिसके तहत 50 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए निर्धारित की गई हैं। यदि छात्राओं की पर्याप्त संख्या नहीं मिलती है, तो शेष सीटों को छात्रों से भरा जाएगा। कक्षा पहली में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की आयु 31 मई 2026 की स्थिति में 5 वर्ष 6 माह से 6 वर्ष 6 माह के बीच निर्धारित की गई है।
विद्यालय में पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश के लिए पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। यह व्यवस्था अभिभावकों के लिए राहत भरी है।
उल्लेखनीय है कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की स्थापना राज्य शासन द्वारा गुणवत्तापूर्ण और अंग्रेजी व हिंदी माध्यम शिक्षा को आम विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। जशपुर नगर स्थित यह विद्यालय भी आधुनिक संसाधनों, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय और प्रशिक्षित शिक्षकों के कारण प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अभिभावकों में उत्साह का माहौल है।  विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, ताकि प्रवेश में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

और भी

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित थाना जूटमिल भवन का भव्य लोकार्पण, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया शुभारंभ, पुलिसिंग को मिलेगी नई मजबूती

रायगढ़, 11 अप्रैल 2026 । माननीय वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को रायगढ़ प्रवास के दौरान कलेक्टोरेट परिसर में “स्मार्ट पंजीयन कार्यालय” तथा थाना जूटमिल के नवीन भवन का लोकार्पण किया। 

    आज शाम को वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी नवीन थाना भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने रिबन काटकर भवन का शुभारंभ किया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ नवीन थाना भवन का लोकार्पण संपन्न हुआ। सभी अतिथियों ने भवन के विभिन्न कक्षों का अवलोकन भी किया। 

      कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए पूर्व में जूटमिल क्षेत्र पुलिस सहायता केंद्र के रूप में संचालित होता था। वर्ष 2005 में इसे पुलिस चौकी बनाया गया और वर्ष 2023 में चौकी से थाना में उन्नयन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2024-25 के बजट में 20 नए थाना भवनों की स्वीकृति दी गई थी, जिसमें थाना जूटमिल भी शामिल था। पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा थाने का निर्माण कार्य किया गया है।

      एसएसपी ने कहा कि वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की विशेष पहल से बेहद कम समय में उच्च गुणवत्ता वाला थाना भवन तैयार हुआ है। इससे पुलिसिंग में तेजी आएगी और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

      लैलूंगा विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार ने जिला पुलिस प्रशासन को नए थाना भवन के लिए शुभकामनाएं दीं और विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया।

      वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि पुलिसिंग का कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण होता है और नए थाना भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने बताया कि कलेक्टोरेट के समीप निर्माणाधीन नया एसपी कार्यालय भी जल्द पूरा होगा। साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए नये स्टाफ क्वार्टर्स स्वीकृति होकर प्रक्रिया जारी है। उन्होंने पुलिस कॉलोनी में आवश्यक कार्यों के लिए विधायक निधि से राशि देने की घोषणा भी की।

      अतिथियों ने नवीन थाना भवन के लिए थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह और उनके स्टाफ को बधाई दी गई ।

       कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी ने सभी अतिथियों, नागरिकों, मीडिया कर्मियों गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

         थाना जूटमिल के लोकार्पण अवसर पर लैलूंगा विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार,नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान,  पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष श्री उमेश अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री गुरूपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, सीएसपी श्री मयंक मिश्रा, एसडीएम  श्री महेश शर्मा, डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी, श्री उत्तम प्रताप सिंह सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पुलिस अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

और भी

असुरक्षित पाया गया ‘सचिन पान मसाला’, बैच नं. एच-25 पर प्रतिबंध,प्रशासन की अपील-न खरीदें, न बेचें शेष स्टॉक कंपनी को लौटाएं,OCENO ब्रांड के पानी पाउच/बॉटल पर भी रोक

रायगढ़, 10 अप्रैल 2026/ फर्म योगी टोबेको, अकलतरा जांजगीर-चाम्पा द्वारा वितरित खाद्य उत्पाद ‘सचिन पान मसाला’ बैच नंबर नं एच-25, पैकेजिंग तिथि नवंबर 2025 को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर की जांच में असुरक्षित घोषित किया गया है। 
           खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी ने बताया कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रशासन ने इस उत्पाद को उपभोग के लिए हानिकारक मानते हुए आम जनता से अपील की है कि वे इस बैच नंबर वाले पान मसाले को न खरीदें और न ही इसका सेवन करें। इसके साथ ही सभी थोक एवं फुटकर खाद्य विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे इस बैच के पान मसाले का ’क्रय, विक्रय एवं भंडारण तत्काल प्रभाव से बंद कर दें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि दुकानदार अपने पास उपलब्ध शेष स्टॉक को अलग सुरक्षित रखें, ताकि उसे संबंधित कंपनी को वापस किया जा सके। इस कार्रवाई का उद्देश्य किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य जोखिम की संभावना को पूरी तरह समाप्त करना है।

*OCENO ब्रांड के पानी पाउच/बॉटल पर भी रोक*

M/S S.K.S Industries गुरूर बालोद, छत्तीसगढ़ द्वारा निर्मित OCENO ब्रांड के पानी पाउच एवं बॉटल के विक्रय की जानकारी प्राप्त हुई है, जिसे ध्यान में रखते हुए एहतियात बरतना आवश्यक है। अतः आम नागरिकों से अपील है कि इस ब्रांड के पानी पाउच/बॉटल का उपयोग न करें। साथ ही सभी विक्रेताओं को निर्देशित किया जाता है कि इन उत्पादों का क्रय, विक्रय एवं भंडारण तत्काल प्रभाव से बंद करें। उपलब्ध स्टॉक को पृथक रखकर कंपनी को वापस करने की कार्यवाही की जाए।

और भी

लू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवायजरी,तेज गर्मी के बीच नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

रायगढ़, 10 अप्रैल 2026/ कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बढ़ती गर्मी और तापमान में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए लू (हीट वेव) को लेकर एडवायजरी जारी की है। सीएमएचओ ने बताया कि लू लगने की स्थिति में तेज बुखार, सिर दर्द, चक्कर आना, उल्टी, मुंह सूखना, कमजोरी, शरीर में दर्द और पसीना न आना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। गंभीर स्थिति में व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू करते हुए मरीज को ठंडे स्थान पर रखें, सिर पर ठंडे पानी की पट्टी लगाएं और अधिक मात्रा में पानी या तरल पदार्थ दें, इसके बाद शीघ्र डॉक्टर से संपर्क करें। 
          बहुत आवश्यक न हो तो दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। बाहर निकलते समय सिर और कान को कपड़े, टोपी या गमछे से ढकें तथा छाते का उपयोग करें। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें, ताकि शरीर ठंडा बना रहे। लू से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और अपने साथ पानी अवश्य रखें। भोजन हमेशा ताजा और हल्का लें। तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, अनानास, खीरा और ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फल और सब्जियों का सेवन करें। बच्चों और पालतू जानवरों को खड़ी गाड़ी में न छोड़ें, क्योंकि वाहन के अंदर का तापमान खतरनाक स्तर तक बढ़ सकता है। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ओरल डिहाइड्रेशन थेरेपी (ओआरएस) कॉर्नर स्थापित किए हैं और लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन सावधानियों का पालन करें, जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी लू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। बढ़ती गर्मी के इस दौर में थोड़ी सी सतर्कता ही बड़े खतरे से बचा सकती है।

और भी

मत्स्य पालन से बदली तस्वीर, बबीता बघेल का ‘नई दिशा’ समूह बना मिसाल,15 महिलाओं को मिला रोजगार, शिविर में मिला आइस बॉक्स, बढ़ी आय के अवसर

रायगढ़, 10 अप्रैल 2026/ खरसिया विकासखंड के ग्राम तेलीकोट में महिलाओं ने मत्स्य पालन के जरिए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। बबीता बघेल के नेतृत्व में संचालित “नई दिशा महिला स्व-सहायता समूह” की 15 महिलाएं आज संगठित प्रयासों से सफल स्वरोजगार का मॉडल बन चुकी हैं। समूह की महिलाएं तालाब प्रबंधन से लेकर मछली उत्पादन और बाजार में बिक्री तक की जिम्मेदारी स्वयं संभाल रही हैं। शासकीय योजनाओं के तहत मिले सहयोग और तकनीकी मार्गदर्शन से उन्होंने आधुनिक पद्धति से मत्स्य पालन अपनाया है, जिससे उत्पादन और आय दोनों में बढ़ोतरी हुई है।
             खरसिया में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में समूह की महिलाओं को मछली सुरक्षित रखने और परिवहन के लिए आइस बॉक्स प्रदान किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। बता दे कि मत्स्य पालन से समूह की महिलाओं को हर वर्ष बेहतर आय प्राप्त हो रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। वे अब परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। समूह द्वारा उत्पादित मछलियों की बिक्री स्थानीय बाजारों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी की जा रही है, जिससे आय के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। आर्थिक मजबूती के साथ महिलाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता भी बढ़ी है। वे अब न केवल अपने निर्णय स्वयं ले रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। समूह भविष्य में अपने कार्य का विस्तार कर अधिक महिलाओं को जोड़ने की दिशा में प्रयासरत है। महिलाओं ने इस उपलब्धि के लिए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

और भी

खरसिया में जनमन पत्रिका का निःशुल्क वितरण, लोगों ने सराहा,जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी का सशक्त माध्यम बनी ‘जनमन’

*

रायगढ़, 10 अप्रैल 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं समसामयिक विषयों पर आधारित जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित मासिक जनमन पत्रिका का खरसिया क्षेत्र में निःशुल्क वितरण किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों ने पत्रिका की सराहना करते हुए इसे जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताया। पाठकों ने कहा कि जनमन पत्रिका न केवल ज्ञानवर्धक है, बल्कि इसमें शासन की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं समसामयिक विषयों की जानकारी सरल एवं आकर्षक ढंग से प्रस्तुत की गई है। इससे आमजन को योजनाओं की जानकारी आसानी से मिलती है और वे पात्रतानुसार लाभ उठा सकते हैं। 
         पत्रिका विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी उपयोगी साबित हो रही है। इसमें समसामयिक जानकारी का अच्छा संकलन होने से अध्ययन सामग्री के रूप में इसका महत्व बढ़ जाता है। इस अवसर पर श्री महेश साहू ने कहा कि जनमन पत्रिका शासन की योजनाओं एवं प्रेरणादायक सफलताओं को सरल और प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। श्री अमित साहू, श्रीमती कुंती साहू, श्री शंकर लाल साहू, श्री छवि शंकर साहू, श्री कैलाश शर्मा, श्री डिग्री लाल सिदार, श्री सूरज पटेल एवं श्री नितेश बरेठ सहित अन्य नागरिकों ने भी जनपद पत्रिका की सराहना की। उल्लेखनीय है कि जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित जनमन पत्रिका एवं योजनाओं पर आधारित ब्रोशर जिला कलेक्टोरेट स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय में निःशुल्क उपलब्ध हैं, जहां से आमजन इन्हें प्राप्त कर सकते हैं।

और भी

कर्तव्यपथ पर बलिदान का सम्मान—दिवंगत प्रधान आरक्षक के परिवार को मिली 10 लाख की बीमा सहायता, पुलिस विभाग बना सहारा

रायगढ़, 10 अप्रैल 2026/ 6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल रायगढ़ के ए-कंपनी कैम्प खल्लारी, थाना नगरी, जिला धमतरी में कर्तव्यस्थ प्रधान आरक्षक 209 श्री राजेश एक्का की ईलाज दौरान 5 अक्टूबर 2025 को आकस्मिक मृत्यु हो गई, वे 14 अक्टूबर 1998 को आरक्षक (जीडी) के पद में नियुक्त हुए थे।
              पुलिस मुख्यालय रायपुर के द्वारा पुलिस कल्याण एवं आश्रित परिजनों को आर्थिक सहायतार्थ “पुलिस सैलरी पैकेज” के तहत विभिन्न बैंकों से एमओयू किया गया है। इस एमओयू के आधार पर श्रीमती निवेदिता पाल, रापुसे, सेनानी 6वीं वाहिनी छ.स.बल रायगढ़ के मार्गदर्शन में 6वीं बटालियन छ.स.बल रायगढ़ के अधि./कर्म. के बैंक सैलरी खातों को “पुलिस सैलरी पैकेज” के तहत अपडेट कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप प्रधान आरक्षक 209 स्व. श्री राजेश एक्का को “पुलिस सैलरी पैकेज” अंतर्गत बीमा राशि भुगतान हेतु सेनानी के सतत प्रयास से भारतीय स्टेट बैंक शाखा जशपुर के सहयोग से स्व. प्र.आर. राजेश एक्का की उत्तराधिकारी पत्नी श्रीमती नीलिमा कुजूर को 10 लाख की बीमित राशि का भुगतान कराया गया। राशि मिलने पर परिजनों द्वारा इसे बड़ी आर्थिक सहायता बताते हुए पुलिस विभाग एवं वाहिनी के अधिकारियों को हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।

और भी

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित,गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए किया गया जागरूक

रायगढ़, 10 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में व्यापक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
            इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराए गए और उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, सिकलिन, मलेरिया, एच.आई.वी., वजन और ऊँचाई जैसी आवश्यक जांचें की गईं। महिलाओं को आयरन और कैल्शियम की गोलियों का वितरण किया गया। इसके अलावा स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को शरीर की स्वच्छता, पोषण और सुरक्षित प्रसव के महत्व पर विशेष परामर्श दिया गया। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी कराई गई। शिविर में गर्भवती महिलाओं को लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर का दौरा कराते हुए उन्हें मानसिक रूप से सुरक्षित प्रसव के लिए तैयार किया गया, जिससे प्रसव के दौरान होने वाले तनाव को कम किया जा सके।
           प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले में प्रतिमाह 9 एवं 24 तारीख को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में 9 अप्रैल का आयोजित स्वास्थ्य शिविर में रायगढ़ जिले में कुल 740 गर्भवती माताओं की जांच की गई। जिसमें विकासखंडवार लोईंग में 61, पुसौर में 156, चपले में 127, तमनार में 60, धरमजयगढ़ में 198, लैलूंगा में 70 एवं घरघोड़ा-68 महिलाएं शामिल थी। प्रशासन ने महिलाओं को किसी भी समस्या के लिए तुरंत स्वास्थ्यकर्मी से संपर्क करने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने का संदेश दिया। जिला प्रशासन ने इस अवसर पर सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का लाभ अवश्य उठाएँ और अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराएँ। स्वास्थ्यकर्मियों के मार्गदर्शन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी जाकर अपने और अपने बच्चे के पोषण पर ध्यान दें।

और भी

शिव शक्ति स्टील प्लांट में किराया घोटाले का खुलासा — फर्जी बिल्टी बनाकर लाखों की हेराफेरी, लंबे समय से फरार आरोपी दबोचा गया

 *10 अप्रैल, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना चक्रधरनगर पुलिस को भी बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने शिव शक्ति स्टील प्लांट में लाखों रुपये का गबन कर फरार चल रहे ऑटोमोबाइल एक्जीक्यूटिव मैनेजर मनीष कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

      जानकारी के अनुसार प्रार्थी विपुल माली, निवासी चिडीपाल कॉलोनी बोईरदादर द्वारा 03 सितंबर 2025 को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि शिव शक्ति प्लांट में ऑटोमोबाइल एक्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत मनीष कुमार शर्मा को कंपनी के वाहनों की देखरेख एवं ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से वाहनों को चलवाकर किराया वसूलने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोपी ने 01 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025 के बीच वाहनों से प्राप्त किराया कंपनी में जमा न कर स्वयं के बैंक खाते एवं नगद के रूप में प्राप्त कर करीब ₹11,35,861 की राशि का गबन कर लिया।

        इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा ट्रांसपोर्टरों को कंपनी के वाहनों को किसी अन्य का वाहन बताकर चलवाया गया और फर्जी बिल्टी तैयार कर धोखाधड़ी की गई। रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 396/2025 धारा 316(4), 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। अपराध पंजीबद्ध होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने लगातार स्थान बदल रहा था।

        “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा द्वारा आरोपी की पतासाजी के लिए पुनः तकनीकी जांच कर लोकेशन ट्रेस किया गया, जिसमें आरोपी के मध्यप्रदेश के सिंगरौली में छिपे होने की जानकारी मिली। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर सिंगरौली रवाना किया गया, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया।

         पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके पास से नगद राशि (800 रूपये) एवं एक सैमसंग गैलेक्सी A15 5G मोबाइल फोन जब्त किया गया। *आरोपी मनीष कुमार शर्मा, निवासी मखदुमपुर थाना कोंच जिला गया (बिहार)* को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

       एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन और एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी एवं सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, निरीक्षक विजय चेलक थाना प्रभ्रारी साइबर,  उप निरीक्षक गेंद लाल साहू एवं आरक्षक धनंजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश*—

        *“ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। अपराध कर कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी आरोपी ज्यादा समय तक नहीं बच सकते”*

और भी