ताजा खबरें

बड़ी खबर

रफ्तार बनी काल: पूंजीपथरा-घरघोड़ा मार्ग पर अमलीडीही के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, महिला समेत दो की मौके पर दर्दनाक मौत, एक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

रायगढ़, 12 अप्रैल 2026।
जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां पूंजीपथरा-घरघोड़ा मुख्य मार्ग पर अमलीडीही गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग किसी कार्य से घरघोड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे।

हादसे में एक महिला सहित दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। लोगों में भारी आक्रोश देखा गया और कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

फिलहाल मृतकों और घायल की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave Your Comment

Click to reload image