ताजा खबरें

बड़ी खबर

घरघोड़ा बना नशा मुक्ति की मिसाल: पुलिस-जनभागीदारी से अवैध शराब पर कसा शिकंजा, गांव ने लिया पूर्ण शराबबंदी का संकल्प

रायगढ़, 23 अप्रैल। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र से एक सकारात्मक और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है, जहां पुलिस और ग्रामीणों की साझा पहल ने एक गांव को नशा मुक्ति की दिशा में मिसाल बना दिया है। ग्राम घरघोड़ी में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई के बाद अब जागरूकता की अलख ऐसी जगी है कि पूरा गांव खुद आगे आकर शराबबंदी लागू करने में जुट गया है।

दरअसल, एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पिछले महीने गांव में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने भट्ठियों को ध्वस्त कर भारी मात्रा में शराब जब्त की थी। इस सख्त कार्रवाई के बाद पुलिस ने गांव के जनप्रतिनिधियों, महिला समिति और ग्रामीणों के साथ बैठक कर नशा मुक्त गांव बनाने का संकल्प दिलाया।

इस पहल का असर अब साफ नजर आ रहा है। ग्राम घरघोड़ी के लोग एकजुट होकर न केवल अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा रहे हैं, बल्कि मुनादी कर पूरे गांव में निगरानी भी रख रहे हैं। ग्रामीणों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से गांव में नशे के खिलाफ मजबूत माहौल बन चुका है।

इसी कड़ी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में थाना प्रभारी कुमार गौरव ने ग्रामीणों को बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस जहां एक ओर अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों को जागरूक कर इस सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित भी कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि कई गांवों में महिलाएं खुद आगे आकर शराबबंदी लागू कर रही हैं, जो समाज में बदलाव का बड़ा संकेत है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं और “हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन नंबर 9479270533 की जानकारी दी गई। साथ ही बीट आरक्षक प्रणाली के जरिए गांव-गांव पुलिस की निगरानी और संपर्क व्यवस्था मजबूत किए जाने पर जोर दिया गया। सड़क सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

इस कार्यक्रम में सरपंच, जनप्रतिनिधि, महिला समिति के सदस्य, पुलिस स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में नशा मुक्त गांव बनाने का संकल्प दोहराया।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अपील की कि अवैध शराब और नशे के खिलाफ चल रही इस मुहिम में हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए, ताकि समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाया जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image