ताजा खबरें


बड़ी खबर

सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 27 अप्रैल से 15 दिवसीय सघन जांच अभियान होगा शुरू

रायगढ़, 25 अप्रैल 2026/ आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एवं दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले में 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान संचालित किया जाएगा। “सही दवा, शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य न केवल मिलावटखोरी और नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है, बल्कि आमजन में सुरक्षित दवा उपयोग और स्वच्छ, पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। 
            अभियान को सफल बनाने के लिए जिले स्तर पर प्रशासनिक तैयारी शुरू हो गई है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए  जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिले के अनुविभागीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना और निगरानी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान की दैनिक प्रगति की मॉनिटरिंग और समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने हेतु अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो को सक्षम नोडल अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनकी देखरेख में अभियान की गतिविधियों का नियमित संकलन और मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे कार्यवाही में पारदर्शिता और गति बनी रहे।
        अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर “खाद्य प्रकोष्ठ” और “औषधि प्रकोष्ठ” नाम से दो अलग-अलग विशेष टीमें गठित की गई हैं। खाद्य प्रकोष्ठ में अभिहित अधिकारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और नमूना सहायक के साथ राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे। यह टीम होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, किराना दुकानों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों में जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों की पड़ताल करेगी। वहीं औषधि प्रकोष्ठ में सहायक औषधि नियंत्रक, सहायक संचालक औषधि, औषधि निरीक्षक और नमूना सहायक के साथ राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम शामिल रहेगी। यह दल मेडिकल स्टोर्स, थोक दवा विक्रेताओं और प्रसाधन सामग्री विक्रय केंद्रों की जांच कर नकली, एक्सपायरी या बिना लाइसेंस की दवाओं की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करेगा। अभियान के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों और दवाओं के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही आम जनता को सुरक्षित दवा उपयोग, संतुलित आहार और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

और भी

सुशासन तिहार 2026 का बिगुल: 4 मई से 10 जून तक रायगढ़ जिले में 5 चरणों में 27 जनसमस्याओं शिविरों के जरिए घर-घर पहुंचेगी सरकार, मौके पर होगा समाधान और योजनाओं का मिलेगा त्वरित लाभ

रायगढ़, 25 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार शासन द्वारा आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “सुशासन तिहार 2026” का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशन में रायगढ़ जिले के सभी विकासखंडों में 4 मई से 10 जून 2026 तक पांच चरणों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिसमें कुल 27 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाना है। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी शिविर में लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनका त्वरित निराकरण करेंगे। साथ ही, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
  कार्यालय कलेक्टर, पंचायत शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम चरण के अंतर्गत 4 से 12 मई तक 7 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 4 मई को धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम खम्हार स्थित हाईस्कूल प्रांगण में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्लस्टरवार 17 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इसी क्रम में 5 मई को रायगढ़ विकासखंड के लोईंग स्थित हाईस्कूल मैदान में आयोजित शिविर में 21 ग्राम पंचायतें शामिल रहेंगी। 6 मई को लैलूंगा विकासखंड के ग्राम पंचायत झगरपुर के बाजार प्रांगण में आयोजित शिविर में 18 ग्राम पंचायतों को जोड़ा गया है। 7 मई को पुसौर विकासखंड के ग्राम औरदा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में आयोजित शिविर में 22 ग्राम पंचायतों की भागीदारी रहेगी, जबकि 8 मई को खरसिया विकासखंड के ग्राम सरवानी के हाईस्कूल परिसर में आयोजित शिविर में 20 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी। इसके बाद 11 मई को घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत घरघोड़ी स्थित प्राथमिक/माध्यमिक शाला मैदान धांगरपारा में आयोजित शिविर में 21 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। वहीं 12 मई को तमनार विकासखंड के ग्राम कुंजेमूरा के स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रांगण में आयोजित शिविर में क्लस्टरवार 20 ग्राम पंचायतों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
   द्वितीय चरण के अंतर्गत 13 से 20 मई तक 6 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस चरण की शुरुआत 13 मई को धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत हाटी स्थित सामुदायिक भवन (कोरबा रोड) में आयोजित शिविर से होगी, जिसमें क्लस्टरवार 19 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इसके बाद 14 मई को रायगढ़ विकासखंड के ग्राम टारपाली के हाईस्कूल मैदान में आयोजित शिविर में 21 ग्राम पंचायतें शामिल रहेंगी। 15 मई को लैलूंगा विकासखंड के ग्राम पंचायत राजपुर के अमरैया बधानपारा में आयोजित शिविर में 23 ग्राम पंचायतों की भागीदारी होगी। 18 मई को पुसौर विकासखंड के ग्राम पंचायत मचीदा अंतर्गत ग्राम कलमी स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित शिविर में 22 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी। वहीं 19 मई को खरसिया विकासखंड के ग्राम पंचायत दर्री के बरतराई परिसर में आयोजित शिविर में 20 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। द्वितीय चरण का समापन 20 मई को तमनार विकासखंड के ग्राम पंचायत जरेकेला स्थित माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित शिविर के साथ होगा, जिसमें क्लस्टरवार 20 ग्राम पंचायतों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
           तृतीय चरण के अंतर्गत 21 से 29 मई तक जिले के विभिन्न विकासखण्डों में कुल 6 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 मई को विकासखण्ड धरमजयगढ़ के बायसी कॉलोनी स्थित प्राथमिक शाला परिसर में शिविर आयोजित होगा, जिसमें क्लस्टरवार 19 ग्राम पंचायत शामिल होंगी। इसी क्रम में 22 मई को विकासखण्ड रायगढ़ के ग्राम कांशीचुआ के हाईस्कूल मैदान में आयोजित शिविर में 21 ग्राम पंचायतों की भागीदारी रहेगी। 25 मई को विकासखण्ड लैलूंगा के ग्राम पंचायत नारायणपुर के हाईस्कूल प्रांगण में 14 ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाएगा। वहीं 26 मई को विकासखण्ड पुसौर के बड़े भंडार स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर में 23 ग्राम पंचायतों की सहभागिता होगी। 28 मई को विकासखण्ड खरसिया के ग्राम पंचायत फरकानारा के माध्यमिक शाला परिसर में 20 ग्राम पंचायतों के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। 29 मई को विकासखण्ड तमनार के ग्राम धौराभांठा स्थित आदर्श ग्राम्य भारती विद्या परिसर में शिविर आयोजित होगा, जिसमें 19 ग्राम पंचायतों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। 
            चतुर्थ चरण के अंतर्गत 1 जून से 5 जून तक जिले में कुल 5 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 जून को विकासखण्ड धरमजयगढ़ के ग्राम बाकारूमा स्थित हाईस्कूल प्रांगण में शिविर आयोजित होगा, जिसमें क्लस्टरवार 19 ग्राम पंचायत शामिल होंगी। इसी क्रम में 2 जून को विकासखण्ड रायगढ़ के ग्राम पंचायत तारापुर स्थित हाईस्कूल मैदान में आयोजित शिविर में 21 ग्राम पंचायतों की सहभागिता रहेगी। 3 जून को विकासखण्ड लैलूंगा के ग्राम पंचायत ढोर्रोबीजा स्थित प्राथमिक शाला प्रांगण में 20 ग्राम पंचायतों के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। 4 जून को विकासखण्ड खरसिया के ग्राम छोटे मुड़पार स्थित माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित शिविर में 21 ग्राम पंचायत शामिल होंगी। वहीं 5 जून को विकासखण्ड धरमजयगढ़ के ग्राम छाल में आयोजित शिविर में क्लस्टरवार 18 ग्राम पंचायतों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
             पंचम चरण के अंतर्गत 8 से 10 जून तक जिले में 3 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 जून को विकासखण्ड घरघोड़ा के ग्राम कया स्थित हाईस्कूल मैदान में शिविर आयोजित होगा, जिसमें 21 ग्राम पंचायत शामिल होंगी। इसी क्रम में 9 जून को विकासखण्ड पुसौर के मंगल भवन परिसर, देवलसुर्रा में आयोजित शिविर में 22 ग्राम पंचायतों की सहभागिता रहेगी। वहीं 10 जून को विकासखण्ड धरमजयगढ़ के ग्राम कापू के माध्यमिक शाला प्रांगण में अंतिम शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 23 ग्राम पंचायत शामिल होंगी।

और भी

नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी पर रायगढ़ पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई — महिला थाना की सक्रियता से चंद घंटों में गिरफ्तारी, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

  25 अप्रैल, रायगढ़*  । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर महिला एवं बाल संबंधी अपराधों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए महिला थाना रायगढ़ ने नाबालिग (12 साल) से छेड़छाड़ के मामले में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में गंभीरता दिखाते हुए महिला थाना द्वारा प्रकरण में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

           जानकारी के अनुसार दिनांक 23 अप्रैल 2026 को महिला थाना में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी भानु सिदार (27 साल) निवासी ग्राम डूमरमुड़ा थाना जूटमिल द्वारा उसकी नाबालिग बेटी के साथ गलत नियत से छेड़छाड़ की गई है। रिपोर्ट के अनुसार 22 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे उसकी बेटी दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान पड़ोस में सिदार के घर के पास नाबालिग घबराई हुई मिली, जिसने बताया कि रास्ते में भानु सिदार ने उसे रोककर गलत नियत से छेड़छाड़ की, जिससे वह किसी तरह स्वयं को छुड़ाकर भागी। घटना के बाद परिवार में सलाह-मशविरा कर पीड़िता की मां ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।

         महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 34/2026 धारा 74,75(1)(i) बीएनएस और 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध कायम किया गया तथा पुलिस टीम के साथ दबिश देकर आरोपी को उसके वर्तमान पते थाना चक्रधरनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

         महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित, सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* :

             *“नाबालिगों एवं महिलाओं से छेड़छाड़ जैसे अपराध अक्षम्य हैं। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

और भी

“शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार — तमनार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 48 घंटे के भीतर दबोचा गया आरोपी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया”

  25 अप्रैल, रायगढ़  । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए तमनार पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता की शिकायत पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महिला संबंधी अपराध में तमनार पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की।

          जानकारी के अनुसार थाना तमनार में स्थानीय 26 वर्षीय युवती ने 22 अप्रैल 2026 को ग्राम सराईडीपा निवासी पृथ्वीराज चौहान (22 वर्ष) के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी से उसका लगभग डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था और इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर गांव में पहली बार शारीरिक संबंध बनाया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने विवाह का भरोसा दिलाकर लगातार डेढ़ वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने विवाह और गर्भवती होने की जानकारी आरोपी को दी तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता द्वारा बार-बार विवाह के लिए कहने के बावजूद आरोपी मुकरता रहा, जिसके बाद उसे अपने साथ छल और शोषण का अहसास हुआ तथा परिजनों से सलाह लेकर उसने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई।

    थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव  द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए महिला विवेचक सुधो भगत से पीड़िता की एफआईआर एवं कथन दर्ज कराकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की गई तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल दबिश दी गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पृथ्वीराज चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण में विधिसम्मत विवेचना जारी है।

     महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित, सख्त एवं संवेदनशील कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* :

          *“महिला संबंधी अपराध अत्यंत गंभीर हैं। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित महिलाएं बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें, हर शिकायत पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

और भी

रायगढ़ पुलिस की दोहरी कार्रवाई में गांजा तस्करी का नेटवर्क ध्वस्त, पूंजीपथरा-पुसौर से 3 गिरफ्तार, 1 फरार, भारी मात्रा में मादक पदार्थ और नगदी जब्त”

25 अप्रैल, रायगढ़  । रायगढ़ पुलिस द्वारा एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा और थाना पुसौर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध खेप बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

???? *I20 कार में गांजा बेचने आए दो तस्करों को पूंजीपथरा पुलिस ने दबोचा*

       पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 23 अप्रैल 2026 को मुखबिर सूचना पर ग्राम तुमीडीह महुआ चौक पठान कॉलोनी के पास पुलिस ने दबिश दी, जहां कुछ व्यक्ति I20 कार से गांजा लेकर ग्राहकों की तलाश में बैठे थे। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों खिरोधर यादव निवासी जिला जशपुर और पुरुषोत्तम यादव निवासी ग्राम तुमीडीह को पकड़ा, जबकि एक आरोपी कार क्रमांक CG13BH5917 लेकर मौके से फरार हो गया। विधिवत तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो थैलों में कुल 2.728 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 24,500 रुपये है। साथ ही गांजा बिक्री की 5,000 रुपये नगद रकम भी जब्त की गई। कुल 29,500 रुपये की जप्ती कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

 ???? *औरदा डीपापारा में आरोपी को गांजा बेचने ग्राहक तलाश कर रहा आरोपी गिरफ्तार*

     “ऑपरेशन आघात” अभियान के तहत कल 25 अप्रैल को थाना पुसौर पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम औरदा डीपापारा चौक में कार्रवाई करते हुए आरोपी साधराम सिदार (71 वर्ष) को गांजा बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के निर्देशन में की गई घेराबंदी के दौरान आरोपी के कब्जे से 745 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 7,450 रुपये है, बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना पुसौर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

         “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की यह लगातार कार्रवाई स्पष्ट करती है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती से अमल किया जा रहा है और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* :

          *“नशे के अवैध कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की सख्त नजर है। युवाओं को नशे के जाल से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे कारोबारियों पर लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”*

और भी

जल जीवन मिशन से बदली ग्राम सुहाई की तस्वीर,हर घर नल से घर-घर पहुंचा स्वच्छ पेयजल ,स्वच्छता और स्वास्थ्य में सुधार के साथ समय व श्रम की हुई बचत

रायगढ़, 25 अप्रैल 2026। कभी पेयजल संकट से जूझता विकासखंड घरघोड़ा का ग्राम सुहाई आज बदलाव और विकास की एक प्रेरक पहचान बन चुका है। यह गांव जिला मुख्यालय से लगभग 49 किलो मीटर की दूरी पर स्थित है। जहां पहले स्वच्छ पानी के लिए ग्रामीणों को रोजाना संघर्ष करना पड़ता था। सुबह होते ही महिलाएं और बच्चे पानी लाने के लिए दूर-दराज के कुओं और हैंडपंपों की ओर निकल पड़ते थे, जहां घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी मिलना तय नहीं होता था। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती थी, जब दूषित जल के उपयोग से बीमारियां फैलती थीं और पूरे गांव का स्वास्थ्य प्रभावित होता था।
              जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन ने गांव में पाइपलाइन बिछाकर हर घर तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं, जिससे अब सभी परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल रहा है। इस बदलाव ने ग्रामीणों की दिनचर्या को पूरी तरह बदल दिया है-अब न तो पानी के लिए भटकना पड़ता है और न ही घंटों इंतजार करना पड़ता है। इससे समय और श्रम की बचत हुई है, स्वच्छता का स्तर बेहतर हुआ है और जलजनित बीमारियों में उल्लेखनीय कमी आई है। ग्राम सुहाई की श्रीमती शरनमती इस सकारात्मक परिवर्तन की सशक्त मिसाल हैं। पहले उनका अधिकांश समय पानी लाने में ही बीत जाता था, जिससे परिवार की देखभाल और अन्य कार्य प्रभावित होते थे। लेकिन अब घर में नियमित जल आपूर्ति से उनका जीवन सरल और व्यवस्थित हो गया है। बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है और वे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई में भी सुधार हुआ है।
             सबसे उल्लेखनीय परिवर्तन महिलाओं के जीवन में देखने को मिला है। अब उनके पास अपने विकास और आजीविका के लिए समय है। श्रीमती शरनमती ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर सिलाई और छोटे घरेलू व्यवसाय की शुरुआत की है, जिससे उनकी आय बढ़ी है और वे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही हैं। गांव की अन्य महिलाएं भी अब सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। आज ग्राम सुहाई में हर घर तक पहुंचा स्वच्छ जल केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज की आधारशिला बन चुका है। यह बदलाव न केवल जीवन स्तर में सुधार लाया है, बल्कि ग्रामीणों के आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को भी नई दिशा दी है। जल जीवन मिशन योजना के तहत यहां गांव में स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने से ग्रामीणों में खुशी है और उन्होंने शासन-प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।

और भी

विश्व मलेरिया दिवस पर बड़ा संदेश: सतर्कता, स्वच्छता और जनसहभागिता से रायगढ़ बना मलेरिया नियंत्रण का मॉडल

रायगढ़, 25 अप्रैल 2026/ शासन के निर्देशानुसार हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आज 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस जिले में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कलेक्टर के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में जिला स्तर पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसके साथ ही जिले के सभी विकासखण्डों में भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मलेरिया से बचाव और रोकथाम के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
             कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.टी.जी. कुलवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिले में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले कुछ वर्षों में मलेरिया के मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में जहां जिले में 1055 मलेरिया प्रकरण सामने आए थे, वहीं 2019 में यह संख्या घटकर 824 और 2020 में 363 रह गई। निरंतर प्रयासों के चलते वर्ष 2025 में यह आंकड़ा घटकर मात्र 68 रह गया है, जो कि एक बड़ी उपलब्धि है। हालांकि जिले के 7 विकासखण्डों में से 4 अति संवेदनशील क्षेत्रों पर अभी भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बनी हुई है। डॉ.कुलवेदी ने बताया कि इस वर्ष शासन द्वारा निर्धारित थीम के अनुरूप मलेरिया नियंत्रण को लेकर विशेष रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। मोबाइल और व्हाट्सएप जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों तक जरूरी संदेश पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मलेरिया एक रोकथाम योग्य बीमारी है, जिसके प्रति जागरूक रहकर इसे पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है।
      कार्यशाला में मलेरिया से बचाव के लिए कई महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, पानी जमा न होने दें, सोते समय कीटनाशक दवा से उपचारित मच्छरदानी का उपयोग करें और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। इसके अलावा पानी के बर्तनों को ढंककर रखने और घर के आसपास अनुपयोगी वस्तुओं को हटाने पर भी जोर दिया गया। बुखार आने पर इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच कराएं। मलेरिया की पुष्टि होने पर चिकित्सक द्वारा दी गई दवाओं का पूरा कोर्स लेना अत्यंत आवश्यक है। सुश्री रंजना पैंकरा ने बताया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार जिले के सभी विकासखण्डों में मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और निरंतर प्रयासों से बहुत जल्द रायगढ़ जिले को मलेरिया मुक्त घोषित किया जा सकेगा। साथ ही राज्य स्तर पर भी छत्तीसगढ़ को मलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यशाला में मलेरिया शाखा के प्रभारी मलेरिया सलाहकार गौतम प्रसाद सिदार, एफएलए प्रीति शर्मा, अंजु पटनायक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

और भी

पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव को मजबूत कर रही है हमारी सरकार : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

रायपुर 25 अप्रैल 2026/डबल इंजन की हमारी सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव को मजबूत कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में गांवों के समग्र विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित पंचायत पदाधिकारी सम्मेलन में  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता से ही गांवों का विकास होगा और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं दीं। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पंचायत प्रतिनिधि के रूप में की थी तथा पंच और सरपंच के दायित्व का निर्वहन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि के रूप में गांव के विकास को लेकर जो अनुभव प्राप्त होते हैं, वही आगे बढ़ने में सहायक होते हैं। आज हजारों जनप्रतिनिधि पंचायत से अपना सफर शुरू कर देश के उच्च सदनों तक पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है और जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य करने से ही प्रभावी नीतियां बनती हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब ग्रामीणों को पक्के मकान मिल रहे हैं, साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग, बिजली बिल भुगतान, पेंशन और बीमा जैसी सेवाएं अब ग्रामीणों के लिए सहज हो गई हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तेजी आई है। महिलाओं के लिए  महतारी सदन का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से कई पूर्ण हो चुके हैं और इनसे महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि पंचायतों में संचालित सभी गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सभी विकास कार्य पूर्ण हो सकें। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सफल क्रियान्वयन में पंचायतों की जिम्मेदारी बड़ी है और इसे समयबद्ध रूप से पूरा करने में पंचायत प्रतिनिधियों को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सुशासन तिहार के आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सुशासन तिहार के आयोजन और इसके माध्यम से अपने क्षेत्र की समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के तहत लंबित बिजली बिलों के भुगतान के लिए विशेष अवसर प्रदान किया जा रहा है, जिसमें सरचार्ज पूरी तरह माफ किया गया है और अतिरिक्त रियायत का भी प्रावधान है। श्री साय ने प्रतिनिधियों से इसका लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों को दिलाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराएगी और सभी प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की अपील की।

राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मंशा के अनुरूप अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को पंचायत दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त करते हुए विकास कार्यों की लगातार स्वीकृति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास की जिम्मेदारी के साथ-साथ पंचायत प्रतिनिधियों पर सामाजिक जिम्मेदारी भी होती है, जिसका वे बखूबी निर्वहन कर रहे हैं।

सम्मेलन को सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने भी संबोधित किया।

*मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न प्रोजेक्ट पर आधारित स्टालों का किया अवलोकन, मेगा स्वास्थ्य शिविर की विशेष पहल की सराहना*

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंचायत पदाधिकारी सम्मेलन के दौरान जिला प्रशासन द्वारा प्रोजेक्ट छांव के अंतर्गत आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर और विभिन्न प्रोजेक्ट पर आधारित स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से चर्चा की और आजीविका संवर्धन के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला प्रशासन रायपुर द्वारा नवजात शिशुओं में जन्मजात हृदय रोगों की पहचान के लिए प्रोजेक्ट धड़कन, देहदान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रोजेक्ट दधीचि, किसानों को नवाचार से जोड़ने के लिए प्रोजेक्ट नैनो, प्रोजेक्ट रचना, प्रोजेक्ट स्मृति पुस्तकालय, प्रोजेक्ट पाई-पाई, ग्लोबल गांव, ज्ञान भारतम, प्रोजेक्ट सिग्नल, मेरा गांव मेरी पहचान, प्रोजेक्ट अजा, प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी समेत विभिन्न प्रोजेक्ट के स्टालों का अवलोकन किया और हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र एवं राशि का वितरण किया।

इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट आरोग्यम के कटआउट और प्रोजेक्ट हैंडी के तहत शासन की योजनाओं की संक्षिप्त पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा संचालित इन गतिविधियों से आमजनों को हो रहे व्यापक लाभ के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक श्री अनुज शर्मा, विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन समेत त्रि-स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

और भी

राज्य में नहीं है खाद की कमी, पंजीकृत रकबे के मुताबिक सभी किसानों को मिलेगी समय पर खाद: कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम

रायपुर, 25 अप्रैल 2026/ पश्चिम एशिया में चल रहे अमेरिका - इज़राइल और ईरान के बीच तनाव के बीच आयातित उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार उर्वरक आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार कर रही है। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रयासों से आगामी खरीफ सीजन 2026 के लिए छत्तीसगढ़ को केन्द्र सरकार द्वारा 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य आबंटित हुआ है। जिसमें यूरिया 7.25 लाख, डीएपी 3 लाख, एमओपी 80 हजार, एनपीके 2.5 लाख तथा एसएसपी 2 लाख मीट्रिक टन शामिल हैं।

वर्तमान में गोदामों एवं समितियों में लगभग 7.48 लाख मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है। राज्य सरकार का प्रयास है कि सभी किसानों को पारदर्शिता के साथ पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद का आबंटन सुनिश्चित हो।  

मंत्री श्री नेताम ने बताया कि 30 मार्च की स्थिति में राज्य में कुल 7.48 लाख मीट्रिक टन उर्वरक स्टॉक में मौजूद है, जिसमें यूरिया 2,43,717 मीट्रिक टन, डीएपी 1,05,631 मीट्रिक टन, एनपीके 1,69,109 मीट्रिक टन, एमओपी 50,431 मीट्रिक टन और एसएसपी 1,78,657 मीट्रिक टन  इस तरह कुल 7.48 लाख मीट्रिक टन खाद स्टॉक में मौजूद है।

मंत्री श्री नेताम ने बताया कि पश्चिमी एशियाई संकट के चलते रासायनिक उर्वरकों की संभावित कमी को देखते हुए विभाग द्वारा किसानों को वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके तहत एनपीके 12ः32ः16, 20ः20ः0ः13, हरी खाद, जैविक खाद और नैनो उर्वरकों की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है। 

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि राज्य सरकार ने उर्वरकों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिला स्तर पर उड़नदस्ता दल और निगरानी समितियों के गठन के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर उर्वरकों में गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। 

कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार ने रायपुर और दुर्ग संभाग के विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आगामी खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से कहा है कि पीएम किसान पोर्टल से एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन तेजी से पूर्ण कर लिया जाए। बीज एवं उर्वरक वितरण के लिए नई ई-वितरण प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। वही रासायनिक खाद के विकल्प के रूप में हरी खाद, जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाए। 

उन्होंने रासायनिक उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी और डायवर्जन रोकने के लिए जिलों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (प्राइस सपोर्ट स्कीम) के तहत दलहन और तिलहन फसलों के उपार्जन को भी प्राथमिकता में रखा गया है। उन्होंने हर जिले में सुगंधित धान की प्रजाति के उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही दलहन-तिलहन फसलों तथा उद्यानिकी क्षेत्र में ऑयल पाम, मखाना और मसाला फसलों के विस्तार के निर्देश दिए हैं।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने श्री दिलीप तिवारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

रायपुर 25 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी के पूज्य पिता श्री दिलीप तिवारी जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री दिलीप तिवारी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। 

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल दें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

और भी

एक स्वर्णिम अध्याय समाप्त, सम्मान और भावनाओं के साथ विदाई” गम्हरिया विद्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित

जशपुर नगर 
शासकीय उ मा विद्यालय  गम्हरिया में कार्यरत राम कुमार पाठक प्राचार्य पद से एवं श्रीमती शोभावन्ती राठिया खेल शिक्षिका के पद से एवं रामेश्वरम राम कार्यालयसहायक के पद से सेवानिवृत्त हुए। 
इन कर्मचारियों के सम्मान में एक विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सहकर्मियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आपका अनुभव और योगदान हमेशा प्रेरणादायक रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपका आगे का जीवन आनंद, स्वास्थ्य और सफलता से परिपूर्ण रहे।”
उनके द्वारा संस्था के शिक्षक - शिक्षिका को भाऊक मन से जीवन जीने के तथा अपने कर्तव्य को निभाने के प्रेरणा दी गई ।
अपने लंबे कार्यकाल के दौरान इन्होंने न केवल विद्यार्थियों को शिक्षित किया, बल्कि अपने सहकर्मी शिक्षकों को भी ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।”
“इनकी कार्यशैली, समयपालन और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण अन्य शिक्षकों के लिए एक आदर्श और प्रेरणा का स्रोत रहा है।
“उन्होंने अपने व्यवहार और मेहनत से अन्य शिक्षकों को हमेशा अच्छा काम करने की प्रेरणा दी।

और भी

“खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा मौका—रायपुर आवासीय खेल अकादमी में हॉकी से लेकर एथलेटिक्स तक चयन ट्रायल, 13 से 17 वर्ष के खिलाड़ी दिखा सकेंगे दम

रायगढ़, 24 अप्रैल 2026/ रायपुर जिले में संचालित आवासीय खेल अकादमी (बालक/बालिका) में हॉकी, तीरंदाजी, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग एवं एथलेटिक्स खेलों में नवीन प्रवेश हेतु चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। यह ट्रायल 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए निर्धारित किया गया है।
       सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार तीरंदाजी (बालक/बालिका), फुटबॉल (बालिका) एवं वेटलिफ्टिंग (बालक/बालिका) के चयन ट्रायल 28 एवं 29 अप्रैल 2026 को कोंटा स्टेडियम तथा तीरंदाजी एरिना (बालिका छात्रावास के सामने) में आयोजित होंगे। वहीं हॉकी (बालक/बालिका) एवं एथलेटिक्स (बालक/बालिका) के ट्रायल 30 अप्रैल एवं 1 मई 2026 को कोंटा स्टेडियम तथा हॉकी स्टेडियम पिच-2 बालक छात्रावास के सामने में संपन्न होंगे। इच्छुक प्रतिभागियों को आवश्यक दस्तावेजों सहित दल प्रबंधक के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। खिलाड़ी कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला रायगढ़ से पंजीयन प्रपत्र प्राप्त कर निर्धारित तिथियों में चयन ट्रायल में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।

और भी

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले में 421 गर्भवती महिलाओं की जांच,विशेष स्वास्थ्य शिविरों में जांच, परामर्श और निःशुल्क सोनोग्राफी से सुरक्षित मातृत्व को मिला बढ़ावा

रायगढ़, 24 अप्रैल 2026। राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री रंजना पैंकरा के संचालन में 24 अप्रैल को जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। यह अभियान प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को संचालित किया जाता है, जिसके तहत गर्भवती महिलाओं को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक अल्पाहार उपलब्ध कराते हुए उनकी विस्तृत स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श किया गया। स्वास्थ्य शिविरों में हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, सिकल सेल, मलेरिया, एचआईवी, वजन एवं ऊंचाई सहित आवश्यक सभी जांचें की गईं। साथ ही आयरन एवं कैल्शियम टैबलेट का वितरण कर महिला चिकित्सकों द्वारा व्यक्तिगत स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी विशेष काउंसलिंग भी दी गई।
उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें निजी एवं शासकीय सोनोग्राफी केंद्रों में निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं को लेबर रूम एवं ऑपरेशन थियेटर का भ्रमण कराया गया, ताकि प्रसव को लेकर उनके मन में मौजूद भय और तनाव को कम किया जा सके तथा उन्हें सुरक्षित प्रसव के लिए मानसिक रूप से तैयार किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा सभी गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं से अपील की गई है कि वे इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाकर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करें। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित पोषण एवं संस्थागत प्रसव को अपनाने के लिए जागरूक किया गया। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क कर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी में पहुंचने की सलाह दी गई।
अभियान के तहत 24 अप्रैल 2026 को जिले में कुल 421 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। इनमें सिविल अस्पताल खरसिया में 24, लोईंग विकासखंड में 36, पुसौर में 60, चपले में 62, तमनार में 37, धरमजयगढ़ में 124, लैलूंगा में 52 तथा घरघोड़ा में 50 गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
इस प्रकार प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के माध्यम से जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

और भी

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी की उपस्थिति में केलो विहार समिति के सदस्यों से संवाद, पात्र हितग्राहियों को किया गया मांग पत्र वितरण

रायगढ़, 24 अप्रैल 2026/ 
प्रदेश के वित्तमंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सृजन कक्ष में केलो विहार शासकीय कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित रायगढ़ के पंजीकृत सदस्यों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मंत्री श्री चौधरी ने समिति के सदस्यों से संवाद करते हुए आवासीय सुविधाओं के विस्तार, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र परिवार को आवासीय अधिकार एवं मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों।
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री द्वारा पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण भी किया गया। मौके पर ही  समिति के 2400 वर्गफुट श्रेणी में डॉ. धनराज प्रसाद साहू, श्री दुलीचंद देवांगन एवं श्री एस.एच. खोड़यार को, 1800 वर्गफुट श्रेणी में श्री भवानी शंकर पटनायक को,
इसी प्रकार 1500 वर्गफुट श्रेणी में श्री आई.एस. परिहार, श्री केदारनाथ प्रधान एवं श्रीमती बासंती सरकार को, 1200 वर्गफुट श्रेणी में श्री खगेश्वर पटेल एवं श्री मथुरा प्रसाद नामदेव को मांग पत्र जारी किया गया। वहीं 960 वर्गफुट श्रेणी में श्री सूर्यकुमार पांडा, श्री त्रिलोकी नाथ पुजारी, श्रीवत्स पांडा एवं श्री बालकृष्ण डनसेना को पट्टा प्रदान किया गया। जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि समिति से संबंधित कुल 103 पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया है तथा शेष प्रकरणों में भी नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, अपर कलेक्टर श्री रवि राही, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा, जिला प्रशासन के अधिकारीगण, कर्मचारीगण, समिति पदाधिकारी एवं पंजीकृत सदस्य उपस्थित रहे।
इस दौरान मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि केलो विहार पट्टा प्रकरण लंबे समय से लंबित और अत्यंत संवेदनशील विषय था। यहां के नागरिकों ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने युवावस्था में अपने सपनों का घर बनाया, प्लॉट लिया, मकान निर्मित किया, लेकिन वर्षों बाद भी उन्हें मालिकाना हक नहीं मिल पाया था।
उन्होंने कहा कि आज जब पात्र हितग्राहियों को पट्टा मिला है, तो यह उनके जीवन के सपनों के साकार होने जैसा है। मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि जब लोकतंत्र में सरकार और प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हैं, तब लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन आता है। केलो विहार के निवासियों के साथ आज ऐसा ही सकारात्मक कार्य हुआ है।
उन्होंने कहा कि अधिकतर हितग्राही सेवानिवृत्त आयु वर्ग के हैं, जिनकी आयु 60 से 70 वर्ष या उससे अधिक है। ऐसे समय में उन्हें उनके अधिकार दिलाना अत्यंत संतोष का विषय है। मंत्री श्री चौधरी ने इस कार्य के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, एसडीएम, नजूल विभाग तथा संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए केलो विहार के सभी निवासियों को शुभकामनाएं दीं।

और भी

स्वास्थ्य अमले ने किया स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने औचक निरीक्षण,हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव और टीकाकरण पर विशेष जोर


रायगढ़, 23 अप्रैल 2026। राज्य शासन एवं कलेक्टर के निर्देश में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिल जगत एवं जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा तथा डॉ. कल्याणी पटेल की संयुक्त टीम द्वारा विकासखंड लोईंग एवं पुसौर में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हाई रिस्क गर्भवती महिला वार्ड, ओपीडी सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
टीम ने विकासखंड लोईंग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनोरा एवं जामगांव तथा पुसौर क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केंद्र औरदा, कुसमुरा और कोड़ातरई का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पतालों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने तथा एनीमिक गर्भवती माताओं की नियमित जांच, उपचार एवं पोषण संबंधी परामर्श देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थानों को प्रत्येक माह की 25 तारीख को संभावित प्रसव तिथि वाली गर्भवती महिलाओं की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कर उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पोर्टल एंट्री, एचपीवी टीकाकरण, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, रिपोर्टिंग एवं मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट और औचक मूल्यांकन जैसे पहलुओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए सभी संबंधितों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

और भी

सट्टा नेटवर्क की कमर तोड़ने में जुटी रायगढ़ पुलिस, बड़े खाईवालों पर लगातार शिकंजा, दबाव में एक-एक कर सरेंडर कर रहे आरोपी, अब एजाज खान भी पहुंचा कोतवाली, जीरो टॉलरेंस नीति से अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप”

 रायगढ़, 24 अप्रैल* ।  एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के प्रभाव से जुआ-सट्टा कारोबारियों में लगातार दबाव बन रहा है। इसी कड़ी में रायगढ़ का एक और बड़ा सट्टा खाईवाल एजाज खान निवासी पतरापाली रायगढ़ ने कोतवाली पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है। जुआ-सट्टा के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त और लगातार कार्रवाई के चलते पूर्व में दो बड़े खाईवाल पप्पू बरेठ और शहनवाज उर्फ सानू द्वारा आत्मसमर्पण किया जा चुका है, वहीं अब सानू का साला और सट्टा नेटवर्क से जुड़ा बड़ा नाम एजाज खान भी पुलिस के सामने सरेंडर करने को मजबूर हुआ है।

       जानकारी के मुताबिक 31 मार्च को मुखबिर सूचना पर कोतवाली पुलिस ने बापूनगर निवासी नरेंद्र दीप को सट्टा पट्टी लिखते रंगे हाथ पकड़ा था। उसके कब्जे से मोबाइल, 2070 रुपये नगद और सट्टा पट्टी जब्त की गई थी। पूछताछ में नरेंद्र दीप ने कमीशन पर सट्टा लिखना और इसके पीछे खाईवाल शहनवाज उर्फ सानू तथा एजाज खान के नेटवर्क का खुलासा किया था। इस आधार पर कोतवाली पुलिस ने जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6 के तहत प्रकरण क्रमांक 174/2026 दर्ज कर नरेंद्र दीप के साथ शहनवाज और एजाज खान को आरोपी बनाया था। नरेंद्र दीप को पूर्व में रिमांड पर भेजा गया था जबकि दोनों खाईवाल फरार थे।

       रायगढ़ पुलिस की लगातार दबिश और “ऑपरेशन अंकुश” के दबाव में पहले शहनवाज उर्फ सानू ने सरेंडर किया और अब कल *आरोपी एजाज खान पिता मो. हुसैन उम्र 30 साल निवासी टीपी नगर पतरापाली थाना कोतरारोड़* ने भी कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण किया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि रायगढ़ पुलिस सिर्फ सट्टा पट्टी लिखने वालों तक सीमित नहीं है बल्कि पूरे नेटवर्क और खाईवालों पर सीधी चोट कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* :

*“जुआ-सट्टा जैसे अवैध कारोबार सामाजिक अपराध हैं। रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे कारोबारियों पर लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोग सरेंडर करें, अन्यथा कानून अपना काम करेगा।”*

और भी

“बरभांठा चौक में घेराबंदी…तमनार पुलिस ने दबोचा बाइक चोर, चोरी की HF Deluxe बरामद—आदतन आरोपी अर्जुन सिदार फिर चढ़ा पुलिस के हत्थे

           *24 अप्रैल, रायगढ़* । तमनार पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद की है। प्रार्थी रूपानंद राठिया निवासी ग्राम टांगरघाट द्वारा 11 अप्रैल 2026 को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 2 अप्रैल की शाम वह अपनी HF Deluxe (क्रमांक CG 13 AH 0199) घर के पास खड़ी कर शादी कार्यक्रम में गया था, और अगले दिन सुबह लौटने पर बाइक गायब मिली।

                 प्रकरण में थाना तमनार में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 70/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी गई बाइक ग्राम चिर्रामुडा के एक युवक के पास देखी गई है। सूचना पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरभांठा चौक में घेराबंदी कर संदेही अर्जुन सिदार (19 वर्ष) निवासी चिर्रामुडा को पकड़ लिया।

             पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार किया, जिसके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वाहन चोरी के खुलासा में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव एवं उनके हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है ।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* :

*“चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों पर रायगढ़ पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”*

और भी

ग्राम रजौटी, कलिबा व कुरकुंगा में पशुओं की जांच, बैक्टीरियल रोग की रिपोर्ट नेगेटिव,स्थिति नियंत्रण में, 129 पशुपालकों के 549 पशुओं का हुआ टीकाकरण

जशपुरनगर, 24 अप्रैल 2026/ जिले में एक सप्ताह के भीतर 5 पशुओं की मौत एवं कई मवेशियों के बीमार होने की शिकायत मिलने के संबंध में  उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ने जानकारी देते हुए बताया कि पशु चिकित्सा विभाग जशपुर की टीम के द्वारा 17 अप्रैल को ग्राम रजौटी, कलिबा एवं कुरकुंगा का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया गया। गठित जांच दल ने पशुपालकों से मुलाकात कर बीमार पशुओं की जानकारी एकत्र की तथा प्रभावित ग्रामों से रक्त पट्टी के नमूने लेकर जिला पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला, जशपुर में परीक्षण कराया गया। जांच में बैक्टीरियल रोग की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। इसके अलावा राज्य स्तरीय पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला में भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट भी नेगेटिव प्राप्त हुई है। अब अतिरिक्त पुष्टि के लिए रक्त नमूने RTPCR जांच हेतु WRDDL Pune भेजे जा रहे हैं। टीम द्वारा बीमार पशुओं का लगातार उपचार किया गया, जिससे ग्राम रजौटी के 01  एवं कलिबा के 01 प्रभावित पशु अब स्वस्थ हो चुके हैं। साथ ही सभी प्रभावित गांवों में रोग प्रतिबंधात्मक टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।   
     उन्होंने बताया कि अब तक 129 पशुपालकों के 549 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है, जिसमें हाल ही में 73 पशुपालकों के 450 पशु शामिल हैं। पशुपालकों को जागरूक करते हुए बताया गया है कि पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सालय, औषधालय या मोबाइल वेटनरी यूनिट के टोल-फ्री नंबर 1962 पर सूचना दें। वर्तमान में ग्राम पंचायत कलिबा एवं रजौटी में किसी भी पशु के बीमार होने की सूचना नहीं है। संबंधित सरपंचों द्वारा भी प्रमाणित किया गया है कि सभी पशु स्वस्थ हैं और टीकाकरण कार्य किया गया है। उप संचालक ने बताया कि बीमार पशुधन चिकित्सा उपरांत स्वस्थ हैं, पिछले तीन दिनों में किसी भी पशु की मृत्यु की सूचना नहीं मिली है तथा स्थिति नियंत्रण में है।

और भी