ताजा खबरें


बड़ी खबर

एसबीआई की बड़ी पहल: ‘उन्नायक सेवा समिति’ को 18 सीटर स्कूल बस भेंट, बच्चों के लिए शिक्षा की राह हुई बेहद आसान

रायगढ़, 20 मार्च 2026/ भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत ‘उन्नायक सेवा समिति’ रायगढ़ को 18 सीटर विंगर स्कूल बस प्रदान की है। यह बस 19 मार्च 2026 को एसबीआई के क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय, रायगढ़ द्वारा संस्था को सौंपी गई। यह पहल बाल कल्याण, शिक्षा और पुनर्वास के क्षेत्र में कार्यरत संस्था के बच्चों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। कार्यक्रम में भोपाल सर्कल के महाप्रबंधक मनोज कुमार ने औपचारिक रूप से बस की चाबी संस्था की प्रबंधक रुपाली रवानी को सौंपी। इस अवसर पर छात्रावास के अनाथ बच्चों ने गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया।

सामाजिक विकास के प्रति एसबीआई की प्रतिबद्धता
इस अवसर पर महाप्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक देशभर में सामुदायिक कल्याण और सामाजिक विकास की पहलों को निरंतर समर्थन देता रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बैंक जनसेवा और क्षेत्रीय विकास के लिए कार्यरत संस्थाओं के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल एसबीआई के उन सतत प्रयासों को दर्शाती है, जिनके माध्यम से बैंक अपने सीएसआर कार्यक्रमों के जरिए समाज के वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहा है।

बच्चों को मिलेगी बड़ी सुविधा, संस्था ने जताया आभार
‘उन्नायक सेवा समिति’ की प्रबंधक रुपाली रवानी ने इस सहयोग के लिए एसबीआई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब तक बच्चों को छात्रावास से स्कूल आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन इस बस के मिलने से उनकी यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और शिक्षा की राह आसान बनेगी।
            इस अवसर पर महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह रावत, अग्रणी बैंक प्रबंधक कमल किशोर सिंह, मुख्य प्रबंधक क्षीतेश्वर पटेल, रवि कुमार चौकीकर, पीयूष कुमार एवं प्रेम पटेल सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं उन्नायक सेवा समिति के सदस्य, स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

और भी

एससीव्हीटी, हायर सेकेण्डरी एवं आईटीआई की संयुक्त परीक्षा 1 से 10 अप्रैल तक,परीक्षा फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 मार्च

रायगढ़, 20 मार्च 2026/ संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण छ.ग. रायपुर द्वारा आयोजित की जाने वाली राज्य व्यवसायिक परीक्षा (एससीव्हीटी) एवं हायर सेकेण्डरी व आईटीआई की संयुक्त पूरक परीक्षा अप्रैल 2026 की परीक्षा समय सारणी जारी कर दी गई है। एससीव्हीटी एवं हायर सेकेण्डरी व आईटीआई की संयुक्त पूरक पात्र प्रशिक्षणार्थी जिनके प्रयास शेष है, उक्त परीक्षा में सम्मिलित होगें। एस.सी.व्ही.टी. एवं हायर सेकेण्डरी एवं आईटीआई की संयुक्त परीक्षा अप्रैल 2026 की परीक्षा 1 से 10 अप्रैल 2026 तक संपन्न होना नियत है। परीक्षार्थी परीक्षा फार्म 25 मार्च 2026 तक निर्धारित समय में भरकर संस्था में जमा करें। विस्तृत जानकरी संस्था से प्राप्त की जा सकती है तथा संस्था के सूचना पटल में चस्पा किया गया है जिसका अवलोकन कर सकते हैं। इस संबंध में अन्य विस्तृत जानकारी के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रायगढ़ में संपर्क कर सकते है।

और भी

छाल में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर, मौके पर समाधान और योजनाओं का मिला सीधा लाभ,सैकड़ों आवेदनों का मौके पर निराकरण, ग्रामीणों में दिखा उत्साह

रायगढ़, 20 मार्च 2026/ आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा धरमजयगढ़ विकासखंड के तहसील मुख्यालय छाल में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में छाल एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में प्राप्त सैकड़ों आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी राठिया ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए आमजनों को अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीनव बिरजू राठिया ने कहा कि जिला प्रशासन का पूरा अमला आज यहां उपस्थित है, जिससे आमजन अपनी समस्याओं का समाधान कराकर योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
             शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड निर्माण तथा राजस्व प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लिए नए आवेदनों का पंजीयन भी किया गया। हाईस्कूल प्रांगण में आयोजित शिविर के दौरान 20 कृषकों को वन अधिकार फौती, नामांतरण एवं किसान किताब प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। अपेक्स बैंक शाखा धरमजयगढ़ द्वारा किसानों को केसीसी योजना के तहत 5 लाख रुपए से अधिक के ऋण स्वीकृत किए गए। समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत 5 दिव्यांग विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
            महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 8 महिलाओं की गोद भराई तथा 9 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत उन्नति एवं ज्योति महिला स्व-सहायता समूह को आजीविका गतिविधियों के लिए 60-60 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। शिविर में 25 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 14 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उद्यान विभाग द्वारा 20 से अधिक हितग्राहियों को फलदार पौधे दिए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को वॉकिंग स्टिक तथा मत्स्य पालन विभाग द्वारा आइस बॉक्स एवं मछली जाल वितरित किए गए।
      जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भारतीय थलसेना में अग्निवीर भर्ती हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसमें इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। शिविर से लाभान्वित हितग्राहियों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्राम रीलो के किसान गणेश राम को केसीसी ऋण प्राप्त हुआ, वहीं ग्राम जोगड़ा के हरनारायण को वन अधिकार फौती, बोकरामुड़ा की सरिता राठिया को राशन कार्ड, छाल की पद्मनी महंत को आयुष्मान कार्ड तथा तीरिथ बाई को आधार कार्ड मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम श्री प्रवीण भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत सरपंच, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

और भी

ऑपरेशन आघात” का बड़ा धमाका : जूटमिल पुलिस की सतर्कता से गांजा तस्करी का पर्दाफाश, नाकेबंदी में मध्यप्रदेश का तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़, 20 मार्च । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन पर जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 19 मार्च 2026 को थाना जूटमिल पुलिस द्वारा गोगा मंदिर चौक पर नाकेबंदी कर गांजा परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

             पुलिस को सूचना मिली थी  कि एक व्यक्ति काले रंग की बिना नंबर प्लेट की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल से उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर बिक्री हेतु जूटमिल क्षेत्र आ रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जूटमिल पुलिस टीम द्वारा गोगा मंदिर चौक पर नाकेबंदी की गई। नाकेबंदी के दौरान गुलाबी टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शिव कुमार प्रजापति पिता दशरथ प्रसाद प्रजापति उर्फ दसुवा उम्र 32 वर्ष निवासी गोरा गांव वार्ड क्रमांक 19 थाना मरपाटन जिला सतना (मध्यप्रदेश) का होना बताया।

              तलाशी लेने पर आरोपी के मोटरसाइकिल के हैंडल में लटके प्लास्टिक थैले के भीतर 2 किलो 70 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी से गांजा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹25,000) जब्त कर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 90/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

     वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई है जिसमें थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनवकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र पटेल एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही है। 

???? *एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —*

                *“ऑपरेशन आघात के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”*

और भी

“ऑपरेशन आघात” का अब तक का सबसे बड़ा एक्शन : तमनार के आमाघाट में नदी किनारे फैली करीब एक एकड़ अवैध अफीम की खेती का सनसनीखेज खुलासा, झारखंड से जुड़े आरोपी की गिरफ्तारी, रातभर चली पुलिस की घेराबंदी और सुबह होते ही फसल पर चला कानूनी बुलडोज़र

 

रायगढ़, 20 मार्च 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में दिनांक 19 मार्च 2026 की रात्रि थाना तमनार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आमाघाट नदी किनारे खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके पश्चात तत्काल पुलिस टीम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची और पूछताछ में खेत में अफीम की खेती संदेही - मार्शल सांगा पिता मिखाएल सांगा उम्र 40 साल निवासी ग्राम हडमबनम थाना खूंटी, जिला खूंटी (झारखंड)  द्वारा किये जाने की जानकारी मिली जिसे तत्काल हिरासत में लिया गया।

        पूछताछ में संदेही मार्शल सांगो निवासी जिला खूंटी (झारखंड), जो अपने ससुराल ग्राम आमाघाट में रहकर पिछले कुछ महीनों से अपने झारखंड के साथियों के साथ मिलकर नदी किनारे करीब एक एकड़ भूमि में अफीम की खेती कर रहा था तथा इसकी देखरेख करता था। पुलिस द्वारा रातभर आमाघाट में कैम्प कर खेत पर पहरा दिया गया।

         आज सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह स्वयं घटनास्थल पहुंचे और ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) को जांच एवं वैधानिक कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी, निरीक्षक प्रशांत राव, निरीक्षक रामकिंकर यादव (थाना प्रभारी पूंजीपथरा), उप निरीक्षक गिरधारी साव (थाना प्रभारी लैलूंगा), तमनार तहसीलदार, पटवारी, आबकारी विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त भूमि पांच अलग-अलग खसरा नंबरों में निजी एवं परियोजना भूमि पाई गई है।

         उक्त भूमि के पांच हिस्से- खसरा नं 462/3 भूमि स्वामी विराज, प्रवीण उर्मिला, सुलोचना, खसरा नं 462/2 भूमि  केलो परियोजना, खसरा नं 462/1 भूमि स्वामी- महंत पिता चमरा, अश्वनी बेवा चमरा,  खसरा नं 462/4 भूमि स्वामी- दयानंद पिता धरमदेव, खसरा नं 462/5 भूमि स्वामी- हेमंत कुमार पिता धरमदेव के होने की जानकारी मिली है ।  

        ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स)  टीम द्वारा अफीम फसल की कटाई कराई जा रही है, जिसके पश्चात वास्तविक वजन एवं मूल्य का आंकलन किया जाएगा। फिलहाल आरोपी मार्शल सांगो के विरुद्ध थाना तमनार में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की संलिप्तता पर सभी के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जावेगी ।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

              *“ऑपरेशन आघात के तहत जिले में मादक पदार्थों अवैध संग्रहण, तस्करी या किसी भी प्रकार के कारोबार पर सतत निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

और भी

ऑपरेशन अंकुश” का ताबड़तोड़ असर—रायगढ़ में सट्टा कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, रेलवे बंगलापारा और बेलादुला मरीन ड्राइव में रेड कर 3 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

रायगढ़, 20 मार्च । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन पर जिले में विजुअल पुलिसिंग को प्रभावी बनाते हुए *ऑपरेशन अंकुश* में सट्टा, जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कल थाना साइबर, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सट्टा पट्टी लिखने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिसमें तीन आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया है।

साइबर-कोतवाली पुलिस ने की रेल्वेबंगलापारा में रेड*

        कोतवाली थाना क्षेत्र के रेलवे बंगलापारा में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर रेड कार्रवाई की, जहां भीड़ पुलिस को देखकर भाग गई, मौके पर मिले छबिराम धीवर को पकड़कर पूछताछ की गई। आरोपी ने कबीर चौक जूटमिल निवासी सट्टा खाईवाल पप्पू बरेठ के लिए सट्टा लिखना स्वीकार किया तथा दीनदयाल साहू (खाईवाल पप्पू बरेठ का मैनेजर) द्वारा सट्टा रकम के लेन-देन में सहयोग करना बताया। आरोपी के कब्जे से कैलकुलेटर, मोबाइल, 9835 रूपये का सट्टा पट्टी लेखा-जोखा कागजात एवं ₹1000 नगद जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि पप्पू बरेठ एवं दीनदयाल साहू दोनों निवासी कबीरचौंक जूटमिल फरार हैं।

साइबर- चक्रधरनगर पुलिस की बेलादुला मरीन ड्राइव में सट्टा रेड, दो आरोपी गिरफ्तार

     इसी प्रकार चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के बेलादुला मरीन ड्राइव में साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा रेड कार्रवाई कर मो० एजाज और राजेश देवांगन को सट्टा पट्टी लिखते रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, सट्टा पट्टी (1800 रूपये) एवं नगदी रकम 710 रूपये जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने मधुबनपारा निवासी सट्टा खाईवाल सहनावाज मालिक उर्फ सानू के लिए सट्टा लिखना स्वीकार किया तथा मोबाइल के माध्यम से लेन-देन करना बताया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि आरोपी सहनावाज मालिक फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश*—

          *“विजुअल पुलिसिंग के जरिए जिले में सट्टा, जुआ और अन्य अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

*गिरफ्तार आरोपी*
1. छबिराम धीवर पिता स्व० भागीरथी धीवर उम्र 40 वर्ष निवासी रेल्वे बंगलापारा रायगढ़ थाना कोतवाली जिला रायगढ
2. मो० एजाज पिता मो० हुसैन उम्र 30 वर्ष निवासी जिंदल पतरापाली थाना कोतरा रोड रायगढ 
3. राजेश देवांगन पिता जयराम देवांगन उम्र 45 वकी निवासी बेलादुला मरीन ड्राईव थाना चक्रधरनगर रायगढ़

*फरार आरोपी*-
1. पप्पू बरेठ कबीरचौंक, जूटमिल 
2. दिनदयाल साहू कबीरचौंक, जूटमिल
3. सहनवाज मालिक उर्फ सानू निवासी मधुबनपारा

और भी

जिला अस्पताल में 14-15 वर्ष की बालिकाओं को लगाया जा रहा सर्वाइकल कैंसर का निःशुल्क टीकाकरण

रायगढ़, 19 मार्च 2026/ राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश तथा सीएमएचओ डॉ.अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में किरोड़ीमल शासकीय जिला अस्पताल में प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वांइकल निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।
         जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.बी.पी.पटेल ने बताया इस अभियान का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम करना है, क्योंकि यह महिलाओं में होने वाले कैंसर का प्रमुख लखण है। राज्य शासन द्वारा इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन एक सुरक्षित एवं प्रभावी टीका है, जो गर्भाशय ग्रीवा, योनि एवं गुदा से संबंधित कैंसर सहित एचपीवी संक्रमण से जुड़े विभिन्न प्रकार के कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है। इस अभियान के अंतर्गत शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जन-जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं को सर्वांइकल कैंसर से सुरक्षित किया जा सके। सीएमएचओ ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बालिकाओं का आधार कार्ड लेकर पंजीयन कराकर वैक्सीन लगवाएं और इस अभियान का लाभ लेकर अपने बालिकाओं को इससे सुरक्षित करें।

और भी

तहसील पुसौर में आयोजित हुआ जनसमस्या निवारण शिविर,सैकड़ों ग्रामीणों ने सौंपे आवेदन, कई मामलों का मौके पर निराकरण

रायगढ़, 19 मार्च 2026/ आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने जिला प्रशासन द्वारा तहसील मुख्यालय पुसौर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिन्होंने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर स्थल पर सुव्यवस्थित पंजीयन काउंटर, हेल्प डेस्क, विभिन्न विभागों के स्टॉल, पेयजल एवं छाया जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई थीं। साथ ही आईटीआई परिसर में टीबी जांच हेतु हैंड-हेल्ड एक्सरे, आधार पंजीयन, लर्निंग लाइसेंस तथा ई-श्रम कार्ड बनाने की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध हो सकीं।
           कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में पुसौर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री ब्रजेश गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी, गणमान्य नागरिकगण एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम श्री महेश शर्मा सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
            कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर का अवलोकन कर विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की भी जानकारी ली।
           इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री ब्रजेश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं क्षेत्रीय विधायक एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी की मंशानुरूप जिला प्रशासन द्वारा ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजनों की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर हो सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान ने इसे जिला प्रशासन की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि सभी विभागों के अधिकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हैं, जिससे समस्याओं के समाधान में तेजी आई है।

*विभिन्न योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित*
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अनेक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। अपेक्स बैंक द्वारा 5 किसानों को केसीसी, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 आयुष्मान एवं 5 वय वंदन कार्ड, 4 टीबी मरीजों को फूड बास्केट, श्रम विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 6 हितग्राहियों को सहायता राशि एवं श्रम कार्ड, शिक्षा विभाग द्वारा 6 दिव्यांग विद्यार्थियों को टैबलेट एवं शिक्षण सामग्री, उद्यान विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को पौध वितरण तथा कृषि विभाग द्वारा 5 किसानों को सम्मान निधि से संबंधित प्रमाण पत्र एवं 6 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही अन्य विभागों द्वारा भी हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य शिविर कैम्प में सैकड़ों मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच किया गया। इसी तरह आयुष विभाग में जरूरतमंदों को निःशुल्क औषधि वितरण किया गया। 

*दिव्यांग हितग्राही को मिला संबल, खिले चेहरे*
शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा दर्रीपाली निवासी दिव्यांग श्री नरसिंह चौहान को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की गई। इसके अलावा अन्य दिव्यांग हितग्राहियों को भी वॉकिंग स्टिक एवं ट्राइसाइकिल वितरित की गई। सहायक उपकरण प्राप्त कर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके दैनिक कार्य पहले से अधिक सुगम हो सकेंगे।

और भी

समस्त देयक कोषालय-उपकोषालयों में प्राप्त होने की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित,30 मार्च तक भुगतान निष्पादन अनिवार्य

रायगढ़, 19 मार्च 2026/ वित्त विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 से संबंधित समस्त देयक कोषालय एवं उपकोषालयों में जमा करने की अंतिम तिथि 25 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। एसएनए-स्पर्श से संबंधित भुगतान के लिए देयक स्वीकृति की अंतिम तिथि 30 मार्च 2026 तय की गई है। 25 मार्च के बाद सामान्य देयक स्वीकार नहीं किए जाएंगे। हालांकि, वित्त विभाग से विशेष स्वीकृति प्राप्त प्रकरण, केंद्रांश से संबंधित देयक, विधायकों के स्वत्व, स्वेच्छानुदान मद, राजभवन, विधानसभा एवं न्यायालयों से जुड़े देयकों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। ई-कोष ऑनलाइन एवं ई-पेरोल के माध्यम से देयकों का प्रस्तुतिकरण 27 मार्च तक किया जा सकेगा। कोषालय द्वारा प्राप्त सभी देयकों का निराकरण 30 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
          जिला कोषालय अधिकारी ने बताया कि 25 मार्च को प्राप्त अंतिम देयकों की जानकारी उसी दिन वित्त विभाग को प्रेषित की जाएगी। वहीं, 27 से 30 मार्च के मध्य किए गए भुगतानों की रिपोर्ट भी 30 मार्च को अनिवार्य रूप से भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि वित्त विभाग द्वारा कार्य विभागों एवं वन विभाग के अधिकारियों को 25 मार्च 2026 को शाम 5.30 बजे के बाद ऑनलाइन भुगतान फाइल जनरेट नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। अत्यावश्यक मामलों में ही पूर्व स्वीकृति के बाद भुगतान किया जा सकेगा।

*अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे कोषालय*
28 मार्च (शनिवार) एवं 31 मार्च को कोषालय एवं उपकोषालय खुले रहेंगे, ताकि वित्तीय कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान भारतीय रिजर्व बैंक का ई-कुबेर पोर्टल भी सक्रिय रहेगा।

*चेकबुक जमा करना अनिवार्य*
जिला कोषालय रायगढ़ ने सभी आहरण अधिकारियों से कहा है कि वे 25 मार्च 2026 को शाम 5 बजे तक अपनी चेकबुक कोषालय में जमा करें। उपयोग किए गए एवं शेष चेकों का पूरा विवरण भी देना होगा। अत्यावश्यक स्थिति में 27 एवं 30 मार्च तक संचालक बजट की स्वीकृति के बाद ही चेकबुक पुनः जारी की जाएगी। साथ ही, जारी सभी चेकों का भुगतान 30 मार्च 2026 तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कोषालय अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए लंबित देयकों का शीघ्र निराकरण करें, ताकि वित्तीय वर्ष का समापन सुचारू रूप से किया जा सके।

और भी

घरघोड़ा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: सूने मकान में हुई चोरी का 24 घंटे में खुलासा, LED TV समेत हजारों का सामान बरामद, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

19 मार्च, रायगढ़।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम टेरम में हुए मकान चोरी के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की है।

      प्रकरण में प्रार्थी किशन लाल जोल्हे (29 वर्ष), निवासी ग्राम टेरम ने दिनांक 17 मार्च 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने परिवार के साथ ईंट निर्माण कार्य के लिए गांव से बाहर गया था। इस दौरान दिनांक 08 से 10 फरवरी 2026 के बीच अज्ञात आरोपी द्वारा उसके मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे टीवी, आयरन, कांस के बर्तन एवं तांबे के पैसे सहित करीब 15,000 रुपये मूल्य के सामान चोरी कर लिए गए। रिपोर्ट पर *अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस* के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

      जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया, जिस पर संदेही गजेन्द्र सारथी उर्फ गज्जु (19 वर्ष) निवासी बैहामुड़ा एवं परमेश्वर राठिया (19 वर्ष) निवासी भेंडरा कपाटडेरा, थाना घरघोड़ा के नाम सामने आए। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने 9 फरवरी की रात ग्राम टेरम के एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का सामान प्लास्टिक बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते अपने घर ले जाकर आपस में बांट लिया था तथा कुछ सामान कबाड़ी को बेचकर रकम खर्च कर दी थी।

         आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर गजेन्द्र सारथी से एक बैटरी एवं आयरन (कीमत 8,000 रुपये) तथा परमेश्वर राठिया से कांस के लोटा एवं कटोरी (कीमत 1,200 रुपये) कुल 9,200 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

     इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक प्रदीप तिग्गा एवं भानु चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

???? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश — चोरी जैसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर  आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी*

और भी

युवक पर बोतल से हमला कर 10 हजार की लूट, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई में चंद घंटों के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई रकम बरामद कर भेजे गए जेल

  19 मार्च, रायगढ़ । 17 मार्च की रात लूटपाट की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
         घटना के संबंध में प्रार्थी नितेश गुप्ता (28 वर्ष) निवासी ढिमरापुर प्यासा मैदान रायगढ़ ने 18 मार्च की रात्रि थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 17 मार्च 2026 की रात करीब 08:00 बजे वह अपने स्कूटी से बड़े रामपुर स्थित शासकीय विदेशी मदिरा दुकान बीयर लेने गया था। बीयर खरीदकर लौटते समय रोड किनारे खड़ी स्कूटी की डिक्की में बोतल रखते समय इंदिरानगर निवासी राजा खान एवं अफसर खान ने उससे विवाद किया। विवाद के दौरान आरोपी राजा खान ने बीयर की बोतल सिर पर मारकर उसे घायल कर दिया और दोनों आरोपियों ने मिलकर स्कूटी की डिक्की खुलवाकर उसमें रखे 10,000 रुपये लूटकर फरार हो गए।

         मामले में थाना कोतवाली में *अपराध क्रमांक 127/2026 धारा 309(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस को तत्काल आरोपियों की पतासाजी के लिए लगाया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को इंदिरानगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया तथा उनके कब्जे से लूटे गए रकम में से खर्च उपरांत *शेष 3,500 रुपये बरामद किए* गए।

        गिरफ्तार आरोपियों में (1) मीर हसमत अली उर्फ राजा (28 वर्ष) निवासी इंदिरानगर रायगढ़ एवं (2) मोहम्मद अफसर (38 वर्ष) निवासी इंदिरानगर रायगढ़ शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

           एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी तथा सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो जगत एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

???? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —
         *“लूटपाट और मारपीट जैसे अपराधों में संलिप्त असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।  ऐसे आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

ऑपरेशन आघात” का बड़ा प्रहार: होटल की आड़ में चल रहा था शराब का काला कारोबार, पुलिस की रेड में 35 पाव अंग्रेजी शराब जब्त, संचालक गिरफ्तार

19 मार्च, रायगढ़ । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में दिनांक 18 मार्च 2026 को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बंजारी स्थित सियाराम होटल में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर रेड कार्रवाई की गई।

        पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि होटल संचालक द्वारा अपने होटल में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब छिपाकर बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मिला जिसने पूछताछ में अपना नाम *सियाराम सिंह (47 वर्ष) निवासी तराईमाल, घनश्याम कॉलोनी थाना पूंजीपथरा जिला रायगढ़* बताया। आरोपी से अवैध शराब रखने के संबंध में पूछताछ करने पर उसने शराब रखना स्वीकार किया तथा किसी प्रकार का वैध पास-पर्मिट प्रस्तुत नहीं कर सका।

           तलाशी के दौरान होटल परिसर में छिपाकर रखे गए 35 पाव अंग्रेजी शराब (जम्मू ब्रांड) कुल 6.300 लीटर, कीमत लगभग 4,200 रुपये को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

         उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, आरक्षक विनोद शर्मा एवं विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

         *“अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। अवैध रूप से होटल और ढाबों की आड़ में शराब बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में इस तरह के अवैध कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।”*

और भी

ऑपरेशन प्रहार” का ताबड़तोड़ असर — 24 घंटे में रायगढ़ पुलिस की 3 बड़ी कार्रवाई, करोड़ों के अवैध कबाड़ नेटवर्क पर कसा शिकंजा

 19 मार्च, रायगढ़ । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर अवैध कबाड़ के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस द्वारा *“ऑपरेशन प्रहार”* के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले 24 घंटे के भीतर पूंजीपथरा पुलिस द्वारा तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध स्क्रैप के परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है। कार्रवाई के क्रम में 17 मार्च को ओडिशा पासिंग ट्रक क्रमांक OR07 W 8355 में लोड 22.75 टन अवैध स्क्रैप आरोपित राजेश यादव पिता गयाप्रसाद यादव उम्र 20 वर्ष निवासी नसरतपुर थाना धनर्वा जिला पटना (बिहार) से जब्त कर आरोपित पर वैधानिक कार्रवाई की गई थी।

अग्रोहा प्लांट के पास खड़े ट्रक पर रेड, 25.660 टन अवैध स्क्रैप जब्त

   वहीं कल 18 मार्च को पहली कार्रवाई में पूंजीपथरा पुलिस ने अग्रोहा प्लांट के पास की, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अग्रोहा प्लांट के पास ट्रक क्रमांक OD15G-2795 में अवैध स्क्रैप कबाड़ लोड कर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल रेड कार्रवाई की गई, जहां चालक उपन्यास कुमार (20 वर्ष) निवासी भोजपुर (बिहार) मिला, जो स्क्रैप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह के आधार पर ट्रक में लोड 25.660 टन स्क्रैप (कीमत लगभग 8,46,780 रुपये) जप्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई कर न्यायालय पेश किया गया। कार्रवाई में ट्रक क्रमांक OD15 G-2795 (कीमत लगभग 10,00,000 रुपये) तथा 25.660 टन स्क्रैप (कीमत लगभग 8,46,780 रुपये) कुल 18 लाख 46 हजार रूपये की संपत्ति की जब्ती की गई है ।

तमनार चौक के पास लावारिस ट्रक से कबाड़ जब्त, वाहन मालिक की तलाश जारी

         इसी कड़ी में दूसरी कार्रवाई में रात्रि गश्त के दौरान तमनार चौक के पास एक 12 चक्का ट्रक क्रमांक OR14R9011 लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसमें लोहे एवं टीन का कबाड़ लोड था। चालक का कोई पता नहीं चलने पर संदेह के आधार पर उक्त वाहन को धारा 106(1) बीएनएसएस के तहत जप्त कर वाहन स्वामी की पतासाजी की जा रही है।

      एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, आरक्षक ओम प्रकाश तिवारी, विनोद शर्मा एवं सुरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

      *“जिले में सक्रिय ऐसे अवैध नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जाए और संबंधित आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।”*

और भी

होली के दिन चाबी लगी स्कूटी उड़ाने वाला शातिर चोर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में, ग्राहक तलाशते ही धराया — रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मचा हड़कंप

19 मार्च, रायगढ़ ।  होली के दिन बोईरदादर चौक क्षेत्र से चोरी हुई स्कूटी के मामले में चक्रधरनगर और कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उस समय पकड़ा गया जब वह चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।

         मामले के संबंध में थाना चक्रधरनगर में प्रार्थी दीपक निषाद (48 वर्ष), निवासी बाजीरावपारा जूटमिल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 04.03.2026 को वह अपने दोस्त को गोपालपुर छोड़कर लौट रहा था। बोईरदादर चौक से पहले उसने स्कूटी क्रमांक CG 13 AD 6405 को सड़क किनारे चाबी लगी स्थिति में खड़ी कर दी और नीचे उतरकर गया, इसी दौरान अज्ञात चोर स्कूटी चोरी कर फरार हो गया। रिपोर्ट पर *अपराध क्रमांक 85/2026 धारा 303(3) भारतीय न्याय संहिता* के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

         आज दिनांक 19.03.2026 को मुखबीर सूचना पर चक्रधरनगर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवर्धनपुर शराब दुकान के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को स्कूटी के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भूपेन्द्र शर्मा (55 वर्ष), निवासी ग्राम खम्हार थाना खरसिया जिला रायगढ़ बताया। प्रारंभ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने होली के दिन बोईरदादर चौक के पास से स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।

      आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की स्कूटी क्रमांक CG 13 AD 6405 बरामद कर ली गई है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर के प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू सहित चक्रधरनगर एवं कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

???? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

              *“चोरी जैसे अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध पुलिस की सतत कार्रवाई जारी रहेगी”*

और भी

नशा: परिवार और समाज दोनों के लिए हानिकारक,प्रशासन द्वारा नशा पीड़ित व्यक्तियों का सर्वे कर मुख्यधारा में जोड़ने किया जा रहा पहल

रायगढ़, 19 मार्च 2026/ नशामुक्त भारत अभियान के तहत जिले में नशामुक्ति को लेकर जन जागरूकता एवं सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा नगर निगम रायगढ़ क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 को चिन्हांकित कर नशा पीड़ित व्यक्तियों का सर्वे कार्य शुरू किया गया। इस अभियान का उद्देश्य सर्वे के माध्यम से डेटा संकलन कर चिन्हांकित व्यक्तियों का समुचित उपचार एवं पुनर्वास सुनिश्चित करना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य किया जाएगा, जिससे प्रभावित व्यक्तियों को मुख्यधारा में लाया जा सके।
           इसी क्रम में 18 मार्च को जोगीडीपा वार्ड 11 में नाटक एवं नुक्कड़ के माध्यम से जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे स्थानीय नागरिकों ने सराहा। इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू एवं वार्ड पार्षद श्रीमती अनु सारथी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से लोगों में सकारात्मक बदलाव आएगा और समाज को नई दिशा मिलेगी। सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने कहा कि नशा परिवार और समाज दोनों के लिए हानिकारक है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक कर उन्हें नशे से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ड पार्षद श्रीमती अनु सारथी ने कहा कि वार्ड स्तर पर इस तरह की पहल सराहनीय है। इससे प्रभावित व्यक्तियों की पहचान कर उनके उपचार एवं पुनर्वास में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

और भी

दिलमोती अगरिया ने लोहे के हुनर से बदली अपनी जिंदगी,महिला समूह से जुड़कर शुरू किया आजीविका कार्य, अब खुद बना रही रोजगार का रास्ता

रायगढ़, 19 मार्च 2026/ विकासखंड धरमजयगढ़ के ग्राम पंचायत चुहकीमार के आश्रित ग्राम औरानारा की रहने वाली दिलमोती अगरिया आज आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने हुनर और मेहनत के दम पर न केवल अपनी पहचान बनाई, बल्कि आजीविका का स्थायी साधन भी खड़ा किया।
            दिलमोती अगरिया “एकता समूह” से जुड़ी हुई हैं, जो महामाया संकुल संगठन कुड़ेकेला के अंतर्गत कार्यरत है। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बैंक लिंकेज के माध्यम से 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिली। इस राशि का उपयोग करते हुए उन्होंने लोहे का सामान एवं पंखा खरीदा और अपने पारंपरिक कौशल को आजीविका का माध्यम बनाया। आज दिलमोती लोहे से हंसिया, कुल्हाड़ी, तवा, फावड़ा सहित अन्य उपयोगी घरेलू और कृषि उपकरण तैयार कर रही हैं। उनके द्वारा बनाए गए उत्पाद स्थानीय बाजार में पसंद किए जा रहे हैं, जिससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो रही है, जो उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन चुकी है।
           इस सफलता के पीछे सक्रिय महिला संतोषी अगरिया का भी विशेष योगदान है, जिन्होंने दिलमोती को मार्गदर्शन और प्रेरणा दी। समूह की सामूहिक शक्ति और सहयोग से दिलमोती ने यह साबित कर दिया कि सही दिशा और अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन सकती हैं। दिलमोती अगरिया की यह यात्रा न केवल उनके व्यक्तिगत सशक्तिकरण की कहानी है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि शासन की योजनाएं और महिला समूह मिलकर किस प्रकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे सकते हैं।

और भी

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक 2026 विधानसभा से पारित

रायपुर, 19 मार्च 2026/  राज्य में आवासीय और शहरी अधोसंरचना विकास को व्यापक स्वरूप देने के उद्देश्य से वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अधिनियम, 1972 (संशोधन) विधेयक 2026 को विधानसभा में ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। यह संशोधन मंडल की भूमिका को विस्तार देते हुए उसे एक आधुनिक और बहुआयामी इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सदन में जानकारी देते हुए वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने बताया कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का गठन मूलतः मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल अधिनियम, 1972 के तहत किया गया था। राज्य गठन के बाद यह संस्था प्रदेश में आवासीय योजनाओं, नगरीय अधोसंरचना और किफायती आवास उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल द्वारा लगभग 3,050 करोड़ रुपये की लागत से 78 नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। राज्य शासन द्वारा 735 करोड़ रुपये का ऋण भुगतान कर मंडल को ऋणमुक्त किया गया है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY 2.0) के अंतर्गत 2,000 ईडब्ल्यूएस आवासों के निर्माण को स्वीकृति मिली है।

मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि 650 करोड़ रुपये से अधिक की 6 रिडेवलपमेंट परियोजनाओं की डीपीआर तैयार हो चुकी है। नवंबर 2025 में आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेले में 2,060 करोड़ रुपये की 56 नई परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया, जिसमें 2,517 संपत्तियों की बुकिंग और 1,477 का आवंटन किया जा चुका है। वर्तमान में मंडल छत्तीसगढ़ के 33 में से 27 जिलों में सक्रिय है और प्रक्रियात्मक सुधारों के माध्यम से रजिस्ट्री के साथ भौतिक कब्जा सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अलावा, 858 करोड़ रुपये की लागत से 146 विकासखंडों में शासकीय आवासों का निर्माण कर मंडल ने अपनी तकनीकी क्षमता भी सिद्ध की है। उन्होंने कहा कि रायपुर, नवा रायपुर, भिलाई-दुर्ग और राजनांदगांव को एकीकृत कर एक शहरी कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें गृह निर्माण मंडल की भूमिका अहम होगी।

संशोधन के तहत मंडल को केवल आवास निर्माण तक सीमित न रखते हुए टाउन प्लानिंग स्कीम, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP), जॉइंट वेंचर, रिडेवलपमेंट, स्लम पुनर्विकास और मिश्रित भूमि उपयोग जैसी आधुनिक विकास अवधारणाओं को लागू करने की अनुमति दी गई है।

अंत में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह संशोधन गृह निर्माण मंडल को एक सशक्त, सक्षम और बहुआयामी संस्था के रूप में स्थापित करेगा। इससे राज्य में सुनियोजित, टिकाऊ और समावेशी शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों को बेहतर आवास और आधुनिक अधोसंरचना सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

और भी

झारखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीम ने छत्तीसगढ़ संवाद द्वारा प्रकाशित ‘रोजगार और नियोजन’ की ली जानकारी

रायपुर, 19 मार्च 2026/युवाओं को रोजगार संबंधी जानकारी सुलभ कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। आज झारखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीम ने छत्तीसगढ जनसंपर्क की सहयोगी संस्था छत्तीसगढ़ संवाद द्वारा प्रकाशित लोकप्रिय पत्रिका ‘रोजगार और नियोजन’ का अवलोकन कर जानकारी ली। टीम को साप्ताहिक पत्रिकारोजगार और नियोजन पत्रिका के संबंध में सहायक संपादक श्रीमती गीतांजली  नेताम ने रोजगार और नियोजन पत्रिका 
 की पाठ्य सामग्री, स्वरूप और युवाओं के लिए उपयोगी जानकारी दी। 

         झारखंड की टीम ने रोजगार और नियोजन पत्रिका की सराहना की l टीम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग झारखंड के डिप्टी डायरेक्टर आनंद कुमार, विभाग की प्रतिनिधि श्रीमती सुनीता धान  तथा विधि सलाहकार अमन कुमार शामिल रहे।

        झारखण्ड की टीम के अधिकारियों ने बताया कि झारखंड के युवाओं को भी इसी प्रकार की विश्वसनीय और संगठित रोजगार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में ‘रोजगार और नियोजन’ जैसी पत्रिका प्रकाशित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए वे इस प्रकाशन की प्रति लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी प्रस्तुत करेंगे। टीम के सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार की पत्रिका प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है, क्योंकि इसमें सरकारी नौकरियों, योजनाओं और कैरियर मार्गदर्शन से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होती है।

          इस पहल को लेकर टीम ने उम्मीद जताई जा रही है कि यदि यह योजना साकार होती है, तो झारखंड के हजारों युवाओं को रोजगार संबंधी सटीक और समय पर जानकारी मिल सकेगी, जिससे उनके भविष्य निर्माण में सकारात्मक योगदान मिलेगा। झारखण्ड की टीम के छत्तीसगढ संवाद भ्रमण के अवसर पर रोजगार और नियोजन से  संबद्ध अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे l

और भी