ताजा खबरें

बड़ी खबर

चैनपुर में लगेगा मिर्गी रोगियों के लिए मेगा फ्री हेल्थ कैम्प — AIIMS दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच, प्रशासन से लेकर बैंक और सामाजिक संस्थाओं तक को अलर्ट

चैनपुर। क्षेत्र के मिर्गी (एपिलेप्सी) से पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी बड़ी खबर सामने आई है। आगामी 12 मई 2026, मंगलवार को चैनपुर में एक विशेष निःशुल्क मिर्गी जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश के प्रतिष्ठित संस्थान AIIMS नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सक सीधे मरीजों की जांच करेंगे। इस शिविर को लेकर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है, ताकि अधिक से अधिक मरीज इसका लाभ उठा सकें।

यह महत्वपूर्ण शिविर जिला स्वास्थ्य समिति, गुमला के तहत संचालित प्रोजेक्ट आशा – फाइटिंग एपिलेप्सी एंड सुपरस्टिशन के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। शिविर का नेतृत्व न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. ममता भूषण सिंह (MBBS, MD, DM) द्वारा किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को बड़े संस्थान की उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, इस आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश 21 अप्रैल 2026 को सिविल सर्जन कार्यालय, गुमला में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में दिए गए थे। इसके बाद से ही स्वास्थ्य विभाग और संबंधित इकाइयों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिविर का आयोजन चैनपुर में नव निर्मित डॉक्टर आवास, पुराना एसडीओ कार्यालय के सामने किया जाएगा, जहां मरीजों की निःशुल्क जांच, परामर्श और आवश्यक चिकित्सा सलाह दी जाएगी।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, विभिन्न चिकित्सा पदाधिकारी, शिक्षा, पशुपालन, आपूर्ति विभाग, बैंकिंग संस्थाएं, पुलिस प्रशासन, डाक विभाग, वन विभाग सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी से अपने-अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक मरीजों को शिविर तक पहुंचाने की अपील की गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में मिर्गी रोग को लेकर अब भी कई तरह के भ्रम और अंधविश्वास व्याप्त हैं, जिसके चलते कई मरीज सही समय पर इलाज नहीं ले पाते। ऐसे में यह शिविर न केवल इलाज का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि लोगों को जागरूक कर अंधविश्वास के खिलाफ भी एक मजबूत संदेश देगा। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस पहल से क्षेत्र के सैकड़ों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में यह एक अहम कदम साबित होगा।

Leave Your Comment

Click to reload image