ताजा खबरें


बड़ी खबर

अम्बिकापुर : धान खरीदी में पारदर्शिता, मतदाता सूची शुद्धिकरण, शिक्षा में नवाचार, पीवीटीजी युवाओं को रोजगार और गणतंत्र दिवस की भव्य तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अजीत वसंत के कड़े निर्देश

अंबिकापुर 12 जनवरी 2026/  कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, श्री राम सिंह ठाकुर, श्री अमृत लाल ध्रुव, नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनहित के कार्यों में गति लाएं, पारदर्शिता बनाए रखें और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने सभी विभागों को ई-अटेंडेंस के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए और इसका अनिवार्य रूप से पालन करने कहा। उन्होंने जिले में जन्म प्रमाणपत्र एवं जाति प्रमाणपत्र निर्माण में प्रगति की समीक्षा की। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसे स्कूली बच्चों जिनका जाति प्रमाण पत्र नहीं बना है, उनकी सूची सम्बंधित क्षेत्र के एसडीएम को उपलब्ध कराएं, ताकि आगे की कार्यवाही की जा सके। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं विभागवार लंबित प्रकरणों का तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि डीएमएफ मद से स्वीकृत अपूर्ण कार्य समय पर पूर्ण हों तथा कार्य पूर्ण होने के उपरांत समय पर टीएस जारी किया जाए। ऐसे ग्राम पंचायत जहां पुराने कार्य लंबित हैं, वहां कोई भी नया काम स्वीकृत नहीं किया जाएगा। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि पीवीटीजी युवाओं को अनिवार्य अहर्ताओं के आधार पर योग्यतानुसार विभिन्न विभागों में रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ध्यान रखें कि कार्यस्थल उनके निवास से अधिक दूरी पर ना हो। वहीं उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से पोषण पुनर्वास केंद्रों में बच्चों के उपस्थिति के सम्बन्ध में जानकारी ली। इस दौरान पीएम जनमन योजनांतर्गत मल्टी पर्पज सेंटर, सड़क, पीएम आवास, आंगनबाड़ी केंद्र, मोबाईल कनेक्टिविटी, विद्युतीकरण सहित अन्य कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी की हुई समीक्षा-
कलेक्टर ने धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में धान खरीदी प्रक्रिया सुव्यवस्थित पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि धान तौलाई निर्धारित मानक के अनुसार हो, किसानों को टोकन काटने एवं एग्रीस्टेक पंजीयन में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने डीओ, उठाव की जानकारी लेते हुए भौतिक सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के सख्त निर्देश हैं कि पात्र किसानों का ही धान खरीदा जाए। नोडल अधिकारी आवश्यक सतर्कता बरतें, उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के अंतिम दिनों में विशेष सतर्कता बरतने की जरुरत है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित समिति प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

एसआईआर दावा-आपत्ति प्रकरणों का निराकरण  समय-सीमा में करने दिए गए निर्देश-
कलेक्टर श्री वसंत ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत जारी मतदाता सूची अद्यतन करने की प्रक्रिया के सम्बन्ध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित समस्त दावा-आपत्ति प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा पात्र मतदाताओं के नाम किसी भी स्थिति में न कटें, पीवीटीजी मतदाताओं पर विशेष फोकस करने निर्देशित  किया। कलेक्टर ने एआरओ और ईआरओ को निर्देश दिए कि गणना एवं घोषणा पत्रों के साथ शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन का शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करें।

प्रत्येक विकासखण्ड में बनेगा एस्ट्रोनॉमी लैब, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें उपलब्ध कराने कलेक्टर ने दिए निर्देश-
कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि प्रत्येक विकासखण्ड में एक-एक एस्ट्रोनॉमी लैब तैयार किया जाएगा, जिससे जिले के विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान को समझने में सहायता मिलेगी। उन्होंने इस हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि विकासखण्डों में ऐसे एक-एक विद्यालय का चयन करें तथा लैब हेतु आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें। वहीं उन्होंने कहा कि जिले के समस्त शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में लाइब्रेरी संचालित किया जाए, जहां 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों, नीट, जेईई, सिविल सर्विसेस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से सम्बंधित पुस्तकें रखी जाएंगी। जिससे बच्चों को इन सभी की जानकारी स्कूल में ही हो जाए, यह उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने इस हेतु जल्द कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

26 जनवरी गणतंत्र दिवस का आयोजन होगा पीजी कॉलेज ग्राउंड में, समय सीमा में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए निर्देश-
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 की तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि पीजी कॉलेज ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समय पर सभी तैयारी पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी झांकी प्रदर्शनी हेतु अच्छी तैयारी कर लें। गणतंत्र दिवस  के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने हेतु जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने निर्देशित किया गया।

और भी

ABK - शासन के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा “2 साल निरंतर सेवा निरंतर विकास“ कार्यक्रम का हुआ आयोजन

अंबिकापुर 12 जनवरी 2026/  शासन के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा अम्बिकापुर के कला केंद्र मैदान में “2 साल निरंतर सेवा निरंतर विकास“ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नृत्य, संगीत के माध्यम से लोगों को शासकीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने बड़ी संख्या में लोग देर शाम तक कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे।

    इस दौरान शासन की योजनाओं से सम्बन्धित प्रश्न भी पूछे गए तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। वहीं योजनाओं का लाभ लेने वाले शहरवासियों ने शासन की योजनाओं को सराहा और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम स्थल पर स्व सहायता समूह के दीदियों द्वारा “सरगुज़ा नेचुरल्स“ का स्टॉल लगाया गया। विजेताओं को पुरस्कार के रूप में दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों के कूपन दिए गए, लोगों ने बिहान उत्पादों को खरीदा। कार्यक्रम में सभी आयुवर्ग के नागरिक शामिल हुए। सभी को महतारी वंदन योजना, श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना, कृषक उन्नति योजना, पीएम सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री बस योजना सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई तथा लाभ लेने प्रोत्साहित किया गया।

  कार्यक्रम में जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका जनमन का भी वितरण किया गया। संयुक्त संचालक जनसंपर्क रायपुर श्रीमती इस्मत जहां दानी ने नागरिकों को आगामी 23 से 25 जनवरी तक आयोजित होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव के बारे में जानकारी दी। इस दौरान लोगों ने रायपुर साहित्य उत्सव में हिस्सा लेने रजिस्ट्रेशन किया। कार्यक्रम में सहायक संचालक जनसम्पर्क विभाग सरगुज़ा श्री अजीत एक्का, सहायक सूचना अधिकारी जनसम्पर्क मेघा यादव, जिला मिशन प्रबंधक एनआरएलएम श्री नीरज नामदेव सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

विशेष स्वास्थ्य शिविर में 242 हितग्राही हुए लाभान्वित,महापौर ने स्वास्थ्य शिविर का किया निरीक्षण, युवाओं को नशामुक्त रहने का दिया संदेश

रायगढ़, 12 जनवरी 2026/ राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, जिला रायगढ़ के अंतर्गत आज चौहान समाज भवन, देवारपारा रायगढ़ में निःशुल्क आउटरीच विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया और विभिन्न जांच काउंटरों का अवलोकन कर हितग्राहियों से चर्चा की। उन्होंने स्वयं भी स्वास्थ्य जांच करवाई और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का प्रत्यक्ष अनुभव लिया। महापौर ने कहा कि ऐसे शिविर शहरी नागरिकों को समय पर निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
      महापौर श्री चौहान ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उपस्थित युवाओं एवं हितग्राहियों को स्वामी विवेकानंद जयंती की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं को नशा एवं व्यसन से दूर रहने के लिए प्रेरित किया, जिससे एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सके। इस अवसर पर पार्षद श्री कुंदन देहरी उपस्थित रहे। 
            शिविर का संचालन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर की 12 स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इनमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, संचारी एवं गैर-संचारी रोग जांच, पैथोलॉजी जांच (शुगर, सिकलिंग, एच.बी.), टीकाकरण, टी.बी. जांच, नेत्र जांच, वयोवृद्ध सेवाएं और आयुष्मान/वयोवंदन कार्ड बनवाना शामिल था। षिविर में कुल 242 हितग्राही लाभान्वित हुए। इसमें 124 लोगों की गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग की गई, 42 वयोवृद्धों का परीक्षण, गर्भवती माताओं और शिशुओं की जांच की गई। टी.बी जांच हेतु 12 हितग्राहियों के सैंपल लिए गए, नेत्र जांच में 17 लोगों का परीक्षण हुआ तथा 7 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। स्वास्थ्य शिविर में परिवार नियोजन कार्यक्रम अंतर्गत सास-बहु सम्मेलन का आयोजन कर लोगों को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. सोनाली मेश्राम, डॉ. अन्नु पटेल, डॉ. रितम्भरा पटेल, डॉ. तरन्नुम बेगम सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्रीय एम.टी., मितानिन कार्यकर्ता और स्वास्थ्य स्टाफ उपस्थित रहे।

और भी

खेल से निखरता है आत्मविश्वास, आज की महिला खिलाड़ी कल समाज के लिए बनेंगी प्रेरणा-जनपद अध्यक्ष श्रीमती चौहान ,विकासखंड स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

रायगढ़, 12 जनवरी 2026/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय रायगढ़ महिला खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन रायगढ़ स्टेडियम, बोइरदादर, रायगढ़ में उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में 9 से 18 वर्ष एवं 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिला खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
           कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित अध्यक्ष जनपद पंचायत रायगढ़ श्रीमती सुजाता चौहान ने कहा कि खेल बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज की महिला खिलाड़ी भविष्य में समाज के लिए प्रेरणा बनेंगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नगर निगम के सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक दृढ़ता भी प्रदान करते हैं तथा शासन द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। 
          इस अवसर पर श्री विनोद अग्रवाल, अध्यक्ष रोल बॉल संगठन रायगढ़ ने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारण एवं नियमित अभ्यास का संदेश दिया। बीडीसी श्री सुकलाल चौहान ने महिला खिलाड़ियों की सहभागिता की सराहना करते हुए खेलों को आत्मनिर्भरता का माध्यम बताया। नोडल अधिकारी श्री डी.पी.पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रायगढ़ ने भारतीय महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ की महिला कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी के उदाहरण से बच्चों को प्रेरित किया। बीईओ रायगढ़ श्री संजय पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों के संतुलन से ही सर्वांगीण विकास संभव है।
           प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, हॉकी, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती एवं रस्साकशी सहित अनेक खेल विधाओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विकासखण्ड स्तरीय विजेता खिलाड़ी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड रायगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस अवसर पर श्री अनिल साहू, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रायगढ़ ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री देवेंद्र मिश्रा, शिक्षक (शारीरिक शिक्षा) द्वारा किया गया तथा अंत में आभार प्रदर्शन विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी श्री मोहम्मद आबिद साबरी ने किया।

और भी

रायगढ़ : जनदर्शन में सुनी गई जनसामान्य की समस्याएं,प्राप्त आवदेनों के त्वरित निराकरण के दिए गए निर्देश

रायगढ़, 12 जनवरी 2026/ जिला कलेक्टोरेट में आज जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच एवं यथासंभव निराकरण के निर्देश दिए।
           जनदर्शन में राशन कार्ड, चिकित्सा एवं आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
            जनदर्शन के दौरान तहसील तमनार अंतर्गत आमगांव निवासी किसान ने शिकायत दर्ज कराई कि वेदांता कंपनी के बीजीआर ठेकेदार द्वारा उनकी कृषि भूमि की मेड़ तोड़कर खेत में काला एवं दूषित पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे फसल को गंभीर नुकसान हो रहा है। इस पर अपर कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले में उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। रायगढ़ के सिंधी कॉलोनी कच्ची खोली निवासी दौलतराम उर्फ दयाराम ने नाले पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत की। वहीं जोगीडीपा रायगढ़ निवासी सुरबीर साहनी ने बीते दिनों हुई बारिश में क्षतिग्रस्त हुए मकान के लिए सहायता राशि दिलाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। नगर पंचायत पुसौर के वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद ओकेश बेहरा ने आरसीसी नाली निर्माण कार्य किए बिना ही शासकीय राशि का पूर्ण भुगतान किए जाने की शिकायत करते हुए जांच कर दोषियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। 
            जनदर्शन में रायगढ़ निवासी नरेश कुमार अग्रवाल ने वृद्धाश्रम में प्रवेश दिलाए जाने का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वे लगभग 66 वर्ष के हैं और पारिवारिक सहयोग के अभाव में उनके पास जीवन-यापन का कोई साधन नहीं है। इस पर अपर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनपद पंचायत खरसिया अंतर्गत ग्राम पंचायत बोतल्दा के सरपंच ने जनदर्शन के दौरान शिकायत आवेदन सौंपते हुए बताया कि ग्राम की शासकीय भूमि पर प्रस्तावित मुक्तिधाम निर्माण कार्य विगत 6 से 7 माह से लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नायब तहसीलदार की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य रोका गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच ने प्रशासन से मांग की कि मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर मुक्तिधाम निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। इसके अलावा अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

यशस्वी जशपुर के नेतृत्व में शिक्षा नवाचार की नई उड़ान, ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाचारी शिक्षकों को किया गया सम्मानित, विनोबा ऐप बना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मजबूत आधार


जशपुर 12 जनवरी 2026
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने हेतु जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में ओपन लिंक्स फाउंडेशन द्वारा विनोबा ऐप के माध्यम से नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.के. भटनागर के दिशा-निर्देश एवं यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार गुप्ता के समन्वय से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य एवं नवाचार के लिए ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ के अंतर्गत चयनित शिक्षकों को यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार गुप्ता एवं यशस्वी जशपुर के सदस्य श्री संजीव शर्मा द्वारा प्रमाण पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि  यह सम्मान केवल अपने विद्यालय तक ही सीमित न रखकर अन्य शिक्षकों को भी प्रोत्साहित करे । सभी विजेता शिक्षक अन्य शिक्षकों के लिए एक  प्रेरणा है जिससे हमारे जिले के सभी शिक्षक उत्कृष्टता हासिल करेंगे ।  विनोबा ऐप शिक्षकों के लिए सीखने, नवाचार साझा करने और प्रेरणा प्राप्त करने का एक प्रभावी मंच है, जो शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
ओपन लिंक्स फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर श्री अज़हर शेख ने बताया कि विनोबा ऐप के अंतर्गत ‘बोलेगा बचपन’ एक विशेष क्लब है, जिसके माध्यम से शासकीय विद्यालयों में कविता पाठ, कहानी वाचन एवं बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने हेतु गतिविधियाँ संचालित की जाती हैं। इस क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाता है।
विनोबा के प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री सोमनाथ साहू ने जानकारी दी कि यह ऐप जिले के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों को साझा करने, आपसी सीख को बढ़ावा देने तथा शैक्षणिक गतिविधियों के दस्तावेजीकरण हेतु विकसित किया गया है। उल्लेखनीय है कि विनोबा भावे टीम जिले में एफएलएन, जवाहर नवोदय, जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ-साथ दैनिक उपस्थिति डाटा संग्रहण का कार्य भी यशस्वी जशपुर के समन्वय से कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय विजेता शिक्षकों में प्राथमिक शाला होंगरोटोली की श्रीमती प्रिया गुप्ता, प्राथमिक शाला बड़े गमहरिया  की कुमारी सुनैना तिर्की, प्राथमिक शाला घरजियाबथान की श्रीमती माधुरी यादव, प्राथमिक शाला श्रीटोली की सुश्री अड़नती, प्राथमिक शाला कोरवाटोली के उत्तरागोपाल, प्राथमिक शाला की श्रीमती रीना रानी गोस्वामी, प्राथमिक शाला दीपाटोली के लव कुमार गुप्ता एवं प्राथमिक शाला जरिया की श्रीमती रजनी भिंजवार शामिल रहे।
इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले संकुल समन्वयकों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें संकुल सिरिमकेला  से श्री गौरीशंकर साव, संकुल  जकबा से श्री अमित अंबष्ट एवं संकुल  डुमरटोली से श्री सत्यदीप प्रसाद शामिल हैं।
कार्यक्रम में पाँच शिक्षकों को  लाइब्रेरी बैग वितरण किया गया, जिसमें प्राथमिक शाला टिकैतगंज की श्रीमती मीना सिन्हा, प्राथमिक शाला साईटांगरटोली की श्रीमती ऋचा गुप्ता, प्राथमिक शाला होंगरोटोली की प्रिया गुप्ता, प्राथमिक शाला घरजियाबथान की श्रीमती माधुरी यादव एवं प्राथमिक शाला  डिपाटोली की श्रीमती आरती ओहदार को सम्मानित किया गया। यशस्वी जशपुर के श्री अवनीश पांडे द्वारा सभी विजेता शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।

और भी

विज्ञान प्रतिभाओं की उड़ान : जशपुर के सात विद्यार्थियों ने रायपुर में आयोजित विद्यार्थी विज्ञान मंथन स्टेट लेवल कैंप में की गौरवपूर्ण सहभागिता

जशपुर नगर 12 जनवरी 2026

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिले में विज्ञान के अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम कराया जा रहे हैं। इसी कड़ी में उनकी पहल पर जशपुर जिले के सरकारी स्कूलों के सात विद्यार्थियों ने रायपुर के रेडिएंट वे स्कूल में आयोजित एक दिवसीय विद्यार्थी विज्ञान मंथन स्टेट लेवल कैंप में शिरकत की। 
ये सभी विद्यार्थी विगत नवंबर माह में जिला स्तर पर आयोजित लेवल 1 और लेवल 2 की परीक्षा में पूरे प्रदेश के टॉप-25 विद्यार्थियों में चयनित हुए थे। कक्षा छठवीं से 11वीं तक के विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षाएं आयोजित की गई थी। पूरे प्रदेश में दस हजार से अधिक बच्चों ने यह परीक्षा दी थी। जिसमें प्रत्येक कक्षा से 25 विद्यार्थियों का चयन तृतीय चरण में राज्य स्तर के लिए हुआ है। स्टेट लेवल की परीक्षा में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आगे चौथे चरण में राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी पीके भटनागर और डीएमसी नरेंद्र सिंन्हा के निर्देश पर शिक्षकों के दल के साथ विद्यार्थियों को रायपुर भेजा गया था। 
विद्यार्थी विज्ञान मंथन के जिला कोऑर्डिनेटर  विवेक पाठक और यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय के समन्वय में स्टेट लेवल कैंप में भाग लेने वाले विद्यार्थियों में सेजेस कुनकुरी से अर्पित शर्मा कक्षा 9वी, सेजेस कोतबा से रोहन साहू कक्षा 9वीं, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ढोढीडांड से कु. मोनिका बाई कक्षा आठवीं, कु. सोनिका बाई कक्षा आठवीं, सेजेस पतराटोली से निशा कुजूर कक्षा 9वीं, आयुषी पन्ना कक्षा 9वी रहे हैं।
रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थी विज्ञान भारती के महासचिव डॉ. वारा प्रसाद कोला, सेक्रेटरी डॉ दिलीप सिसोदिया, रायपुर के जिला समन्वयक गौरव वर्मा, यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय और सेजेस मनोरा से श्रीमती एस सिन्हा सहित पूरे प्रदेश के 150 प्रतिभागी और अभिभावक सम्मिलित रहे।

और भी

चराईमारा स्कूल में पंचायत का ‘अचानक एक्शन’, स्कूल में नशे में धुत मिला प्रधान पाठक, आंगनबाड़ी सूनी और उप स्वास्थ्य केंद्र में रात की ड्यूटी गायब — गांव ने देखी सिस्टम की असली तस्वीर

जशपुर/नारायणपुर 12 जनवरी 2026
कहते हैं जब पंचायत जागती है, तब व्यवस्था हिलती है… और चराईमारा में आज कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। ग्राम पंचायत रानीकोम्बो के अंतर्गत आने वाले चराईमारा गांव में पंचायत प्रतिनिधियों ने जैसे ही औचक निरीक्षण किया, शासकीय व्यवस्थाओं की परत-दर-परत पोल खुलती चली गई।

लगातार मिल रही ग्रामीणों की शिकायतों से तंग आकर सरपंच श्री छक्कन राम भगत, उपसरपंच श्री लीलाम्बर यादव, पंचगण एवं ग्रामीणों की टीम ने आज आंगनबाड़ी, प्राथमिक शाला और उप स्वास्थ्य केंद्र का अचानक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण गांव के लिए किसी जागृति अभियान से कम नहीं रहा।

स्कूल पहुंचते ही ‘नशे में मिला प्रधान पाठक

जैसे ही पंचायत टीम प्राथमिक शाला पहुंची, वहां का दृश्य देखकर सब सन्न रह गए। विद्यालय के प्रधान पाठक शराब के नशे की हालत में स्कूल में मौजूद पाए गए। बच्चों की पढ़ाई जहां अनुशासन और प्रेरणा मांगती है, वहां शिक्षक खुद लड़खड़ाते कदमों से शिक्षा का मजाक बनाते नजर आए।

सरपंच ने बिना देर किए उच्च अधिकारी को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। अधिकारी ने तुरंत संकुल प्रभारी और समन्वयक को जांच के लिए भेजा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने भी शिक्षक को नशे की हालत में पाया और पंचनामा तैयार कर मामले की रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने गुस्से में कहा —
“जब गुरु ही शराबी होगा, तो शिष्य कैसे संस्कारी बनेंगे?”

अब शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई की तलवार लटकती नजर आ रही है।

आंगनबाड़ी में अव्यवस्था चरम पर, एक भवन में चार केंद्र, उपस्थिति शून्य के करीब

इसके बाद पंचायत टीम आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची। यहां हालात और भी चिंताजनक पाए गए। भवन की कमी के कारण एक ही आंगनबाड़ी भवन में चार आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे थे। निरीक्षण के समय केवल एक बच्चा उपस्थित मिला, जिससे बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

सरपंच एवं उपसरपंच ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। पंचायत प्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण की मांग को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने की बात भी कही।

ग्रामीणों का कहना था कि जब आंगनबाड़ी ही सूनी रहेगी, तो बच्चों का पोषण और भविष्य दोनों ही अधर में लटक जाएंगे।

हाथी प्रभावित क्षेत्र में रात को स्वास्थ्य सेवाएं ठप, ग्रामीणों की जान खतरे में

पंचायत टीम ने उप स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय यहां कोई नर्स ड्यूटी पर नहीं रहती, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को नारायणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाना पड़ता है। यह रास्ता हाथी प्रभावित जंगल क्षेत्र से होकर गुजरता है, जिससे ग्रामीणों को हमेशा जान का खतरा बना रहता है।

इस गंभीर विषय पर सरपंच ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी से फोन पर चर्चा कर उप स्वास्थ्य केंद्र में रात की ड्यूटी तत्काल लगाने की मांग की। अधिकारियों ने इस विषय पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बिना कारण नर्स को अटैच करने पर उठे सवाल

चराईमारा में पदस्थ एक नर्स को बिना किसी ठोस कारण के नारायणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अटैच किए जाने का मामला भी निरीक्षण में सामने आया। सरपंच ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी से इस विषय में आपत्ति जताते हुए नर्स को वापस चराईमारा में पदस्थ करने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। जिस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन मिला।

ग्रामीण बोले — अब तो सुधार होना ही चाहिए

औचक निरीक्षण के बाद गांव में चर्चा का माहौल गर्म रहा। ग्रामीणों ने पंचायत की इस कार्रवाई को “सिस्टम की नींद तोड़ने वाला कदम” बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस तरह नियमित निरीक्षण होते रहें, तो चराईमारा की तस्वीर जरूर बदलेगी।

ग्रामीणों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण, पंचायत की सख्ती से बढ़ी उम्मीद

इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान चन्द्रकिशोर यादव, लखन यादव, चक्रधर सिंह, दिलेश्वर यादव, समीर यादव, सहदेव यादव, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह लगातार निरीक्षण होते रहें तो गांव की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में निश्चित रूप से सुधार आएगा।

व्यवस्था सुधार की ओर पहला मजबूत कदम

चराईमारा में हुए इस औचक निरीक्षण ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पंचायत अब लापरवाही और अनियमितता पर चुप नहीं बैठेगी। शिक्षा, महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों को अब जवाबदेह होना पड़ेगा। यह कार्रवाई न केवल चेतावनी है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक मजबूत संदेश भी है कि सरकारी सेवाओं में अनुशासन और जिम्मेदारी अनिवार्य है।

सरपंच का दो टूक संदेश

सरपंच छक्कन राम भगत ने स्पष्ट शब्दों में कहा —
“शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी चाहे कोई भी हो, कार्रवाई तय है।”

और भी

पीएम जनमन योजना से सुदूर अंचलों में बदल रही तस्वीर,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विशेष पिछड़ी जनजाति समाज को मिला विकास, सम्मान और भरोसे का साथ

रायगढ़, 11 जनवरी 2026/ प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान(पीएम-जनमन) योजना के माध्यम से जिले के सुदूर और दुर्गम विशेष पिछड़ी जनजाति अंचलों में विकास की नई तस्वीर उभर रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के स्पष्ट संकल्प—अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुँचाने—के अनुरूप रायगढ़ जिले में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) तक आवास, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली और संचार जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अब ज़मीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं।
      कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन और सतत निगरानी में जिला प्रशासन योजनाओं को तेज़ी, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ धरातल पर उतार रहा है। नियमित समीक्षा बैठकों, विभागीय समन्वय और निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों तक समय पर पहुँचे।

*पक्के आवासों से मिला सुरक्षित जीवन, सम्मान और स्थायित्व*

पीएम जनमन योजना के अंतर्गत जिले में 173 पक्के आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 161 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ये आवास विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के लिए केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य, सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास का आधार बन चुके हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप इन घरों का निर्माण स्थानीय आवश्यकताओं और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
      लैलूंगा विकासखंड के सुदूर ग्राम कुर्रा निवासी श्री सहदेव बिरहोर बताते हैं कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत निर्मित यह घर केवल छत नहीं, बल्कि उनके परिवार के लिए सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व का प्रतीक है। श्री रतिराम बिरहोर बताते हैं कि जब उन्होंने नए आवास में प्रवेश किया, तो वह क्षण उनके लिए अविस्मरणीय बन गया। ग्राम कोराबाहर की निवासी श्रीमती गणेशी पैकरा भावुक होकर बताती हैं कि अब उन्हें चैन की नींद आती है। उनका यह पक्का आशियाना सिर्फ एक घर नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।

*संपर्क सड़कों से गांव जुड़े, विकास की राह हुई आसान, घर-घर पहुंचा स्वच्छ पेयजल*

दुर्गम बसाहटों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए 13 संपर्क सड़कों का लक्ष्य तय किया गया था, जिनमें से अब तक 5 सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इन सड़कों के निर्माण से विशेष पिछड़ी जनजाति गांवों में आवागमन सुगम हुआ है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े अवसर गांवों तक पहुँचने लगे हैं। इसी क्रम में योजना के तहत 327 घरों में पाइपलाइन एवं सामुदायिक जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे विशेष पिछड़ी जनजाति महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से राहत मिली है तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आई है।

*हाट-बाजार क्लिनिक से गांव के पास इलाज, बिजली और नेटवर्क से जुड़ रहा विशेष पिछड़ी जनजाति अंचल*

मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना के अंतर्गत 2 मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) वाहनों के माध्यम से जिले की 5 सुदूर विशेष पिछड़ी जनजाति बसाहटों में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा उनके नजदीक ही मिल रही है। विद्युत सुविधा विस्तार के अंतर्गत 28 घरों में ग्रिड के माध्यम से तथा 27 घरों में सोलर ऊर्जा के माध्यम से बिजली पहुंचाई जा रही है। वहीं, संचार सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 2 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं, जिससे सुदूर विशेष पिछड़ी जनजाति गांव भी डिजिटल सेवाओं और आपातकालीन संपर्क से जुड़ रहे हैं।

*सरकार का संकल्प, प्रशासन की प्रतिबद्धता, विशेष पिछड़ी जनजाति समाज का सशक्त भविष्य*

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के कुशल प्रशासनिक मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले में पीएम-जनमन योजना विशेष पिछड़ी जनजाति समाज के लिए विकास, न्याय और आत्मसम्मान का मजबूत आधार बन रही है। यह योजना इस बात का प्रमाण है कि जब सरकार की मंशा स्पष्ट हो और प्रशासन की प्रतिबद्धता मजबूत हो, तो सुदूर अंचलों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली जा सकती हैं।

और भी

ABK : अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों से 460.80 क्विंटल धान जप्त, व्यापारियों पर दर्ज हुए प्रकरण

 

अंबिकापुर 10 जनवरी 2026/  जिले में अवैध धान संग्रहण एवं कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य विभाग एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान आज विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध धान के प्रकरण दर्ज कर धान जप्ती की कार्यवाही की गई।
      कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए संग्रहित धान पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध प्रकरण बनाया गया। जांच में हनुमंत ट्रेडर्स, असोला से 288 क्विंटल, केसरवानी ट्रेडर्स, परसा से 116 क्विंटल तथा विकास ट्रेडर्स, सोनपुरकला से 56.8 क्विंटल धान जप्त किया गया। इस प्रकार कुल 460.80 क्विंटल अवैध धान जप्त किया गया है।
खाद्य विभाग एवं मंडी टीम द्वारा मौके पर दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा जप्त धान को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अवैध भंडारण एवं व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए की गई है।
     जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान संग्रहण, परिवहन अथवा व्यापार में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। व्यापारियों से अपील की गई है कि वे शासन द्वारा निर्धारि

और भी

ABK-स्वच्छता, आवास, नरेगा और आजीविका योजनाओं पर सख्त हुए जिला पंचायत सीईओ, पंचायत सचिवों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश


अंबिकापुर 10 जनवरी 2026/
  मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विनय अग्रवाल द्वारा जनपद पंचायत लखनपुर के सभा कक्ष में शनिवार को उदयपुर एवं लखनपुर के विकासखंड की पंचायत ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं की  ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक ली गई।  बैठक में सभी योजनाओं की प्रगति के सम्बंध में कार्यवार समीक्षा की गई। जिसमें सर्वप्रथम स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी सामुदायिक शौचालय को शीघ्र चालू कर पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया तथा ग्राम पंचायत में कचरा कलेक्शन का कार्य सुचारू रूप से करते हुए यूजर चार्ज की वसूली करने हेतु कहा गया। बिहान योजना अंतर्गत परिवार की महिलाओं को समूह से जोड़े जाने हेतु तथा समूहों को बैंक लिंकेज किए जाने व नए समूह का गठन करने के लिए निर्देशित किया गया।

   महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत सभी कार्यों को 31 मार्च 2026 की स्थिति में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया तथा गांव में आजीविका डबरी के कार्यों को ज्यादा से ज्यादा खोले जाने हेतु विस्तृत निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास में 90 दिवस का मस्टर रोल जारी करने के लिए कार्यवार समीक्षा करने हेतु कहा गया। योजना अंतर्गत चल रहे आंगनबाड़ी  को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कर समय सीमा में मूल्यांकन करते हुए सामग्री का भुगतान करने हेतु निर्देशित किया गया। सर्व शिक्षा अभियान तथा समग्र शिक्षा अंतर्गत चल रहे कार्यों की कार्यवार समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए । समर्थ पोर्टल पर समस्त एन्ट्री करने तथा सभी प्रकार के रजिस्टरों को ग्राम पंचायत में संधारण किए जाने हेतु निर्देशित किया गया तथा 15वें वित्त अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।

   ग्राम पंचायत में बन रहे अटल डिजिटल सेवा केंद्र को शीघ्र पूर्ण करते हुए उनका संचालन करने तथा पंचायत में निर्माणाधीन नवीन ग्राम पंचायत भवनों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु कहा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत सामान्य आवास ,पीएम जनमन आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण किए जाने हेतु तथा आवास के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही निर्मित ना हो इसको व्यकितगत रुप से सचिवों को देखने की हिदायत दी गई। लखनपुर में 1755 आवास को तथा उदयपुर में 1156 आवासों को 31 मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया, आवास हितग्राहियों का सही खाता केवाईसी से लिंक करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में उपसंचालक पंचायत,मुख्य कार्यपालन अधिकारी उदयपुर ,लखनपुर सहायक परियोजना अधिकारी के साथ दोनो जनपद पंचायतों के सभी ग्राम पंचायत के सचिव उपस्थित थे ।

और भी

रायगढ-डीएमएफ से बदलेगी रायगढ़ की तस्वीर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच से दूरस्थ अंचलों में सात सड़कों को मिली मंजूरी,शिक्षा-स्वास्थ्य-आजीविका को मिलेगा नया आधार

डीएमएफ से सजेगी सड़कें, दूरस्थ अंचलों में विकास की नई इबारत

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच से उत्खनन प्रभावित क्षेत्रों में ‘संपर्क क्रांति पर्व’ का शुभारंभ

सात सड़कों की स्वीकृति से बदलेगी ग्रामीण तस्वीर, शिक्षा-स्वास्थ्य-आजीविका को मिलेगी नई दिशा

रायगढ़, 10 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ शासन की जनहितैषी, संवेदनशील एवं दूरदर्शी नीति के अनुरूप मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ, दुर्गम एवं उत्खनन प्रभावित अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प धरातल पर साकार हो रहा है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से ग्रामीण सड़क निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर शासन ने जिले में एक नई ‘संपर्क क्रांति’ का सूत्रपात किया है।

जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज संस्थान न्याय निधि से वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले के सुदूर वनांचल एवं मैदानी क्षेत्रों लैलूंगा, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, तमनार एवं खरसिया विकासखंडों में कुल 7 ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपए से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। डीएमएफ मद से स्वीकृत इन सड़कों की कुल लंबाई 23.10 किलोमीटर है। यह पहल केवल भौतिक अधोसंरचना के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण जीवन में स्थायी सामाजिक और आर्थिक बदलाव की मजबूत नींव रख रही है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि उत्खनन से प्रभावित क्षेत्रों में डीएमएफ जैसी योजनाओं के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इन सड़कों के निर्माण से वे गांव जुड़ेंगे, जो वर्षों से आवागमन की कठिनाइयों के कारण विकास से वंचित रहे हैं। सड़कों का विस्तार अब ग्रामीण अंचलों में प्रगति, अवसर और आशा का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।
      स्वीकृत योजनाओं के अंतर्गत लैलूंगा विकासखंड में गहनाझरिया (सुकवासुपारा) से लभनीपारा तक 3.60 किलोमीटर लंबी सड़क का अर्थवर्क कार्य प्रगतिरत है। घरघोड़ा विकासखंड में तुमीडीह से छर्राटांगर तक 4.30 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए साफ-सफाई एवं सेटिंग आउट कार्य प्रारंभ हो चुका है। धरमजयगढ़ विकासखंड में ससकोबा मेन रोड से पाराघाटी तक तथा सेमीपाली से क्रोन्धा तक 4-4 किलोमीटर लंबी सड़कों पर जीएसबी, सीसी सहित अन्य निर्माण कार्य जारी हैं। तमनार विकासखंड में अमलीढोढ़ा पीएमजीएसवाय रोड से समकेरा-गौरबहरी तक 3.60 किलोमीटर तथा पतरापाली से बरकसपाली तक 1.60 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। वहीं खरसिया विकासखंड में खड़गांव से गोरपार बस्ती तक 2 किलोमीटर सड़क निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है।
       इन सड़कों के पूर्ण होने से संबंधित बसाहटों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक सहज पहुंच प्राप्त होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। बच्चों के लिए विद्यालय तक पहुंच आसान होगी, गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और आपातकालीन सेवाएं अधिक सुदृढ़ होंगी। बेहतर सड़क संपर्क से आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा जिले के दूरस्थ अंचलों में जीवन स्तर में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन दिखाई देगा।

         निश्चित रूप से डीएमएफ मद से हो रहा यह सड़क निर्माण मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की विकासोन्मुख, संवेदनशील और समावेशी शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण है, जो रायगढ़ जिले में संपर्क क्रांति पर्व के रूप में एक नई विकास गाथा लिख रहा।

और भी

ABK- जिले में अब-तक 21 लाख 15 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी,35 हजार 393 किसानों ने समर्थन मुल्य पर बेचा धान

अंबिकापुर 10 जनवरी 2026/  जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी कार्य शासन के निर्देशानुसार किसान हितैषी, पारदर्शी और सुव्यवस्थित जारी है। जिला प्रशासन की प्रभावी निगरानी एवं विभागीय समन्वय के परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर शासन की योजना का लाभ ले रहे हैं।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में अब तक कुल 21,15,962.40 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं संबंधित मिलों एवं परिवहन एजेंसियों द्वारा 5,68,040 क्विंटल धान का उठाव भी किया जा चुका है, जिससे उपार्जन केन्द्रों पर भंडारण एवं खरीदी प्रक्रिया सुचारू बनी हुई है।
धान विक्रय हेतु जिले में कुल 60,332 किसानों का पंजीयन किया गया है, जिनमें से 35,393 किसानों द्वारा धान का विक्रय किया जा चुका है। किसानों की सक्रिय सहभागिता से उपार्जन केन्द्रों पर की गई व्यवस्थाएं सरल, सुगम एवं भरोसेमंद सिद्ध हो रही हैं।
इसके साथ ही खरीदी प्रक्रिया के दौरान रकबा समर्पण की कार्यवाही भी नियमानुसार संपन्न की जा रही है। जिले में 11,121 किसानों द्वारा कुल 645.89 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया गया। यह व्यवस्था वास्तविक बोए गए रकबे के अनुरूप पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहायक है।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी, उठाव एवं भुगतान से संबंधित सभी कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में धान विक्रय कर शासन की योजना का अधिकतम लाभ उठाएं तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।

और भी

रायगढ़ में सघन कुष्ठ खोज अभियान से मिली सफलता, 118 नए रोगी चिन्हित कर उपचार से जोड़े गए, भारत सरकार की टीम ने की कार्यप्रणाली की सराहना

रायगढ़, 10 जनवरी 2026  कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में जिले में 8 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक सघन कुष्ठ खोज एवं उपचार अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत घर-घर जाकर संदिग्ध मरीजों की पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत जिले में कुल 1397 शंकास्पद व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनमें से 1161 व्यक्तियों की जांच पूर्ण की जा चुकी है। जांच उपरांत 118 नए कुष्ठ रोगियों की पुष्टि हुई है, जिन्हें तत्काल उपचार से जोड़ा गया है।
कुष्ठ कार्यक्रम की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता के आकलन के लिए भारत सरकार के क्षेत्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, लालपुर (रायपुर) से वरिष्ठ अधिकारियों का दल जिले के निरीक्षण पर पहुंचा। निरीक्षण दल में डॉ. कृष्णमूर्ति काम्बले, प्रिंसिपल कंसलटेंट एवं श्री इश्वरी मसीह, कंसलटेंट शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चन्द्रा से सघन कुष्ठ खोज अभियान, अक्षमता पहचान तथा कुष्ठ विकृति रोकथाम से संबंधित कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
अभियान के प्रथम दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर एवं इसके आश्रित ग्राम कोडतराई, छपोरा एवं डूमरमुड़ा का निरीक्षण किया गया। वहीं द्वितीय दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा एवं आश्रित ग्राम राजपुर एवं लारीपानी में निरीक्षण कर कार्यक्रम की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों, फिजियोथेरेपिस्ट, लैब टेक्नीशियन एवं प्रशिक्षित आरएचओ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की तकनीकी दक्षता का परीक्षण किया गया तथा कुष्ठ मरीजों की स्वयं जांच कर संभावित विकृतियों की समय रहते पहचान एवं उपचार प्रबंधन पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जांच प्रपत्रों, रिपोर्ट, रजिस्टर संधारण, प्रचार-प्रसार सामग्री, नारा लेखन एवं जनजागरूकता गतिविधियों का अवलोकन कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। इसी क्रम में लैलूंगा के आश्रित ग्राम में 5 नए कुष्ठ रोगियों की पुष्टि की गई।
वर्तमान में रायगढ़ जिले में कुष्ठ रोग की प्रसार दर 3.18 प्रति 10 हजार जनसंख्या दर्ज की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शीघ्र पहचान, सतत उपचार एवं समुदाय आधारित जागरूकता के माध्यम से जिले को कुष्ठ मुक्त बनाने के लिए अभियान को निरंतर सुदृढ़ किया जाएगा।

और भी

रायगढ़ के एन. राघवेंद्र ने राष्ट्रीय मंच पर सुरों की साधना से रचा इतिहास, इंडियाज़ टैलेंट फाइट के ग्रैंड फिनाले में पहुंचकर बढ़ाया जिले और प्रदेश का गौरव

रायगढ़ के एन राघवेंद्र ने राष्ट्रीय मंच पर बिखेरा सुरों का जादू

इंडियाज़ टैलेंट फाइट के ग्रैंड फिनाले में पहुंचकर बढ़ाया जिले का मान

रायगढ़ की बूढ़ी माई मंदिर व सत्यनारायण बाबा का स्मरण कर की मंच से गायन की शुरुआत

रायगढ़,10 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और साहित्य की राजधानी के रूप में विख्यात एवं मशहूर रायगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराई है। संगीत और कला के क्षेत्र में जिले की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रायगढ़ में पदस्थ केंद्र सरकार के शासकीय विभाग में कार्यरत नीतीश उर्फ एन. राघवेंद्र ने देश के प्रतिष्ठित टीवी रियलिटी शो ‘इंडियाज़ टैलेंट फाइट’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमी फाइनल राउंड से सीधे ग्रैंड फिनाले में प्रवेश कर लिया है। उनके इस उपलब्धि से न केवल रायगढ़, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन होने जा रहा है। 
एन. राघवेंद्र ने मंच पर अपनी प्रस्तुति की शुरुआत रायगढ़ के प्रमुख धार्मिक एवं जन आस्था केंद्र बूढ़ी माई मंदिर तथा कोसमनारा के सत्यनारायण बाबा का स्मरण करते हुए की। उनकी भावपूर्ण और मधुर गायकी ने जजों के साथ-साथ दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य जज प्रसिद्ध संगीतकार अनु मलिक हैं, जिनकी सराहना कलाकारों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
एन. राघवेंद्र, जिनका वास्तविक नाम नीतीश कुंडे है, सोशल मीडिया पर इसी नाम से व्यापक रूप से चर्चित हैं। वर्तमान में रेलवे विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शहडोल से रायगढ़ स्थानांतरण के बाद से वे रायगढ़ में निवासरत हैं और यहां की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक ऊर्जा को अपनी साधना का आधार मानते हैं।
उन्होंने बताया कि रायगढ़वासियों का स्नेह, आशीर्वाद और प्रोत्साहन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी से अपने लिए आशीर्वाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उनके कार्यक्रम के वीडियो शीघ्र ही टीवी चैनल एवं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ की धरती पहले से ही संगीत साधकों और कलाकारों की जन्मभूमि रही है। संगीत कला के क्षेत्र में एक बार फिर रायगढ़ को राष्ट्रीय कला मानचित्र पर गौरवान्वित स्थान मिलने जा रहा है।

और भी

सड़क सुरक्षा माह में प्रशासन की बड़ी पहल, रायगढ़ में आज और कल एनटीपीसी लारा में विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन

रायगढ़, 10 जनवरी 2026
सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आम नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय रायगढ़ द्वारा विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार यह शिविर आज एवं कल 10 जनवरी और 11 जनवरी 2026 को एनटीपीसी लारा, जिला रायगढ़ में आयोजित होगा।

शिविर का आयोजन आज प्रातः 11 बजे से शुरू हो गया है।  जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि शिविर में लर्निंग लाइसेंस बनवाने के इच्छुक आवेदकों को मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें जिला परिवहन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। 
जिला परिवहन अधिकारी ने आम नागरिकों से आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। 
उल्लेखनीय है कि सड़क सुरक्षा माह के तहत जिले में प्रशासन एवं परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ सुविधा केंद्रित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।

और भी

अवैध खनिज परिवहन पर एक्शन: 22 ट्रैक्टर और 1 हाईवा जप्त, माफिया में हड़कंप

रायगढ़, 10 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग द्वारा खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख़्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अमला द्वारा विगत 4 दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर अवैध खनिज गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
            अभियान के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त खनिज रेत के कुल 22 ट्रैक्टर एवं 1 हाईवा, इस प्रकार कुल 23 वाहन जप्त किए गए। जप्त वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर, थाना खरसिया, छाल, घरघोड़ा, जोबी चौकी एवं रैरूमाचौकी में सुरक्षार्थ रखा गया है।
              खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस कार्यवाही में खनिज निरीक्षक श्री सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमला सक्रिय रूप से शामिल रहा। खनिज अधिकारी ने बताया  कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर और कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।

और भी

शिक्षकों पर समय से पहले स्कूल बंद करने और नशे में आने के सरपंच-उप सरपंच ने लगाए गम्भीर आरोप... .बीईओ के आकस्मिक निरीक्षण में नहीं मिली कोई शिकायत, 

बुटूंगा स्कूल लापरवाही मामला : बच्चों के भविष्य से खिलवाड़, जनप्रतिनिधियों ने लगाया आरोप,विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में स्कूल व्यवस्था पाई गई संतोषजनक


बगीचा/जशपुर 
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला बुटूंगा इन दिनों गंभीर विवादों के घेरे में है। पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने स्कूल में पदस्थ शिक्षकों पर लापरवाही बरतने, समय से पहले विद्यालय बंद करने तथा शराब सेवन कर स्कूल आने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस लापरवाही का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर पड़ रहा है।
    ग्राम पंचायत बुटूंगा के उप सरपंच राजू शर्मा ने शिक्षकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों को मौखिक शिकायत की, लेकिन अब तक किसी ठोस जांच या कार्रवाई का असर जमीनी स्तर पर नजर नहीं आया। इसी कारण सरपंच और उप सरपंच दोनों ने प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई है।
पढ़ाई पर असर, घटती उपस्थिति बनी चिंता का कारण
उप सरपंच राजू शर्मा के अनुसार, स्कूल में शिक्षकों की लापरवाही के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई बार स्कूल समय से पहले ही बंद कर दिया जाता है, जिससे छात्रों को पूरा शैक्षणिक समय नहीं मिल पाता। इसके कारण बच्चों की उपस्थिति भी लगातार कम होती जा रही है, जो शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। यदि यही स्थिति बनी रही, तो बच्चों का शैक्षणिक स्तर और कमजोर हो जाएगा, जिसका प्रभाव उनके भविष्य पर पड़ेगा।
प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक पर जिम्मेदारी
प्राथमिक शाला बुटूंगा में दो शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें प्रधान पाठक प्रफुल्ल कुमार तथा संकुल में पदस्थ संकुल समन्वयक निर्मल कुमार शामिल हैं। पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि दोनों की जिम्मेदारी के बावजूद स्कूल संचालन में गंभीर लापरवाही हो रही है।उनका कहना है कि प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक की कार्यशैली के कारण नन्हे बच्चों को शैक्षणिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शराब सेवन कर स्कूल आने का सरपंच ने लगाया आरोप
सरपंच बुटूंगा ने आरोप लगाया कि प्रधान पाठक कई बार शराब का सेवन कर स्कूल पहुंचते हैं। जब वे पंचायत कार्यालय में पे-डाटा पर हस्ताक्षर कराने आते हैं, तब भी वे नशे की हालत में रहते हैं। सरपंच ने बताया कि उन्होंने कई बार शिक्षक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बातों पर कोई असर नहीं पड़ा।सरपंच ने बताया कि प्रधान पाठक का इस प्रकार का व्यवहार बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकता है और विद्यालय का अनुशासन भी प्रभावित हो रहा है।
अधिकारियों को शिकायत, कार्रवाई का इंतजार
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे सरपंच ओर उप सरपंच में रोष बढ़ता जा रहा है।इनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
बीईओ का पक्ष : निरीक्षण में सबकुछ सामान्य
इस मामले पर बगीचा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सुदर्शन पटेल ने बताया कि शिक्षा व्यवस्था में कसावट लाने के उद्देश्य से कल सुबह 9:30 बजे क्षेत्र के स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान हाई स्कूल कलिया, माध्यमिक शाला, प्राथमिक शाला बुटूंगा तथा प्राथमिक शाला कुरहाटीपना का भ्रमण किया गया। इस दौरान किसी भी स्कूल में शिक्षकों की अनुपस्थिति या लापरवाही सामने नहीं आई।
बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता की भी हुई जांच
बीईओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बच्चों से विषय एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका शत-प्रतिशत बच्चों ने सही उत्तर दिया। इससे यह स्पष्ट होता है कि विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर संतोषजनक है।उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों और अभिभावकों से चर्चा में भी शिक्षकों को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई ।
लेट पहुंचने पर कर्मचारी पर कार्रवाई
बीईओ ने बताया कि आकस्मिक निरीक्षण के दौरान हाई स्कूल में पदस्थ एक सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी के देर से स्कूल पहुंचने पर उसके एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जा रही है।
बीईओ ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी

एक ओर पंचायत प्रतिनिधि विद्यालय में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विभागीय निरीक्षण में स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है। 

बीईओ बगीचा :- 

और भी