ताजा खबरें

बड़ी खबर

सेवानिवृत्ति से पहले सम्मान की सौगात: 10 वर्षों की निष्ठावान सेवा के बाद संजय गुप्ता को मिला वनपाल पद, वर्दी पर सजे सितारे

नारायणपुर 13 जनवरी 2026
वन विभाग में लंबे समय तक ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले संजय कुमार गुप्ता के लिए सोमवार का दिन यादगार बन गया। सेवानिवृत्ति से महज छह माह पूर्व उन्हें पदोन्नति का सम्मान प्राप्त हुआ, जिसने उनके पूरे सेवाकाल को गौरवपूर्ण उपलब्धि में बदल दिया।

अंबिकापुर वनमंडल कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें वनपाल पद पर पदोन्नत होने की औपचारिक घोषणा करते हुए उनकी वर्दी पर “स्टार” लगाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर तालियों की गूंज और शुभकामनाओं से भर गया।

बादलखोल अभ्यारण्य में निभाई जिम्मेदार सेवा

संजय कुमार गुप्ता वर्ष 2014 से अंबिकापुर वनमंडल अंतर्गत बादलखोल अभ्यारण्य, नारायणपुर रेंज में वनरक्षक के रूप में पदस्थ रहे। लगभग 10 वर्षों की सेवा अवधि में उन्होंने वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, अवैध कटाई रोकने और विभागीय अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके कार्यों की विभागीय स्तर पर कई बार सराहना भी की गई।

बेहतर कार्य और अनुभव का मिला परिणाम

उनकी निरंतर उत्कृष्ट सेवाओं और लंबे अनुभव को देखते हुए वन विभाग द्वारा 1 जनवरी को उन्हें वनपाल पद पर पदोन्नत किया गया। पदोन्नति के बाद उनकी पदस्थापना अंबिकापुर रेंज में उड़नदस्ता प्रभारी में की गई है। वे यहां आगामी छह माह तक अपनी सेवाएं देने के बाद जून माह में सेवानिवृत्त होंगे।

उप निदेशक एलिफेंट रिजर्व  ने लगाए वर्दी पर सितारे

सोमवार को आयोजित समारोह में डीएफओ श्रीनिवास तनेटि  ने स्वयं संजय गुप्ता की वर्दी पर सितारे लगाकर उन्हें पदोन्नति का प्रतीक चिह्न प्रदान किया। अधिकारियों ने उनके सेवाकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि संजय गुप्ता जैसे कर्मठ कर्मचारी विभाग की रीढ़ होते हैं, जिनके भरोसे वन संरक्षण का दायित्व सफलतापूर्वक निभाया जाता है।

भावुक हुए संजय गुप्ता

सम्मान पाकर संजय गुप्ता भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति से पहले मिला यह सम्मान उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, सहकर्मियों एवं अपने परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता दी और आज उसका सुखद परिणाम मिला है।

कर्मचारियों के लिए बने प्रेरणास्रोत

संजय गुप्ता की पदोन्नति ने विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। यह साबित करता है कि ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर मेहनत से किया गया कार्य कभी व्यर्थ नहीं जाता।

   कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संजय गुप्ता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। 

यह आयोजन वन विभाग की उस सकारात्मक परंपरा को दर्शाता है, जिसमें कर्मठ कर्मचारियों के योगदान को समय पर पहचान और सम्मान दिया जाता है।

Leave Your Comment

Click to reload image