ताजा खबरें


बड़ी खबर

खेलों इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जनजाति खिलाड़ियों के लिए वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, तीरंदाजी एवं तैराकी चयन ट्रायल रायपुर-बिलासपुर में 6 से 8 जनवरी तक

रायगढ़, 5 जनवरी 2026/ भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा खेलों इंडिया ट्राइबल गेम्स का प्रथम संस्करण छत्तीसगढ़ राज्य में 14 फरवरी 2026 से होना निर्धारित किया गया है, जिसमें कुल 07 खेल तथा 02 डेमो खेल को सम्मिलित किया गया है। राज्य दल की भागीदारी सुनिश्चित करने खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 6 से 8 जनवरी  तक रायपुर एवं बिलासपुर में होना निर्धारित है। 
           डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शन करने का सशक्त माध्यम हैं। छत्तीसगढ़ राज्य खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है तथा राज्य के प्रत्येक जिले में शामिल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी उपलब्ध हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेलों इंडिया ट्राइबल गेम्स का चयन ट्रायल रायपुर में 6 से 8 जनवरी तक आयोजित होगा जिसमें वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल एवं हॉकी खेल शामिल हैं तथा बिलासपुर में दिनांक 7 से 8 जनवरी तक एथलेटिक्स, तीरंदाजी एवं तैराकी खेल आयोजित होगा जिसमें अनुसूचित जनजाति के बालक एवं बालिका कोई भी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। 
             खेलों इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में आयोजित होने वाले खेलों के आयोजन स्थल, दिनांक एवं इवेंट विवरण निम्नानुसार है - वेटलिफ्टिंग 6 जनवरी को प्रातः 9 बजे से एवं कुश्ती, फुटबॉल 07 से 08 जनवरी को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम रायपुर में आयोजित होगा। हॉकी 07 से 08 जनवरी को प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा। तीरंदाजी (रिकर्व एवं कंपाउंड) एवं एथलेटिक्स स्व. बी. आर. यादव स्टेडियम, बिलासपुर में 07 से 08 जनवरी प्रातः 9 बजे से एवं तैराकी जिला खेल परिसर सरकंडा बिलासपुर में 07 से 08 जनवरी प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा। खिलाड़ी छत्तीसगढ़ राज्य का निवासी हो खिलाड़ी का अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित होना अनिवार्य हैं। आयु सीमा सभी पात्र महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए खुली हैं। चयन ट्रायल में ओरिजिनल अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड/स्थानीय प्रमाण पत्र साथ लेकर जाने कहा गया हैं। एथलेटिक्स चयन ट्रायल में व्यक्तिगत स्पर्धा में 100 मीटर, 200, 400, 800, 1500, 5000, 10000, बाधा दौड़ 110 मीटर, बाधा दौड़ 400 मीटर, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, तवा फेंक, 10 किलो मीटर पैदल चाल, 4 गुणा 100 मीटर एवं 4 गुणा 400 मीटर रिले दौड़ बालक एवं बालिका शामिल हो सकते हैं। वेटलिफ्टिंग व्यक्तिगत पुरुष स्पर्धा में किलो ग्राम 60, 65, 71, 79, 88, 94, 110 एवं 110 किलो से अधिक एवं महिला वर्ग हेतु किलो ग्राम 48, 53, 58, 63, 69, 77, 86 एवं 86 से अधिक हो सकते हैं। 
             तैराकी में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों हेतु व्यक्तिगत स्पर्धा में 50, 100, 200 मीटर फ्री स्टाईल, 50 एवं 100 मीटर बैक स्ट्रोक, 50 एवं 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक, 50 एवं 100 मीटर बटरफ्लाई,  200 मीटर इंडिविजुअल मिडले, टीम इवेंट में 4 गुणा 100 मीटर फ्री स्टाईल रिले एवं 4 गुणा 100 मीटर मेडले रिले आयोजित होंगे। तीरंदाजी में महिला एवं पुरुष दोनों में व्यक्तिगत रिकर्व एवं कंपाउंड एवं टीम इवेंट में रिकर्व एवं कंपाउंड राउंड तथा व्यक्तिगत स्पर्धा में शामिल होने वाले खिलाड़ी टीम इवेंट में शामिल हो सकेंगे। पंजीयन लिंक जारी किया गया है तथा जिले के जाने वाले खिलाड़ियों को अधिक जानकारी हेतु सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण जिला-रायगढ़ से संपर्क कर सूची उपलब्ध किया जा सकता हैं।

और भी

शिक्षा से ही राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव, शिक्षक हैं राष्ट्र निर्माण की केंद्रीय धुरी — रायगढ़ में आयोजित दो दिवसीय प्रांत स्तरीय शिक्षक सम्मेलन का गरिमामय समापन, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी का प्रेरणादायी संबोधन

रायगढ़, 5 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ द्वारा अपने चार पुरुषार्थ राष्ट्रहित, शिक्षाहित, शिक्षार्थी हित एवं शिक्षक हित की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आयोजित दो दिवसीय प्रांत स्तरीय शिक्षक सम्मेलन एवं शैक्षिक संगोष्ठी के भव्य कार्यक्रम का समापन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। नगर निगम रायगढ़ के ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन में राष्ट्र हित, शिक्षा हित, शिक्षार्थी हित एवं शिक्षक हित जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। 
              समापन कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य शिक्षा से ही बदलता है और शिक्षा की गुणवत्ता का सीधा संबंध शिक्षक की सोच, संस्कार और नवाचार से होता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक भारत की सबसे बड़ी ताकत यह है कि एक सामान्य परिवार का बच्चा भी शिक्षा के बल पर सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विषय पढ़ाने वाला नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र का निर्माता होता है। शिक्षक के भीतर पालक भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संस्कार और राष्ट्र के प्रति समर्पण विकसित करती है। वित्त मंत्री ने रायगढ़ में शिक्षक सदन की मांग पर विधायक निधि से 20 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा भी की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ द्वारा उठाए गए विषयों को सरकार के समक्ष सकारात्मक रूप से रखा जाएगा।
              महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षित ही नहीं करते, बल्कि उन्हें जीवन के उतार-चढ़ाव से लड़ने योग्य बनाते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों, गुणवत्ता और नवाचार पर केंद्रित यह सम्मेलन वास्तव में प्रशंसनीय है। नगर निगम रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि शिक्षक समाज के ज्ञान स्तंभ हैं। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन पर शिक्षक संघ को बधाई देते हुए सभी अतिथियों एवं गुरुजनों का अभिनंदन किया।
              सम्मेलन का आयोजन 3 एवं 4 जनवरी को किया गया था। इस सम्मेलन में प्रदेश के सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, सरगुजा, कबीरधाम सहित 33 जिलों के शिक्षक प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका विषय पर वक्ता के रूप में श्री नारायण नामदेव, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विषय पर वक्ता के रूप में श्री आलोक शर्मा एवं बौद्धिक विषय समाज और राष्ट्र निर्माण में पंच परिवर्तन विषय पर वक्ता के रूप में श्री गोपाल यादव ने अपने विचार प्रस्तुत किए। सम्मेलन के दौरान राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका, नवाचार एवं सामाजिक परिवर्तन, शिक्षकों के उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर चर्चा हुई। शिक्षक संघ रायगढ़ एवं सक्ति द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर का भी विमोचन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिक्षक पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुणधर दिवान, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

और भी

विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं—कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, सड़क-पेयजल-स्वास्थ्य परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता, 2026-27 बजट प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश

रायगढ़, 05 जनवरी 2025/ जिले में नागरिकों को सड़क, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने और अधोसंरचना विकास को तेज गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्ट्रेट में प्रमुख निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा जनहित से जुड़े स्वास्थ्य, पेयजल एवं सड़क परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग सेतु, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग तथा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, प्रशासकीय स्वीकृति एवं टेंडर की स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
      कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग अंतर्गत टिनटिनी पहुंच मार्ग, ग्राम औरदा से गोदाम तक पहुंच मार्ग, गोतमा–कोतासुरा मार्ग, कमरई से सोनाजोरी मार्ग, जामगांव रेलवे क्रॉसिंग से मनकेसरी मंदिर मार्ग तथा चंद्रपुर–डबरा–खरसिया–धरमजयगढ़–पत्थलगांव मार्ग के उन्नयन एवं नवीनीकरण कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही जिला परिवहन चेक पोस्ट रेंगालपाली में कार्यालय भवन, जिला जेल रायगढ़ में पाकशाला, जिला न्यायालय परिसर में लॉयर्स हॉल एवं न्यायिक कर्मचारियों के लिए आवास गृह, विभिन्न स्कूल भवनों एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

*रायगढ़ शहर के फोरलेन एवं बायपास मार्गों पर विशेष फोकस*

 कलेक्टर ने रायगढ़ शहर में प्रस्तावित एवं प्रगतिरत रिंग रोड बायपास मार्ग, रायगढ़–लोइंग–महापल्ली मार्ग के चौड़ीकरण (फोरलेन), रायगढ़–कोतरा–नंदेली फोरलेन, रायगढ़–हमीरपुर मार्ग नवीनीकरण, ढिमरापुर चौक से पतरापाली तक फोरलेन, घरघोड़ा–लैलूंगा मार्ग, टीवी टावर रोड से मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन तथा उर्दना चौक से सर्किट हाउस तक फोरलेन निर्माण की प्राक्कलन एवं स्वीकृति स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

*पुल, जलापूर्ति एवं सिंचाई कार्यों की भी समीक्षा*

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग सेतु अंतर्गत खरसिया रेलवे ओवरब्रिज, टिनटिनी–नवापाली बोरो नाला पुल, पुसौर–रेंगालपाली कसई नाला पुल, केलो विहार से कयाघाट मार्ग में पुल, तेंदूमुड़ी–बेहरामुंडा कुरकुट नदी पुल तथा सुबरा से कटंगपारा खारुन नदी पुल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन योजना अंतर्गत धरमजयगढ़ क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना तथा डीएमएफ अंतर्गत प्रगतिरत सड़कों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की।

*पेयजल एवं जल संसाधन कार्यों पर विशेष जोर*

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति, मल्टी विलेज वाटर सप्लाई स्कीम, उच्च स्तरीय जलागार निर्माण, लैलूंगा आवर्धन जलप्रदाय योजना एवं केलो परियोजना की समीक्षा की। इसके साथ ही जल संसाधन विभाग अंतर्गत एनीकट निर्माण, नहरों के जीर्णोद्धार, जलाशयों के गहरीकरण एवं मरम्मत तथा नहर लाइनिंग कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित एवं सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली एवं पेयजल से संबंधित अधिक से अधिक विकास प्रस्ताव डीएमएफ अंतर्गत तैयार कर भेजे जाएं, ताकि समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सके। 

*वर्ष 2026-27 के बजट के लिए शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश*

कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के मुख्य बजट में सम्मिलित किए जाने वाले नवीन विकास कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की प्राथमिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से प्रस्ताव भेजे जाएं। बैठक में संबंधित विभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

जनदर्शनः कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

रायगढ़, 5 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रत्येक सोमवार को जिला कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित होने वाले जनदर्शन में आज बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के समक्ष प्रस्तुत कीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार, पारदर्शी और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
            जनदर्शन में रायगढ़ के श्रीमती जगदम्बा महावेद ने बताया कि उज्जवला गैस कनेक्शन के लिए मेरे द्वारा फार्म जमा किया गया था। लेकिन आज पर्यन्त तक गैस नहीं मिल पाया है। ग्राम पंचायत झारगुड़ा के ग्रामवासी नटवरपुर के कोटवारी सेवा भूमि पर अवैध निर्माण को हटाए जाने एवं गांव में चल रहे महुआ शराब के अवैध बिक्री पर रोक लगाए जाने संबंधी आवेदन लेकर आए थे। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारी को आवेदन पर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी तरह तहसील कापू के ग्राम ठाकुरपोड़ी निवासी रसवति आर्थिक सहायता मांग हेतु आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि सर्पदंश के कारण मेरे पति की मृत्यु हो गई थी। जिसके लिए आर्थिक सहायता हेतु तहसील धरमजयगढ़ आवेदन दिया गया था, लेकिन उक्त आवेदन पर आज पर्यन्त कोई सुनवाई नहीं हो पायी है। टारपाली के 85 वर्षीय गोमती मालाकार वृद्धापेंशन दिलाए जाने हेतु आग्रह किया। तहसील पुसौर के ग्राम-कोसमंदा निवासी शुक्लाम्बर प्रधान ने बताया कि उनका कृषि भूमि खसरा नंबर 164 रकबा लगभग 8 डिसमिल भूमि पर आवेदक मौका पर काबिज है किन्तु राजस्व अभिलेख में आज पर्यन्त दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज कराए जाने हेतु आवेदन सौंपा। कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को आवेदन पर जांच करते हुए नियमानुसार उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तहसील पुसौर के ग्राम-जतरी निवासी रामकुमार डनसेना पटवारी से ऋण पुस्तिका नहीं मिलने हेतु शिकायत आवेदन लेकर आए थे। ग्राम भिखारीमाल के ग्रामवासी गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि गांव में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पीकर आए दिन गाली-गलौज एवं लड़ाई-झगड़ा करते रहते है। जिसकी वजह से गांव में अशांति फैली हुई है, वहीं गांव के छोटे-छोटे बच्चों पर भी बूरा असर पड़ रहा है। इसी तरह पुसौर के कुछ लोग मजदूरी भुगतान दिलाए जाने हेतु आग्रह किया। उन्होंने बताया कि छ.ग.रा.वि.मं मर्या.कोड़ातराई में संबंधित ठेकेदार के द्वारा हम मजदूरों से काम तो करवाया लेकिन दो माह का भुगतान नहीं दिया। इसके अलावा जनदर्शन में आए अन्य नागरिकों ने राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए आमजन को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

और भी

शासन की नीति से वनांचल में आएगा बड़ा बदलाव, गांव तक पहुंचेगा सड़क, शिक्षा व विद्युत विकास का लाभ,डीएमएफ से बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, वनांचल को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल

रायगढ़, 5 जनवरी 2026
खनन प्रभावित तमनार विकासखंड में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से स्वीकृत विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदलने जा रही है। शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा, सड़क, विद्युत एवं अन्य अधोसंरचनात्मक सुविधाओं के विस्तार के लिए ग्राम-ग्राम में योजनाबद्ध ढंग से कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनका सीधा लाभ प्रत्यक्ष खनन प्रभावित वनांचल क्षेत्रों के नागरिकों को मिलेगा।

डीएमएफ मद से ग्राम अमलीढ़ोढ़ा में पीएमजीएसवाय सड़क से समकेरा गौरव्हरी तक सड़क निर्माण कार्य के लिए 182.26 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस सड़क के निर्माण से अमलीढ़ोढ़ा सहित आसपास के गांवों को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों का संपर्क बाजार, स्वास्थ्य केंद्र, शैक्षणिक संस्थानों एवं प्रशासनिक कार्यालयों से बेहतर होगा, वहीं कृषि उत्पादों के परिवहन और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
शिक्षा अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बड़गांव एवं कचकोबा के हाई स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य के लिए प्रत्येक स्थान पर 35.18 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। वर्तमान में ग्राम पंचायत कचकोबा के हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से छात्रों को पर्याप्त अध्ययन कक्ष उपलब्ध होंगे और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में सहूलियत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत जिवरी एवं समारूमा में हाई स्कूल भवन निर्माण, ग्राम पंचायत महलोई में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन निर्माण, तथा ग्राम पंचायत दक्षिण रेगांव में हाई स्कूल भवन निर्माण कार्यों के लिए कुल 3 करोड़ 92 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन नए विद्यालय भवनों के निर्माण से वनांचल एवं खनन प्रभावित क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, सुविधायुक्त और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे विद्यालयों में नामांकन बढ़ेगा और ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी।
वहीं ग्राम पंचायत सराईपाली में वनधन केंद्र भवन मरम्मत एवं ट्रांसफार्मर स्थापना कार्य के लिए 7.03 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य के पूर्ण होने से वनधन केंद्र की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा स्थानीय स्तर पर वन आधारित आजीविका गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। बेहतर विद्युत सुविधा से स्व-सहायता समूहों, महिला समूहों एवं ग्रामीण उद्यमों को भी लाभ प्राप्त होगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में खनन प्रभावित तमनार विकासखंड के समग्र विकास के लिए डीएमएफ मद का प्रभावी और पारदर्शी उपयोग किया जा रहा है। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि शासन के निर्देश के अनुरूप खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास में संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी तथा आवश्यकता के अनुरूप शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, विद्युत, पेयजल सहित अन्य जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
स्वीकृत कार्यों के पूर्ण होने के पश्चात तमनार विकासखंड के प्रत्यक्ष खनन प्रभावित एवं वनांचल क्षेत्रों में अधोसंरचना सुदृढ़ होगी, आवागमन आसान होगा, शिक्षा की पहुंच बढ़ेगी और आजीविका के नए अवसरों का सृजन भी होंगे।

और भी

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से बदली हरिशंकर पटेल की तकदीर,उन्नत तकनीक व अनुदान से बढ़ा मछली उत्पादन, सालाना 3 लाख तक की आय

रायगढ़, 5 जनवरी 2026।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना ग्रामीण अंचलों में स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। इस योजना का प्रभावी उदाहरण रायगढ़ विकासखंड के ग्राम कलमी निवासी श्री हरिशंकर पटेल हैं, जिन्होंने शासन की योजना का लाभ उठाकर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ की, बल्कि मछली पालन के क्षेत्र में एक सफल और आत्मनिर्भर मत्स्य कृषक के रूप में पहचान स्थापित की है।

लगभग पाँच वर्षों से मत्स्य पालन से जुड़े श्री हरिशंकर पटेल ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत “स्वयं की भूमि में तालाब निर्माण” योजना का लाभ लिया। उन्होंने अपनी निजी भूमि पर 0.607 हेक्टेयर क्षेत्रफल में तालाब का निर्माण कर वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन की शुरुआत की। सामान्य वर्ग के मत्स्य कृषक होने के कारण उन्हें योजना के अंतर्गत 40 प्रतिशत अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे तालाब निर्माण एवं प्रारंभिक व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सहयोग मिला।

मत्स्य पालन विभाग द्वारा उन्हें रोहु, कतला एवं मृगल जैसी उन्नत प्रजातियों के मत्स्य बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्वयं के संसाधनों से पंगास और रूपचंदा मछली के बीज का संचयन भी किया, जिससे उत्पादन में विविधता आई और आय के नए अवसर सृजित हुए। श्री पटेल प्रतिवर्ष नवंबर से जनवरी के मध्य मत्स्याखेट करते हैं।
बाजार में उनके द्वारा उत्पादित कतला, रोहु एवं मृगल मछलियां 160 से 180 रुपए प्रति किलोग्राम, रूपचंदा 130 रुपए प्रति किलोग्राम तथा पंगास 110 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय होती हैं। बेहतर प्रबंधन, समय पर बीज संचयन एवं वैज्ञानिक पद्धति अपनाने के कारण उनके तालाब से निरंतर उत्कृष्ट उत्पादन प्राप्त हो रहा है।
वर्तमान में श्री हरिशंकर पटेल प्रतिवर्ष लगभग 60 से 70 क्विंटल मछली का उत्पादन कर रहे हैं, जिससे उन्हें सालाना 2.50 लाख से 3 लाख रुपए तक का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। यह आय न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर भी अग्रसर कर रही है।
आज श्री हरिशंकर पटेल प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के सफल लाभार्थी के रूप में अन्य मत्स्य कृषकों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि शासन की योजनाओं का सही दिशा में और वैज्ञानिक तरीके से लाभ उठाया जाए, तो ग्रामीण क्षेत्र में रहकर भी सम्मानजनक आय और स्थायी रोजगार प्राप्त किया जा सकता है।

और भी

कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा, सीएचसी पुसौर में हुआ निरीक्षण

रायगढ़, 5 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चन्द्रा एवं डीएनटी टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा एवं निरीक्षण किया गया।
             निरीक्षण के दौरान सीएचसी पुसौर में कुष्ठ रोग से संबंधित रिकॉर्ड एवं रिपोर्ट की विस्तृत जांच की गई। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद नायक के साथ कुष्ठ कार्यक्रम की प्रगति, उपचाराधीन प्रकरणों, दवा वितरण, फॉलो-अप एवं सर्विलांस गतिविधियों पर चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर सहमति बनाई गई। इसी क्रम में डूमरमुड़ा क्षेत्र में ग्रेड-2 अक्षमता से प्रभावित मरीज का साक्षात्कार लिया गया। मरीज की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, उपचार की निरंतरता, पुनर्वास एवं सामाजिक सहयोग से जुड़े पहलुओं की समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसके पश्चात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिड़मिड़ा में कुष्ठ कार्यक्रम से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई, जिसमें केस मैनेजमेंट, रेफरल प्रक्रिया एवं रिकॉर्ड संधारण की गुणवत्ता का आंकलन किया गया।
           जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चन्द्रा ने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार, अक्षमता की रोकथाम तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने नियमित फील्ड विजिट एवं सतत निगरानी के माध्यम से कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान संबंधित चिकित्सक, एनएमए श्री एम.पी. साहू, एनएमए श्री दिनेश यादव, अन्य स्टाफ तथा कुष्ठ कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

खनन प्रभावित अंचल में बदली बच्चों की सेहत की तस्वीर,दो वर्षों में 297 कुपोषित बच्चों को मिला संपूर्ण उपचार व पोषण सहारा

*

रायगढ़, 05  जनवरी 2026। खनन प्रभावित क्षेत्रों में निवासरत अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की राज्य शासन की प्रतिबद्धता को रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में साकार रूप मिलता दिखाई दे रहा है। जिला खनिज संस्थान न्यास निधि (डीएमएफ) रायगढ़ के माध्यम से स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में की गई योजनाबद्ध पहल ने कुपोषण जैसी गंभीर समस्या से जूझ रहे बच्चों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है।

इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तमनार में 10 बिस्तरीय पोषण पुनर्वास केन्द्र (एन.आर.सी) भवन का निर्माण डीएमएफ मद से निर्माण कर कुपोषण से मुक्त बनाने के लिए क्षेत्र को सौगात दी गई । इस भवन में आज पोषण पुनर्वास केंद्र के रूप में संचालित हो रही है और 
क्षेत्र के कुपोषित बच्चों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है।

वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तमनार में संचालित एनआरसी के माध्यम से विकासखण्ड तमनार एवं विकासखण्ड घरघोड़ा के कुल 297 कुपोषित बच्चों को लाभ मिला। इन बच्चों को 15 दिवस के लिए एनआरसी में भर्ती कर चिकित्सकीय देखरेख के साथ-साथ प्रोटीन युक्त, संतुलित एवं पौष्टिक आहार प्रदान किया गया, जिससे उनके शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक विकास को भी मजबूती मिली।
एनआरसी की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि यहां बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी देखरेख की प्रक्रिया में सहभागी बनाया जाता है। बच्चों की समुचित देखभाल के एवज में माताओं को प्रोत्साहन राशि भी प्रदाय की गई, जिससे परिवार की सहभागिता बढ़ी और उपचार की प्रभावशीलता सुनिश्चित हुई। इसका सकारात्मक असर यह रहा कि भर्ती अवधि के दौरान बच्चों के वजन, ऊर्जा स्तर और समग्र स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि रायगढ़ जिले का तमनार क्षेत्र खनन प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित है। ऐसे क्षेत्रों में डीएमएफ मद से बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य शासन द्वारा योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। पोषण पुनर्वास केन्द्र इसका जीवंत उदाहरण बन कर उभर रहा है, जहां खनन से प्रभावित समुदायों के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
डीएमएफ योजना के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे ये प्रयास “अंतिम व्यक्ति के उदय” अर्थात अंत्योदय की परिकल्पना को साकार कर रहे हैं।

और भी

बादलखोल अभ्यारण्य के इस बिट में वन सीमा का मुनारा वर्षों से मरम्मत के इंतज़ार में ,नाकेदार ओर दरोगा की लापरवाही बेनकाब,बढ़ सकता है अतिक्रमण का खतरा

जशपुर/नारायणपुर 05 जनवरी 2026 : जंगल की सीमाओं को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने तथा वन भूमि को अवैध कब्जे और अतिक्रमण से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा मुनारों (सीमा स्तंभों) का निर्माण कराया जाता है। ये मुनारे वन क्षेत्र की निश्चित सीमा को दर्शाते हैं, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों को भी यह स्पष्ट जानकारी रहे कि वन भूमि कहाँ तक फैली हुई है और कहाँ समाप्त होती है।
लेकिन बादलखोल अभ्यारण्य के नारायणपुर सर्किल अंतर्गत जाताकोना बिट की सीमा पर स्थित एक महत्वपूर्ण मुनारा पिछले कई वर्षों से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़ा हुआ है। यह मुनारा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और इसकी मरम्मत की ओर वन विभाग के जिम्मेदार दरोगा ओर नाकेदार ने अब तक कोई ध्यान नहीं दिया है।
         सूत्रों के अनुसार, यह स्थिति वन दरोगा एवं नाकेदार की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है। वर्षों से यह मुनारा उसी हालत में पड़ा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इसकी मरम्मत कराना संबंधित अधिकारियों की प्राथमिकता में नहीं है। आश्चर्य की बात यह है कि थोड़ी-सी मरम्मत कराकर भी इस मुनारे को सुरक्षित किया जा सकता है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई।यदि यही लापरवाही आगे भी जारी रही, तो आने वाले समय में यह मुनारा पूरी तरह नष्ट हो सकता है। इससे न केवल वन सीमा अस्पष्ट हो जाएगी, बल्कि भविष्य में वन भूमि पर अतिक्रमण की संभावनाएँ भी बढ़ सकती है। 
      गौरतलब है कि बादलखोल अभ्यारण्य में वन दरोगा और नाकेदार के साथ-साथ समय समय पर स्थानीय फायर वाचर भी कार्यरत रहते हैं। यदि जिम्मेदार विभागीय कर्मचारियों में इच्छाशक्ति होती, तो फायर वाचरों की सहायता से मुनारे की मरम्मत कराई जा सकती थी। लेकिन इतने वर्षों बाद भी मुनारे का न सुधार पाना जिम्मेदारों की उदासीनता को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बादलखोल अभ्यारण्य क्षेत्र में समय-समय पर विभिन्न निर्माण कार्य होते रहते हैं। यदि विभाग चाहता, तो इन निर्माण कार्यों के साथ ही मुनारे की मरम्मत भी कराई जा सकती थी। अगर सूत्रों की माने तो विभाग की ओर से मुनारा रिपेयरिंग के लिए बीच बीच मे बजट राशि उपलब्ध कराई जाती है उसके बावजूद भी मरम्मत न होना नाकेदार और दरोगा की कार्यशैली पर सवाल खड़ा होना स्वाभाविक है।
वन भूमि की सुरक्षा के लिए मुनारों का मजबूत और सुरक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में वन विभाग के उच्च अधिकारियों को इस मामले में संज्ञान लेते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए तथा शीघ्र मुनारे की मरम्मत कराकर वन सीमा को सुरक्षित किया जाना चाहिए।

और भी

औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन सख्त, रायगढ़ में 03 कारखानों के विरुद्ध श्रम न्यायालय में आपराधिक प्रकरण दर्ज

रायगढ़, 04 जनवरी 2026। जिला प्रशासन द्वारा जिले में औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सम्भाग रायगढ़ द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान कारखाना अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ कारखाना नियमावली के प्रावधानों की अवहेलना करने वाले कारखानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले में स्थापित कारखानों में घटित औद्योगिक दुर्घटनाओं की जांच एवं निरीक्षण के दौरान पाए गए गंभीर उल्लंघनों के आधार पर कारखाना अधिनियम, 1948 एवं छत्तीसगढ़ कारखाना नियमावली 1962 के अंतर्गत कुल 03 कारखानों के विरुद्ध श्रम न्यायालय रायगढ़ में आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
       औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सम्भाग रायगढ़ के उप संचालक श्री राहुल पटेल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाना पाया गया, जिससे श्रमिकों की जान एवं स्वास्थ्य को खतरा उत्पन्न हुआ। इन परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कारखानों के अधिभोगियों एवं प्रबंधकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। दायर प्रकरणों में मेसर्स सुनील इस्पात एंड पावर प्रा. लि., ग्राम चिरईपानी, पोस्ट लाखा के अधिभोगी एवं कारखाना प्रबंधक श्री प्रमोद कुमार तोला के विरुद्ध कारखाना अधिनियम की धारा 7ए(2)(ए) एवं 7ए(2)(सी) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसी प्रकार मेसर्स आर.एस. इस्पात (रायगढ़) प्रा. लि., ओ.पी. जिंदल इंडस्ट्रियल पार्क, पूंजीपतरा के अधिभोगी एवं कारखाना प्रबंधक श्री विवेक चंद्र उपाध्याय के विरुद्ध कारखाना अधिनियम, 1948 की धारा 7ए(2)(ए) एवं धारा 21(1)(4) के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं मेसर्स एमएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड, ग्राम एवं पोस्ट जामगांव के अधिभोगी श्री प्रदीप कुमार डे के विरुद्ध कारखाना अधिनियम की धारा 7ए(2)(डी) एवं 7ए(2)(ए) के अंतर्गत आपराधिक प्रकरण दायर किया गया है। उप संचालक श्री पटेल ने बताया  कि श्रमिकों की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी कारखाना अधिनियम का उल्लंघन करने वाले किसी भी कारखाने के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

और भी

शिक्षा किसी भी समाज की रीढ़, ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी सुविधाएँ देना सरकार की प्राथमिकता : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी — डोंगीतराई में 70 लाख की लागत से स्कूल अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन

रायगढ़, 04 जनवरी 2026 //वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने आज डोंगीतराई स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इसके अंतर्गत 06 अतिरिक्त कक्ष, 02 स्टाफ रूम, 01 प्राचार्य कक्ष तथा बालक-बालिका शौचालय का निर्माण किया जाएगा। अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा तथा विद्यालय में बढ़ती छात्र संख्या की समस्या का समाधान संभव हो सकेगा।
     इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की रीढ़ होती है और सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य में सरकार के गठन के बाद से जनहित में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाया जाए। उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि डोंगीतराई पंचायत की 502 महिलाओं को अब तक लगभग 1 करोड़ 54 लाख रुपये की सहायता राशि सीधे उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है। वहीं महतारी शक्ति ऋण योजना के माध्यम से महिलाओं को कम ब्याज दर पर 25 हजार रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
       वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि डोंगीतराई एवं भरारीडीह पंचायत में 502 हितग्राहियों को पक्के आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिसके लिए करोड़ों रुपए की राशि जारी की गई है। उन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, रामलला दर्शन योजना एवं तीर्थ यात्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अपने संकल्पों को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। वित्त मंत्री ने बताया कि विद्यालय परिसर के समग्र विकास एवं बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए डीएमएफ मद से भी आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की स्वीकृति पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राधेश्याम राठिया, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, महेश साहू, जनपद अध्यक्ष सुजाता चौहान, सनत नायक, जिला पंचायत सदस्य गोपाल अग्रवाल एवं मधु पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

और भी

कलेक्टर के सख्त निर्देश पर रायगढ़ जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई—एक सप्ताह के सघन अभियान में 31 वाहन जप्त

रायगढ़, 04 जनवरी 2026/कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला खनिज अमला रायगढ़ द्वारा विगत एक सप्ताह के दौरान सघन अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अवैध परिवहन के प्रकरणों में खनिज रेत के 27 ट्रैक्टर एवं 1 हाईवा, निम्न श्रेणी चूनापत्थर के 2 हाईवा तथा बोल्डर परिवहन में संलिप्त 1 ट्रैक्टर को जप्त किया गया। इस प्रकार कुल 31 वाहनों को जप्त कर कलेक्ट्रेट परिसर, थाना खरसिया एवं रैरूमाचौकी में सुरक्षार्थ रखा गया है।
      खनिज मुरूम एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की लगातार प्राप्त शिकायतों पर कलेक्टर के निर्देशानुसार  02 जनवरी की रात्रि में ग्राम पंचायत संबलपुरी तहसील रायगढ़ में खनिज अमले द्वारा आकस्मिक जांच की गई। जांच के दौरान मौके पर एक जेसीबी एवं तीन टिपर वाहनों के माध्यम से खनिज मुरूम का अवैध उत्खनन एवं परिवहन किया जाना पाया गया। जांच के दौरान वाहन चालक के कथनानुसार उक्त अवैध उत्खनन कार्य रायगढ़ निवासी हरिओम अग्रवाल द्वारा कराया जाना बताया गया। प्रकरण में संलिप्त सभी वाहनों को जप्त कर कलेक्ट्रेट परिसर रायगढ़ में सुरक्षार्थ रखा गया है।
        जिला खनिज अधिकारी श्री रामाकांत सोनी ने बताया कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। उक्त कार्रवाई में खनिज निरीक्षक श्री सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमले की सक्रिय भूमिका रही।

और भी

ऑपरेशन मुस्कान के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता, दो गुम नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

जशपुर : 4 जनवरी 2026

     जशपुर जिले में गुम नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत जशपुर पुलिस ने दो अलग–अलग मामलों में दो गुम नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं एक मामले में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

         पहला मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका 18 दिसंबर 2025 को कंप्यूटर क्लास जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा तलाश के बाद 21 दिसंबर को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुम इंसान एवं बीएनएस की धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और परिजनों के सहयोग से पता चला कि बालिका चौकी दोकड़ा क्षेत्र में अपनी सहेली के पास है। 3 जनवरी 2026 को पुलिस टीम ने बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह पारिवारिक नाराजगी के कारण सहेली के पास चली गई थी और उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

          दूसरा मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र का है, जहां 14 वर्ष 8 माह की नाबालिग बालिका 1 जनवरी 2026 की रात घर से लापता हो गई थी। परिजनों की रिपोर्ट पर 3 जनवरी को थाना नारायणपुर में गुम इंसान एवं बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पड़ोसी गांव का युवक लक्ष्मण राम (उम्र 21 वर्ष) बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर से नाबालिग बालिका को बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया। बालिका के कथन के आधार पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64, 65(1), 71, 87 एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

    इस पूरे अभियान में थाना सिटी कोतवाली एवं थाना नारायणपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

रायगढ़ विकास की नई तस्वीर: गार्डन, रिंग रोड और सड़कों पर फोकस , लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने रायगढ़ में चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर कर रहे प्रयास-वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी

रायगढ़, 4 जनवरी 2026/ रायगढ़ को एक सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने के लिए ठोस योजना के साथ निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से बड़े प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारकर आम नागरिकों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने आज शहर के विभिन्न वार्डों में 1 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। 
              मौके पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध त्यौहार छेरछेरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पहले रायगढ़ में केवल एक बड़ा गार्डन था, लेकिन अब अगले 5 वर्षों में 10 बड़े गार्डनों की श्रृंखला विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में शहर के हृदय स्थल इतवारी बाजार में 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ऑक्सीजोन का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। किसान राइस मिल के पास 13 करोड़ रुपये, राजीव नगर में दुग्ध डेयरी के पास 4 करोड़ रुपये की लागत से गार्डन निर्माण के कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा कोसाबाड़ी बस डिपो, कयाघाट एवं खर्रा घाट में भी बड़े गार्डन विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरवासियों के स्वास्थ्य और जीवनशैली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आगामी समय में लगभग 20 स्थानों पर ओपन जिम भी विकसित किए जाएंगे।
             वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शहर में जहां-जहां खाली भूमि उपलब्ध है, वहां सुनियोजित तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। रायगढ़ की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से रिंग रोड परियोजना पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही कोतरा रोड थाना चौक से ढिमरापुर, मेडिकल कॉलेज रोड, महापल्ली मार्ग तथा ढ़िमरापुर से जिंदल की ओर फोरलेन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक, राजमहल चौक, इंदिरा नगर, कयाघाट एवं मेडिकल कॉलेज चौक जैसे प्रमुख स्थलों का एक साथ विकास कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे शहर का स्वरूप बदलेगा और यातायात सुगम होगा। उन्होंने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ वार्ड स्तर पर भी छोटे-छोटे विकास कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं, ताकि विकास का लाभ शहर के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और रायगढ़ का समग्र विकास हो।
         वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि पंजरी प्लांट क्षेत्र में वर्तमान में कोई सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए वहां उपयुक्त स्थान का चयन कर लगभग 25 लाख रुपए की लागत से एक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे छोटे-मोटे कार्य, आजीविका गतिविधियों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु 1.5 लाख रुपए की राशि स्वेच्छानुदान से स्वीकृत की गई है, जिससे मंदिर का संरक्षण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। 
          महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शहर में बड़े-बड़े विकास परियोजनाओं पर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुनियोजित विकास के तहत जहां एक ओर बड़े प्रोजेक्ट स्वीकृत किए जा रहे हैं, वहीं आमजन से जुड़े छोटे-छोटे कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ मंजूरी दी जा रही है।
            इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, श्री सुरेश गोयल, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री पंकज कंकरवाल, श्री विवेक रंजन सिन्हा, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री पावन अग्रवाल, श्री विकास केडिया, श्री गौतम अग्रवाल, श्री पवन शर्मा, श्री सतपाल बग्गा, श्री दीपेश सोलंकी, श्रीमती शीला तिवारी, एमआईसी सदस्यगण, पार्षद श्रीमती अनुपमा शाखा यादव, पार्षद श्री शेख सलीम नियारिया, पार्षद श्री अक्षय कुलदीप, मधु नायक, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एसडीएम श्री महेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

*युवाओं के भविष्य के लिए 40 करोड़ का नालंदा परिसर*
वित्त मंत्री ने बताया कि युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए 40 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण अंतिम चरण में है। यह परिसर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा। साथ ही फिजियोथेरेपी कॉलेज, प्रयास विद्यालय, कला एवं संगीत महाविद्यालय तथा हार्टीकल्चर कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थानों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में रायगढ़ को नई पहचान मिलेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि गढ़उमरिया में बालिकाओं के लिए ‘नव गुरुकुल’ की स्थापना की गई है, जहां 2 वर्षों का पूर्णतः निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान आवास, भोजन एवं अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात बालिकाएं 40 हजार रुपये से अधिक की आय अर्जित करने में सक्षम होंगी।

*इन कार्यों का हुआ शिलान्यास*
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने आज शहर के विभिन्न वार्डों में 1 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें वार्ड क्रमांक 01 में ओमप्रकाश के घर के सामने शेड निर्माण कार्य राशि 5.55 लाख का किया गया है। इसी वार्ड क्रमांक 01 में पटेल के घर से सुरेश साहू के घर, नागेश सोनी के घर एवं सिदार घर से पटवा के घर तक आर.सी.सी. स्लैब निर्माण कार्य राशि 1.66 लाख का किया गया है। वार्ड क्रमांक 02 में शंकर मंदिर से पवन गुप्ता के घर होते हुए तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 12.29 लाख का किया गया है। वार्ड क्रमांक 03 में द्रोपती के घर से राजकुमार के घर तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 3.88 लाख एवं राजू कुम्हार के घर से भगतु के घर तक नाली निर्माण कार्य राशि 3.61 लाख का किया गया है। इसी वार्ड क्रमांक 03 में विपिन डेहरी के घर से मालती के घर तक नाली निर्माण कार्य राशि 4.30 लाख का किया गया है। वार्ड क्रमांक 04 में नानदाई के घर से सुनाउ चौहान के घर तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 3.86 लाख एवं उर्मिला भगत के घर से कपिल तिग्गा के घर होते हुए मदन रामभगत के घर तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 9.36 लाख का किया गया है। वार्ड क्रमांक 14 में बाजपेयी के घर से महावीर चौक तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 8.55 लाख एवं अशरफ खान के घर से बाजपेयी के घर तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 7.35 लाख रुपए शामिल है।
           वार्ड क्रमांक 12 में गांजा चौक से सन्नु ठाकुर घर तक सीसी सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 7.59 लाख का किया गया है। इसी वार्ड क्रमांक 12 में सुरेश अग्रवाल के घर से आंगनबाड़ी नाईपारा तक नाली निर्माण कार्य 7.69 लाख, वार्ड क्रमांक 13 दीनु यादव घर से पप्पू घर तक आरसीसी नाली निर्माण 7.96 लाख एवं पुलिस लाईन कालोनी में धनगुन घर से बापूनगर नाला तक आरसीसी नाली निर्माण कार्य 7.23 लाख, वार्ड क्रमांक 14 बाजपेयी घर से महावीर चौक तक सीसी सड़क निर्माण कार्य 8.55 लाख एवं अशरफ खान घर से बाजपेयी घर तक सीसी सड़क निर्माण कार्य 7.35 लाख, वार्ड क्रमांक 15 में मोदी घर से ठाकुर घर तक सीसी सड़क निर्माण कार्य 2.50 लाख एवं बुढ़ी माई मंदिर ट्रांसफार्मर से केशरवानी स्टोर तक सीसी सड़क निर्माण कार्य 9.23 लाख, वार्ड क्रमांक 17 में गुप्ता बेटल शॉप से गहना ज्वेलर्स तक सीसी सड़क निर्माण कार्य 5.56 लाख एवं पटेल पान ठेला से राधाकृष्ण दुकान सीसी सड़क निर्माण कार्य 5.92 लाख, वार्ड क्रमांक 25 लोचन नगर में साईं मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण कार्य राशि 8.00 लाख का किया गया है। इसी वार्ड क्रमांक 25 लोचन नगर में गुलमित चौहान के घर से जमुना नाग तक आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य राशि 7.14 लाख का किया गया है। वार्ड क्रमांक 26 में संतोष त्रिपाठी के घर से दम्पू नायक के घर तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 8.52 लाख एवं डॉ. गुप्ता के घर से हीरा साहू से मुन्ना बिहारी के घर तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 9.58 लाख का किया गया है। वार्ड क्रमांक 27 में अम्बेडकर आवास से मुख्य सड़क तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 9.98 लाख एवं शिव मंदिर से मन्टू शुटर के घर तक आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य राशि 9.64 लाख एवं रामचन्द्र गुप्ता के घर से शुक्ला के घर तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य राशि 2.72 लाख का किया गया है।

और भी

जशपुर में मानसिक रूप से कमजोर मूक-बधिर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया


जशपुर, 03 जनवरी 2026:
        जशपुर पुलिस ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों की संवेदनशीलता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई करते हुए केवल कुछ घंटों में एक गंभीर दुष्कर्म मामले का खुलासा किया। आरोपी माइकल टोप्पो (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामले का विवरण:
       पुलिस के अनुसार, यह घटना 02 जनवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के एक ग्राम में हुई। पीड़िता की 26 वर्षीय बड़ी बहन मानसिक रूप से कमजोर और मूक-बधिर है। उस दिन परिवार के सदस्य लकड़ी लेने जंगल गए हुए थे और खेत में काम कर रहे थे। घर में अकेली रहने वाली पीड़िता की बड़ी बहन के साथ आरोपी ने आपत्तिजनक हरकत की।
पीड़िता की छोटी बहन जब लकड़ी लेकर घर लौटी तो उसने बड़ी बहन को घर में नहीं पाया। खोजबीन के दौरान वह अपनी बड़ी बहन को गांव की गौशाला के पास आपत्तिजनक स्थिति में पाई। आरोपी ने कपड़े पहनते हुए मौके से भागने की कोशिश की।

      घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली जशपुर ने तुरंत आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(झ)(ट), 332(b) के तहत अपराध दर्ज किया। एफएसएल टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया गया और आरोपी को उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण भी डॉक्टर से कराया गया।
      गिरफ्तार आरोपी माइकल टोप्पो ने पुलिस पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

   थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक स्नेहलता सिंह, महिला प्रधान आरक्षक सावित्री भगत, महिला आरक्षक जया देवी और आरक्षक रवि राम ने मामले की त्वरित जांच और गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई।
      वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों को गंभीरता से लेती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

और भी

छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा - बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित

रायपुर 3 जनवरी 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि विश्वास, विकास और सुरक्षा ही बस्तर की नई दिशा है, जहाँ अब हिंसा नहीं, शांति ही एकमात्र विकल्प बन चुकी है। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर रेंज के बीजापुर और सुकमा जिलों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान में निर्णायक सफलता प्राप्त हुई है, जिसमें 14 माओवादियों को न्यूट्रलाइज़ किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति, सतत दबाव और मजबूत जमीनी पकड़ के कारण माओवादी नेटवर्क तेजी से कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब विकास, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है। यह परिवर्तन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व, सुरक्षा बलों की अदम्य वीरता एवं प्रतिबद्धता, संवेदनशील पुनर्वास नीति तथा बस्तर की जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। 

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों के शौर्य को नमन करते हुए अभियान में शामिल सभी जवानों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जो लोग अब भी हिंसा का रास्ता चुन रहे हैं, वे आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ें, सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएँ और सम्मानपूर्वक जीवनयापन करें अन्यथा राज्य शासन और सुरक्षा बल कानून एवं संविधान के अनुरूप अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की अंधेरी रात अब अपने अंतिम चरण में है और बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित है।

और भी

प्रधानमंत्री आवास योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को मिला पक्का घर

जशपुरनगर 3 जनवरी 2026//प्रधानमंत्री आवास योजना ने देशभर में आवासहीन परिवारों के लिए नई उम्मीदें जगाई हैं। मनोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत बुमतेल निवासी श्री प्रदीप राम उरांव पिता श्री राम जन योजना से लाभान्वित होकर अपने पक्के मकान के सपने को साकार कर रहे हैं। खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले श्री प्रदीप का जीवन कच्चे घर में अनेक कठिनाइयों से गुजरता था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था, हर वर्ष घर की मरम्मत करनी पड़ती थी और बच्चों की पढ़ाई में भी बाधाएँ आती थीं।

प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत उन्हें 1.20 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह आवास उनके परिवार के लिए एक स्थायी और सुरक्षित आश्रय साबित होगा।

सिर्फ आवास ही नहीं, बल्कि शासन की अन्य योजनाओं का भी लाभ श्री प्रदीप को मिल रहा है। उन्हें राशन कार्ड के माध्यम से सस्ती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा है और आयुष्मान भारत कार्ड के जरिए परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा प्राप्त है। इन योजनाओं ने उनके जीवन को और अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया है।

श्री प्रदीप राम ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री आवास योजना हमारे जैसे गरीब परिवारों के लिए वरदान है। इस योजना ने हमें सुरक्षित छत, स्वास्थ्य सुरक्षा और खाद्यान्न की सुविधा देकर वह सम्मान दिया है जिसकी कल्पना हमने वर्षों से की थी।”

प्रधानमंत्री आवास योजना केवल पक्का घर बनाने की योजना नहीं है, बल्कि यह जरुरतमंद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और स्थायी जीवन का आधार बन चुकी है।

और भी

अग्निवीर भर्ती रैली के लिए एडमिट कार्ड जारी,छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल

जशपुरनगर 3 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ में जनवरी 2026 में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के लिए भारतीय सेना द्वारा प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी कर दिए गए हैं। सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर  द्वारा यह भर्ती रैली 10 से 24 जनवरी 2026 तक इंडोर स्टेडियम, धमतरी में आयोजित की जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के पुरुष अभ्यर्थी भाग लेंगे। इस भर्ती रैली के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं पास) पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना द्वारा 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग लेने के पात्र होंगे।
सेना भर्ती कार्यालय द्वारा रैली में सम्मिलित होने वाले योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं तथा अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजे गए हैं। भर्ती रैली में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, रैली अधिसूचना में उल्लेखित सभी आवश्यक दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य होगा।

     किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के नजदीक स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और चयन केवल योग्यता एवं प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। अभ्यर्थियों को दलालों एवं प्रलोभन देने वालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

और भी