ताजा खबरें


बड़ी खबर

प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने घर-वापसी यज्ञ के माध्यम से सनातन धर्म की करुणा और सांस्कृतिक समरसता का जीवंत संदेश दिया, 210 धर्मांतरित सदस्यों को सम्मानपूर्वक पुनः हिन्दू धर्म में जोड़ा

"छद्म रूप से मतांतरण के राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को रोकना हर एक देश भक्त का कर्तव्य हैं" - प्रबल प्रताप सिंह जूदेव

210 धर्मान्तरित सदस्य पुनः अपने सनातनी जड़ो से जुड़े

जांजगीर-चाम्पा : 23/01/26 को जिला जांजगीर-चाम्पा के चाम्पा नगर में नगरवासियों द्वारा, धर्म जागरण समन्वय विभाग के तत्वावधान में आयोजित "विराट हिन्दू सम्मेलन" का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में घर-वापसी प्रमुख श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में सहभागिता की।

इस पावन अवसर पर सनातन संस्कृति से भटके हुए धर्मांतरित बंधुओं का पाद प्रक्षालन, वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधिवत धार्मिक संस्कारों के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक पुनः हिन्दू धर्म में घर-वापसी कराई गई। यह दृश्य सनातन धर्म की करुणा, समरसता एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण का जीवंत प्रतीक रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि 

“यह कार्य केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन धर्म के पुनर्जागरण का संकल्प है। पूज्य पिताजी स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव जी के विचारों, संघर्षों और जीवनभर चले घर-वापसी अभियान से प्रेरणा लेकर यह संकल्प है कि जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति अपने मूल सनातन संस्कारों से नहीं जुड़ जाता, तब तक यह अभियान निरंतर, निर्भीक और प्रतिबद्ध भाव से चलता रहेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि हिन्दू समाज की एकता, सांस्कृतिक स्वाभिमान और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए घर-वापसी का यह यज्ञ भविष्य में और अधिक व्यापक स्वरूप में निरंतर जारी रहेगा।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता प्रांत कार्यवाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सम्मानीय श्री चंद्रशेखर देवांगन जी, ज्योतिष रत्न पं. पी. एस. त्रिपाठी जी, काली उपासक जांजगीर स्वामी सुरेंद्र नाथ जी, प्रांत प्रमुख धर्मजागरण श्री राजकुमार चंद्र जी, प्रांत संयोजिका घर-वापसी प्रमुख श्रीमती अंजू गबेल जी, नगर संघचालक चाम्पा श्री शांति सोनी जी, नगर कार्यवाह चाम्पा श्री लक्की सोनी जी, सतनामी समाज प्रमुख श्री आनंद प्रकाश गिरी जी, प्रांत परियोजना प्रमुख धर्मजागरण श्री शंकर लाल साव जी, चाम्पा के राजा कुँवर विरेन्द्र बहादुर सिंह जी, युवा टोली के नेतृत्वकर्ता दिग्विजय सिंह, समाजसेवी मंजूषा पाटले एवं मातृ शक्ति टीम सहित अनेक गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में सनातनी क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र, धर्म और समाज की एकता के संकल्प के साथ हुआ।

और भी

29 से 31 जनवरी तक रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेला,15 हजार से अधिक निजी क्षेत्र के पदों पर होगा साक्षात्कार

रायगढ़, 22 जनवरी 2026/ राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा आगामी 29, 30 एवं 31 जनवरी 2026 को शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार, रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों द्वारा अधिसूचित लगभग 15 हजार रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। रोजगार मेले में भाग लेने वाले नियोक्ताओं तथा उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in पर उपलब्ध है, जहाँ से अभ्यर्थी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 
              जिला रोजगार अधिकारी रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित तिथि के अनुसार जिला रायगढ़ हेतु कुल 2870 पंजीकृत आवेदकों के लिए 31 जनवरी 2026 दिन शनिवार निर्धारित की गई है। पंजीकृत आवेदक निर्धारित तिथि को राज्य स्तरीय रोजगार मेले में उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग लें सकते है।

और भी

उल्लास मेला का आयोजन 26 जनवरी को,नव भारत साक्षरता कार्यक्रम से लाखों वयस्कों को मिल रहा नया आत्मविष्वास

रायगढ़, 22 जनवरी 2026/ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत संचालित उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आगामी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को छत्तीसगढ़ राज्य के प्रत्येक ग्राम में उल्लास मेला आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, रायपुर द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
          उल्लास कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के उन वयस्कों को सशक्त बनाना है, जिन्होंने औपचारिक स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं की है। वर्ष 2023 से प्रारंभ इस महत्वाकांक्षी अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 10 लाख नवसाक्षर साक्षर हो चुके हैं, जिन्हें एनआईओएस के माध्यम से प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए हैं।
          गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित उल्लास मेले में बुनियादी साक्षरता, संख्या ज्ञान, डिजिटल साक्षरता, स्वास्थ्य साक्षरता एवं जीवन कौशल से जुड़े विविध स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों का निर्माण एवं संचालन नवसाक्षर, स्वयंसेवक एवं शिक्षार्थी स्वयं करेंगे, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। निर्देशानुसार मेला ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ उल्लास शपथ के साथ होगा। आवश्यकतानुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फूड स्टॉल भी लगाए जा सकेंगे। ग्राम प्रभारी द्वारा स्टॉल संचालन की सभी तैयारियाँ पूर्व में सुनिश्चित की जाएंगी। यह उल्लास मेला केवल 26 जनवरी तक सीमित न रहकर आगामी राष्ट्रीय पर्वों, त्यौहारों एवं महत्वपूर्ण दिवसों पर भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया, टीवी, रेडियो एवं अन्य माध्यमों से किया जाएगा। आयोजन से संबंधित समस्त जानकारी 29 जनवरी तक निर्धारित गूगल फॉर्म में संकलित कर राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण कार्यालय को प्रेषित की जाएगी, जिससे असाक्षरों को साक्षर बनाने हेतु प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके।

और भी

विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य त्रुटिरहित, स्वच्छ एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना: संभागायुक्त सुनील जैन,सभी दलों से सक्रिय सहयोग की अपील

रायगढ़, 22 जनवरी 2026/ बिलासपुर संभाग आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर श्री सुनील जैन ने आज जिला कलेक्ट्रेट रायगढ़ के सभाकक्ष में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की बैठक लेकर विशेष गहन पुनरीक्षण (अहर्ता तिथि 01.01.2026) के अंतर्गत जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। संभाग आयुक्त श्री जैन ने बताया कि रायगढ़ जिले में एक लोकसभा एवं चार विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत कुल 1217 मतदान केंद्रों पर विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य नियमानुसार एवं सतत रूप से किया जा रहा है। प्रारंभिक प्रकाशन के अनुसार जिले में कुल 8,33,681 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 4,14,389 पुरुष, 4,18,274 महिला तथा 18 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
            संभागायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में मृत्यु, स्थानांतरण, अनुपस्थित एवं अन्य कारणों से संबंधित प्रविष्टियों का शुद्धिकरण कार्य निरंतर जारी है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत अब तक 18,923 मृत्यु, 39,850 स्थानांतरण, 18,713 अनुपस्थित, 3,175 पूर्व से दर्ज तथा 327 अन्य कारणों से संबंधित प्रविष्टियाँ चिन्हांकित की गई हैं, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 21 जनवरी तक नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन के लिए कुल 6,283 दावे-आपत्तियाँ प्राप्त हुई हैं, जिनका विधिवत परीक्षण कर निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
           संभागायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया था। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक किया जाएगा, जबकि 21 फरवरी 2026 को निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य त्रुटिरहित, स्वच्छ एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो। इस दिशा में निर्वाचन आयोग के साथ-साथ राजनीतिक दलों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
           बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्राप्त दावा-आपत्तियों के समयबद्ध एवं पारदर्शी निराकरण हेतु प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में श्री मनीष गांधी, श्री इनोसेंट कुजूर, श्री समय लाल, श्री बनवारी लाल डहरे, श्री आशीष शर्मा, श्री गोपाल बापोड़िया, श्री प्रिंकल दास, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा, संबंधित ईआरओ-एईआरओ उपस्थित रहे।

और भी

एलबीएसएनएए निदेशक श्री श्रीराम तरानिकांति का रायगढ़ दौरा, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का लिया जायजा

रायगढ़, 22 जनवरी 2026/
मसूरी स्थित प्रतिष्ठित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) के निदेशक श्री श्रीराम तरानिकांति आज रायगढ़ जिले के दौरे पर पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने शहर की प्रमुख नागरिक व्यवस्थाओं का स्थलीय अवलोकन किया और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत को परखा।
दौरे के दौरान श्री तरानिकांति ने रायगढ़ शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, साफ-सफाई, ट्रैफिक प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने शहरी प्रबंधन में नवाचार, संसाधनों के बेहतर उपयोग और नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके पश्चात जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में प्रशासनिक एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल, जिला वन मंडलाधिकारी श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, सहायक कलेक्टर श्री अक्षय डोसी, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, श्री रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एलबीएसएनएए निदेशक श्री तरानिकांति ने अधिकारियों से विभागवार कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नगर निगम रायगढ़ क्षेत्र की जनसंख्या, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई व्यवस्था, मानव संसाधन, ट्रैफिक प्रबंधन एवं प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इसके साथ ही उन्होंने जिले के वन क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, कृषि, महिला एवं बाल कल्याण तथा अधोसंरचना विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी जानकारी ली। श्री तरानिकांति ने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आपसी समन्वय एवं नवाचार आधारित प्रशासनिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर मिल सके।

और भी

नगर पंचायत लैलूंगा में डीएमएफ मद से शासकीय कन्या हाई स्कूल का बनेगा नवीन भवन,कलेक्टर ने 77.32 लाख रुपए की दी प्रशासकीय स्वीकृति

रायगढ़, 22 जनवरी 2026/ नगर पंचायत लैलूंगा में शासकीय कन्या हाई स्कूल के लिए नवीन भवन निर्माण को कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 77 लाख 32 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से विद्यालय की अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी तथा छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
           कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने बताया कि नवीन भवन के निर्माण से वर्तमान में संचालित विद्यालय को पर्याप्त स्थान एवं सुविधाएं मिलेंगी। भवन में अतिरिक्त कक्षों के साथ विज्ञान प्रयोगशाला सहित आवश्यक शैक्षणिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी, जिससे छात्राओं को अध्ययन के साथ-साथ प्रयोगात्मक शिक्षा का भी अवसर मिलेगा। इससे विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा मिलेगा और छात्राओं की उपस्थिति एवं निरंतरता में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
            नवीन भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समयबद्ध पूर्णता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि छात्राओं को शीघ्र ही इसका लाभ मिल सके। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरुप जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ मद के प्रभावी उपयोग के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। खनन प्रभावित क्षेत्रों में नियमों के अनुरूप राशि स्वीकृत कर अधोसंरचना विकास के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से जहां क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है, वहीं आम नागरिकों विशेषकर विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।

और भी

स्वीप गतिविधियों के तहत महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायगढ़, 22 जनवरी 2026/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार युवाओं में लोकतांत्रिक सहभागिता को सशक्त बनाने तथा उन्हें मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत मतदाता जागरूकता संबंधी व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में शासकीय महाविद्यालय, धरमजयगढ़ में मतदाता जागरूकता विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं जिम्मेदारियों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं कुसमुरा कॉलेज में रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग सहित विविध रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार मतदान के लिए प्रेरित किया गया।  
             जिले के नवीन शासकीय महाविद्यालय चपले में स्वीप प्रभारी श्री राजेश कुमार लहरे के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के निर्णय अनुसार कु. निर्मला साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कु. वर्षा पाटेल को द्वितीय एवं कु. पल्लवी राना को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रो. राजेश कुमार लहरे ने आयोजित जिला स्तरीय बैठक में प्राप्त समस्त दिशा-निर्देशों की जानकारी दी तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को अनिवार्य रूप से मतदाता पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया गया।

और भी

समाज कल्याण विभाग की पहल, वृद्धजनों को मिला निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व परामर्श,डे केयर सेंटर एवं वृद्ध आश्रम में 31 हितग्राहियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

रायगढ़, 22 जनवरी 2026/ शासन की मंशानुरुप कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में वृद्धजनों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में डे केयर सेंटर, सियान गुड़ी जतन केंद्र परिसर, रायगढ़ एवं आशा निकेतन वृद्ध आश्रम, कौहाकुंडा रायगढ़ में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
             समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री शिवशंकर पाण्डेय ने बताया कि मार्गदर्शन में शिविर में कुल 31 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से 10 हितग्राहियों को मोतियाबिंद सर्जरी हेतु चिन्हांकित किया गया। आशा निकेतन वृद्ध आश्रम से 22 मरीज तथा डे केयर सेंटर सियान गुड़ी जतन केंद्र से 9 मरीज शिविर में शामिल हुए। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. प्रदीप पटेल, अजय कुशराम, नर्सिंग ऑफिसर अंशु पांडे, सुशील जायसवाल एवं देवेंद्र प्रसाद सोनी द्वारा इन हितग्राहियों की जांच की गई तथा उन्हें स्वस्थ जीवन शैली, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं संतुलित आहार के संबंध में आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं हितग्राहियों द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत शपथ भी ली गई, जिसमें नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर श्री उग्रसेन पटेल एवं श्री नवरतन सिंह बिंझवार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

टीईटी परीक्षा 1 फरवरी को,आधे घंटे पहले बंद होंगे परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार,प्रथम पाली में 30 व द्वितीय पाली में 47 परीक्षा केंद्र

रायगढ़, 22 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा 1 फरवरी  को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टी.ई.टी.) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए रायगढ़ जिले में व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। जिले में प्रथम पाली के लिए 30 परीक्षा केंद्र तथा द्वितीय पाली के लिए 47 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
            व्यापम द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों का मुख्य द्वार परीक्षा प्रारंभ के 30 मिनट पूर्व बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 9.30 बजे से प्रारंभ होगी, जिसके लिए मुख्य द्वार प्रातः 9 बजे बंद कर दिया जाएगा। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा अपरान्ह 3 बजे से प्रारंभ होगी तथा मुख्य द्वार दोपहर 2.30 बजे बंद किया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों से अपेक्षा की गई है कि वे परीक्षा केंद्र में कम से कम दो घंटे पूर्व उपस्थित होकर समय से प्रवेश सुनिश्चित करें।
           परीक्षा की तैयारियों के तहत व्यावसायिक परीक्षा मंडल के निर्देशानुसार केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षक क्रमांक 01 व 02 की प्रथम ब्रिफिंग आयोजित की गई। केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षक क्रमांक 02 की ब्रिफिंग समन्वय संस्था में संपन्न हुई, जबकि पर्यवेक्षक क्रमांक 01 की प्रथम ब्रिफिंग कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो की अध्यक्षता में आयोजित की गई। ब्रिफिंग के दौरान परीक्षा केंद्रों पर गोपनीय सामग्री के परिवहन, सामग्री खोलने की प्रक्रिया, परीक्षार्थियों के प्रवेश, पुलिस द्वारा सुरक्षा जांच, परीक्षा संचालन के दौरान सावधानियाँ, परीक्षा उपरांत गोपनीय सामग्री की पैकिंग एवं सुरक्षित वापसी से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अपर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि परीक्षा का संचालन व्यापम के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ किया जाए। किसी भी आपात स्थिति में जिला नोडल अधिकारी श्री धनराज मरकाम, सहायक नोडल अधिकारी अथवा पुलिस नोडल अधिकारी श्री सुशांतो बनर्जी को तत्काल सूचित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रथम ब्रिफिंग में जिला नोडल अधिकारी श्री धनराज मरकाम, पुलिस नोडल अधिकारी श्री सुशांतो बनर्जी, सहायक नोडल अधिकारी भुवनेश्वर पटेल, बाबूलाल पटेल, निराकार पटेल, सभी पर्यवेक्षक क्रमांक 01 एवं उड़नदस्ता दल के सदस्य उपस्थित रहे।

और भी

मनरेगा कार्यों में भ्रष्टाचार उजागर: अमृत सरोवर व तालाब गहरीकरण में गड़बड़ी, तकनीकी सहायक और रोजगार सहायक पद से बर्खास्त


अंबिकापुर 20 जनवरी 2026/  महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत निर्माण कार्यो में लापरवाही के संबंध में दोषी पाये जाने पर कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक श्री अजीत वसंत द्वारा लुण्ड्रा के तकनीकी सहायक दिवाकर प्रधान की सेवा समाप्त कर दी गई है, इसके साथ ही ग्राम रोजगार सहायक को भी पद से पृथक कर दिया गया। जनपद पंचायत लुण्ड्रा ग्राम पंचायत किरकिमा में प्राप्त शिकायत पर आवश्यक कार्यवाही की गई।

     प्राप्त जानकारी के अनुसार लुण्ड्रा मे पदस्थ तकनीकी सहायक दिवाकर प्रधान एवं ग्राम रोजगार सहायक संतोष यादव के द्वारा जानबूझकर की गई अनियमितता के लिए। जिसमें बनिया टोंगरी अमृत सरोवर एवं बरडांड तालाब गहरीकरण में मूल्यांकन के अनुसार कार्य स्थल पर कार्य नही होना पाया गया। अमृत सरोवर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में स्थल चयन में अनियमितता बरती गई तथा 03 वर्ष के भीतर एक तालाब को 02 बार स्वीकृत कराया गया। उक्त कार्य दिवाकर प्रधान द्वारा मनरेगा के प्रावधानों को दर किनार कर गुणवत्ताहीन तरीके से करा दिये गए।

    जांच दल द्वारा प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर तकनीकी सहायक पर राशि 3.51लाख तथा रोजगार सहायक के ऊपर राशि 9.31 लाख में राशि अधिरोपित की गई। इस हेतु दोनों को अंतिम चेतावनी पत्र जारी कर आरोपित राशि जमा करने हेतु निर्देशित किया गया था,किन्तु  कोई राशि जमा नहीं की गयी। प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत लुण्ड्रा को निर्देशित किया गया है। शिकायत के संबंध में कलेक्टर श्री वसंत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शासकीय योजनाओं के निर्माण कार्यों में अनियमितता को अनदेखा न किया जाए।

    जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन सजग है। जिसमें विगत छः माह के दौरान लुण्ड्रा के एक और तकनीकी सहायक अजीत कुमार सिंह, अम्बिकापुर के ग्राम पंचायत ससकालो के रोजगार सहायक अशीष कुमार,ग्राम पंचायत रनपुरकला की रोजगार सहायक श्रीमती पनमेश्वरी राजवाड़े, जनपद पंचायत उदयपुर ग्राम पंचायत भकुरमा की श्रीमती जोहानी एक्का एवं झिरमिटी के रोजगार सहायक विनय बजरंगी को भी पद से पृथक किया गया है।

और भी

युवा उड़ान कार्यक्रम में युवाओं को मिला प्रेरणा और मार्गदर्शन,पद्मश्री आनंद कुमार और लेखक नीलोत्पल मृणाल ने साझा किए सफलता के मंत्र


अंबिकापुर 22 जनवरी 2026/ जिले में कला केंद्र मैदान अम्बिकापुर में आयोजित युवा उड़ान कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन और आत्मविश्वास का सशक्त मंच साबित हुआ। कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध गणितज्ञ एवं सुपर 30 के संस्थापक पद्मश्री श्री आनंद कुमार तथा विश्वविख्यात लेखक श्री नीलोत्पल मृणाल ने युवाओं को सफलता, संघर्ष और जीवन के मूल्यों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा के युवाओं के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि उन्हें आनंद कुमार और नीलोत्पल मृणाल जैसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सुनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उड़ान पंखों से नहीं, बल्कि मेहनत से मिलती है। हमारी चाह और संकल्प ही हमें लक्ष्य तक पहुंचाते हैं। युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर ऊंची उड़ान का हौसला रखना चाहिए।

      कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा कि यह आयोजन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। वहीं राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर ने युवाओं से मंच से प्राप्त विचारों को ध्यानपूर्वक सुनकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि जिले के युवाओं को आज महान व्यक्तित्वों के अनुभवों और दृष्टिकोण को जानने का अवसर मिला है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की चुनौतियों को साझा करते हुए युवाओं को कठिन परिस्थितियों का सामना कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

    परीक्षाओं की तैयारी और सफलता का दिए मंत्र
कार्यक्रम में सुपर 30 के संस्थापक श्री आनंद कुमार ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के महत्वपूर्ण टिप्स और सफलता के मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि यहां बैठा हर बच्चा नायाब है और सभी में अद्भुत हुनर है। आवश्यकता है उस ताकत को पहचानने की और दुनिया में बेहतर कार्य कर मिसाल कायम करने की। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए जरूरी है कि जिस विषय में सफल होना है, उसी विषय को लेकर पूरी निष्ठा के साथ जीवन जिया जाए और किसी भी अन्य चीज को बीच में आने न दिया जाए। विषय समझने में कठिनाई आने पर हार मानने के बजाय निरंतर प्रयास करना चाहिए, क्योंकि लगातार मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है।
श्री आनंद कुमार ने कहा कि पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि रोमांचक बनाना चाहिए। आज इंटरनेट जैसे आधुनिक संसाधनों में हर समस्या का समाधान उपलब्ध है, आवश्यकता केवल सही दिशा में प्रयास करने की है। उन्होंने अपने करियर के संघर्षों और जीवन की चुनौतियों को साझा करते हुए कहा कि असुविधाएं मिलने पर पीछे नहीं हटना चाहिए, बल्कि धारा के विपरीत चलकर भी पत्थरों को तोड़ते हुए आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने युवाओं को सफलता के चार मंत्र भी बताए। उन्होंने कहा कि पहला मंत्र प्रबल प्रयास - जब तक सफलता न मिले, प्रयास करते रहना चाहिए। दूसरा मंत्र सकारात्मक सोच-जो निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। तीसरा मंत्र अथक परिश्रम - बिना रुके और बिना थके मेहनत करना ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। चौथा मंत्र असीम धैर्य -यदि प्रयास तुरंत सफल न हों तो निराश नहीं होना चाहिए। धैर्य रखते हुए परिश्रम निरंतर करते रहने से सफलता अवश्य मिलती है। पढ़ाई को लेकर बच्चों में बढ़ते डिप्रेशन पर उन्होंने कहा कि इसमें माता-पिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए।

डर से डरने के बजाए संघर्ष की आग में तपना ज़रुरी

कार्यक्रम में शामिल विश्वविख्यात लेखक श्री नीलोत्पल मृणाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही छत्तीसगढ़ की तकदीर है और एक परीक्षा किसी की तकदीर का फैसला नहीं करती। उन्होंने कहा कि डर से डरने के बजाय संघर्ष की आग में तपना होगा, तभी वास्तविक सफलता प्राप्त होगी। उन्होंने युवाओं को चेताया कि डिप्रेशन को पैशन न बनाएं, क्योंकि डिप्रेशन और पैशन एक साथ नहीं चल सकते। यदि भीतर आगे बढ़ने का पैशन है, तो सफलता निश्चित है। श्री मृणाल ने कहा कि संघर्ष हर व्यक्ति के आसपास मौजूद है और इसमें किसी भी प्रकार का बहाना नहीं होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि दूसरों की आकांक्षाओं को अपना बोझ बनाकर न ढोएं, बल्कि स्वयं यह निर्णय लें कि उन्हें किस क्षेत्र में जाना है और उसी लक्ष्य पर अडिग रहें। चाहे कोई भी विपरीत परिस्थितियां क्यों न आएं, अपने निर्णय से विचलित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मंच युवाओं में चेतना जगाने के उद्देश्य से है। यदि युवा दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें, तो आने वाला कल उन्हीं का होगा और वही भविष्य में इतिहास रचेंगे।

    कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दिव्या सिंह सिसौदिया एवं श्रीमती पायल सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरिमन्दर सिंह टिन्नी सहित जनप्रतिनिधिगण अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

और भी

टीईटी 2026 शिक्षक पात्रता परीक्षा के दौरान रायगढ़ जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु 3 से 5 सदस्यीय उड़नदस्ता दल का गठन

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा 01 फरवरी 2026 को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी-26) दो पालियों में आयोजित होगी। जिसमें प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 9.30 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित होगी। इसी तरह द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3.30 बजे से शाम 5.45 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, रायगढ़ द्वारा आदेश जारी कर जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए 3 सदस्यीय उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है। उड़नदस्ता दल परीक्षा अवधि के दौरान संबंधित परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखेगा। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल जिला नोडल अधिकारी के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
     प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में आयोजित परीक्षा में जिन 3 सदस्यीय उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है इनमें दल 1 में तहसीलदार रायगढ़ श्री शिवकुमार डनसेना मोबा. 99812-47521, व्याख्याता श्री नीलेष वैद्य मोबा.94791-40110 एवं सहायक उप निरीक्षक श्री रमेष शर्मा मोबा.62619-79765 शामिल रहेंगे। इसी तरह दल दल क्रमांक 2 में नायब तहसीलदार श्री हरनंदन बंजारे मोबा.93021-80957, व्याख्याता गीता पटेल मोबा.95899-63538 एवं प्रधान आरक्षक श्री जुबराज सिंह राठिया मोबा. 91748-20489 को शामिल किया गया है। दल क्रमांक 3 में नायब तहसीलदार श्री पंकज कुमार मिश्रा मोबा.91097-74071, व्याख्याता श्री रामकुमार पटेल मोबा.91655-03089 एवं प्रधान आरक्षक श्री विकास पटेल मोबा.94060-40299 को शामिल किया गया है। 
       इसी तरह द्वितीय पाली आयोजित परीक्षा के दौरान जिन 3 सदस्यीय उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है इनमें दल क्रमांक 1 में तहसीलदार रायगढ़ श्री शिवकुमार डनसेना मोबा. 99812-47521, व्याख्याता श्री नीलेश वैद्य मोबा.94791-40110 एवं सहायक उप निरीक्षक श्री रमेश शर्मा मोबा.62619-79765 शामिल रहेंगे। इसी तरह दल दल क्रमांक 2 में नायब तहसीलदार श्री हरनंदन बंजारे मोबा.93021-80957, व्याख्याता गीता पटेल मोबा.95899-63538 एवं प्रधान आरक्षक श्री जुबराज सिंह राठिया मोबा. 91748-20489 को शामिल किया गया है। दल क्रमांक 3 में नायब तहसीलदार श्री पंकज कुमार मिश्रा मोबा.91097-74071, व्याख्याता श्री रामकुमार पटेल मोबा.91655-03089 एवं प्रधान आरक्षक श्री विकास पटेल मोबा.94060-40299, दल क्रमांक 4 में प्र.तहसीलदार पुसौर सुश्री अनुराधा पटेल मोबा. 87708-10450, व्याख्याता श्रीमती ज्योति मेहर मोबा.98936-60972, आरक्षक श्री प्रमोद सागर मोबा.88273-05512 एवं दल क्रमांक 5 में तहसीलदार घरघोड़ा श्री मनोज गुप्ता मोबा.94252-46321, व्याख्याता श्री प्रमोद पटेल मोबा.94062-20417 एवं आरक्षक श्री जसवंत टोप्पो मोबा.73543-61617 शामिल रहेंगे।

और भी

धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई,डाटा एंट्री ऑपरेटर निलंबित, फड़ प्रभारी कार्य से पृथक

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/  जिले के धान उपार्जन केंद्र तमनार में धान खरीदी कार्य के दौरान गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। जिला नोडल अधिकारी धान उपार्जन केंद्र तमनार द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार दिनांक 19 जनवरी 2026 को कृषक चन्द्रमणी पिता हरीशचंद्र निवासी झिंकाबहाल द्वारा धान विक्रय हेतु उपार्जन केंद्र में धान लाया गया था। प्रारंभिक जांच में 85 बोरी धान अमानक पाए जाने पर उसे पृथक किया गया, जबकि शेष मानक धान को ढालकर नमी मापी गई तथा बोरे में भरकर वजन कराया गया। जांच के दौरान कुल 383 बोरी धान का वजन सही पाया गया। समिति प्रबंधक को उक्त मानक धान की खरीदी के निर्देश दिए गए थे, किंतु समिति द्वारा संधारित रजिस्टर एवं कंप्यूटर प्रविष्टियों की जांच में गंभीर गड़बड़ी सामने आई। 
            जांच में पाया गया कि समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा कृषक के नाम पर 662 बोरी धान (264.80 क्विंटल) की खरीदी दर्ज की गई, जबकि वास्तविक रूप से केवल 383 बोरी धान ही खरीदी योग्य थी। इस प्रकार 279 बोरी धान (111.6 क्विंटल) की फर्जी खरीदी किया जाना स्पष्ट हुआ। यह कृत्य छत्तीसगढ़ शासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा धान खरीदी के संबंध में जारी निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। 
           प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित तमनार (पंजीयन क्रमांक 241) के डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री अमित साव को धान खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितता, लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही, धान खरीदी केंद्र तमनार के फड़ प्रभारी श्री हरेराम सिदार को कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर धान खरीदी कार्य से तत्काल पृथक कर दिया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों के हितों से खिलवाड़ करने, फर्जी प्रविष्टि करने अथवा शासन के निर्देशों की अवहेलना करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी की जा रही है तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

और भी

माध्यमिक शालाओं की शैक्षणिक गुणवत्ता पर फोकस, प्रधान पाठकों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित,छात्रवृत्ति, एनएमएमएस एवं बोर्ड परीक्षा सुधार पर दिए गए सख्त निर्देश

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव के मार्गदर्शन में जिले की सभी शासकीय माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों की समीक्षा बैठक ओ.पी. जिंदल स्कूल, पतरापाली, खरसिया रोड, रायगढ़ में आयोजित हुई। बैठक में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जिले के शासकीय शालाओं के माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक, एडीपीओ भुवनेश्वर पटेल, एपीसी समग्र शिक्षा भूपेंद्र पटेल, परियोजना अधिकारी साक्षर भारत देवेंद्र कुमार वर्मा, समस्त ब्लॉक के  बीईओ उपस्थित रहे। 
            समीक्षा बैठक में छात्रवृत्ति योजना में तेजी लाने, राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) में सभी पात्र विद्यार्थियों को शामिल करने, शालाओं में बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित करने, कक्षा 8वीं बोर्ड परीक्षा में कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलाने तथा 26 जनवरी को उल्लास कार्यक्रम का आयोजन करने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.राव ने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे इसके लिये राज्य से अंतिम तिथि 25 जनवरी निर्धारित की गई है, सभी को निर्धारित अवधि में सभी पात्र बच्चों की एंट्री पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। 
           डॉ.राव ने प्रधान पाठकों को बोर्ड परीक्षा में अच्छे परिणाम लाने हेतु विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन और प्रेरणा देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शिक्षकों को राज्य से निर्धारित वीएसके ऐप डाऊनलोड करके प्रतिदिन उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार कर्ण द्वारा छात्रवृत्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई तथा ऑनलाइन एंट्री में आ रही असुविधा के बारे में जानकारी देकर उसका समाधान से अवगत कराकर 25 जनवरी तक शत-प्रतिशत पात्र छात्रों को ऑनलाइन एंट्री करने को कहा। साथ ही एनएम एमएस और प्रयास विद्यालय के लिये कक्षा 08 वीं में अध्ययनरत सभी पात्र छात्रों के जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र की स्थिति की समीक्षा की गई। 
            समीक्षा बैठक के दौरान भुवनेश्वर पटेल ने कक्षा 8 वी में सभी छात्रों को अनिवार्यता एनएमएमएस एवं प्रयास का फॉर्म भराने और सभी छात्रों को कक्षा में अंतिम कालखंड में प्रतिदिन अभ्यास कराना और शनिवार को पूरे दिन प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शासकीय योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना, शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, छात्रों को अधिक से अधिक प्रतियोगी परीक्षा के लिये तैयार करना रहा। सभी प्रधान पाठकों को दिए गए निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

और भी

गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए वरदान साबित होंगे पोषण पुनर्वास केंद्र,खनन प्रभावित क्षेत्र तमनार और कापू में 10-10 बिस्तरीय एनआरसी का होगा संचालन

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ जिले में कुपोषण की दर में प्रभावी कमी लाने तथा गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को सामान्य स्वास्थ्य श्रेणी में लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में खनन प्रभावित क्षेत्र तमनार एवं कापू में दो पोषण पुनर्वास केंद्र के संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिला खनिज न्यास मद से तमनार में 14 लाख 70 हजार रुपये एवं कापू में 19 लाख 50 हजार रुपये की लागत से 10-10 बिस्तरीय पोषण पुनर्वास केंद्र संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों के प्रारंभ होने से क्षेत्र में निवासरत गंभीर कुपोषित बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
             बता दे कि पोषण पुनर्वास केंद्र 5 वर्ष से कम आयु के गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य इकाई है, जहां बच्चों को उनकी माताओं अथवा देखभालकर्ताओं के साथ भर्ती कर विशेष चिकित्सीय उपचार, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य निगरानी एवं पोषण प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की जाती है। इसके साथ ही माताओं को बच्चों की घर पर बेहतर देखभाल, पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाता है। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती होने की दशा में बच्चे के साथ अटेंडर के रूप में आए उसके एक परिजन को भोजन तथा 15 दिन तक 150 रूपये प्रतिदिन के आधार पर सहायता राशि भी दी जाती है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। रायगढ़ जिले में पोषण पुनर्वास केंद्रों के विस्तार से गंभीर कुपोषण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को नई मजबूती मिलेगी।

और भी

कानून के शिकंजे में पंचायत सचिव, आपराधिक प्रकरण के बाद जिला पंचायत रायगढ़ ने किया निलंबन

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जनपद पंचायत खरसिया ग्राम पंचायत रजघट्टा के पंचायत सचिव श्री गिरधर साहू को आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत खरसिया द्वारा पत्र क्रमांक 92 दिनांक 07 जनवरी 2026 के माध्यम से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।
              प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना खरसिया में पंचायत सचिव श्री साहू के विरुद्ध अपराध क्रमांक 620/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) में मामला पंजीबद्ध किया गया है। इसी के फलस्वरूप छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के नियम 4 के अंतर्गत उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान श्री साहू को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही इस अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत खरसिया निर्धारित किया गया है

और भी

कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का किया आकस्मिक निरीक्षण,विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य सुविधाओं की ली जानकारी

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं अधोसंरचना की वास्तविक स्थिति देखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 
             कलेक्टर ने गढ़उमरिया में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षणिक प्रगति, अध्ययन वातावरण एवं आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा खेल मैदान के विकास तथा विद्यार्थियों के आवास हेतु अतिरिक्त भवन निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया गया। इस संबंध में कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
             इसके पश्चात कलेक्टर ने गढ़उमरिया में संचालित नवगुरुकुल संस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें सतत अध्ययन, परिश्रम एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य को संवारने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन की पहल पर रायगढ़ में नवगुरुकुल का संचालन किया जा रहा है, जहाँ 120 बालिकाओं को निःशुल्क आवासीय दो वर्षीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नवगुरुकुल में छात्राओं को इंजीनियरिंग, प्रोग्रामिंग, बिजनेस, डिजिटल मार्केटिंग सहित विभिन्न आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। संस्था की नेतृत्व टीम में आईआईटी दिल्ली, एनआईटी सूरत, सेंट स्टीफेंस कॉलेज सहित देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों के पूर्व छात्र शामिल हैं।
             कलेक्टर ने महात्मा गांधी उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र गढ़उमरिया का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शैक्षणिक वातावरण देखा गया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं एवं अनुसंधान कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान उपलब्ध शैक्षणिक एवं अधोसंरचनात्मक व्यवस्थाओं और बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

एसआईआर अभियान से लोकतंत्र को मिलेगी मजबूती- संभागायुक्त,संभागायुक्त ने मतदान केन्द्र स्तर पर कार्यों का किया निरीक्षण

रायगढ़, 21 जनवरी 2026/ संभागीय कमिश्नर बिलासपुर एवं रोल आब्जर्वर श्री सुनील जैन ने आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के साथ जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केन्द्र स्तर पर एसआईआर कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दावा-आपत्तियों की स्थिति, उनके निराकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा नामांकित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से भी चर्चा कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।
          संभागायुक्त ने विधानसभा क्षेत्र खरसिया अंतर्गत पतरापाली एवं कुनकुनी, रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आयुष कार्यालय तथा धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत घरघोड़ा एवं लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र तराईमाल में स्थापित केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री जैन ने कहा कि हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण किया जाए। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में इस अभियान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें बीएलओ की जिम्मेदारी अहम है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित न रहे तथा अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। 
          कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि एसआईआर कार्य की प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि दावा-आपत्तियों से संबंधित आवेदन प्रक्रिया 22 जनवरी 2026 तक संचालित की जा रही है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा, ईआरओ खरसिया श्री प्रवीण तिवारी, ईआरओ रायगढ़ श्री महेश शर्मा, ईआरओ लैलूंगा श्री भरत कौषिक, ईआरओ धरमजयगढ़ श्री प्रवीण भगत सहित संबंधित एईआरओ उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक किया गया है। इस अवधि में नाम जोड़ने हेतु फार्म-6, नाम विलोपन हेतु फार्म-7 तथा नाम संशोधन अथवा स्थानांतरण हेतु फार्म-8 के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। मतदाता आयोग की Voter Helpline App, ECINET App तथा अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

और भी