ताजा खबरें


बड़ी खबर

मां और शिशु का स्वस्थ भविष्य ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

रायपुर 11 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रदेश की माताओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित मातृत्व के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के क्रियान्वयन में बड़े राज्यों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 93.37 प्रतिशत नामांकन, 83.87 प्रतिशत स्वीकृति दर तथा 93.95 प्रतिशत शिकायतों के त्वरित समाधान का रिकॉर्ड दर्ज किया है। यह उपलब्धि राज्य में योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस सफलता का श्रेय महिला एवं बाल विकास विभाग की पूरी टीम और समर्पित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि इनके अथक प्रयासों से प्रदेश की लाखों गर्भवती माताओं तक योजना का लाभ समय पर पहुँच रहा है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हो रही हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मां और शिशु का स्वस्थ भविष्य ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है और राज्य सरकार मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

और भी

घरेलू एलपीजी का व्यवसायिक उपयोग करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर, रायगढ़ में संयुक्त टीम का छापा, होटलों-ढाबों में जांच कर दिए सख्त निर्देश


रायगढ़, 11 मार्च 2026। राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, नवा रायपुर, अटल नगर द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं आपूर्ति बनाए रखने तथा उनके दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आज रायगढ़ शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के उपयोग को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों और भोजनालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय, गणगौर स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को घरेलू गैस सिलेंडरों के निर्धारित उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू आवश्यकताओं के लिए ही किया जाना निर्धारित है। किसी भी प्रकार से इसका व्यवसायिक उपयोग या दुरुपयोग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को केवल व्यवसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने गैस एजेंसियों द्वारा की जा रही आपूर्ति व्यवस्था तथा सिलेंडरों की उपलब्धता की स्थिति की भी जानकारी ली। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की दैनिक आवक एवं वितरण पर नियमित निगरानी रखी जाए, जिससे आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन द्वारा यह भी कहा गया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता सामान्य है और आम नागरिकों को घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर संग्रहित करने की आवश्यकता नहीं है। नागरिकों को समय-समय पर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से गैस की उपलब्धता संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए आगे भी इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। इसके माध्यम से न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, बल्कि आम उपभोक्ताओं तक घरेलू गैस की सुचारू उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

और भी

रायगढ़ की 1583 छात्राओं को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा कवच,कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास मद से 26.60 लाख रुपये की राशि को दी स्वीकृति

रायगढ़, 11 मार्च 2026/ रायगढ़ जिले के शासकीय आश्रमों और छात्रावासों में निवासरत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निःशुल्क ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन लगाई जाएगी। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिला खनिज संस्थान न्यास  मद से 26 लाख 60 हजार 400 रुपये की राशि स्वीकृत की है।
            इस योजना के अंतर्गत जिले के दूरस्थ क्षेत्रों उदयपुर-धरमजयगढ़, घरघोड़ा, खरसिया, तमनार, कापू और लैलूंगा विकासखंड के आश्रम एवं छात्रावासों में रहने वाली छात्राओं का टीकाकरण किया जाएगा। इन क्षेत्रों की 31 से अधिक ग्राम पंचायतों की कुल 1583 बालिकाएं इस अभियान से लाभान्वित होंगी। इनमें बड़ी संख्या आदिवासी समुदाय की छात्राओं की है, जो दूरस्थ अंचलों से आकर शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
           स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के लगभग 99 प्रतिशत मामलों का कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस होता है। कम आयु में इस वैक्सीन के लगाए जाने से इस गंभीर बीमारी का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। योजना के तहत प्रति बालिका लगभग 1800 रुपये की लागत आएगी, जिसका पूरा व्यय शासन द्वारा वहन किया जाएगा। टीकाकरण कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक छात्रा को वैक्सीन की दो खुराक दी जाएगी, जिसमें पहली डोज के छह माह बाद दूसरी डोज लगाई जाएगी। जिला प्रशासन की यह पहल छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बालिकाओं को गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिलने के साथ उनके सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत होगी।

और भी

दिव्यांग होने के बावजूद नहीं टूटा हौसला, सिलाई मशीन से बदली किस्मत—हीरामोती नाग बनीं ‘लखपति दीदी’, महिलाओं के लिए बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल

रायगढ़, 11 मार्च 2026/ दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर इंसान हर चुनौती को पार कर सकता है। इसका प्रेरक उदाहरण हैं विकासखण्ड धरमजयगढ़ के ग्राम बांझीआमा, ग्राम पंचायत समनिया की निवासी हीरामोती नाग। बचपन में पोलियो होने के कारण वे पैरों से दिव्यांग हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपनी परिस्थितियों को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। आज वे स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बन गई हैं और ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में पहुंचकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
              हीरामोती नाग श्री महिला स्व-सहायता समूह, बांझीआमा से जुड़ी हुई हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आजीविका के नए अवसर मिले। समूह के माध्यम से उन्हें सामुदायिक निवेश निधि से 20 हजार रुपये तथा बैंक से 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपने स्वरोजगार को शुरू करने में किया। हीरामोती नाग ने इस सहायता से सिलाई मशीन खरीदकर सिलाई कार्य शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने गांव की महिलाओं और बच्चों के कपड़े सिलने का काम शुरू किया। उनके काम की गुणवत्ता और मेहनत के कारण गांव में उनकी अच्छी पहचान बनने लगी और आय में भी लगातार वृद्धि होने लगी। 
           आज हीरामोती नाग अपने सिलाई कार्य से नियमित आय अर्जित कर रही हैं। उनकी मेहनत और लगन के परिणामस्वरूप वे ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं। अपनी आय से वे न केवल अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर रही हैं, बल्कि आत्म सम्मान के साथ जीवन भी जी रही हैं। हीरामोती नाग की सफलता यह साबित करती है कि यदि अवसर और संकल्प दोनों साथ हों, तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। उनकी यह प्रेरणादायक यात्रा आज गांव की अन्य महिलाओं को भी स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित कर रही है।

और भी

नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया मैराथन निरीक्षण — नालंदा परिसर, स्विमिंग पूल, सिंथेटिक ट्रैक और मरीन ड्राइव सौंदर्यीकरण को तय समय में पूरा करने के सख्त निर्देश

रायगढ़, 11 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज नगर पालिक निगम रायगढ़ क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा, खेल तथा शहरी अधोसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जायजा लिया।  कलेक्टर ने नालंदा परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नालंदा परिसर का कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्य को तेज गति से पूरा करते हुए आगामी जून माह से पहले परिसर को पूरी तरह तैयार किया जाए, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही विद्यार्थियों को इस आधुनिक एवं सुविधायुक्त परिसर का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर के बनने से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा और शिक्षा के क्षेत्र में जिले को नई सुविधा प्राप्त होगी।
            कलेक्टर ने रायगढ़ स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। यहां बनाए जा रहे स्विमिंग पूल और सिंथेटिक ट्रैक की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इन दोनों परियोजनाओं को दो माह के भीतर पूर्ण करने की समय-सीमा निर्धारित की। कलेक्टर ने कहा कि इन सुविधाओं के तैयार होने से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास स्थल मिलेगा और जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।  कलेक्टर ने शहर के प्रमुख स्थल मरीन ड्राइव में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए, ताकि शहरवासियों को एक बेहतर और आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चक्रधर नगर पुल के समीप चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्सन बनाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सके। साथ ही पुल के निचले हिस्से में बॉक्स कलवर्ट निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। 
               कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित महिला हॉस्टल और ट्रांजिट हॉस्टल के लिए चयनित स्थलों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के निर्माण से महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंदों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। कलेक्टर ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी और समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूर्ण हों और शहरवासियों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

शादी के घर की खुशियों के बीच शर्मनाक वारदात: नाबालिग बालिका को जबरन कमरे में खींचकर छेड़खानी की कोशिश, परिजनों की सतर्कता से खुली करतूत—रायगढ़ पुलिस ने आरोपी युवक को दबोचकर POCSO में भेजा जेल

 11 मार्च, रायगढ़  । रायगढ़ जिले के थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना की रिपोर्ट 9 मार्च को बालिका के परिजनों द्वारा थाना पूंजीपथरा में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को पकड़ लिया।

       बालिका की मां ने रिपोर्ट में बताया कि उनके घर से लगे परिवार में चचेरे देवर की शादी का मंडप लगा हुआ है और शादी के कारण घर में मेहमान आए हुए थे। दिनांक 08 मार्च 2026 की रात करीब 9.30 बजे घर के सभी लोग खाना-पीना कर रहे थे। उसी दौरान उनकी नाबालिग बेटी घर के बाहर बैठी थी, जो कुछ देर बाद आसपास दिखाई नहीं दी। परिजनों ने आसपास खोजबीन की और पड़ोसी आकाश मांझी (19 वर्ष) के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलने पर आकाश मांझी खुले बदन बाहर निकला और लड़की के वहां नहीं होने की बात कही। संदेह होने पर जब परिजन उसके घर के अंदर गए तो कमरे से बालिका रोते हुए बाहर आई और बताया कि आकाश मांझी उसका हाथ पकड़कर जबरन खींचते हुए अपने कमरे के अंदर ले गया था और गलत काम करने की नीयत से अपने कपड़े उतार दिए थे, तभी घरवालों की आवाज सुनकर उसे छोड़ दिया।

        महिला की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 74 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता और 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव ने महिला उपनिरीक्षक दीपिका निर्मलकर से बालिका का कथन दर्ज कराकर, बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाना लाया गया, जहां पूछताछ में *आरोपी आकाश मांझी (19 वर्ष)* ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

???????? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

           *“अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा और गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखें। बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध को छिपाने के बजाय तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि आरोपियों के खिलाफ समय रहते कड़ी कानूनी कार्रवाई कर उन्हें सजा दिलाई जा सके। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में सख्त प्रावधान किए गए हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।”*

और भी

ऑपरेशन अंकुश” का बड़ा वार: एक महीने से फरार ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खाईवाल गगन अग्रवाल रायगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा, छापेमारी में दबोचा गया आरोपी

   11 मार्च, रायगढ़ ।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ-सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कल शाम थाना चक्रधरनगर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा प्रकरण में फरार चल रहे सट्टा खाईवाल गगन अग्रवाल को हिमालया हाइट्स बैंक कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा से संबंधित अपराध दर्ज था और पुलिस को उसकी करीब एक महीने से तलाश थी।

                 विदित हो कि बीते 16 फरवरी को मुखबिर की सूचना  पर थाना चक्रधरनगर एवं साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम द्वारा बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में छापेमारी कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो सट्टा खाईवालों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर विकास अग्रवाल नामक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट वर्ल्ड कप के इंग्लैण्ड और इटली के मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर रेड कार्रवाई की, जहां विकास अग्रवाल और उसके साथी विनय अग्रवाल फैक्ट्री के एक कमरे में बैठकर तीन मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाए गए।

              पूछताछ में आरोपी विकास अग्रवाल ने अपने साथी विनय अग्रवाल तथा खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा खाईवाल का काम करना स्वीकार किया। आरोपी विकास अग्रवाल के कब्जे से वन प्लस मोबाइल और एप्पल आईफोन जब्त किए गए, जिनका उपयोग सट्टा संचालक गगन अग्रवाल तथा सट्टा खेलने वालों से संपर्क करने में किया जा रहा था। इसके अलावा उसके पास से सट्टा से प्राप्त ₹2000 नगद भी बरामद किया गया। वहीं आरोपी विनय अग्रवाल के कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसमें ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट लॉगइन मिला। आरोपियों के विरुद्ध *थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 52/2026 धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई थी। *आरोपियों से पूछताछ में आरोपी गगन अग्रवाल और सट्टा पट्टी के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली है* ।

                       घटना के बाद से सट्टा संचालक गगन अग्रवाल फरार था जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान कल शाम चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी गगन को उसके ससुराल आने की सूचना पर हिमालया हाइट्स बैंक कॉलोनी के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। *प्रकरण में अन्य आरोपियों की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है* ।

                   वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश मिश्रा और उप निरीक्षक गेंद लाल साहू और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

*आरोपी — गगन अग्रवाल पिता स्व. अनूप अग्रवाल उम्र 27 साल निवासी गंज बाजार खरसिया*

*जप्ती – एक सैमसंग मोबाइल*

????  *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

           *“ऑनलाइन सट्टा और जुए जैसे अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधों में शामिल हर व्यक्ति तक पुलिस पहुँचेगी और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।*

और भी

ऑपरेशन “आघात” का असर: घरघोड़ा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में 60 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, अवैध कारोबार करने वाला आरोपी गिरफ्तार

  रायगढ़11 मार्च, 2026  रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे *“ऑपरेशन आघात”* के तहत थाना घरघोड़ा पुलिस द्वारा कल अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम टेरम इंदिरा आवासपारा में रहने वाला एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और बिक्री कर रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।

     छापेमारी के दौरान पुलिस ने *आरोपी तिलोचन चौहान पिता बीरसिंह चौहान उम्र 58 वर्ष निवासी टेरम इंदिरा आवासपारा, थाना घरघोड़ा जिला रायगढ़* को मौके पर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 20-20 लीटर क्षमता वाली तीन प्लास्टिक बाल्टियों में रखा हुआ *कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 9,000 रुपये* है, बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी द्वारा अवैध बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में शराब संग्रहित कर रखा गया था।

       मामले में आरोपी तिलोचन चौहान के विरुद्ध धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियानात्मक कार्रवाई लगातार जारी है।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

       *“अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रायगढ़ पुलिस की लगातार कड़ी निगरानी है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी अपील है कि अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को ऐसे अपराधों से सुरक्षित रखा जा सके।”*

और भी

गोपी टॉकीज के सामने मोबाइल शॉप में फिल्मी अंदाज में लाखों की चोरी, 16 आईफोन और नकदी पार; सीसीटीवी में कैद संदिग्ध की तलाश में जुटी कोतवाली पुलिस

  रायगढ़ 10 मार्च, 2026 । रायगढ़ शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है, वहीं सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध की तस्वीर सामने आने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

          जानकारी के अनुसार आज सुबह गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एफएसएल टीम, थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस अधिकारियों ने दुकान संचालक मोहम्मद फारुक निवासी लक्ष्मीपुर, रायगढ़ से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान में नई और पुरानी मोबाइल की खरीद-फरोख्त की जाती है। कल दिनांक 09 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे वे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे।

        आज सुबह लगभग 10:00 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए तो देखा कि दुकान के शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल अस्त-व्यस्त पड़े हुए थे। जांच करने पर काउंटर टेबल के पास शोकेस में रखे 16 नग आईफोन मोबाइल और काउंटर की दराज में रखे 30 हजार रुपये नकद गायब मिले। आगे जांच करने पर पता चला कि दुकान के दूसरी मंजिल के दरवाजे का लॉक तोड़कर चोर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी गए मोबाइल और नकदी की कुल कीमत लगभग 13 लाख 39 हजार रुपये बताई गई है।

          घटना की रिपोर्ट पर *थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

         वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध की तस्वीरें जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी साझा की गई हैं। साथ ही पुलिस ने मीडिया के माध्यम से भी संदिग्ध की तस्वीरें जारी करते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल थाना कोतवाली पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।

और भी

महुआ बीनने गई 12 वर्षीय बालिका से जंगल में छेड़छाड़ की कोशिश, रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया जेल

 रायगढ़ 10 मार्च, 2026* । रायगढ़ जिले में महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के सख्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश के तहत पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र में 12 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

        जानकारी के अनुसार दिनांक 08.03.2026 को एक स्थानीय ग्रामीण द्वारा पुलिस चौकी जोबी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 12 वर्षीय बेटी घर के अन्य सदस्यों के साथ जंगल क्षेत्र में महुआ बीनने गई थी। सभी लोग अलग-अलग स्थानों पर महुआ बीन रहे थे। कुछ देर बाद जब घर जाने के लिए बालिका को खोजा गया तो वह आसपास नहीं मिली। परिवार के लोगों द्वारा आवाज लगाने पर कुछ दूरी पर खेत की झोपड़ी की ओर से बालिका रोते हुए वापस आई।

          बालिका ने परिजनों को बताया कि कृष्णा राठिया उसे गलत नीयत से पकड़कर जंगल की ओर ले जाने का प्रयास कर रहा था। बालिका ने किसी तरह उसका हाथ छुड़ाकर वहां से भागकर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी परिवार वालों को दी।

          घटना की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी जोबी में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 74 बीएनएस एवं 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी राठौर  द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्ण उर्फ कृष्ण कुमार राठिया (उम्र 28 वर्ष) निवासी चौकी जोबी क्षेत्र को हिरासत में लिया गया।
      मामले की अग्रिम विवेचना चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जहां से जेल वारंट पर उसे जेल दाखिल किया गया है।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* –

        *“रायगढ़ जिले में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या गलत हरकत करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”*

और भी

मैरिज गार्डन के पास देर रात हुई मारपीट का मुख्य आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, “ऑपरेशन तलाश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने फरार मनीष बिहारी को घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

 रायगढ़, 10 मार्च 2026  । पिछले साल 24-25 मई की रात थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास युवक के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई थी। घटना के संबंध में पीड़ित युवक द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
         रिपोर्ट में युवक ने बताया कि दिनांक 24 मई को वह अपनी दीदी के घर ग्राम लामीदरहा गया था। रात्रि लगभग 1:30 बजे लौटते समय विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास कुछ लड़कों ने मोटरसाइकिल एवं स्कूटी से उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों में मनीष बिहारी, बबलू दास महंत, अंकुल ठाकुर एवं अन्य साथी शामिल थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों एवं हथियारों से मारपीट की।
           पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित द्वारा यह भी बताया गया कि आरोपियों ने उसे विशेष वर्ग का सदस्य जानते हुए अपमानित कर मारपीट की।
         प्रकरण में थाना चक्रधरनगर में *अपराध क्रमांक 219/2025 धारा 126(2), 396, 351(3), 118(1), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। साथ ही *अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v)(क) जोड़ी गई*।
        घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार थे। प्रकरण की विवेचना नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा द्वारा की जा रही है। *दिनांक 20 फरवरी की रात मारपीट में शामिल आरोपी अंकुल ठाकुर उर्फ अंशुल ठाकुर* को शहर में घूमते देखे जाने की सूचना पर सीएसपी मयंक मिश्रा के निर्देशन में चक्रधरनगर पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया था। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपना हुलिया पूरी तरह बदल चुका था और पहचान छिपाने के लिए बाल व दाढ़ी बढ़ा ली थी। आरोपी अंशुल ठाकुर को न्यायिक रिमांड पर भेजकर जेल दाखिल किया गया है।
          इसी मामले में फरार एक अन्य *आरोपी मनीष सिंह उर्फ बिहारी बाबू पिता मनोज सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी लेबर कॉलोनी थाना जूटमिल जिला रायगढ़ (हाल मुकाम छातामुड़ा बाईपास, थाना जूटमिल)* को भी चक्रधरनगर पुलिस द्वारा कल शाम शहर में घूमते हुए देखे जाने पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आज न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। आरोपी मनीष बिहारी पर थाना जूटमिल में भी मारपीट और अन्य अपराध दर्ज है । चक्रधरनगर पुलिस द्वारा प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

  *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —
          *“ऑपरेशन तलाश के तहत किसी भी मामलों में फरार आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

मुकडेगा में 12 और तमनार में 13 मार्च को आयोजित होंगे जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर,आम नागरिक अपनी मांगों और शिकायतों से संबंधित प्रस्तुत कर सकेंगे आवेदन

रायगढ़, 10 मार्च 2026/ जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण के लिए ’’प्रशासन पहुंचेगा जनता के द्वार’’ अभियान को गति दी जा रही है। इसी क्रम में आगामी 12 मार्च को लैलूंगा विकासखंड के तहसील मुख्यालय मुकडेगा और 13 मार्च को तहसील मुख्यालय तमनार में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का समय दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है, जहाँ ग्रामीण और आम नागरिक अपनी मांगों, शिकायतों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन सीधे जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।
             कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रुप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी का मुख्य उद्देश्य आवेदनों का तत्काल परीक्षण कर अधिकतम प्रकरणों का निराकरण स्थल पर ही करना है, जिससे आमजनों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल सके। कलेक्टर ने क्षेत्र की नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना और अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाना है।

और भी

स्वच्छ भारत मिशन को जनआंदोलन बनाने की दिशा में पहल, पुसौर के गांवों में स्वच्छता जागरूकता अभियान तेज

रायगढ़, 10 मार्च 2026। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य स्तर से पहुंची स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने पुसौर विकासखण्ड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर स्वच्छता गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
भ्रमण के दौरान राज्य सलाहकार श्रीमती सिंह ने ग्राम पंचायत बेलपाली, जकेला, सुकुलभठली, कोसमंदा एवं बड़े हल्दी में संचालित स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गांवों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था, स्वच्छता संबंधी गतिविधियों तथा सामुदायिक सहभागिता की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, स्वच्छग्राहियों, स्वच्छता दीदियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने से उसके बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ जैविक कचरे का उपयोग खाद के रूप में भी किया जा सकता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छ गांव के निर्माण में भी मदद मिलती है। उन्होंने नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने तथा कचरे के पुनः उपयोग के तरीकों के बारे में भी जानकारी साझा की।
इस अवसर पर स्वच्छता कार्यों से जुड़े स्वच्छग्राही, स्वच्छता दीदी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, ग्रामीणजन, सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राज्य सलाहकार ने स्वच्छता कार्यों में सक्रिय रूप से लगे कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए उनसे संबंधित मानदेय भुगतान की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी तथा कार्यों को नियमित और प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे अपने घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करेंगे तथा उसके वैज्ञानिक और उचित प्रबंधन में सहयोग करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है और सभी के सामूहिक प्रयास से ही गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
भ्रमण के दौरान जिले से सहायक परियोजना अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह राय, जिला सलाहकार श्री हीरा सिंह, ब्लॉक सेनिटेशन ऑफिसर श्रीमती राधिका पटेल तथा मनरेगा के तकनीकी सहायक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।
जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने तथा गांवों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार के निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है और लोग सक्रिय रूप से स्वच्छता अभियान से जुड़ रहे हैं।

और भी

मेहनत और एकजुटता से बदली पुन्यासो चौहान की जिंदगी,उत्कृष्ट कार्य पर समूह को मिला 2.50 लाख रुपये का प्रोत्साहन

रायगढ़, 10 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। इसी पहल ने धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत सलका की रहने वाली पुन्यासो चौहान की जिंदगी में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। आज वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बनी हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।
          पुन्यासो चौहान डोकरी दाई महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं, जो महिला ब्लॉक संगठन धरमजयगढ़ के अंतर्गत कार्य करता है। पहले वे घरेलू जिम्मेदारियों तक ही सीमित थीं, लेकिन ‘बिहान’ मिशन से जुड़ने के बाद उनके जीवन में नया आत्मविश्वास आया। समूह की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर उन्होंने आजीविका के विभिन्न कार्यों की शुरुआत की, जिससे धीरे-धीरे उनकी आय के नए स्रोत विकसित होने लगे।

*विविध आजीविका गतिविधियों से बढ़ी आमदनी*
समूह के माध्यम से पुन्यासो चौहान और उनकी साथी महिलाएं मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, खेती-बाड़ी तथा आटा चक्की संचालन जैसे कार्यों से जुड़ी हुई हैं। इसके साथ ही निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सेंटिंग प्लेट आजीविका से भी वे आय अर्जित कर रही हैं। इन सभी गतिविधियों के जरिए समूह को नियमित आय प्राप्त हो रही है और उनकी आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है। मेहनत और सामूहिक प्रयास का ही परिणाम है कि पुन्यासो चौहान और उनके समूह को इन गतिविधियों से सालाना लगभग 70 हजार रुपये की अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हो रही है। इससे उनके परिवार की जरूरतें पूरी होने के साथ-साथ भविष्य के लिए बचत भी संभव हो पा रही है।

उत्कृष्ट कार्य के लिए मिली प्रोत्साहन राशि
समूह द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए बीते 6 मार्च को आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्हें 2 लाख 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। यह सहायता उनके आजीविका कार्यों को और विस्तार देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। पुन्यासो चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय शासन की योजनाओं और ‘बिहान’ मिशन को देते हुए कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन के सहयोग से आज गांव की महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। पुन्यासो चौहान का कहना है कि अब वे केवल गृहिणी ही नहीं, बल्कि एक आत्मनिर्भर महिला उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।

और भी

ऑपरेशन आघात” का रायगढ़ में बड़ा असर: पुसौर, छाल, खरसिया और कोतवाली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार,

 रायगढ़ 10 मार्च, 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे *“ऑपरेशन आघात”* के तहत पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पुसौर, थाना छाल, चौकी खरसिया तथा थाना कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस ने कुल पांच आरोपियों के कब्जे से महुआ शराब एवं देशी मदिरा सहित लगभग 59 लीटर शराब बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

कोतवाली पुलिस ने बड़पारा पर स्कुटी में शराब परिवहन कर रहे आरोपी को पकड़ा* —
           कल दिनांक 09.03.2026 को कोतवाली पुलिस की टाउन पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर सूचना पर अक्षय कुमार सारथी उर्फ मोन्टी (25 वर्ष) पिता अमृतलाल सारथी निवासी चांदनी चौक रायगढ़ को एक्टिवा क्रमांक CG 13 AH 8083 में अवैध शराब रखकर बिक्री ले जाते समय तुलसी होटल बड़पारा फ्लाईओवर के नीचे घेराबंदी कर पकड़ा गया । आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन/मशाला शराब (लगभग 7.200 बल्क लीटर) शराब बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 3400 रुपये आंकी गई। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है ।

पुसौर पुलिस की दोहरी कार्रवाई* —
          दिनांक 09.03.2026 को पुसौर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बरपाली गौठान क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान रजनी भारती (34 वर्ष) पति स्व. सुरेश भारती निवासी ग्राम बरपाली थाना पुसौर को पकड़ा गया, जिसके कब्जे से दो जरीकेन में भरी करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमती लगभग 3000 रुपये बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी महिला के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
         इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हरीमति भारती (40 वर्ष) पति स्व. रथराम भारती निवासी ग्राम बरपाली थाना पुसौर को भी पकड़ा, जिसके कब्जे से दो जरीकेन में भरी करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमती लगभग 3000 रुपये बरामद की गई। आरोपी महिला के विरुद्ध भी धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई।

छाल पुलिस ने ग्राम गलीमार में की शराब रेड कार्रवाई* —
           दिनांक 08.03.2026 को थाना छाल पुलिस द्वारा जुर्म जरायम पतासाजी के दौरान ग्राम गलीमार में मुखबिर सूचना पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने चक्रदयाल चौहान (36 वर्ष) निवासी गलीमार थाना छाल को पकड़कर उसके कब्जे से दो प्लास्टिक जरीकेन में भरी 25 लीटर कच्ची महुआ शराब (15 लीटर व 10 लीटर) कीमती लगभग 2500 रुपये बरामद की। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

चौकी खरसिया पुलिस की कार्रवाई* —
            दिनांक 08.03.2026 को चौकी खरसिया पुलिस द्वारा पुरानी मटखनवापार खरसिया क्षेत्र में शराब रेड कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान गौरी बाई केंवट  पति सुखदेव केंवट निवासी पुरानी बस्ती को अवैध महुआ शराब ले जाते पकड़ा गया। आरोपी महिला के कब्जे से लगभग 07 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
         रायगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए *“ऑपरेशन आघात”* के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* —
               *“रायगढ़ जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री करने वालों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”*

और भी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान पर जशपुर में उबाल, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, बस स्टैंड में ममता बनर्जी का पुतला दहन कर जताया आक्रोश”

 जशपुर : 10 मार्च 2026 भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा मंगलवार को जशपुर बस स्टैंड में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान के विरोध में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री श्रीमती ममता बनर्जी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद की।

इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष श्यामलाल भगत ने कहा कि देश की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पूरे आदिवासी समाज के गौरव और सम्मान की प्रतीक हैं। उनके प्रति किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी पूरे समाज का अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करता रहेगा।

अजजा प्रदेश मंत्री ललित नागेश ने कहा कि आदिवासी समाज ने सदैव देश की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज जब आदिवासी समाज की बेटी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन है, तब उनके प्रति किया गया अपमान पूरे देश और आदिवासी समाज की भावना को आहत करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा इस तरह की मानसिकता का लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा विरोध करता रहेगा और समाज के सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करेगा।

वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश के करोड़ों आदिवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणियां राष्ट्रपति पद की गरिमा और आदिवासी समाज के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समाज की एकता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव जागरूक और सक्रिय रहने का आह्वान किया।

उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि पुतला दहन कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शांति भगत, राजकपूर भगत, मुकेश सोनी, नेहरू सिंह, विकास कुमार प्रधान, विनोद निकुंज, श्रीमती शारदा प्रधान, श्रीमती प्रतिमा भगत, सुश्री रागिनी भगत, श्रीमती अनिता पैकरा, रामचंद्र राम, उमेश प्रधान,  रंजीत भगत, सुरेश राम भगत, वासुदेव राम, त्रिजटा साय, प्रमोद भगत, संदीप भगत, दीपक गुप्ता, सज्जू खान, राहुल गुप्ता, दीपू मिश्रा, दीपक सिंह, प्रकाश रवानी, बेंजामिन कुजूर सहित मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

और भी

ब्लैकमेलिंग से टूटी महिला की जिंदगी: ऑडियो रिकॉर्डिंग के सहारे बना रहा दबाव, तंग आकर लगाई फांसी — पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

 रायगढ़ 10 मार्च, 2026  । महिला के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में तमनार पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाते हुए ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गांव का एक युवक महिला को ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे प्रताड़ित होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

         जानकारी के अनुसार थाना तमनार में मर्ग क्रमांक 09/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच की जा रही थी। मृतिका (उम्र 26 वर्ष) निवासी ग्राम सेमीजोर ने *दिनांक 6 फरवरी की दोपहर अपने रसोई कमरे की मेन पाटी में गमछा बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी*। घटना के बाद परिजनों ने महिला को जीवित समझकर फोर्टिस अस्पताल उर्जानगर तमनार लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तमनार पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर पंचनामा कार्यवाही, घटनास्थल निरीक्षण तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

      मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने पुलिस को मृतिका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट तथा मोबाइल में सुरक्षित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग प्रस्तुत की। सुसाइड नोट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि गांव का महेन्द्र गुप्ता मृतिका और एक युवक के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने पास रखकर महिला को गलत कार्यों के लिए दबाव बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था। इस लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

      मामले में महिला को आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित किए जाने का अपराध पाए जाने पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उनके मार्गदर्शन पर दिनांक 09.03.2026 को *थाना तमनार में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 108 बीएनएस* के तहत मामला दर्ज कर *आरोपी महेन्द्र गुप्ता पिता राजकुमार गुप्ता (31 वर्ष) निवासी ग्राम सेमीजोर थाना तमनार* को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

       वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में मामले की जांच कर कार्रवाई की गई। घटना के पटाक्षेप में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया, अनूप कुजूर तथा आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, रंजीत भगत और पुष्पेन्द्र सिदार की अहम भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* —

           “महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार मानसिक उत्पीड़न या अपराध को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार के अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”

और भी

कबाड़ चोरी और अवैध स्क्रैप कारोबार पर पुलिस का प्रहार— मुखबिर की सूचना पर खरसिया पुलिस ने कार से पकड़ा 190 किलो लोहे का स्क्रैप, आरोपी गिरफ्तार

10 मार्च, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में कबाड़ के अवैध परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की सख्त निगरानी जारी है। इसी कड़ी में चौकी खरसिया पुलिस ने सटीक मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए मारुति फ्रोंक्स कार में अवैध स्क्रैप परिवहन कर रहे खरसिया निवासी राजू अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।

           प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 8 मार्च की शाम चौकी खरसिया को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में अवैध लोहे का स्क्रैप परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने स्टाफ को संदिग्ध वाहन पर निगाह रखते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी दौरान पुलिस टीम ने ठाकुरदिया से मौहापाली मालधक्का रोड पर संदिग्ध *मारुति फ्रोंक्स कार क्रमांक CG 13 BB 2808* को रोककर जांच की। वाहन की तलाशी लेने पर कार के भीतर अवैध लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ।

                   कार चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजू अग्रवाल पिता स्व. प्रेमचंद्र अग्रवाल उम्र 47 वर्ष निवासी छपरीगंज खरसिया बताया। आरोपी से स्क्रैप परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। स्क्रैप सामान चोरी का होने की आशंका पर गवाहों के समक्ष *कार में रखा लगभग 190 किलो वजनी लोहे का स्क्रैप, जिसकी कीमत करीब 6,650 रुपये है*, तथा *परिवहन में प्रयुक्त कार (4 लाख रूपये) को जब्त* किया गया। मामले में आरोपी के विरुद्ध चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में इस्तगासा धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

                   कार्रवाई के दौरान आरोपी राजू अग्रवाल पुलिस की मौजूदगी में गवाहों से विवाद करने लगा और उन्हें “मुखबिरी करने” का आरोप लगाते हुए धमकाने लगा। पुलिस द्वारा समझाने के बाद भी वह नहीं माना और गवाह को मारपीट की धमकी देने लगा। जनशांति भंग करने की स्थिति बनने पर पुलिस ने आरोपी को *धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार* किया तथा पृथक से धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई।

                      एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी व एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन पर इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा एवं आरक्षक डमरूधर पटेल की अहम भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश 

             *“रायगढ़ जिले में चोरी के कबाड़ और अवैध स्क्रैप परिवहन पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन  से भी अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।”*

और भी