ताजा खबरें


बड़ी खबर

मैरिज गार्डन के पास देर रात हुई मारपीट का मुख्य आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, “ऑपरेशन तलाश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने फरार मनीष बिहारी को घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

 रायगढ़, 10 मार्च 2026  । पिछले साल 24-25 मई की रात थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास युवक के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई थी। घटना के संबंध में पीड़ित युवक द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
         रिपोर्ट में युवक ने बताया कि दिनांक 24 मई को वह अपनी दीदी के घर ग्राम लामीदरहा गया था। रात्रि लगभग 1:30 बजे लौटते समय विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास कुछ लड़कों ने मोटरसाइकिल एवं स्कूटी से उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों में मनीष बिहारी, बबलू दास महंत, अंकुल ठाकुर एवं अन्य साथी शामिल थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों एवं हथियारों से मारपीट की।
           पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित द्वारा यह भी बताया गया कि आरोपियों ने उसे विशेष वर्ग का सदस्य जानते हुए अपमानित कर मारपीट की।
         प्रकरण में थाना चक्रधरनगर में *अपराध क्रमांक 219/2025 धारा 126(2), 396, 351(3), 118(1), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। साथ ही *अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v)(क) जोड़ी गई*।
        घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार थे। प्रकरण की विवेचना नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा द्वारा की जा रही है। *दिनांक 20 फरवरी की रात मारपीट में शामिल आरोपी अंकुल ठाकुर उर्फ अंशुल ठाकुर* को शहर में घूमते देखे जाने की सूचना पर सीएसपी मयंक मिश्रा के निर्देशन में चक्रधरनगर पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया था। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपना हुलिया पूरी तरह बदल चुका था और पहचान छिपाने के लिए बाल व दाढ़ी बढ़ा ली थी। आरोपी अंशुल ठाकुर को न्यायिक रिमांड पर भेजकर जेल दाखिल किया गया है।
          इसी मामले में फरार एक अन्य *आरोपी मनीष सिंह उर्फ बिहारी बाबू पिता मनोज सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी लेबर कॉलोनी थाना जूटमिल जिला रायगढ़ (हाल मुकाम छातामुड़ा बाईपास, थाना जूटमिल)* को भी चक्रधरनगर पुलिस द्वारा कल शाम शहर में घूमते हुए देखे जाने पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आज न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। आरोपी मनीष बिहारी पर थाना जूटमिल में भी मारपीट और अन्य अपराध दर्ज है । चक्रधरनगर पुलिस द्वारा प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

  *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —
          *“ऑपरेशन तलाश के तहत किसी भी मामलों में फरार आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

मुकडेगा में 12 और तमनार में 13 मार्च को आयोजित होंगे जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर,आम नागरिक अपनी मांगों और शिकायतों से संबंधित प्रस्तुत कर सकेंगे आवेदन

रायगढ़, 10 मार्च 2026/ जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण के लिए ’’प्रशासन पहुंचेगा जनता के द्वार’’ अभियान को गति दी जा रही है। इसी क्रम में आगामी 12 मार्च को लैलूंगा विकासखंड के तहसील मुख्यालय मुकडेगा और 13 मार्च को तहसील मुख्यालय तमनार में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का समय दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है, जहाँ ग्रामीण और आम नागरिक अपनी मांगों, शिकायतों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन सीधे जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।
             कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रुप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी का मुख्य उद्देश्य आवेदनों का तत्काल परीक्षण कर अधिकतम प्रकरणों का निराकरण स्थल पर ही करना है, जिससे आमजनों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल सके। कलेक्टर ने क्षेत्र की नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना और अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाना है।

और भी

स्वच्छ भारत मिशन को जनआंदोलन बनाने की दिशा में पहल, पुसौर के गांवों में स्वच्छता जागरूकता अभियान तेज

रायगढ़, 10 मार्च 2026। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य स्तर से पहुंची स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने पुसौर विकासखण्ड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर स्वच्छता गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
भ्रमण के दौरान राज्य सलाहकार श्रीमती सिंह ने ग्राम पंचायत बेलपाली, जकेला, सुकुलभठली, कोसमंदा एवं बड़े हल्दी में संचालित स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गांवों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था, स्वच्छता संबंधी गतिविधियों तथा सामुदायिक सहभागिता की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, स्वच्छग्राहियों, स्वच्छता दीदियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने से उसके बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ जैविक कचरे का उपयोग खाद के रूप में भी किया जा सकता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छ गांव के निर्माण में भी मदद मिलती है। उन्होंने नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने तथा कचरे के पुनः उपयोग के तरीकों के बारे में भी जानकारी साझा की।
इस अवसर पर स्वच्छता कार्यों से जुड़े स्वच्छग्राही, स्वच्छता दीदी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, ग्रामीणजन, सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राज्य सलाहकार ने स्वच्छता कार्यों में सक्रिय रूप से लगे कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए उनसे संबंधित मानदेय भुगतान की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी तथा कार्यों को नियमित और प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे अपने घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करेंगे तथा उसके वैज्ञानिक और उचित प्रबंधन में सहयोग करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है और सभी के सामूहिक प्रयास से ही गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
भ्रमण के दौरान जिले से सहायक परियोजना अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह राय, जिला सलाहकार श्री हीरा सिंह, ब्लॉक सेनिटेशन ऑफिसर श्रीमती राधिका पटेल तथा मनरेगा के तकनीकी सहायक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।
जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने तथा गांवों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार के निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है और लोग सक्रिय रूप से स्वच्छता अभियान से जुड़ रहे हैं।

और भी

मेहनत और एकजुटता से बदली पुन्यासो चौहान की जिंदगी,उत्कृष्ट कार्य पर समूह को मिला 2.50 लाख रुपये का प्रोत्साहन

रायगढ़, 10 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। इसी पहल ने धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत सलका की रहने वाली पुन्यासो चौहान की जिंदगी में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। आज वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बनी हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।
          पुन्यासो चौहान डोकरी दाई महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं, जो महिला ब्लॉक संगठन धरमजयगढ़ के अंतर्गत कार्य करता है। पहले वे घरेलू जिम्मेदारियों तक ही सीमित थीं, लेकिन ‘बिहान’ मिशन से जुड़ने के बाद उनके जीवन में नया आत्मविश्वास आया। समूह की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर उन्होंने आजीविका के विभिन्न कार्यों की शुरुआत की, जिससे धीरे-धीरे उनकी आय के नए स्रोत विकसित होने लगे।

*विविध आजीविका गतिविधियों से बढ़ी आमदनी*
समूह के माध्यम से पुन्यासो चौहान और उनकी साथी महिलाएं मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, खेती-बाड़ी तथा आटा चक्की संचालन जैसे कार्यों से जुड़ी हुई हैं। इसके साथ ही निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सेंटिंग प्लेट आजीविका से भी वे आय अर्जित कर रही हैं। इन सभी गतिविधियों के जरिए समूह को नियमित आय प्राप्त हो रही है और उनकी आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है। मेहनत और सामूहिक प्रयास का ही परिणाम है कि पुन्यासो चौहान और उनके समूह को इन गतिविधियों से सालाना लगभग 70 हजार रुपये की अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हो रही है। इससे उनके परिवार की जरूरतें पूरी होने के साथ-साथ भविष्य के लिए बचत भी संभव हो पा रही है।

उत्कृष्ट कार्य के लिए मिली प्रोत्साहन राशि
समूह द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए बीते 6 मार्च को आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्हें 2 लाख 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। यह सहायता उनके आजीविका कार्यों को और विस्तार देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। पुन्यासो चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय शासन की योजनाओं और ‘बिहान’ मिशन को देते हुए कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन के सहयोग से आज गांव की महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। पुन्यासो चौहान का कहना है कि अब वे केवल गृहिणी ही नहीं, बल्कि एक आत्मनिर्भर महिला उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।

और भी

ऑपरेशन आघात” का रायगढ़ में बड़ा असर: पुसौर, छाल, खरसिया और कोतवाली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार,

 रायगढ़ 10 मार्च, 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे *“ऑपरेशन आघात”* के तहत पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पुसौर, थाना छाल, चौकी खरसिया तथा थाना कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस ने कुल पांच आरोपियों के कब्जे से महुआ शराब एवं देशी मदिरा सहित लगभग 59 लीटर शराब बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

कोतवाली पुलिस ने बड़पारा पर स्कुटी में शराब परिवहन कर रहे आरोपी को पकड़ा* —
           कल दिनांक 09.03.2026 को कोतवाली पुलिस की टाउन पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर सूचना पर अक्षय कुमार सारथी उर्फ मोन्टी (25 वर्ष) पिता अमृतलाल सारथी निवासी चांदनी चौक रायगढ़ को एक्टिवा क्रमांक CG 13 AH 8083 में अवैध शराब रखकर बिक्री ले जाते समय तुलसी होटल बड़पारा फ्लाईओवर के नीचे घेराबंदी कर पकड़ा गया । आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन/मशाला शराब (लगभग 7.200 बल्क लीटर) शराब बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 3400 रुपये आंकी गई। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है ।

पुसौर पुलिस की दोहरी कार्रवाई* —
          दिनांक 09.03.2026 को पुसौर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बरपाली गौठान क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान रजनी भारती (34 वर्ष) पति स्व. सुरेश भारती निवासी ग्राम बरपाली थाना पुसौर को पकड़ा गया, जिसके कब्जे से दो जरीकेन में भरी करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमती लगभग 3000 रुपये बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी महिला के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
         इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हरीमति भारती (40 वर्ष) पति स्व. रथराम भारती निवासी ग्राम बरपाली थाना पुसौर को भी पकड़ा, जिसके कब्जे से दो जरीकेन में भरी करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमती लगभग 3000 रुपये बरामद की गई। आरोपी महिला के विरुद्ध भी धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई।

छाल पुलिस ने ग्राम गलीमार में की शराब रेड कार्रवाई* —
           दिनांक 08.03.2026 को थाना छाल पुलिस द्वारा जुर्म जरायम पतासाजी के दौरान ग्राम गलीमार में मुखबिर सूचना पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने चक्रदयाल चौहान (36 वर्ष) निवासी गलीमार थाना छाल को पकड़कर उसके कब्जे से दो प्लास्टिक जरीकेन में भरी 25 लीटर कच्ची महुआ शराब (15 लीटर व 10 लीटर) कीमती लगभग 2500 रुपये बरामद की। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

चौकी खरसिया पुलिस की कार्रवाई* —
            दिनांक 08.03.2026 को चौकी खरसिया पुलिस द्वारा पुरानी मटखनवापार खरसिया क्षेत्र में शराब रेड कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान गौरी बाई केंवट  पति सुखदेव केंवट निवासी पुरानी बस्ती को अवैध महुआ शराब ले जाते पकड़ा गया। आरोपी महिला के कब्जे से लगभग 07 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
         रायगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए *“ऑपरेशन आघात”* के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* —
               *“रायगढ़ जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री करने वालों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”*

और भी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान पर जशपुर में उबाल, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, बस स्टैंड में ममता बनर्जी का पुतला दहन कर जताया आक्रोश”

 जशपुर : 10 मार्च 2026 भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा मंगलवार को जशपुर बस स्टैंड में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान के विरोध में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री श्रीमती ममता बनर्जी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद की।

इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष श्यामलाल भगत ने कहा कि देश की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पूरे आदिवासी समाज के गौरव और सम्मान की प्रतीक हैं। उनके प्रति किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी पूरे समाज का अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करता रहेगा।

अजजा प्रदेश मंत्री ललित नागेश ने कहा कि आदिवासी समाज ने सदैव देश की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज जब आदिवासी समाज की बेटी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन है, तब उनके प्रति किया गया अपमान पूरे देश और आदिवासी समाज की भावना को आहत करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा इस तरह की मानसिकता का लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा विरोध करता रहेगा और समाज के सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करेगा।

वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश के करोड़ों आदिवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणियां राष्ट्रपति पद की गरिमा और आदिवासी समाज के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समाज की एकता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव जागरूक और सक्रिय रहने का आह्वान किया।

उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि पुतला दहन कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शांति भगत, राजकपूर भगत, मुकेश सोनी, नेहरू सिंह, विकास कुमार प्रधान, विनोद निकुंज, श्रीमती शारदा प्रधान, श्रीमती प्रतिमा भगत, सुश्री रागिनी भगत, श्रीमती अनिता पैकरा, रामचंद्र राम, उमेश प्रधान,  रंजीत भगत, सुरेश राम भगत, वासुदेव राम, त्रिजटा साय, प्रमोद भगत, संदीप भगत, दीपक गुप्ता, सज्जू खान, राहुल गुप्ता, दीपू मिश्रा, दीपक सिंह, प्रकाश रवानी, बेंजामिन कुजूर सहित मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

और भी

ब्लैकमेलिंग से टूटी महिला की जिंदगी: ऑडियो रिकॉर्डिंग के सहारे बना रहा दबाव, तंग आकर लगाई फांसी — पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

 रायगढ़ 10 मार्च, 2026  । महिला के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में तमनार पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाते हुए ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गांव का एक युवक महिला को ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे प्रताड़ित होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

         जानकारी के अनुसार थाना तमनार में मर्ग क्रमांक 09/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच की जा रही थी। मृतिका (उम्र 26 वर्ष) निवासी ग्राम सेमीजोर ने *दिनांक 6 फरवरी की दोपहर अपने रसोई कमरे की मेन पाटी में गमछा बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी*। घटना के बाद परिजनों ने महिला को जीवित समझकर फोर्टिस अस्पताल उर्जानगर तमनार लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तमनार पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर पंचनामा कार्यवाही, घटनास्थल निरीक्षण तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

      मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने पुलिस को मृतिका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट तथा मोबाइल में सुरक्षित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग प्रस्तुत की। सुसाइड नोट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि गांव का महेन्द्र गुप्ता मृतिका और एक युवक के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने पास रखकर महिला को गलत कार्यों के लिए दबाव बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था। इस लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

      मामले में महिला को आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित किए जाने का अपराध पाए जाने पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उनके मार्गदर्शन पर दिनांक 09.03.2026 को *थाना तमनार में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 108 बीएनएस* के तहत मामला दर्ज कर *आरोपी महेन्द्र गुप्ता पिता राजकुमार गुप्ता (31 वर्ष) निवासी ग्राम सेमीजोर थाना तमनार* को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

       वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में मामले की जांच कर कार्रवाई की गई। घटना के पटाक्षेप में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया, अनूप कुजूर तथा आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, रंजीत भगत और पुष्पेन्द्र सिदार की अहम भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* —

           “महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार मानसिक उत्पीड़न या अपराध को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार के अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”

और भी

कबाड़ चोरी और अवैध स्क्रैप कारोबार पर पुलिस का प्रहार— मुखबिर की सूचना पर खरसिया पुलिस ने कार से पकड़ा 190 किलो लोहे का स्क्रैप, आरोपी गिरफ्तार

10 मार्च, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में कबाड़ के अवैध परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की सख्त निगरानी जारी है। इसी कड़ी में चौकी खरसिया पुलिस ने सटीक मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए मारुति फ्रोंक्स कार में अवैध स्क्रैप परिवहन कर रहे खरसिया निवासी राजू अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।

           प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 8 मार्च की शाम चौकी खरसिया को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में अवैध लोहे का स्क्रैप परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने स्टाफ को संदिग्ध वाहन पर निगाह रखते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी दौरान पुलिस टीम ने ठाकुरदिया से मौहापाली मालधक्का रोड पर संदिग्ध *मारुति फ्रोंक्स कार क्रमांक CG 13 BB 2808* को रोककर जांच की। वाहन की तलाशी लेने पर कार के भीतर अवैध लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ।

                   कार चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजू अग्रवाल पिता स्व. प्रेमचंद्र अग्रवाल उम्र 47 वर्ष निवासी छपरीगंज खरसिया बताया। आरोपी से स्क्रैप परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। स्क्रैप सामान चोरी का होने की आशंका पर गवाहों के समक्ष *कार में रखा लगभग 190 किलो वजनी लोहे का स्क्रैप, जिसकी कीमत करीब 6,650 रुपये है*, तथा *परिवहन में प्रयुक्त कार (4 लाख रूपये) को जब्त* किया गया। मामले में आरोपी के विरुद्ध चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में इस्तगासा धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

                   कार्रवाई के दौरान आरोपी राजू अग्रवाल पुलिस की मौजूदगी में गवाहों से विवाद करने लगा और उन्हें “मुखबिरी करने” का आरोप लगाते हुए धमकाने लगा। पुलिस द्वारा समझाने के बाद भी वह नहीं माना और गवाह को मारपीट की धमकी देने लगा। जनशांति भंग करने की स्थिति बनने पर पुलिस ने आरोपी को *धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार* किया तथा पृथक से धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई।

                      एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी व एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन पर इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा एवं आरक्षक डमरूधर पटेल की अहम भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश 

             *“रायगढ़ जिले में चोरी के कबाड़ और अवैध स्क्रैप परिवहन पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन  से भी अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।”*

और भी

लगन, संघर्ष और सपनों की जीत” – संबलपुरी के अजय गुप्ता ने यूपीएससी में 452वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया रायगढ़ का गौरव, एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित अधिकारियों ने किया सम्मान

????

10 मार्च, रायगढ़। जिले के ग्राम संबलपुरी के होनहार युवा अजय गुप्ता ने देश की प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की  में 452वीं रैंक हासिल कर रायगढ़ जिले का नाम देश और प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।

      इस अवसर पर कल शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उत्तम प्रताप सिंह ग्राम संबलपुरी पहुंचे और अजय गुप्ता से सौजन्य भेंट कर उन्हें इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी। अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की।

        एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि अजय गुप्ता जैसे युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और लक्ष्य प्राप्ति के लिए की गई मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती।

    वहीं अजय गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने से सफलता अवश्य मिलती है।

      अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में नई प्रेरणा और उत्साह का संचार हुआ है। इस दौरान अजय गुप्ता के परिवारजन भी उपस्थित रहे।

और भी

ऑपरेशन प्रहार” में रायगढ़ पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा प्रहार: अवैध कबाड़ कारोबार की कमर तोड़ी, 134 टन स्क्रैप से लदे 6 ट्रक और 1 माजदा पकड़े, एक ही दिन में 1 करोड़ 15 लाख की संपत्ति जब्त

    रायगढ़ 9 मार्च, 2026 ।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 8 अलग-अलग कार्रवाई * की है। पुलिस ने अवैध परिवहन में लगी 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन में लोड करीब 134 टन स्क्रैप पकड़ा है। साथ ही मिनी राइस मिल पूंजीपथरा के पास डंप कर रखे 2 टन मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे को भी जप्त किया गया है। *जप्त कबाड़ की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये है*, जबकि वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये है। इस प्रकार पूरी कार्रवाई में करीब *1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस द्वारा जप्त* की गई है।

           विदित हो कि चोरी की वारदातों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अवैध कबाड़ के ठिकानों तथा अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के पालन में नवपदस्थ थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पुलिस स्टाफ को सूचना संकलन में लगाया। अवैध कबाड़ परिवहन और एक स्थान पर मैग्नीज मेटल गोली डंप किए जाने की सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कल पूंजीपथरा पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई।

        पुलिस टीम ने तमनार चौक पूंजीपथरा, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड तथा महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर *6 ट्रकों और 1 माजदा वाहन को पकड़ा*, जिनमें लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ सहित बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोड था, जिसे स्थानीय प्लांट में खपाने की योजना थी। वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वे प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर चोरी की संपत्ति होने के संदेह में वाहनों सहित कबाड़ को जप्त कर वजन कराया गया। यहां 7 आरोपियों के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 13/2026 से 18/2026 तक तथा *धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS के तहत कार्रवाई* की गई है।

            दौरान मुखबिर सूचना पर पुलिस ने मिनी राइस मिल पूंजीपथरा में रेड कार्रवाई की, जहां प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी मौजूद मिला। पुलिस को सूचना थी कि वह ट्रक ड्राइवरों से मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे की खरीद करता है। मौके पर पुलिस को मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो) तथा पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2 टन 280 किलो) मिलीं, जिनकी कुल कीमत 76,560 रुपये आंकी गई। संदेही द्वारा क्रय-विक्रय संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर चोरी का माल होने के संदेह में उक्त सामग्री को विधिवत जप्त किया गया। आरोपी प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी पिता चंद्रिका प्रसाद देवांगन उम्र 43 वर्ष निवासी पूंजीपथरा के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 20/2026 धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।

           इस कार्रवाई में ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के वाहन चालकों से लोहे के कबाड़ी सामान से लोड ट्रक एवं माजदा वाहन जप्त किए गए हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में स्क्रैप परिवहन किया जा रहा था।

???????? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

       *“ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।*

          इस संपूर्ण कार्रवाई में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, राम प्रसाद यादव, नंद साय कंवर तथा आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, विक्रम कुजूर, हेम सागर पटेल और आदिकंद प्रधान की अहम भूमिका रही।

➡️ *अनावेदक एवं जप्त कबाड का विवरण* -
(1)  खेमासागर पाण्डेय पिता दुलामणी पाण्डेय उम्र 60 वर्ष सा0 पदमपुर, थाना पदमपुर जिला बरगढ उडिसा 
जप्ती - ट्रक क्रमांक CG04JD5470 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 22 MT किमती 8,30,720 रू

(2)  मो0 कुर्बान पिता मो0 सबदर  उम्र 30 साल सा0 चकबीर थाना रजवां जिला बांका बिहार 
जप्ती- ट्रक क्रमांक OD15L1751 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 25 टन 930 किलो ग्राम किमती 10,47,961 रू

(3)  मनोज कुमार कुर्रे पिता सहनी राम कुर्रे उम्र 40 साल सा0 जोगेसरा थाना सरसिंवा जिला सारंगढ बिलाईगढ छ0ग0 
जप्ती- ट्रक क्रमांक CG07CL8198 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 15.800 MT किमती 06,80,000 रू

(4)  दौलत राम केवंट पिता प्यारे लाल केवंट उम्र 21 साल सा0 जरवे थाना नगरदा जिला सक्ति छ0ग0 
जप्ती- माजदा क्रमांक CG12AQ3165 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 05 टन किमती 02,00,000 रू

(5)  सचिन बंजारे पिता अच्छेराम बंजारे उम्र 27 साल सा. सरसींवा जिला सारंगढ बिलाईगढ छ0ग0 
जप्ती-  ट्रक क्रमांक CG04NK6291 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 14 टन किमती 5,00,000 रू

(6)  महेश कुमार पिता इंदल सासय उम्र 27 साल सा0 ग्राम समसपुर थाना महुआ जिला वैशाली बिहार 
जप्ती-  ट्रक क्रमांक OD15D4151 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 30 टन किमती 8,40,000 रू

(7)  मनोज सिंह पिता जयचंद सिंह उम्र 37 साल सा0 रानीरोड पूरानी बस्ती कोरबा छ0ग0  
जप्ती -  ट्रक क्रमांक CG12S2225 एवं उसमें लोहे के कबाडी सामान करीब 22.950 टन किमती 9,00,000 रू

(8) प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी पिता श्री चन्द्रीका प्रसाद देवांगन उम्र 43 वर्ष सा0 पूंजीपथरा, थाना पूंजीपथरा जिला रायगढ छ0ग0
जप्ती -    मैग्नीज मेटल 43 बोरी प्रत्येक में करीब 25 किलो कुल वजन 1290 किलो किमती 30,960 रू एवं पाईलेट गोली लोहे का 57 बोरी प्रत्येक में करीब 40 किलो कुल वजन 2 टन 280 किलो किमती 45,600 रू जुमला किमती 76560 रू

और भी

ड्राइवर कागजात जांच कराने गया और हेल्पर ट्रेलर लेकर हो गया फरार, पुलिस की मुस्तैदी से टोल प्लाजा पर पकड़ा गया

  रायगढ़ 9 मार्च, 2026 । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ जिले में ट्रेलर सहित 41 टन लोहे का एंगल लेकर फरार हुए हेल्पर को रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया है। कोतरारोड़ पुलिस ने *चोरी गए ट्रेलर और उसमें लोड लोहे का एंगल समेत करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली* है।

            जानकारी के अनुसार दिनांक 07.03.2026 को थाना कोतरारोड़ में ट्रेलर चालक धरमराज जाट पिता रामनारायण जाट उम्र 29 वर्ष निवासी ताजपुरा जाट मोहल्ला तहसील सरवार थाना सरवार जिला अजमेर (राजस्थान) द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 चलाता है और करीब 8-9 दिन से उसके साथ एक परिचित किशोर बालक (17 वर्ष) हेल्पर के रूप में काम कर रहा था। दिनांक 05.03.2026 को वह हेल्पर के साथ जेएसपीएल रायगढ़ गया था, जहां ट्रेलर में करीब 41 टन लोहे का एंगल (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) लोड कराया गया। दिनांक 07.03.2026 की शाम को ट्रेलर को जिंदल गेट के बाहर मुख्य मार्ग किनारे खड़ा किया गया था। उस समय हेल्पर वाहन के अंदर बैठा था और ट्रेलर में चाबी लगी हुई थी।

           ड्राइवर जब कागजात जांच कराने कार्यालय के अंदर गया और लगभग एक घंटे बाद वापस लौटा तो देखा कि जहां ट्रेलर खड़ा किया गया था, वहां वाहन मौजूद नहीं था। हेल्पर को फोन लगाने पर उसका मोबाइल बंद मिला। आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। प्रार्थी ने आशंका जताई कि ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 (कीमत लगभग 40 लाख रुपये) तथा उसमें लोड लोहे का एंगल (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) सहित कुल 60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर *थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 69/2026 धारा 303(2) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

            ट्रेलर चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने जिले में तत्काल नाकेबंदी कराते हुए सीमावर्ती जिलों को भी चोरी हुए ट्रेलर का विवरण भेजकर पतासाजी के निर्देश दिए। जिले एवं आसपास के जिलों में सघन चेकिंग के दौरान जिला सक्ती के टोल प्लाजा पर सक्ती यातायात पुलिस की टीम ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर पकड़ा और इसकी सूचना थाना कोतरारोड़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपित को अभिरक्षा में लिया गया तथा ट्रेलर को मय लोहे का एंगल जप्त करते हुए कुल 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की कार्रवाई की गई।

         थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर द्वारा विधि के साथ संघर्षरत बालक से पूछताछ करने पर उसने ट्रेलर चोरी की घटना स्वीकार की। आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कल किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। इस प्रकार रायगढ़ और सक्ती पुलिस की तत्परता से वाहन चोरी की बड़ी घटना का त्वरित खुलासा किया गया, जिसमें थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर तथा थाना कोतरारोड़ एवं जिला सक्ती के यातायात स्टाफ की अहम भूमिका रही ।

*गिरफ्तार आरोपित* –
  विधि के साथ संघर्षरत बालक (अपचारी)।

*बरामद संपत्ति*–

        ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 कीमती लगभग 40,00,000 रुपये तथा ट्रेलर में लोड 41 टन लोहे का एंगल कीमती लगभग 20,00,000 रुपये, कुल जुमला 60,00,000 रुपये।

???????? *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* –

        *“रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की कड़ी नजर है। रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई यह दर्शाती है कि कोई भी अपराधी अपराध कर कानून से बच नहीं सकता। चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

मार्केट से दिनदहाड़े गायब हुई एक्टिवा बरामद, पुलिस की पेट्रोलिंग और सशक्त ऐप की सतर्कता से दो आरोपी चढ़े हत्थे

 रायगढ़ 9 मार्च, 2026* । थाना कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़कर चोरी की स्कूटी बरामद की है। मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का होने से प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

      स्कुटी चोरी के संबंध में दिनांक 06 मार्च 2026 को प्रार्थी मुकेश अग्रवाल पिता मुरलीधर अग्रवाल उम्र 47 वर्ष निवासी बैकुण्ठपुर रायगढ़ द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके भाई मनोज कुमार अग्रवाल के नाम से पंजीकृत होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 13 Y 8208 को दिनांक 05 मार्च 2026 को दोपहर में पुराना शनिदेव मंदिर रायगढ़ के पीछे सुलभ शौचालय के पास लॉक कर वह संजय कॉम्प्लेक्स स्थित अपनी अंजली गारमेंट कपड़े की दुकान चला गया था। रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद कर घर जाने के लिए निकला तो वहां खड़ी स्कूटी गायब मिली। आसपास तलाश करने पर भी वाहन का पता नहीं चलने पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कूटी चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट दी गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में *अपराध क्रमांक 105/2026 धारा 303(2) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

         मामले की जांच के दौरान 7 मार्च के दोपहर थाना चक्रधरनगर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को दो संदेही एक सफेद रंग की स्कूटी के साथ मिले। पूछताछ में वे स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की बात बता रहे थे। वाहन को *सशक्त ऐप* पर चेक करने पर पता चला कि उक्त वाहन के संबंध में थाना कोतवाली में चोरी का अपराध दर्ज है। इसकी सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दी गई।

         कोतवाली पुलिस द्वारा संदेही मनोज भारती और एक किशोर बालक से पूछताछ करने पर दोनों ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। विधि से संघर्षरत बालक के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 Y 8208 कीमती लगभग 15,000 रुपये जप्त की गई।

        प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के अपराध में विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा *आरोपी मनोज भारती पिता रामलाल भारती उम्र 19 वर्ष निवासी प्रेमनगर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़* को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

और भी

रायगढ़ में दरिंदगी: नाबालिग को कॉलोनी से बाइक पर अगवा कर कमरे में किया दुष्कर्म, 20 मामलों का हिस्ट्रीशीटर विशाल ठाकुर गिरफ्तार

  9 मार्च, 2026 । थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए *आरोपी विशाल सिंह ठाकुर उर्फ बाबू पिता रणधीर सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी रेल्वे कॉलोनी पाव दुकान के सामने थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़* को अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी थाना कोतवाली क्षेत्र का गुंडा बदमाश है और उसके विरुद्ध पहले से कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।

        जानकारी के अनुसार कल 8 मार्च को स्थानीय 16 वर्षीय नाबालिग बालिका द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 05 मार्च 2026 की शाम वह अपने परिचित के घर घूमने गई थी, जहां उसकी मुलाकात विशाल ठाकुर उर्फ बाबू से हुई। उसी दिन आरोपी बालिका के कॉलोनी पहुंचा और उसे मोटरसाइकिल में बैठाकर जबरदस्ती ईला मॉल के पीछे अपने दोस्त के कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने 07 मार्च की शाम केवड़ाबाड़ी के पास बालिका को घटना किसी को न बताने की धमकी देकर छोड़ दिया।

        पीड़िता के थाना चक्रधरनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने पर महिला निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर द्वारा बालिका के आवेदन पर अपराध पंजीबद्ध कर विस्तृत बयान लिया गया। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को होने पर उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया जिससे अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की जप्ती कर *अपराध क्रमांक 94/2026137(2), 351(3),64(2) (एम) 127 बीएनएस, 06 पाक्सो एक्ट* में गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। 

          एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी व सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर महिला संबंधी अपराध पर त्वरित कार्यवाही में निरीक्षक राकेश मिश्रा, कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक गेंद लाल साहू, आरक्षक शांति मिरी और अमर मिर्धा की अहम भूमिका रही है ।

         आरोपी विशाल सिंह ठाकुर थाना कोतवाली क्षेत्र का गुंडा बदमाश है। उसके विरुद्ध थाना कोतवाली में पहले से 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पुलिस द्वारा 6 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। उसके लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण वर्ष 2023 में जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर रायगढ़ को भेजा गया था, जिसके बाद आरोपी को एक वर्ष के लिए जिला बदर भी किया गया था।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

 *“गुंडा, निगरानी बदमाश और आदतन अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी है कि उनके खिलाफ कोई भी शिकायत आने पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई कर आरोपियों को सीधे जेल भेजा जाएगा तथा जिले में सक्रिय बदमाशों पर पुलिस की सख्त निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।*”

और भी

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ द्वारा महिला चिकित्सकों को उनके समर्पित योगदान, सेवा और समाज में महिलाओं के अधिकारों के लिए किया गया भव्य सम्मान समारोह

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ रायगढ़ द्वारा जिला आयुर्वेद कार्यालय में विभाग में कार्यरत महिला चिकित्सा अधिकारियों का सम्मान कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।
             कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला आयुष अधिकारी डॉ. गौराहा ने कहा कि नारी केवल एक शब्द नहीं बल्कि शक्ति, साहस, प्रेम और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महिला जीवन की जननी होने के साथ-साथ परिवार की आधारशिला और समाज की प्रगति की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने यह भी कहा कि हर बेटी को अपने सपने देखने और उन्हें पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए, यही सच्चे अर्थों में महिला सशक्तिकरण है। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ रायगढ़ ने समाज में महिलाओं के सम्मान, समानता और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में महिला चिकित्सकों को उनके कार्यों और योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
          इस अवसर पर डॉ. कुणाल पटेल, डॉ. अजय नायक, डॉ. सक्सेना, डॉ. संजीव, डॉ. मंजरी, डॉ. मीरा, डॉ. प्रियंका, डॉ. रवीना, डॉ. विभा, डॉ. निकिता, डॉ. विजयलक्ष्मी, डॉ. जागृति, डॉ. श्वेता, डॉ. आस्था, डॉ. लता, डॉ. श्रद्धा, डॉ. श्वाती, डॉ. आर्ची, डॉ. रविशंकर, डॉ. सादिक, डॉ. विकास और डॉ. संतोष समेत विभाग के सभी महिला एवं पुरुष चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

जिला जेल रायगढ़ के महिला प्रकोष्ठ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ जिला जेल रायगढ़ के महिला प्रकोष्ठ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला बंदियों को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
            कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती नेहा यति मिश्रा तथा प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती ताजेश्वनी देवी देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला बंदियों को संबोधित करते हुए महिलाओं के अधिकार, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
              इस अवसर पर महिला बंदियों को शिक्षा के महत्व, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समाज में महिलाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने और स्वयं को सशक्त बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला जेल रायगढ़ के जेल अधीक्षक श्री जी. एस. शोरी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

और भी

महतारी वंदन योजना से संवरा मालती का भविष्यः सिलाई के हुनर को मिले नए पंख,कभी आर्थिक तंगी से जूझ रही मालती अब समाज की अन्य महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना मील का पत्थर साबित हो रही है। इस योजना ने न केवल महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया है, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान भरने का हौसला भी दिया है। ऐसी ही एक प्रेरक कहानी रायगढ़ के मोतीपारा वार्ड क्रमांक 40 की रहने वाली मालती देवांगन की है। वे लंबे समय से सिलाई का कार्य कर रही थीं, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण उनका व्यवसाय आगे नहीं बढ़ पा रहा था। उनके पास केवल एक सिलाई मशीन थी और उससे होने वाली आय परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। संसाधनों की कमी उनके हुनर के आड़े आ रही थी। इसी दौरान महतारी वंदन योजना उनके जीवन में नई उम्मीद बनकर आई। योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता का मालती ने समझदारी से उपयोग किया। उन्होंने प्राप्त राशि को बचाकर अपने सिलाई व्यवसाय के विस्तार का निर्णय लिया।
            मालती बताती हैं कि पहले उनके पास केवल एक पुरानी मशीन थी, लेकिन योजना से मिली राशि की मदद से उन्होंने दो नई सिलाई मशीनें खरीदीं। मशीनों की संख्या बढ़ने से उनके काम की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार आया। अब वे कम समय में अधिक कपड़े सिल पाती हैं, जिससे उनकी आमदनी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। एक समय आर्थिक तंगी से जूझ रही मालती आज आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपने परिवार का सहयोग कर रही हैं, बल्कि आसपास की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए मालती देवांगन कहती हैं कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। अब उनकी आय पहले से अधिक हो गई है और वे अपने काम को आगे बढ़ाने का सपना देख पा रही हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस योजना ने हम जैसी महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है।

और भी

आवास, मनरेगा और कौशल योजनाओं से रायगढ़ की महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर,आजीविका डबरी से बढ़ी आय, जल संरक्षण को भी मिला बढ़ावा

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम बढ़ा रही हैं।
            वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कुल 9,679 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 2,076 आवास सीधे तौर पर महिलाओं के नाम पर स्वीकृत किए गए हैं, जिससे उन्हें अपने घर का मालिकाना हक मिला है। यह पहल महिलाओं को न केवल सामाजिक सम्मान दिला रही है, बल्कि उन्हें सुरक्षा और आत्मविश्वास का नया आधार भी प्रदान कर रही है। इसी प्रकार विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए संचालित पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत 173 आवासों में से 85 आवास महिलाओं के नाम पर स्वीकृत किए गए हैं। इससे इन वर्गों की महिलाओं को भी सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है।
            मनरेगा योजना के अंतर्गत जिले में आजीविका को बढ़ावा देने के लिए 428 आजीविका डबरी स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 55 डबरी का निर्माण पूर्ण हो चुका है। प्रशासन की अभिनव पहल के तहत प्रत्येक डबरी से एक महिला को जोड़ा जा रहा है, जिससे उन्हें आजीविका के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। इन डबरियों के माध्यम से महिलाएं सब्जी उत्पादन, मछली पालन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं। लगभग आठ माह तक पानी की उपलब्धता रहने से महिलाएं डबल फसल और सब्जी उत्पादन भी कर पा रही हैं।
           पारदर्शिता और सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक डबरी के नागरिक सूचना पटल पर संबंधित महिला का नाम और लोकेशन आईडी अंकित की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह पहल महिलाओं के लिए एक सच्चे सम्मान और पहचान का प्रतीक बन गई है। महिलाओं को हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिले में प्रोजेक्ट उन्नति 2.0 के तहत व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। आरसेटी, कृषि विज्ञान केंद्र और डीडीयू-जीकेवाय के माध्यम से महिलाओं को राजमिस्त्री प्रशिक्षण सहित विभिन्न तकनीकी कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
           गौरतलब है कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी 55 प्रतिशत से अधिक है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अब ब्रिक्स निर्माण और सेंटरिंग प्लेट जैसे क्षेत्रों में भी काम कर रही हैं, जो पारंपरिक रूप से पुरुषों के कार्य माने जाते थे। जिले में कई प्रेरक उदाहरण सामने आए हैं जहां महिलाओं ने स्वयं राजमिस्त्री बनकर अपना घर बनाया और अब वे निर्माण सामग्री तैयार कर बेचते हुए अपनी आय भी बढ़ा रही हैं। मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के सफल एकीकरण ने महिलाओं को केवल योजनाओं के हितग्राही तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें उद्यमी बनने का अवसर दिया है।

और भी

जनदर्शन में पर्यावरण प्रदूषण एवं प्राकृतिक नाले से अवैध जल दोहन की शिकायत,अपर कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश, सुनी आमजनों की समस्याएं

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ जिला कलेक्टोरेट परिसर में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
           जनदर्शन में ग्राम शिवपुरी के ग्रामीणों ने गांव में संचालित एक निजी औद्योगिक इकाई के विरुद्ध पर्यावरण प्रदूषण और प्राकृतिक नाले से अवैध जल दोहन की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी द्वारा गांव के समीप स्थित प्राकृतिक ‘जिंदा नाला’ से बड़ी पंप मोटर के माध्यम से बिना वैध अनुमति के निरंतर पानी का दोहन कर औद्योगिक उपयोग किया जा रहा है, जिससे नाले का जलस्तर लगातार घट रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह नाला गांव के दैनिक उपयोग का प्रमुख जल स्रोत है। साथ ही कंपनी द्वारा दूषित जल एवं औद्योगिक अपशिष्ट को खुले स्थान पर छोड़े जाने से पर्यावरण प्रदूषण की स्थिति भी निर्मित हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम दर्रामुड़ा के श्री टोपराम पटेल ने बताया कि उनके पुत्र की आकस्मिक मृत्यु के पश्चात प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत क्लेम राशि के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था, लेकिन संबंधित बैंक द्वारा आज दिनांक तक उन्हें भुगतान नहीं किया गया है, जबकि उनके पुत्र की मृत्यु के समय बीमा कवर सक्रिय था। इस पर अपर कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को प्रकरण की जांच कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। 
           खरसिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिलासपुर के ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि शक्ति महिला स्व-सहायता समूह द्वारा अप्रैल और मई 2024 माह के लिए ई-पॉस मशीन में बायोमेट्रिक अंगूठा लिया गया, लेकिन केवल एक माह का ही राशन दिया गया है, जबकि मई माह का राशन आज दिनांक तक वितरित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत मनुवापाली के सरपंच ने नल-जल योजना के अंतर्गत गांव में नियमित जल आपूर्ति की मांग की। ग्राम बिजना के श्री तीरथराम चौधरी ने अपने दिव्यांग पुत्र के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का आवेदन दिया। ग्राम पंचायत कुमा के श्री बलवीर यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत मनरेगा मजदूरी भुगतान कराने तथा ग्राम झलमला की श्रीमती पंचमी पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। जनदर्शन में राजस्व, प्रधानमंत्री आवास योजना, दिव्यांग सहायता, अतिक्रमण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी