ताजा खबरें


बड़ी खबर

पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति को लेकर प्रशासन सतर्क, अफवाहों से बचने की अपील,पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, घबराने की जरूरत नहीं

रायगढ़, 15 मार्च 2025/ राज्य में पेट्रोलियम पदार्थों की नियमित उपलब्धता और सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले के संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से प्रभावित होने की आवश्यकता नहीं है।
          कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि ऑयल कंपनियों के पास इन पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उनकी नियमित आपूर्ति जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में आम जनता के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अनावश्यक रूप से एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग या पेट्रोल-डीजल के अनावश्यक संग्रहण जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने बताया कि ऑयल कंपनियों और जिलों में उपलब्ध एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल के स्टॉक की दैनिक जानकारी खाद्य विभाग के मॉड्यूल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके आधार पर प्रतिदिन जिले में प्राप्त स्टॉक, विक्रय मात्रा तथा शेष उपलब्धता की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
          कलेक्टर ने खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों को एलपीजी, पेट्रोल और डीजल के अवैध संग्रहण तथा दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध स्थलों की पहचान कर नियमित जांच एवं आवश्यकतानुसार छापेमारी की कार्रवाई करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही आम उपभोक्ताओं को पेट्रोलियम पदार्थों की प्राप्ति में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए खाद्य विभाग के कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 और 1967 के अलावा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0771-2511975 पर संपर्क किया जा सकता है। जिलों में भी जिला स्तरीय कंट्रोल रूम गठित कर उनके नंबर आम जनता को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
             कलेक्टर ने कहा कि विभागीय कॉल सेंटर में दर्ज शिकायतों का निराकरण संबंधित खाद्य नियंत्रक, खाद्य अधिकारी तथा ऑयल कंपनियों के जिला समन्वयक द्वारा 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी विभागीय डैशबोर्ड में तत्काल दर्ज की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भारत सरकार एवं ऑयल कंपनियों द्वारा समय-समय पर जारी एलपीजी बुकिंग, वितरण और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों को सभी एलपीजी वितरकों, उचित मूल्य दुकानों तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
              कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा इसकी जानकारी शीघ्र विभाग को प्रेषित करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और आवश्यकतानुसार ही पेट्रोलियम पदार्थों का उपयोग करें, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।

और भी

ऑपरेशन तलाश” का बड़ा असर: 5 दिन में 246 वारंटियों की गिरफ्तारी, उड़ीसा के दो शातिर स्थायी वारंटी भी दबोचे — एसएसपी शशि मोहन सिंह की सख्ती से फरार आरोपियों में मचा हड़कंप ⚡

 15 मार्च, रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए जिले में चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 10 मार्च से 15 मार्च तक चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस ने 141 स्थायी वारंट और 105 गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए कुल 246 वारंटों का निष्पादन किया है। इस विशेष अभियान में कोतवाली पुलिस ने मारपीट मामले के फरार आरोपी अभिषेक ठाकुर तमनार पुलिस ने गांजा तस्कर मिथुन सा जैसे गंभीर मामलों में फरार आरोपियों को पड़कर जेल भेजा है।

     वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह द्वारा क्राइम मीटिंग में प्रत्येक माह 10 से 15 तारीख के बीच विशेष अभियान चलाकर लंबित वारंटों और फरार आरोपियों की अधिक से अधिक तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की टीमों द्वारा लगातार दबिश और पतासाजी कर वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।

      अभियान के दौरान थाना कोतवाली पुलिस को विशेष सफलता मिली, जहां उड़ीसा के दो शातिर स्थायी वारंटी दशरथ विश्वाल निवासी लखनपुर रेंगाली (उड़ीसा) तथा सरोज बेहरा निवासी रेंगाली (उड़ीसा) को गिरफ्तार किया गया। वारंटी दशरथ विश्वाल के विरुद्ध थाना कोतवाली में 20 स्थायी वारंट तथा थाना चक्रधरनगर में 17 स्थायी वारंट जारी थे। इसी प्रकार सरोज बेहरा के विरुद्ध थाना कोतवाली में 17 स्थायी वारंट और थाना चक्रधरनगर में 2 स्थायी वारंट लंबित थे। दोनों वारंटी अपना प्रभावशाली व्यक्तियों का परिचय देकर किस्तों में ट्रैक्टर खरीदते थे और भुगतान न कर फरार हो जाते थे, जिसके कारण न्यायालय द्वारा उनके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किए गए थे। कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने दोनों वारंटियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सरोज बेहरा को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दशरथ विश्वाल को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

     अभियान के दौरान थाना कोतवाली द्वारा 43 स्थायी वारंट और 1 गिरफ्तारी वारंट, थाना चक्रधरनगर द्वारा 34 स्थायी वारंट और 15 गिरफ्तारी वारंट, थाना छाल द्वारा 13 स्थायी वारंट और 12 गिरफ्तारी वारंट, थाना पुसौर द्वारा 10 स्थायी वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट, चौकी खरसिया द्वारा 6 स्थायी वारंट और 4 गिरफ्तारी वारंट, थाना लैलूंगा द्वारा 8 स्थायी वारंट और 7 गिरफ्तारी वारंट, थाना तमनार द्वारा 5 स्थायी वारंट और 1 गिरफ्तारी वारंट, कापू से 3 स्थायी और 7 गिरफ्तारी, धरमजयगढ़ से 1 स्थायी 14 गिरफ्तारी, कोतरारोड़ 1 स्थायी और 9 गिरफ्तारी तथा थाना पूंजीपथरा द्वारा 4 स्थायी वारंट और 1 गिरफ्तारी वारंट की तामिली कर अभियान को सफल बनाया गया।

         उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के रायगढ़ जिले में पदस्थापना के बाद से  फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उनके पदस्थापना *26 जनवरी से  अब तक 1467 वारंटों की तामिली की जा चुकी है, जिसमें 256  स्थाई वारंटी है और 1211 फरार गिरफ्तारी वारंटी पकड़े गए जिससे फरार आरोपियों पर प्रभावी अंकुश लगा है*।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश — 
         फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

और भी

धामाकेदार खुलासा : मोबाइल शॉप में 14 लाख की आईफोन चोरी का पर्दाफाश, चलती ट्रेन से दबोचा गया मुख्य आरोपी — 16 के 16 आईफोन बरामद

  15 मार्च, रायगढ़ ।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर थाना सिटी कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में हुई 16 नग आईफोन चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी आकाश चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई में चोरी गए सभी 16 आईफोन की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है तथा एक अन्य आरोपी लकेश्वर को भी गिरफ्तार किया गया है।

➡️ *चोरी घटना का संक्षिप्त विवरण* - 

       जानकारी के अनुसार रायगढ़ शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में 09 मार्च 2026 की रात चोरी की घटना सामने आई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक निवासी लक्ष्मीपुर द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार वे रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह लगभग 10:00 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल फोन अस्त-व्यस्त मिले। जांच करने पर पता चला कि दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का लॉक तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से 16 नग आईफोन तथा काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया। 

         घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध *अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

*पुलिस की कार्रवाई, छापेमारी*-     

      जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर 
उसकी तलाश तेज की गई। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही मोबाइल का उपयोग कर रहा है, जिस पर साइबर टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम तत्काल रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान आरोपी ट्रेन में बैठकर रायगढ़ की ओर आ रहा था, जिसे चलती ट्रेन में ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर धर दबोचा।

     पकड़े गए आरोपी की पहचान *आकाश चौहान पिता मनोहर चौहान उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़* के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया तथा यह भी बताया कि उसने जनवरी 2026 में अपने साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने बताया कि वह रायपुर से ट्रेन में बैठकर रायगढ़ आया और दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़कर दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर दुकान में घुसा और शोकेस में रखे 16 नग आईफोन को एक काले रंग के बैग में भर लिया तथा काउंटर से नकदी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया।

         पुलिस द्वारा आरोपी आकाश चौहान से चोरी के 15 नग आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी *लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा पिता कनीराम चंद्रा उम्र 21 वर्ष निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़* के कब्जे से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। साथ ही चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पूर्व चोरी मामले में आरोपी को पृथक से पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

         पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, श्री अनिल विश्वकर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, दिनेश मिंज, प्रधान आरक्षक करुणेश राय, रेणू सिंह मंडावी, आरक्षक प्रशांत पण्डा, महेश पण्डा, पुष्पेंद्र जाटवर, विक्रम सिंह, प्रताप बेहरा, रविन्द्र गुप्ता और थाना कोतवाली के उत्तम सारथी, मनोज पटनायक, कमलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

*गिरफ्तार आरोपी*-

1- आकाश चौहान पिता मनोहर चौहान उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़
2- लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा पिता कनीराम चंद्रा उम्र 21 वर्ष निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़

*बरामदगी*
16 चोरी गए आईफोन मोबाइल और बाइक कुल कीमत लगभग 14 लाख 15 हजार रुपये ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश*—

       *“रायगढ़ जिले में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करने वाले आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी पुलिस कार्रवाई के माध्यम से ऐसे अपराधों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।”*

और भी

ऑपरेशन आघात” का कड़ा प्रहार : तीन थानों की संयुक्त कार्रवाई में 84 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार — एसएसपी का साफ संदेश, अवैध कारोबारियों को नहीं मिलेगी कोई राहत

????

 15 मार्च, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के कारोबार पर लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में दिनांक 14.03.2026 को थाना भूपदेवपुर, पुसौर और तमनार पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध बिक्री के लिए रखी गई महुआ शराब जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

भूपदेवपुर पुलिस की दो बड़ी शराब रेड, 70 लीटर महुआ शराब जब्त

           जानकारी के अनुसार थाना भूपदेवपुर पुलिस द्वारा ग्राम जबलपुर में दो अलग-अलग स्थानों पर शराब रेड की कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जबलपुर निवासी शनिराम महंत नदी किनारे खेत में बने झोपड़ी में अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी भूपदेवपुर उप निरीक्षक संजय नाग द्वारा टीम के साथ मौके पर रेड कार्रवाई की गई। रेड के दौरान संदेही शनिराम महंत झोपड़ी के पास मिला, जिससे पूछताछ करने पर उसने शराब बिक्री करना स्वीकार किया और 15 लीटर, 10 लीटर तथा 5 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक डिब्बों/जरीकेनों में रखी कुल 40 लीटर महुआ शराब बरामद कराई गई। *आरोपी शनिराम महंत पिता हनुदास महंत उम्र 43 वर्ष निवासी ग्राम जबलपुर थाना भूपदेवपुर* के विरुद्ध थाना भूपदेवपुर में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे रिमांड पर भेजा गया है।

           इसी कार्रवाई के दौरान भूपदेवपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जबलपुर निवासी ललिता डनसेना भी नदी किनारे झोपड़ी में अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना पर रेड कार्रवाई कर आरोपी के कब्जे से 30 लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग 3,000 रुपये) जब्त की गई। *आरोपीया ललिता डनसेना पति बाबूलाल डनसेना उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम जबलपुर* के विरुद्ध भी धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपदेवपुर उप निरीक्षक संजय नाग के साथ प्रधान आरक्षक सत्यम पटेल, संजय तिर्की, सुरेन्द्र ठाकुर तथा आरक्षक जगमोहन ओग्रे, बोधराम मांझी, सुरेश सिदार, महेन्द्रपाल मरावी, गोवर्धन सिदार एवं महिला आरक्षक कलिस्ता कुजूर शामिल रहे।

पुसौर पुलिस की कार्रवाई, बरगद छाप महुआ शराब के 28 पाउच जब्त

               वहीं थाना पुसौर पुलिस को ग्राम कठानी मेन रोड के पास उड़ीसा की बरगद छाप महुआ पाउच शराब की बिक्री की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने *बनबस गुप्ता पिता बाहाबल गुप्ता उम्र 61 वर्ष निवासी ग्राम कठानी थाना पुसौर* जिला रायगढ़ को पकड़कर उसके कब्जे से 180 एमएल क्षमता वाले 28 पाउच (कुल 5 लीटर 40 एमएल) महुआ शराब, कीमत लगभग 1,400 रुपये जब्त की। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक योगेश उपाध्याय, आरक्षक दिनेश गोड़ तथा विजय कुसवाहा शामिल रहे।

तमनार पुलिस की पेट्रोलिंग कार्रवाई, अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी पकड़ा गया

        इसी तरह थाना तमनार पुलिस द्वारा दिनांक 13.03.2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर सूचना पर ग्राम जरेकेला में कार्रवाई कर *मोहित भारद्वाज पिता मंगलू भारद्वाज उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम कठरापाली थाना तमनार* को अवैध बिक्री के लिए महुआ शराब परिवहन करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के पास रखे प्लास्टिक थैले में 5 लीटर क्षमता की जरीकेन तथा दो स्प्राइट बोतलों में भरी कुल 9 लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग 1,800 रुपये) जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, आरक्षक शशिभूषण उरांव तथा महिला आरक्षक सीमा लकड़ा शामिल रहे।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* — 
         *“जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है, ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति, आवक-जावक और वितरण पर रहेगी कड़ी निगरानी, गलत उपयोग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

रायगढ़, 14 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने और उपभोक्ताओं को नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विकासखंडों में राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों का संयुक्त जांच दल गठित किया गया है।
     खाद्य शाखा रायगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह जांच दल जिले में संचालित गैस एजेंसियों से उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति, दैनिक आवक-जावक और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखेगा। साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी जांच की जाएगी, ताकि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग या अन्य प्रकार का दुरुपयोग रोका जा सके।
             रायगढ़ विकासखंड के लिए तहसीलदार शिव डनसेना (मो. 7987712715), नायब तहसीलदार हरनंदन बंजारे (मो. 9302180957) तथा सहायक खाद्य अधिकारी अंजनी कुमार राव (मो. 9340346582) को जांच दल में शामिल किया गया है। इसी तरह पुसौर विकासखंड में तहसीलदार अनुराधा पटेल (मो. 8770810450) और खाद्य निरीक्षक चुड़ामणि सिदार (मो. 6265302312) जांच की जिम्मेदारी संभालेंगे। खरसिया विकासखंड के लिए तहसीलदार संदीप राजपूत (मो. 9818069610) और खाद्य निरीक्षक बनमाली यादव (मो. 6261494293) को जिम्मेदारी दी गई है। घरघोड़ा विकासखंड में तहसीलदार मनोज गुप्ता (मो. 8839836408) और खाद्य निरीक्षक श्रीमती प्राची सिन्हा (मो. 7587440074) को टीम में शामिल किया गया है। तमनार विकासखंड में तहसीलदार ऋचा सिंह (मो. 8085744738) और खाद्य निरीक्षक प्राची सिन्हा (मो. 7587440074) को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। धरमजयगढ़ विकासखंड में तहसीलदार हितेश कुमार साहू (मो. 9669924292) तथा खाद्य निरीक्षक सुधारानी चौहान (मो. 7974750654) तथा लैलूंगा विकासखंड में तहसीलदार शिवम पाण्डेय (मो. 8770697391) और खाद्य निरीक्षक खुशीराम नायक (मो. 7777801577) जांच दल में शामिल हैं।
         कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सभी संयुक्त जांच दल अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की नियमित जांच करें तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के उपयोग की जांच भी करें। यदि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग या अन्य दुरुपयोग पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

और भी

सब्जी उत्पादन से आत्मनिर्भर बनीं सविता राठिया : 60 हजार रुपये की राशि से शुरू की आजीविका गतिविधि, नियमित आय का बना मजबूत साधन

रायगढ़, 14 मार्च 2026/ विकासखंड धरमजयगढ़ के ग्राम पंचायत बंगरसूता की श्रीमती सविता राठिया ने मेहनत और लगन से आजीविका का नया रास्ता तैयार कर लिया है। साग-सब्जी की खेती कर वे न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
          सविता राठिया पहले घर की जिम्मेदारियों तक ही सीमित थीं और उन्हें घर से बाहर निकलकर काम करने का ज्यादा अवसर नहीं मिल पाता था। लेकिन स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने अपनी आजीविका को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। अपने कार्य को विस्तार देने के लिए उन्होंने 60 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) प्राप्त की और इस राशि से साग-सब्जी उत्पादन शुरू किया। आज सविता अपने खेत में विभिन्न प्रकार की हरी सब्जियों का उत्पादन कर स्थानीय बाजार में बिक्री कर रही हैं। इससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उनकी मेहनत से परिवार की जरूरतें पूरी होने के साथ ही आत्मविश्वास भी बढ़ा है। सविता राठिया का कहना है कि खेती और छोटे स्तर के आजीविका कार्य भी यदि योजनाबद्ध तरीके से किए जाएं तो बेहतर आय का माध्यम बन सकते हैं। उनकी यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने “गौधाम योजना” का किया शुभारंभ,निराश्रित गौवंश को मिलेगा सुरक्षित आश्रय और समुचित देखभाल

रायगढ़, 14 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम से राज्य में निराश्रित एवं घुमंतू गौवंश के संरक्षण और उनके समुचित व्यवस्थापन के उद्देश्य से “गौधाम योजना” का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री के विशेष संबोधन का लाइव प्रसारण देखा गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की जा रही गौधाम योजना का उद्देश्य प्रदेश में बेसहारा मवेशियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना, उनके संरक्षण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि गोधन हमारी ग्रामीण संस्कृति, कृषि व्यवस्था और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
              जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला स्तरीय गौधाम समिति के अध्यक्ष श्री बंशीधर बेहरा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुजाता चौहान, उपाध्यक्ष श्री राम श्याम डनसेना, सदस्य श्री हेमंत डनसेना, श्री दुर्गेश पटेल, विकासखंड रायगढ़ गौधाम अध्यक्ष श्री हुकुम सिंह यादव, विकासखंड तमनार गौधाम अध्यक्ष श्री भीमसेन बेहरा सहित गौधाम समिति के अन्य सदस्यगण, श्री अशोक गुप्ता, श्री रमेश कुमार कुंभकार, श्री रोमेश दास, श्रीमती पूनम द्विवेदी, श्री बंशीधर पटेल, श्री जी.आर. चौहान, श्री मुकेश पटनायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पशुधन विकास विभाग के उप संचालक श्री एस.के. सिंह तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और पशुपालक किसान उपस्थित रहे।
             गौधाम समिति के जिला अध्यक्ष श्री बंशीधर बेहरा ने कहा कि बदलती जीवनशैली और शहरीकरण के कारण कई स्थानों पर गौवंश निराश्रित होकर सड़कों पर घूमते दिखाई देते हैं। ऐसे में गौवंश के संरक्षण, देखभाल, भोजन, उपचार और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था करना समाज और शासन दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है। गौधाम की स्थापना से निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा, जहां उनके लिए चारा, पानी, चिकित्सा और देखभाल की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
            जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। गौधाम योजना निराश्रित और घुमंतू गौवंश के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पशुपालकों और किसानों को भी लाभान्वित कर रही है। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुजाता चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में प्राचीन काल से ही गौ माता को अत्यंत पूजनीय माना गया है। हमारे धार्मिक ग्रंथों और परंपराओं में गौ को माता का दर्जा दिया गया है और सदियों से समाज में गौ सेवा और गौ संरक्षण की परंपरा चली आ रही है।
             पशुधन विकास विभाग के उप संचालक श्री एस.के. सिंह ने बताया कि गौधाम योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड में 10 गौधाम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन गौधामों में शेड, फेंसिंग, पेयजल, बिजली जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिले से गौधाम की स्थापना के लिए 20 समितियों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिनमें से 12 समितियों का पंजीयन प्रक्रियाधीन है। पंजीयन पूर्ण होने के पश्चात शीघ्र ही गौधामों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा।
             गौधाम योजना के अंतर्गत गौवंश के पोषण आहार के लिए पहले वर्ष 10 रुपये प्रतिदिन प्रति पशु, दूसरे वर्ष 20 रुपये, तीसरे वर्ष 30 रुपये और चौथे वर्ष से 35 रुपये प्रतिदिन की सहायता दी जाएगी। अधोसंरचना निर्माण एवं मरम्मत के लिए प्रति वर्ष 5 लाख रुपये का प्रावधान रखा गया है। चरवाहों को 10,916 रुपये तथा गौसेवकों को 13,126 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। गौधामों में चारा विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रति एकड़ 47 हजार रुपये वार्षिक सहायता का प्रावधान है तथा अधिकतम 5 एकड़ भूमि तक 2.35 लाख रुपये प्रतिवर्ष सहायता दी जाएगी। प्रत्येक गौधाम में लगभग 200 गौवंश रखने की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इस योजना के लागू होने से सड़कों और गांवों में घूमने वाले निराश्रित पशुओं की समस्या में कमी आएगी तथा गौवंश संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

और भी

नेशनल लोक अदालत में 6806 लंबित प्रकरणों का निराकरण,रायगढ़ सहित जिलेभर में 29 खंडपीठों में हुई सुनवाई, बड़ी संख्या में मामलों का हुआ समाधान

रायगढ़, 14 मार्च 2026/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार आज रायगढ़ जिले में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला न्यायालय रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री जितेन्द्र कुमार जैन ने न्यायालयीन सभागार में माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लोक अदालत के सफल संचालन के लिए जिला मुख्यालय रायगढ़ के साथ-साथ तहसील न्यायालय सारंगढ़, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, खरसिया, भटगांव और बिलाईगढ़ में भी खंडपीठों का गठन किया गया। इसके अतिरिक्त परिवार न्यायालय, श्रम न्यायालय तथा किशोर न्याय बोर्ड को मिलाकर कुल 29 खंडपीठों का गठन किया गया। रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के राजस्व न्यायालयों में भी खंडपीठों का गठन कर मामलों के निराकरण की प्रक्रिया संचालित की गई।
           नेशनल लोक अदालत में लगभग 7867 लंबित प्रकरण तथा करीब 7 लाख प्रीलिटिगेशन प्रकरण राजीनामा के आधार पर निराकरण के लिए प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 6806 लंबित प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। जिला एवं तहसील न्यायालयों में विभिन्न प्रकार के राजीनामा योग्य प्रकरणों को सुनवाई के लिए रखा गया। इनमें मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, बैंक वसूली प्रकरण, आपराधिक मामले, विद्युत प्रकरण, श्रम विवाद, पारिवारिक विवाद, चेक अनादरण के मामले, सिविल प्रकरण, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 से संबंधित मामले तथा यातायात उल्लंघन के प्रकरण शामिल थे। नेशनल लोक अदालत के माध्यम से कम समय में बड़ी संख्या में मामलों के समाधान से पक्षकारों को त्वरित न्याय मिला और न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई।
             नेशनल लोक अदालत के दौरान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिला न्यायालय रायगढ़ में कार्यरत महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान एवं कार्यनिष्ठा के लिए प्रशस्ति पत्र, स्मारक चिन्ह एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं की कार्यक्षमता, समर्पण और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई। कार्यक्रम में जिला न्यायालय रायगढ़ के न्यायाधीशगण, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के अध्यक्ष एवं अन्य अधिवक्तागण, बैंक, विद्युत तथा अन्य विभागों के अधिकारी, राजीनामा के लिए उपस्थित पक्षकार, न्यायालयीन कर्मचारी, विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी तथा पैरालीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे।

और भी

सीएचसी पुसौर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की कड़ी परीक्षा, एनक्यूएएस मूल्यांकन के लिए राज्य व राष्ट्रीय टीम ने दो दिनों तक खंगाली अस्पताल की हर व्यवस्था

रायगढ़, 14 मार्च 2026/ राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के अंतर्गत रायगढ़ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में 13 एवं 14 मार्च 2026 को दो दिवसीय मूल्यांकन किया गया। इस दौरान राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर से पहुंचे मूल्यांकन दल ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
                 मूल्यांकन दल में राष्ट्रीय स्तर से नामित डॉ. अनिल कुमार एवं श्रीमती निरल कुजूर शामिल थे। वहीं राज्य स्तर से डॉ.देवेन्द्र गुर्जर शामिल थें। टीम ने अपने दौरे की शुरुआत परिचय बैठक से की, जिसमें अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों से चर्चा कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान टीम ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों से भी सुविधाओं के संबंध में प्रतिक्रिया प्राप्त की।
                निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और मरीजों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल भवन, शल्य कक्ष, प्रसव कक्ष, बाह्य रोगी विभाग, अंतः रोगी विभाग, टीकाकरण कक्ष, हमर प्रयोगशाला, एक्स-रे कक्ष, औषधि भंडार, रेफरल व्यवस्था, नर्सिंग स्टाफ की कार्यप्रणाली, मरीजों के साथ व्यवहार तथा आपातकालीन सेवाओं की तत्परता का भी परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतीक्षालय और शौचालयों की स्थिति, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सभी भौतिक सुविधाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।
              राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक का उद्देश्य शासकीय अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावशीलता को बढ़ाना है, जिससे मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें। इस क्रम में टीम द्वारा मरीज पंजी, दवा भंडार, प्रयोगशाला व्यवस्थाएं, अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन, हाथ स्वच्छता, संक्रमण की रोकथाम तथा मरीज सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का मूल्यांकन किया गया। साथ ही आवश्यक अभिलेखों और दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया। दौरे के दूसरे दिन समापन बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद नायक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री नवीन शर्मा तथा पुसौर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार नायक ने मूल्यांकन दल, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा अस्पताल के सभी डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनक्यूएएस का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इस प्रकार के मूल्यांकन से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का अवसर मिलता है।

और भी

जिले में गैस सिलेण्डर की पर्याप्त उपलब्धता, ऑनलाइन बुकिंग के दिन ही सिलेण्डर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश

रायगढ़, 14 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने जिले में संचालित समस्त गैस एजेंसी संचालकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले की सभी गैस एजेंसियों में घरेलू गैस सिलेण्डर की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि जिले में पंजीकृत समस्त घरेलू गैस उपभोक्ताओं की आवश्यकता के अनुरूप एजेंसियों में सिलेण्डर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
           अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि विशेषकर शहरी क्षेत्रों में गैस प्राप्त करने हेतु उपभोक्ताओं की लगने वाली लंबी कतारों को व्यवस्थित एवं नियंत्रित किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं द्वारा ऑनलाइन बुकिंग अथवा डीएससी जिस दिनांक को सफल होती है, उसी दिनांक को अनिवार्य रूप से गैस सिलेण्डर का वितरण किया जाए। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अनावश्यक रूप से परेशान न हों। जिले में गैस सिलेण्डर की पर्याप्त उपलब्धता है तथा ऑनलाइन गैस सिलेण्डर बुकिंग की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।     
           अपर कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल कक्ष भी स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के समाधान के लिए टोल-फ्री दूरभाष नंबर 07762-319962 जारी किया गया है। साथ ही नागरिकों से यह भी अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों में प्रसारित किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या तथ्यों से प्रभावित न हों।

और भी

बिना लाइसेंस चल रही आरा मशीन पर वन विभाग का शिकंजा, कुसमुरा स्थित उमाशंकर सॉ मिल पर छापा मारकर कार्रवाई — भारी मात्रा में लकड़ी मिलने के बाद सॉ मिल सील, काष्ठ चिरान अधिनियम की कई धाराओं का उल्लंघन उजागर

रायगढ़, 14 मार्च 2026/ जिले में अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के विरुद्ध वन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज अवैध सॉ मिल संचालन की सूचना प्राप्त होने पर वनमंडलाधिकारी रायगढ़ के निर्देश पर उपवनमंडलाधिकारी रायगढ़ के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम का गठन कर ग्राम कुसमुरा स्थित उमाशंकर सॉ मिल पर छापामार कार्रवाई की गई। छापे के दौरान सॉ मिल संचालित अवस्था में पाई गई तथा परिसर में बड़ी मात्रा में काष्ठ (लकड़ी) भी पाया गया। टीम द्वारा सॉ मिल संचालक से सॉ मिल का लाइसेंस, वनोपज से संबंधित दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर, निवर्तन रजिस्टर एवं आवक रजिस्टर प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु संचालक द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
            जांच के दौरान सॉ मिल संचालक द्वारा काष्ठ चिरान अधिनियम 1984 की धारा 4, 7, 9 एवं 10 का उल्लंघन पाया गया। इस पर वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सॉ मिल को सील कर दिया और आगे की वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि अवैध सॉ मिल संचालन एवं वनोपज से संबंधित नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में तनमय कौशिक (प्रशिक्षु भा.व.स.), परिक्षेत्राधिकारी संजय लकड़ा, उड़नदस्ता प्रभारी रोशन सिदार, राजेश तिवारी, संदीप नामदेव, स्वर्णलता लकड़ा (उपवनक्षेत्राधिकारी), वनपाल रजनी टोप्पो, टीकाराम सिदार एवं शुकलाल खड़िया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

ऑपरेशन तलाश” में तमनार पुलिस की बड़ी सफलता: टांगी से जानलेवा हमला कर फरार चल रहा आरोपी बाबूलाल राठिया गिरफ्तार, पुलिस ने हथियार सहित दबोचा

 14 मार्च, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों एवं वारंटियों की लगातार गिरफ्तारी की जा रही है। इसी क्रम में थाना तमनार पुलिस को मारपीट के मामले में फरार आरोपी *बाबूलाल राठिया उर्फ परसनाथ पिता धनेश्वर राठिया उम्र 50 वर्ष निवासी आमगांव थाना तमनार* को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोपी द्वारा गांव के ही गोवर्धन सेठ पर टांगी से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी, जिसके बाद वह फरार चल रहा था। तमनार पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

       प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी गोवर्धन सेठ निवासी आमगांव द्वारा दिनांक 24 फरवरी 2026 को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 23 फरवरी 2026 की शाम वह अपने बाड़ी से काम कर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव में भीम सिंह चौहान के घर के पास बाबूलाल राठिया भीम सिंह को गाली-गलौज कर रहा था। प्रार्थी द्वारा उसे समझाकर घर जाने को कहा गया तो बाबूलाल राठिया प्रार्थी को भी गंदी-गंदी गालियां देने लगा और अपने घर से टांगी लाकर “जान से मार दूंगा” कहते हुए प्रार्थी की पीठ और पसली में दो बार हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

            प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में चोट की प्रकृति गंभीर पाए जाने पर प्रकरण में धारा 118(1) बीएनएस जोड़ी गई। घटना के बाद आरोपी बाबूलाल राठिया फरार हो गया था।

        एसएसपी रायगढ़ के निर्देशन पर चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा फरार आरोपियों और वारंटियों को चिन्हित कर लगातार दबिश दी जा रही है। इसी दौरान आज मुखबिर सूचना पर आरोपी बाबूलाल राठिया उर्फ परसनाथ को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी भी जब्त की गई। पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी की पताशाजी गिरफ्तारी की कार्यवाही में प्रधान आरक्षक  देव प्रसाद राठिया और आरक्षक डोल सिदार शामिल रहे ।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* — फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई, गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

और भी

सड़क किनारे बेसहारा भटक रही मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को मिला सहारा, लैलूंगा पुलिस की मानवीय पहल से उपचार के लिए भेजा गया सेन्द्री मनोरोग अस्पताल

    14 मार्च, रायगढ़  । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन पर लैलूंगा पुलिस द्वारा एक सराहनीय मानवीय पहल करते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ अज्ञात महिला को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव को स्थानीय ग्रामीणों से सूचना प्राप्त हुई कि एक अज्ञात महिला लारीपानी बस स्टैंड के आसपास घूम रही है, जो मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रही है।

        सूचना पर थाना प्रभारी द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला के संबंध में जानकारी एकत्र की गई, किंतु महिला अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से बताने की स्थिति में नहीं थी तथा उसके परिजनों का भी पता नहीं चल सका। महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसके समुचित उपचार के लिए थाना प्रभारी द्वारा पहल की गई। विधिवत प्रक्रिया के तहत अनुविभागीय दंडाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर महिला को उपचार के लिए राज्य मनोरोग अस्पताल, सेन्द्री (बिलासपुर) भेजा गया।

     महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई, जिन्होंने महिला के दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री की व्यवस्था कर उसे सेन्द्री अस्पताल में सुरक्षित भर्ती कराया। रायगढ़ पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।

        *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* — जिला पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ सामाजिक दायित्तवों का निवर्हन किया जा रहा है, जिनमें जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता करना भी है। रायगढ़ पुलिस ऐसे मानवीय कार्यों के लिए सदैव तत्पर है।

और भी

ऑपरेशन प्रहार” से कांपा अवैध कबाड़ कारोबार — रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में 6 वाहन समेत 83 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त

 रायगढ़ 14 मार्च, 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने अवैध कबाड़ के कारोबार पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्यवाही की जा रही, रायगढ़ पुलिस द्वारा सप्ताह के भीतर शुक्रवार की शाम और सुबह अवैध कबाड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 वाहन समेत करीब 83 लाख 52 हजार रूपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। 

          अवैध कबाड़ के परिवहन पर लगाये मुखबीरों के सटिक सूचना पर कल शाम थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुसौर पुलिस द्वारा आर्यन फ्यूल के सामने पुसौर-सरिया मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोका गया, जिनमें करीब 19 टन लोहे के टीना का स्क्रैप परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालकों के पास वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस द्वारा दोनों वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। 

          इसी क्रम में आज सुबह थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तमनार चौक तथा महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर उड़ीसा की ओर से रायगढ़ की तरफ आ रहे चार भारी वाहनों को रोका गया। जांच के दौरान तीन 12 चक्का ट्रकों में आयरन पेललेट्स तथा एक 12 चक्का ट्रक में लगभग 25 टन स्क्रैप लोहे के छड़, मशीनरी पार्ट्स आदि लोड पाया गया। वाहन चालकों से स्क्रैप एवं पेललेट्स गोली के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर सभी वाहनों को जब्त कर चालकों के विरुद्ध धारा 35(क), (ड) बीएनएसएस / 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

       इस प्रकार पूंजीपथरा और पुसौर थाना क्षेत्र में की गई कुल 6 कार्रवाइयों में पुलिस द्वारा 3 ट्रकों से 86 टन आयरन पेललेट्स  (कीमत लगभग 6,20,000 रुपये) तथा 1 ट्रक और 2 टाटा वाहनों से 44 टन लोहे का स्क्रैप (कीमत लगभग 17,32,000 रुपये) जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त अवैध कबाड़ के परिवहन में प्रयुक्त 6 वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। दोनों थानों की कार्रवाई में *कुल 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त* कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई का विवरण—

        (1) वाहन चालक मो. बादशाह (41 वर्ष), निवासी बस स्टैंडपारा बृजराजनगर, जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) के वाहन OD 16 K 7306 (12 चक्का ट्रक) से 31 टन 220 किलो आयरन पेललेट्स, (2) वाहन चालक अशोक कुमार सेन (47 वर्ष) निवासी भिलाई जिला दुर्ग के वाहन CG 07 CA 9513 (12 चक्का ट्रक) से 25 टन लोहे का स्क्रैप, (3) वाहन चालक मो. मुख्तार (50 वर्ष) निवासी सारण छपरा बिहार के वाहन OD 23 A 7337 (12 चक्का ट्रक) से 30 टन 700 किलो आयरन गोली तथा (4) वाहन चालक मो. सलीम (35 वर्ष) निवासी सारण छपरा बिहार के वाहन CG 13 AC 8250 (10 चक्का ट्रक) से 24 टन 270 किलो आयरन पेललेट्स जब्त की गई।

पुसौर पुलिस की कार्रवाई का विवरण —

         (1) वाहन चालक सरोज भोई पिता परमे भोई उम्र 44 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 18 बांदू टिकबा थाना कोतवाली बरगढ़ जिला बरगढ़ (ओडिशा) के वाहन CG 04 PB 9652 (टाटा 1512) से 11 टन स्क्रैप तथा (2)  वाहन चालक कुबेर यादव पिता निताई यादव उम्र 37 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 01 मेदनीपुर सराईपाली थाना बसना जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) के वाहन CG 04 PT 2645 (टाटा 1512) से 6 टन स्क्रैप जब्त किया गया।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —

      *“रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है। बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप या धातु सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा देने जिले में विशेष पंजीयन शिविरों का आयोजन

   जशपुरनगर 14 मार्च 2026/  प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना अंतर्गत श्रमिकों के पंजीयन हेतु जिले के सभी विकासखंडों के तहत आने वाले ग्राम पंचायतों में 06 मार्च से 27 मार्च 2026 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा हैं। इन शिविरों में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के तहत पंजीयन के साथ-साथ श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित अन्य योजनाओं के पंजीयन एवं नवीनीकरण का कार्य भी किया जाएगा। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बताया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना सामाजिक सुरक्षा का एक मजबूत आधार है। उन्होंने अधिक से अधिक श्रमिकों से शिविरों में पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।

 *जिले के सभी 8 विकासखंडों में शिविरों का आयोजन*

जशपुर विकासखंड अंतर्गत 18 मार्च को पीडी, 19 मार्च को आरा, 20 मार्च को बोकी और 23 मार्च को रातामाटी में आयोजित किए जाएंगे। इसी तरह विकासखंड मनोरा में 18 मार्च को खरसोता, 19 मार्च को जरिया में 20 मार्च को आस्ता में और 27 मार्च को ईराइ में आयोजित किए जाएंगे।
   
बगीचा विकासखंड अंतर्गत 18 मार्च को पंडरीपानी, 19 मार्च को साहीडांड, 20 मार्च को नन्हेसर में और 23 मार्च को कुरकुरिया में किए जाएंगे। दुलदुला विकासखंड अंतर्गत  18 मार्च को सिमडा, 19 मार्च को सपघरा, 20 मार्च को गोडअम्बा में और 23 मार्च को जमटोली में आयोजित होगी। कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत  18 मार्च को नारायणपुर, 19 मार्च को जोकबहला, 20 मार्च को लोधमा में और 27 मार्च को चटकपुर में आयोजन किया जाएगा।
   फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत  18 मार्च को महुवाडीह, 19 मार्च को पंडरीपानी, 20 मार्च को बारो में और 27 मार्च को बांसाझाल में आयोजित किए जाएंगे। 

कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत  16 मार्च को बांसबहार, 19 मार्च को खारपानी में और 20 मार्च को चेटबा में आयोजित होंगे। 

पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत 18 मार्च को चंदागड, 19 मार्च को बुलडेगा,  20 मार्च को तिलडेगा में और 27 मार्च को फरसाटोली में आयोजित किए जाएंगे।

और भी

जिले के युवाओं के लिए सुनहरा मौका – 16, 17 और 18 मार्च को जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव में लगेगा प्लेसमेंट कैम्प, विद्युत मीटर तकनीशियन पदों पर होगी भर्ती

*जशपुरनगर 14 मार्च 2026* /जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र जशपुर के द्वारा 16, 17 एवं 18 मार्च 2026 को प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। 
                      विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 मार्च को जिला रोजगार कार्यालय, 17 मार्च को आईटीआई कुनकुरी एवं 18 मार्च आईटीआई पत्थलगांव में प्लेसमेंट कैम्प का आयोजित होगें। प्लेसमेंट कैम्प में श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड नोएडा संस्था के द्वारा विद्युत मीटर तकनीशियन की रिक्तियां प्राप्त हुई है। आवेदक का कार्यस्थाल जशपुर, कुनकुरी एवं पत्थलगांव है। निर्धारित तिथि को प्रातः 11ः30 बजे से आवेदक समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ निर्धारित स्थान में आकर प्लेसमेंट कैम्प में भाग ले सकते है।

और भी

कच्चे घर से पक्के आशियाने तक… प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली ग्रामीण की तकदीर, जशपुर के ज्ञानु भगत का साकार हुआ वर्षों पुराना सपना

प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ पक्के घर का सपना

जशपुरनगर 14 मार्च  2026/
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जिले के ग्रामीण परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के ग्राम बंगुरकेला निवासी श्री ज्ञानु भगत को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ प्राप्त हुआ है।

श्री ज्ञानु भगत ने बताया कि पहले वे अपने परिवार के साथ मिट्टी के छोटे से कच्चे मकान में निवास करते थे। बरसात के मौसम में घर की छत से पानी टपकता था तथा गर्मी के दिनों में दीवारें अत्यधिक तप जाती थीं। साथ ही जहरीले जीव-जंतुओं का भय बना रहता था। घर की बार-बार मरम्मत कराने से उन्हें आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ता था।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें पक्के आवास की स्वीकृति मिली। शासन से प्राप्त राशि में अपनी बचत जोड़कर वे अपने सपनों का घर बना रहे हैं। वर्तमान में मकान का आंतरिक कार्य प्रगति पर है।

श्री ज्ञानु भगत ने पक्का आवास मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके परिवार के जीवन में एक बड़ा बदलाव लेकर आया है। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जिले के अनेक जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं स्थायी आवास मिल रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।

और भी

प्रेम विवाह के बाद रिश्तों में जहर! पुराने विवाद में पति ने पत्नी पर लोहे के हसिए से किया जानलेवा हमला, घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा

*रायगढ़, 14 मार्च 2026 ।एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने महिला पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घायल महिला और आरोपी तुलेश्वर चौहान प्रेम विवाह कर पति-पत्नी की तरह साथ रहते थे और घटना का कारण आपसी पुराना विवाद बताया जा रहा है।

     जानकारी के अनुसार प्रार्थी संतोष दास महंत पिता मंगल दास महंत उम्र 32 वर्ष निवासी तेंदूभाठा थाना घरघोड़ा ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सास श्रीमती संतोषी महंत वर्ष 2011 में तुलेश्वर चौहान निवासी जोंगरा जिला सक्ती से प्रेम विवाह कर उनके साथ रह रही थी। दोनों हाल ही में तेंदूभाठा स्थित उनके घर में मकान निर्माण कार्य में सहयोग करने आए थे।

        रिपोर्ट के अनुसार 12 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे गांव के पड़ोसी ने फोन कर संतोष महंत को सूचना दी कि तुलेश्वर चौहान ने झगड़े के दौरान सब्जी काटने वाले *लोहे के हसिया (परसूल)* से संतोषी महंत के गर्दन और ठुड्डी पर वार कर दिया है।  परिजनों ने महिला को  घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाये, सूचना पाकर संतोष अस्पताल पहुंचा जहां देखा गया कि उसकी  सास संतोषी के गर्दन, ठुड्डी और दोनों हाथ की उंगलियों में गंभीर चोट लगी थी और खून निकल रहा था।

      घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि पुरानी बात को लेकर आरोपी तुलेश्वर चौहान ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे धारदार हसिया से हमला किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में *अपराध क्रमांक 89/2026 धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस* के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

     विवेचना के दौरान पीड़िता के चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोर्ट प्राप्त होने पर मामले में *हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस* भी जोड़ी गई। पूछताछ में आरोपी *तुलेश्वर चौहान पिता मोहन लाल चौहान उम्र 39 वर्ष निवासी जोंगरा पोस्ट मसनियाकला थाना व जिला सक्ती* ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त *धारदार लोहे का हसिया* जप्त कर लिया।

     आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 13 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक पारसमनी बेहरा एवं आरक्षक भानु चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —*

*“ हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”*

और भी