ताजा खबरें


बड़ी खबर

“शिशु संरक्षण माह” का भव्य आगाज़: 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान शुरू, 21 अप्रैल तक चलेगा विशेष कार्यक्रम

रायगढ़, 17 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में जिले में “शिशु संरक्षण माह” का जिला स्तरीय शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गाँधीनगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर एवं बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 21 अप्रैल 2026 तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी सत्रों में भाग लेकर बच्चों एवं माताओं को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
              मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को 12 जानलेवा बीमारियों तथा टेटनस से बचाव हेतु टीकाकरण किया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा ने जानकारी देते हुए बताया कि “शिशु संरक्षण माह” के दौरान जिले के सभी विकासखण्डों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन सत्रों में दी जाने वाली सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल ने बताया कि विटामिन ‘ए’ की खुराक प्रत्येक 6 माह में एक बार लेने से बच्चों में रतौंधी, दस्त, श्वांस, संक्रमण, बुखार एवं कुपोषण की संभावना कम होती है तथा उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। कार्यक्रम में पार्षद श्री अमरनाथ रात्रे, श्री सुरज मिरी, श्री रोशन कुर्रे, डॉ. सोनाली मेश्राम, डॉ. जी.एस. पैंकरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

और भी

सुदूर वनांचल की रजनी ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी, एक लाख के ऋण से शुरू किया मुर्गा फार्म, मेहनत से बदली अपनी और परिवार की जिंदगी

रायगढ़, 17 मार्च 2026/ धरमजयगढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत पाराघाटी की रहने वाली रजनी केरकेट्टा आज आत्मनिर्भरता की एक प्रेरक मिसाल बनकर उभरी हैं। सीमित संसाधनों के बीच जीवन-यापन करने वाली रजनी ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर न केवल अपनी सोच बदली, बल्कि अपनी आर्थिक स्थिति को भी मजबूत किया।
              रजनी जीवन ज्योति स्व-सहायता समूह से जुड़कर धीरे-धीरे सक्रिय हुईं। शुरुआत में वे बैठकों में शामिल होती थीं, लेकिन समूह से मिली जानकारी और सहयोग ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। बाद में उन्होंने सक्रिय रूप से काम करना शुरू किया और अपने पैरों पर खड़े होने का निर्णय लिया। रजनी बताती हैं कि पहले वे घर तक ही सीमित थीं, लेकिन समूह से जुड़ने के बाद उन्हें कुछ नया करने की प्रेरणा मिली। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी आय बढ़ाने के लिए खुद का काम शुरू करने का निर्णय लिया। उन्होंने ग्रामीण बैंक चरखापारा से 1 लाख रुपये का ऋण लिया और मुर्गा फार्म (पोल्ट्री) का व्यवसाय शुरू किया। शुरुआत में कुछ चुनौतियां आईं, लेकिन मेहनत और लगन से उन्होंने अपने काम को आगे बढ़ाया। आज उनका मुर्गा फार्म सफलता पूर्वक संचालित हो रहा है और उन्हें इससे नियमित आय प्राप्त हो रही है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे घर के खर्चों में भी सहयोग कर रही हैं।
रजनी केरकेट्टा की यह सफलता आसपास की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है। अब क्षेत्र की महिलाएं भी स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपनी आजीविका शुरू करने के लिए आगे आ रही हैं। रजनी की कहानी यह बताती है कि यदि अवसर और सही मार्गदर्शन मिले, तो सुदूर वनांचल की महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनकर अपनी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।

और भी

बेटियों की सुरक्षा और बच्चों के स्वास्थ्य की दोहरी पहल : जशपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान व शिशु संरक्षण माह का हुआ शुभारंभ

जशपुरनगर 17 मार्च 2026/ जिले में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज एचपीवी टीकाकरण अभियान तथा शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत के आतिथ्य में दोनों अभियानों की शुरुआत हुई। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों एवं किशोरी बालिकाओं को समय पर टीकाकरण कराकर इन अभियानों का लाभ अवश्य लें, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक श्री मुकेश सोनी, डॉ. विपिन इंदवार , सिविल सर्जन डॉ. कपिलदेव कश्यप , डॉ. आर.एस. पैंकरा, डॉ. अनुभा, श्री राजेश कुरील, वीसीसीएम श्री राजेश ,  एएनएम श्रीमती अनिता सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन एवं आमजन मौजूद रहे।

*एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत, पहली वैक्सीन साक्षी सोनवानी को* -

जिले की किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान जिले में पहला एचपीवी टीका भागलपुर जशपुर निवासी कुमारी साक्षी सोनवानी को लगाया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिले में इस अभियान के लिए 9638 किशोरियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि प्रथम चरण में 3085 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन का शुभारंभ राष्ट्रीय स्तर पर 28 फरवरी 2026 को किया गया है। यह टीका गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव में अत्यंत प्रभावी है और समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिले में कैंसर के 10 संदिग्ध प्रकरण सामने आए हैं, जिनमें सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर के एक-एक मरीज की पुष्टि हुई है, जिनका उपचार जारी है।

*शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ, बच्चों को पिलाया गया विटामिन ए* -

इसी अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत द्वारा एक बच्चे को विटामिन ए की खुराक पिलाकर शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन एवं जिला टीकाकरण अधिकारी द्वारा भी बच्चों को विटामिन ए एवं आयरन सिरप पिलाया गया। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि शिशु संरक्षण माह का आयोजन 17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान प्रति मंगलवार एवं शुक्रवार को वीएचएनडी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक एवं आयरन (आईएफए) सिरप पिलाकर प्रतिरक्षित किया जाएगा।


*बच्चों के समग्र स्वास्थ्य के लिए विशेष सेवाएं* -

शिशु संरक्षण माह के दौरान बच्चों को विटामिन ए एवं आयरन सिरप देने के साथ-साथ टीकाकरण, वजन मापन, आयु अनुसार पोषण आहार की जानकारी तथा पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर उपचार भी सुनिश्चित किया जाएगा। जिले में इस अभियान के अंतर्गत कुल 81,865 बच्चों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कुल 2672 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पत्थलगांव, फरसाबहार, कांसाबेल, बगीचा, कुनकुरी, दुलदुला, लोदाम और मनोरा विकासखंड शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि विटामिन ए अनुपूरण और एनीमिया नियंत्रण से बाल मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। साथ ही कुपोषण नियंत्रण, शीघ्र एवं पूर्ण स्तनपान तथा समय पर पूरक आहार से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार संभव है।

और भी

रायगढ़ में टली बड़ी बैंक लूट की वारदात: जूटमिल पुलिस की सतर्कता से आधी रात में ध्वस्त हुई लुटेरों की साजिश, चैनल गेट तोड़कर बैंक में घुसे बदमाश डीवीआर उखाड़कर लॉकर तोड़ने ही वाले थे कि पहुंच गई पुलिस—फरार आरोपियों की तलाश तेज,

17 मार्च, रायगढ़ । रायगढ़ जिले के थाना जूटमिल क्षेत्र में बीती रात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बैंक लूट की बड़ी वारदात टल गई। जूटमिल पुलिस की टीम प्रतिदिन की तरह रात्रि गश्त पर थी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार क्षेत्र के बैंक एवं एटीएम की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान पेट्रोलिंग में लगे आरक्षक परमानंद पटेल एवं समीर बेक अपने निजी वाहन से कोड़ातराई स्थित बैंक की ओर जा रहे थे, तभी पटेलपाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन खड़ी दिखाई दी और बैंक की लाइट बंद होने से उन्हें संदेह हुआ।

           दोनों आरक्षक तत्काल बैंक की ओर पहुंचे, पुलिसकर्मियों को आता देख  बाहर खड़ी गाड़ी को चालक ने स्टार्ट किया और तभी बैंक की ओर से एक व्यक्ति भागते हुए आकर वाहन में बैठा और तेजी से शहर की ओर फरार हो गया। स्थिति को गंभीर मानते हुए आरक्षकों ने तत्काल थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनवकांत एवं पेट्रोलिंग में लगे प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीआई जूटमिल अभिनवकांत सिंह, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी एवं थाना स्टाफ रायफल के साथ घेराबंदी के लिए मौके पर पहुंचे।

         घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर तत्काल रात्रि गश्त अधिकारी डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उप निरीक्षक संजय नाग, आरक्षक जगमोहन ओग्रे सहित विभिन्न थानों का रात्रि गश्त स्टाफ भी मौके पर पहुंचा ।
         प्रारंभिक जांच में अज्ञात आरोपियों द्वारा बैंक का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया था। आरोपियों ने बैंक के दो डीवीआर निकाल लिए हैं, बाहरी सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किया गया है तथा बैंक के चेस्ट और लॉकर से लगी दीवार को तोड़ने का प्रयास किया गया है, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।

        पूरे घटनाक्रम में जूटमिल पुलिस की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित रिस्पॉन्स के चलते एक बड़ी बैंक लूट की घटना को समय रहते विफल कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी जूटमिल सहित पूरी टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

और भी

इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती बनी दरिंदगी की दास्तान — नाबालिग को बहला-फुसलाकर किया दुष्कर्म, फिर धमकाकर वसूले रुपये; रायगढ़ महिला थाना की ताबड़तोड़ कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार, बाइक जब्त।

 17 मार्च, रायगढ़  । रायगढ़ जिले के महिला थाना में 15 मार्च 2026 को 17 वर्षीय बालिका अपने परिजनों के साथ उपस्थित होकर उध्दव दास महंत (उम्र 21 वर्ष), निवासी टाड़ीपार वार्ड क्रमांक 06, थाना केडार जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, वर्तमान निवास बाजीपाली पटेल के किराए के मकान थाना जूटमिल रायगढ़ के विरुद्ध जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने एवं डरा-धमकाकर ₹10,000 लेने की शिकायत दर्ज कराई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना द्वारा तत्काल *अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 64, 351(3) बी.एन.एस. तथा 04 पोक्सो एक्ट* के तहत मामला कायम कर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

         पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि उसकी मुलाकात अपने मामा के गांव में आरोपी से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई। दिनांक 26 जनवरी को आरोपी उसे स्कूल के पास से मोटरसाइकिल में बैठाकर घुमाने के बहाने अपने किराए के मकान बाजीपाली ले गया, जहां बहला-फुसलाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और किसी को बताने पर धमकी दी। इसके बाद 11 मार्च 2026 को आरोपी पीड़िता के घर के पास पहुंचकर उसे डरा-धमकाकर ₹10,000 की मांग की, जिसे भयवश पीड़िता ने दे दिया। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने पर पीड़िता को लेकर महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

     मामले में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, विल्फ्रेड मसीह, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव एवं थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश*—

          *“महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध अत्यंत गंभीर श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। आमजन से अपील है कि ऐसे मामलों को छिपाएं नहीं, तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि पीड़ित को न्याय और आरोपियों को सजा दिलाई जा सके।”*

और भी

CSR फंड दिलाने का झांसा देकर महिला एनजीओ कार्यकर्ता के बैंक खाते से 2.17 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन, रायगढ़ साइबर पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग के 5 आरोपियों को दबोचा

  16 मार्च, रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में रायगढ़ साइबर पुलिस को एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। *रायगढ़ की साइबर पुलिस थाना टीम ने* अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार कई राज्यों में फैले हुए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे गैंग का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।

        मामले में इंदिरानगर रायगढ़ की रहने वाली महिला आयशा परवीन, जो एनजीओ से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता है, ने 12 मार्च को साइबर थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि दिसंबर 2025 में उसके भांजे ने उसकी पहचान अभय यादव और विजय चंद्रा से कराई थी। विजय चंद्रा ने बताया कि एक कंपनी CSR मद से सामाजिक कार्यों के लिए अनुदान देना चाहती है, जिसके लिए उसके संस्थान के पंजीयन से संबंधित दस्तावेज लिए गए। कुछ दिनों बाद विजय चंद्रा ने अपने साथी अजय साहू और सचिन चौहान से महिला का संपर्क कराया। आरोपियों ने महिला को भरोसे में लिये, महिला अपने संस्थान के नाम से एक्सिस बैंक में खाता खुलवाया। खाता खुलवाने के बाद अजय यादव जो पहले बैंक में काम कर चुका है उसने ऑनलाईन ट्रांजक्शन के लिए MPIN तथा अन्य लगिन संबंधी प्राक्रिया पूर्ण कर स्वयं ही 10 रूपये मेरे खाते में भेजकर चेक किया । कुछ दिन बाद महिला को कंपनी से नौकरी दिये जाने और अनुदान राशि लेने के लिये गुवाहटी जाना पड़ेगा बोले और महिला और उसके पति की फ्लाइट टिकट और होटल में रूकने की व्यवस्था किये ।  हॉटल में शाम में दो अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को कंपनी की ओर से होना बताकर इसके NGO का बैंक खाता रजिस्टर्ड लेकर मोबाइल पर APK फाईल डाउनलोड किये तथा बताये कि अब कंपनी के अधिकारियों के द्वारा खाते को चेक किया जायेगा। उसके बाद कई बार आकर मोबाईल लेकर चेक करते थे तथा उनके द्वारा बताया गया कि मेरा खाता में कोई समस्या आ गई है जिस कारण पैसे का ट्रांजक्शन नहीं  हो पा रहा हैं । लगभग एक सप्ताह तक उन्हें वहीं रखकर विभिन्न ट्रांजेक्शन कराए गए और 12 जनवरी 2026 को उन्हें वापस जाने दिया गया।

        जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम के माध्यम से अपने ऊपर संचालित साइबर फ्रॉड गैंग से जुड़े हुए थे। विजय चंद्रा ने गुवाहाटी स्थित गैंग से संपर्क कर महिला के कॉरपोरेट अकाउंट की जानकारी साझा की। इसके बाद आरोपियों ने महिला और उसके पति को गुवाहाटी बुलवाया, जहां होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई। वहां गैंग के सदस्यों ने महिला का मोबाइल, चेकबुक आदि अपने पास रखकर उसके मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल कराई और उसके बैंक खाते के माध्यम से ट्रांजेक्शन कराए। 

      रायगढ़ लौटने के बाद महिला को बैंक से कॉल आया कि उसके खाते में संदिग्ध लेनदेन हो रहे हैं। 14 जनवरी को बैंक द्वारा बताया गया कि उसके खाते से साइबर फ्रॉड की गतिविधियां हो रही हैं। बाद में महिला को देश के विभिन्न राज्यों से मेल प्राप्त हुए, जिनमें उसके खाते में साइबर फ्रॉड से संबंधित विवादित रकम जमा होने की जानकारी दी गई। जांच में पता चला कि 29 दिसंबर 2025 से ही उसके खाते में संदिग्ध ट्रांजेक्शन शुरू हो गए थे। जब महिला ने इस बारे में विजय चंद्रा से संपर्क किया तो उसने बैंक की गलती बताकर समय मांगा, लेकिन बाद में संपर्क से गायब हो गया।

         महिला की शिकायत पर *साइबर पुलिस थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 03/2026 धारा 318(4), 3(5) BNS* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। महिला से पूछताछ कर अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में मितेश सोनी (31 वर्ष) निवासी वसुंधरा नगर भिलाई-3 जिला दुर्ग, विजय चंद्रा (35 वर्ष) निवासी ग्राम कटौत थाना डभरा जिला सक्ती, अजय साहू (35 वर्ष) निवासी ढिमरापुर चौक थाना सिटी कोतवाली रायगढ़, अभय यादव (23 वर्ष) निवासी कौहवाकुंडा पहाड़ मंदिर थाना चक्रधरनगर रायगढ़ तथा सचिन चौहान (24 वर्ष) निवासी कलमीडिपा थाना चक्रधरनगर रायगढ़ शामिल हैं।

      पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अभय यादव पहले एक स्थानीय बैंक में कार्य कर चुका है। उसकी पहचान विजय चंद्रा से थी और विजय चंद्रा की पहचान अजय साहू और मितेश सोनी से हुई, जो पहले से साइबर फ्रॉड गैंग से जुड़ा था। इसी के माध्यम से अभय यादव, विजय चंद्रा, अजय और सचिन चौहान को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां से उन्हें कॉरपोरेट बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने का काम सौंपा गया। आरोपी विभिन्न राज्यों में सक्रिय साइबर फ्रॉड गैंग को ऐसे बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग साइबर ठगी के पैसे ट्रांजेक्शन के लिए किया जाता था और इसके बदले उन्हें फ्रॉड से प्राप्त रकम का 5 से 15 प्रतिशत कमीशन मिलता था।

        पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 25 से 30 बैंक खाते अलग-अलग राज्यों में उपलब्ध कराने की जानकारी दी है। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में साइबर पुलिस के समन्वय पोटर्ल पर पीड़ित महिला के खाते के संबंध में देशभर से 44 अलग-अलग साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज पाई गई हैं जिनमें करोडों के विवादित ट्रांजेक्शन हुआ है ।

              एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर एडिशननल एसपी श्री अनिल सोनी, एडिशनल एसपी (साइबर) श्री अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन पर यह बड़ी सफलता हासिल हुई है । संपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक विजय चेलक थाना प्रभारी साइबर पुलिस थाना रायगढ़, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी, एएसआई ज्योत्सना शर्मा, प्रधान आरक्षक करूनेश राय, बृजलाल गुर्जर, राजेश पटेल, दुर्गेश सिंह, रेणु सिंह मंडावी, रूपराम पटेल, आरक्षक प्रशांत पंडा, महेश पंडा, रविन्द्र गुप्ता, पुष्पेन्द्र जाटवर, सुरेश सिदार, नवीन शुक्ला, धनंजय कश्यप, विक्रम सिंह, विकास प्रधान, प्रताप बेहरा, रोशन एक्का ओर महिला आरक्षक मेनका चौहान की अहम भूमिका रही है । 

*गिरफ्तार आरोपी*-
1. मितेश सोनी पिता तुल बहादुर सोनी उम्र 31 साल निवासी नॉर्थ उत्तर वसुंधरा नगर भिलाई-3 थाना भिलाई जिला दुर्ग 
2. विजय चंद्रा पिता अमर सिंह चंद्रा उम्र 35 साल निवासी ग्राम कटौत थाना डभरा जिला सक्ती 
3. अजय साहू पिता बरजू लाल साहू उम्र 35 साल लक्ष्मी हाइट के सामने ढिमरापुर चौक थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ 
4. अभय यादव पिता गंगाराम यादव उम्र 23 साल निवासी कौहवाकुंडा पहाड़ मंदिर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ 
5. सचिन चौहान पिता संजू चौहान उम्र 24 साल निवासी कलमीडिपा थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़

*जब्त मशरूका*-
6 नग मोबाइल, 1 लैपटॉप

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

        *“ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध में शामिल गिरोहों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी प्रकार के लालच या अनजान लिंक, ऐप और वित्तीय लेनदेन से सावधान रहें तथा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।”*

और भी

ऑपरेशन प्रहार में रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: 48 घंटे में 75 टन अवैध स्क्रैप जब्त, 60.69 लाख की संपत्ति पकड़ी गई ,तीन थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, चार ट्रकों से लाखों का कबाड़ बरामद

  16 मार्च, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पिछले 48 घंटों में तीन थाना क्षेत्रों में अवैध कबाड़ परिवहन पर सख्त कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार ट्रक/अल्ट्रा वाहनों से करीब 75 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया गया है। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख 69 हजार रुपये है, जबकि कार्रवाई में जब्त वाहनों की कीमत करीब 37 लाख रुपये है। इस प्रकार चारों कार्रवाई में कुल 60 लाख 69 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

  *पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई जारी*-

       थाना पूंजीपथरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध कबाड़ परिवहन पर शिकंजा कसा। दिनांक 15 मार्च को मुखबिर सूचना पर थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में गेरवानी चौक में 18 चक्का ट्रक क्रमांक CG13AZ7090 को रोककर जांच की गई, जिसमें करीब 31 टन लोहे का एंगल, छड़ एवं मशीनरी पार्ट्स का स्क्रैप लोड मिला, जिसकी कीमत लगभग 10,30,500 रुपये आंकी गई। वाहन चालक नितीश कुमार (25 वर्ष) निवासी कनाई थाना चारपोखरी जिला आरा भोजपुर (बिहार) के कब्जे से उक्त स्क्रैप जब्त कर उसके विरुद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

 *अवैध कबाड पर पुसौर पुलिस की सप्ताह में दूसरी कार्रवाई*-

          वहीं थाना पुसौर पुलिस ने सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनांक 15 मार्च को सरिया से पुसौर की ओर आ रहे ट्रक क्रमांक OD-09-N-9105 को रोककर जांच की। ट्रक में लोहे का कबाड़ लोड मिला। चालक विजेन्द्र लाहुर (50 वर्ष) निवासी चचौरा थाना सब जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) से पूछताछ में उसने कबाड़ को रायगढ़ ले जाना बताया, लेकिन परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। पुलिस ने संदेह के आधार पर 25.620 टन स्क्रैप (कीमत 7,68,600 रुपये) तथा ट्रक (कीमत लगभग 15 लाख रुपये) जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।

 *गस्त दौरान कोतरारोड़ पुलिस की सटिक कार्रवाई*-

    इसी क्रम में थाना कोतरारोड़ पुलिस ने भी रात्री गश्त के दौरान मुखबिर सूचना पर कोसमनारा तिराहा में नाकेबंदी कर 12 चक्का ट्रक क्रमांक CG 13 LA 5899 को रोककर जांच की। वाहन चालक मनोज यादव (40 वर्ष) निवासी छोटेवां थाना अवतार नगर जिला सारण (बिहार) ने ट्रक में करीब 19 टन लोहे का छड़ के टुकड़े एवं कबाड़ रायगढ़ ले जाना बताया। माल के संबंध में कागजात प्रस्तुत करने नोटिस देने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 5,70,000 रुपये कीमत का स्क्रैप सहित ट्रक को जब्त कर धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की तथा चालक पर पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* -

          *“जिले में अवैध कबाड़ परिवहन और चोरी के माल की खरीदी-फरोख्त पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”*

और भी

ऑपरेशन आघात” में रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में 7 कार्रवाई, 174 लीटर महुआ-देशी-अंग्रेजी शराब जब्त, एक मोटरसाइकिल भी पकड़ी गई

16 मार्च, रायगढ़*। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के कारोबार पर लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा *7 बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 174 लीटर महुआ, देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त* कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70 लीटर महुआ शराब जब्त*

             थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर सूचना पर ग्राम घरघोड़ी डनसेनापारा में रेड कार्रवाई की गई। सूचना थी कि कन्हैयालाल डनसेना अपने घर के परछी में प्लास्टिक जरीकेनों में अवैध कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने संदेही कन्हैयालाल डनसेना (31 वर्ष) निवासी घरघोड़ी डनसेनापारा थाना घरघोड़ा को पकड़ा, जिसके कब्जे से 70 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 10,500 रुपये) बरामद कर जब्त की गई और उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

चक्रधरनगर पुलिस की रेड, 22 लीटर महुआ शराब बरामद*

            दिनांक 15.03.2026 को मुखबिर सूचना पर चक्रधरनगर पुलिस द्वारा ग्राम जामगांव जुनाडीह में जितेश मिरधा के घर रेड कार्रवाई की गई। आरोपी जितेश मिरधा (31 वर्ष) निवासी ग्राम जामगांव जुनाडीह के कब्जे से 22 लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग 6,600 रुपये) बरामद की गई, जिसे वह अवैध बिक्री के लिए रखे हुए था। आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक  संजय  तिवारी, महेन्द्र कर्ष, आरक्षक‍ चंद्र कुमार बंजारे, मिनकेतन पटेल शामिल थे ।

जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, देशी, अंग्रेजी शराब और मोटरसाइकिल जब्त*

            जूटमिल पुलिस ने दिनांक 15.03.2026 की शाम कोडातराई हवाई पट्टी के सामने मेन रोड पर शराब परिवहन करते हुए शंकर राणा (25 वर्ष) निवासी ग्राम सांकरा थाना सरिया जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को पकड़ा। उसके कब्जे से 20 पाव प्लेन देशी मदिरा, 20 पाव जम्मू स्पेशल व्हिस्की अंग्रेजी शराब तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त एचएफ-100 मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-BB-0578 जब्त की गई और आरोपी के विरुद्ध थाना जूटमिल में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

ग्राम बिंजकोट में भूपदेवपुर पुलिस की रेड, 10 लीटर महुआ शराब जब्त*

           थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक संजय नाग के नेतृत्व में ग्राम बिंजकोट में रेड कार्रवाई की गई। सूचना थी कि जयनारायण डनसेना अपने घर के पीछे बाड़ी में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। मौके पर पुलिस ने आरोपी जयनारायण डनसेना (58 वर्ष) निवासी झीटीपाली थाना भूपदेवपुर के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 1,000 रुपये) बरामद कर जब्त की और आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

चौकी खरसिया पुलिस की दो कार्रवाई, 25 लीटर महुआ शराब जब्त*

      चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में दो अलग-अलग कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई में गंज पीछे मालधक्का रोड खरसिया के पास यशोदा बाई सतनामी (40 वर्ष) निवासी मौहापाली खरसिया को अवैध महुआ शराब ले जाते हुए पकड़ा गया, जिसके कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

             इसी स्थान पर दूसरी कार्रवाई में सुशील बघेल निवासी मौहापाली खरसिया को पकड़ा गया, जिसके पास से 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के हमराह कार्रवाई में प्रधान आर. 360 अनंत तिवारी, म.प्र. आर. 187 ममता मिंज , आर. 902 साविल चंद्रा, आर. 803 डमरूधर पटेल और म. आर. 192 प्रियंका मिंज शामिल थी ।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —

*“जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*

और भी

भूपदेवपुर क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस-आबकारी की संयुक्त दबिश में 92.5 लीटर शराब व 200 किलो महुआ लाहन जब्त

रायगढ़, 16 मार्च 2026/ जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम-बिलासपुर और किरीतमाल में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब और महुआ लाहन जब्त किया है। इस दौरान कई आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
             पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह तथा कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस थाना भूपदेवपुर और आबकारी विभाग की टीम ने दोनों गांवों में दबिश देकर अवैध रूप से बनाई और संग्रहित की जा रही महुआ शराब को जब्त किया। संयुक्त कार्रवाई में कुल 92.500 लीटर महुआ शराब और लगभग 200 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।
     सहायक आयुक्त आबकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भूपदेवपुर पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस ने ग्राम किरीतमाल निवासी श्रवण कुमार लहरे (43 वर्ष) से 7 लीटर महुआ शराब जब्त कर प्रकरण क्रमांक 42/2026 दर्ज किया है। इसी तरह मालती बाई डनसेना, निवासी किरीतमाल से भी 7 लीटर महुआ शराब बरामद कर प्रकरण क्रमांक 43/2026 कायम किया गया। वहीं ग्राम बिलासपुर निवासी संतोषी चौहान (38 वर्ष) के पास से भी 7 लीटर महुआ शराब जब्त कर प्रकरण क्रमांक 44/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
           आबकारी विभाग की टीम ने भी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कई मामलों में प्रकरण कायम किए हैं। ग्राम-बिलासपुर निवासी मुनु चौहान (30 वर्ष) के पास से 6.500 लीटर महुआ शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत वृत्त खरसिया में प्रकरण क्रमांक 111/2026 दर्ज किया गया। इसी प्रकार किरीतमाल निवासी रमेश लहरे (22 वर्ष) से 3 लीटर तथा मोंगरा बाई लहरे (70 वर्ष) से 2 लीटर महुआ शराब जब्त कर धारा 34(1)(क) के तहत क्रमशः प्रकरण क्रमांक 109/2026 और 110/2026 कायम किए गए। इसके अलावा ग्राम किरीतमाल में कार्रवाई के दौरान 60 लीटर महुआ शराब और लगभग 200 किलोग्राम महुआ लाहन भी बरामद किया गया। इस मामले में आबकारी वृत्त रायगढ़ (शहर) द्वारा प्रकरण क्रमांक 136/2026 दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। सहायक आयुक्त आबकारी ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

और भी

जनदर्शन में नल-जल योजना के अधूरे कार्य और बैंक संबंधी शिकायत, कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश,स्कूल और आंगनबाड़ी परिसर में अवैध कब्जे की शिकायत पर प्रशासन सख्त

रायगढ़, 16 मार्च 2026/ जिला कलेक्टोरेट में आज आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आमजन बड़ी उम्मीद के साथ अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला कलेक्टोरेट पहुंचते हैं। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समाधान संबंधित अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ तय समय-सीमा में सुनिश्चित करें।
              जनदर्शन के दौरान ग्राम सिंहा के ग्रामीणों ने स्कूल और आंगनबाड़ी भवन के आहता को तोड़कर ग्राम के ही दो व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा करने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बांजीनपाली की संतोषी कटकवार ने जननी सुरक्षा एवं मातृ वंदना योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं सराईभद्दर की सुन्दरमति सारथी ने विधवा पेंशन दिलाने की मांग की। ग्राम नवापारा के टीकाराम बघेल ने किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने के लिए आवेदन दिया। ग्राम पंचायत पुरेना के ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना के अंतर्गत ग्राम में चल रहे कार्य को संबंधित ठेकेदार द्वारा अधूरा छोड़ दिया गया है। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मौके की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
          ग्राम अमलीढ़ोढा के देवव्रत गुप्ता ने अपेक्स बैंक में जमा राशि को बैंक कर्मियों द्वारा किसी अन्य व्यक्ति के नाम स्थानांतरित किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने इस मामले में संबंधित एसडीएम को सात दिवस के भीतर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम कमरगा के तुलसीराम गुप्ता ने बताया कि वे लिबरा मंडी में 300 क्विंटल धान लेकर गए थे, जिसमें से 280 क्विंटल धान की खरीदी हुई, लेकिन शेष धान समिति प्रबंधक द्वारा वापस नहीं किया गया। कलेक्टर ने इस मामले में भी संबंधित अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

सेवई घास की टोकनी से बदली जिंदगी: समूह की महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर,सामूहिक प्रयास और मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल

रायगढ़, 16 मार्च 2026/ जनपद पंचायत लैलूंगा के ग्राम-भेडीमूड़ा ‘अ’ की महिलाओं ने सामूहिक प्रयास और मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” से जुड़ने के बाद महिला जागरूकता स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आजीविका में बड़ा बदलाव आया है। समूह की सदस्य कमला भगत और कुमारी भगत बताती हैं कि पहले समूह की महिलाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सवाई घास से छोटे स्तर पर टोकनी बनाकर किसी तरह अपनी आजीविका चलाती थीं। सीमित आय के कारण परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता था।
              बिहान मिशन से जुड़ने के बाद समूह को 15 हजार रुपये की रिवॉल्विंग फंड (आरएफ) राशि 60 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) तथा बैंक लिंकेज के माध्यम से 3 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इसके साथ ही महिलाओं को टोकनी निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनके उत्पादों की गुणवत्ता और डिजाइन में भी सुधार हुआ। प्रशिक्षण के बाद समूह की महिलाओं ने सेवई घास और छींद कांसा से आकर्षक और टिकाऊ टोकनी बनाना शुरू किया। इनके उत्पादों की स्थानीय बाजार में अच्छी मांग है, जिससे समूह की आय में लगातार वृद्धि हो रही है। समूह की महिलाएं बताती हैं कि बिहान से जुड़ने के बाद उन्हें केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं मिला, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा है। आज वे नियमित रूप से टोकनी बनाकर बाजार में बेच रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें “लखपति दीदी” बनने की दिशा में आगे बढ़ा दिया है।

और भी

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत जिले के 18,303 शिक्षार्थी होंगे शामिल, महापरीक्षा अभियान 22 मार्च को

रायगढ़, 16 मार्च 2026/ जिले में 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के असाक्षरों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की योजना “उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम” का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायगढ़ के मार्गदर्शन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं उपाध्यक्ष के नेतृत्व में संचालित हो रहा है।
           कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षार्थियों को 200 घंटे का अध्यापन पूर्ण कराने के बाद उनका आकलन किया जाता है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) द्वारा 22 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक महापरीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में जिले के 18,303 शिक्षार्थी शामिल होंगे। शिक्षार्थी अपनी सुविधा के अनुसार निर्धारित परीक्षा केंद्र में उपस्थित होकर मूल्यांकन परीक्षा दे सकेंगे, जिसके लिए प्रत्येक शिक्षार्थी को 3 घंटे का समय प्रदान किया जाएगा।
इस परीक्षा में वे शिक्षार्थी भी शामिल होंगे, जिन्होंने पहले पढ़ना-लिखना अभियान या उल्लास कार्यक्रम की महापरीक्षा में भाग लिया था, लेकिन किसी कारणवश उन्हें राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली से प्रमाण-पत्र प्राप्त नहीं हो पाया। इसके अलावा ऐसे नवसाक्षर, जो लंबे अंतराल के कारण पढ़ना-लिखना भूल गए हैं, उन्हें भी इस आकलन परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर दिया जाएगा।

*स्वयंसेविता और कर्तव्यबोध पर आधारित है कार्यक्रम*
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की विशेषता यह है कि यह पूरी तरह स्वयंसेविता और कर्तव्यबोध पर आधारित है। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा गया है। शासन के प्रावधान के अनुसार यदि कोई विद्यार्थी 10 असाक्षरों को साक्षर बनाता है, तो उसे स्थानीय तथा बोर्ड परीक्षा में 10 बोनस अंक प्रदान किए जाते हैं। वर्तमान शैक्षणिक सत्र में योजना से जुड़े कक्षा 10वीं के 249 तथा कक्षा 12वीं के 230 विद्यार्थियों के बोनस अंक का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया है। 

*विभिन्न वर्गों का मिल रहा सहयोग*
जिले में उल्लास साक्षरता केंद्रों का संचालन मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी, स्व-सहायता समूह के सदस्य तथा पहले से शिक्षित नवसाक्षरों के सहयोग से किया जा रहा है। इस सामूहिक प्रयास से जिले में साक्षरता दर बढ़ाने और लोगों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, रायगढ़ ने जिले के नागरिकों और समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक शिक्षार्थियों को इस राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले में साक्षरता को बढ़ावा मिल सके और हर व्यक्ति शिक्षा से जुड़ सके।

और भी

जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय, अधिकारियों को दिया गया रिफ्रेशर प्रशिक्षण मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का फील्ड कार्य, दो चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया

रायगढ़, 16 मार्च 2026/ जनगणना कार्य निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर आज जिला कलेक्टोरेट परिसर के सभाकक्ष में एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। 
          अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी रायगढ़ ने बताया कि भारत की जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न की जाएगी। इसके अंतर्गत जिले में प्रथम चरण के तहत 01 से 30 मई 2026 के बीच मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित फील्ड कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), आयुक्त एवं चार्ज अधिकारी जनगणना नगर निगम रायगढ़, तहसीलदार सह चार्ज अधिकारी जनगणना, नायब तहसीलदार सह अतिरिक्त चार्ज अधिकारी सहित उनके लिपिक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

*मास्टर ट्रेनरों ने दी तकनीकी जानकारी*
प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री अशोक मिश्रा, श्री शेष पण्डा एवं श्री कैलाश पण्डा तथा जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री विकास रंजन सिन्हा द्वारा जनगणना से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनरों ने एच.एल.बी. (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) निर्माण, मकान नम्बरिंग, ब्लॉक का नजरी नक्शा तैयार करने, फील्ड ट्रेनर, प्रगणक एवं सुपरवाइजर की नियुक्ति तथा सी.एम.एम.एस. पोर्टल पर कार्य संपादन से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में अधिकारियों को जनगणना कार्य को निर्धारित समयावधि में व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

और भी

जिला चिकित्सालय से शुरू हुआ अभियान, 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को लगाया जाएगा निःशुल्क टीका, अभिभावकों से बेटियों को टीकाकरण कराने की अपील

रायगढ़, 16 मार्च 2026/ जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ जिला चिकित्सालय रायगढ़ से किया गया। अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक ओपीडी समय में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव के लिए निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है। इस अभियान के माध्यम से जिले के लगभग 12 हजार छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाएगा।
              जिला स्तरीय कार्यक्रम के शुभारंभ में नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान बालिकाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण से अवश्य लाभान्वित कराएं। नगर निगम सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। यह टीकाकरण कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किया जा रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानु पटेल ने बताया कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के लगभग 99 प्रतिशत मामलों का कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस होता है। कम आयु में यह वैक्सीन लगाए जाने से इस बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। इस अवसर पर डीपीएम सुश्री रंजना पैकरा, सीपीएम डॉ. सोनाली मेश्राम, मितानिन दीदियां तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अनावश्यक परेशान होने की जरूरत नहीं – कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी

रायगढ़, 16 मार्च 2026/ जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने एलपीजी की बुकिंग, वितरण और भंडारण के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में 2 लाख 63 हजार 406 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जिनके लिए गैस कंपनियों द्वारा नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे रिफिल सिलेंडर की बुकिंग निर्धारित प्रक्रिया और समय अंतराल के अनुसार ही कराएं।

*बुकिंग के लिए निर्धारित अंतराल का रखें ध्यान*

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा दो रिफिल बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतराल तय किया गया है। इसके अनुसार नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल रखा गया है। उपभोक्ताओं को अपने क्षेत्र के अनुसार निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद ही रिफिल गैस सिलेंडर की बुकिंग करनी चाहिए। बुकिंग के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त डीएसी या ओटीपी नंबर के आधार पर संबंधित गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है या होम डिलीवरी के माध्यम से घर तक उपलब्ध कराया जाता है।

*मोबाइल ऐप और वेबसाइट से भी कर सकते हैं बुकिंग*

यदि किसी कारण से सामान्य प्रक्रिया से बुकिंग में समस्या आती है तो उपभोक्ता संबंधित ऑयल कंपनियों के मोबाइल ऐप या वेबसाइट के माध्यम से भी गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। उपभोक्ता HPCL –https://play.google.com/store/apps/details?id=com.drivetrackplusrefuel, IOCL– https://play.google.com/store/apps/details?id=cx.indianoil.in&pcampaignid=web_share, BPCL – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.cgt.bharatgas से ऐप डाउनलोड कर बुकिंग कर सकते हैं।

*जिले में बढ़ाई गई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति*

जिले में पहले प्रतिदिन लगभग 3600 घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 3800 सिलेंडर प्रतिदिन कर दिया गया है। गैस एजेंसियों में कंपनियों द्वारा लगातार पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं से कहा गया है कि अफवाहों या दुष्प्रचार से प्रभावित होकर बार-बार ऑनलाइन बुकिंग न करें और आवश्यकता के अनुसार ही सिलेंडर बुक कराएं।

*व्यवसायिक गैस उपभोक्ताओं के लिए निर्देश*

वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऑयल कंपनियों और शासन के निर्णय अनुसार व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अत्यावश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल, शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर दी जाएगी। साथ ही व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में विस्फोटक लाइसेंस के अभाव में अधिकतम 100 किलोग्राम तक ही एलपीजी भंडारण का प्रावधान है। होटल, रेस्टोरेंट, अन्य प्रतिष्ठानों तथा विवाह समारोह के आयोजकों से अपील की गई है कि गैस की खपत कम करने के लिए भोजन के मेन्यू को सीमित रखें तथा तंदूर के उपयोग के साथ वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत जैसे डीजल स्टोव, इलेक्ट्रिक इंडक्शन, लकड़ी या गोबर के कंडे (सीमित मात्रा में) का उपयोग करें।

*अवैध भंडारण रोकने के लिए दल गठित*

जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध संग्रहण और दुरुपयोग की रोकथाम के लिए विकासखंडवार राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है, जिससे अनियमितताओं और कालाबाजारी पर नियंत्रण रखा जा सके।

*शिकायत के लिए कंट्रोल रूम स्थापित*

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। घरेलू गैस सिलेंडर से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या सुझाव के लिए टोल फ्री नंबर 07762-319962 पर संपर्क किया जा सकता है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें, निर्धारित नियमों का पालन करते हुए गैस की बुकिंग करें और गैस का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।

और भी

बिजली जाने के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा, घर में घुसकर महिला से छेड़खानी करने वाला आरोपी गिरफ्तार — महिला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया जेल

रायगढ़, 16 मार्च*। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई के क्रम में महिला थाना रायगढ़ द्वारा घर में घुसकर महिला से छेड़खानी और मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार *आरोपी आशीष बघेल उर्फ संजू बघेल पिता स्व. संतोष बघेल (उम्र 24 वर्ष) निवासी इंदिरानगर पूछापारा रायगढ़* है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में मारपीट का भी अपराध दर्ज है, मोहल्लेवासी आरोपी आये दिन झगड़ा विवाद करने की शिकायत की गई थी ।

            प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता द्वारा दिनांक 25.02.2026 को महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 24.02.2026 की दोपहर वह अपने घर का बिजली कनेक्शन ठीक करवा रही थी। इसी दौरान बिजली का तार हिल जाने से मोहल्ले में कुछ देर के लिए बिजली चली गई और फिर वापस आ गई। इस बात से नाराज होकर आरोपी संजू बघेल उसके घर में घुस आया और “तुम्हारी वजह से बिजली चली गई” कहते हुए गाली-गलौज कर मारपीट की। आरोपी के झगड़ालू स्वभाव को देखते हुए उस समय रिपोर्ट नहीं की गई।

            पीड़िता के अनुसार अगले दिन 25.02.2026 की रात आरोपी फिर उसके घर में घुस आया और झगड़ा करते हुए गंदी नीयत से छेड़खानी तथा मारपीट की। इस दौरान पीड़िता के पति और पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। *महिला की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 12/2026 धारा 331(4), 200, 115(2), 76, 74 बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

          मामले की विवेचना के दौरान प्रार्थिया एवं गवाहों के बयान लिए गए और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन आरोपी फरार था। इसी बीच दिनांक 15.03.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आशीष बघेल उर्फ संजू बघेल अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —

          *“महिलाओं के साथ छेड़खानी, मारपीट और घर में घुसकर अपराध करने जैसे मामलों में रायगढ़ पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

और भी

टेट अनिवार्यता के खिलाफ देशभर के शिक्षक संगठनों का बड़ा ऐलान : 4 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय आंदोलन, छत्तीसगढ़ से 25 हजार शिक्षकों के शामिल होने की तैयारी

रायपुर 15 मार्च //- 
         टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया का गठन पुरे भारत देश के शिक्षक साथियों के हित में और सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश जिसमें सभी शिक्षक को टेट पास करना होगा अन्यथा उनकी नौकरी पे आंच आ सकती है। के विरोध में हुआ है। जिसमें छत्तीसगढ़ के शिक्षक नेता केदार जैन, मनीष मिश्रा, रविंद्र राठौर एवं जाकेश साहू चारों ने आज सभी शिक्षक संगठन को एक करते हुए रायपुर में एक बैठक रखी थी। 
       जिसमें राज्य के जो शिक्षक टेट क्वालिफाइड नहीं है उनके पक्ष में अपनी बात रखते हुए सभी को मिलकर आंदोलन करना पड़ेगा और बताया कि सुप्रीम कोर्ट के जो आदेश आया है उसके अनुसार अगर शिक्षक अगर 2 साल में टेट पास नहीं करते हैं तो उनकी नौकरी जा सकती है।
          ऐसे हमारे छत्तीसगढ़ राज्य में 82,000 से ज्यादा शिक्षक है जो टेट क्वालिफाइड नहीं है। इसलिए उनके पक्ष में हमें अपनी आवाज उठानी पड़ेगी और सरकार तक अपनी बात पहुंचानी पड़ेगी। इसलिए यह टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया का गठन किया गया है। जिसके तहत हमें चार अप्रैल 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आंदोलन है। उसी के संबंध में आज महत्वपूर्ण बैठक रखी गई थी।
     शिक्षक नेता केदार जैन, रविन्द्र राठौर, मनीष मिश्रा एवं जाकेश साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ के समस्त शिक्षक संगठन ने आज रायपुर में बैठक करते हुए टेट के विरोध में अपनी आवाज़ बुलंद की और सबसे बड़ी बात सभी संगठनो ने एक राय होकर इसके खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूँक दिया है।
        टेट एक अहम मुद्दा है जिसमें कई शिक्षक जो है सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार उन्हें टेट एग्जाम देना पड़ेगा। ताकि वह अपनी नौकरी बचा सके और साथ में प्रमोशन के लिए भी उन्हें टेट का एग्जाम क्वालिफाइड करना पड़ेगा इसकी वजह से कई शिक्षक साथी जो है टीईटी के नियम के आने से पहले नियुक्ति पाए हैं और वह उसे समय की जो नियुक्ति का जो पात्रता था उसे उसे क्वालिफाइड करके आया है उसके बावजूद अगर उन्हें टेट लिखना पड़ता है तो जिससे शिक्षक साथी काफी ज्यादा नाराज हैं और वह चाहते हैं कि सरकार इसके मुद्दे पर कोई ठोस हल निकाले। आज की बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें समस्त संगठन एक राय होकर अपनी भागीदारी दिखाया।
1) टीईटी अनिवार्यता के विरोध में प्रस्तावित राष्ट्रीय आंदोलन को लेकर राज्य स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में विभिन्न शिक्षक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें आंदोलन की रणनीति और आगे की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
2)बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 4 अप्रैल 2025 को दिल्ली में टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ एक दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का आंदोलन आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन में राज्य के विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। दिल्ली में रामलीला मैदान में छत्तीसगढ़ से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने कि बात कहीं। 
3) आंदोलन को सफल बनाने के लिए राज्य से करीब 25 हजार शिक्षकों को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए ट्रेन, बस और अन्य माध्यमों से यात्रा की व्यवस्था करने पर भी चर्चा हुई। सभी संगठनों को अपने स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
4)इसके अलावा टीएफआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविन्द्र राठौर ने प्रस्ताव रखा गया कि राष्ट्रीय स्तर के आंदोलन के बाद राज्य स्तर पर भी टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ आगे की रणनीति तैयार की जाएगी और आवश्यकतानुसार आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। उन्होंने भविष्य के लिए यह भी कहा कि सभी संगठन जो आज इस बैठक में शामिल है वह सभी संगठन आगे चलकर छत्तीसगढ़ TFI के नाम से कार्य करे इसका प्रस्ताव रखा और हमारे जो भी अहम मुद्दे जो बचे हुए हैं जैसे वेतन विसंगति कर्मोन्नति सेवा गणना और अन्य जो भी मुद्दे हैं उसको एक साथ मिलकर के एक ही मंच के तहत सरकार तक अपनी बात पहुंचा कर हल करने की पूरी पूरी कोशिश करेंगे लेकिन अभी प्रथम प्राथमिकता हमारी टेट है क्योंकि इसमें कई शिक्षकों की नौकरी जाने का चांसेस है,अगर वह टेट पास नहीं करते हैं तो कई शिक्षकों की नौकरी जा सकती है इसलिए हमें इस नेशनल मुद्दा बना करके इसे हम अपनी बात सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं कि सरकार इसके पक्ष में ठोस फैसला ले और  जिस राज्य में जिस समय से लागू हुआ है उसी समय से इसे लागू करें।
5) बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 21 मार्च को राज्य के सभी जिलों में एवं 24 मार्च को सभी 146 विकासखंडों में संगठनों की समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे आंदोलन की तैयारियों को मजबूत किया जा सके।
       इस बैठक में सर्व शिक्षक संघ के प्रदीप पांडे ने कहा कि RTE के तहत 29(1) का जो नियम है उसे अगर सरकार चाहे तो वह अपना प्रस्ताव पारित करके एक अध्यादेश लाकर इसे खारिज कर सकती है जिससे सभी शिक्षकों का हित होगा, लेकिन सरकार इसे ध्यान नहीं दे रही है इसलिए हमें इस पक्ष में सरकार तक अपनी आवाज पहुंचानी पड़ेगी और अगर जरूरत पड़े तो हमें आंदोलन भी करना पड़ेगा और उन्होंने ऐसे संगठन को आड़े हाथ लिया जो हमारे एकता का समर्थन नहीं करते जो शिक्षक के हित में कार्य नहीं करते हैं वैसे संगठन का तत्काल बहिष्कार करने कि बात कहीं।
      आज के बैठक में केदार जैन, रविन्द्र राठौर, मनीष मिश्रा, प्रदीप पाण्डेय, जाकेश साहू, विष्णु साहू विक्रम राय, विजय राव, कौशल अवस्थी, रंजीत बनर्जी, कमलेश सिंह बिसेन, ममता खालसा, रामचंद्र सोनवंशी, राजनारायण द्विवेदी, बसंत कौशिक, मोहम्मद यासिर इरफान, राजू टडन, आदित्य गौरव साहू और चेतन परिहार सहित बहुत से संगठन के पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे।

और भी

वीबी-जी-राम-जी यूथ डिजिटल कैंपेन से युवाओं को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच,वीडियो चैलेंज, ऑनलाइन क्विज और लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में मिलेगा भाग लेने का मौका

रायगढ़, 15 मार्च 2026/ केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा माय भारत पोर्टल के सहयोग से राष्ट्रव्यापी डिजिटल पहल वीबी-जी-राम-जी यूथ डिजिटल कैंपेन की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य देश के युवाओं को ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ना है। डिजिटल माध्यम से चलाए जा रहे इस अभियान के जरिए युवाओं को अपने गांव की सकारात्मक कहानियां, नवाचार और विकास कार्यों को देशभर के सामने लाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल और माय जीओभी पोर्टल के माध्यम से अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। 
            रायगढ़ जिले में भी इस अभियान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे ने जिले के युवाओं से कहा कि यह अभियान युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने का सुनहरा मौका है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य, रोजगार के नए अवसर, स्वरोजगार की पहल और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को युवाओं के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत किया जा सकता है, जिससे अन्य क्षेत्रों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कि यह अभियान युवाओं को तकनीक से जोड़ते हुए उन्हें देश के विकास की मुख्यधारा में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। 
            इस डिजिटल अभियान के तहत युवाओं के लिए तीन प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें भाग लेकर वे अपनी रचनात्मकता और ज्ञान का प्रदर्शन कर सकते हैं। पहली प्रतियोगिता वीडियो चैलेंज इसमें प्रतिभागियों को अपने गांव के विकास, रोजगार के अवसर, आजीविका गतिविधियों या किसी सकारात्मक पहल को दर्शाते हुए 30 से 60 सेकंड की शॉर्ट वीडियो या रील बनानी होगी। इस वीडियो को माय भारत पोर्टल पर अपलोड करना होगा, जिसकी अधिकतम फाइल साइज 25 एमबी निर्धारित की गई है। इस प्रतियोगिता में विशेष रूप से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को भाग लेने का अवसर दिया गया है। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को भारत सरकार के कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
           दूसरी गतिविधि ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता है। इसमें प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध अधिनियम और अभियान से संबंधित 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इस क्विज में सफलतापूर्वक भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा, जिससे युवाओं को ज्ञान के साथ-साथ प्रमाणपत्र भी मिलेगा। तीसरी प्रतियोगिता लोगो डिजाइन प्रतियोगिता है, जो ‘विकसित भारत-जी राम जी एक्ट, 2025’ के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागियों को एक आकर्षक और रचनात्मक लोगो डिजाइन करना होगा, जो अभियान की भावना और उद्देश्य को दर्शाए। इस प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो के लिए 50 हजार रुपए का नकद पुरस्कार रखा गया है। साथ ही चयनित लोगो का उपयोग भविष्य में इस अभियान से जुड़ी आधिकारिक प्रचार सामग्री और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। इस संबंध में अन्य विस्तृत जानकारी के लिए जिला पंचायत कार्यालय के जिला कार्यक्रम समन्वयक (मनरेगा) शाखा रायगढ़ में संपर्क कर सकते है। जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और अपने गांव के विकास की कहानी को देश के सामने लाने में योगदान दें। यह अभियान न केवल युवाओं को डिजिटल मंच प्रदान करेगा, बल्कि ग्रामीण भारत की प्रगति को भी नई पहचान दिलाएगा।

और भी