जशपुर में इस वर्ष रामनवमी का पर्व भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की तैयारियां तेज, बबला गुप्ता की अध्यक्षता में रामनवमी पूजा समिति का गठन, मठ, आश्रम और सामाजिक संगठन करेंगे भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
जशपुरनगर 17 मार्च 2026 – मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्राकट्य उत्सव रामनवमी को इस वर्ष जशपुर नगर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाने की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को शहर के बस स्टैंड के समीप स्थित पावन महावीर मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें रामनवमी पूजा समिति का गठन सर्वसम्मति से किया गया।
बैठक में नगर के विभिन्न आश्रमों, मठों एवं सामाजिक संगठनों के प्रमुख सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वयोवृद्ध मठ प्रमुखों द्वारा सामूहिक रूप से की गई, जिनमें किशोर प्रसाद गुप्ता, शंकर गुप्ता, सतनारायण सोनी, तारकेश्वर सिंह, मुरली गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, राजेश गुप्ता, जयंत सोनी, नीलू पाठक, किशोरी गुप्ता, दिलीप गुप्ता, सत्येंद्र सोनी, प्रदीप गुप्ता, मुकुद रवानी, ननका साव, देवशरण पांडे, रामनाथ ठाकुर एवं संतोष ठाकुर पवन सोनी रामनिवास अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बैठक में आगामी रामनवमी पर्व को दिव्य एवं अनुशासित रूप से संपन्न कराने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। सर्वसम्मति से संदीप गुप्ता (बबला) को रामनवमी पूजा समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं, राजपरिवार से जुड़े विजय आदित्य सिंह जूदेव को समिति का संरक्षक नियुक्त किया गया, जिनका मार्गदर्शन आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान करेगा।
समिति के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियों का भी वितरण किया गया। उपसंरक्षक के रूप में शंकर गुप्ता, सत्यनारायण सोनी, तारो सिंह, अमित गुप्ता एवं कृष्ण कुमार गुप्ता को दायित्व सौंपा गया। उपाध्यक्ष पद पर योगेश सिन्हा (पप्पू), नितीश सहाय, आर्यन सोनी एवं जयंत सोनी का चयन हुआ। मंत्री पद के लिए राजा सोनी, प्रकाश नायक एवं शिवम नायक को जिम्मेदारी दी गई, जबकि मीडिया प्रभारी के रूप में जय प्रकाश रवानी, आकाश सोनी एवं अमित सोनी को नियुक्त किया गया। आर्थिक प्रबंधन हेतु सुभाष सोनी एवं अजय गुप्ता को प्रधान बनाया गया तथा चंदन गुप्ता को सह संयोजक की भूमिका सौंपी गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रामनवमी के पावन अवसर पर नगर में विविध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें शोभायात्रा, भजन-कीर्तन, रामायण पाठ एवं आकर्षक झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों का जन-जन तक प्रसार किया जाएगा।
समिति के सदस्यों ने नगरवासियों, युवाओं एवं सभी सामाजिक संस्थाओं से इस पुण्य आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की है, ताकि जशपुर की यह रामनवमी एकता, आस्था और संस्कृति का अनुपम उदाहरण बन सके।